शुक्रवार, 25 जून 2021

दो दिवस के भीतर एम्बुलेंस वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस नहीं लगवाने पर जब्त होंगे वाहन

 बाड़मेर, 25 जून। पंजीकृत एम्बुलेंस वाहनों में उसी के निर्माता द्वारा विशेष रूप से अनुमोदित एआईएसः140 मानका का व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस (जीपीएस) दो दिवस के लगवाकर सूचना जिला परिवहन कार्यालय को देनी होगा।

जिला परिवहन अधिकारी नितिन कुमार बोहरा ने बताया कि सार्वजनिक सेवा यानों में व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस एवं इमरजेंसी बटन लगाने का प्रावधान है। मोटरवाहन अधिनियम 1988 की धारा 2 (35) में परिभाषित सार्वजनिक सेवा यान में एम्बुलेंस वाहन भी सम्मिलित है एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की अधिसूचना 1248(ई) में एम्बुलेंस वाहनों को परिवहन यान की श्रेणी में रखा गया है, जिसके लिए व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस का होना नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होनें सभी एम्बुलेंस वाहन स्वामियों पंजीकृत एम्बुलेंस वाहनों मे उसी के निर्माता(ओईएम) द्वारा विशेष रूप से अनुमोदित एआईएसः140 मानक का व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस (जीपीएस) 2 दिवस में स्थापित कर सूचना जिला परिवहन कार्यालय को देनें के निर्देश दिए है। उन्होनें कहा कि सघन जांच अभियान चलाया जाकर बिना एआईएसः140 मानक का व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाईस (जीपीएस) के एम्बुलेंस वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी तथा वाहन जब्त किया जाएगा। उन्होने कहा कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला परिवहन कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

कोरोना की तीसरी लहर की पूर्व तैयारियां पुख्ता हो - चौधरी

 कम्युनिटिी हेल्थ ऑफिसर एवं स्वास्थ्य सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित

बाड़मेर, 25 जून। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए बायतु पंचायत समिति के सभागर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स एवं स्वास्थ्य सहायकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने उनसे संवाद कर सक्रियता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए पूर्ण सतर्कता बरतनी आवश्यक है। उन्होनें कम्युनिअी हेल्थ ऑफिसर्स एवं स्वास्थ्य सहायकों को जनसहयोग एवं प्रशासनिक सहयोग लेते हुए कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए क्रियाशील रहने को कहा। उन्होनें कहा कि तीसरी लहर का संभावित खतरा बच्चों को भी है, इसलिए कुपोषित बच्चों को चयनित कर उनके पोषण पर जोर दिया जाए। उन्होनें हेल्थ कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होेनें कोविड की दूसरी लहर में चिकित्सकों द्वारा किए गए कार्यो की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
उन्होनें कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए ग्राम स्तर पर प्रभावी व्यवस्था की जाए। उन्होनें स्वास्थ्य सेवाओं के विकेन्द्रीकरण पर जोर देते हुए कहा कि सब सेंटर खोले जाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
इस दौरान उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पी.सी.दीपन, तहसीलदार, विकास अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित सीएचओं एवं स्वास्थ्य सहायक उपस्थित रहे।
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने की राजस्व रिकॉर्ड डिजिटलाईजेशन कार्यो की समीक्षा

 बाड़मेर, 25 जून। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने शुक्रवार को बायतु तहसील कार्यालय में बायतु तहसील के रिकॉर्ड का डिजिटलाईजेशन कार्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि मौके एवं रिकॉर्ड के विवाद को खातेदार एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुलझाया जाए। उन्होनें डिजिटलाइजेशन करने, गांवो का रिकॉर्ड हासिल करने एवं जमाबंदी नक्शों के संबंध में आ रही परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होनें बायतु तहसील कार्यालय में तहसीलदार, भू-निरीक्षक से तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बायतु पनजी एवं नगोणी धतरवालों की ढाणी में डीआईएलआरएमपी के तहत डिजिटल मशीन डीजीपीएस से पटवार सर्कल का सीमांकन कार्य की समीक्षा की। उन्होनें डिजिटलाईजेशन के कार्य को पटवार मंडल वाईज कर आगे बढाने क निर्देश दिए।
-0-

कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने पर 132 लोगों पर 23,600 का जुर्माना

 बाड़मेर, 25 जून। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए गुरूवार 24 जून को जिले में 132 व्यक्तियों से कुल 23,600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में गुरूवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 100 व्यक्तियों से 13,100 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, चौहटन मंे 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, सेड़वा में 3 व्यक्तियों से 300 रूपये, सिणधरी में 1 व्यक्ति से 100 रूपये, गड़रारोड़ में 7 व्यक्तियों से 700 रूपये, बालोतरा में 8 व्यक्तियों से 1800 रूपयेे, धोरीमना में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये तथा सिवाना में 7 व्यक्तियों से 7000 रूपये को मिलाकर कुल 132 व्यक्तियों से 23,600 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में गुरूवार तक 83,191 व्यक्तियों से 1,39,96,176 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

संभागीय आयुक्त ने की कोरोना प्रबंधन की समीक्षा

 जिला कलक्टर ने दी कोरोना टीकाकरण की जानकारी

तीसरी लहर से निपटने को पुख्ता प्रबंध, बच्चों के लिए डेडिकेटेड कोविड वार्ड
बाड़मेर, 25 जून। संभागीय आयुक्त राजेश शर्मा ने शुक्रवार को वीसी के जरिए बैठक लेकर कोविड टीकाकरण तथा तीसरी लहर के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में कोविड के आगामी प्रबंधों के बारे जानकारी दी।
इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में कोरोना का टीकाकरण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। शुक्रवार को ही करीब 41 हजार से अधिक टीके लगाए जाएंगे। इससे पूर्व मंगलवार को भी 38 हजार टीके लगाए गए थे। अगर जिले को प्रतिदिन आंवटन की बजाय दो-तीन दिन का आवंटन एक साथ कर दिया जाए तो वे और भी अधिक प्रभावी रणनीति बना कर टीकाकरण में अधिक तेजी ला सकते हैं। उन्होंने बताया कि 18 प्लस के टीकाकरण में लोगों में उत्साह है।
उन्होंने बताया कि तीसरी लहर की तैयारियों के तहत जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। जिले के 13 सामुदायिक चिकित्सालयों को चिन्हित कर यहां पर स्वास्थ सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। अत्याधुनिक उपकरण के अलावा चिकित्सा कर्मी एवं विशेषज्ञ चिकित्सको की नियुक्ति का प्रयास है। उन्होंने बताया कि जिले में बाड़मेर तथा बालोतरा के अलावा पांच बड़े सीएचसी पर भी ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं, जो मध्य जुलाई तक आरम्भ हो जाएंगे।
जिला कलक्टर ने बताया कि तीसरी संभावित लहर से बचाव को जिले में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं एवं जिले में बच्चों के लिए डेडिकेटेड वार्ड बनाए जा रहे है। जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध चिकित्सालय में एक कोविड डेडिकेटेड वार्ड बनाया गया है, इसमें 24 आक्सीजन सपोर्टेड बेड एवं 9 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि जिले में पांच डोर-टू-डोर सर्वे पूरे हो चुके है।
इस दौरान जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण शिविरों में चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना का भी पंजीकरण किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर.के. आसेरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बी.एल. विश्नोई सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-




गुरुवार, 24 जून 2021

प्रस्तावित कृषि महाविद्यालय वैकल्पिक तौर पर विश्राम गृह में संचालित करने की योजना

 राजस्व मंत्री चौधरी ने कृषि महाविद्यालय के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक  

बाड़मेर, 24 जून। बाटाडू मे प्रस्तावित कृषि महाविद्यालय के लिए उचित भूमि के आवंटन तथा कृषि महाविद्यालय में शिक्षण कार्यो के संचालन के लिए राजस्व मंत्री चौधरी ने कृषि महाविद्यालय एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की।
इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने कृषि महाविद्यालय भवन के निर्माण तक वैकल्पिक तौर पर बायतु स्थित विश्राम गृह में शिक्षक कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होनें इसी सत्र में कृषि महाविद्यालय का शिक्षण कार्य प्रारम्भ शुरू करवाने के लिए विश्राम गृह में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि वर्तमान में विश्राम गृह के भवन में उपखण्ड कार्यालय संचालित किया जा रहा है जो अब उपखण्ड कार्यालय भवन के निर्माण से वहां शिफ्ट किया जाएगा, जिससे यहां महाविद्यालय का संचालन किया जा सकेगा। इस दौरान वाइस चांसलर बी आर चौधरी, प्रोफेसर मोतीलाल मेहरिया सहित कृषि महाविद्यालय एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात राजस्व मंत्री चौधरी ने नवनिर्मित बायतु उपखण्ड कार्यालय का अवलोकन किया तथा भवन की दूसरी मंजिल के निर्माणाधीन कार्य को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
-0-



प्रतिदिन आवंटित वैक्सीन का शत प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें - लोक बंधु

 कोरोना टीकाकरण महाअभियान 

शुक्रवार को मेगा कैम्प लगेंगे, कार्यस्थलों पर भी होगा वेक्सिनेशन


बाड़मेर, 24 जून। कोरोना टीकाकरण महाअभियान के तहत प्रतिदिन आवंटित वेक्शीन का उसी दिन शत प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार सांय टीकाकरण की समीक्षा बैठक के दौरान यह बात कही। उन्होंने जिले में तीव्र गति से टीकाकरण की समीक्षा के अलावा तीसरी लहर की तैयारियों, आक्सीजन प्लाण्ट की प्रगति, राजकीय सस्थानों के लिए जमीन का आवंटन एवं बजट घोषणाओं पर भी चर्चा की।
कैम्पस का हो व्यापक प्रचार-प्रसार
जिला कलक्टर लोक बंधु ने टीकाकरण के संबंध में समीक्षा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर वैक्सीनेशन का कैम्प आयोजित किए जाए। उन्होनें कहा कि आमजन को वैक्सीनेशन कैम्पस के बारे में पूर्व सूचना देने के लिए सोशल मीडिया पर भी प्रचार-प्रसार किया जाए तथा लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित करें।
वैक्सीन का विवेकपूर्ण उपयोग हो
प्राप्त वैक्सीन डोज में से एक भी डोज खराब नहीं करने के निर्देश देते हुए कहा कि वैक्सीनेशन स्थल पर 10 लोग एकत्र होने पर ही वैक्सीन वॉयल खोला जाए। प्राप्त वैक्सीन का शत प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होनें 45 प्लस आयु वर्ग में वैक्सीन की दूसरी डोज से वंचित लोगों को चिन्हित कर उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होनें पंचायत एवं राजस्व ग्राम वाईज लोगों की सूची बनाकर सभी का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वैक्सीनेशन शिविर में चिरंजीवी का पंजीयन भी करें
उन्होनें कहा कि वैक्सीनेशन कैम्पस में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का पंजीयन भी किया जाए। उन्होनें कोविड एवं अन्य बिमारियों के पीड़ित परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजना, पालनहार योजना एवं मुख्यमंत्री कोरोना बाल कल्याण योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
कार्यस्थलों पर विशेष वैक्सीनेशन कैम्पस
जिला कलक्टर ने कहा कि ऐसे कार्यस्थल जहां कार्मिकों की संख्या ज्यादा हो जैसे औद्योगिक क्षेत्र, सब्जी मंडी, थोक व्यापारी संगठन इत्यादि के लिए प्रथक से कैम्पस का आयोजन किया जाकर उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जाए। शुक्रवार को बाड़मेर एवं बालोतरा में रीको एरिया में ऐसे शिविर लगाने को कहा।
दोपहर पश्चात करें वैक्सीनेशन की समीक्षा
उन्होनें कहा कि आयोजित होने वाले वैक्सीनेशन कैम्पस में दोपहर पश्चात वैक्सीनेशन की समीक्षा कर ले तथा वैक्सीन शेष रहने की स्थिति में किसी अन्य स्थान पर वैक्सीनेशन कैम्प लगाकर वैक्सीनेशन गति को बढाया जाए।
इस दौरान उन्होनें नवीन स्वीकृत स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होनें उपभोग के आधार पर शुक्रवार को मेगा वैक्सीनेशन कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.एल.विश्नोई, बाड़मेर उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के जरिए जुडे रहे।
-0-





कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने पर 162 लोगों पर 20,500 का जुर्माना

 बाड़मेर, 24 जून। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए बुधवार 23 जून को जिले में 162 व्यक्तियों से कुल 20,500 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में बुधवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 112 व्यक्तियों से 13,100 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, चौहटन मंे 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, शिव में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, गड़रारोड़ में 9 व्यक्तियों से 900 रूपये, रामसर में 2 व्यक्तियों से 400 रूपये, बालोतरा में 22 व्यक्तियों से 3100 रूपयेे, गुडामालानी में 1 व्यक्ति से 200 रूपये, धोरीमना में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये तथा सिवाना में 8 व्यक्तियों से 2000 रूपये को मिलाकर कुल 162 व्यक्तियों से 20,500 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में बुधवार तक 83,059 व्यक्तियों से 1,39,72,576 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

केन्द्रीय सैनिक बोर्ड द्वारा छात्रवृति के लिए आवेदन आमन्त्रित

 बाड़मेर, 24 जून। हवलदार रैंक तक के पूर्व सैनिकों के छात्र-छात्राओं से केन्द्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली द्वारा छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र आमन्त्रित किए गए है।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल पी.एस. गंगवार ने बताया कि हवलदार रैंक तक के पूर्व सैनिकों के प्रथम दो बच्चों तक के लिए केन्द्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाईट ूूूणेइण्हवअण्पद अथवा नजदीक के ई मित्र पर सम्पर्क कर ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। उन्होने बताया कि कक्षा 1 से 9वीं एवं 11वीं उर्तीण बच्चों के लिए 30 सितम्बर, कक्षा 10वीं एवं 12 वीं उर्तीण बच्चों के लिए 30 अक्टूबर तथा स्नातक के बच्चो के लिए 30 नवम्बर आवेदन करने की अन्तिम तिथि है।
-0-

डिस्कॉम सतर्कता जांच अभियान जारी, गुरूवार को विद्युत चोरी के 8 प्रकरणों में लगाया जुर्माना

 बाड़मेर, 24 जून। विद्युत चोरी करने वालों पर कार्यवाही के लिए विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे सतर्कता जांच अभियान के तहत 8 विद्युत चोरी के प्रकरणों पर जुर्माना लगाया गया है।

डिस्कॉम शहर द्वितीय के सहायक अभियंता नवल किशोर मीणा ने बताया कि सतर्कता जांच के दौरान गुरूवार को 8 उपभोक्ता एवं गैर उपभोक्ता पोल अथवा एलटी लाईन से अकुंडिया लगाकर विद्युत चोरी करते पाए गए। उन्होनें बताया कि विरात्रा नगर निवासी लालाराम पुत्र भुराराम पर 8,388 रूपये, विष्णु कॉलोनी निवासी नरपतसिंह खारा पर 12,561 रूपये, शिवकर निवासी लालाराम पुत्र मांणकाराम पर 89,079 रूपये, सरली निवासी मोटाराम पुत्र भूराराम पर 16,585 रूपये, शास्त्री नगर निवासी पवनसिंह पर 19,034 रूपये, सरली निवासी बहादुरसिंह पर 26,520 रूपये, बेरड़ों की ढाणी सरली निवासी खेमपुरी पर 3,499 रूपये तथा कुडला निवासी पप्पुदेवी पत्नि नथाराम पर 28,399 रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
उन्होनें बताया कि उक्त उपभोक्ता एवं गैर उपभोक्ताओं पर 7 दिवस के भीतर जुर्माना राशि जमा नहीं करवाने पर एटीपीएस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होनें बताया कि विद्युत चोरी के प्रकरणों की पड़ताल के लिए सतर्कता जांच अभियान के तहत कार्यवाही सतत जारी रहेगी।
-0-

अनुसूचित जाति, जन जाति के पीड़ित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता

 34 प्रकरणों में कुल चालीस लाख रूपये की सहायता स्वीकृत

बाडमेर, 24 जून। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति (अत्याचार निवारण) संशोधित अधिनियम के अन्तर्गत ऑनलाईन दर्ज प्रकरणों में 34 प्रकरणों में चालान स्तर पर कुल चालीस लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्टेªट लोकबन्धु ने बताया कि करडाली नाडी निवासी भेराराम पुत्र दुदाराम मेघवाल, भलीसर निवासी भुराराम पुत्र ठाकराराम मेघवाल, मण्डली निवासी सारों देवी पत्नी स्व. विरदाराम गरूड़ा, पनावड़ा निवासी मिश्राराम पुत्र आईदानराम वादी, राणीगांव निवासी एकता पुत्री अनोपाराम, सुआ पत्नी अनोपाराम एवं मरूआ देवी पत्नी मानाराम मेघवाल तथा भावगिरीजी का मठ निवासी रतनाराम पुत्र लालाराम भील को चालान स्तर पर पच्चास-पच्चास हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होने बताया कि इसी प्रकार पादरडी कलां निवासी मेलाराम पुत्र पोकरराम भील, बान्दरा निवासी महेन्द्र पुत्र लुणाराम गवारिया, खड़ीन निवासी रकमबाई मीना पुत्री शिवलाल मीणा, दीपला निवासी सवाईराम पुत्र जयराम मेघवाल, बान्धणिया निवासी वीरा पत्नी स्व. गुलाबाराम भील, खारकी बेरी रोहिलापूर्व निवासी चुनाराम पुत्र जुगताराम मेघवाल, सिणेर निवासी भगाराम पुत्र राणाराम भील, इटवाया निवासी वंसाराम पुत्र बदाजी मेघवाल, भेरूघाटी निवासी टीपूदेवी/बुधाराम एवं बुधाराम/ प्रभुराम भील, काठाडी निवासी टीकमाराम पुत्र पीराराम भील, मेगवालों की ढाणी सोहडा निवासी खेराजराम पुत्र देदाराम मेघवाल, कापराऊ निवासी सकुर पुत्र कालूराम भील, सिणधरी निवासी मोतीराम पुत्र उकाराम बागरी, भीयाड़ निवासी खमीशनाथ पुत्र बहादुरनाथ जोगी, बरसिंगा निवासी दुर्गाराम पुत्र करणाराम मेगवाल एवं समदा देवी पत्नी करणाराम मेगवाल, खरंटिया हाल सिणधरी निवासी पेंपोदेवी पत्नी जोगाराम भील, साजिताडा शिव निवासी बबलु मीणा पुत्र हजारीलाल मीणा, मीठाडा निवासी रतनाराम पुत्र लालूराम भील, बोला निवासी रेखा पत्नी कुष्टाराम भील, जसाई निवासी रमेश पुत्र नाथुराम मेगवाल, धने की ढाणी निवासी नगाराम पुत्र मोडाराम मेगवाल, डागेवा निवासी केलीदेवी पत्नी रूपाराम भील, रातड़ी निवासी होलीदेवी पत्नी हुकाराम मीणा तथा भावगिरीजी का मठ निवासी पवनी पत्नी रतनाराम भील को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर ने बताया कि बोडवा निवासी लाखाराम पुत्र मेघाराम मेगवाल, देवन्दी निवासी रमेश कुमार पुत्र कस्तुराराम भील, पादरू निवासी मोहनलाल पुत्र मानाराम मेगवाल, देदूसर निवासी मदन पुत्र खेमाराम मेगवाल तथा सिणेर निवासी बंशीलाल पुत्र छोगाराम भील को चालान स्तर पर दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

पूर्व सहायक निदेशक स्व. प्रदीप चौधरी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि 

 सरल स्वभाग एवं मधुर आवाज के धनी चौधरी को किया याद

बाड़मेर, 24 जून। जनसम्पर्क कार्यालय में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय प्रदीप चौधरी को पत्रकारों, प्रबुद्धजनों एवं जनसम्पर्क विभाग के कार्मिकों द्वारा उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
गुरूवार को सूचना केन्द्र में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्रवण चौधरी ने उनके साथ बिताए स्मरणों का जिक्र करते हुए उनके विरले व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान सेवानिवृत प्रोफेसर डॉ. बंशीधर तातेड़ ने स्व. चौधरी को प्रशन्नचित, मृदुभाषी, मिलनशील, सबको साथ लेकर चलने वाले एवं सरल स्वभाव के धनी बताते हुए उनके कार्यकाल से जुडे़ स्मरण सांझा किए। सेवानिवृत क्षेत्र प्रसार अधिकारी नरेन्द्र तनसुखाणी, एडवोकेट डालूराम चौधरी, व्याख्याता ओम जोशी ने उनके व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके निधन पर शौक व्यक्त किया तथा परमपिता परमात्मा से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान पत्रकारों एवं जनसम्पर्क कार्मिकों ने स्वर्गीय चौधरी के बाड़मेर कार्यकाल के दौरान उनकी नेतृत्व क्षमता एवं समन्वय की भावना को याद किया। इस अवसर पर सुरेश जाटोल, अक्षयदान बारहठ, मुकेश मथराणी, प्रवीण बोथरा, मदनलाल बारूपाल, मदनदान चारण, प्रेम परिहार, लव जांगिड़, ठाकराराम, जसराज दईया, बाबुशेख, जसवंतसिंह समेत पत्रकारों एवं जनसम्पर्क कार्यालय के कार्मिकों ने उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि स्वर्गीय प्रदीप चौधरी का गत मंगलवार 22 जून को जोधपुर में असामयिक निधन हो गया था। वे सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय बाड़मेर में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी, जन सम्पर्क अघिकारी एवं सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत रहे थे।
-0-






पूर्व सैनिकों को सर्विस दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश

 बाड़मेर, 24 जून। जिले के पूर्व सैनिक जो 1980 से पूर्व सेना से सेवानिवृत हुए है एवं अभी तक जोइन्ट नोटिफिकेशन नहीं करवाया है तथा अपने सर्विस दस्तावेज में नाम, जन्मतिथि एवं अन्य किसी प्रकार की समस्या है, उन सभी पूर्व सैनिकों को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बाडमेर में अपने दस्तावेज शीध्र प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल पी.एस. गंगवार ने बताया कि दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत करने पर पत्नी का सही नाम एवं जन्मतिथि, पीपीओ में पूर्व सैनिक के रहते दर्ज हो सकेगा ताकि फैमिली पेंशन शुरू होने में कोई परेशानी न हो।
-0-

नर्मदा का पानी रामसर पहंुचाना इस क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा दिन - चौधरी

 अंतिम छोर तक पेयजल आपूर्ति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

बाड़मेर, 24 जून। रामसर में नर्मदा नहर परियोजना के तहत पानी पहुंचना क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस परियोजना से क्षेत्र के आमजन के साथ साथ सीमा सुरक्षा बल के जवानों को भी मीठा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। यह बात राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने रामसर पंचायत समिति सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि विकट परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार क्षेत्र के प्रत्येक राजस्व गांव एवं प्रत्येक घर तक पेयजल पहुचाने के लिए विभिन्न पेयजल परियोजनाओं पर प्राथमिकता से कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि मरूस्थलीय क्षेत्र होने के कारण यहां के रहवासियों को पेयजल का महत्व भली भांति ज्ञात है। उन्होनें कहा कि शिव विधायक अमीन खां के भरसक प्रयासों से इस क्षेत्र की पानी की समस्या का समाधान हुआ है। उन्होने कहा कि आने वाले दिनों में इस योजना को निर्धारित समय पर पूरा किया जाकर अधिकाधिक लोगों को पेयजल मुहैया करवाया जाएगा। उन्होने कहा कि अंतिम छोर के गांवों तक कैसे पेयजल पहुचाया जाए इसके लिए समन्वित प्रयास करने होंगे।
उन्होनें कहा कि इस दौरान उन्होनें कहा कि जिले में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बेहतरीन चिकित्सकीय प्रबंधन किए गए। उन्होने कहा कि आईएलआई सर्वे के तहत घर-घर जाकर संभावित कोविड संक्रमितों की पहचान एवं उपचार की कार्ययोजना से ग्राम स्तर तक कोविड संक्रमण की रोकथाम संभव हुई।
इस अवसर पर शिव विधायक अमीन खां ने नर्मदा नहर का पानी रेगिस्थानी क्षेत्र में पहुंचाने के कार्य को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होनें कहा कि पूर्व में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत इस क्षेत्र में पानी पहुंचाने की योजना थी, परन्तु डीएनपी क्षेत्र की वजह सें परमिशन नहीं मिलने के कारण नर्मदा नहर से पानी पहंुचाने की योजना 2013-14 में सेक्शन हुई। उन्होनें कहा कि जलदाय विभाग के इंजिनियर्स का इस योजना को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।
इस दौरान जिला प्रमुख महंेन्द्र चौधरी ने कहा कि सीमावर्ती रेगिस्तानी क्षेत्र में लम्बे समय से लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा था, नर्मदा नहर से पानी पहुंचने पर यहां के क्षेत्रवासीयों को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगा। उन्होने कहा कि पानी पहुंचने से इस क्षेत्र के विकास को नए आयाम मिलेंगे। इस दौरान जिला कलक्टर लोकबन्धु ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को नर्मदा नहर परियोजना से जुड़े कार्यो को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात् राजस्व मंत्री चौधरी, शिव विधायक अमीन खां, जिला कलक्टर लोकबन्धु समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने रामसर में नर्मदा प्रोजेक्ट के पम्पिंग हाउस का अवलोकन किया।
इस मौके पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, फतेह खान सहित जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं जलदाय विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-







बुधवार, 23 जून 2021

राजस्व मंत्री चौधरी ने की चिकित्सा मंत्री से मुलाकात

 चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ ही विकेंद्रीकरण पर दिया जोर

बाड़मेर, 23 जून। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी बुधवार को जयपुर में चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा के आवास पर उनसे मुलाकात कर बाड़मेर में चिकित्सा सुविधा विस्तार के संबंध में एवं चिकित्सा संस्थानों के क्रमोन्नत एवं नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने बाड़मेर में कोविड-19 की विकट परिस्थिति में कुशल प्रबंधन, आई एल आई सर्वे एवं ग्राम स्तर पर निगरानी समितियों के माध्यम से किए जा रहे कार्य के अनुभव भी साझा किये। 

राजस्व मंत्री ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर में तो सरकार, जन प्रतिनिधियों, प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों एवं सभी ने मिलकर एकजुट होकर कार्य करके त्वरित ऑक्सीजन उत्पादन सुविधा, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया एवं उसमें सफल भी हुए लेकिन जिस तरह से कोविड की आगामी तीसरी लहर की बात की जा रही है उसको देखते हुए हमें स्वास्थ्य सुविधाओं के विकेंद्रीकरण पर जोर देते हूए सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या एवं सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर भी आवश्यक प्रारंभिक स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की ओर पुरा ध्यान देना होगा और इसे युद्ध स्तर पर किए जाने की आवश्यकता है। राजस्व मंत्री ने बायतु में हर बूथ स्तर एवं राजस्व गांव के स्तर पर प्राथमिक जांच उपकरण किट के रूप में दिए गए बीपी जांच उपकरण, ऑक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर, ग्लूकोमीटर के किट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रारंभिक जांच प्रत्येक व्यक्ति को उसके घर पर करवाने का प्रयास किया जा रहा है। 

राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने भवन विहीन उप स्वास्थ्य केंद्रों का प्राथमिकता से भवन निर्माण करवाए जाने की स्वीकृति देने के साथ ही नवसृजित पंचायत मुख्यालय जहां पर उप स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा नहीं है वहां उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए जाने के संबंध में आवश्यकता जताई।

राजस्थान मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि बाड़मेर जिले में ग्रामीण आबादी सुदूर ढाणियों में बसी हुई है एवं ग्राम पंचायतों में भी विभिन्न राजस्व गांव की एक दूसरे गांव से दूरी बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर में कई ऐसे उप स्वास्थ्य केंद्र है जहां अतिरिक्त एएनएम के पद स्वीकृत हैं एवं कई ऐसे भी ग्राम पंचायत मुख्यालय हैं जहां उप स्वास्थ्य केंद्र के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत हो गए हैं ऐसे में इन दोहरे पदों को कई ग्राम पंचायतों में बड़े राजस्व गांव जहां स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं है वहां पर नए उप स्वास्थ्य केंद्र अथवा एएनएम के पद वहां पर स्वीकृत कर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का कार्य किया जा सकता है।

राजस्व मंत्री ने चिकित्सा मंत्री से बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज के बारे में भी चर्चा करी। उन्होंने बाड़मेर में ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी चिकित्सालय में अनुभवी एवं क्वालिफाइड चिकित्सकों की नियुक्ति करने, एवं सभी रिक्त भरने की महती आवश्यकता जताई। डॉ रघु शर्मा ने राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को शीघ्र ही उनके द्वारा उठाए गए विषयों पर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

-0-



कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की समीक्षा

 स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण पर जोर, ग्रामीण क्षेत्रों के 5 सामुदायिक चिकित्सालय होंगे सुदृढ़

बाड़मेर, 23 जून। कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की बुधवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 5 बड़े सीएससी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर फोकस रहा।
इस मौके पर जिला कलक्टर ने कोरोना की दूसरी लहर के अनुभव के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के मद्देनजर तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि बाड़मेर तथा बालोतरा के अलावा जिले के 5 बड़े कस्बों बायतु, समदड़ी, गुडामालानी, धोरीमन्ना तथा चौहटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिक चिकित्सकीय सुविधाओं का विकास किया जाए। ये सभी सीएचसी पर 50 बेड युक्त है एवं सभी मे आक्सीजन प्लांट लगाए जा रहें है, जिन्हें जुलाई के दूसरे सप्ताह तक आरम्भ कर दिया जाए। इसके अलावा यहां विशेषज्ञ चिकित्सक नियुक्त कर बच्चों के लिए कोविड डेडिकेटेड वार्ड बना लिए जाए।
जिला कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर एव कोविड कन्सल्टेंट एवं सहायको की नियुक्ति एवं पदस्थापन की समीक्षा की। उन्होनें ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों के कोविड प्रबंधन, टीकाकरण एवं संभावित तीसरी कोविड लहर की पूर्व तैयारियों के बारे में समीक्षा की।
उन्होनें कहा कि तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए ऑक्सीजन प्लांट्स, ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर, मानव संसाधन सहित पर्याप्त आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होनें कहा कि ब्लॉक स्तर पर कोविड प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों के रख रखाव एवं संधारण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होनें कहा कि कोरोना के टीकाकरण में प्रगति के लिए आमजन में जागरूकता लाई जाए। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि बालकों के स्वस्थ विकास में टीकाकरण का विशेष महत्व है। उन्होनें कहा कि संचालित किए जा रहे रेगुलर इम्युनाइजेशन प्रोग्राम्स के तहत लगने वाले टीकों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए तथा बालकों के टीकाकरण से विभिन्न बिमारियों से बचाव के बारे में जानकारी भी दी जाए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल.विश्नोई ने कोरोना की तीसरी लहर की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एल मंसुरिया ने जिला अस्पताल, आरसीएचओ डॉ. प्रीतमोहिन्दर सिंह ने टीकाकरण के बारे में बताया। 
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी गुरूवार 24 जून को रामसर आएंगे

 नर्मदा नहर योजना का पानी पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे

बाड़मेर, 23 जून। राजस्व, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री हरीश चौधरी गुरूवार 24 जून को प्रातः 11 बजे रामसर पहंुचेंगे तथा रामसर में नर्मदा नहर योजना का पानी पहंुचने पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा पंचायत मुख्यालय पर जनसुनवाई करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार राजस्व मंत्री चौधरी 25 जून से 27 जून तक बाड़मेर जिले में रहेंगे तथा विभिन्न आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

-0-

कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने पर 133 लोगों पर 14,600 का जुर्माना

 बाड़मेर, 23 जून। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार 22 जून को जिले में 133 व्यक्तियों से कुल 14,600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 82 व्यक्तियों से 8200 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, चौहटन मंे 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, सेड़वा में 8 व्यक्तियों से 2000 रूपये, सिणधरी में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, शिव में 4 व्यक्तियों से 400 रूपये, गड़रारोड़ में 11 व्यक्तियों से 1200 रूपये, बालोतरा में 18 व्यक्तियों से 1800 रूपयेे तथा सिवाना में 4 व्यक्तियों से 400 रूपये को मिलाकर कुल 133 व्यक्तियों से 14,600 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में मंगलवार तक 82,897 व्यक्तियों से 1,39,52,076 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

सवा दो लाख पौधे लगाने को बनेगी कार्ययोजना

 स्थानीय प्रकृति के अनुसार होगा पौधों का चयन

बाड़मेर, 23 जून। जिले में सवा दो लाख पौधे लगाने को वृहत स्तर पर अभियान के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में बैठक का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा की सवा दो लाख पोधों के लिए जिले की विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। इसके लिए उन्होंने वन विभाग को टाइम लाइन के अनुरूप एक्शन प्लान तैयार करने को कहा।
उन्होंने पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता सुनिश्चित के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि पौधारोपण के पश्चात प्रत्येक पौधें के संरक्षण के लिए जिम्मेवारी तय की जाए। उन्होनें कहा कि सभी विभागीय कार्यालयों में आवश्यकतानुसार पौधें लगाए जाए। उन्होंने कहा कि जिले मे ब्लॉक स्तर तक पौधारोपण अभियान चलाकर ब्लॉक की स्थानीय परिस्थिति के अनुरूप पौधें की किस्म एवं प्रकृति का चयन करने हुए पौधें लगाए जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले की समस्त स्कूलों, आंगनवाडी केन्द्रों एवं सड़कों के किनारों पर पौधारोपण किया जाए। उन्होनें आंगनवाडी केन्द्रों पर पोषण वाटिकाओं को विकसित कर उनका संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को औषधिय पौधों के घर-घर वितरण के लिए समस्त व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व उप वन सरंक्षक संजय प्रकाश भादु ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, सहायक वन सरंक्षक दीपक चौधरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-

तीन स्थानों पर और खुलेंगे पशु शिविर, 302 पशुओं का हो सकेगा संरक्षण

 आपदा में मिलेगी राहत


बाड़मेर, 23 जून। जिले की शिव एवं गडरारोड तहसील क्षेत्रों में अभावग्रस्त गांवों में पशुधन के संरक्षण के लिए तीन स्थानों पर और पशुशिविर खोले जाएंगे।
जिला कलक्टर (सहायता) लोक बन्धु ने बताया कि संवत् 2077 में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में लघु एवं सीमान्त कृषकों द्वारा अभाव अवधि के दौरान छोडे गये पशुओं के संरक्षण के लिए शिव तथा गडरारोड तहसील क्षेत्रों में कुल तीन स्थानों पर पशु शिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन पशु शिविरों में 262 बड़े एवं 40 छोटे पशुओं सहित कुल 302 पशुओं का संरक्षण हो सकेगा। उन्होने बताया कि शिव तहसील क्षेत्र में ग्राम भैरूपुरा एवं नेगरड़ा तथा गडरारोड तहसील क्षेत्र में ग्राम पते का पार में पशु शिविर खोले जाने की स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...