गुरुवार, 6 दिसंबर 2018

मतदान दिवस पर रहेगा सवैतनिक अवकाश


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) के प्रावधानों के अनुसार किसी भी निजी या सार्वजनिक कारोबार, व्यवसाय, दुकान, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य प्रतिष्ठान में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति जिसे मतदान का अधिकार है, उन्हें मतदान दिवस 7 दिसंबर को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि ऐसे कार्मिक जो उपरोक्त क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत है, परन्तु वह बाहर के निर्वाचन क्षेत्र में पदस्थापित या कार्यरत है, उसे भी 7 दिसंबर को मतदान के दिन अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अवकाश के कारण किसी व्यक्ति के वेतन में नियोक्ता द्वारा कटौती या कमी नही की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस आधार पर कार्य करता है कि ऐसे अवकाश के दिन के लिए वेतन नहीं दिया जाएगा, तो भी उसे इस अवकाश का वेतन देय होगा, जो सामान्यः उस दिन उसे मिलता है। लेकिन ये प्रावधान ऐसे मतदाताओं के लिए लागू नहीं होंगे जिनकी कार्य से अनुपस्थिति के कारण उस नियोजन के संबंध में जिसमें वह कार्यरत है, कोई खतरा या सारवान हानि हो सकती है। प्रावधानों का उल्लंघन करने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135-ख (3) के प्रावधानों के अनुसार दण्डनीय अपराध है।

मतदान के लिए 12 वैकल्पिक पहचान पत्र इस्तेमाल किए जा सकेंगे


                बाडमेर, 06 दिसंबर। भारत निर्वाचन आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाताओं को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए मतदाता पहचान पत्र के साथ राजस्थान विधान सभा चुनाव 2018 में 12 अन्य दस्तावेजों को वैकल्पिक पहचान पत्र के रूप में उपयोग करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधान सभा चुनाव 2018 के लिए सभी मतदाता जिन्हें निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं, को मतदान केन्द्रों पर मत डालने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। ऐसे मतदाता जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करना होगा। वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, केन्द्र सरकार की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक, डाकघरों की ओर से जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, पैनकार्ड, आर.जी.आई.एवं एन.पी.आर. की ओर से जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, निर्वाचन तंत्र की ओर से जारी प्रमाणित फोटो मतदाता पर्ची इसके साथ ही सांसदों, विधान परिषद, विधान सभा सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र तथा आधार कार्ड शामिल हैं।
                उन्होंने बताया कि यदि फोटोग्राफ इत्यादि के बेमेल होने के कारण मतदाता की पहचान सुनिश्चित करना संभव न हो तब मतदाता को 12 दस्तावेजों में से किसी एक वैकल्पिक फोटो दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रवासी निर्वाचक जो अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 20 क के अधीन निर्वाचक नामावलियों में पंजीकृत हैं, उन्हें मतदान केन्द्र में उनके केवल मूल पासपोर्ट के आधार पर ही पहचाना जाएगा।

विधानसभा चुनाव के लिए 14688 कार्मिक नियोजित


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव सम्पन्न कराने के लिए इस बार 14688 कार्मिकों को नियोजित किया गया है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के लिए 9835 कार्मिको को मतदान दलों में नियोजित किया गया है। इसके अलावा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 4853 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये है। उन्होंने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों में 2189 मतदान केन्द्रों एवं 5 सहायक मतदान केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं दिव्यांगों के लिए रेम्प की व्यवस्था की गई है। जहां पर विद्युत व्यवस्था नहीं है, वहां पर जनरेटर एवं पेट्रोमेक्स की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए 1661409 फोटो युक्त मतदाता पर्चियों में से 5 दिसम्बर तक 1631739 पर्चियों का वितरण बीएलओ के माध्यम से करवा दिया गया है।

बाड़मेर जिले में 2194 मतदान केन्द्रों पर आज होगा मतदान


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 2194 मतदान केन्द्रों पर प्रातः 8 बजे से सांय 5 बजे तक मतदान होगा। इस बार विधानसभा चुनाव में पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपेट का इस्तेमाल होगा। जिसके डिस्पले पर मतदाता उनकी ओर से दिये गये मत को 7 सेकेण्ड तक देख सकेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था को ओर अधिक सुदृढ़ करने के लिए निर्भय होकर बिना किसी डर एवं दबाव के मतदान करें।
                जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय में गुरूवार को केन्द्रीय पर्यवेक्षक ओमप्रकाश बाकोडिया, रामचन्द्रुडू, डा. अमित सैनी, पुनीत गोयल, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम की उपस्थिति में बाड़मेर, बायतु, चौहटन, गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों की रवानगी हुई। इससे पहले इन मतदान दलों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिक गोपनीयता एवं निष्पक्षता के साथ चुनाव सम्पन्न करवाएं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मतदान केन्द्र पर किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल सेक्टर ऑफिसर को सूचित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव एक राष्ट्रीय कार्य है जिसे चुनाव आयोग के निर्देशानुसार भली भांति निष्पादित किया जावें। उन्होंने विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक एवं निष्पक्षता के साथ करवाने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में संबंधित कार्मिकों को सौंपे गए उत्तरदायित्वों का भली प्रकार से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने चुनाव के दौरान जिले में किये गये सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था प्रबंध के बारे में जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम ने एवीएम से मतदान संबंधी सावधानियां एवं आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। इन मतदान दलों को प्रोफेसर मुकेश पचौरी, डॉ. लक्ष्मीनारायण जोशी एवं मांगूसिंह राठौड़ ने विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
पहली बार होगा वीवीपेट का इस्तेमाल : विधानसभा चुनाव में इस बार पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपेट का इस्तेमाल होगा। इस संबंध में मतदान दलों को निर्देश दिये गए है कि वे वीवीपेट को खोलने का प्रयास नहीं करें। वीवीपेट ऐसे स्थान पर रखी जाए, जहां स्क्रीन पर सीधी रोशनी नहीं पड़े। वीवीपेट में बैटरी कमजोर होने या पेपर रोल खत्म होने पर डिस्पले पर सूचना आएगी, तभी बैटरी एवं पेपर रोल बदला जावें।
मतदान केन्द्र में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल: विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान अधिकर्ता एवं मतदाता अपने मोबाइल मतदान केन्द्र में नहीं ले जा सकेगें। यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित मतदान केन्द्र के पीठासीन अधिकारी की होगी।
दिव्यांगों के सुगम मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम : चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इस बार विधानसभा चुनाव में दिव्यांगों के सुगम मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम किये है। जिले में 14925 दिव्यांगों को मतदान केन्द्रों पर पहंुचाने के लिए वाहनों के अलावा 153 व्हील चेयर्स की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगों को उनके घर से मतदान केन्द्रों तक पहंुचाने तथा मतदान के बाद वापिस उनके घर पहंुचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिये है।
विधानसभा चुनाव की सूचनाएं एसएमएस के माध्यम से तत्काल होगी अपडेट : निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दिवस के दिन मॉनिटरिंग सिस्टम राजएसएमएस को अपडेट रखा जायेगा। इसके लिए सर्वप्रथम पीठासीन अधिकारी का पंजीयन होगा। मतदान दलों का अपने मतदान केन्द्र पर सुरक्षित पहुंचने की सूचना, मतदान के दिन मोक पोल की सूचना एवं मतदान प्रारम्भ होने की सूचना तत्काल अपडेट करनी होगी। इसके अलावा मतदान प्रातः 9 बजे तक, 11 बजे तक, 1 बजे तक, 3 बजे तक, 5 बजे तक, 6 बजे तक तथा मतदान समाप्ति की सूचना अपडेट करनी होगी तथा अंत में अंतिम मतदान प्रतिशत की सूचना देनी होगी। मतदान दल वापस अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंचने की सूचना भी अपडेट करनी होगी।
70 संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेब कासिं्टग होगी : संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग लाइव वेब कासिं्टग करवाएगा। पहली बार 3 मेगा पिक्सल आईटी कैमरों के जरिए वेब कासिं्टग करवाई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2018 में चयनित मतदान केंद्रों से लाइव वेब कासिं्टग को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारीगण लाइव देख सकेंगे।
मतदाता ने की झूठी घोषणा तो मिलेगी 6 माह की सजा : विधानसभा चुनाव ईवीएम से मतदान के बाद अगर किसी मतदाता ने वीवीपेट की पर्ची पर उसकी ओर से दिए गए मत का अन्य अभ्यर्थी को जाने का आरोप लगाया तो उसको लिखित घोषणा के बाद परीक्षण मत देने की अनुमति दी जाएगी। यदि मतदाता द्वारा घोषणा (अनुलग्नक-15) मे गलत, झूठी घोषणा पाई जाती है, तो सम्बधिंत मतदाता के विरूद्व भारतीय दण्ड संहिता की धारा 177 के अन्तर्गत छः माह कारावास अथवा एक हजार रू. अर्थदण्ड या दोनो सजा दिये जाने का प्रावधान है।
यह है मतदाताओं की स्थिति :- बाड़मेर जिले में 1662627 मतदाता है, इसमें 6 मतदाता ट्रांसजेडर एवं 1218 मतदाता सर्विस वोटर है।
विधानसभा
मतदान केन्द्र
पुरूष मतदाता
महिला मतदाता
कुल मतदाता
शिव
402
136266
117553
253819
बाड़मेर
291
123279
110001
233281
बायतु
329
114736
101903
216639
पचपदरा
243
117859
106435
224296
सिवाना
277
128843
113736
242581
गुड़ामालानी
326
121677
107101
228778
चौहटन
326
139405
122609
262015
योग
2194
882065
779338
1661409


बुधवार, 5 दिसंबर 2018

सीमा सुरक्षा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में साइकिल रैली निकाली


                बाड़मेर, 05 दिसंबर। सीमा सुरक्षा बल के 53 वे स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में बुधवार को टाउन हॉल बाड़मेर में सफाई अभियान तथा 151 बटालियन मगरा कैंप तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया।  इस कार्यक्रम में अधिकारियों तथा अन्य कार्मिकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।       सफाई अभियान के बाद 58 कार्मिकों की साइकिल रैली को सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक गुरपाल सिंह तथा जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहठ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल रैली शहर के बीचो बीच स्टेशन रोड, चोहटन चौराहा, जैसलमेर बाईपास होते हुए 12 किलोमीटर का सफर तय कर 151वी वाहिनी मगरा कैंप में समाप्त हुई साइकिल रैली के माध्यम से बाड़मेर नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान, मत का महत्व तथा शहीदों के परिवारों की सहायतार्थ प्रारंभ किया गया एप्लीकेशन का प्रचार-प्रसारआदि का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम सीमा सुरक्षा बल व लायंस क्लब बाड़मेर के सहयोग से किया गया। इसमें लायंस क्लब बाड़मेर के अध्यक्ष  रमेश जैन, उपाध्यक्ष  राकेश जैन व जोन प्रमुख  सुबोध शर्मा भी शामिल हुए। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के समादेष्टा शाम कपूर, अजय कुमार, नरेश चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार शर्मा तथा जिला परिषद बाड़मेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम उपस्थित रहें।






सिवाना, पचपदरा एवं शिव के लिए मतदान दल रवाना


शेष चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए गुरुवार को मतदान दल रवाना होंगे

                बाड़मेर, 05 दिसंबर। बाड़मेर जिले में तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए बुधवार को मतदान दल रवाना हुए। इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
                राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र पचपदरा के पीठासीन अधिकारियों से मतदान दिवस पर मतदान शुरू होने से समाप्ति तक निर्वाचन कार्य प्रक्रिया में बीयू सीयू वीवीपेट मोकपोल की जानकारी ली। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने कहा कि मतदान दिवस के दौरान समय समय पर निर्धारित नंबर पर एस एम एस करना सुनिश्चित करे। उन्होने मतदान कार्मिकों से रूबरू होकर उनकों उपलब्ध कराई गई सम्पूर्ण सामग्री की भली भांति जॉच करके रवानगी करने के निर्देश दिए ताकि चुनाव प्रक्रिया सम्पादित करने में उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। नकाते ने रवाना होने वाले मतदान दलों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा के साथ मतदान प्रक्रिया सम्पादित करवाने के निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्य सभी कार्मिक सतर्कतापूर्वक करे, किसी तरह की कौताही नहीं बरते। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने कहा कि सभी कार्मिक अपने राजकीय ड्यूटी का निर्वहन निष्ठा से करे। पचपदरा के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार ने निर्वाचन कार्य को गभीरता से एवं निष्पक्ष मतदान करने की बात कही। इस दौरान मतदान दलों में नियुक्त पीआरओ के मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन करने के बाद आवंटित बूथवार वीवीपेट, ईवीएम मशीन व आवश्यक निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। इससे पूर्व केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने मतदान सामग्री वितरण के काउण्टरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इधर जिले की शेष चार विधानसभा बाड़मेर, बायतु, चौहटन एवं गुडामालानी के मतदान दलों की रवानगी गुरूवार को होगी।






केन्द्रीय पर्यवेक्षकों ने किया निर्वाचन संबंधी व्यय लेखों का निरीक्षण


                बाड़मेर, 05 दिसम्बर। विधानसभा आम चुनाव 2018 के अन्तर्गत नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक विभोर बदोनी एवं काजी सुहैल द्वारा तृतीय चरण मेे सातों विधानसभा क्षैत्रों अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय से संबंधित लेखों का निरीक्षण किया गया।
                जिला निर्वाचन अधिकारी षिवप्रसाद एम नकाते ने बताया कि इस दौरान दो अभ्यर्थियों विधानसभा क्षैत्र बाडमेर से खरथाराम (निर्दलीय) एवं बायतु से करनाराम (अभिनव राजस्थान पार्टी)ने अपने लेखे निरीक्षण हेतु प्रस्तुत नही किये हैं, जिन्हें संबंधित रिटर्निग अधिकारियो द्वारा नोटिस जारी किये गये हैं। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत लेखों की एक प्रति आमजन हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट पर उपलब्ध हैं।

बुधवार, 28 नवंबर 2018

बायतु में मुखर हुई मतदान जागरूकता की बात

बाड़मेर, 28 नवम्बर। बायतू विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत जिला निर्वाचन विभाग द्वारा साँप-सीढ़ी के रोचक खेल का आयोजन किया गया। इस खेल- खेल के जरिये उपस्थित मतदाताओं को मतदान के नियमों को बारीकी से समझाया और मतदान के दिन मत देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विकास अधिकारी अमित चौधरी ने खेल के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और निर्वाचन विभाग द्वारा करवाये जा रहे इस नवाचार कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने समस्त मतदाताओं को मतदान अवश्य करने के लिए आह्वान किया। साँप सीढ़ी के इस खेल के दौरान विकास अधिकारी अमित चौधरी ने कहा कि सांप सीढ़ी के इस खेल के जरिए सहजता और रोचकता के साथ मतदान जागरुकता का संदेश दिया जा रहा है। इसके तहत जमीन पर सांप सीढी के खेल के जरिये युवाओं में मतदान के प्रति जागरुकता फैलाई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस दौरान जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग के आईईसी कंसल्टेंट अशोकसिंह राजपुरोहित ने खेल के नियमों को समझाते हुए मतदान करने को लेकर अधिक से लोगों को प्रेरित करने की बात कही। बाड़मेर निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित इस खेल खेल से जागरूकता के आयोजन में लोगांे को रोचक तरीके से स्वीप गतिविधियों और आदर्श आचार सहिंता के बारे में बताया गया। आयोजन में महिला एवं पुरुष दो वर्गों में प्रतियोगिता करवाई। प्रतियोगिता में पहले नम्बर पर बरकत कुमार, कमला और द्वारका प्रसाद अपनी जगह बनाई वही दूसरे स्थान पर मूली और रतनाराम रहे। आयोजन में महिमा चौधरी और हर्षिता व्यास निर्णायक थे।



रंगोली बनाकर दिया मतदाता जागरूकता का संदेश


बाड़मेर, 28 नवंबर। सरगम सप्ताह के तहत बुधवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर मतदाता जागरूकता के लिए विवेकानन्द सर्किल के पास रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाड़मेर पंचायत समिति के विकास अधिकारी कैलाश चौधरी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






होमगार्डो को चुनाव ड्युटी के लिए उपस्थित होने के निर्देश


                बाड़मेर, 28 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव 2018 के लिए समस्त होमगार्डो को ड्यूटी के लिए पुलिस लाईन ग्राउण्ड बाड़मेर में उपस्थित होने के निर्देश दिये गये है।
                होमगार्ड कमान्डेन्ट रवि व्यास ने बताया कि गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र बाड़मेर व उप केन्द्र बालोतरा के समस्त गृह रक्षा स्वयं सेवको को आगामी विधानसभा चुनाव 2018 ड्यूटी के लिए पुलिस लाईन ग्राउण्ड बाड़मेर में 2 दिसम्बर प्रातः 8 बजे उपस्थित होने के निर्देश दिये गए है।

”सरगम सप्ताह-लोकतंत्र की सरगम” के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन


        बाड़मेर, 28 नवंबर। निर्वाचन विभाग राजस्थान सरकार निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव 2018 के दौरान मतदाता जागरूकता हेतु स्वीप गतिविधियों के अन्तर्गत ’’सरगम सप्ताह-लोकतंत्र की सरगम’’ में बुधवार 28 नवम्बर को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 9.30 बजे ड्रीमलैण्ड स्कूल रामदेव टांका बालकनाथ की कुटिया के पास, नगर परिषद् क्षेत्र बालोतरा के वार्ड नबंर 1 में आयोजित किया गया। स्कूल के बालक बालिकाऐं, महिलाऐ हरे रंग की डैªस पहनकर आये। नगर परिषद् बालोतरा के समस्त वार्डो की महिलाओ ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जयश्री, संतोष द्वितीय स्थान निर्मला, हेमा जांगिड़ तथा तृतीय स्थान प सोनू, वर्षा आये प्रतिभागीयों को पुरस्कार की व्यवस्था ड्रीमलैण्ड स्कूल प्रबंधक पारस जांगिड़, रतनलाल जांगिड़ की तरफ से की गई। पुरस्कार वितरण स्वीप प्रभारी डॉ रामेश्वरी चौधरी एवं पारसमल चौहान ने कर महिला प्रतिभागीयों को मतदान दिवस पर मतदान देने को प्रोत्साहित कर संकल्प दिलवाया। महिलाओं ने भी अपने विचार रखे जिसमें कविता ने कहा कि जैसे त्योहार दिपावली एवं होली को मनाया जाता है उसी प्रकार मतदान दिवस को मनाये। रंगोली कार्यक्रम में मतदाताओं द्वारा कर ’’7 दिसम्बर को वोट देने जायेगे’’ एवं  ’’म्हारो वोट-म्हारो हक’’ संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अयोध्यादेवी अध्यक्ष तेरा पंथ महिला मण्डल, निर्मला जांगिड़, सोनू जांगिड़, गोमती, प्रियंका, सोनी, मीरा,तथा महिलाऐं पुष्पादेवी, कविता देवी, सारोदेवी, अनिता, राधादेवी, सुशीला सोनी, ममतादेवी, रोनिका देवी, रेखा देवी, भजनीदेवी, भजनीदेवी, झमकूदेवी, सोनूदेवी, सुखीदेवी, अनुराधा, निर्मला, कंकुेदवी, हआदेवी, डिम्पल, वर्षा, उपस्थित रही। कार्यक्रम के अन्त में अब्दूल हमीद के निर्देशन में हरे पौधो का वृक्षारोपण करवाया गया।

नवाचारों के जरिए मतदान के प्रति माहौल बनाने के निर्देश


बाड़मेर, 28 नवंबर। विधानसभा चुनाव में नवाचारों के जरिए मतदान के प्रति उत्साही माहौल बनाया जाए। सभी अधिकारी ग्राउंड लेवल पर जाकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हरसंभव प्रयास करें, ताकि 7 दिसंबर को अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी जोगाराम ने बुधवार को स्वीप कार्यक्रमों की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि ज्यादातर जिलों में स्वीप कार्यक्रमों और 25 नंवबर से 1 दिसंबर तक चल रहे सरगम सप्ताह के माध्यम से विभिन्न आयोजन और नवाचार करते हुए आमजन में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। सभी जिलों में दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर्स की व्यवस्था कर ली गई है। इसके अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो स्काउट गाइड कैडेट्स को भी नियोजित करने की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि इस बार सभी मतदान केंद्रों पर चार पोस्टर चिपकाकर मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया और मतदान से जुड़ी जानकारियों के बारे में बताया जाएगा। पहले पोस्टर में सभी उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्हों को दर्शाया जाएगा। वहीं दूसरे पोस्टर के जरिए ईवीएम-वीवीपैट के जरिए कैसे करें मतदान प्रक्रिया को चित्रों के माध्यम से समझाया जाएगा। तीसरे पोस्टर में मतदान केंद्र पर क्या करें और क्या करें संबंधी गाइड लाइंस होंगी तो चौथे पोस्टर में मतदान के लिए मतदाता पर्ची के अलावा काम में आने वाले वैकल्पिक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी जाएगी। जरिए मतदान करने संबंधी जानकारी बताई जाएगी।
उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद पारीक ने बताया कि प्रदेश के सभी 4 करोड़ 76 लाख से ज्यादा मतदाताओं तक 2 दिसंबर तक मतदाता पर्ची पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मतदाता पर्ची का अच्छा रेस्पॉन्स मिला था। इसी तरह 72 हजार से ज्यादा दृष्टिबाधित मतदाताओं को भी ब्रेलयुक्त वोटर स्लिप का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रत्येक घर में मतदाता सहायता पुस्तिका भी बांटी जाएगी। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने अपने जिलों में स्थानीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।

रविवार, 25 नवंबर 2018

अभिकर्ताओं को निर्वाचन व्यय संधारित करने के विविध पहलुओं से रूबरू कराया


                बाड़मेर, 25 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव 2018 के अन्तर्गत व्यय पर्यवेक्षक विभोर बदोनी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट कान्फ्रेंस हॉल में विधानसभा क्षेत्र बाडमेर एवं बायतु के सहायक व्यय पर्यवेक्षक, अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओ तथा लेखा टीम के सदस्यों का निर्वाचन व्यय संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
                इस दौरान व्यय पर्यवेक्षक विभोर बदोनी ने बताया कि समस्त अभ्यर्थियों की ओर से नामांकन तिथि से मतगणना तिथि तक किये गये व्ययों का समस्त विवरण निर्धारित रजिस्टरों तथा प्रारूपों में संधारित करना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यार्थियों के निर्वाचन व्यय का रिटर्निंग अधिकारी की ओर से जारी कलैण्डर अनुसार संबंधित व्यय पर्यवेक्षक, सहायक व्यय पर्यवेक्षक से निरीक्षण करवाया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्वाचन से संबंधित समस्त व्ययों हेतु पृथक से बैंक खाता खोलने के साथ 10 हजार रूपये से अधिक समस्त लेन-देन चैक, डीडी, आरटीजीएस के माध्यम से करना होगा। विधान सभा चुनाव हेतु प्रत्येक अभ्यर्थी की अधिकतम व्यय सीमा राशि 28 लाख रूपये है।
                व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी अधिकारी दिनेश बारहठ ने व्यय अनुवीक्षण के संबंध में समस्त पहलुओ पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ-साथ निर्वाचन व्यय से संबंधित समस्त प्रावधानों की पालना सुनिश्चित की जानी है। उन्हांेने निर्वाचन विभाग द्वारा घोषित अनुमत एवं गैर अनुमत व्ययों के बारे में तथा जिला स्तर से निर्धारित व्यय दरो एवं लेखांकन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उक्त प्रशिक्षण में सहायक व्यय पर्यवेक्षक चैनाराम, श्यामसुन्दर एवं ईश्वरलाल गहन लेखा दल से भंवरलाल एवं सुरेश गोलेच्छा, कनिष्ठ सहायक ललित छाजेड तथा अभिकर्ता सोहनलाल चौधरी, जसवंत बोहरा, दामोदर चौधरी, प्रतापसिंह, खेमराज कडवासरा उपस्थित रहे।

अभ्याथियों के निर्वाचन व्यय से संबंधित लेखों के प्रशिक्षण 26 नवम्बर से


                बाड़मेर, 25 नवम्बर। बाड़मेर जिले में सात विधानसभा क्षेत्रों के अभ्यथियों को उनके निर्वाचन अभियान के दौरान किए गए चुनावी व्यय की जांच अधिकृत किए गए अधिकारी से करवानी होगी।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव 2018 के अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय से संबंधित लेखों के निरीक्षण का कलैण्डर जारी कर दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि 2630 नवम्बर एवं 04 दिसम्बर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक विधान सभा क्षेत्र शिव एवं बाडमेर के अभ्यर्थियों तथा दोपहर 2 से सांय 5 बजे तक विधान सभा क्षेत्र बायतु एवं चौहटन के अभ्यर्थियों के निर्वाचन लेखों का निरीक्षण कलेक्ट्रेट कान्फ्रेंस हॉल बाड़मेर में रखा गया है। इसी तरह विधान सभा क्षेत्र पचपदरा एवं सिवाना के अभ्यर्थियों के निर्वाचन लेखों का निरीक्षण 27 नवम्बर, 01 एवं 05 दिसम्बर को दोपहर 2 से सांय 5 बजे तक संबंधित रिटर्निग अधिकारी कार्यालय में रखा गया है। विधान सभा क्षेत्र गुडामालानी के अभ्यर्थियों के निर्वाचन लेखों का निरीक्षण 27 नवम्बर,  01 एवं 05 दिसम्बर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक संबंधित रिटर्निग अधिकारी कार्यालय में रखा गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि एवं समय के बारे में अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओं, व्यय अभिकर्ताओं को अभ्यर्थी के लेखो के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है।

अभ्यर्थियों के आपराधिक प्रकरणों को 5 दिसम्बर तक प्रकाशित, प्रसारित करवाना अनिवार्य होगा


                बाड़मेर, 25 नवम्बर। निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी तथा समस्त रिटर्निंग अधिकारियों को विधानसभा चुनाव-2018 के लिए अभ्यर्थियों के आपराधिक रिकॉर्ड, यदि कोई हो, को प्रचारित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए है। इसके तहत यह सूचना 23 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक अलग-अलग तिथियों में प्रकाशित, प्रसारित करवानी होगी।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के 25 सितम्बर, 2018 को पारित निर्णय के अनुसरण में भारत निर्वाचन आयोग ने विस्तृत निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रारुप 26 में संशोधन किया गया है। इसके अनुसार फॅार्मेट सी-1 में चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी के द्वारा अपने आपराधिक रिकॉर्ड की सूचना निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक रुप से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में एवं टीवी चैनल्स में निर्धारित अवधि 23 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक के दौरान तीन अलग-अलग तिथियों पर प्रकाशित, प्रसारित करवानी होगी। यह सूचना समाचार पत्र के समस्त संस्करणों में प्रकाशित एवं टीवी चैनल पर भी राज्य स्तर पर प्रसारित करवानी होगी।
                जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने बताया कि फॉर्मेट सी-2 में राजनीतिक दलों को अपने अभ्यर्थियों के संबंध में आपराधिक रिकॉर्ड, यदि कोई हो, की सूचना राज्य में इसी अवधि के दौरान निर्देशानुसार प्रकाशित, प्रसारित करवानी होगी। इसके अलावा राजनीतिक दलों की ओर से यह सूचना अपनी बेबसाइट पर भी प्रदर्शित की जाएगी।

सुविधा पोर्टल से मिली उम्मीदवारों को सुविधा


                बाड़मेर, 25 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव-2018 के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा उम्मीदवार आम सभाओं, रैलियो, जुलूसों, लाउडस्पीकर के उपयोग, वाहनों के उपयोग की अनुमति ऑनलाईन प्राप्त की सकती हैं। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने ऑनलाईन सुविधा पोर्टल शुरू किया है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि सुविधा पोर्टल के माध्यम से राजनीतिक दल एवं प्रत्याशी चुनाव संबंधी सभा, मिटिंग, रैली, अस्थाई चुनाव कार्यालय, लाउडस्पीकर, हैलीकॉप्टर व हेलीपेड आदि की अनुमति के लिए ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। उन्होंने बताया कि सुविधा पोर्टल को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की वेब साइट www.ceo.rajasthan.nic.in पर आसानी से एक्सेस किया जा सकता है, जिसमें कुल 8 प्रकार की अनुमति ऑनलाईन प्राप्त की जा सकती है। उनके मुताबिक वाहन अनुमति, सभा करने की अनुुमति, कार्यालय खोलने की अनुमति, लाउडस्पीकर की अनुमति, स्ट्रीट कार्नर मीटिंग की अनुमति, हैलीकाप्टर एवं हेलीपेड की अनुमति, बैरीकेड्स की अनुमति, अन्तर जिला वाहन अनुमति ऑनलाईन प्राप्त की जा सकती है।
                उन्होंने बताया कि ऑनलाईन आवेदन के साथ प्रार्थना पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करके सुविधा पोर्टल अपलोड करना होता है लेकिन अनुमति लेने के लिए यह आवश्यक है कि आयोजन से 48 घंटे पूर्व प्रार्थना पत्र ऑनलाईन प्रस्तुत किया जावे। 48 घंटे से कम समय के लिए ऑनलाईन अनुमति नहीं दी जाएगी। आवेदन पत्र और निर्धारित परिपत्र भी पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं। इस तरह से निर्वाचन विभाग के इस अभिनव प्रयास ‘‘सुविधा’’ से बेहतर सुविधा हो गई है।

वनरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया


                बाड़मेर, 25 नवम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते एवं पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने रविवार को बाड़मेर जिले में विभिन्न वनरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष मतदान करवाएं जाने के निर्देश दिए।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते एवं पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने रविवार को जसाई, सनावड़ा, हाथी तला में वनरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से रूबरू होकर अपने वोट का प्रयोग आवश्यक रूप से करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जिले में विधानसभा चुनाव कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इतंजाम किए गए है। उन्होंने सम्बन्धित कार्मिकों को मतदान केन्द्रों पर बिजली, पानी, छाया सहित अन्य व्यवस्थाओं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करें : शर्मा


                बाड़मेर, 25 नवंबर। पचपदरा विधानसभा के केन्द्रीय पर्यवेक्षक देवदत्त शर्मा ने रविवार को पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
                इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा ने पुलिस उपाधीक्षक और थाना अधिकारियों के साथ कानून और व्यवस्था संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार महला ने बताया कि बैठक में कानून और व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए  शर्मा ने पुलिस अधिकारियों से वल्नरेबल और क्रिटिकल बूथ के दौरे कर न्यूनीकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में आदर्श आचार संहिता के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्रो तक लाने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक ने फ्लैग मार्च, हथियारों के थानों में जमा होने की स्थिति, अवैध शराब, डोडा, अफीम की जब्ती  कार्यवाही और अन्य कानून और व्यवस्था संबंधी मुद्दों से अवगत कराया इस पर उन्होंने चुनाव दिवस तक विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्र निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान हो सके। पर्यवेक्षक शर्मा ने पुलिस अधिकारियों से फोर्स डिप्लायमेंट संबंधी स्थिति समीक्षा करते हुए मतदान केन्द्रो पर फोर्स डिप्लोयमेंट के निर्देश दिये। इसके उपरांत स्वीप गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरगम सप्ताह के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाए। इसके लिए उन्होंने आर ओ एवं अन्य कार्मिको को प्रोत्साहित किया। बैठक मे उप अधीक्षक विक्रम सिह भाटी, सहायक रिटर्निग अधिकारी गोपीकिशन पालीवाल एवं बालोतरा थानाधिकारी पुष्पेन्द्र वर्मा, पचपदरा थानाधिकारी नेमाराम, कल्याणपुर थानाधिकारी सरोज चौधरी, मण्डली थानाधिकारी भंवरसिंह, समदड़ी थानाधिकारी धौलाराम, सिवाना थानाधिकारी दीपसिंह चौैहान उपस्थित रहें। लाईजनिंग अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बैठक के बाद पर्यवेक्षक शर्मा ने क्षेत्र के खेड़, कलावा, बोरावास, तिलवाड़ा, जागसा, बुड़ीवाड़ा आदि गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाताओं के लिए पानी, शौचालय, रैम्प आदि सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों को शीघ्र समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।



मतगणना केन्द्र एवं मतदान दलों की रवानगी स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश


जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

                बाड़मेर, 25 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने रविवार को राजकीय महाविद्यालय में मतदान दलों के रवानगी स्थल, मतगणना केन्द्र एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने मतगणना केन्द्र एवं रवानगी स्थलों पर ईवीएम के स्ट्रांग रूम्स तथा मतदान दलों की रवानगी के समय बनाए जाने वाले काउंटर्स की लोकेशन सहित आवश्यक तैयारियों के बारे में फीडबैक लेते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्धारित कक्षों के साथ ही नियंत्रण कक्ष, कम्प्यूटर एवं सांख्यिकी कक्ष, मीडिया प्रकोष्ठ सहित अन्य कक्षों के संबंध में उपस्थित प्रभारी अधिकारियों को व्यवस्थाओं के बारे में आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, भूमि अवाप्ति अधिकारी अशोक सांगवा, जिला परिवहन अधिकारी टीकूराम पूनड़ समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...