बुधवार, 16 फ़रवरी 2022

नया भारत अभियान संकल्पित पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आगाज

आजादी की कीमत समझने और सहेजने की जरूरत

बाड़मेर, 16 फरवरी। बुधवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो जोधपुर की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ‘‘नया भारत संकल्पित भारत सशक्त भारत‘‘ विषय पर तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला कलेक्टर लोकबंधु, उप महानिरीक्षक बीएसएफ विनीत कुमार एवं भारतीय सेना के 17 गार्ड्स के कमांडेंट कर्नल संजय कुमार द्वारा फीता काटकर तथा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। द मॉडर्न स्कूल बाड़मेर के सभागार  मे आयोजित इस प्रदर्शनी में आजादी के नायकों और केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओ की जानकारी प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी के शुभारम्भ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि आज आजादी की कीमत समझने और सहेजने की खासी जरूरत है। जब हम अपने अधिकारों और कर्तव्यों पर जिम्मेदारी से अमल करते हैं, हमारी आजादी तब मुकम्मल होती है। उन्होने कहा कि 16 से 18 फरवरी तक  इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पेनलों व डिजिटल माध्यमों द्वारा बताया जा रहा है। यह कार्यक्रम बाड़मेर की जनता के लिए लाभकारी होगा। प्रदर्शनी का आमजन अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेवे।  
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के साथ-साथ  मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में लगे योजनाओं से संबंधित विभिन्न पैनलों का भी अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक विनीत कुमार ने कहा 1857 से 1947 का समय बहुत संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन आज के दौर में सीमाओं के भीतर भी सजगता की बहुत जरूरत है। कुमार ने युवा पीढ़ी को सजग और जिम्मेदारी से अपना दायित्व  निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि 17 गार्ड्स भारतीय सेना के कमांडेंट कर्नल संजय कुमार ने राष्ट्रीय एकता सांप्रदायिक सद्भावना और स्वतंत्रता सेनानियों की बलिदान पर प्रकाश डालते हुए प्रदर्शनी में डिजिटल माध्यम से सरकार की योजनाओं पर दी जा रही जानकारी को लाभदायक बताया। कर्नल कुमार ने युवाओ को संकल्प से आगे बढ्ने के लिए प्रेरित किया।
मल्टीमीडिया प्रदर्शनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो जोधपुर से क्षेत्रीय प्रचार सहायक के आर सोनी ने प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आजादी का अमृत महोत्सव स्वतंत्रता के नायक एक भारत श्रेष्ठ भारत राजस्थान और आसामी कल्चर कोविड-19 फिट इंडिया गति शक्ति योजना और जलवायु परिवर्तन पर अपने विचार व्यक्त किए। सह आचार्य गणपत सिंह राजपुरोहित ने आजादी की भूली बिसरी कहानियाँ बयान कीं। डॉ प्रेमचंद दीपन ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रदान की। दूसरे सत्र में कमल सिंह राणीगांव, समाजसेवी नरेंद्र तनसुखानी ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए योजनाओं की साक्षिप्त जानकारी प्रदान की। द मॉडर्न स्कूल प्रिन्सिपल नवनीत पचौरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में लेफ्टीनेंट कर्नल अमरजीत एलङ्ग्बाम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहनदान रतनू, सीएमएचओ बाबूलाल विशनोई, आयुक्त नगर परिषद दिलीप पूनिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भीखाराम सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।
कार्यक्रम में स्वागत गीत के साथ असमिया गीत और लोक नृत्य बीहू का आकर्षक प्रदर्शन द मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा किया। पुष्कर प्रदीप एवं जानकी गोस्वामी के दल द्वारा लोक संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान निबंध, पेंटिंग और कबड्डी के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
-0-






जीवन अनमोल है, धैर्य के साथ सकारात्मक सोच रखे - लोक बंधु

 आत्महत्या की रोकथाम के लिए वृहद जन जागरूकता जरूरी

बाड़मेर, 16 फरवरी। आमजन में जागरूकता से ही आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगेगा। आमजन को आत्महत्या की प्रवृति पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे लोगों की पहचान करने के साथ उनको जीवन जीने के लिए प्रेरित करना होगा। सबके समन्वित प्रयासों से हम जिले में ऐसी घटनाओं को रोक पाएंगे। यह बात जिला कलक्टर लोक बंधु ने बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान कही।
भगवान महावीर टाउन हॉल में जिले में बढ़ती आत्महत्याओं की प्रवृति को रोकने हेतु जिला प्रशासन एवं एक्सन एड द्वारा मानसिक स्वास्थ्य विषय पर जिला स्तरीय हितभागी एवं परामर्शदाता प्रशिक्षण के दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि जीवन अनमोल है, धैर्य के साथ सकारात्मक सोच बनाए रखें। उन्होने कहा कि जिले में आत्महत्या की प्रवृति बढती जा रही है, इसके लिए वृहद जन जागरूकता की आवश्यकता है। यह समस्या बहुत बडी है, इसके लिए विभिन्न स्तरों पर काम करना होगा। जब तक आम आदमी इससे नहीं जुडे़गा तब तक यह जन आन्दोलन नहीं बन पाएगा। उन्होने कहा कि इसके लिए दिन प्रतिदिन इसके बारे में जागरूकता लाने के लिए गांव-गांव, ढाणी, परिवार सदस्यों में कोई अवसाद, मानसिक तनाव में है, तथा वह ऐसा काम कर सकता है, उसकी पहचान कर रोकथाम के लिए उपाय किये जा सकते है, नियमित निगरानी रखे तभी यह अभियान सफल होगा।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी मोहनदान रतनू ने अभियान की प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि आत्महत्या घोर अपराध है, आत्महत्या की रोकथाम हेतु जन जन तक जागरूकता पहुंचानी होगी। उन्होने आत्महत्या के कारणों पर प्रकाश डालते हुए सभी के समग्र प्रयासों से लोगों की सोच में बदलाव की आवश्यकता जताई। उन्होने इसके लिए जन प्रतिनिधियों, प्रबुध नागरिकों, अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं को आगे आने का आहवान किया।
कार्यशाला के दौरान अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान जोधपुर से आए डॉ नरेश नेभीनानी, डॉ अखिल दानिश, डॉ नवरत्न सुथार, डॉ तनू गुप्ता, डॉ ईशा कोर एवं बाड़मेर जिला चिकित्सालय के डॉ गिरीश भानिया, डॉ ओ पी डुडी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, एक्सन एड के राज्य समन्वयक सियोन सहित विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं एवं मिडिया के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहें। इस दौरान अनमोल जीवन पर एक लघु फिल्म का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पचौरी द्वारा किया गया।
-0-




गोवंश के संरक्षण एवं सवंर्धन को राज्य सरकार कृत संकल्प-जैन

 राजस्थान गो सेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम का भव्य स्वागत-अभिनन्दन

बाड़मेर, 16 फरवरी। राजस्थान गोसेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष मेवाराम जैन ने कहा कि राज्य सरकार सदैव गौवंश के संरक्षण एवं सवंर्धन के लिए हर समय तत्पर है। उन्होेने कहा कि गोसेवा आयोग गोपालन विभाग के माध्यम से गौशालाओं को समृधिशाली बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देगा।
  राज्य गोसेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद प्रथम बार बाड़मेर आगमन पर जैन का भव्य स्वागत ओर अभिनन्दन किया गया। जैन का जोधपुर से बाड़मेर आगमन पर जगह जगह स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला सीमा से लेकर डोली, अराबा, कल्याणपुर, सरवड़ी, चारलाई, पचपदरा, जसोल, नाकोड़ा, बालोतरा, आसोतरा, खेड़, बायतु में बड़ी संख्या में लोग जैन के स्वागत को तत्पर रहे।
    इस दौरान जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी गौ सेवा के मध्य नजर उन पर यह विश्वास जताया है, जिस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य में गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आयोग सतत प्रयत्नशील रहेगा एवं अकाल के दौरान गोवंश को बचाने में कहीं भी धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
  इस मौके पर जैन ने कहा कि वर्तमान में अकाल के हालात में सरकार पशुधन के सरंक्षण को तत्पर हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं गोशाला संचलको से आहवान किया कि वे पंचायत समिति स्तर पर नन्दी गौशाला संचालन करने के लिए आगे आए। ताकि नन्दी गौशालाओं की स्वीकृति की जा सके। उन्होंने कहा कि पशुधन संरक्षण के लिए राज्य सरकार ने गौशालाओं में छोटे पशुधन के लिए 16 से बढ़ाकर 20 रुपये व बड़े पशुधन के लिए 32 से बढ़ाकर 40 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से अनुदान स्वीकृत किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में गौशालाओं में छह माह से बढ़ाकर 9 माह तक अनुदान करने की प्रक्रिया राज्य स्तर पर प्रक्रियाधीन है।
गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने कहा कि गौशाला संचालकों की मांग को देखते हुए सरकार ने अनुदान प्रक्रिया में सरलीकरण किया गया है, जिससे भी गौशाला संचालको को राहत मिली है।
  उन्होंने गौशाला संचालकों को विश्वास दिलाया कि उनके भूमि आवंटन के मामले में राज्य सरकार प्रशासन से सहयोग करवाकर उनका निस्तारण किया जाएगा। वहीं निरीक्षण के माध्यम से भी किसी प्रकार की तकलीफ नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा की नन्दी गौशालाओं के संचालन के लिए गौशाला शुरू करते ही नौ माह का अनुदान चालू कर दिया जाएगा। उन्हाने गोपालन विभाग की गोपालन विकास योजना का प्रचार प्रसार करने एवं इसका लाभ उठाने का आव्हान किया। उन्होंने बताया कि इस योजना में गौशाला संचालक को टीन सेड निर्माण के लिए 10 लाख रूपये के अनुदान देने का प्रावधान है। इसके लिए गोपालन विभाग में गौशाला का रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है।
गोसेवा आयोग के अध्यक्ष ने गौशाला संचालकों को हर समय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने गौशाला संचालकों को गौमाता की सेवा पूर्ण ईमानदारी के साथ करने का आहवान किया एवं कहा कि वे बधाई के पात्र है कि वे गौधन संरक्षण के लिए कार्य कर रहे है। जैन ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों के सहयोग के लिए सदैव कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अकाल की स्थिति में पूर्व में भी बहुतायत मात्रा में पशु शिविर एवं चारा डिपो खोलकर पशुधन का संरक्षण किया। वहीं गौशालाओं के माध्यम से भी पशुधन का संरक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार भी अनावृष्टि की स्थिति को देखते हुए सरकार हर स्तर पर पशुधन संरक्षण के लिए पूरा सहयोग करेगी एवं इसमें किसी प्रकार की धन की कमी नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि पूर्व के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने गोपालन विभाग का अलग से गठन कर गौशाला संचालकों को तोहफा दिया है। उन्होंने गौशाला संचालकों को विश्वास दिलाया कि उनकी हर स्तर पर गौ सेवा के लिए मदद की जाएगी।
  इस दौरान जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दीपक माली ने भी जैन का स्वागत करते हुए उनकी गौसेवा की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। जैन सभी जगह मन्दिरो में पूजा अर्चना की एवं गौशाला में गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।
-0-







मंगलवार, 15 फ़रवरी 2022

राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष जैन 16 फरवरी को आयेंगे बाड़मेर

जगह जगह होगा स्वागत कार्यक्रम

बाड़मेर, 15 फरवरी। राज्य गो सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष मेवाराम जैन बुधवार को बाड़मेर आएंगे।
   निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जैन 16 फरवरी को सुबह 5 बजे जयपुर से प्रस्थान कर 11 बजे कल्याणपुरा पहुँचेगे, जहाँ पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, गौसेवाअध्यक्ष का स्वागत ,अभिनंदन करेंगे।उसके बाद अध्यक्ष जैन ब्रह्मधाम आसोतरा में ब्रह्मा जी एवम खेतेश्वर महाराज के मंदिर में दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। उसके बाद जसोल राणी भटियाणी मंदिर में पूजा अर्चना ,नाकोड़ा भैरव दरबार में दर्शन पूजन कर बालोतरा होते हुए खेड़ तीर्थ मंदिर में दर्शन करेंगे । उसके बाद बायतु में खेमा बाबा मंदिर में दर्शन पूजन कर कवास ,उत्तरलाई होते हुए बाड़मेर में नंदी गौशाला पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में बाड़मेर वासियों द्वारा गोसेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन का नागरिक अभिनंदन करेंगे। इस दौरान जैन नंदी गौशाला में गौवंश को हरा चारा ,गुड़ खिलाएंगे ।
गौरतलब है कि बाड़मेर से तीसरी बार विधायक बने मेवाराम जैन की गौसेवा में हमेशा से रुचि रही है बाड़मेर शहर में निराश्रित गौवंश के लिए जिला मुख्यालय पर नंदी गौशाला की स्थापना कर इस गौशाला को पुरे प्रदेश में एक आदर्श नंदीगौशाला बनाने को लेकर प्रयासरत है विधायक जैन की गोसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए मुख्यमंत्री महोदय ने प्रदेश में गोसेवा का महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी सौपी है।
-0-

जन्म-मृत्यु का शत-प्रतिशत पंजीकरण आवश्यक

बाड़मेर, 15 फरवरी। मंगलवार को सिविल रजिस्ट्रेशन प्रणाली के तहत पंचायत समिति सिणधरी के सभागार में ब्लॉक स्तरीय जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रशिक्षण आयोजित हुआ।

इस दौरान अतिरिक्त जिला रजिस्ट्रार एवं विकास अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि बच्चे के जीवन की शुरूआत उसके जन्म के साथ ही होती है। जन्म प्रमाण-पत्र बच्चे का कानूनी दस्तावेज है। उन्होने बताया कि जन्म-मृत्यु का शत पंजीकरण आवश्यक है। उन्होने ई-मित्र एवं आमजन से प्राप्त आवेदन का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर कैलाश कुमार ओझा द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1969 एवं राजस्थान जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियम, 2000 की बारीकी से जानकारी की गई। साथ ही पहचान पोर्टल से सम्बधी तकनीकी जानकारी दी गई। इस दौरान बकाया ई-साईन प्रकरण निस्तारण हेतु चर्चा की गई।
ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी धनराज ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजना की क्रियान्वति में एवं राज्य की जनसंख्या की सटीक जानकारी हेतु सभी घटनाओं का पंजीकरण होना आवश्यक है। उक्त प्रशिक्षण में सिणधरी ब्लॉक के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, समस्त ग्राम पंचायत के रजिस्ट्रार, आशा सहयोगिनी, कार्यकर्ता समेत जन्म-मृत्यु से जुडे़ कार्मिक उपस्थित रहें।
-0-




राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता मेरा मत, मेरा भविष्य पर होगी प्रतियोगिताएं

बाड़मेर, 15 फरवरी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 12 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया गया है, जिसका मुख्य लक्ष्य युवाओं की प्रतिभाओं का उपयोग करते हुए भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाना है। प्रतियोगिता की अवधि 25 जनवरी, 2022 से 15 मार्च, 2022 निर्धारित की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु ने बताया कि प्रत्येक वोट की महत्ता को संरचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से दर्शाने के लिए मेरा मत, मेरा भविष्य- एक मत की ताकत थीम के साथ प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया गया है।  
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता मंें प्रत्येक आयुवर्ग के भारतीय नागरिक आयोग की वेबसाईट  ecisveep.nic.in/contest पर जाकर अपने यूनिक मोबाईल नम्बर के साथ रजिस्टेªशन कर सकते है। उन्होने बताया कि प्रतियोगिता के अन्तर्गत क्वीज प्रतियोगिता, विडियो सन्देश निर्माण प्रतियोगिता, ऑडियो सन्देश निर्माण प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं स्लोगन निर्माण प्रतियोगिताओं का ऑनलाईन मोड से आयोजन किया जाएगा, जिसके संबंध में विस्तृत जानकारी मय विडियों क्लीप आयोग की वेबसाईट पर उपलब्ध है। इस प्रतियोगिता के तहत आयोग द्वारा प्रतिभागियों को नकद उपहार, ईसीआई मर्चेन्डाइज एवं ई सर्टिफिकेट जैसे प्रोत्साहन पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
-0-

मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला 16 फरवरी को

बाड़मेर, 15 फरवरी। मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन बुधवार 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल में किया जाएगा।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में बढ़ती हुई आत्महत्याओं की प्रवृति को रोकने हेतु जिला प्रशासन एवं एक्सन एड यूनिसेफ द्वारा अनमोल जीवन अभियान मानसिक तनाव से जीवन की राह पर माह अक्टूबर, 2021 से लगातार अभियान क्रियान्वित किया जा रहा है, इसी क्रम में परामर्शदाताओं, पुलिस नोडल अधिकारी, मिडिया एवं स्वयं सेवी सेस्थाओं के लिए बुधवार 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे स्थानीय भगवान महावीर टाउन हॉल में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें अधिकारियों, नोडल अधिकारियों, विशेषज्ञों, चिकित्सकों, परामर्श दाताओं को आमन्त्रित किया गया है।
-0-

दुर्घटना पीड़ितों को 8 लाख 40 हजार की आर्थिक सहायता

 मुख्यमंत्री सहायता कोष

बाड़मेर, 15 फरवरी। जिले में विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने अथवा घायल हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 10 व्यक्तियों को कुल आठ लाख चालीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों में फैक्ट्री में काम करते अकस्मात पत्थर गिरने से तथा सड़क दुर्घटनाओं में 08 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये तथा दो व्यक्तियों के सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने से उन्हें बीस-बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से स्वीकृत कीे गई है।
-0-

सोमवार, 14 फ़रवरी 2022

मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला बुधवार को

बाड़मेर, 14 फरवरी। मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन बुधवार 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल में किया जाएगा।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में बढ़ती हुई आत्महत्याओं की प्रवृति को रोकने हेतु जिला प्रशासन एवं एक्सन एड यूनिसेफ द्वारा अनमोल जीवन अभियान मानसिक तनाव से जीवन की राह पर माह अक्टूबर, 2021 से लगातार अभियान क्रियान्वित कियो जा रहा है, इसी क्रम में परामर्शदाताओं, पुलिस नोडल अधिकारी, मिडिया एवं स्वयं सेवी सेस्थाओं के लिए बुधवार 16 फरवरी को प्रातः 11 बजे स्थानीय भगवान महावीर टाउन हॉल में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें अधिकारियों, नोडल अधिकारियों, विशेषज्ञों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं को आमन्त्रित किया गया है।
-0-

ग्राहक जागरूकता को वित्तीय साक्षरता सप्ताह प्रारम्भ

बाड़मेर, 14 फरवरी। भारतीय रिजर्व बैंक 14 से 18 फरवरी के दौरान देश भर में वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2022 आयोजित कर रहा है, जिसका विषय “डिजिटल चुनो, सुरक्षा के साथ” ¼GO DIGITAL GO SECURE½ है, जो वित्तीय शिक्षा के लिए राष्ट्रीय रणनीति 2020-2025 के उदेश्यों में से एक है। यह एक अखिल भारतीय जागरूकता कार्यक्रम है, जिसका उदेश्य डिजिटल लेन देन की सुविधा, डिजिटल लेन देन की सुरक्षा और ग्राहको की सुरक्षा जैसे विषयों के बारे में जागरूकता पैदा करना है। वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन हर वर्ष देश भर में बैंकों और जनता के बीच सम्पर्क बनाने और वित्तीय साक्षरता के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए किया जाता है।

जिला अगर्णी बैंक प्रबन्धक गिरधारी लाल ने बताया कि वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2022 का उद्घाटन राजस्थान में सोमवार को जयपुर में सुश्री लमनेईचोंग चोंगलोई, महाप्रबन्धक एवं कार्यालय प्रभारी, भारतीय रिजर्व बैंक जयपुर द्वारा किया गया। इसी कड़ी में बाड़मेर जिले में भी जनता को डिजिटल चुनो सुरक्षा के साथ ¼GO DIGITAL GO SECURE½ वित्तीय साक्षरता के बारे प्रतिदिन कैम्प आयोजित कर जनता को जागरूक किया जाएगा तथा सोमवार को राजकीय महाविधालय शिव, राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय शिव एवं महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विधालय शिव में केम्प आयोजित कर विध्यार्थियों को डिजिटल चुनो, सुरक्षा के साथ के बारे मै जागरूक किया गया।
-0-

पॉलिटेक्निक डिप्लोमा की वरियता सूची जारी

बाड़मेर, 14 फरवरी। राजस्थान में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा इंजीनियरिंग को संचालित करने वाले प्राविधिक शिक्षा मंडल, राजस्थान, जोधपुर ने मई 2021 में आयोजित डिप्लोमा इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष परीक्षा के परिणाम पश्चात वरीयता सूची जारी कर दी है। प्राविधिक शिक्षा मंडल से सम्बद्ध करीब 44 राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय एवं करीब 83 निजी पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में डिप्लोमा प्रदान किया जाता है। वर्ष 2020-21 के परिणामों में बोर्ड द्वारा विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं मे जारी राज्य स्तरीय वरीयता सूची में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बाड़मेर की मैकेनिकल एवं केमिकल इंजीनियरिंग शाखाओं के विद्यार्थियों ने अपना स्थान बनाने मे सफलता हासिल की।

राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि मैकेनिकल इंजीनियरिंग मे छात्र हरखाराम ने पूरे राजस्थान मे छठी वरीयता हासिल की तथा केमिकल इंजीनियरिंग में 3 विद्यार्थी टॉप 10 में अपना स्थान बनाने मे कामयाब रहे जिसमें देवेश सैनी ने प्रथम स्थान हासिल किया जबकि अंकुश सोनी तृतीय स्थान पर तथा अजय कुमार शर्मा पांचवे स्थान पर रहे है। महाविद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में खुशी की लहर है। विभागाध्यक्ष मैकेनिकल संजय शर्मा ने बताया कि पूरे राजस्थान मे विद्यार्थियों द्वारा वरीयता सूची में सफलता हासिल करना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बाड़मेर के लिए गौरव की बात है। विभागाध्यक्ष केमिकल शैलेंद्र सैनी ने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत एवं लगन से हर परीक्षा मे इसी तरह मेहनत करते रहने की शुभकामना दी। इस परिणाम पर संस्थान के प्राचार्य अंशु सहगल ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यालयाध्यक्ष कमल पँवार ने भी बधाई देते हुये सभी विद्यार्थियों को भविष्य मे ज्यादा से ज्यादा मेहनत कर मेरिट मे आने के लिए प्रोत्साहित किया।
-0-

केन्द्रीय अध्ययन दल गुरुवार को सूखा प्रभावित इलाकों का जायजा लेगा

बाड़मेर, 14 फरवरी। अंतर मंत्रालयिक केन्द्रीय अध्यययन दल गुरूवार 17 फरवरी को बाड़मेर प्रवास के दौरान सूखे से प्रभावित इलाकों का दौरा कर सूखे की स्थिति का जायजा लेगा।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि सूखे से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव रितेश चौहान के नेतृत्व में केन्द्रीय अध्ययन दल बुधवार 16 फरवरी को सायं 5 बजे जैसलमेर से प्रस्थान कर बाड़मेर पहुंचेगा। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के पश्चात् गुरूवार 17 फरवरी को जिला मुख्यालय पर कांफ्रेन्स हॉल में प्रातः 9 बजे केन्द्रीय अध्ययन दल के साथ जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाकर सूखे की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित सम्पूर्ण सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है। उन्होने बताया कि इसके पश्चात् केन्द्रीय अध्ययन दल जिले के अभावग्रस्त गावों का दौरा कर सूखे की स्थिति का जायजा लेगा।
उन्होने बताया कि केन्द्रीय अध्ययन दल 17 फरवरी को जिले के अभावग्रस्त गावों का दौरा करने के बाद सायं 5 बजे जोधपुर के लिए प्रस्थान करेगा।
-0-

अवैध बजरी खनन पर होगी प्रभावी कार्यवाही

बाड़मेर,14 फरवरी। जिले में अवैध खनन सहित बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण की रोकथाम के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु ने अधिकारियों को मुश्तैदी से कार्य करने के साथ इसकी पुख्ता रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने इस कार्य के लिए गठित एस आई टी की बैठक में कहा कि जिले में खनिज बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण की रोकथाम हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में सतत् निगरानी रखकर इसकी धडपकड की कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि राजकीय कर्मियों पर हमले जैसी कार्यवाही होने पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध खनन होने पर खनन विभाग के साथ साथ राजस्व प्रशासन भी अपनी कार्यवाही अमल में लाए।
इस अवसर पर खान एवं भू विज्ञान विभाग के खनि अभियन्ता भगवानसिंह ने बताया कि जिले मे खनिज विभाग, एसआईटी मय आरएसी द्वारा खनिज बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर जुर्माना लगाया जाता है तथा समय समय पर आकस्मिक चौकिंग एवं छापामारी कर अवैध खनन करने वाले के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, सहायक वन सरंक्षक दीपक चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-

संभागीय आयुक्त ने की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा

पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाए-शर्मा

बाड़मेर, 14 फरवरी। संभागीय आयुक्त एवं जिले के प्रभारी सचिव डॉ.राजेश शर्मा ने राज्य सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं फ्लैगशिप योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए है।
    वह सोमवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवाओं तथा योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने जिले में कोरोना वैक्सीनेशन कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकतम डबल डोज टीकाकरण के निर्देश दिए।
  शर्मा ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में वंचित रहे लोगो का पंजीयन करवाने के निर्देश दिए है। उन्होने जिले की चिकित्सा इकाइयों में निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होनें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की तथा कोरोना पीड़ित परिवारो को एसडीआरएफ से सहायता राशि के वितरण की बकाया प्रकरणों की जानकारी ली।
   सम्भागीय आयुक्त ने पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा आदि सर्विस डिलीवरी की समीक्षा की एवं इनसे समन्धित प्रोजेक्ट कार्यो में भी गुणवता के साथ समझौता नहीं करने को कहा। उन्होने निर्देश दिए कि अधिकारी जन सेवाओं की प्रदायगी के लिए धरातल पर अधिक कार्य करें।
  जिले के प्रभावी सचिव ने आने वाली गर्मियों में पानी, बिजली एवं पशु चारे के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने समर कंटीजेंसी प्लान में आगामी आवश्यकताओ एवं संशाधनों के मद्देनजर विस्तृत कार्यों एवं औपचारिकताओ को समय पर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मानव के साथ ही पशुधन के लिए पेयजल एवं चारे पानी को प्रबंधन की अभी से पूरी तैयारी करने को कहा।
उन्होंने अधूरे प्रोजेक्ट के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्कॉम को पेयजल स्रोतों पर नियमित रूप से बिजली आपूर्ति करने तथा नए विकसित स्रोतों पर त्वरित गति से विद्युत कनेक्शन मुहैया कराने को कहा। उन्होंने बजट घोषणाओं को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों से सतत् समन्वय कायम रखने की हिदायत दी।
  इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में पब्लिक सर्विस डिलीवरी की जानकारी दी एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति तथा बजट घोषणाओं की पालना से अवगत कराया।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने जिला परिषद की योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
    इसके पश्चात सम्भागीय आयुक्त ने बाड़मेर तहसील एवं पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण एवं पंचायत समिति कल्याणपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उक्त संस्थानो के काम काज तथा बकाया प्रकरणों की समीक्षा की।
-0-







शनिवार, 12 फ़रवरी 2022

जिला कलेक्टर ने किया पुलिस थानों का निरीक्षण

 आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय रखे कायम

बाड़मेर, 12 फरवरी। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर स्थित पुलिस थाना सदर तथा पुलिस थाना बाड़मेर ग्रामीण का औचक निरीक्षण किया।
   इस दौरान जिला कलेक्टर ने थाना में बनाए गए स्वागत कक्ष का निरीक्षण किया एवं थानो में सीसी कैमरे लगाने की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने थानो में पुरुष बन्दी गृह, महिला बंदी गृह मालखाना एवं पुलिस बैरकों का निरीक्षण कर बुनियादी सुविधाओं की पड़ताल की।
   इस मौके पर कलेक्टर बन्धु ने कहा की थाने में आने वाले हर परिवादी के साथ के पुलिस सदभावपूर्ण व्यवहार करें। साथ ही प्रत्येक परिवादी को उसकी परिवाद की प्राप्ति रशीद देना सुनिश्चित करे। जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस को आमजन में विश्वास कायम करते हुए अपराधियों में भय कायम करने को कहा। उन्होंने थाना परीक्षेत्र के सभी हथियार लाइसेंसधारकों के लाइसेंस की नियमित जांच करने एवं क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों पर सूक्ष्म निगाह रखने को कहा। 
   जिला कलेक्टर ने अपराधों की रोकथाम को पुलिस से सतर्क रहते हुए निरोधात्मक उपाय करने एवं अपने खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ हाईवे पर स्थित ढाबों की नियमित जांच करने के निर्देश दिये। साथ ही नियमित पेट्रोलिंग करने, रात्रि गश्त की हिदायत देते हुए पुलिस नाको की लोकेशन नियमित अंतराल के बाद बदलने को कहा।
   उन्होंने थानाधिकारी को अपने सम्बंधित उपखंड मजिस्ट्रेट से सतत सवांद रखने, पुलिस मित्रों का सहयोग लेने एवं सीएलजी की बैठकों को नियमित रूप से करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी अनिल कुमार, पर्बत सिंह तथा जिला कार्यलय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी आम्बा राम बोसिया मौजूद रहे।
-0-






शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2022

राजस्थान साइंस लिटरेचर फेस्टिवल का समापन

 बाड़मेर, 11 फरवरी। विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार के बाड़मेर जिले के कार्यक्रमों का समापन राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में हुआ। राजस्थान साइंस लिटरेचर फेस्टिवल के तीसरे एवं समापन  दिवस पर  विज्ञान के क्षेत्र मे नवाचार संवर्धन विषय पर ऑनलाइन व्याख्यान हुए, जिसमे राज्य के विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थीयों ने नए-नए प्रोजेक्ट, मॉडल्स, आइडिया आदि का ऑनलाइन प्रदर्शन किया।

      अंतिम सत्र मे भारत के वर्तमान परिदृश्य में विज्ञान का अध्यात्म, भाषा, संस्कृति एवं साहित्य के साथ संबंध विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमे प्रथम स्थान पर इंजिनियरिंग महाविद्यालय के पेट्रोलियम संकाय के कृष्णकांत बंसल, द्वितीय स्थान पर इंजिनियरिंग महाविद्यालय के दीक्षित कुमार एवं तृतीय स्थान पर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के केमिकल अंतिम वर्ष के विद्यार्थी चेतन्य शर्मा रहे।
      पुरस्कार वितरण कार्यक्रम मे विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से विजेताओ को स्मृति-चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। संस्थान के कार्यालयाध्यक्ष कमल पँवार ने विजेताओ को बधाई दी। साथ ही सभी प्रतिभागीयों को भविष्य मे ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताओं मे भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष मैकेनिकल संजय शर्मा ने इंजीनियरिंग महाविद्यालय एवं पॉलिटेक्निक महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के तकनीकी एवं व्यवहारिक गुणों में वृद्धि हेतु भविष्य में भी ऐसे तकनीकी सत्र आयोजित करने पर बल दिया। इस अवसर पर संस्थान के प्रवक्तागण सूर्य प्रकाश, ममता चौधरी, अमृत लाल जांगिड़, पुरुषोतम जांगिड़, प्रियंका मीना आदि उपस्थित रहे। समन्वयक  प्रशांत जोशी एवं  सह समन्वयक वासु देव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन सत्र के कार्यक्रम का संचालन रोशनलाल जैन ने किया।
-0-



जैव विविधता के संरक्षण को तकनीकी सहायता समूह का गठन

 बाड़मेर, 11 फरवरी। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तर पर तकनीकी सहायता समूह का गठन किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा एक आदेश जारी कर जिला स्तर पर तकनीकी सहायता समूह का गठन किया गया है। समिति में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बाड़मेर, उप निदेशक कृषि विस्तार बाड़मेर, सहायक निदेशक उद्यान विभाग बाडमेर, जिला आयुर्वेद अधिकारी बाडद्वमेर, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग बाड़मेर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बाड़मेर, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक/प्रारंभिक शिक्षा बाडमेर एवं कृषि विज्ञान अधिकारी, अनुसंधान केन्द्र दांता बाडमेर सदस्य होंगे। वहीं उप वन संरक्षक बाडमेर सदस्य सचिव होंगे।
आदेशानुसार तकनीकी सहायता समूह जैव विविधता प्रबन्ध समितियों के गठन एवं संचालन, जैव विविधता को लेखबद्ध कर लोक जैव विविधता पंजिका तैयार कराने, जैव विविधता एवं विरासतीय स्थलों के प्रबन्धन आदि में सहयोग करेगा।
-0-

आदान अनुदान राशि वितरण बैंक खाता जन आधार कार्ड से लिंक करवाना आवश्यक

 बाड़मेर, 11 फरवरी। आदान अनुदान राशि का भुगतान समय पर हो सके, इसके लिए प्रत्येक काश्तकार  का आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या जन आधार कार्ड से लिंक करवाया जाना आवश्यक है।

तहसीलदार गडरारोड़ मीठालाल मीणा ने तहसील गडरारोड़ के समस्त काश्तकारों को सूचित किया है कि इस वर्ष खरीफ संवत् 2078 में तहसील के समस्त राजस्व ग्राम अकालग्रस्त है। सरकार की तरफ से वे समस्त काश्तकार जिनकी फसले खराब हुई है, को आदान-अनुदान राशि वितरीत की जानी है। उन्होने आदान अनुदान राशि का भुगतान समय पर हो सके इसके लिए सभी काश्तकारों को आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या जन आधार कार्ड से लिंक करवाने, आधार नम्बर संबंधित हल्का पटवारी को सम्पर्क किये जाने पर उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया है। उन्होने बताया कि काश्तकार आदान अनुदान की सूचियों के बारे में हल्का पटवारी से जानकारी प्राप्त कर सकता है। यदि काश्तकार निर्धारित समय तक राजस्व कार्मिक को वांछित दस्तावेज उपलब्घ नहीं करवाता है तो उसे आदान-अनुदान का भुगतान नहीं किया जा सकेगा।
-0-

अतिथि अनुदेशक 21 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे

बाड़मेर, 11 फरवरी। आईटीआई बाडमेर में विभिन्न व्यवसायों में रिक्त पदों के विरूद्ध अतिथि अनुदेशक योजनान्तर्गत प्रशिक्षण देने के लिये विद्युतकार, फीटर, कार्याशाला गणना एवं विज्ञान, इंजिनियरिंग ड्राईंग में अनुदेशकों के पैनल तैयार करने हेतु 21 फरवरी, 2022 को दोपहर 12 बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए है।

प्राचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुरेश चौधरी ने बताया कि अनुदेशकों के पैनल तैयार करने हेतु निर्धारित विभागीय तकनीकी योग्यता के साथ साथ कार्यानुभव रखने वाले अभ्यार्थी से आवेदन पत्र आमन्त्रित किए गए है। सेवानिवृत तकनीकी कार्मिक जो निर्धारित योग्यता रखते है उन्हें पैनल तैयार करने में प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक आवेदनकर्ता जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष हो आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, दसवी अंकतालिका, डिग्री/डिप्लोमा, संबंधित व्यवसाय में एनसीवीटी योजना से आईटीआई एवं सीटीआई उतीर्ण सहित आवश्यक एक, दो एवं तीन वर्षीय कार्यानुभव सहित पासपोर्ट साईज फोटो एवं बैंक पास बुक की प्रति संलग्न कर 21 फरवरी तक आवेदन कर सकते है। उन्होने बताया कि पैनल तैयार करने हेतु मूल दस्तावेजों की जॉच एवं साक्षात्कार 25 फरवरी को प्रातः 11 बजे संस्थान परिसर में रखा जाएगा। पैनल में चयनित अतिथि अनुदेशक संस्थान में नियमित अनुदेशकों की नियुक्ति, सत्र अवधि अथवा कालाश लिए जाने तक रोटेशन पद्धति से कार्य कर सकेंगे। इस कार्य हेतु नियमानुसार मानदेय दिया जाएगा।
-0-

जीरा फसल में झुलसा एवं छाछ्या रोग नियंत्रण उपाय की सलाह

 बाड़मेर, 11 फरवरी। जिले में गत दिनों बादल छाये रहने के कारण कुछ स्थानों पर जीरा फसल में प्रकोप प्रारम्भ हो गया है।

उप निदेशक कृषि (वि.) वीरेन्द्रसिंह सोलंकी ने कृषकों को सलाह दी है कि समय पर इसकी रोकथाम करें अन्यथा नुकसान होने की संभावना है।
झुलसा के लक्षण-
उन्होने बताया कि फसल में फूल आना शुरू होने के बाद अगर आकाश में बादल छाये रहें तो इस रोक का लगना निश्चिय हो जाता है। रोग में पौधों की पत्तियों एवं तनों पर गहरे भूरे रंग के धब्बे पड़ जाते है तथा पौधों के सिरे झुके हुए नजर आने लगते है। यह रोग इतनी तेजी से फैलता है कि रोग के लक्षण दिखाई देते ही यदि नियंत्रण न किया जाये तो फसल को नुकसान से बचाना मुश्किल होता है।
रोग नियंत्रण
झुलसा के नियंत्रण हेतु बुलाई के 30-35 दिन बाद फसल पर दो ग्राम थायोफनेट मिथाइल 70 डब्ल्यू.पी. या मैन्कोजेब 75 डब्ल्यू.पी. या जाइरम प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़के। आवश्यकतानुसार यह छिड़काव 10 से 15 दिन बाद दोहरायें।
छाछ्या एवं झुलसा रोगों के एक साथ नियंत्रण हेतु जाइनेब 68 प्रतिशत $ हैक्जाकोनाजोल 4 प्रतिशत का 2 ग्राम प्रति लीटर या मेटिराम 55 प्रतिशत $ पाइराक्लोस्ट्रोबिन 5 प्रतिशत या 3.5 ग्राम प्रति लीटर या पाइराक्लोस्ट्रोबिन 13.3 प्रतिशत $ इपोक्सीकोनाजोल 5 प्रतिशत या 1.5 एम.एल. प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करेें। आवश्यकतानुसार 15 दिन के अन्तराल पर छिड़काव दोहरायें।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...