मंगलवार, 24 अगस्त 2021

आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब बरामद कर अभियुक्त को किया गिरफ्तार

 बाड़मेर, 24 अगस्त। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण एवं उत्पादन की रोकथाम हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को पचपदरा तहसील के निवाई गांव में 12 प्लास्टिक जरीकनों में 720 लीटर अवैध स्प्रिट, 10 कार्टूनों में 480 पव्वे व्हिस्की, 142 पव्वे देशी मदिरा बरामद कर अभियुक्त जालमसिंह को गिरफ्तार किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी देवेन्द्र दशोरा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को आबकारी वृत बालोतरा के आबकारी निरीक्षक भंवरलाल द्वारा उक्त अवैध शराब बरामद कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। उन्होने बताया कि अभियुक्त के विरूद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 16/54 व 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उक्त कार्यवाही में सिपाही चौखाराम, बागाराम मय आबकारी जाप्ता बालोतरा शामिल रहे।
-0-

डिस्ट्रीक्ट डिजिटल रिपोजिटरी एवं कार्ययोजना हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त

 आजादी का अमृत महोत्सव

बाड़मेर, 24 अगस्त। आजादी का अमृम महोत्सव आयोजन के संबंध में डिस्ट्रीक्ट डिजिटल रिपोजिटरी (डीडीआर) एवं कार्ययोजना तैयार करने हेतु जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि भारत की स्वतन्त्रता की 75 वीं वर्षगाठ के अवसर पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ का आयोजन अगस्त, 2023 तक किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत डिस्ट्रीक्ट डिजिटल रिपोजिटरी (डीडीआर) उपलब्धियों एवं उत्तम दर्जे के प्रदर्शन, जिसमें क्षेत्रीय नेताओं द्वारा दिखाया गया साहस एवं उनके द्वारा भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम में दिये गये योगदान को समावेशित किया जाएगा। जिले में उक्तानुसार कार्ययोजना तैयार की जानी है जिसके लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
-0-

विकास योजनाओ की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करें - चौधरी

 केंद्रीय कृषि मंत्री ने की केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर जिले का एक भी किसान पीएम सम्मान निधि से वंचित नहीं रहे
बाड़मेर, 24 अगस्त। भारत सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करते हुए आमजन को लाभांवित करवाया जाए। इसमें किसी तरह की कौताही नहीं बरती जाए। केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित डिस्ट्रिक डेवलपमेंट कोर्डिनेशन एंड मोनेटरिंग कमेटी (दिशा) की बैठक के दौरान यह बात कही।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान में कोरोना काल मे आम आदमी और अर्थव्यवस्था कोविड से आहत हैं, ऐसे में सभी को राहत पहुंचाने को सरकारी तंत्र सवेदनशील होकर कार्य करें। ऐसे में सभी सरकारों की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को राहत पहुंचाकर सामान्य जीवन को पटरी पर लाना हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जिले में प्रवासियों को मनरेगा में बड़ी संख्या में रोजगार मिला है। यह खुशी की बात है, इस योजना की और बेहतर मोनिटरिंग की जाए, क्योंकि आगामी समय मे भी इससे ही सर्वाधिक रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सभी योजनाओं में वरीयता से लोगों की रोजगार दिलाया जाए।
केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार समेत केंद्र प्रवर्तित करीब 20 से अधिक विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि देश के इस सीमावर्ती जिले में आमजन के विकास तथा बुनियादी सुविधाओं के लिए भारत सरकार बड़ी राशि खर्च कर रही है। इससे आमजन को लाभांवित करवाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए एवं वंचित घरों को बिजली कनेक्शन देने को अलग से प्रोजेक्ट बनाए। मनरेगा में रोजगार के लिए प्रवासियों को प्राथमिकता देने को कहा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2018 का बकाया क्लेम दिलाने के लिए त्वरित कार्यवाही करने को कहा। उन्होनें कहा कि चालू खरीफ़ की फसल बुवाई के बाद बारिश के अभाव में खराब होने पर क्लेम के लिए सर्वे कराया जाए। उन्होने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में बाड़मेर जिले के प्रत्येक किसान को लाभांवित करवाने के लिए कहा।
चौधरी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न विकास योजनाओ की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारयो को इनकी माइक्रो मोनिटरिंग करने को कहा।
इस मौके पर विधायक हमीरसिंह भायल ने सिवाना क्षेत्र में पेयजल की समस्या के समाधान की बात कही। वहीं पूर्व मंत्री अमरा राम चौधरी, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़क के बारे में बताया।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उनकी प्रक्रिया से अवगत कराया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने विकास योजनाओ की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में प्रधान, समिति के मनोनीत सदस्यो के अलावा अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-






शनिवार, 21 अगस्त 2021

रिफाइनरी के कार्यों को मिलेगी गति, जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 बाड़मेर, 21 अगस्त। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

  जिला कलेक्टर लोक बंधु शनिवार को दोपहर पश्चात पचपदरा में निर्माणाधीन  एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी पहुंचे। उन्होंने यहां पर चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा विस्तार से इन पर चर्चा की। उन्होंने समयबद्ध रूप से प्रत्येक कार्य को उसके निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा ताकि रिफाइनरी तय समय पर चालू हो सके। 
  निरीक्षण के बाद जिला कलेक्टर ने रिफाइनरी के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे प्रोजेक्ट पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परस्पर विभागीय समन्वय एवं लंबित मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने बताया की यह रिफाइनरी माननीय मुख्यमंत्री का स्वर्णिम सपना है एवं यह प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने कानून व्यवस्था पर जानकरी ली।
   बाद में जिला कलेक्टर ने कल्याणपुर उप तहसील का निरीक्षण किया एवं राजस्व कार्यो को समय पर पूर्ण करने की हिदायत दी। उन्होंने बकाया राजस्व मामलों को त्वरित गति देकर काश्तकारों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
    जिला मुख्यालय से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल को जिला कलेक्टर ने  चिकित्सा संस्थानो का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अराबा एवं उपस्वास्थ्य केंद्र डोली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुफ्त दवा एवं जांच योजना तथा दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
-0-








शुक्रवार, 20 अगस्त 2021

मुख्यमंत्री ने ‘‘राजस्थान इनोवेषन विजन‘‘ राजीव-2021 में किया संवाद

बाड़मेर, 20 अगस्त। सदभावना दिवस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी के पोर्टल एप के तहत ‘‘राजस्थान इनोवेषन विजन‘‘ वर्चुअल कार्यक्रम के तहत संवाद किया गया।

  जिला मुख्यालय पर सूचना तकनीकी से सुशासन राजस्थान इनोवेषन विजन‘‘ राजीव 2021 कार्यक्रम के दौरान जिला वीसी कक्ष में जिला कलक्टर लोक बंधु, विधायक मेवाराम जैन, उपनिदेषक सूचना एवं प्रौद्योगिकी मोहन कुमार सिंह चौधरी उपस्थित रहे।
  इस वर्चुअल कार्यक्रम का जिले की समस्त ग्राम पंचायतों व पंचायत समितियों में ई-प्लस मशीन से सीधा प्रसारण हुआ। इस कार्यक्रम से ग्राम पंचायत व पंचायत समिति में जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन भी जुड़े।
-0-





जिला कलेक्टर ने किया एसडीएम ऑफिस का निरीक्षण बकाया राजस्व मामलो के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

बाड़मेर, 20 अगस्त। जिले के बायतु उपखंड कार्यालय का शुक्रवार को जिला कलेक्टर लोक बंधु ने निरीक्षण कर बकाया राजस्व मामलो का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर लोक बंधु शुक्रवार दोपहर पश्चात बायतु पहुंचे। उन्होंने सर्व प्रथम उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया एवं बाद में तहसील एवं पंचायत समिति कार्यालय पहुंच वहां की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

  इस दौरान जिला कलेक्टर ने उपखंड कार्यालय एवं तहसील कार्यालय में बकाया राजस्व मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए ताकि पक्षकारों को राहत मिल सके। उन्होंने आगामी प्रशासन गांव के संग अभियान की पूर्व तैयारियां करने को कहा ताकि अभियान के दौरान लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने पंचायत समिति कार्यालय में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग की समीक्षा की। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओ के सर्वे के दौरान पात्र सभी परिवारों को 15 दिन में योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में त्वरित प्रगति की हिदायत दी ताकि सबको आवास का सपना साकार हो सके।
इस दौरान उपखंड अधिकारी जगदीश आशिया, विकास अधिकारी अमित चौधरी तथा तहसीलदार सज्जन चौधरी भी साथ रहे।
-0-







गुरुवार, 19 अगस्त 2021

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित निगम योजनान्तर्गत वितरित ऋण में छूट

20 से 40 प्रतिशत राशि जमा करवा ले सकते है योजना का लाभ

बाड़मेर, 19 अगस्त। अल्पसंख्यक वित एवं विकास सहकारी निगम लि. द्वारा राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित निगम की योजनाओं में 31 मार्च 2014 तक स्वीकृत किये गए ऋण प्रकरणों में वितरण की गई राशि का 20 से 40 प्रतिशत जमा करवाकर शेष बकाया मूलधन, बकाया समस्त दण्डनीय ब्याज से छूट का लाभ लिया जा सकता है।
तीन चरणों में मिलेगा लाभ
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान मापूरी ने बताया कि पात्र आवेदक को 30 नवम्बर 2021 तक स्वीकृत ऋण प्रकरण में वितरित राशि का 20 प्रतिशत, 1 दिसम्बर 2021 तक 30 प्रतिशत तथा 1 फरवरी से 31 मार्च तक 40 प्रतिशत राशि जमा करवानी होगी।
प्रथम चरण में आवेदन पर मात्र 20 प्रतिशत राशि का करना होगा भुगतान
उन्होनें बताया कि जिले में 31 मार्च 2014 तक ऋण प्रकरणों में जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कार्यालय के समस्त ऋण बकायादार प्रथम चरण में 30 नवम्बर 2021 तक आवेदन प्रस्तुत कर योजनान्तर्गत अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकते है।
मृत ऋणी की बकाया राशि होगी माफ, वारिश करें आवेदन
उन्होनें बताया कि 31 मार्च 2014 तक स्वीकृत हुए सभी प्रकार के ऋण प्रकरणों में यदि किसी ऋणी की मौत हो गई है और उनके वारिसों के पास आजीविका के पर्यापत साधन नहीं हो, जिससे लोन नहीं भर पा रहे हो तो उनकी भी समस्त बकाया राशि माफ होगी। इसके लिए मृत ऋणी के वारिश को कार्यालय में आवेदन करना होगा। विस्तृत जानकारी के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कार्यालय बाड़मेर में 02982-225786 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

मुख्यमंत्री सहायता कोष विभिन्न दुर्घटनाओं के पीड़ितों को कुल 20 लाख की आर्थिक सहायता

बाड़मेर, 19 अगस्त। विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु अथवा घायल हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 22 व्यक्तियों को कुल 20 लाख 40 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों के विभिन्न दुर्घटनाओं में 20 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये तथा सड़क दुर्घटना में घायल 2 व्यक्तियों को 20-20 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से स्वीकृत कीे गई है।
-0-

डेयरी बूथ आवंटन के लिए लॉटरी सोमवार को

बाड़मेर, 19 अगस्त। जिले में सरस डेयरी बूथ आवंटन हेतु डेयरी बूथ आवंटन समिति द्वारा 23 अगस्त को सायं 4 बजे महावीर टाउन हॉल में लॉटरी निकाली जाएगी।

नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में राज्य में 5000 नये सरस डेयरी बूथ स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड बाड़मेर द्वारा डेयरी बूथ स्थापित करने हेतु आवेदन आमन्त्रित किए गए थे। उन्होने बताया कि बाड़मेर शहर में 19 स्थानों हेतु आवेदन पत्र प्राप्त हुए है, जिनमें एक से अधिक आवेदन वाले स्थानों पर सरस बूथ आवंटन के लिए 23 अगस्त को सायं 4 बजे स्थानीय भगवान महावीर टाउन हॉल में लॉटरी निकाली जाएगी। उन्होने बताया कि लॉटरी का आयोजन उपस्थित आवेदकों के समक्ष किया जाएगा।
-0-

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग सदस्य पारधी 24 को बाड़मेर आएंगे

बाड़मेर, 19 अगस्त। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य सुभाष रामनाथ पारधी 24 अगस्त को बाड़मेर आएंगे। वे अनुसूचित जाति अत्याचार पीड़ितों की सुनवाई करेंगे एवं अधिकारियों की बैठक लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग सदस्य सुभाष रामनाथ पारधी एवं उनके निजी सचिव नवीन रोहिला 24 अगस्त को जोधपुर से दोपहर 3 बजे प्रस्थान कर बाड़मेर पहुंच रात्रि विश्राम करेंगे। वे 25 अगस्त प्रातः 10 बजे अनुसूचित जाति पीडितों की सुनवाई करेंगे। वे दोपहर 12 बजे संभागीय आयुक्त, महानिरीक्षक पुलिस, जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे तथा दोपहर 1 बजे प्रेस कांफ्रेन्स करने के बाद बाडमेर से 3.50 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

श्रम विभाग के बाड़मेर केम्प के लिए कार्यालय आवंटित

बाड़मेर, 19 अगस्त। श्रम विभाग बालोतरा को जिला मुख्यालय बाड़मेर पर केम्प कार्यालय स्थापित करने के लिए जिला रोजगार कार्यालय के पास स्थित हॉल अस्थाई रूप से आवंटित किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि श्रम निरीक्षक बालोतरा द्वारा जिला मुख्यालय बाड़मेर पर श्रम विभाग बालोतरा का केम्प कार्यालय स्थापित करने हेतु राजकीय भवन उपलब्ध कराने हेतु निवेदन किया था। उन्होेने बताया कि पूर्व उपखण्ड कार्यालय गुड़ामालानी(मु.) बाड़मेर के भवन में संचालित जिला रोजगार कार्यालय के पास स्थित बड़ा हॉल श्रम विभाग बालोतरा को केम्प कार्यालय संचालित करने हेतु अस्थाई रूप से आवंटित किया गया है।
-0-

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

बाड़मेर, 19 अगस्त। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

    इस दौरान जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में खरीफ की फसल के लिए करीब 12 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई की गई थी, लेकिन वर्षा के अभाव में फसल बढ़ नहीं पाई। उन्होंने कृषि विभाग, राजस्व विभाग तथा बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें बनाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित समय पर सर्वे कार्य पूर्ण करने को कहा।
      इस दौरान उपखंड अधिकारी रोहित चौहान,उप निदेशक कृषि (वि.) वीरेन्द्र सिंह सोलंकी समेत बीमा कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।
-0-

प्री डीएलएड परीक्षा 31 अगस्त को परीक्षा पारदर्शी एवं तटस्थ कराने को पुख्ता प्रबंध

बाड़मेर, 19 अगस्त। जिले में प्रारम्भिक शिक्षा में डिप्लोमा प्रीडीएलएड, प्रवेश परीक्षा 2021 का आयोजन मंगलवार, 31 अगस्त को 95 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों की गुरुवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने समीक्षा की।

    इस मौक़े पर जिला कलक्टर बंधु ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्री डीएलएड परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ले। उन्होंने परीक्षा के तहत कोविड प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के साथ ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा का पूरा ध्यान देने के निर्देश दिए।
  बैठक में पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा, कोषाधिकारी दिनेश बारहठ, पुलिस उप अधीक्षक आनंद सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भीखा राम प्रजापत के साथ ही परीक्षा से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने निर्देश दिए कि परीक्षा के आयोजन के संबंध में जो भी आदेश जारी करने है वे समय पर जारी करने की कार्यवाही करें। उन्होंने पुलिस उप अधीक्षक को परीक्षा केन्द्रों एवं प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस का जाब्ता पर्याप्त मात्रा में लगाने को कहा। उन्होंने परीक्षा से पूर्व परीक्षा केन्द्रों को सेनेटाईज कराने एवं परीक्षा के दिवस सेनेटाईजर व मास्क की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी के परीक्षा के दिवस विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व सहायक निदेशक नरसिंह जांगिड़ ने बताया कि जिले में 31 अगस्त को प्रीडीएलएड की परीक्षा होगी, जिसके लिए 95 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए है। सभी केंद्र सरकारी स्कूलों में होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के संचालन के लिए प्राधिकृत अधिकारी भी लगा दिए गए है। उन्होंने परीक्षा के संबंध में जिन विभागों से व्यवस्था की जरूरत थी उसके बारे में विस्तार से अवगत कराया।
-0-






बुधवार, 18 अगस्त 2021

दिशा की बैठक 24 को केंद्रीय मंत्री चौधरी करेंगे केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर, 18 अगस्त। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में 24 अगस्त को दोपहर 3 बजे दिशा की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (दिशा) की बैठक का आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार 24 अगस्त को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए है ।
-0-

गोगामेडी वार्षिक मेला स्थगित

बाड़मेर, 18 अगस्त। राज्य सरकार द्वारा तहसील नोहर जिला हनुमानगढ का श्रीगोगाजी (गोगामेड़ी) वार्षिक मेला स्थगित कर दिया गया है।

देवस्थान विभाग आयुक्त जितेन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रबंधित राजकीय आत्म निर्भर मंदिर श्री गोगाजी (गोगामेड़ी) तहसील नोहर जिला हनुमानगढ का वार्षिक मेला कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा की दृष्टि से स्थगित कर दिया गया है।
-0-

बालोतरा में सामुदायिक स्वच्छता केंद्र बनाए जाएंगे

बाड़मेर, 18 अगस्त। बालोतरा में रिफाइनरी एवं रिको औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण लोगों की आवक बढ रही है। ऐसे में जिला कलक्टर लोक बंधु ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बालोतरा में नए सामुदायिक स्वच्छता केन्द्र बनाने को कहा है।

स्वच्छ भारत मिशन के अर्बन घटक की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा के दौरान उन्होने बाडमेर एवं बालोतरा में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा प्लास्टिक कैरी बैग की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालोतरा में घर-घर संग्रहित कचरे की मात्रा का सही आंकलन करने और डंपिंग यार्ड को शहर से हटाकर जेरला में स्थानांतरित करने को कहा।
     इससे पूर्व नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने एसबीएम की प्रगति से अवगत करवाया।
-0-

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित निगम योजनान्तर्गत वितरित ऋण में छूट

20 से 40 प्रतिशत राशि जमा करवा ले सकते है योजना का लाभ

बाड़मेर, 18 अगस्त। अल्पसंख्यक वित एवं विकास सहकारी निगम लि. द्वारा राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित निगम की योजनाओं में 31 मार्च 2014 तक स्वीकृति किये गए ऋण प्रकरणों में वितरण की गई राशि का 20 से 40 प्रतिशत जमा करवाकर शेष बकाया मूलधन, बकाया समस्त दण्डनीय ब्याज से छूट का लाभ लिया जा सकता है।
तीन चरणों में मिलेगा लाभ
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान मापूरी ने बताया कि पात्र आवेदक को 30 नवम्बर 2021 तक स्वीकृत ऋण प्रकरण में वितरित राशि का 20 प्रतिशत, 1 दिसम्बर 2021 तक 30 प्रतिशत तथा 1 फरवरी से 31 मार्च तक 40 प्रतिशत राशि जमा करवानी होगी।
प्रथम चरण में आवेदन पर मात्र 20 प्रतिशत राशि का करना होगा भुगतान
उन्होनें बताया कि जिले में 31 मार्च 2014 तक ऋण प्रकरणों में जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कार्यालय के समस्त ऋण बकायादार प्रथम चरण में 30 नवम्बर 2021 तक आवेदन प्रस्तुत कर योजनान्तर्गत अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकते है।
मृत ऋणी की बकाया राशि होगी माफ, वारिश करें आवेदन
उन्होनें बताया कि 31 मार्च 2014 तक स्वीकृत हुए सभी प्रकार के ऋण प्रकरणों में यदि किसी ऋणी की मौत हो गई है और उनके वारिसों के पास आजीविका के पर्यापत साधन नहीं हो, जिससे लोन नहीं भर पा रहे हो तो उनकी भी समस्त बकाया राशि माफ होगी। इसके लिए मृत ऋणी के वारिश को कार्यालय में आवेदन करना होगा। विस्तृत जानकारी के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कार्यालय बाड़मेर में 02982-225786 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

आत्म निर्भर भारत योजना में बैंक खुद जाएंगे आवेदकों के पास

बाड़मेर, 18 अगस्त। जिले में पीएम स्वनिधि आत्म निर्भर भारत योजना के तहत बैंक स्वंय जरूरतमन्दो के पास पहुंचकर उन्हें दस हजार रुपये का लोन मुहैया करेंगे।

योजना की समीक्षा के दौरान बुधवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने बैंकों की औपचारिकताए पूर्ण करने के लिए आवेदको के पास लोन अधिकारियो को जाने के निर्देश दिए।
  इस दौरान उन्होनें राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं में व्यक्तिगत अथवा समुहों को लोन के लिए बैंकों से सकारात्मक सोच रखने को कहा। उन्होने एनयूएलएम, पीएम स्वनिधि, इन्दिरा गांधी क्रेडिट कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं की माइक्रो मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बैंकों को अग्रेषित आवेदन पत्रों को स्वीकार कर ऋण वितरण के लिए सायंकालीन शिविरो का आयोजन करने अथवा लोन अधिकारियों को आवेदको के पास जाने के निर्देश दिए। उन्होने बैंकों से सायं काल में जाकर ऋण संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण कर 15 दिन में सभी ऋण वितरण करने के निर्देश दिए।
उन्होने एनयूएलएम योजना में अधिकाधिक स्वयं सहायता समुहों का गठन कर उन्हें बैंकों से जोड़कर रोजगार दिलाने के निदेश दिए। उन्होने स्व रोजगार कार्यक्रमों का आयोजन कर जरूरतमंदों को लाभान्वित करने को कहा। साथ ही उन्होने वेडिंग जोन का निर्धारण करने तथा आश्रय स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
      इससे पूर्व नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने सभी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी एवं समस्याओं से अवगत करवाया।
-0-

युवाओं को राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा

जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक

बाडमेर, 18 अगस्त। नेहरू युवा केन्द्र की ओर से वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियांे मंे अधिकाधिक युवाआंे एवं महिलाओं को जोड़ते हुए बैसिक व्यवसाय विकसित करने की शिक्षा पर बल दिया जाए। युवाओं के लिए व्यवसायिक नीति, परामर्श एवं मेलों का आयोजन किया जाए। जिला कलक्टर लोक बंधु ने बुधवार को जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक के दौरान यह बात कही।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि नेहरू युवा केन्द्र का युवा मंडलांे के माध्यम से ग्रामीणांे से सीधा संपर्क है। ऐसे मंे युवाआंे को अपने आर्थिक एवं व्यक्तिगत कल्याण के लिए प्रेरित करते हुए रोजगार एवं आय सृजन कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्हांेने सामाजिक सुरक्षा योजनाआंे के प्रभावी क्रियान्वयन मंे युवाआंे की सक्रिय भागीदारी की जरूरत जताई। इस दौरान जिला युवा समन्वयक सचिन पाटोदिया ने नेहरू युवा केन्द्र की वित्तीय वर्ष 2021-22 की वार्षिक कार्य योजना के साथ-साथ इस दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियांे के बारे मंे विस्तार से जानकारी दी। उन्हांेने आत्मनिर्भर भारत, युवाओं का उन्मुखीकरण, डिजिटलीकरण, व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम एवं सुविधा सेवा अभियान, महिला एवं युवाओं के लिए बैसिक वोकेशल शिक्षा, व्यवसायिक नीति, परामर्श एवं व्यवसायिक मेले, कोविड-19 जागरूकता कार्यक्रम, क्लीन विलेज, ग्रीन विलेज, जल जागरण अभियान पर युवाओं को प्रशिक्षण, युवा मंडल विकास कार्यक्रम, जिला युवा सम्मेलन एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं समेत आयोजित की जाने वाली गतिविधियांे के बारे मंे बारे में जानकारी दी।  -0-

अवैध कनेक्शन हटाने हटाकर एफआईआर एवं वसूली की कार्यवाही करें - लोक बंधु

 आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा

बाड़मेर, 18 अगस्त। बाड़मेर शहर में अवैध जल कनेक्शन को हटाने के साथ संबंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई जाए। साथ ही अवैध कनेक्शन की समयावधि की वूसली भी की जाए। यह बात जिला कलक्टर लोक बंधु ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिले में पानी, बिजली, सड़क तथा चिकित्सा आदि अत्यावश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान कही। इस दौरान जिले में आवश्यक सेवाओं एवं राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमो की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बाड़मेर शहर के आवासीय क्षेत्रों में पेयजल समस्या की विस्तृत समीक्षा करते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होनें अवैध कनेक्शनों पर लगाने के लिए वृहद स्तर पर निरीक्षण के निर्देश दिए।
बारिश नहीं होने की स्थिति में राहत हेतु पूर्व तैयारियां पुख्ता हो
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने नलकूपों एवं हैण्डपंपों की खुदाई एवं कमिशनिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्हानेें स्वीकृत नलकूंपों की निविदा जारी करने के निर्देश दिए। उन्हानें जल जीवन मिशन के अन्तर्गत प्रशासनिक एवं वितीय स्वीकृतियां जारी करने को कहा। साथ ही बारिश नहीं होने की स्थिति की राहत हेतु पेयजल परिवहन संबंधित पूर्व तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
बिजली तंत्र पुख्ता रखें
जिला कलक्टर लोक बंधु ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मानसून की सक्रिय होने की आशंका के मद्देनजर बिजली तंत्र सुचारू रखने के निर्देश दिए तथा क्वीक रेस्पोन्स टीमों का गठन कर उन्हें सक्रिय रखने को कहा। साथ ही बकाया कृषि कनेक्शन पूर्ण करने तथा कृषि हेतु पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पर्क पोर्टल के लम्बित प्रकरणों का हो निस्तारण
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विभागवार समीक्षा पश्चात् एक सप्ताह के भीतर1 80 दिनों से अधिक अवधि के बकाया प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए है। उनहोनें कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर संतुष्टि का प्रतिशत बढ़ाया जाए। उन्होंनें कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं अपनी आईडी निरंतर चैक कर दर्ज प्रकरणों का ऑनलाईन निस्तारण सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होनें सुनवाई का अधिकार अधिनियम, राजस्थान लोक सेवा प्रदायगी गारंटी अधिनियम, राईट टू सीएम के प्रकरणों की समीक्षा कर प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सामाजिक सुरक्षा योजना
उन्होनें सामाजिक सुरक्षा योजनान्तर्गत डोर-टू-डोर सर्वे में चिन्हित लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बजट घोषणा कार्य जल्द हो पूरे
इस दौरान जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं के कार्यो की विभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होनें बजट घोषणाओं के कार्यो को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया।
भू-आवंटन प्रस्तावों की समीक्षा
बैठक में जिला कलक्टर लोक बंधु ने भू-आवंटन से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होनें विभिन्न राजकीय भवनों के निर्माण में भूमि चयन, आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होनें मुख्यमंत्री महोदय द्वारा किए गए शिलान्यास कार्यो की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने सिलिकोसिस के बकाया प्रकरणों, कोरोना टीकाकरण की स्थिति, राशन कार्ड से आधार सीडिंग कार्यर, विद्यालयों में बिजली कनेक्शन इत्यादि पर विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, जलदाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-




मंगलवार, 17 अगस्त 2021

कक्षा 9 से 12 तक के आवासीय छात्रों के लिए कठिन विषयों की निःशुल्क कोचिंग.

 विद्या संबल योजना

गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय में गेस्ट फेकल्टी के लिए 27 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
बाड़मेर, 17 अगस्त। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधित संचालित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में कक्षा 9 से 12 तक के अध्ययनरत आवासीय छात्रों को कठिन विषयों यथा गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय की निःशुल्क कोचिंग विद्या संबल योजनान्तर्गत करवाई जाएगी।
गेस्ट फेकल्टी हेतु आवेदन आमंत्रित
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बाड़मेर के सहायक निदेशक पुखराज ने बताया कि राजकीय छात्रावासों में गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों के अध्ययन में सहायता के लिए अध्यापक ग्रेड प्रथम एवं द्वितीय में पात्रता रखने वाले विशेषज्ञ गेस्ट फेकल्टी के रूप में अनुभवी सेवानिवृत कार्मिकों एंव निजी अभ्यर्थियों से 27 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए है।
भुगतान दर
उन्होनें बताया कि चयनित अभ्यर्थियों ग्रेड द्वितीय कक्षा 9 व 10 के लिए 350रूपये प्रति घण्टा (अधिकतम 25000 रूपये) तथा ग्रेड प्रथम कक्षा 11 व 12 के लिए 400रूपये प्रति घण्टा (अधिकतम 30000 रूपये) की दर से भुगतान किया जाएगा। आवेदन पत्रों की जांच के लिए गठित समति के द्वारा शैक्षणिक योग्यता परीक्षा में प्राप्त प्राप्तांकों के आधार पर वरियता सूची के अनुसार गेस्ट फेकल्टी का चयन किया जाएगा।
निम्न राजकीय छात्रावासों के लिए आवेदन आमंत्रित
उन्होनें बताया कि बाड़मेर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, बालोतरा प्रथम एंव द्वितीय, बायतु, पचपदरा, सिवाना, मोकलसर, पादरू, समदडी, पाटोदी, सिणधरी, गुडामालानी, धोरीमन्ना, बाखासर, चौहटन बालक, चौहटन बालिका, चौहटन देवनारायण, गडरारोड़, रामसर, जेसिन्धर स्टेशन एवं गुंगा में संचालित राजकीय छात्रावासों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है।
अस्थाई व्यवस्था
उन्होनें बताय कि यह व्यवस्था पूर्णरूप से अस्थाई तथा एक शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए होगी तथा इस व्यवस्था के आधार पर नियमित नियुक्ति हेतु दावा नहीं किया जा सकेगा।
पुखराज ने बताया कि आवेदन पत्र सामाजिक न्याय एवं अधिकारिया विभाग कार्यालय बाड़मेर में छात्रावास वार कार्यालय समय में 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे तक जमा कराये जा सकते है।
-0-

इन्टीग्रेटेड सिक्युरिटी रेसपोन्स मेकेनेजिम संबंधी बैठक 26 को

बाडमेर, 17 अगस्त। जिले के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इन्टीग्रेटेड सिक्युरिटी रेसपोन्स मैकेनेजिम स्थापित करने तथा सुरक्षा एवं समन्वय बनाये रखने के लिये जिला स्तरीय समिति की बैठक 26 अगस्त को प्रातः 11 बजे जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि जिले में महत्वपूर्ण क्षेत्रों यथा परमाणू, तेल व गैस, ऊर्जा, वित, रक्षा, स्टील व खनिज, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा सूचना एवं प्रसारण में इन्टीग्रेटेड सिक्युरिटी रेसपोन्स मैकेनेजिम स्थापित करने तथा सुरक्षा एवं समन्वय बनाये रखने के लिये उक्त बैठक का आयोजन किया जाएगा। उन्होनें संबंधित अधिकारियों को वांछित सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।

-0- 

जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक 23 को

बाड़मेर, 17 अगस्त। जिला यातायात प्रबंधन समिति की बैठक सोमवार 23 अगस्त को प्रातः 4.30 बजे जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी बाड़मेर ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।
-0-

कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के लिए आवेदन ऑनलाईन

बाड़मेर, 17 अगस्त। अल्पसंख्यक मेधावी छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाली कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अंतर्गत आवेदन ऑनलाईन भरे जाएंगे।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान ने बताया कि उक्त योजनान्तर्गत अल्पसंख्यक समुदाय की कक्षा 12वीं में नियमित अध्ययन कर न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं, जो वर्तमान में उच्च कक्षा में अध्ययनरत हो, वे योजना के आवेदन हेतु पात्र होगी।
-0-

शिक्षण संस्थान को अध्ययनरत अल्पसंख्यक समुदाये के छात्रों की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश

 प्री मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति योजना

बाड़मेर, 17 अगस्त। जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को अपनी संस्था में अध्ययनरत कुल छात्र-छात्राओं की संख्या और उनमें से अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, जैन, सिख, ईसाई, बौद्ध, पारसी) के छात्र-छात्राओं की संख्या जिला अल्पसंख्यक मामलात विभाग बाड़मेर कार्यालय में जमा करानी होगी, जिससे उक्त छात्र-छात्राओं को प्री मैरिट कम मीन्स छात्रवृति योजना का लाभ मिल सके।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान ने बताया कि जिन संस्थानों ने अभी तक नेशनल स्कॉलरशीप पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है या केवाईसी की कार्यवाही पूर्ण नही की है, वे अविलम्ब पूर्ण करें। उन्होनें बाताया कि यदि अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र छात्र-छात्राएं छात्रवृति आवेदन करने से वंचित रहते है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।
-0-

निर्माण श्रमिकों के कल्याण को उपकर की सख्ती से वसूली होगी

बाड़मेर, 17 अगस्त। श्रम कल्याण उपकर राष्ट्र निर्माण के लिए जमा करना जरूरी है। इसी राशि से भवन निर्माण मजदूरो एवं अन्य निर्माण श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। मंगलवार को भवन एवं सनिर्माण कर्मकार टास्क फोर्स की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर लोक बंधु ने इसके लिए सभी विभागों को पाबंद किया।

इस दौरान जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार वेलफेयर एक्ट के तहत प्रत्येक निर्माण की समस्त लागत का एक फीसदी सेस के रूप में भवन तथा अन्य कर्मकार कल्याण मंडल में जमा कराना होता है। इसके सेस कलक्टर एवं असेसमेंट अफसर सरकार की ओर से नियुक्त है, वे यह सुनिश्चित करते है कि निजी एवं सरकारी क्षेत्र से समयबद्ध सेस जमा होता रहे।
जिला परिषद बाड़मेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने समस्त विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त निर्माण कार्यों से उपकर संग्रहन सुनिश्चित करे। श्रम विभाग के श्रम निरीक्षक रामचन्द्र गढ़वीर ने बताया कि श्रम विभाग श्रम कल्याण सेस संग्रहण में नोडल डिपार्टमेंट है। उन्हांेने कहा कि नगर परिषद आयुक्त सहित अन्य उपकर निर्धारण अधिकारियों को सेस संग्रहण की मासिक सूचना एवं ग्राम पंचायतों तथा नगरपरिषद की ओर से जारी भवन निर्माण एनओसी की सूची प्रतिमाह सहायक श्रम आयुक्त बालोतरा को भिजवाना सुनिश्चित करें।
-0-

अनुसूचित जाति एवं जनजाति पर अत्याचार के मामलों में कार्यवाही होगी त्वरित

बाड़मेर, 17 अगस्त। जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों पर अत्याचार के मामलों पर त्वरित कार्यवाही होगी ताकि पीड़ित लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके। जिला कलक्टर लोक बंधु ने मंगलवार को अनुसूचित जाति, जन जाति एवं महिलाओं पर अत्याचार निवारण संबंधी त्रैमासिक बैठक में लम्बित मामलों की समीक्षा के दौरान यह सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कलक्टर ने समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों से कहा कि छः माह से अधिक अवधि के बकाया प्रकरणों पर तुरन्त कार्यवाही की जाए। जिला कलक्टर ने महिलाओं पर अत्याचार के मामलों मे अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की निर्देश दिए।
  जिला कलक्टर ने सहायक निदेशक अभियोजन को विभिन्न न्यायालयों में बकाया प्रकरणों की वस्तुस्थिति से अवगत करा कर कार्यवाही को कहा। साथ ही बकाया प्रकरणों का न्यायालय वार विवरण अंकित करने को कहा। बैठक में अभियोजन एवं पुलिस विभाग के पास महिला अत्याचार से संबंधित लम्बित प्रकरणों तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के पास प्राप्त प्रकरणो की विस्तार के साथ समीक्षा की गई। इसी प्रकार पुलिस व अभियोजन के मध्य समन्वय समिति की बैठक में बिन्दुवार समीक्षा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओ.पी.बिश्नोई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
-0-

जिला स्तरीय बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक कोरोना काल में बाल श्रम की रोकथाम के लिए पुख्ता हो प्रबंध

बाडमेर, 17 अगस्त। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय बाल श्रम टॉस्क फोर्स की बैठक सम्पन्न हुई।

इस दौरान जिला कलक्टर ने कोरोना काल में बाल श्रम की रोकथाम के लिए पुलिस एवं श्रम विभाग को आपसी समन्वय के साथ पुख्ता इन्तजाम करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला कलक्टर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कई लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है और अब जबकि धीरे-धीरे अनलॉक हो चुका है, ऐसे में बाल श्रम की रोकथाम को सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति एवं कोरोना से प्रभावित परिवारों के बच्चों को बाल श्रम का शिकार होने से रोका जाए। ऐसे बच्चों को सामाजिक सुरक्षा योजना एवं से लाभान्वित करने के त्वरित प्रयास किए जाए।
इस दौरान जिले में गैर पंजीकृत संस्थाओं, बाल कल्याण समिति में लम्बित प्रकरणों, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह एवं शिशुगृह में आवासीय बालकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति, बाल श्रम, गरीब बच्चों को विद्यालय एवं आंगनवाडी केन्द्रों से जोडने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से विस्तार के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर कलक्टर बन्धु ने चाईल्ड लाईन एवं बाल कल्याण समिति को आपसी समन्वय के साथ बाल श्रम की रोकथाम के लिए निर्देशित किया।
वहीं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष चेतन राम सारण ने जिले में होटलों व ढाबों में बाल श्रम की रोकथाम एवं बाल श्रम के परिवारों को आर्थिक सम्बल मुहैया करने की आवश्यकता जताई।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलाद सिंह राजपुरोहित, श्रम निरीक्षक रामचन्द्र गढ़वीर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-

मुख्य सचिव ने सराहा जनसेवाओं की अदायगी में बाड़मेर बेहतर

बाड़मेर, 17 अगस्त। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने मंगलवार को वर्चुअल बैठक कर राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओ एवं कल्याणकारी कार्यक्रमो की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में इनकी क्रियान्वयन की जानकारी दी।

इस मौके पर कलक्टर बंधु ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर जनसमस्याओं के पंजीकरण में बाड़मेर जिले का प्रतिशत न्यूनतम है, जो यह दर्शाता है कि जिले में राज्य सरकार की जन सेवाओं की अदायगी बेहतर तरीके से की जा रही है एवं लोगों को इससे संबंधित शिकायतें बहुत कम है। उन्होंने बताया कि जिले में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जिला कलक्टर को प्रतिदिन प्राप्त होने वाली परिवेदनाओ को भी राजस्थान संपर्क पोर्टल पर पंजीकृत किया जाता है इसके बावजूद पोर्टल पर कम रजिस्ट्रेशन जिले के लिए सुखद हैं। इस पर मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन के कार्य को सराहा।
इस दौरान राजस्थान लोक सेवा प्रदायगी गारंटी अधिनियम एवं राजस्थान सुनवाई का अधिकार अधिनियम की भी समीक्षा के गई। वहीं जिला परिवहन विभाग में ऑटोमेटिक ड्राविंग ट्रैक तथा 132 केवी जीएसएसएस निर्माण, इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट योजना एवं उपखंड स्तर पर रीको के औधोगिक क्षेत्र विकास पर की समीक्षा की गई।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-





सोमवार, 16 अगस्त 2021

कक्षा 9 से 12 तक के आवासीय छात्रों के लिए कठिन विषयों की निःशुल्क कोचिंग

 विद्या संबल योजना

गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय में गेस्ट फेकल्टी के लिए 27 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
बाड़मेर, 16 अगस्त। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधित संचालित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में कक्षा 9 से 12 तक के अध्ययनरत आवासीय छात्रों को कठिन विषयों यथा गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषय की निःशुल्क कोचिंग विद्या संबल योजनान्तर्गत करवाई जाएगी।
गेस्ट फेकल्टी हेतु आवेदन आमंत्रित
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बाड़मेर के सहायक निदेशक पुखराज ने बताया कि राजकीय छात्रावासों में गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों के अध्ययन में सहायता के लिए अध्यापक ग्रेड प्रथम एवं द्वितीय में पात्रता रखने वाले विशेषज्ञ गेस्ट फेकल्टी के रूप में अनुभवी सेवानिवृत कार्मिकों एंव निजी अभ्यर्थियों से 27 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए है।
भुगतान दर
उन्होनें बताया कि चयनित अभ्यर्थियों ग्रेड द्वितीय कक्षा 9 व 10 के लिए 350रूपये प्रति घण्टा (अधिकतम 25000 रूपये) तथा ग्रेड प्रथम कक्षा 11 व 12 के लिए 400रूपये प्रति घण्टा (अधिकतम 30000 रूपये) की दर से भुगतान किया जाएगा। आवेदन पत्रों की जांच के लिए गठित समति के द्वारा शैक्षणिक योग्यता परीक्षा में प्राप्त प्राप्तांकों के आधार पर वरियता सूची के अनुसार गेस्ट फेकल्टी का चयन किया जाएगा।
निम्न राजकीय छात्रावासों के लिए आवेदन आमंत्रित
उन्होनें बताया कि बाड़मेर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय, बालोतरा प्रथम एंव द्वितीय, बायतु, पचपदरा, सिवाना, मोकलसर, पादरू, समदडी, पाटोदी, सिणधरी, गुडामालानी, धोरीमन्ना, बाखासर, चौहटन बालक, चौहटन बालिका, चौहटन देवनारायण, गडरारोड़, रामसर, जेसिन्धर स्टेशन एवं गुंगा में संचालित राजकीय छात्रावासों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है।
अस्थाई व्यवस्था
उन्होनें बताय कि यह व्यवस्था पूर्णरूप से अस्थाई तथा एक शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए होगी तथा इस व्यवस्था के आधार पर नियमित नियुक्ति हेतु दावा नहीं किया जा सकेगा।
पुखराज ने बताया कि आवेदन पत्र सामाजिक न्याय एवं अधिकारिया विभाग कार्यालय बाड़मेर में छात्रावास वार कार्यालय समय में 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे तक जमा कराये जा सकते है।
-0-

राजस्व अधिकारियों की बैठक 27 को

 बाड़मेर, 16 अगस्त। राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 27 अगस्त को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्व सबंधी निर्धारित बिन्दुओं सहित राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यो की समीक्षा की जाएगी।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने राजस्व अधिकारियों को निर्धारित एजेण्डानुसार एक जुलाई से 15 अगस्त, 2021 तक की निर्धारित प्रपत्रों में उपखण्डवार संकलित सूचना तैयार कर 18 अगस्त तक भिजवाने तथा निर्धारित दिनांक एवं समय पर वांछित सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओ को आगे बढ़ना जरूरी- राजस्व मंत्री

 बाड़मेर, 16 अगस्त। खेल हमारे जीवन में महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, केवल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है और उन्हें निखारने का प्रयास किया जाए यह बात राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने गंगा सागर (अकदड़ा) में राणा राम बेनीवाल की स्मृति में आयोजित खेलकूद प्रतियोगताओं के समापन समारोह में पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान कही। इस मौके पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि आज के युग में युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपना कर अपना भविष्य बनाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को तलाशने के लिए अकदड़ा व आसपास क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बायतु में इंडोर स्टेडियम का जल्द निर्माण होगा जिससे यहां के खिलाड़ियों की खेलों के प्रति जागरुकता बढ़ेगी।

इस मौके पर राजस्व मंत्री चौधरी ने आयोजकों व ग्राम वासियों द्वारा लगातार सात सालों से खेलों के बेहतरीन आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया और इस खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पुरुस्कृत कर बधाई एंव शुभकामनाएं दी। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने इस खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन कर्ता बींजाराम बेनीवाल व भँवर बेनीवाल का भी बहुमान किया। इस मौके पर बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी, नवचयनित आरएएस देराजराम दुगेर, पीईईओ जालमसिंह सारण, समाजसेवी हेमन्त सियाग, खोथो की ढाणी सरपँच हिमथाराम खोथ, पूर्व सरपंच हिमताराम हुडा, हीराराम हुड्डा व शारीरिक शिक्षक व खिलाड़ी उपस्थित रहे। इससे पूर्व राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कानोड़ के चिलनाड़ी में आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं का निस्तारम किया।
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने आवास पर जनसुनवाई कर जन समस्याओं का किया निस्तारण

 बाड़मेर, 16 अगस्त। राजस्व मंत्री चौधरी ने सोमवार को बायतु पनजी स्थित अपने आवास पर दिन भर विभिन्न क्षेत्रों से आए परिवादियों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस दौरान बढ़ी संख्या में लोग समस्याएं लेकर राजस्व मंत्री चौधरी से मिले। उन्होनें जनसमस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान आमजन की पेयजल, विद्युत, राजस्व मामलों सहित विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया। उन्होनें आमजन की ज्वलंत शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर उन्हें राहत दिलाई। उन्होनें प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक लेकर राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होनें अधिकारियों से सक्रिय रहकर आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत शाम को राजस्व मंत्री चौधरी ने जयपुर के लिए प्रस्थान किया।
-0-





बाड़मेर जिले में 3 तहसील एवं 2 उप तहसीलों का नवसृजन

 बाड़मेर ग्रामीण, नोखड़ा एवं कल्याणपुर तहसील तथा बाटाडू एवं दूदवा उप तहसील होगी

बाड़मेर, 16 अगस्त। राज्य सरकार द्वारा बाड़मेर जिले की बाड़मेर तहसील का पुनर्गठन कर नवीन तहसील बाड़मेर ग्रामीण, गुडामालानी एवं सिणधरी तहसील का पुनर्गठन करते हुए तहसील नोखडा एवं तहसील पचपदरा का पुर्नगठन करते हुए उप तहसील कल्याणपुर को क्रमोन्नत कर तहसील कल्याणपुर का नवसृजन तथा तहसील बायतु का पुनर्गठन/नवसृजन कर उप तहसील बाटाडू एवं उप तहसील जसोल का पुनर्गठन कर नवीन उप तहसील दूदवा का नवसृजन किया गया है।
नवीन तहसील बाड़मेर ग्रामीण का कार्यक्षेत्र
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि नवीन तहसील बाडमेर ग्रामीण के कार्यक्षेत्र में भू अभिलेख निरीक्षक वृत कवास के पटवार मण्डल कवास, बांदरा, भुरटिया व मूढों की ढाणी, निरीक्षक वृत जालीपा के पटवार मण्डल जालीपा, कपूरडी, भाखड़ा व बाड़मेर मगरा, निरीक्षक वृत सरली के पटवार मण्डल सरली, सांजटा व खुडासा, निरीक्षक वृत चवा के पटवार मण्डल चवा, आदर्श चवा, सरणू व रावतसर तथा निरीक्षक वृत कुड़ला के पटवार मण्डल कुड़ला, शिवकर, बेरीवाला तला व केरलीनाडी हाजाणियों की ढाणी सम्मिलित होंगे।
नवीन तहसील नोखडा का कार्यक्षेत्र
उन्होने बताया कि नवीन तहसील नोखडा के कार्यक्षेत्र में भू अभिलेख निरीक्षक वृत नोखड़ा के पटवार मण्डल नोखडा, छोटू, मंगले की बेरी व निम्बलकोट, निरीक्षक वृत आडेल के पटवार मण्डल आडेल, खारियाखुर्द, आसूओं की ढाणी व धोलानाडा तथा निरीक्षक वृत गोलिया जैतमाल के पटवार मण्डल गोलिया जैतमाल, बाण्ड, राणासर खुर्द व मालपुरा सम्मिलित होंगे।
नवीन क्रमोन्नत तहसील कल्याणपुर का कार्यक्षेत्र
उन्होने बताया कि नवीन क्रमोन्नत तहसील कल्याणपुर के कार्यक्षेत्र में भू अभिलेख निरीक्षक वृत कल्याणपुर के पटवार मण्डल कल्याणपुर, ढाणी सांखला, सरवड़ी व कांकराला, निरीक्षक वृत मण्डली के पटवार मण्डल मण्डली, नागाणा, गंगावास, बलाउजाटी व थुम्बली, निरीक्षक वृत थोब के पटवार मण्डल थोब, नेवरी, कुडी व पटाऊ खुर्द तथा निरीक्षक वृत डोली के पटवार मण्डल डोली, अराबा, ग्वालनाडा, मूल की ढाणी व कोरना सम्मिलित होंगे।
नवीन उप तहसील दूदवा का कार्यक्षेत्र
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि उप तहसील जसोल का पुनर्गठन कर नवीन उप तहसील दूदवा का नवसृजन किया गया है, जिसके कार्यक्षेत्र में भू अभिलेख वृत तिलवाडा के पटवार मण्डल सिणली जागीर व तिलवाडा, निरीक्षक वृत दूदवा के पटवार मण्डल खट्टू, दूदवा, चान्देसरा व गोल तथा निरीक्षक वृत साजियाली पदमसिंह का पटवार मण्डल आकडली बक्सीराम सम्मिलित होगा।
नवीन उप तहसील बाटाडू का कार्यक्षेत्र
उन्होने बताया कि बायतु तहसील का पुनर्गठन/नवसृजन कर उप तहसील बाटाडू का नवसृजन किया गया है, जिसमें भू अभिलेख निरीक्षक वृत बाटाडू के पटवार मण्डल बाटाडू, लुनाडा, झाक व खींपर तथा निरीक्षक भीमड़ा के पटवार मण्डल पटवार मण्डल भीमडा, हरखाली, चौखला व छीतर का पार सम्मिलित होंगे।
-0-

रविवार, 15 अगस्त 2021

राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

 स्वतन्त्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह आदर्श स्टेडियम में आयोजित


बाड़मेर, 15 अगस्त। स्वतन्त्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह रविवार को आदर्श स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व, उप निवेशन, कृषि, सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री हरीश चौधरी ने प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण कर परेड़ का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने 75 वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतन्त्रता सैनानियों के त्याग एवं बलिदान से हमे आजादी मिली है, आज का दिन हमें आजादी दिलाने वालों को याद करने का है। उन्होने कहा कि भारत का लोकतन्त्र दुनिया में सबसे बेहतरीन है। हमे सविधान की मूल भावना के अनुरूप देश को आगे बढाना है। उन्होने कहा कि युवा लक्ष्य और हौसले के साथ योग्य बन कर हर क्षेत्र में आगे बढ़े। उन्होने सभी से कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी, पं. जवाहर लाल नेहरू, शहीद भगतसिंह सहित स्वतन्त्रता सैनानियों की जीवनीयां पढ़े, देश के प्रति भावनाओं में बढोतरी होगी।
राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि बाड़मेर जिला हर दिशा में निरन्तर आगे बढ रहा है, यहा रिफाइनरी एवं तेल दोहन कार्य के साथ ऊर्जा के स्त्रोत बेहतरीन है। उन्होने कहा कि बाडमेर में बड़ी परियोजनाओं के लिये सोच होनी चाहिए। उन्होने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान तमाम चिकित्सा कर्मियों, प्रशासन, पुलिस प्रशासन, भामाशाह एवं आमजन के सहयोग से कोरोना पर विजय प्राप्त हुई है। उन्होने कहा कि आईएलआई सर्वे के माध्यम से गम्भीर मरीजों के उपचार के साथ घर-घर किट पहुंचा कर कोरोना की कड़ी को तोडा गया। उन्होने कहा कि जिला आक्सीजन प्रबन्धन में बेहतर रहा। उन्होने चिकित्सा कर्मियों, पुलिस एवं प्रशासन एवं मिडिया कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों से बढकर कार्य किया इसके लिए उन्हे धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि बाड़मेर-जैसलमेर के किसानों ने टिड्डी नियंत्रण में सोच को बदलते हुए रात में भी टिड्डी पर नियंत्रण किया। उन्होने कहा कि जल प्रबन्धन के क्षेत्र में बाड़मेर में एक लाख से ज्यादा टांकों का निर्माण हुआ।  
स्वतन्त्रता दिवस के मुख्य समारोह में इस बार परेड कमाण्डर कमाण्डर एस.आई. भंवराराम के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, अरबन होमगार्ड एवं एन.सी.सी. सीनियर की टुकडियां परेड में हिस्सा लिया। इसके पश्चात् अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई द्वारा महामहिम राज्यपाल के सन्देश का पठन किया गया। पुलिस विभाग के बैण्ड दल द्वारा बैण्ड वादन की प्रस्तुति के बाद योग शिक्षक पदमसिंह और महिपाल कमेडिया के निर्देशन में बालेरा गांव की बालिकाओं द्वारा योग का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जिले के शहीदों एवं स्वतन्त्रता सैनानियों के परिजनों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इसी कडी में जिले में विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद ख्यातनाम अन्तर्राष्ट्रीय लोक कलाकार स्वरूप पंवार और बिहारी पंवार द्वारा देशभक्ति गीत ऐसा देश है मेरा .... की प्रस्तुति दी गई। इसी कडी में दिव्यांग बाल कलाकार स्वरूप माहेश्वरी द्वारा देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अन्तर्राष्ट्रीय लोक कलाकार पदमश्री अनवर खां और फकीरा खां भादरेश एण्ड पार्टी द्वारा सायब जी मोरा रिम झिम बरसे मेह.... प्रस्तुत किया गया। इसी कडी में फकीरा खां बिशाला और दीपसिंह भाटी द्वारा कोरोना जागरूकता लोक गीत कोरोना रा टीका लगवाओ... प्रस्तुत किया गया। इसके बाद जिले के मोतीसरा, जसोल, कमो का बाड़ा एवं सनावडा के गैर दलों द्वारा आकर्षक गैर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान परेड तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली झांकियों को नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्य समारोह के दौरान योग प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को विधायक मेवाराम जैन की ओर से ग्यारह हजार रूपये एवं जिला प्रशासन की ओर से 5100 रूपये का नकद पुरस्कार, ऑक्सीजन टैंकर खाली कराने में सहयोग देने वाले मिस्त्री रमजान को राजस्व मंत्री हरीश चौधरी की ओर से पांच हजार रूपये का नकद पुरस्कार तथा विभिन्न कार्यक्रमों के कलाकारों तथा गैर दलों को जिला प्रशासन द्वारा नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्त में राष्ट्रगान के साथ प्रातः कालीन कार्यक्रम समाप्त हुआ।
समारोह में विधायक मेवाराम जैन, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दिलीप माली, जिला कलक्टर लोक बंधु, जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह समेत पुलिस, प्रशासन, बीएसएफ, सेना, वायुसेना के अधिकारी, जन प्रतिनिधि, जिले के शहीदों एवं स्वतन्त्रता सैनानियों के परिजन तथा बडी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। प्रातःकाल कार्यक्रम की कमेन्ट्री डा. बंशीधर तातेड, रामकुमार जोशी एवं सह आचार्य मुकेश पचौरी द्वारा की गई।
स्वतन्त्रता दिवस पर जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर लोक बंधु ने ध्वजारोहण किया एवं स्वतन्त्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
-0-


































लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...