मंगलवार, 19 अक्टूबर 2021

सुआ देवी को मिला पालनहार योजना का सहारा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर 19 अक्टूबर। मंगलवार को बायतु की बोड़वा ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में सुआ देवी पत्नी स्वर्गीय सुराराम इस आशा से पहुंची कि उसे किसी न किसी सरकारी योजना का लाभ मिल सकेगा, जिस पर शिविर प्रभारी द्वारा उसे पालनहार योजना से जोड़कर कैंप में ही जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी के हाथों प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाकर आर्थिक संबल प्रदान किया।
शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी बायतु जगदीश सिंह आशिया ने बताया कि मंगलवार को बोड़वा में आयोजित शिविर में आई सुआ देवी के पति स्वर्गीय सुराराम का असामयिक निधन होने से उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुआ देवी को पालनहार योजना का लाभ दिलाने के लिए सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गंगा चौधरी एवं समाज कल्याण विभाग के मोहित जोशी ने आवश्यक दस्तावेज लेकर ई-मित्र से आवेदन ऑनलाइन करवाया तथा शिविर में ही तुरंत स्वीकृत भी करवाया। सुआ देवी को कैंप में ही जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी के हाथों पालनहार योजना का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। राज्य सरकार के प्रशासन गांवों के संग अभियान आभार व्यक्त करते हुए सुआ देवी के आंखों में खुशी के आंसू थे।
-0-

7 साल बाद भैराराम की दादी का मृत्यु प्रमाण पत्र हुआ जारी

 सफलता की कहानी

बाड़मेर 19 अक्टूबर। बाड़मेर की मातासर ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग शिविर में  दक्षिणी मातासर निवासी भैराराम की दादी स्वर्गीय गवरी देवी पत्नी हीराराम का मृत्यु प्रमाण पत्र 7 साल बाद आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराकर शिविर में ही बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन के हाथों उपलब्ध करवाया गया।
शिविर में आए भैराराम ने बताया कि उनकी दादी का स्वर्गवास वर्ष 2014 में हुआ था। मृत्यु प्रमाण पत्र के संबंध में पूर्व में परिजनों द्वारा प्रयास किए गए लेकिन कागजी कार्यवाही पूर्ण नहीं होने के कारण प्रमाण पत्र जारी ना हो सका। उन्होंने शिविर में उपस्थित होकर शिविर प्रभारी के समक्ष इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर भैराराम को आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर ही तहसीलदार द्वारा अनुज्ञा पत्र जारी किया गया तथा ग्राम विकास अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र जारी किया गया। भैराराम को बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन के हाथों उनकी दादी का मृत्यु प्रमाण पत्र सुपुर्द किया गया। उन्होंने राज्य सरकार के प्रशासन गांवों के संग अभियान में अधिकाधिक लोगों से जुड़ कर अपने लंबित कार्य को पूर्ण कराने का आह्वान किया।
-0-

नियमों में शिथिलता प्रदान कर नोजी देवी को आर्थिक सहायता

 बाड़मेर, 19 अक्टूबर। लाठी काठा, मगने की ढाणी कुडला निवासी नोजी देवी को मुख्यमंत्री सहायता कोष नियमों में शिथिलता प्रदान कर अपवाद स्वरूप बीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। 

जिला कलक्टर लोकबंधु ने बताया कि नोजी देवी को नियमों में शिथिलता प्रदान कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही उनके दामाद जोधाराम एवं बेटी मांगी देवी जो मानसिक विकलांग है उन्हें पेंशन स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त परिवार को चिरंजीवी बीमा योजना से भी जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने नियमों में शिथिलता प्रदान कर जरूरतमंद परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है।
-0-

प्रशासन गांवों के संग में लोगों के हो रहे काम

 10320 खातों का शुद्धिकरण, 10245 रिकॉर्ड प्रतिलिपियाँ जारी

लोग तत्परता से आगे आएं-जैन, काम का मौका नही चूके-अमीन


बाड़मेर, 19 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्रामीणों को राजस्व सहित 22 विभागो से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का त्वरित गति से निस्तारण कर राहत पहुंचाई जा रही है। 

  प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत बुधवार 20 अक्टूबर को 13 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। वहीं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत बुधवार को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 31 व 32 के लिए माणक चौक कल्याणपुरा में शिविर आयोजित होगा।

मंगलवार को बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने मातासर ग्राम पंचायत, शिव विधायक अमीन खान ने रामसर की गंगाला ग्राम पंचायत तथा जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने बायतु की बोड़वा एवं रामसर की गंगाला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों में शिरकत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभागीय अधिकारियों को आमजन के कार्यों को शिविर में ही निस्तारित करने के निर्देश दिए। 

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 18 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों की 119 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न विभागों के प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इन शिविरों में नामान्तरकरण के 9376 प्रकरण, राजस्व अभिलेख/खातों के शु़िद्धकरण के 10320 प्रकरण, आपसी सहमति से 1113 खातों का विभाजन, 176 रास्ते के प्रकरण, 8 नये राजस्व गांवों के प्रस्ताव, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी के 338 प्रकरण, 10245 राजस्व रेकार्ड की प्रतिलिपियों का वितरण  तथा जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण पत्र इत्यादि के 9227 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। 

  उन्होने बताया कि उक्त आयोजित शिविरों में 43141 लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया।

जिला कलक्टर ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य कार्य का शिविरों में निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 4601 आवासीय पट्टे, 140 हैंडपंप मरम्मत, 104 विद्युत सप्लाई व्यवधान के प्रकरणों का निराकरण, 1180 मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण  सहित विभिन्न विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 

बुधवार के शिविर

उन्होनें बताया कि बुधवार 20 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेरा में मारूड़ी, बाड़मेर ग्रामीण में लाखेटाली, बालोतरा में कालूडी, कल्याणपुर में मण्डली, गिड़ा में सवाउ पदमसिंह, धोरीमना में कोलियाना, आडेल में अणखिया, रामसर में गरडिया, सेड़वा में सालारिया शिव में काशमीर, सिणधरी में धनवा, सिवाना में कुसीप तथा चौहटन में मीठडाऊ ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

प्रशासन शहरों के संग

बुधवार को प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 31 व 32 के लिए महावीर चौक कल्याणपुर में शिविर आयोजित किया जाएगा।

-0-










सोमवार, 18 अक्टूबर 2021

पैतृक भूमि का राजीनामे के साथ 52 खातेदारों के बीच बंटवारा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 18 अक्टूबर। सिणधरी की टाकूबेरी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान कई वर्षा से संयुक्त खातेदारी भूमि का मौके पर समझाईश कर आपसी सहमति से 52 खातेदारों के बीच बंटवारा कर आदेश व नकल की प्रतिलिपियां हाथो हाथ शिविर में उपलब्ध कराई गई।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी विरमाराम ने बतायाकि टाकूबेरी में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम शिवनगर के संयुक्त खातेदार आसी पत्नी कवराराम, उमाराम पुत्र गजाराम, केकू पत्नी रावताराम मेघवंशी एवं अन्य 52 खातेदारो के बीच गत कई वर्षो से भूमि बंटवाडा संबंधी प्रकरण चल रहा था। सोमवार को शिविर में संयुक्त खातेदार मौके पर उपस्थित हुए तथा राजस्व अधिकारियों द्वारा बंटवाडे हेतु समझाईश की गई। उन्होने बताया कि वांछित दस्तावेजों एवं रिपोर्ट उपरान्त बंटवारे संबंधी प्रकरण का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाकर खातेदारान को आदेश व नकल की प्रतियां हाथो हाथ शिविर में ही सुपुर्द की गई। कई वर्षो से लम्बित चल रहे बंटवाडा प्रकरण का निस्तारण होने पर खातेदारों ने प्रशासन का आभार व्यक्त कर अपना काम होने की खुशी जाहिर की।
-0-

रोज री मिटी तकलीफ, ग्रामीणों के हाथो हाथ हुए काम

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 18 अक्टूबर। सोमवार को सिवाना पंचायत समिति की पादरडी कला ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान ग्रामीणों के भूमि आवंटन, भूमि विभाजन, बिजली के ढीले तारों एवं खराब विद्युत मीटरों के सुधार, बकाया पेंशन प्रकरणों सहित विभिन्न प्रकार के लम्बे समय से लम्बित मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी कुसुमलता चौहान ने बताया कि पादरडी में आयोजित शिविर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय जनेश्वर नगर हेतु भूमि आवंटन, सरकारी विभाग एवं परियोजना के लिए 7 बीघा भूमि आरक्षित के प्रस्ताव, सिंचाई विभाग मेली फीडर की साफ सफाई एवं मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए गए वहीं श्रमिक डायरी हेतु लोगों से ई मित्र पर हाथो हाथ ऑन लाईन आवेदन प्रस्तुत करवाए गए। इसी प्रकार दो सामलाती भुमियों के बंटवारे जिसमें 11 विभाजन हुए। उन्होने बताया कि शिविर में गटटू देवी निवासी हरमलपुरा के लम्बे समय से बकाया पेंशन पीपीओ हाथों हाथ ऑनलाईन करवाकर राहत प्रदान की गई। शिविर के दौरान लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया गया। उन्होने बताया कि शिविर में आमजन की रोजमर्रा की तकलीफों का निस्तारण कर राहत पहुंचाई गई।
-0-

शिविरों में बन रहे मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसानों को फसल चयन की मिल सकेगी जानकारी

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 18 अक्टूबर। सोमवार को सिणधरी पंचायत समिति की टाकूबेरी ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान किसानों के खेतों से लिए गए मृदा नमूनों का परीक्षण करवा कर मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। जिससे किसानों को अपने खेतों की मृदा के स्वास्थ्य, पोषण प्रबन्धन, सफेद व काले उसर की पहचान एवं सुधार तथा फसलों के चयन की जानकारी मिल सकेगी।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी सिणधरी विरमाराम ने बताया कि सोमवार को टाकूबेरी में आयोजित शिविर के दौरान जालाराम निवासी शिवनगर एवं थानाराम निवासी राणेरी सहित क्षेत्र के 28 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। उन्होने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दर्शाए अनुसार खाद एंव उर्वरक का प्रयोग करने से किसानों को अपने खेतों में अनावश्यक मात्रा में खाद एवं उर्वरक नहीं देना पड़ेगा और अनावश्यक खर्च की भी बचत होगी। उन्होने शिविर के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के बारे में जानकारी भी कराई। जानकारी के पश्चात् किसानों ने माना कि मृदा के बारे में जानकारी से अब उपज में बढोतरी की जा सकेगी तथा अच्छी गुणवता की फसल से अच्छी आमदनी भी हो सकेगी।
-0-

चार कि.मी. लम्बा रास्ता राजस्व रेकर्ड में हुआ दर्ज, दो गांवों के लोग होंगे लाभान्वित

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 18 अक्टूबर। सोमवार को गिड़ा पंचायत समिति की खोखसर ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान चैनपुरा एवं धान्धुपुरा को खोखसर ग्राम पंचायत मुख्यालय से जोड़ने वाली 4 किलोमीटर लम्बा रास्ता आपसी सहमति से राजस्व रेकर्ड में गैर मुमकीन रास्ता दर्ज करवाकर 2 गांवों के सैकड़ो लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी बायतु जगदीश सिंह आंशिया ने बताया कि सोमवार को आयोजित शिविर में विजयसिंह, रेवन्तसिंह निवासी धांधुपुरा ने अपने खातेदारी खेत एवं ढाणियों में जाने हेतु रास्ते के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया, जिस पर रास्ते का प्रस्ताव तैयार करने हेतु तहसीलदार गिड़ा को निर्देशित किया गया, जिन्होने मौके पर जाकर सहमति से रास्ता दिलवाने हेतु समझाईश की। इस पर काश्तकार मालमसिंह, कानसिंह, भगवानसिंह, कुन्दनसिंह, पब सिंह ने सहमति से रास्ते के लिए भूमि समर्पित की। रास्ता उपलब्ध करवाने का सिलसिला आगे बढा और एक-एक करके ग्राम धांधुपुरा एवं चैनपुरा के खातेदारों ने अपनी भूमि राज्य सरकार को समर्पित की एवं नामान्तरकरण दर्ज कर रेकर्ड में अमलदरामद किया गया। इस प्रकार खोखसर में आयोजित शिविर उक्त दोनों गांवों के निवासियों के लिए वरदान साबित हुआ।
-0-

अब तक चालीस हजार से अधिक लोगों ने की शिविरों में शिरकत

 प्रशासन गांवों के संग अभियान परवान पर

3465 आवासीय पट्टे जारी, 8452 का नामान्तरकरण
बाड़मेर, 18 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्रामीणों के राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का त्वरित गति से निस्तारण कर राहत पहुंचाई जा रही है। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार 19 अक्टूबर को 4 तथा बुधवार 20 अक्टूबर को 13 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। वहीं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत बुधवार 20 अक्टूबर को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 31 व 32 के लिए माणक चौक कल्याणपुरा में शिविर आयोजित होगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 17 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों की 111 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर राजस्व सहित विभिन्न विभागों के प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इन शिविरों में नामान्तरकरण के 8452 प्रकरण, राजस्व अभिलेख/खातों के शु़िद्धकरण के 8431 प्रकरण, आपसी सहमति से 986 खातों का विभाजन, 140 रास्ते के प्रकरण, 27 अतिक्रमणों के प्रकरणों पर कार्यवाही, 7 नये राजस्व गांवों के प्रस्ताव, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी के 293 प्रकरण, आबादी भूमि विस्तार आवंटन/आरक्षण के 29 प्रस्ताव, सार्वजनिक/राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण के 429 प्रस्ताव, 9556 राजस्व रेकार्ड की प्रतिलिपियों का वितरण, सहमति से पैतृक भूमि के 144 लम्बित वादों का निस्तारण तथा जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण पत्र इत्यादि के 8367 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होने बताया कि उक्त आयोजित शिविरों में 40733 लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया।
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य कार्य का शिविरों में निस्तारण किया जा रहा है। अब तक 3983 नवीन जॉबकार्ड, उज्जवला योजना के 589 कनेक्शन, सौभाग्य योजना के 36 विद्युत कनेक्शन, 736 श्रमिक कार्ड, 3465 जारी पट्टे, 1092 जन्म प्रमाण पत्र, 175 मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
आज के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार 19 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण में मातासर, बायतु में बोडवा, रामसर में गंगाला तथा समदडी में सेवाली ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
कल के शिविर  
उन्होनें बताया कि बुधवार 20 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेरा में मारूड़ी, बाड़मेर ग्रामीण में लाखेटाली, बालोतरा में कालूडी, कल्याणपुर में मण्डली, गिड़ा में सवाउ पदमसिंह, धोरीमना में कोलियाना, आडेल में अणखिया, रामसर में गरडिया, सेड़वा में सालारिया शिव में काशमीर, सिणधरी में धनवा, सिवाना में कुसीप तथा चौहटन में मीठडाऊ ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं इसी दिन प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 31 व 32 के लिए महावीर चौक कल्याणपुर में शिविर आयोजित किया जाएगा।
-0-










रविवार, 17 अक्टूबर 2021

जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता के दिए निर्देश

 राजीव गांधी जलसंचय योजना के कार्यों को मिलेगी गति

 बाड़मेर, 17 अक्टूबर। जिले में जल सरंक्षण की महती योजना राजीव गांधी जल संचय के कार्यों का जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को मौक़े पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्ता को बरकरार रखते हुए तय समय पर कार्यों को पूरा करने को कहा।
  जिला कलेक्टर बंधु ने बालोतरा ब्लॉक की सिणली जागीर ग्राम पंचायत में रनिया नाला चेक डैम का निरीक्षण किया। करीब चौदह लाख लागत का यह कार्य 2020-21 का कार्य है जो लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने चैक डैम का बारीकी से निरीक्षण कर इसकी गुणवत्ता को देखा एवं इसकी क्षमता एवं उपादेयता की विस्तृत जानकारी ली। डेम के तल में झाड़ियां व मिटटी भरी हुई थी जिसे जिला कलेक्टर ने तुरंत प्रभाव से साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए की डैम की एमबी लेकर एस्टीमेट से चेक किया जाए और अपने ए ई एन से सत्यापन करवा कर जिला कलेक्ट्रेट में सूचना प्रेषित करें
इस कार्य की वर्क एजेंसी  वाटर शेड डिपार्टमेंट है। उन्होंने इसकी यूसी एवं सीसी की भी जानकारी ली।
  निरीक्षण के दौरान बालोतरा विकास अधिकारी शिव दयाल शर्मा एवं अधीनस्थ कार्मिक भी साथ रहे।
   इसी तरह जिला कलेक्टर लोक बंधु ने राजीव गांधी जलसंचय योजना के अंतर्गत कल्याणपुर पंचायत समिति की देवरिया पंचायत में तालाब के कार्य का भी जायजा लिया। योजना के तहत पर इस कार्य पर दस लाख रूपए की स्वीकृति जारी की गई हैं, जिसमें श्रम एवं सामग्री दोनों मद के अंतर्गत कार्य करवाया जाएगा। यह कार्य पूर्ण होने पर तालाब में 15 से 20 हजार लीटर जल संग्रहण हो सकेगा जिससे पेयजल एवं पशुधन के लिए वर्ष भर की पानी की आवश्यकता पूर्ण हो सकेगी। जिला कलेक्टर ने स्वीकृत कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा एवं गुणवत्ता बरकरार रखने के निर्देश दिए।
-0-







शनिवार, 16 अक्टूबर 2021

प्रत्येक व्यक्ति उठाए अभियान का लाभ-प्रभारी मंत्री

 प्रशासन गांवों के संग अभियान तेजी पर

आवश्यकता के अनुसार प्लान करें फॉलोअप कैम्प- प्रभारी सचिव
प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण
बाड़मेर, 16 अक्टूबर। जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, प्रभारी सचिव राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु ने शनिवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान का सघन निरीक्षण किया एवं सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति तक अभियान का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
   प्रभारी मंत्री एवं वन तथा पर्यावरण राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने समदड़ी की ढिढस, बालोतरा की पारलू एवं बाड़मेर की दूदाबेरी पंचायतो में लगे शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक मेवाराम जैन, मदन प्रजापत, प्रभारी सचिव राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु भी मौजूद रहे।
 इस मौके पर प्रभारी मंत्री मंत्री एवं विधायक ने लाभार्थियों को पट्टे, पालनहार योजना के तहत स्वीकृति पत्र, ट्राईसाईकिल, आवास प्लस स्वीकृतियां आदि प्रदान की।
इस अवसर पर मंत्री विश्नोई ने कहा कि अभियान की सफलता की जिम्मेदारी अभियान से जुड़े सभी 22 विभागों के कंधों पर है। इसे समझते हुए प्रत्येक विभाग के अधिकारी पूर्ण गंभीरता तथा जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अंतिम प्रकरण के नियम सम्मत निस्तारण तक अधिकारी शिविरों में बने रहें तथा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत पहुंचाने की ततपरता दिखाएं।
 प्रभारी सचिव शर्मा ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों में आमजन के कल्याण के अनेक कदम उठाए हैं। यह शिविर भी इसी श्रृखला की एक कड़ी है। 
 विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान निःशुल्क दवा और निःशुल्क जांच योजना लागू करने में देश का पहला राज्य था। अब मुख्यमंत्री की पहल पर चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक परिवार को पांच लाख रूपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करवाया जा रहा है।
 जिला कलेक्टर लोकबंधु ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। 
राजस्व मंत्री का वर्चुअल संवाद
बायतु ब्लॉक की खोथो की ढाणी में आयोजित शिविर में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने ग्रमीणों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि शिविरों का माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के बीच आए हैं, ग्रामीण इनका लाभ उठाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण हाथों-हाथ निस्तारित नहीं हो पाएं, उन्हें फॉलो-अप कैम्प लगाकर निस्तारित किया जाए। उन्होंने साथ ही प्री-कैम्प्स के महत्त्व के बारे में बताया।
  प्रभारी उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया ने बताया कि शिविर में 216 नामान्तरण, 149 शुद्धिकरण, 29 बंटवारे किए गए। 3 लोगों को पट्टे व 29 को पेंशन ऑर्डर जारी किए गए।
विधायक जैन का जनभागीदारी का आव्हान
बाड़मेर ब्लॉक के दूधाबेरी में आयोजित शिविर के दौरान विधायक मेवाराम जैन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भागीदारी कर घर आई गंगा से लाभ उठाने का आह्वान किया।
 शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी रोहित चौहान ने बताया कि इस दिन 40 पट्टे, 34 बंटवारे, 54 नामांतरण एवं 341 नाम शुद्धिकरण किए गए।
-0-










शुक्रवार, 15 अक्टूबर 2021

राजस्व दिवस पर लगाए अशोक के पौधे

 बाड़मेर, 15 अक्टूबर। दूसरे राजस्व दिवस के मौके पर शुक्रवार को वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजस्व मंत्री हरीश चौधरी एवं राजस्व मंडल के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने राजस्व दिवस की बधाई दी।

  इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर लोकबंधु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रत्नू, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान ने भाग लिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के राजस्व शाखा के प्रभारी टिल सिंह समेत राजस्व कार्मिक मौजूद रहे।
   कार्यक्रम के बाद तहसील परिसर में पौधरोपण किया गया। इसमें जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने अशोक, नीम समेत 5 पौधे लगाए।
-0-





विभिन्न दुर्घटनाओं के पीड़ितो को कुल बीस लाख की आर्थिक सहायता

 मुख्यमंत्री सहायता कोष

बाड़मेर, 15 अक्टूबर। विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 20 व्यक्तियों को कुल बीस लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों में विभिन्न दुर्घटनाओं में 20 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से स्वीकृत की गई है।
-0-

सुकून पहुंचा रहा प्रशासन गांवों के संग अभियान

 शनिवार को प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई लेंगे जायजा

अभियान से जुड़े विभागों के जिलाधिकारी खुद रहेंगे मौजूद
बाड़मेर, 15 अक्टूबर। जिले में दूर- दराज के ग्रामीण क्षेत्रों  में 22 विभागों से जुड़े लोगों के काम हाथों हाथ होने से प्रशासन गांवों के संग अभियान सुकून पहुंचा रहा है। अभियान की प्रगति की जानकारी लेने शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई शिविरों में मौके पर जाकर देखेंगे।
       जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री सुखराम विश्नोई शुक्रवार को बाड़मेर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को प्रातः 9 बजे बाड़मेर से प्रस्थान कर 10 बजे दूदाबेरी पहुंच कर प्रशासन गांवों के संग आयोजित शिविर का जायजा लेंगे। इसके पश्चात् वे खोथों की ढाणी (बायतु) पारलू (बालोतरा) एवं ढींढस (समदडी) ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी लेंगे। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी 22 विभागों के जिला अधिकारियो को खुद मौके पर रहने एवं अपने विभाग से जुड़े कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है।
मगरा में शिविर रहा सफल
वहीं प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति गडरारोड में मगरा में शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 22 विभागों से जुड़े काम हाथों हाथ निपटाए गए। इस दौरान विधायक अमीन खान ने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने को कहा। शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा ने राजस्व कार्यों के बारे में जानकारी दी।
अधिकतम हो काम
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए, तब ही शिविरों की महत्ता सार्थक होगी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 15 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों में 93 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। 
आज के शिविर
शनिवार 16 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर की दूदाबेरी, बालोतरा की पारलू, कल्याणपुर की कांकराला, बायतु की खोथों की ढाणी, गडरारोड़ की ताणूमानजी, गुडामालानी की गादेवी तथा समदडी की ढींढस ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किया जाएगा।  
सोमवार के शिविर
अभियान में सोमवार को बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति में सरली में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी तरह बालोतरा में दूदवा मल्लीनाथ, कल्याणपुर में छाछरलाई कला, गिड़ा में खोखर, धोरीमन्ना में भागभरे की बेरी गुड़ामालानी में आलपुरा, सेड़वा में सिंहार, शिव में भिंयाड़, सिणधरी में टाकू बेरी, सिवाना में पादरड़ी कला एवं धनाऊ में कृष्ण का तला में शिविर आयोजित होंगे।
 -0-



गुरुवार, 14 अक्टूबर 2021

27 साल बाद मृतका नैनु देवी के वारिसानों को मिला खातेदारी हक

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। गुरूवार को पंचायत समिति पायला कला की ग्राम पंचायत एड मानजी में प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 के तहत आयोजित शिविर में नैनु देवी के वारिसानों को 27 साल बाद खातेदारी का हक प्राप्त हुआ।
एड मानजी में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम वणाकों का बेरा ग्राम पंचायत एड मानजी निवासी कवंराराम व अन्य वारिसान ने उपस्थित होकर बताया कि उनकी माता नैनुदेवी का सन् 1993 में मृत्यु हो जाने से राजस्व रेकर्ड में वारिसानों का नाम दर्ज नहीं है। इस पर राजस्व रेकर्ड में वारिसानों का नाम शिविर में सार्वजनिक रूप से पढे जाने पर ज्ञात हुआ कि उनकी माता का नाम राजस्व रेकर्ड में नन्द देवी अंकित होना पाया गया। इस पर मृतका के वारिसान आवेदनकों द्वारा कानूनन वारिसानों के नाम राजस्व रेकर्ड में दर्ज करने हेतु आवेदन किया। जिस पर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति व जांच उपरान्त स्वर्गीय नेनू देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाकर उनके वारिसानों का नाम नियमानुसार राजस्व रेकर्ड में दर्ज किया गया। एक ही दिन में आवेदक कंवराराम एवं वारिसानों को 27 साल बाद खातेदारी का हक मिला, जिस पर नेनूदेवी के वारिसानों ने खुशी जाहिर की।
-0-

81 वर्षीय वृद्धा रेसा बाई को पट्टे के रूप में मिली नई सौगात

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की ग्रामीण जनता तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विभिन्न समस्याओं को मौके पर ही त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 पोशाल निवासी रेसा बाई के लिए एक नई सौगात लेकर आया।
शिव पंचायत समिति की पोशाल ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान में शिव विधायक अमीन खान, उपखण्ड अधिकारी महावीरसिंह जोधा, प्रधान महेन्द्र जाणी, फतेह खान, बच्चू खान, तहसीलदार शिव, विकास अधिकारी शिव उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विकास अधिकारी शिव द्वारा माईक से बोला गया कि रेसा बाई को पट्टा देने के लिए मैं विधायक महोदय से आग्रह कर रहा हॅू तब रेसा बाई की खुशी सातवे आसमान पर थी। उनकी आंखों में एक नई चमक आई। दरअसल रेसा बाई ने प्री कैंप के दौरान सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी को घर का पट्टा बनवाने का अनुरोध किया था इस पर उन्होने वृद्धा रेसा बाई के कागजात प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की और आज अभियान में रेसा बाई को पट्टा वितरित किया गया। पट्टा पाकर रेसा बाई ने कहा कि आज मेरा काम हुआ, मैं खुश हॅू।
-0-





भूमिहीन विधवा मांगी देवी को मिला निःशुल्क भूमि का पट्टा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। गुरूवार को गुडामालानी पंचायत समिति क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेघवालों की ढाणी (सिंधासवा चौहान) में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर भूमिहीन विधवा मांगी देवी की झोली में अप्रत्याशित खुशियां लेकर आया।
शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी गुडामालानी प्रमोद कुमार ने बताया कि मांगीदेवी जिनके पति का 14 वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो गया था जो परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी स्वयं मांगीदेवी पर आ गई थी। मांगीदेवी के परिवार में दो बेटे भीखाराम 20 वर्ष एवं उदाराम 17 वर्ष परिवार की जिम्मेदारी संभालने के सक्षम नहीं है, ऐसे में मांगीदेवी दिहाड़ी मजदूरी करके जैसे तैसे परिवार का निर्वहन करती है और कच्चे घर मंे जीवनयापन करती है। मांगी देवी के पास गांव में स्वयं के नाम की भूमि भी नहीं थी। ऐसे में प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 मांगी देवी के लिए वरदान साबित हुआ। शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी गुडामालानी प्रमोद कुमार ने भूमिहीन विधवा मांगीदेवी को नियम 158 के तहत निःशुल्क 2275 वर्गफीट का पट्टा जारी किया। भूमिहीन विधवा मांगीदेवी के पुत्र भीखाराम को जब शिविर में अपनी मॉ मांगीदेवी के नाम का पट्टा प्राप्त हुआ तो उसके आंखों से खुशियों के ऑंसू छलक पडे़ और अनायास ही भीखाराम के मुंह से निकल पड़ा ‘‘ सरकार ने आज नियाल कर दिया , मेरा काम हुआ मैं खुश हॅू। ‘‘
-0-

20 वर्षो से लम्बित सामलाती कृषि भूमि का हुआ बंटवाड़ा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। सिवाना उपखण्ड मुख्यालय पर आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत 20 वर्षो से लम्बित संयुक्त कृषि भूमि का महज आधे घण्टें में बंटवाडा कर राजस्व रिकार्ड में इन्द्राज किया गया।
उपखण्ड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी सिवाना कुसुमलता चौहान ने बताया कि गुरूवार को सिवाना में आयोजित शिविर में आंबसिंह, चंदनसिंह, भंवरसिंह वगैराह पुत्र राणसिंह जाति राजपुत निवासी सिवाना कृषि भूमि के बंटवारे संबंधी आपसी सहमति का मामला लेकर दस्तावेज सहित उपस्थित हुए। उन्होने निवेदन किया कि कृषि भूमि सामलाती होने के कारण सिंचाई, जुताई, विद्युत, बैंक संबंधी कार्य, ऋण, केसीसी, भवन निर्माण, फसल के बंटवारे, जमीन की किस्म एवं सीमा ज्ञान इत्यादि में परेशानी के साथ हर काम प्रभावित होता है। उन्होने बताया कि जमीन की आपसी विवादास्पद स्थितियां इतनी भंयकर रूप धारण किए हुए है कि इससे भाईयों का भाईचारा और परिवार का सारा अमन चैन ही बिगाड़ कर रख दिया है। इस पर शिविर प्रभारी कुसुमलता चौहान ने आपसी सुलह, शांति पूर्वक तरीके तथा पारिवारिक रिश्तों की समझ के साथ कानूनी प्रक्रिया से मात्र 30 मिनट में ही सामलाती कृषि भूमि के बंटवारे का आदेश कर राजस्व रिकार्ड में हाथो हाथ इन्द्राज करवाया गया। शिविर में बंटवारे हेतु उपस्थित सभी उस परिवार के सदस्यों ने खुशी का इजहार करते हुए प्रशासन तथा राज्य सरकार का शुक्रिया अदा किया।
-0-

राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना में 31 अक्टूबर तक पंजीयन आवश्यक

 बाड़मेर, 14 अक्टूबर। राज्य सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेन्शनरों को कैशलेस एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्धेश्य से राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना 1 जुलाई, 2021 से लागू की गयी है। उक्त योजना में आरजीएचएस वेब पोर्टल पर 31 अक्टूबर, 2021 तक पंजीयन करवाया जाना अनिवार्य है। वेबसाईट www.rghs@rajasthan.gov.in है।

कोषाधिकारी बाड़मेर दिनेश बारहठ ने बताया कि योजना के लिए राज्य बीमा एवं प्र्रावधायी निधि विभाग बाड़मेर को नोडल विभाग बनाया गया है। दिनांक एक जनवरी, 2004 के पूर्व और पश्चात् नियुक्त सेवारत एवं सेवा निवृत कार्मिकों को आरजीएचएस पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उन्होने बताया कि वित्त विभाग के आदेशानुसार एक अक्टूबर, 2021 से 31 अक्टूबर, 2021 तक के इन्डोर/आउटडोर रोगी के रूप में चिकित्सा पुनर्भरण के दावे आरजीएचएस कार्ड धारक के ही स्वीकृत किए जाएंगे तथा एक नवम्बर, 2021 से समस्त कर्मचारी एवं पेशनर्स को इान्डोर/आउटडोर उपचार की सुविधा आरजीएचएस कार्ड के माध्यम से आरजीएचएस में अधिकृत एचसीएनपी अनुमोदित चिकित्सालयों आदि के माध्यम से ही प्राप्त कर सकेंगे। उन्होने बताया कि आरजीएचएस वेब पोर्टली पर पंजीयन हेतु राज्य बीमा एवं प्राधायी निधि विभाग एवं कोष कार्यालय बाडमेर में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अतिरिक्त पंजीयन हेतु नजदीकी ई मित्र अथवा हेल्प लाईन/हेल्प डेस्क से सम्पर्क किया जा सकता है। हेल्प लाईन ई मेल एड्रेस helpdesk.sipf@rajasthan.gov.in हैल्प लाईन नम्बर (टोल फ्री) 181 है।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान में त्वरित हो रहा राजस्व प्रकरणों का निस्तारण

 जिला कलक्टर ने की प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान की समीक्षा

छह हजार से अधिक नामान्तरणकरण तस्दीक
बाड़मेर, 14 अक्टूबर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार सायं प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान से जुडे अधिकारियों की बैठक लेकर अब तक की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने अभियान से जुडे विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वयं शिविरों में जाकर उनके विभाग से जुडे विभिन्न कार्यो का मौके पर ही निस्तारण करवाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों को कार्यो के निस्तारण में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए, तब ही शिविरों की महत्ता सार्थक होगी।  
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 14 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों में 92 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इन शिविरों में नामान्तरकरण के 6419 प्रकरण, राजस्व अभिलेख/खातों के शु़िद्धकरण के 6137 प्रकरण, आपसी सहमति से 735 खातों का विभाजन, 108 रास्ते के प्रकरण, गैर खातेदारी से खातेदारी के 4 प्रकरण, 22 अतिक्रमणों के प्रकरणों पर कार्यवाही, 7 नये राजस्व गांवों के प्रस्ताव, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी के 200 प्रकरण, आबादी भूमि विस्तार आवंटन/आरक्षण के 22 प्रस्ताव, सार्वजनिक/राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण के 100 प्रस्ताव, 6925 राजस्व रेकार्ड की प्रतिलिपियों का वितरण, सहमति से पैतृक भूमि के 119 लम्बित वादों का निस्तारण तथा जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण पत्र इत्यादि के 6138 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होने बताया कि उक्त आयोजित शिविरों में 32071 लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया।
शुक्रवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शुक्रवार 15 अक्टूबर को पंचायत समिति गडरारोड में मगरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शनिवार के शिविर
उन्होनें बताया कि शनिवार 16 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर की दूदाबेरी, बालोतरा की पारलू, कल्याणपुर की कांकराला, बायतु की खोथों की ढाणी, गडरारोड़ की ताणूमानजी, गुडामालानी की गादेवी तथा समदडी की ढींढस ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किया जाएगा।  
-0-









लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...