बुधवार, 8 दिसंबर 2021

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने वीसी के जरिए कम प्रगति के बीएलओं को किया निर्देशित

 मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2022 के सन्दर्भ में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण काय्रक्रम के अन्तर्गत लक्ष्य के अनुरूप प्रपत्र-6 फार्म प्राप्त कर ऑनलाईन नहीं करनें वाले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 100-100 बीएलओं को उप जिला निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई ने वीसी के जरिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने कहा कि अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2022 के सन्दर्भ में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण काय्रक्रम के अन्तर्गत दावें एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि निर्वाचन आयोग द्वारा 10 दिसम्बर 2021 तक बढाई गई है। उन्होनें कम प्रगति वाले बीएलओं को निर्देशित किया कि वे आगामी दो दिनों में अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर सर्वे करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम आवश्यक रूप से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होनें कहा कि जिन बीएलओं ने शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा तथा जिन्होनें लापरवाही की उनके विरूद्ध चुनाव से संबंधित कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
-0-

वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री चौधरी गुरूवार से तीन दिवसीय जिले की यात्रा पर रहेंगे

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री हेमाराम चौधरी गुरूवार 9 दिसम्बर से तीन दिवसीय जिले की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर के निरीक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री चौधरी गुरूवार 09 दिसम्बर को जोधपुर से प्रातः 8 बजे प्रस्थान कर 11 बजे डे़डावास (गुडामालानी) पहुंचेगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात् वे सुंधामाता (जालोर) में सुंधामाताजी के दर्शन एवं पूजा अर्चना के बाद बाड़मेर पहुंच रात्रि विश्राम करेंगे। चौधरी 10 दिसम्बर को बाड़मेर से प्रातः 10 बजे प्रस्थान कर 11 बजे धोरीमना पंचायत समिति की बूठ जेतमाल ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर का निरीक्षण करेंगे तथा इसके पश्चात् गुडामालानी विधानसभा का दौरा करेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम बाड़मेर में करेंगे। इसके पश्चात् वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री चौधरी शनिवार 11 दिसम्बर को बाड़मेर से दोपहर 2 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

एक परिवार के 3 सदस्यों सहित 4 लोगों ने लिया एक साथ देहदान का संकल्प

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। तहसील गुडामालानी के धाधलावास ग्राम के 3 सदस्यों तथा सीलगण ग्राम के एक सदस्य सहित चार लोगों ने एक साथ देहदान का संकल्प लेकर समाज में एक अनूठी मिशाल पेश की तथा समाज सेवा का एक सकारात्मक संदेश दिया।

मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर.के. आसेरी ने बताया कि गुडामालानी तहसील के धाधलावास निवासी परिवार के 03 सदस्य सवाराम पुत्र गंगाराम, श्रीमति शांति देवी पत्नि सवाराम एवं उनके पुत्र अमराराम तथा सीलगण निवासी नरेन्द्र कुमार पुत्र पोकराराम ने स्वेच्छा से एक साथ देहदान का संकल्प लिया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर.के.आसेरी एवं एनाटोमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिजीत जोशी ने स्वेच्छिक देहदान प्रपत्र प्राप्त किये।
देहदान कर्ताओं ने बताया कि उनकी देह मरणोपरान्त भविष्य के डॉक्टर्स के शिक्षण एवं शोधकार्य में उपयोगी होगी। उन्होने बताया कि देहदान की प्रेरणा उनको पूर्व में देहदान की शपथ ले चुके समाजसेवीयों से मिली। इस समाजोपयोगी कार्य के लिए सभी का मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं एनाटोमी विभाग के विभागाध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया। उन्होने बताया कि देहदान का संकल्प बाड़मेर में देहदान के प्रति जागरूकता का सन्देश प्रदान करेगा।
-0-




राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु रैली का आयोजन

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सं0 1) बाडमेर पर 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु बुधवार प्रातः स्थानीय गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक रैली का आयोजन किया गया। रैली को सुश्री वीनस चौधरी न्यायाधिपति ग्राम न्यायालय,  सुश्री हिमानी कच्छवाहा अपर न्यायिक मजिस्टेªट सं0 2, श्रीमती शालिनी चौधरी अपर न्यायिक मजिस्टेªट सं0 1 द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर सुश्री हिमानी कच्छवाहा और श्रीमती शालिनी चौधरी न्यायिक अधिकारीगण द्वारा रैली में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं आमजन को बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारान के मध्य आपसी समझाईश से प्रकरणों का निस्तारण करवाया जाता है। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित प्रकरण जैसे वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर) एमएसीटी, 138 एनआई एक्ट, धन वसूली, श्रम विवाद, क्रिमिनल कम्पाण्डेन्ट केसेज, प्रि-लिटीगेशन मामले एवं अन्य सिविल मामलों से संबंधित प्रकरणों को चिन्हित किया जाता है तथा मक्षकारान के मध्य आपसी समझाईश के जरिये प्रकरणों का निस्तारण किया जाता है जिसमें ना किसी की हार होती है और ना किसी की जीत होती है।
उक्त रैली में उपस्थित एमबीसी विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलसिंह ने शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं आमजन का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच का संचालन अध्यापक मुकेश व्यास ने किया।
-0-




दिव्यांग एलम एवं जसु को मिला दिव्यांग पेंशन एवं आस्था कार्ड का दोहरा लाभ

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। प्रशासन गांवोें के संग अभियान के दौरान गडरारोड पंचायत समिति की खडीन ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान दिव्यांग एलम एवं जसु को दिव्यांग पेंशन एवं आस्था कार्ड जारी कर लाभान्वित किया गया।

शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी शिव महावीरसिंह जोधा ने बताया कि ग्राम पंचायत खड़ीन में आयोजित शिविर के दौरान खडीन निवासी हकीम पुत्र मोलेना ने उपस्थित होकर निवेदन किया कि उसका पुत्र तालब दिहाडी मजदूर है और उसके दो सन्तान एलम (पुत्र) और जसु (पुत्री) जन्म से दिव्यांग है और उसकी पारिवारिक स्थिति अति दयनीय है। इस पर शिविर प्रभारी द्वारा अतिरिक्त विकास अधिकारी सरदारसिंह एवं चिकित्सक डॉ. गोकुलराम को इनके दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए और ग्राम विकास अधिकारी को दिव्यांग प्रमाण पत्र के पश्चात् दिव्यांगता पेंशन एवं आस्था कार्ड तत्काल जारी करने के निर्देश दिए गए। इस प्रकार प्रशासन द्वारा संगठित प्रयास करते हुए शिविर में आए प्रार्थी हकीम पुत्र मोलेना निवासी खडीन को समस्त सरकारी लाभों से लाभान्वित किया गया।
-0-

गुरूवार को 5 घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। 132 केवी जीएसएस बाड़मेर मंे 33 केवी बस बार का कार्य किए जाने के कारण गुरूवार 9 दिसम्बर को पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।

132 केवी जीएसएस बाड़मेर के सहायक अभियंता ने बताया कि 33 केवी बस बार का कार्य किए जाने के लिए 9 दिसंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक 33 केवी महावीर नगर, रिको, बायतु, आडेल, एयरफोर्स, राजवेस्ट एवं रामसर की विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। इसके चलते इस विद्युत सब स्टेशनों से जुड़े उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
-0-

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 09 दिसम्बर को

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की माह दिसम्बर, 2021 की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 09 दिसम्बर को सायं 5 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जायेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियन्ता भरतसिंह ने बताया कि बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की तकनीकी स्वीकृतियां एवं निविदा/कार्यादेश की स्थिति, स्वीकृत योजनाओं की भौतिक एवं वितीय प्रगति, डीपीएमयू/आरएसए/थर्ड पार्टी निरीक्षण के गठन की स्थिति, जिला कार्ययोजना के निर्माण एवं अनुमोदन, राजकीय विद्यालय, आंगनवाडी केन्द्र, स्वास्थ्य केन्द्र एवं राजीव गांधी सेवा केन्द्रों में नल कनेक्शन के कार्यो की स्थिति, परियोजना में सम्मिलित गांवों की कार्ययोजना समेत अन्य बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया जाएगा।
-0-

40 भूमिहीन परिवारों को एक साथ मिले आवासीय पट्टे

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के अंतर्गत मंगलवार को धोरीमना पंचायत समिति की अरणियाली ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान कुल 40 भूमिहीन परिवारों को एक साथ आबादी भूमि के आवासीय पट्टे जारी कर लाभान्वित किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी लाखाराम ने बताया कि अरणियाली ग्राम पंचायत में 40 गरीब तबके के परिवार कई वर्षो से निवास कर रहे थे लेकिन उनके पास आवासीय पट्टे नहीं थे। उन्होने बताया कि अरणियाली ग्राम पंचायत द्वारा उक्त 40 परिवारों को शिविर के दौरान हाथो हाथ आवासीय पट्टे जारी किए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 परिवारों को प्रथम किश्त भी जारी की गई तथा 25 परिवारों को आवास प्लस में शामिल किए गए। एक साथ 40 परिवारों को पट्टे मिलने पर उन्होने राज्य सरकार एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि आज हमारा काम हुआ हम सभी खुश है।
-0-



गुरूवार को 12 तथा शुक्रवार को 15 स्थानों पर लगेंगे शिविर

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। अभियान के तहत गुरूवार  09 दिसम्बर को 12 तथा शुक्रवार 10 दिसम्बर को 15 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
गुरूवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि गुरूवार 9 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में बालेरा, बाड़मेर ग्रामीण में खुड़ासा, पाटोदी में खारड़ी, बायतु में खानजी का तला, गिड़ा में खोखर पूर्व, धोरीमना में खरड़, गडरारोड़ में चेतरोड़ी, सेड़वा में झड़पा, सिणधरी में सिणधरी चोसिरा, समदडी में खेजड़ीयाली, चौहटन में गोलियार एवं धनाऊ में तालसर ग्राम पंचायतों में शिविर को आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार के शिविर
उन्होने बताया कि शुक्रवार 10 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में गेहॅू, बाड़मेर ग्रामीण में बीदासर, बालोतरा में सिणली जागीर, पाटोदी में दुर्गापुरा, बायतु में पनावड़ा, गिड़ा में देवपुरा उर्फ गोगासर, धोरीमना में बूठ जेतमाल, गड़रारोड़ में गिराब, गुडामालानी में रामजी का गोल फांटा, रामसर में खड़ीन, सेड़वा में आलु का तला, सिणधरी में धूड़िया मोतीसिंह, सिवाना में कांखी, चौहटन में तारातरा मठ एवं धनाऊ में भूणिया ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित होंगे।
-0-

बीमा पॉलिसी एवं प्राण किट प्राप्त करने के निर्देश

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। जिले के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों को अपने अधिनस्थ कर्मचारियों के वर्ष 2020 एवं 2021 के बीमा पॉलिसी नम्बर जारी करवाने हेतु 15 दिसम्बर तक प्रथम घोषणा पत्र एवं जीए 55 उपलब्ध कराने को कहा गया है।

राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के सहायक निदेशक श्यामलाल प्रजापति ने बताया कि जिन कर्मचारियों के पॉलिसी नम्बर जारी हो गये है उनकी बीमा पॉलिसी कार्यालय समय में प्राप्त की जा सकती है। साथ ही जिन कर्मचारियों ने अपने प्राण किट बीमा कार्यालय से प्राप्त नहीं किये है वे भी बीमा कार्यालय से अविलम्ब प्राप्त करें।
-0-

जिला कलक्टर ने किया चाड़वा तख्ताबाद शिविर का निरीक्षण

आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर राहत पहुंचाने के निर्देश

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान अधिकतम लोगों को मौके पर ही राहत दिलाने तथा शिविरों में निष्पादित किए जा रहे कार्यो की प्रभारी मॉनिटरिंग के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु ने बुधवार को रामसर पंचायत समिति की चाड़वा तख्ताबाद ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का सघन निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि शिविरों में ज्यादा से ज्यादों लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर उन्हे राहत पहुंचाई जाए। इस दौरान उन्होने विभिन्न विभागों के काउण्टरों पर पहुंच कर उनके द्वारा निष्पादित कार्यो की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर ने पट्टों के प्राप्त आवेदनों को शिविर के दौरान निपटाने तथा हाथो-हाथ पट्टे शिविर में ही उपलब्ध कराने को कहा। शिविर में जिला कलक्टर ने पट्टो समेत विभिन्न स्वीकृति पत्रों का लाभार्थियों को वितरण भी किया।
-0-




विधायक जैन ने की रामदेरिया शिविर में शिरकत

आवासीय पट्टो समेत विभिन्न स्वीकृतियों का किया वितरण

बाड़मेर, 08 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर आमजन के लिए फलदायी साबित हो रहा है। बुधवार को बाड़मेर पंचायत समिति की रामदेरिया ग्राम पंचायत में शिविर के दौरान बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने आवासीय पट्टों समेत विभिन्न स्वीकृति पत्रों का लाभार्थियों को वितरण किया।
रामदेरिया ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया प्रशासन गांवों के संग अभियान आमजन के लिए वरदान बनता जा रहा है। शिविरों में ग्रामीण लोगों की 22 विभागों से जुड़े कार्यो का उनके गांव में ही निराकरण कर राहत पहुंचाई जा रही है। उन्होने कहा कि ग्रामवासियों की मांग को देखते हुए रामदेरिया को ग्राम पंचायत बनवाया गया, उसी का नतीजा है कि आज आपके गांव रामदेरिया में यह शिविर आयोजित हो रहा है। शिविर के दौरान उन्होने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की अधिकाधिक लोगों को जानकारी कराकर पात्र लोगों को शिविर के दौरान ही लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर रोहित चौहान ने बताया कि रामदेरिया शिविर के दौरान 92 बंटवारे, 152 म्यूटेशन, 215 शुद्धिकरण, 180 नकले, 22 रास्ते के समर्पण, 148 विभिन्न प्रमाण पत्र, 15 आवासीय पट्टे, 7 पेंशन पीपीओ, 14 आवास, 10 जॉबकार्ड सहित जनहित के कार्यो की स्वीकृतियां जारी की गई।
-0-



मंगलवार, 7 दिसंबर 2021

कमला के लिए प्रशासन गांवो के संग अभियान बना वरदान

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 7 दिसम्बर। राज्य की संवेदनशील सरकार द्वारा जनता के हित में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत मनावास पंचायत समिति सिणधरी में शिविर का आयोजन किया गया।
     उपखण्ड अधिकारी वीरमाराम ने बताया कि शिविर में कमला देवी पत्नी भगवानाराम, जो जन्म से दिव्यांग है जिसके चार बच्चों को तथा देवाराम एवं इनकी पत्नी भीखी देवी दोनो दिव्यांग थे इनको भी पालनहार योजना से समाज कल्याण विभाग के अधिकारी कृष्ण कुमार ने सभी दस्तावेज तैयार करवा कर हाथों हाथ लाभान्वित किया गया। साथ ही इनके ससुर मेहराराम का 88 वर्ष बाद राजस्व रिकॉर्ड मे दर्ज भैराराम(अशुद्ध नाम) को सही करवाया गया। प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 कमला देवी और देवाराम के लिए वरदान साबित हुआ।
  इसके साथ ही अभियान के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा 25 पट्टे एवं प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत 50 आवास स्वीकृत किये गये।
-0-

कई वर्षो के अंधेरे के बाद शिविर में मिले निःशुल्क विद्युत कनेक्शन

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान धोरीमना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बूल में आयोजित शिविर के दौरान दो परिवारों को निःशुल्क घरेलू विद्युत देकर लाभान्वित किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी धोरीमना लाखाराम ने बताया कि बूल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान बीपीएल आसूराम पुत्र खूमाराम मेघवाल एवं किशनाराम पुत्र भारमलराम विश्नोई निवासी बूल को हाथों हाथ निःशुल्क घरेलू विद्युत कनेक्शन, मीटर एवं सर्विस लाईन दी गई। इन दोनों परिवारों को कई वर्षाे के अंधेरे के बाद शिविर में निःशुाल्क कनेक्शन मिलने से उजाला हो गया। हाथो हाथ निःशुल्क विद्युत कनेक्शन मिलने पर इन दोनों परिवारों ने प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि आज हमारा काम हुआ हम खुशे है।
-0-

दिव्यांग हुकमाराम के लिये संजीवनी हुआ साबित शिविर एक साथ चार योजनाओं से कराया लाभान्वित

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत धोरीमना पंचायत समिति की बूल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर दिव्यांग हुकमाराम के लिये संजीवनी साबित हुआ। शिविर के दौरान दिव्यांग हुकमाराम को एक साथ चार योजनाओं से लाभान्वित करवाया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी धोरीमना लाखाराम ने बताया कि सोमवार को बूल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान दिव्यांग हुकमाराम/भवराम भील को संवेदनशीलता दिखाते हुए एक साथ चार मुख्यमंत्री चिरंजीवी बीमा योजना, पालनहार योजना, दिव्यांग पेंशन योजना एवं पीएम जेजेवाई बीमा योजना से लाभान्वित कराया गया। इसके अलावा शिविर में दिव्यांग पूजा पुत्री किशनाराम सुथार को दिव्यांग प्रमाण पत्र, बैंक में खाता खुलवाकर एवं दिव्यांग पेंशन से एक साथ हाथों हाथ लाभान्वित किया गया। इस प्रकार बूल में आयोजित शिविर दिव्यांग हुकमाराम, दिव्यांग पूजा तथा विधवा सुआकंवर के लिए वरदान साबित हुआ।
-0-




विधायक पदमाराम मेघवाल ने किया ईटादा शिविर का निरीक्षण

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल ने मंगलवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत धनाऊ पंचायत समिति की ईटादा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर निस्पादित कार्यो की जानकारी ली।

इस दौरान विधायक पदमाराम मेघवाल ने विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं पूर्ण निष्ठा रखते हुए मौके पर ही आमजन की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। उन्होने ग्रामीणों से राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक संख्या में शिविरों में हिस्सा लेकर विभिन्न विभागों से जुड़े लम्बित कार्यो का निस्तारण कराने के साथ साथ सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को कहा।
-0-



पचपदरा विधायक प्रजापत ने की मेवानगर शिविर में शिरकत

आमजन से सक्रिय भागीदारी के साथ अभियान में शामिल होकर लाभ उठाने का आह्वान

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार को बालोतरा पंचायत समिति की मेवानगर ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पचपदरा विधायक मदन प्रजापत ने आमजन से सक्रिय भागीदारी के साथ अभियान में शामिल होकर अपने लम्बित कार्यो का निस्तारण कराने को कहा।
विधायक प्रजापत ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहें। उन्होने विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में आमजन को जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को शिविरों के दौरान ही लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों के लम्बित कार्यो को निपटाने के लिए उन्होने प्रशासन गांवों के संग अभियान की शुरूआत की है ताकि लोगों के लम्बित कार्य उनके गांवों में ही निस्तारित हो सकें। उन्होने विभागीय अधिकारियों को सक्रिय रहकर शिविरों का अधिकाधिक लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
-0-




मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविरों का होगा आयोजन

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि उक्त शिविरों में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उन्होनें बताया कि 8 दिसम्बर को लंगेरा, झाक, रमजान की गफन, जानपालिया, खुडाला, नीम्बलकोट, ओकातिया बेरा एवं पादरू, 9 दिसम्बर को डुंगेरों का तला, गोगासर, बोर चारणान, आलमसर, चोचरा, जागसा एवं पउ तथा 10 दिसम्बर को सियाई, सेवनियाला, सैयद मौज अली का तला, उण्डू, छोटू, केसरपुरा, राखी स्थित चिकित्सा संस्थानों में चिरंजीवी शिविर आयोजित होंगे।
ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर
उन्होनें बताया कि 8 दिसम्बर को सीएचसी समदडी, 10 दिसम्बर को पीएचसी गिड़ा तथा 12 दिसम्बर को सीएचसी रामसर में ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर आयोजित होगा, जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मेडिकल बोर्ड, मोतियाबिंद, पाईल्स एवं अन्य शल्य क्रिया, महिला एवं पुरूष नसबंदी, आरसीटी, स्केलिंग व अन्य रोगियों को सेवाये देने हेतु नैत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन एवं दंत रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल बाड़मेर से अपनी सेवाएं देंगे।
-0-

बाड़मेर विधायक ने किया कपूरडी शिविर का औचक निरीक्षण

 भादरेस में जैन का जनभागीदारी का आव्हान

बाड़मेर, 7 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के अंतर्गत बाड़मेर पंचायत समिति के भादरेस में आयोजित शिविर में बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने शिरकत कर जन भागीदारी का आह्वान करते हुए सरकार के प्रयोजन को साकार करने को कहा।
  अभियान के तहत मंगलवार को बाड़मेर पंचायत समिति की भादरेस तथा बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति की कपूरडी में आयोजित शिविर का विधायक जैन ने निरीक्षण कर मौके पर किए जाने वाले कार्यों का जायजा लिया। शिविर में विधायक जैन ने सभी विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की एव समस्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि आमजन की समस्या की निस्तारण शिविर में ही करे।
शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि भादरेश पंचायत में आबादी भूमि में निवासरत निवासियों को 165 पट्टे वितरित किये गए। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना से जुड़ने की अपील भी की। इसके अलावा ऐसे खाद्य सुरक्षा में शामिल सदस्य जिन्होंने जन आधार नामांकन नही करवाया उनसे आग्रह किया कि सरकार की मंशा है कि समस्त लाभ जन आधार कार्ड से वितरित हो उसी मंशानुरूप सभी अपना जन आधार नामांकन भी करवाये ताकि सरकारी लाभ से वंचित न हो
-0-







बुधवार को 14 ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार 08 दिसम्बर को 14 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
बुधवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि बुधवार 8 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में रामदेरिया, बालोतरा में कालूडी, पाटोदी में नवोड़ा बेरा, बायतु में लुनाडा, गिड़ा में पटाली नाड़ी, धोरीमना में जाम्भोजी का मंदिर, गडरारोड़ में खड़ीन, आडेल में गोलिया जेतमाल, रामसर में चाड़वा तख्ताबाद, फागलिया में अरटी, सिणधरी में चाड़ों की ढाणी, सिवाना में भागवा रघुनाथपुर, चौहटन में सांवलोर तथा धनाऊ में श्रीरामवाला ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित होंगे।
-0-

राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों हेतु ऑनलाइन इन्टरव्यू 9 को

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। बाड़मेर जिले के चौहटन ब्लॉक के ग्राम बुरहान का तला आवासीय विद्यालय में प्रतिनियुक्ति हेतु निदेशालय जयपुर द्वारा 09 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे झुम एप के माध्यम से ऑनलाइन इन्टरव्यू लिया जाएगा।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान मापुरी ने बताया कि आवासीय विद्यालय बुरहान का तला में प्रतिनियुक्ति हेतु प्रधानाध्यापक एक, व./क. सहायक एक, अध्यापक हिन्दी एक, अंग्रेजी एक, गणित एक, सा.वि. एक एवं छात्रावास अधीक्षक एक कुल 7 पदों के लिए ऑनलाइन इन्टरव्यू लिया जाएगा। इच्छुक शिक्षक/शिक्षिकाएं निर्धारित दिनांक एवं समय पर जिला कार्यालय बाड़मेर में उपस्थित हो सकते है।
-0-

जिला कलक्टर ने युद्ध विरांगनाओं को शॉल ओढाकर किया सम्मानित

 सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया

बाड़मेर, 07 दिसम्बर। मंगलवार 7 दिसम्बर को सशस्त्र झण्डा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ओ.पी. विश्नोई को झण्डा लगाकर समारोह का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा युद्ध विरांगनाओं एवं शहीदों के परिजनों को शॉल ओढाकर सम्मानित किया।
जिला सैनिक कल्याण संगठक भीयाराम जाणी ने बताया कि यह दिवस युद्ध में शहीद सैनिक, निःशक्त सैनिक एवं सेवानिवृत सैनिकों तथा वीरागनाओं के कल्याणार्थ जन सहयोग से धन एकत्र करने के लिये मनाया जाता है तथा इससे युद्धवीरों व उनके परिवारों की मदद की जाती है। उन्हांेने बताया कि सैनिक कल्याण विभाग जयपुर की ओर से बाड़मेर कार्यालय को 4.00 लाख रूपये एकत्रित करने का लक्ष्य दिया गया है। विभिन्न शिक्षण संस्थाओं एवं सरकारी विभागों में स्टीकर एवं पताका भिजवाए गए है। इनकी न्यूनतम कीमत क्रमशः 10 रूपये एवं 125 रूपये निर्धारित की गई है।
जिला सैनिक कल्याण संगठक भीयाराम जाणी ने सभी कार्मिकों, स्वयं सेवी संस्थाओं एवं आमजन से इन रणबाकुरों के प्रति कृतज्ञता दर्शाते हुए इस दिवस पर मुक्त हस्त से अधिक से अधिक योगदान करने की अपील की है। उन्होने बताया कि एकत्रित राशि 05 जनवरी, 2022 तक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बाड़मेर के नाम बैंकर चैक/डीडी/चैक द्वारा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय इन्द्रा कॉलोनी बाड़मेर पिन-344001 को भिजवाकर मोबाइल नम्बर 9950601603 पर सूचित करें।
-0-









सोमवार, 6 दिसंबर 2021

एसीबी की गांवों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की पहल

बाड़मेर, 06 दिसम्बर। भ्रष्टाचार मुक्त सजग ग्राम के रूप में विकसित करने का अभियान अन्तर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी सप्ताह के अन्तर्गत सोमवार से शुरू किया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों के महानिदेशक भगवानलाल सोनी के निर्देशानुसार राज्य में समस्त चौकी प्रभारियों के प्रस्तावों के आधार पर सजग ग्राम अभियान के अन्तर्गत राज्य भर में 51 गांवों का चयन किया गया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामनिवास ने बताया कि इस योजना के तहत बाड़मेर जिले में भी ग्राम पंचायत शिवकर पंचायत समिति बाडमेर ग्रामीण को चयनित किया गया है। उक्त ग्राम में एसीबी चौकी बाड़मेर द्वारा मंगलवार 07 दिसम्बर को ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचकर इस गांव को पूर्णतया भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत इस गांव के प्रत्येक व्यक्ति को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक कर जीवन में कभी भी रिश्वत नहीं देने का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही गांव को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होने बताया कि सजग ग्राम अभियान का उद्देश्य आम आदमी व प्रशासन के बीच सामजस्य बढ़ाना, राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू करवाना, आदर्श सजग ग्राम पंचायत की स्थापना करना, बुजुर्ग, कमजोर वर्गो, महिलाओं एवं बच्चों की समस्याओं को हल करने का प्रयास करना, गांव के बालक-बालिकाओं में खेल संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा स्कूल से ड्रॉप आउट होने वाली बच्चियों को प्रोत्साहित कर स्कूल से जोड़ना है।
-0-

सुखी देवी के लिए शिविर बना वरदान, प्रभारी मंत्री के हाथों शिविर में हाथो हाथ जारी हुआ पट्टा

बाड़मेर, 06 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्राम भाडियावास में आयोजित शिविर के दौरान 58 वर्षीय सुखी देवी के लिए वरदान साबित हुआ जब उसे सोमवार को प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई एवं पचपदरा विधायक मदन प्रजापत के हाथों आबादी भूमि का पट्टा जारी कर वितरित किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु एवं प्रधान भगवतसिंह समेत जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहें।

ग्राम भाडियावास निवासी सुखी देवी पत्नी नेनाराम मेघवाल आबादी में अस्थाई रूप से कच्चे आवास में निवासरत थे, उन्होने शिविर में उपस्थित होकर आबादी भूमि में पट्टे के लिए आवेदन किया। जिस पर ग्राम पंचायत एवं प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही कर शिविर में हाथो हाथ पट्टा जारी कर प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में वितरित किया गया। पट्टा मिलने पर सुखी देवी ने खुशी जाहिर कर बताया कि अब मुझे भी पक्की छत का सुख मिल सकेगा।
-0-




मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविरों का सिलसिला जारी

बाड़मेर, 06 दिसम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि उक्त शिविरों में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उन्होनें बताया कि 07 दिसम्बर को मुरटाला गाला, लीलाला, रोहिड़ी, उंचिया, सड़ेचा, पटाउ खुर्द, संतरा, 8 दिसम्बर को लंगेरा, झाक, रमजान की गफन, जानपालिया, खुडाला, नीम्बलकोट, ओकातिया बेरा, पादरू तथा 9 दिसम्बर को डुंगेरों का तला, गोगासर, बोर चारणान, आलमसर, चोचरा, जागसा एवं पउ स्थित चिकित्सा संस्थानों में चिरंजीवी शिविर आयोजित होंगे।
ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर
उन्होनें बताया कि 8 दिसम्बर को सीएचसी समदडी, 10 दिसम्बर को पीएचसी गिड़ा तथा 12 दिसम्बर को सीएचसी रामसर में ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर आयोजित होगा, जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मेडिकल बोर्ड, मोतियाबिंद, पाईल्स एवं अन्य शल्य क्रिया, महिला एवं पुरूष नसबंदी, आरसीटी, स्केलिंग व अन्य रोगियों को सेवाये देने हेतु नैत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन एवं दंत रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल बाड़मेर से अपनी सेवाएं देंगे।
-0-

मंगलवार को 12 तथा बुधवार को 14 ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

बाड़मेर, 06 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को 12 तथा बुधवार को 14 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मंगलवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि मंगलवार 7 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में भादरेस, बाड़मेर ग्रामीण में कपूरडी, बालोतरा में मेवानगर, बायतु में नरसाली नाडी, गिड़ा में पुनियों का तला, धोरीमना में अरणियाली, गडरारोड़ में रोहिड़ाला, सेड़वा में लकड़ासर, सिणधरी में मनावास, समदडी में देवडा, चौहटन में जुना लखवारा तथा धनाऊ में ईटावा ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
बुधवार के शिविर
उन्होने बताया कि इसी प्रकार बुधवार 8 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में रामदेरिया, बालोतरा में कालूडी, पाटोदी में नवोड़ा बेरा, बायतु में लुनाडा, गिड़ा में पटाली नाड़ी, धोरीमना में जाम्भोजी का मंदिर, गडरारोड़ में खड़ीन, आडेल में गोलिया जेतमाल, रामसर में चाड़वा तख्ताबाद, फागलिया में अरटी, सिणधरी में चाड़ों की ढाणी, सिवाना में भागवा रघुनाथपुर, चौहटन में सांवलोर तथा धनाऊ में श्रीरामवाला ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित होंगे।
-0-

बाड़मेर विधायक जैन ने किया आटी शिविर का निरीक्षण

अधिकाधिक लोगों को शिविरों के माध्यम से लाभान्वित करे

बाड़मेर, 06 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत सोमवार को बाड़मेर पंचायत समिति की आटी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने राज्य सरकार की महत्वकांशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित करने को कहा।
इस अवसर पर विधायक जैन ने कहा कि सरकार ने आमजन को समस्याओं से मुक्ति दिलाने तथा आमजन को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ही यह अभियान शुरू किया है, ताकि कोरोना काल में रूके कार्य त्वरित गति से निस्तारित हो सकें। उन्होने कहा कि लोगों की 22 विभागों से जुड़ी समस्याओं का उनके गांव मे ही समाधान करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ऐसे में अधिकाधिक लोग शिविर में पहंुचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा योजनाओं का लाभ उठाएं।
शिविर प्रभारी अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि आटी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान 56 बंटवारे, 227 राजस्व रेकर्ड में नाम शुद्धि की गई। इसी के साथ 3 रास्ते के प्रकरण, 3 नेखमबंदी तथा 42 सीमा ज्ञान समेत कई कार्यो का शिविर में निस्तारण किया गया। इसके अलावा आबादी विस्तार के 4 प्रकरण बनाये गए। अब जो लोग वर्षो से घर बनाकर बैठे है, उनकी आबादी विस्तार कर उनको आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।
-0-




प्रत्येक व्यक्ति उठाए अभियान का लाभ-प्रभारी मंत्री

 प्रशासन गांवों के संग अभियान तेजी पर

आवश्यकता के अनुसार प्लान करें फॉलोअप कैम्प - प्रभारी सचिव
प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण
बाड़मेर, 6 दिसम्बर। जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, प्रभारी सचिव डॉ. राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु ने सोमवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान का सघन निरीक्षण किया एवं सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति तक अभियान का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
    प्रभारी मंत्री एवं श्रम राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने सोमवार को बायतु पंचायत समिति की नगोणी धतरवालो की ढाणी एवं बालोतरा की भांडियावास ग्राम पंचायतों में लगे शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, प्रभारी सचिव डॉ. राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु भी मौजूद रहे।
  इस मौके पर प्रभारी मंत्री मंत्री एवं विधायक ने लाभार्थियों को पट्टे, पालनहार योजना के तहत स्वीकृति पत्र, आवास प्लस स्वीकृतियां आदि प्रदान की।
इस अवसर पर मंत्री विश्नोई ने कहा कि अभियान की पूरी जिम्मेदारी इससे जुड़े सभी 22 विभागों के कंधों पर है। इसे समझते हुए प्रत्येक विभाग के अधिकारी पूर्ण गंभीरता तथा जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अंतिम प्रकरण के नियम सम्मत निस्तारण तक अधिकारी शिविरों में बने रहें तथा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत पहुंचाने की तत्परता दिखाएं। उन्होंने कहा कि अब शेष शिविरो में सभी विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर अधिकतम लोगों को लाभान्वित करें।
  इस दौरान प्रभारी सचिव डॉ. शर्मा ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों में आमजन के कल्याण के अनेक कदम उठाए हैं। यह शिविर भी इसी श्रृंखला की एक कड़ी है।
  विधायक मदन प्रजापत ने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान निःशुल्क दवा और निःशुल्क जांच योजना लागू करने में देश का पहला राज्य था। अब मुख्यमंत्री की पहल पर चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक परिवार को पांच लाख रूपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने कहा कि शिविर के दौरान आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पंहुचा कर अभियान को सबके लिए लाभदायक बनाया जा सकता है।
  जिला कलेक्टर लोकबंधु ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण हाथों-हाथ निस्तारित नहीं हो पाएं, उन्हें फॉलो-अप कैम्प लगाकर निस्तारित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्री-कैम्प्स के महत्त्व के बारे में बताया।
  इससे पूर्व प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिव ने शिविर में लगाए सभी विभागों के काउंटर का बारीकी से निरीक्षण किया तथा अभियान के दौरान मौके पर होने वाले कामो एवं उसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से पूछताछ की। उन्होंने औपचारिकताओं की व्यवहारिक रूप से अधिकतम काम मौके पर ही निस्तारण को कहा।
  शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया ने कैम्प की प्रगति की जानकारी दी।
-0-









शनिवार, 4 दिसंबर 2021

प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई रविवार व सोमवार को जिले के दौरे पर

बाड़मेर, 4 दिसम्बर। श्रम, कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई दो दिवसीय यात्रा पर रविवार 5 दिसम्बर को बाडमेर आएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रम, कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई 5 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे सांचोर से प्रस्थान कर 11 बजे धोरीमन्ना, दोपहर 12.45 बजे सेड़वा, दोपहर 2.30 बजे बाड़मेर, दोहपर 3.45 बजे शिव पहुंचेगे तथा यहां निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
इसी प्रकार प्रभारी मंत्री निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सोमवार 6 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे धतरवालों की ढाणी (नगाणी), दोहपर 12.45 बजे भाण्डियावास तथा दोपहर 3.15 बजे नाल में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविरों में भाग लेंगे। इसी दिन वे प्रातः 11 बजे बायतु, दोपहर 1.30 बजे बालोतरा तथा सांय 4 बजे सिवाना में निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के पश्चात सिवाना से सांय 5 बजे अजमेर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

साईकिलें मिलने से बालिकाओं के लिए विद्यालय की राह हुई आसान

बाड़मेर, 4 दिसम्बर। शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसाई की 40 बालिकाओं को निःशुल्क साईकिलों का वितरण किया गया। दूर दराज से आने वाली बालिकाओं के लिए विद्यालय की राह अब आसान होगी।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसाई के प्रधानाचार्य तेजस कुमार हीराणी ने बताया कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क साईकिल वितरण की योजना वरदान साबित हो रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गिरधरसिंह सोढ़ा एवं देवीसिंह सोढ़ा के मुख्य आतिथ्य में विद्यालय की 40 बालिकाओं को निःशुल्क साईकलों का वितरण किया गया। इस दौरान गिरधनसिंह सोढ़ा ने कहा कि साईकल वितरण से बालिकाओं को शिक्षा में बराबर भागीदारी के लिए विद्यालय आने जाने में आसानी होगी। इस दौरान दीपसिंह परिहार, शैतानसिंह, खुमाणसिंह, खेतसिंह, रतनलाल अहम्पा, रतन देवासी, जबरसिंह, भागीरथसिंह मेहचा एवं साईकिल वितरण प्रभारी किशनलाल बामणिया भी उपस्थित रहे।
-0-



प्रशासन गांवो के संग अभियान शिविर खानियानी अजजा परिवार ने शिक्षा के लिए की पांच बीघा भूमि समर्पित

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 4 दिसंबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत गडरारोड के खानियानी शिविर में शुभानियों भीलों की ढाणी, रेडाणा के शुभाणी भील परिवार ने 5 बीघा भूमि विद्यालय के लिए समर्पित कर मिशाल पेश की।
गडरारोड उपखण्ड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी मीनू वर्मा ने बताया कि उक्त शिविर में शुभाणी भील परिवार निवासी शुभानियो भीलो की ढाणी, रेडाणा तहसील गडरारोड़ ने शिविर में उपस्थित होकर निवेदन किया कि उक्त ढाणी में पूर्व में वर्ष 1979 में राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्वीकृत हुई थी, जो सरकारी आवंटन योग्य भूमि नही होने के कारण खातेदारी भूमि में निर्मित कर दी। उक्त खातेदारी भूमि के समस्त खातेदार सहमत नहीं होने के कारण समर्पण नही हो पा रहा है। उक्त का समाधान करने का निवेदन किया। शिविर प्रभारी द्वारा उपस्थित काश्तकारों को बुलवाकर खातेदारी भूमि विद्यालय हेतु समर्पण करने हेतु सभी को समझाइस कर राजी किया। प्रशासन गांवो के संग अभियान शिविर होने के कारण सम्बंधित समस्त अधिकारी, कर्मचारी तथा मौजिज लोगो के उपस्थित होने के कारण तत्काल  सम्बंधित खातेदारों को समझा बुझाकर आवश्यक दस्तावेज तैयार कर तत्काल खातेदारी भूमि विद्यालय निर्माण हेतु सरकार हित मे समर्पण करवाई। इस मौके पर सम्बंधित खातेदार प्रागाराम, धीराराम, महेंद्राराम, खेताराम, मोटूराम, अमराराम, नेनुदेवी, हरियादेवी इत्यादि उपस्थित रहे।
शिक्षा हेतु 5 बीघा भूमि समर्पण कर मिशाल पेश करने पर सम्बंधित खातेदारों का शिविर प्रभारी मीनू वर्मा, तहसीलदार गडरारोड़ कुशलाराम, नायब तहसीलदार सोनाराम व उपस्थित कार्मिको, अधिकारियो, आमजन ने उक्त खातेदारो को आभार व्यक्त कर धन्यवाद ज्ञापित किया व सम्बंधित काश्तकारो द्वारा उनकी समस्या का तत्काल समाधान करने पर प्रभारी अधिकारी मीनू वर्मा व शिविर में उपस्थित अधिकारी कार्मिको का आभार जताया।
-0-



विधायक जैन ने किया सेजुओं की बस्ती शिविर का निरीक्षण

 शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का किया आह्वान

बाड़मेर, 4 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत बाड़मेर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सेजूओं की बस्ती में आयोजित शिविर का शनिवार को बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने निरीक्षण किया तथा आमजन को संबोधित कर शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान विधायक जैन ने कहा कि राज्य सरकार ने आमजन के लम्बित कामों के निपटारें के लिए प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन करवाया है, जहां 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहते है। उन्होनें कहा कि अधिकाधिक लोग शिविरों में अपने बकाया कार्यो का निस्तारण करवाए तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में पात्र व्यक्ति आवेदन कर योजना का लाभ लें। इस दौरान उन्होनें विभिन्न विभागीय काउन्टरों पर जा कर किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की तथा उन्हें शिविर समय में अधिकाधिक लोगों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर रोहित चौहान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-0-







जिला कलक्टर ने किया शिविरों का सघन निरीक्षण

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

माड़पुरा बरवाला में दिया बेटी बचाओ-बेटी पढाओं का संदेश
बाड़मेर, 04 दिसम्बर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने शनिवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत बायतु पंचायत समिति की माड़पुरा बरवाला एवं बालोतरा पंचायत समिति की कनाना ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों का सघन निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आमजन से जुड़े विभिन्न कार्यो की त्वरित सुनवाई कर मौके पर ही पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।  
जिला कलक्टर लोकबंधु ने शिविरों में उपस्थित 22 विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से काउंटर पर जाकर विभागीय योजनाओ की प्रगति रिपोर्ट की गहनता से समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्या का शिविर में ही निस्तारण करने में तत्परता दिखाएं। उन्होने राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कर योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होने लाभार्थियों को पट्टों समेत विभिन्न स्वीकृतियों का वितरण भी किया।
बेटी बचाओ-बेटी पढाओं का संदेश
बायतु पंचायत समिति की माड़पुरा बरवाला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में नन्ही बालिका विमला के जन्म दिन के अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने बालिका के हाथो केक कटवाकर उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं दी तथा अपने हाथों से केक भी खिलाया। इस दौरान उन्होने उपहार भेट कर आमजन को बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं का सन्देश दिया। उन्होने आम जन से बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने तथा उन्हें आवश्यक रूप से विद्यालय भेज कर शिक्षा दिलाने को कहा। इस दौरान बायतु प्रधान सिमरथाराम, शिविर प्रभारी जगदीशसिंह आंशिया समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-








शुक्रवार, 3 दिसंबर 2021

विधायक खान एवं जिला प्रमुख ने फोगेरा में खेल मैदान एवं आरओ प्लांट का किया उद्घाटन

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। शुक्रवार को ग्राम पंचायत फोगेरा में शिव विधायक अमीन खां और जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी द्वारा सांसद कोष से निर्मित खेल मैदान तथा कैयर्न एनर्जी सी.एस.आर कोष से निर्मित पेयजल आर.ओ. प्लांट का उद्घाटन किया गया।

सांसद स्थानीय क्षैत्र विकास योजना (डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी) राज्य सभा सांसद योजनान्तर्गत गडरारोड़ के फोगेरा में निर्मित खेल मैदान तथा वेदान्ता समूह द्वारा प्रायोजित आर.ओ प्लांट का विधायक अमीन खां एवं जिला प्रमुख चौधरी ने विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होनें कहा कि खेल मैदान से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे। साथ ही आर.ओ. प्लांट स्थापित होने से लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया हो सकेगा।
इस अवसर पर फोगेरा सरपंच लक्ष्मी कंवर, उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा, विकास अधिकारी गडरारोड़ विक्रम सिंह, वेदान्ता केयर्न प्रेसिडेन्ट ब्रिगेडियर भरतसिंह शेखावत, वेदान्ता सीएसआर प्रमुख हरमीत सेहरा, महिला एवं बाल विकास विभाग उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित, समाजसेवी समुन्द्र सिंह सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।
-0-





भूमिहीन रावताराम को शिविर में हाथो हाथ मिला पट्टा

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत धोरीमना पंचायत समिति की दूधिया कला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान भूमिहीन रावताराम के परिवार को आबादी भूमि का निःशुल्क पट्टा जारी कर लाभान्वित किया गया।

शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी लाखाराम ने बताया कि तीन पीढ़ियों से आबादी भूमि में निवास कर रहे भूमिहीन एवं बीपीएल परिवार के रावताराम पुत्र मगाराम को शुक्रवार को शिविर में हाथो हाथ आबादी भूमि का निःशुल्क पट्टा दिया गया। पट्टा पाकर रावताराम का परिवार खुशियों से झूम उठा। उन्होने राज्य सरकार एवं प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित कर कहा कि आज हमारा काम हुआ हम खुश है।
-0-



खरंटिया शिविर में 335 नामान्तरकरण तस्दीक

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। शुक्रवार को सिणधरी पंचायत समिति की खरंटिया ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने शिरकत कर शिविर के दौरान निष्पादित कार्यो का निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला प्रमुख चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों के लम्बित कार्यो को निपटाने के लिए उन्होने प्रशासन गांवों के संग अभियान की शुरूआत करवाई ताकि लोगों के लम्बित कार्य उनके गांवों में ही निस्तारित हो सकें। शिविर के दौरान उन्होने आबादी भूमि के पट्टो समेत विभिन्न स्वीकृतियों का लाभार्थियों को वितरण किया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी सिणधरी वीरमाराम चौधरी ने बताया कि खरंटिया शिविर में 35 पट्टे, 57 बंटवारा प्रकरण, 335 नामान्तरकरण, 103 रोड़वेज पास, 35 रास्ते के प्रकरण, 3 भूमि आवंटन, 14 दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा 45 पीपीओ जारी किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को शिविर में ही लाभान्वित किया गया।
-0-




वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री चौधरी आज रहेंगे जिले के दौरे पर

 मीठड़ाऊ में डेयरी शुभारम्भ सहित विभिन्न समारोहों में करेंगे शिरकत

बाड़मेर, 03 दिसम्बर। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री हेमाराम चौधरी शनिवार 04 दिसम्बर को बाड़मेर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्राम मीठडाऊ में डेयरी के शुभारम्भ समेत विभिन्न समारोहों में शिरकत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री हेमाराम चौधरी शनिवार 04 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे ग्राम बीसासर में जीलानी जमात के जलसा में भाग लेंगे। इसके पश्चात् वे प्रातः 11.30 बजे ग्राम सेड़वा, 12.15 बजे ग्राम धनाऊ में स्वागत समारोह में भाग लेंगे। चौधरी दोपहर 1 बजे ग्राम मीठड़ाऊ में बालोतरा सहकारी भूमि विकास बैंक द्वारा वित पोषित कामधेनू डेयरी योजनान्तर्गत संचालित डेयरी का शुभारम्भ करेंगे तथा इसके पश्चात् दोपहर 3 बजे चौहटन में स्वागत समारोह में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम बाड़मेर में करेंगे।
-0-

सीमा गृह रक्षा दल के स्वयं सेवकों का नामांकन 17 को

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर के स्वयं सेवकों का नामांकन 17 दिसम्बर 2021 को स्थान- सीमा गृह रक्षा दल बाडमेर में किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया गृह रक्षा मुख्यालय द्वारा नामांकित बोर्ड के सदस्यों की देख-रेख में सम्पन्न की जाएगी, जिसमें गण के गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि एवं जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि उपस्थित रहेगें। एक दिवसीय उक्त नामांकन प्रक्रिया में इस गण के 25 रिक्त पदों के विरूद्ध 1533 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर के गण समादेष्टा राजेन्द्र कुमार जांगिड़ ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाईल पर एसएमएस एवं ई-मेल द्वारा सूचना प्रेषित की जावेगी, तत्पश्चात् अभ्यर्थी दिये गये लिंक पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते है।
गृह रक्षा स्वयं सेवकों की नामांकन प्रक्रिया 2-3 माह तक चलेगी एवं जिसके लिए अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थी को अलग अलग समय पर बुलाया जावेगा। बुलाए जाने वाले संबंधित अभ्यर्थी को 10-15 दिवस पूर्व ही एसएमएस एवं ई मेल द्वारा सूचित किया जाएगा, जिसके पश्चात् अभ्यर्थी दिये गये लिंक अथवा विभागीय वेबसाईट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। जिन अभ्यार्थियों को एसएमएस एवं ई मेल द्वारा सूचना प्राप्त नहीं हुई है, उनका प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं होगा। अभ्यर्थी को निर्धारित समय दिनांक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों (यथा जिले का मूल-निवास, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र एवं पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र) सहित उपस्थित होना होगा। साथ ही राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड-19 (कोरोना) प्रोटोकॉल के दिशा-निर्देशों की भी पूर्ण पालना करनी होगी। उन्होने बताया कि अन्य जानकारी के लिए कार्यालय गण समादेष्टा सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर के दूरभाष नम्बर 02982-220606 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

राजस्थान गृह रक्षा का स्थापना दिवस 6 दिसम्बर को मनाया जाएगा

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। राजस्थान गृह रक्षा का स्थापना दिवस 6 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे सीमा गृह रक्षा दल बाडमेर प्रांगण में गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र एवं सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर द्वारा संयुक्त रूप से मनाया जाएगा।

गण समादेष्टा सीमा गृह रक्षा दल राजेन्द्र कुमार जांगीड़ ने बताया कि इस अवसर पर गृह रक्षा के 55 वर्ष की आयु पूर्ण कर सदस्यता से डिस्चार्ज हुए सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। ऐसे गृह रक्षा सदस्य जिन्होने 55 वर्ष की आयु तक गृह रद्वाा विभाग में सेवाएं दी है, वे दिनांक 6 दिसम्बर को प्रातः 7.30 बजे सीमा गृह रक्षा दल बाड़मेर में उपस्थिति दें।
-0-

मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविर होंगे आयोजित

 बाड़मेर, 03 दिसम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि उक्त शिविरों में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उन्होनें बताया कि 04 दिसम्बर को जसाई, अकदडा, चैनपुरा, बावरवाला, भूंका भगतसिंह, अराबा दूदावतान, गुडा तथा 06 दिसम्बर को बाडमेर मगरा, कंटल का पार, बारासण, बीजराड, बरियाड़ा, गोपड़ी, रमणिया स्थित स्थित चिकित्सा संस्थानों में चिरंजीवी शिविर आयोजित होंगे।
ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर
उन्होनें बताया कि 8 दिसम्बर को सीएचसी समदडी तथा 10 दिसम्बर को पीएचसी गिड़ा में ब्लॉक स्तरीय मेगा शिविर आयोजित होगा, जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने हेतु मेडिकल बोर्ड, मोतियाबिंद, पाईल्स एवं अन्य शल्य क्रिया, महिला एवं पुरूष नसबंदी, आरसीटी, स्केलिंग व अन्य रोगियों को सेवाये देने हेतु नैत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन एवं दंत रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल बाड़मेर से अपनी सेवाएं देंगे।
-0-

शनिवार को 10 स्थानों पर लगेंगे शिविर

 प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान

बाड़मेर, 03 दिसम्बर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शनिवार 04 दिसम्बर को 10 स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि शनिवार 04 दिसम्बर को बाड़मेर पंचायत समिति में सेजूओं की ढाणी, बालोतरा में कनाना, बायतु में माडपुरा बरवाला, गिड़ा में दानपुरा, धोरीमना में गोदारों की बेरी, गडरारोड में खानियाणी, आडेल में मालपुरा, फागलिया में भलगांव, समदडी में सिलोर तथा धनाऊ में जालीला ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत 04 दिसम्बर को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 23, 24, 25 व 26 के लिए तनसिंह चौहान गैरेज के पास गांधी नगर में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
-0-

मेला समिति की बैठक आयोजित

 निकट संभावी मेलों के आयोजन पर विस्तार से हुई चर्चा, आयोजकों के लिए सुझाव

बाड़मेर, 03 दिसम्बर। राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण में चिन्हित जिले के मेलों के संदर्भ में मेला आयोजकों के सुझावों पर चर्चा हेतु जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को मेला समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण में चिन्हित जिले के शीतला माता का कानाना मेला तथा तिलवाड़ा पशुमेला के मार्च-अप्रेल 2022 के दौरान आयोजन के संबंध में आयोजकों से सुझाव लिए। इस दौरान उन्होनें कहा कि कोरोना महामारी के चलते पिछले दो साल से मेलों का आयोजन नहीं किया गया है परन्तु अगर भविष्य में स्थिति सामान्य होती है तो भी बड़े मेलों के आयोजन में पर्याप्त व्यवस्थाओं के साथ-साथ कोविड गाईडलाईन की पूर्ण पालना आवश्यक होगी। इस दौरान उन्होनें कहा कि मेले आयोजित होने की स्थिति में मेले में भाग लेने वाले समस्त नागरिकों के लिए कोविड के टीकाकरण की दोनों डोज लगी होना आवश्यक होगी। इस दौरान उन्होनें विभिन्न ट्रस्ट एवं संगठन सदस्यों के अनुरोध किया की वे श्रद्धालुओं से समझाईश करें तथा पूर्व तैयारियों पर विशेष ध्यान देवें।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने कहा कि कोविड काल में मेलों का आयोजन नहीं हो सका है, लेकिन निकट संभावी समय में मेलों का आयोजन होने की स्थिति में पर्याप्त बंदोबस्त किए जाएंगे। उन्होनें मेलों के दौरान यातायात, पार्किग तथा कानून व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंधन की बात कही।
इस अवसर पर मेला समिति के सदस्यों, ट्रस्टों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने मेलों के आयोजन के संबंध में अपने सुझाव रखे तथा मेलें आयोजित होने की स्थिति में पुख्ता प्रबंधन का भरोसा दिलाया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, विभिन्न ट्रस्टों एवं संगठनों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
-0-





लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...