रविवार, 17 अक्टूबर 2021

जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता के दिए निर्देश

 राजीव गांधी जलसंचय योजना के कार्यों को मिलेगी गति

 बाड़मेर, 17 अक्टूबर। जिले में जल सरंक्षण की महती योजना राजीव गांधी जल संचय के कार्यों का जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को मौक़े पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्ता को बरकरार रखते हुए तय समय पर कार्यों को पूरा करने को कहा।
  जिला कलेक्टर बंधु ने बालोतरा ब्लॉक की सिणली जागीर ग्राम पंचायत में रनिया नाला चेक डैम का निरीक्षण किया। करीब चौदह लाख लागत का यह कार्य 2020-21 का कार्य है जो लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने चैक डैम का बारीकी से निरीक्षण कर इसकी गुणवत्ता को देखा एवं इसकी क्षमता एवं उपादेयता की विस्तृत जानकारी ली। डेम के तल में झाड़ियां व मिटटी भरी हुई थी जिसे जिला कलेक्टर ने तुरंत प्रभाव से साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए की डैम की एमबी लेकर एस्टीमेट से चेक किया जाए और अपने ए ई एन से सत्यापन करवा कर जिला कलेक्ट्रेट में सूचना प्रेषित करें
इस कार्य की वर्क एजेंसी  वाटर शेड डिपार्टमेंट है। उन्होंने इसकी यूसी एवं सीसी की भी जानकारी ली।
  निरीक्षण के दौरान बालोतरा विकास अधिकारी शिव दयाल शर्मा एवं अधीनस्थ कार्मिक भी साथ रहे।
   इसी तरह जिला कलेक्टर लोक बंधु ने राजीव गांधी जलसंचय योजना के अंतर्गत कल्याणपुर पंचायत समिति की देवरिया पंचायत में तालाब के कार्य का भी जायजा लिया। योजना के तहत पर इस कार्य पर दस लाख रूपए की स्वीकृति जारी की गई हैं, जिसमें श्रम एवं सामग्री दोनों मद के अंतर्गत कार्य करवाया जाएगा। यह कार्य पूर्ण होने पर तालाब में 15 से 20 हजार लीटर जल संग्रहण हो सकेगा जिससे पेयजल एवं पशुधन के लिए वर्ष भर की पानी की आवश्यकता पूर्ण हो सकेगी। जिला कलेक्टर ने स्वीकृत कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा एवं गुणवत्ता बरकरार रखने के निर्देश दिए।
-0-







शनिवार, 16 अक्टूबर 2021

प्रत्येक व्यक्ति उठाए अभियान का लाभ-प्रभारी मंत्री

 प्रशासन गांवों के संग अभियान तेजी पर

आवश्यकता के अनुसार प्लान करें फॉलोअप कैम्प- प्रभारी सचिव
प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण
बाड़मेर, 16 अक्टूबर। जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, प्रभारी सचिव राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु ने शनिवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान का सघन निरीक्षण किया एवं सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति तक अभियान का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
   प्रभारी मंत्री एवं वन तथा पर्यावरण राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने समदड़ी की ढिढस, बालोतरा की पारलू एवं बाड़मेर की दूदाबेरी पंचायतो में लगे शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक मेवाराम जैन, मदन प्रजापत, प्रभारी सचिव राजेश शर्मा तथा जिला कलेक्टर लोकबंधु भी मौजूद रहे।
 इस मौके पर प्रभारी मंत्री मंत्री एवं विधायक ने लाभार्थियों को पट्टे, पालनहार योजना के तहत स्वीकृति पत्र, ट्राईसाईकिल, आवास प्लस स्वीकृतियां आदि प्रदान की।
इस अवसर पर मंत्री विश्नोई ने कहा कि अभियान की सफलता की जिम्मेदारी अभियान से जुड़े सभी 22 विभागों के कंधों पर है। इसे समझते हुए प्रत्येक विभाग के अधिकारी पूर्ण गंभीरता तथा जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अंतिम प्रकरण के नियम सम्मत निस्तारण तक अधिकारी शिविरों में बने रहें तथा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत पहुंचाने की ततपरता दिखाएं।
 प्रभारी सचिव शर्मा ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों में आमजन के कल्याण के अनेक कदम उठाए हैं। यह शिविर भी इसी श्रृखला की एक कड़ी है। 
 विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान निःशुल्क दवा और निःशुल्क जांच योजना लागू करने में देश का पहला राज्य था। अब मुख्यमंत्री की पहल पर चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक परिवार को पांच लाख रूपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करवाया जा रहा है।
 जिला कलेक्टर लोकबंधु ने कहा कि शिविरों के दौरान अधिकारी राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। 
राजस्व मंत्री का वर्चुअल संवाद
बायतु ब्लॉक की खोथो की ढाणी में आयोजित शिविर में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने ग्रमीणों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि शिविरों का माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के बीच आए हैं, ग्रामीण इनका लाभ उठाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण हाथों-हाथ निस्तारित नहीं हो पाएं, उन्हें फॉलो-अप कैम्प लगाकर निस्तारित किया जाए। उन्होंने साथ ही प्री-कैम्प्स के महत्त्व के बारे में बताया।
  प्रभारी उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया ने बताया कि शिविर में 216 नामान्तरण, 149 शुद्धिकरण, 29 बंटवारे किए गए। 3 लोगों को पट्टे व 29 को पेंशन ऑर्डर जारी किए गए।
विधायक जैन का जनभागीदारी का आव्हान
बाड़मेर ब्लॉक के दूधाबेरी में आयोजित शिविर के दौरान विधायक मेवाराम जैन ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भागीदारी कर घर आई गंगा से लाभ उठाने का आह्वान किया।
 शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी रोहित चौहान ने बताया कि इस दिन 40 पट्टे, 34 बंटवारे, 54 नामांतरण एवं 341 नाम शुद्धिकरण किए गए।
-0-










शुक्रवार, 15 अक्टूबर 2021

राजस्व दिवस पर लगाए अशोक के पौधे

 बाड़मेर, 15 अक्टूबर। दूसरे राजस्व दिवस के मौके पर शुक्रवार को वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजस्व मंत्री हरीश चौधरी एवं राजस्व मंडल के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने राजस्व दिवस की बधाई दी।

  इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर लोकबंधु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रत्नू, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान ने भाग लिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के राजस्व शाखा के प्रभारी टिल सिंह समेत राजस्व कार्मिक मौजूद रहे।
   कार्यक्रम के बाद तहसील परिसर में पौधरोपण किया गया। इसमें जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने अशोक, नीम समेत 5 पौधे लगाए।
-0-





विभिन्न दुर्घटनाओं के पीड़ितो को कुल बीस लाख की आर्थिक सहायता

 मुख्यमंत्री सहायता कोष

बाड़मेर, 15 अक्टूबर। विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 20 व्यक्तियों को कुल बीस लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों में विभिन्न दुर्घटनाओं में 20 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से स्वीकृत की गई है।
-0-

सुकून पहुंचा रहा प्रशासन गांवों के संग अभियान

 शनिवार को प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई लेंगे जायजा

अभियान से जुड़े विभागों के जिलाधिकारी खुद रहेंगे मौजूद
बाड़मेर, 15 अक्टूबर। जिले में दूर- दराज के ग्रामीण क्षेत्रों  में 22 विभागों से जुड़े लोगों के काम हाथों हाथ होने से प्रशासन गांवों के संग अभियान सुकून पहुंचा रहा है। अभियान की प्रगति की जानकारी लेने शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई शिविरों में मौके पर जाकर देखेंगे।
       जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री सुखराम विश्नोई शुक्रवार को बाड़मेर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को प्रातः 9 बजे बाड़मेर से प्रस्थान कर 10 बजे दूदाबेरी पहुंच कर प्रशासन गांवों के संग आयोजित शिविर का जायजा लेंगे। इसके पश्चात् वे खोथों की ढाणी (बायतु) पारलू (बालोतरा) एवं ढींढस (समदडी) ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी लेंगे। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी 22 विभागों के जिला अधिकारियो को खुद मौके पर रहने एवं अपने विभाग से जुड़े कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है।
मगरा में शिविर रहा सफल
वहीं प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति गडरारोड में मगरा में शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 22 विभागों से जुड़े काम हाथों हाथ निपटाए गए। इस दौरान विधायक अमीन खान ने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने को कहा। शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा ने राजस्व कार्यों के बारे में जानकारी दी।
अधिकतम हो काम
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए, तब ही शिविरों की महत्ता सार्थक होगी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 15 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों में 93 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। 
आज के शिविर
शनिवार 16 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर की दूदाबेरी, बालोतरा की पारलू, कल्याणपुर की कांकराला, बायतु की खोथों की ढाणी, गडरारोड़ की ताणूमानजी, गुडामालानी की गादेवी तथा समदडी की ढींढस ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किया जाएगा।  
सोमवार के शिविर
अभियान में सोमवार को बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति में सरली में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी तरह बालोतरा में दूदवा मल्लीनाथ, कल्याणपुर में छाछरलाई कला, गिड़ा में खोखर, धोरीमन्ना में भागभरे की बेरी गुड़ामालानी में आलपुरा, सेड़वा में सिंहार, शिव में भिंयाड़, सिणधरी में टाकू बेरी, सिवाना में पादरड़ी कला एवं धनाऊ में कृष्ण का तला में शिविर आयोजित होंगे।
 -0-



गुरुवार, 14 अक्टूबर 2021

27 साल बाद मृतका नैनु देवी के वारिसानों को मिला खातेदारी हक

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। गुरूवार को पंचायत समिति पायला कला की ग्राम पंचायत एड मानजी में प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 के तहत आयोजित शिविर में नैनु देवी के वारिसानों को 27 साल बाद खातेदारी का हक प्राप्त हुआ।
एड मानजी में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम वणाकों का बेरा ग्राम पंचायत एड मानजी निवासी कवंराराम व अन्य वारिसान ने उपस्थित होकर बताया कि उनकी माता नैनुदेवी का सन् 1993 में मृत्यु हो जाने से राजस्व रेकर्ड में वारिसानों का नाम दर्ज नहीं है। इस पर राजस्व रेकर्ड में वारिसानों का नाम शिविर में सार्वजनिक रूप से पढे जाने पर ज्ञात हुआ कि उनकी माता का नाम राजस्व रेकर्ड में नन्द देवी अंकित होना पाया गया। इस पर मृतका के वारिसान आवेदनकों द्वारा कानूनन वारिसानों के नाम राजस्व रेकर्ड में दर्ज करने हेतु आवेदन किया। जिस पर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति व जांच उपरान्त स्वर्गीय नेनू देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाकर उनके वारिसानों का नाम नियमानुसार राजस्व रेकर्ड में दर्ज किया गया। एक ही दिन में आवेदक कंवराराम एवं वारिसानों को 27 साल बाद खातेदारी का हक मिला, जिस पर नेनूदेवी के वारिसानों ने खुशी जाहिर की।
-0-

81 वर्षीय वृद्धा रेसा बाई को पट्टे के रूप में मिली नई सौगात

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की ग्रामीण जनता तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विभिन्न समस्याओं को मौके पर ही त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 पोशाल निवासी रेसा बाई के लिए एक नई सौगात लेकर आया।
शिव पंचायत समिति की पोशाल ग्राम पंचायत में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान में शिव विधायक अमीन खान, उपखण्ड अधिकारी महावीरसिंह जोधा, प्रधान महेन्द्र जाणी, फतेह खान, बच्चू खान, तहसीलदार शिव, विकास अधिकारी शिव उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विकास अधिकारी शिव द्वारा माईक से बोला गया कि रेसा बाई को पट्टा देने के लिए मैं विधायक महोदय से आग्रह कर रहा हॅू तब रेसा बाई की खुशी सातवे आसमान पर थी। उनकी आंखों में एक नई चमक आई। दरअसल रेसा बाई ने प्री कैंप के दौरान सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी को घर का पट्टा बनवाने का अनुरोध किया था इस पर उन्होने वृद्धा रेसा बाई के कागजात प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की और आज अभियान में रेसा बाई को पट्टा वितरित किया गया। पट्टा पाकर रेसा बाई ने कहा कि आज मेरा काम हुआ, मैं खुश हॅू।
-0-





भूमिहीन विधवा मांगी देवी को मिला निःशुल्क भूमि का पट्टा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। गुरूवार को गुडामालानी पंचायत समिति क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेघवालों की ढाणी (सिंधासवा चौहान) में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर भूमिहीन विधवा मांगी देवी की झोली में अप्रत्याशित खुशियां लेकर आया।
शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी गुडामालानी प्रमोद कुमार ने बताया कि मांगीदेवी जिनके पति का 14 वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो गया था जो परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी स्वयं मांगीदेवी पर आ गई थी। मांगीदेवी के परिवार में दो बेटे भीखाराम 20 वर्ष एवं उदाराम 17 वर्ष परिवार की जिम्मेदारी संभालने के सक्षम नहीं है, ऐसे में मांगीदेवी दिहाड़ी मजदूरी करके जैसे तैसे परिवार का निर्वहन करती है और कच्चे घर मंे जीवनयापन करती है। मांगी देवी के पास गांव में स्वयं के नाम की भूमि भी नहीं थी। ऐसे में प्रशासन गांवों के संग अभियान 2021 मांगी देवी के लिए वरदान साबित हुआ। शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी गुडामालानी प्रमोद कुमार ने भूमिहीन विधवा मांगीदेवी को नियम 158 के तहत निःशुल्क 2275 वर्गफीट का पट्टा जारी किया। भूमिहीन विधवा मांगीदेवी के पुत्र भीखाराम को जब शिविर में अपनी मॉ मांगीदेवी के नाम का पट्टा प्राप्त हुआ तो उसके आंखों से खुशियों के ऑंसू छलक पडे़ और अनायास ही भीखाराम के मुंह से निकल पड़ा ‘‘ सरकार ने आज नियाल कर दिया , मेरा काम हुआ मैं खुश हॅू। ‘‘
-0-

20 वर्षो से लम्बित सामलाती कृषि भूमि का हुआ बंटवाड़ा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 14 अक्टूबर। सिवाना उपखण्ड मुख्यालय पर आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत 20 वर्षो से लम्बित संयुक्त कृषि भूमि का महज आधे घण्टें में बंटवाडा कर राजस्व रिकार्ड में इन्द्राज किया गया।
उपखण्ड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी सिवाना कुसुमलता चौहान ने बताया कि गुरूवार को सिवाना में आयोजित शिविर में आंबसिंह, चंदनसिंह, भंवरसिंह वगैराह पुत्र राणसिंह जाति राजपुत निवासी सिवाना कृषि भूमि के बंटवारे संबंधी आपसी सहमति का मामला लेकर दस्तावेज सहित उपस्थित हुए। उन्होने निवेदन किया कि कृषि भूमि सामलाती होने के कारण सिंचाई, जुताई, विद्युत, बैंक संबंधी कार्य, ऋण, केसीसी, भवन निर्माण, फसल के बंटवारे, जमीन की किस्म एवं सीमा ज्ञान इत्यादि में परेशानी के साथ हर काम प्रभावित होता है। उन्होने बताया कि जमीन की आपसी विवादास्पद स्थितियां इतनी भंयकर रूप धारण किए हुए है कि इससे भाईयों का भाईचारा और परिवार का सारा अमन चैन ही बिगाड़ कर रख दिया है। इस पर शिविर प्रभारी कुसुमलता चौहान ने आपसी सुलह, शांति पूर्वक तरीके तथा पारिवारिक रिश्तों की समझ के साथ कानूनी प्रक्रिया से मात्र 30 मिनट में ही सामलाती कृषि भूमि के बंटवारे का आदेश कर राजस्व रिकार्ड में हाथो हाथ इन्द्राज करवाया गया। शिविर में बंटवारे हेतु उपस्थित सभी उस परिवार के सदस्यों ने खुशी का इजहार करते हुए प्रशासन तथा राज्य सरकार का शुक्रिया अदा किया।
-0-

राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना में 31 अक्टूबर तक पंजीयन आवश्यक

 बाड़मेर, 14 अक्टूबर। राज्य सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेन्शनरों को कैशलेस एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्धेश्य से राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना 1 जुलाई, 2021 से लागू की गयी है। उक्त योजना में आरजीएचएस वेब पोर्टल पर 31 अक्टूबर, 2021 तक पंजीयन करवाया जाना अनिवार्य है। वेबसाईट www.rghs@rajasthan.gov.in है।

कोषाधिकारी बाड़मेर दिनेश बारहठ ने बताया कि योजना के लिए राज्य बीमा एवं प्र्रावधायी निधि विभाग बाड़मेर को नोडल विभाग बनाया गया है। दिनांक एक जनवरी, 2004 के पूर्व और पश्चात् नियुक्त सेवारत एवं सेवा निवृत कार्मिकों को आरजीएचएस पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उन्होने बताया कि वित्त विभाग के आदेशानुसार एक अक्टूबर, 2021 से 31 अक्टूबर, 2021 तक के इन्डोर/आउटडोर रोगी के रूप में चिकित्सा पुनर्भरण के दावे आरजीएचएस कार्ड धारक के ही स्वीकृत किए जाएंगे तथा एक नवम्बर, 2021 से समस्त कर्मचारी एवं पेशनर्स को इान्डोर/आउटडोर उपचार की सुविधा आरजीएचएस कार्ड के माध्यम से आरजीएचएस में अधिकृत एचसीएनपी अनुमोदित चिकित्सालयों आदि के माध्यम से ही प्राप्त कर सकेंगे। उन्होने बताया कि आरजीएचएस वेब पोर्टली पर पंजीयन हेतु राज्य बीमा एवं प्राधायी निधि विभाग एवं कोष कार्यालय बाडमेर में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अतिरिक्त पंजीयन हेतु नजदीकी ई मित्र अथवा हेल्प लाईन/हेल्प डेस्क से सम्पर्क किया जा सकता है। हेल्प लाईन ई मेल एड्रेस helpdesk.sipf@rajasthan.gov.in हैल्प लाईन नम्बर (टोल फ्री) 181 है।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान में त्वरित हो रहा राजस्व प्रकरणों का निस्तारण

 जिला कलक्टर ने की प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान की समीक्षा

छह हजार से अधिक नामान्तरणकरण तस्दीक
बाड़मेर, 14 अक्टूबर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार सायं प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान से जुडे अधिकारियों की बैठक लेकर अब तक की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने अभियान से जुडे विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वयं शिविरों में जाकर उनके विभाग से जुडे विभिन्न कार्यो का मौके पर ही निस्तारण करवाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों को कार्यो के निस्तारण में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए, तब ही शिविरों की महत्ता सार्थक होगी।  
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 14 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों में 92 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इन शिविरों में नामान्तरकरण के 6419 प्रकरण, राजस्व अभिलेख/खातों के शु़िद्धकरण के 6137 प्रकरण, आपसी सहमति से 735 खातों का विभाजन, 108 रास्ते के प्रकरण, गैर खातेदारी से खातेदारी के 4 प्रकरण, 22 अतिक्रमणों के प्रकरणों पर कार्यवाही, 7 नये राजस्व गांवों के प्रस्ताव, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी के 200 प्रकरण, आबादी भूमि विस्तार आवंटन/आरक्षण के 22 प्रस्ताव, सार्वजनिक/राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण के 100 प्रस्ताव, 6925 राजस्व रेकार्ड की प्रतिलिपियों का वितरण, सहमति से पैतृक भूमि के 119 लम्बित वादों का निस्तारण तथा जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण पत्र इत्यादि के 6138 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होने बताया कि उक्त आयोजित शिविरों में 32071 लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया।
शुक्रवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शुक्रवार 15 अक्टूबर को पंचायत समिति गडरारोड में मगरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
शनिवार के शिविर
उन्होनें बताया कि शनिवार 16 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर की दूदाबेरी, बालोतरा की पारलू, कल्याणपुर की कांकराला, बायतु की खोथों की ढाणी, गडरारोड़ की ताणूमानजी, गुडामालानी की गादेवी तथा समदडी की ढींढस ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किया जाएगा।  
-0-









बुधवार, 13 अक्टूबर 2021

प्रशासन गांवों/प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा बैठक गुरूवार 14 अक्टूबर को

 बाड़मेर, 13 अक्टूबर। 2 अक्टूबर से प्रारम्भ हुए प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के शिविरों की अब तक की प्रगति की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में गुरूवार 14 अक्टूबर को सायं 5 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट गुरूवार प्रातः 11ः00 बजे तक ई मेल आई डी oicrevenuebarmer@gmail.com  पर निर्धारित प्रपत्र में भिजवाने तथा निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं। समस्त शिविर प्रभारी अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी सायं 6ः00 बजे के पश्चात् निकटतम पंचायत समिति के विडियों कॉन्फ्रेंस रूम से बैठक में जुड़ना सुनिश्चित करेंगे।  
-0-

मंगलवार, 12 अक्टूबर 2021

बेसहारों को मिल रहा पालनहार योजना का सहारा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। रामसर की सेतराऊ ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर में मंगलवार को सुगनी देवी तथा कमला देवी के बच्चों को पालनहार योजना से जोड़कर आर्थिक संबंल प्रदान किया गया।
शिविर प्रभारी मीनू वर्मा ने बताया कि सेतराऊ में तीन परिवार जिसमें छः बच्चों का पालनहार योजनान्तर्गत आवेदन करवाकर जिला स्तर से इसी दिन आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करवाकर बच्चों को योजना से जोड़ा गया। अब इन्हें राज्य सरकार की योजनान्तर्गत आर्थिक लाभ मिल सकेगा। उन्होनें बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
-0-

निःसंतान वृद्ध दंपती को वर्षो बाद जारी हुआ पट्टा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। बालोतरा की जानियाना ग्राम पंचायत में मंगलवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर में 70 वर्षीय बादरराम भील एवं मीमों देवी को मौके पर ही आबादी भूमि का पट्टा जारी किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी ने बताया कि जानियाना में आयोजित शिविर में निःसंतान वृद्ध दंपती मीमों देवी एवं बादरराम भील जोकि आबादी में अस्थाई रूप से कच्चे आवास में निवासरत थे, उनके आवेदन पर शिविर में त्वरित कार्यवाही कर उन्हें पट्टा जारी किया गया। उन्होनें बताया कि पट्टा मिलने पर बादरराम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान तो हमे संतान न देकर सहारा न दे पाया किन्तु राज्य सरकार एवं प्रशासन विशेषकर पंचायतीराज विभाग आज हमारे लिए सहारा बना, जिससे इस बची उम्र में हमें भी छत का सुख मिलेगा।
बदराराम को आबादी भूमि का पट्टा पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, प्रधान भगवत सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी, सरपंच बाबु देवी द्वारा उपलब्ध करवाया गया।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान में लोगों के हाथो हाथ हो रहे काम

 बुधवार को झणकली व समदडी में तथा गुरूवार को 12 ग्राम पंचायतों पर लगेंगे शिविर

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत अभियान के तहत बुधवार 13 अक्टूबर को गडरारोड़ पंचायत समिति की झणकली एवं समदडी पंचायत समिति की समदडी ग्राम पंचायत तथा गुरूवार 14 अक्टूबर को 12 विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो एवं समस्याओं का हाथों-हाथ निस्तारण किया जा रहा है।
मंगलवार को बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन तथा जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने कुड़ला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर, शिव विधायक अमीन खां ने शिव पंचायत समिति में बालासर ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनंे उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित किया जाए। इस दौरान उन्होने लाभान्वितों को पट्टों एवं अन्य स्वीकृतियों का वितरण किया।
इसी प्रकार बालोतरा पंचायत समिति के जानियाना ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का पचपदरा विधायक मदन प्रजापत एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न विभागों से जुडी कल्याणकारी योजनाओं की अधिकाधिक लोगों को जानकारी कराई जाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
बुधवार के शिविर
उन्होनें बताया कि बुधवार 13 अक्टूबर को पंचायत समिति गडरारोड़ की झणकली एवं समदडी पंचायत समिति की समदडी ग्राम पंचायत मे शिविर आयोजित किया जाएगा।  
गुरूवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि गुरूवार 14 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर में बलाउ, बालोतरा में रेवाड़ा मैया, पाटोदी में भाखरसर, बायतु में बायतु पनजी, धोरीमना में राणासर कलां, गडरारोड में खुडाणी, गुडामालानी में सिंधासवा चौहान, सेड़वा में भेरूडी, शिव में पोसाल, पायला कला में एड मानजी, सिवाना में सिवाना तथा धनाऊ में रबासर ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।  
-0-










डी.ए.पी. से सस्ता एवं अधिक उपयोगी है सिंगल सुपर फास्फेट

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। जिले में रबी फसलों की बुवाई प्रारम्भ होने वाली है तथा अधिकांश कृषकों द्वारा फास्फोरिक उर्वरक के रूप में डी.ए.पी. का उपयोग किया जाता है। इस वर्ष है। अतः सभी कृषकों से अनुरोध है कि डी.ए.पी. के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया का प्रयोग करे जो तुलनात्मक रूप से सस्ता एवं अधिक उपयोगी है।

उप निदेशक कृषि विस्तार विरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि डी.ए.पी. के 50 कि.ग्रा. का एक कट्टा 1200 रूपये में आता है जिसमें 23 कि.ग्रा. फास्फोरस व 09 कि.ग्रा. नत्रजन मिलती है, इसके विकल्प के रूप में 03 बैग एसएसपी एवं 01 बैग यूरिया का प्रयोग किया जाता है तो इसकी कुल लागत 1166 रूपये होगी एवं इसमें 24 कि.ग्रा. फास्फोरस एवं 20 कि.ग्रा. नत्रजन मिलेगी। इसके अतिरिक्त इसमें 16 कि.ग्रा. गन्धक एवं 31 कि.ग्रा. कैल्सियम तत्व भी पाये जाते है।
उन्होने बताया कि गन्धक तिलहनी एवं दलहनी फसलों के लिए बहुत ही उपयोगी है इससे फसलों में प्रोट्रीन एवं तेल की मात्र बढ़ती है तथा दाना सूडोल एवं चमकीला बनता है एवं फसल के उत्पादन में वृद्धि होती है। कैल्सियम पौधे को स्वस्थ एवं मजबूत बनाता है, जिससे पौधे में कीट एवं बीमारीयों का प्रकोप कम होता है एवं उत्पादन में वृद्धि होती है।
देश में डी.ए.पी. का उत्पादन बहुत कम है तथा विदेश से आयात किया जाता है जबकि सिंगल सुपर फास्फेट की अधिकांश निर्माण इकाई राज्य में ही स्थापित है। डी.ए.पी. की कमी को देखते हुए कृषि आयुक्तालय राजस्थान जयपुर द्वारा राज्य में स्थित सिंगल सुपर फास्फेट निर्माताओं को राज्य की मांग पूरी होने तक एस.एस.पी. अन्य राज्यों को नहीं भिजवाने हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होने बताया कि सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया के मिश्रण की कम लागत, अधिक पौषक तत्वों की मात्रा एवं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्धता को देखते हुए कृषकों से अनुरोध है कि डी.ए.पी. के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट व यूरिया के मिश्रण का उपयोग करें। इसके उपयोग से जीरे में दाना मोटा चमकीला सूडोल एवं अधिक सुगन्धित बनता है जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ बाजार भाव भी अच्छा मिलता है।
-0-

उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

 बाड़मेर, 12 अक्टूबर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने मंगलवार सायं बैठक लेकर जिले में रबी फसलों की बुवाई के दौरान पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों का क्षेत्र में सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों से जिले में उर्वरकों की मॉग एवं आपूर्ति की जानकारी ली तथा इस वर्ष डी.ए.पी. की उपलब्धता मांग की तुलना में काफी कम रहने की संभावना को देखते हुए सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया का प्रयोग करने हेतु कृषकों को प्रोत्साहित करने को कहा। साथ ही उन्होने उर्वरकों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक रखने के निर्देश दिए ताकि कृषकों को बुवाई के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।  
बैठक में कृषि विभाग के उप निदेशक विरेन्द्र सिंह सोलंकी ने गत रबी फसल के दौरान उर्वरकों के आवंटन एवं खपत की विस्तार के साथ जानकारी कराई। उन्होने बताया कि सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया के प्रयोग के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करने हेतु अभियान चला रहे है जिसके तहत कृषकों को सिंगल सुपर फास्फेट का किफायटी तथा अधिक उपयोगी होने के बारे में जानकारी दी जा रही है।
बैठक में बाडमेर सेन्ट्रल को-आपरेटिव बैंक के प्रबन्ध निदेशक रामसुख चौधरी, कृषि अधिकारी पदमसिंह भाटी, इफको क्षेत्र अधिकारी हरी बाबु जाटव, कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष स्वरूपसिंह भाटी समेत अधिकारी एवं केवीएसएस के मुख्य व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
-0-






सोमवार, 11 अक्टूबर 2021

विधायक जैन ने लोगों से शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील

 प्रशासन शहरों के संग अभियान

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। प्रशासन शहरों के संग अभियान 2021 के तहत सोवार को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 13 एवं 14 के लिए गंगा बाई मन्दिर के पास, जटियों का पुराना वास बाड़मेर में शिविर का किया गया। शिविर में विधायक मेवाराम जैन, नगर परिषद् सभापति दीपक माली, नगर परिषद् आयुक्त दलीप कुमार पूनिया, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक मेवाराम जैन ने वार्डवासियों की मॉग अनुसार उनके वार्ड में गली में लाईट के तार जो घरों के ऊपर जा रहे थ,े लाईट वॉल्टेज व वार्ड में नाला निर्माण व सफाई का कार्य इत्यादि कार्य को शीघ्र कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होने आम जन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित होकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने में की अपील की।
नगर परिषद आयुक्त दलीप कुमार पूनिया ने बताया कि उक्त अभियान  में नगर परिषद बाड़मेर की ओर से धारा 69ए के अन्तर्गत 5 पट्टे, नगर परिषद् योजना कीे 01 लीज डीड तथा 02 नामान्तरण प्रमाण पत्र, 02 भवन निर्माण स्वीकृति जारी की गई, जिससे परिषद् को राशि रूपये 1,23,357 की आय प्राप्त हुई जो राजकोष में जमा करा दी गई। इसके अलावा एनयूएलएम योजना के तहत 02 व्यक्तियों को 2-2 लाख रूपये के स्वरोजगार हेतु ऋण वितरण, इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड 10 ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुये।
-0-

अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सोमवार को महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाड़मेर द्वारा अन्तरीदेवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाड़मेर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  

कार्यक्रम के प्रारम्भ में महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के संदर्भ में राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं के लिये जारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी कराई। उन्होने बताया कि 01 जून 2016 से लागू मुख्यमंत्री राजश्री योजना अन्तर्गत बालिका के जन्म से लेकर राजकीय विद्यालय से बारहवी कक्षा उतीर्ण करने पर कुल 50000/- की राशि का भुगतान किया जायेगा। उन्होने विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोर्स आरएस-सीआईटी एवं आरएस-सीएफए की जानकारी भी कराई । अन्तरी देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अनिता ने अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दो जैसे लिंगानुपात, भु्रण हत्या, आत्मरक्षा, बालिका शिक्षा, बाल विवाह आदि पर अपने विचार व्यक्त किये। एक्शनएड की श्रीमती सियोन ने बालिकाओं के सर्वागिंण विकास एवं सामाजिक बुराईयों को दूर करने का आवाहन किया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने संबधित विभिन्न मुद्दो को सांझा किया गया। मंच का संचालन एक्शनऐड के विकास सिंह ने किया ।
    ग्राम पंचायत बाड़मेर गादान, बूठिया, एड सिणधरी, सोहड़ा, झांफली, भीमथल आदि में प्रशासन गांवों के संग शिविर में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाईजर महिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया । शिविर में उक्त कार्यक्रम के दौरान फलदार पौधो का वितरण किया गया ।
-0-








पीढ़ियों की दुविधा का हुआ समाधान, 40 वर्षो से संयुक्त खातेदारी की भूमि का विभाजन

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। सोमवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत पचपदरा तहसील के दूधवा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में पीढ़ियों की दुविधा का समाधान करते हुए 40 वर्षो से संयुक्त खातेदारी में चल रही 3 राजस्व गांवों की 7 खातों एवं 11 खसरों में दर्ज 251.19 बीघा भूमि का 39 खातेदारों के मध्य सहमति विभाजन हुआ।
शिविर प्रभारी उप उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी ने बताया कि दूधवा में आयोजित शिविर में 70 वर्षीय विरधाराम और 66 वर्षीय लाभू देवी ने उपस्थित होकर उक्त जटिल खातों का विभाजन करने हेतु निवेदन किया। उन्होने बताया कि विभिन्न राजस्व गांवों एवं खसरों में बड़ा खाता होने से राजस्व संबंधी कार्यो में कई बार समस्याओं से जुझना पड रहा है। इस पर शिविर प्रभारी सोनी ने तहसीलदार पचपदरा प्रवीण रतनू को उक्त खसरों का विभाजन आज ही तैयार कर नामान्तरकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। जिस पर राजस्व विभाग की टीम ने कुछ खातेदारों के घर जाकर सहमति पत्र हस्ताक्षर करवाएं। उन्होने बताया कि सभी खातेदारों की आपसी सहमति से शिविर के दौरान 3 राजस्व गांव दूधवा मल्लीनाथ, दूधवा डेर एवं दूधवा रूपादेवी में स्थित भूमि के विभाजन प्रस्ताव तहसीलदार की उपस्थिति में स्वीकृत करवाएं। उन्होने बताया कि विभाजन में जहां विरधाराम, लाभू देवी जैसे 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक थे वहीं दूसरी पीढ़ी के 26 वर्षीय धनाराम भी शामिल थे। इस पर पीढ़ियों की दुविधा का समाधान देख सभी ने मुस्कराते हुए सरकार व प्रशासन का धन्यवाद दिया। इस पर विरधाराम ने कहा कि राज ने आज पीढ़ियों का काम कर दिया।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...