गुरुवार, 22 अप्रैल 2021

टीका महोत्सव में गुरुवार को लगे 5880 टीके

बाड़मेर, 22 अप्रैल। गुरुवार को जिले में 117 साईट पर 5880 लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी एल विश्नोई ने बताया कि इसमे 60 साल से ऊपर के 532 बुजुर्गों को, 45 से 60 साल तक के 2164 लोगों, 10 हेल्थ केयर वर्कर एवं 24 फ्रंट लाइन वर्कर को कोविड-19 रोधी टीके की प्रथम खुराक लगाईं गई। साथ ही 60 साल से ऊपर के 2701 बुजुर्गों को, 45 से 60 साल तक के 352 लोगों, 56 हेल्थ केयर वर्कर एवं 41 फ्रंट लाइन वर्कर को कोविड-19 रोधी टीके की द्वितीय खुराक लगाईं गई। गुरुवार को जिले में सर्वाधिक 206 टीके बालोतरा में दीनदयाल पार्क साईट पर लगे। डॉ विश्नोई ने 45 वर्ष से ऊपर के नागरिकों से अपना क्रम आने पर निकटवर्ती कोविड टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका लगवाने की अपील की। इस हेतु जिले में पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध है।

-0-


गुरुवार को मिले 333 नये कोविड पॉजिटिव

बाड़मेर, 22 अप्रैल। जिले में गुरुवार को 333 नये कोविड पॉजिटिव मरीज मिले है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी एल बिश्नोई ने बताया कि गुरुवार को एक्टिव केस बढ़कर 997 हो गये है। 166 मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर, 11 मरीज कोविड केयर सेंटर आईटीआई बाड़मेर, 21 मरीज राजकीय अस्पताल बालोतरा एवं 25 मरीज निजी अस्पताल में भर्ती है। 774 मरीज होम आइसोलेशन में रखे गये है। 34 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। नये मामलो के साथ ही जिले में अप्रैल 2020 से अब तक 6753 पॉजिटिव मरीज मिले है एवं 91 लोगों की मौत हुई है। साथ ही एचआरसीटी जांच में स्कोर वाले 181 संदिग्ध कोविड मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर एवं 31 संदिग्ध कोविड मरीज राजकीय अस्पताल बालोतरा में भर्ती है। गुरुवार को प्राप्त 1856 आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में बाड़मेर शहर से 84 केस, बालोतरा शहर से 29 केस, कुर्जा फांटा, सोडियार, धारासर, चाडार मदरूप, बीदासर, इन्द्रोई, सनाऊ, आकोड़ा, रडवा, हुडासर, चुली, चाडवा, चाडी, सोढो की ढाणी, मापूरी, गरल, गुजरो की ढाणी बायतु, रामासरिया, मिठिया तला, सोमेसरा, अकदडा, शहर गिडा, सिंगोडिया, लूनाडा, समेलो का तला, नोसर, बायतु पनजी, न्यू कवास, एमपीटी नागाणा, उत्तरलाई रोड, घडोई चारणान, नेवरी, खीपली खेड़ा, दहीपाड़ा खिचियान, डोली, मूल की ढाणी, धर्मसर, गोदावास, पारलू, पाटोदी, महिलावास, बिजलिया, सिलोर, भूका भगतसिंह, पायला कला, गालाबेरी, सरणु पनजी, चवा, आदर्श चवा, कुडला, गोलिया कला, बांटा, मायलो की ढाणी, भाखरपुरा, धांधलावास, कितनोरिया, रामजी का गोल, पादरी, लूखू, बूल, भीमथल, दुधु, कापराऊ, सिहानिया, बाखासर, सांवा, धनाऊ, सेडवा, थूम्बली, भाडली, फतेहगढ़ जैसलमेर, मालपुरा फांटा, खलीफे की बावड़ी, भियाड, सालमसिंह की बस्ती, हेमानाडा, तामलोर, बलाई, शिव, जुनेजो की बस्ती, बालेबा से 1-1 केस, भादरेश, रामसर, खारची, गागरिया, लीलसर, बालेरा, रानीगांव, तारातरा मठ, खडीन, बाड़मेर आगोर, बायतु चिमनजी, भोजासर, नागणेशिया ढूंढा, बांद्रा, निम्बानियो की ढाणी, कवास, सरवडी, कनाना, मूठली, राखी, सरणु, अरटवाव, अरनियाली, आकली, मौखाब, रेडाणा से 2-2 केस, खारीया तला, महाबार, जालिपा, बोड़वा, माधासर, रिफाइनरी पचपदरा, कल्याणपुर, धोरीमन्ना से 3-3 केस, उंडखा, चारलाई, गुडामालानी, गडरारोड से 4-4 केस, सिमरखिया से 5 केस, समदड़ी, उन्डू से 9 केस एवं बायतु भोपजी से 18 केस पॉजिटिव मिले है। डॉ विश्नोई ने कहा कि कोरोना के प्रसार में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर से निकले। भीड़ का हिस्सा न बने और सोशल डिस्टेंसिंग रखे। मास्क लगाना न भूले। उन्होंने जिलेवासियों से अपना क्रम आने पर अधिक से अधिक टीकाकरण करवाने की अपील भी की है।

-0-


एमआरपी से अधिक वसूलने की शिकायत झूठी निकली

कालाबाजारी के विरूद्ध स्थापित नियंत्रण कक्ष पर करें शिकायत

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए राज्य सरकार द्वारा घोषित जन अनुशासन पखवाडा के दौरान कालाबाजारी एवं निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली संबंधित शिकायत जिला रसद अधिकारी कार्यालय बाड़मेर में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 02982-220164 पर की जा सकती है।
जिला रसद अधिकारी अश्विनी गुर्जर ने बताया कि कल्याणपुर कस्बे में राधे मॉल में स्थापित दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल रहा है कि शिकायत नियंत्रण कक्ष पर प्राप्त होने पर रसद विभाग एवं विधिक माप विज्ञान अधिकारी द्वारा बोगस ग्राहक बनाकर इसकी पुष्टि करवाई गई, जिसमें निर्धारित कीमत से अधिक कीमत में नहीं बेचना पाया गया एवं शिकायत झूठी पाई गई। उन्होने आमजन से सतर्क रहते हुए कालाबाजारी के विरूद्ध नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 02982-220164 पर शिकायत दर्ज करवाने की अपील की है।
-0-

कोरोना क्वारेंटीन सेंटर के लिए बालिका छात्रावास भवन अधिग्रहित

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में कोविड मरीजो की संख्या में वृद्धि को देखते हुए उनके ठहराव के लिए अन्तरी देवी रा.बा.उ.मा.वि लक्ष्मीपुरा के बालिका छात्रावास भवन को अधिग्रहित किया गया है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि उक्त भवन के सम्पूर्ण ढंाचा मौजूदा स्थितिनुसार अधिकग्रहित किया गया है। उन्होने बताया कि अधिग्रहण अवधि के दौरान भवन का संचालन अधिग्रहणकर्ता द्वारा किया जाएगा तथा इस दौरान भवन में पानी व बिजी के उपभोग पर हुए व्यय का भुगतान राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों एवं शर्तों अनुसार किया जाएगा।
उन्होनें बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के नियम 63(3)(ग) में प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त भवन को अग्रिम आदेशों तक के लिए अधिग्रहित किया गया है। उन्होनें तहसीलदार बाड़मेर को उक्त भवन के कब्जाधारी से कब्जा प्राप्त कर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी बाड़मेर को सुपुर्द कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उन्होने बताया कि उक्त कोविड केयर सेन्टर के प्रभारी अधिकारी पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण के विकास अधिकारी सुखराम विश्नोई होंगे जो अपने अधिनस्थ कर्मचारियों सहित उक्त कोविड केयर सेन्टर पर भोजन, पानी, सफाई व्यवस्था इत्यादि सुनिश्चित करेंगे तथा उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर को उक्त कोविड केयर सेन्टर पर व्यवस्थाएं सुचारू रहे इसके लिए सम्पूर्ण प्रभारी नियुक्त किया गया है।
-0-

कोविड मरीजों को आयुर्वेदिक काढे के लिए विधायक जैन ने किए 3 लाख स्वीकृत

बाड़मेर, 22 अप्रेल। बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने आयुर्वेदिक विभाग के उप निदेशक को जिले में सभी कोविड मरीजों को आयुर्वेदिक काढ़ा प्रतिदिन नियमित रूप से उपलब्ध कराने तथा मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए अश्वगंधा चूर्ण तथा गिलोय धनवटी जैसी औषधियां भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होनें उक्त औषधियों एवं काढे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तीन लाख रूपए भी स्वीकृत किए।

आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ. सुरेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि बाड़मेर मुख्यालय पर स्थित दोनो कोविड केन्द्रों पर प्रतिदिन प्रातः एवं सांय को काढ़ा पिलाया जा रहा है। जिले के सभी आयुर्वेद औषधालयों को भी काढ़ा पिलाने के निर्देश दे दिए गए हैं तथा मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. अयोध्या प्रसाद पाण्डेय को बनाया गया है।
उन्होनें बताया कि विधायक कोष से स्वीकृत राशि से काढा व औषधियां लेने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। आमजन को स्वस्थ जीवन व ग्रीष्म ऋतु के अनुसार खान-पान की सलाह आयुर्वेद के अस्पतालों पर दी जा रही है तथा उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क काढ़ा वितरण किया जा रहा है।
-0-

कठिन परिस्थिति में संवेदनशीलता से कार्य करें - चौधरी

 राजस्व मंत्री ने बालोतरा में कोरोना प्रबंधो का जायजा लिया

बाड़मेर, 22 अप्रेल। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने गुरूवार को बालोतरा के नाहटा अस्पताल का निरीक्षण कर कोरोना के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होनें बैठक लेकर कोरोना रोकथाम के बेहतर प्रबंधन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
राजस्व मंत्री चौधरी ने चिकित्सा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक के दौरान नॉन कोविड मरीजों एवं ओपीडी हेतु निजी हॉस्पीटल के अधिग्रहण के निर्देश दिए ताकि आमजन को कोरोना के अलावा अन्य उपचार के लिए परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होनें अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी और यूटीबी चिकित्सा कर्मियों की सेवाओं के विस्तार के लिए चिकित्सा विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता की।
उन्होनें स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढिकरण के लिए राज्य की संवेदनशील सरकार की मंशानुरूप अपने विधायक कोटे से 10 लाख रूपये स्वीकृत किए तथा पचपदरा विधायक मदन प्रजापत ने भी अपने विधायक कोटे से 10 लाख रूपये स्वीकृत किए। उन्होनें चिकित्सा सेवाओं के विस्तार पर जौर देते हुए इन कठीन परिस्थितियों में संवेदनशलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पीएमओ आरएल खत्री सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं चिकित्सा कार्मिक उपस्थित रहे।
-0-

सड़क हादसों में पीड़ितों को ग्यारह लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

बाड़मेर, 22 अप्रेल। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 11 व्यक्तियों को कुल ग्यारह लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा मोहनदान रतनू ने बताया कि रामसर तहसील क्षेत्र में खारिया भानपुरा निवासी स्व. भूराराम पुत्र बलवंताराम मेघवाल, बायतु तहसील क्षेत्र में नोसर निवासी स्व. हरीसिंह पुत्र प्रतापसिंह राजपुत, नोसर निवासी स्व. तीलाराम पुत्र चेतनराम मेघवाल, भोजासर निवासी स्व. खेमाराम पुत्र मोटाराम जाट, बाडमेर तहसील क्षेत्र में भाडखा निवासी स्व. जसू पुत्री सोनाराम प्रजापत, मगने की ढाणी निवासी स्व. जयप्रकाश पुत्र गंगाराम चौधरी, डाबलीसरा निवासी स्व. पीराराम पुत्र शेराराम सुथार, सिवाना तहसील क्षेत्र में सिवाना निवासी स्व. पुरूषोतम पुत्र सोहनराज जीनगर, चौहटन तहसील क्षेत्र में साकरिया तला निवासी स्व. वभूताराम पुत्र पारसमल दर्जी, गिड़ा तहसील क्षेत्र में धीराणियों की ढाणी निवासी स्व. अगेन्द्र कुमार पुत्र कानाराम जाट तथा पचपदरा तहसील क्षेत्र में कालूडी निवासी स्व. ओमसिंह पुत्र गोकुलसिंह राजपुरोहित की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के कारण उनके आश्रितों को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

आर्मी ने तैयार किया 100 बेड का क्वॉरेंटाइन सेंटर

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में कोविड महामारी की द्वितीय लहर के दौरान बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जालीपा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में आर्मी द्वारा 100 बेड का क्वॉरेंटाइन सेन्टर तैयार किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि जिले में बढ़ रहे कोविड-19 के मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन को आर्मी द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारी कर जालीपा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में 100 बेड लगातर क्वॉरेंटाइन सेन्टर तैयार कर लिया गया है। उन्होने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज में सारी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है, आज आर्मी ऑफिसर इसे स्वास्थ्य विभाग को सौपेंगे।
-0-

विवाहों में 50 से ज्यादा जुटने पर लगेगा 25 हजार का जुर्माना

बाड़मेर, 22 अप्रेल। विवाह समारोह के दौरान 50 से ज्यादा लोगों की भीड़ होने पर 25000 रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि गृह विभाग राजस्थान सरकार की नवीन अधिसूचना अनुसार विवाह समारोह में 50 से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने पर 25000 रूपये को जुर्माना लगाये जाने का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार विवाह संबंधी आयोजन की पूर्व लिखित सूचना संबंधित उपखण्ड अधिकारी कार्यालय को नहीं देने तथा समारोह के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, फेस मास्क, स्क्रीनिंग एवं सैनेटाईजेशन की व्यवस्था नहीं पाए जाने पर 5000 रूपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है।
-0-

सटीक सूचनाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में कोविड महामारी की द्वितीय लहर के दौरान बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार एवं उच्चाधिकारियों को प्रतिदिन भेजी जाने वाली सूचनाओं एवं राज्य सरकार द्वारा चाही जाने वाली सूचनाओं के एकत्रिकरण एवं आदान प्रदान हेतु भूमि अवाप्ति अधिकारी ओएनजीसीएल सूरजभान विश्नोई को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि नोडल अधिकारी विश्नोई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बाड़मेर तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी बाड़मेर एवं बालोतरा से निरन्तर सम्पर्क रखते हुए प्रतिदिन सूचनाएं एकत्रित कर समय समय पर जिला कलक्टर कार्यालय को उपलब्ध करायेगे।
-0-

ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति को प्रभारी नियुक्त

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में कोविड़ महामारी की द्वितीय लहर के दौरान बढ़ते संक्रमण तथा स्थानीय अस्पतालों में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि अस्पतालों में ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला मुख्यालय पर विकास अधिकारी बाड़मेर सुरेश कविया तथा बालोतरा/पचपदरा क्षेत्र के लिए विकास अधिकारी बालोतरा शिवदयाल शर्मा को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होने बताया कि प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे अपने अपने क्षेत्र में स्थित ऑक्सीजन प्लान्टों का निरीक्षण करते हुए संबंधित प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अस्पतालों में ऑक्सीजन की नियमित/पर्याप्त आपूर्ति होना सुनिश्चित करेंगे। विकास अधिकारी इस कार्य हेतु अपने-अपने अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों की सेवाएं ले सकेंगे।
-0-

विवाहों में गाईडलाईन की पालना का शपथ पत्र देना होगा

बाड़मेर, 22 अप्रेल। जिले में जन अनुशासन पखवाड़े के दौरान विवाह समारोह के आयोजनों पर प्रभावी नियन्त्रण लगाये जाने हेतु राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि कोविड-19 की दूसरी लहर में विवाह समारोह के दौरान प्रभावी नियंत्रण लगाये जाने हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक ग्राम विकास अधिकारी को उनके क्षेत्राधिकार में होने वाले विवाह संबंधी आयोजनों में लड़के/लड़की के पिता अथवा परिजनों से निर्धारित प्रारूप में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का हस्ताक्षर युक्त शपथ पत्र लेना सुनिश्चित कर संबंधित उपखण्ड कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। उन्होने बताया कि नगरीय क्षेत्र बाडमेर एवं बालोतरा में उक्त कार्य संबंधित नगर परिषद आयुक्त द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।
-0-

बालोतरा में एमबीआर कॉलेज में 100 बैड का अस्पताल खुलेगा

 कोरोना  #बाड़मेर सतर्क है

बाड़मेर, 22 अप्रेल। कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे को देख बालोतरा उपखण्ड में कार्यवाहक जिला कलेक्टर मोहनदान रतनू ने महाविद्यालय को अधिग्रहित कर सौ बेड की व्यवस्था के आदेश जारी किए।
बालोतरा में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के साथ अहम बैठक के बाद जिला कलेक्टर ने बालोतरा मुख्यालय स्थित एम बी आर महाविद्यालय को अधिग्रहित कर उसे सौ बेड के अस्पताल में तब्दील करने के निर्देश दिए। महाविद्यालय में सौ बेड़ों की व्यवस्था नाकोड़ा ट्रस्ट करेगा। चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को करने के आदेश दिए। साथ ही पर्याप्त ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। बैठक में पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी भी शामिल थे।
-0-

बुधवार, 21 अप्रैल 2021

खाद्य पदार्थ एवं किराने की दुकाने प्रातः 7 से दोपहर 12 बजे तक ही खोली जा सकेंगी

 लगातार बढ़ते सक्रमण के मध्येनजर लिया फैसला

व्यापार संघ के साथ आयोजित बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
बाड़मेर, 21 अप्रेल। जिले में लगातार कोरोना सक्रमण के मध्येनजर अब किराना एवं खाद्य पदार्थो की दुकानें प्रातः 7 से 12 बजे तक ही खुल पाएगी।
कार्यवाहक जिला कलेक्टर मोहन दान रतनू ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के सक्रमण में लगातार बढ़ोतरी हो रही है एवं बुधवार को करीब 200 नए पॉजिटिव मिले है। 
बढ़ते संक्रमण की वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर बुधवार को व्यापार संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित बैठक के दौरान कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहन दान रतनू ने कहा कि खाद्य पदार्थ एवं किराने के सामान की खुदरा एवं थोक दुकाने प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खोली जा सकेगी।
बैठक के दौरान कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहन दान रतनू ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिले में खाद्य एवं किराने की खुदरा एवं थोक दुकानें को प्रातः 7 बजे से 12 बजे तक खोला जाना ही अनुमत होगा, इसके अतिरिक्त होम डिलीवरी की व्यवस्था सांय 5 बजे तक के लिए अनुमति होगी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मंडियां, फल एवं सब्जियां प्रातः 5 से दोपहर 12 बजे तक अनुमत होंगी एवं जहां तक संभव हो इनके द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि सब्जियां एवं फलों को ठेले, साइकिल रिक्शा, ऑटो रिक्शा अथवा मोबाइल वैन द्वारा डोर टू डोर होम डिलीवरी के माध्यम से सांय 7 बजे तक बेचा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि डेयरी एवं दूध तथा पशु चारा से संबंधी खुदरा एवं थोक दुकानें प्रातः 5  से सांय 5 बजे तक अनुमत होंगी एवं जहां तक संभव हो इनके द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि दूध डेयरी की श्रेणी में केवल वे ही दुकाने सम्मिलित होंगी, जिनमें केवल दूध डेयरी से संबंधित उत्पादों का विक्रय होता है। वे दुकाने जिनमें किराने के साथ अथवा अन्य खाद्य पदार्थों के साथ डेयरी उत्पादों को विक्रय किया जाता है वे दुकानें दोपहर 12बजे तक ही खोले जाने की अनुमति होगी।
उन्होंने कहा कि उक्त दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर आईपीसी की धारा 188 के कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत व अन्य कानूनी प्रावधान को लागू हो के अलावा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2006 की धारा 51 से 60 एवं राजस्थान महामारी अधिनियम 2020 के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फेस मास्क पहनना एक आवश्यक निवारक उपाय हैं, इस मुख्य आवश्यकता को लागू करने के लिए सार्वजनिक और कार्य स्थलों पर चेहरे पर मास्क नहीं पहनने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जाएगी।
                 - 0-

मंगलवार, 20 अप्रैल 2021

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 मंगलवार को 369 लोगो पर कार्यवाही

बाड़मेर, 20 अप्रेल। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार को जिले में 369 व्यक्तियों से कुल 75300 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

कार्यवाहक जिला मजिस्ट्रेट मोहन दान रतनू ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 242 व्यक्तियों से 51200, बायतु में 7 व्यक्तियों से 1100 रूपये, चौहटन में 10 व्यक्तियों से 1800 रूपये, सेड़वा में 3 व्यक्तियों से 800 रूपये, सिणधरी में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, शिव में 8 व्यक्तियों से 800 रूपये, गडरारोड़ में 3 व्यक्तियों से 300, बालोतरा में 50 व्यक्तियों से 12100 रूपये, गुडामालानी में 3 व्यक्तियों से 1100 रूपये, धोरीमन्ना में 9 व्यक्तियों से 1400 तथा सिवाना में 32 व्यक्तियों से 4500 को मिलाकर कुल 369 व्यक्तियों से 75300 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में अब तक 49205 व्यक्तियों से 83,49,400 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

कोरोना संक्रमण में वृद्धि के मध्यनजर निजी हॉस्पीटल अधिग्रहित

बाड़मेर, 20 अप्रेल। जिले में कोरोना वायरस के मरीजो की संख्या वृद्धि को देखते हुए निजी चिकित्सालय में मरीजों को भर्ती एवं इलाज की आवश्यकता के मध्यनजर कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू द्वारा चौहटन चौराहा स्थित थार हॉस्पिटल को अधिग्रहित करने के आदेश जारी किए गए है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर मोहनदान रतनू ने बताया कि थार हॉस्पीटल का सम्पूर्ण ढांचा मौजूदा स्थितिनुसार अधिग्रहित किया गया है। उन्होने बताया कि अधिग्रहण अवधि के दौरान अस्पताल का संचालन अधिग्रहणकर्ता द्वारा किया जाएगा। अधिग्रहण अवधि के किराये तथा पानी व बिजली के अपभोग पर हुए व्यय का भुगतान राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों में निर्धारित दरों के अनुसार किया जायेगा। उन्होनें बताया कि अस्पताल में चिकित्सा, नर्सिंग स्टाफ, दवाईयों, ऑक्सीजन सिलेण्डर की व्यवस्था अधिग्रहणकर्ता द्वारा की जाएगी।
उन्होनें बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के नियम 65(3)(ग) में प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त अस्पताल को जब भी आवश्यकता पड़ेगी तब प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज बाड़मेर द्वारा अधिग्रहण किया जायेगा एवं अधिग्रहण की वास्तविक तिथि से ही उक्तानुसार देय भुगतान देय होगा।
-0-

सोमवार, 19 अप्रैल 2021

बाड़मेर कृषि मण्डी स्थित मैसर्स महावीर सेल्स ऐजन्सी से 1427 लीटर घी सीज

 शुद्ध के लिए युद्ध अभियान

बाड़मेर, 19 अप्रैल। राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत शादीयो की सीजन को देखते हुऐ चिकित्सा विभाग की टीम ने सोमवार को कृषि मण्डी बाड़मेर स्थित मैसर्स महावीर सेल्स ऐजन्सी की दुकान 10 कृषि मण्डी बाड़मेर पर छापा मारकर 1427 लीटर घी जब्त किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई ने बताया कि मुखबीर की इत्तला पर कृषि मण्डी बाड़मेर में शादीयो की सीजन को देखते हुऐ घी की बिक्री जोरो पर है। जिस पर नकली घी विक्रय होने का संदेह था। जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूराराम गोदारा द्वारा मय पुलिस जाब्ता टीम कृषि मण्डी बाड़मेर पहुची। मण्डी में टीम के पहुचते ही व्यापारीयो में हडकंप मच गया। परन्तु ग्राहको की भीड होने के कारण व्यापारी दुकाने बंद नहीं कर पाये। इस पर टीम द्वारा फायदा उठाकर मैसर्स महावीर सेल्स ऐजन्सी के 10 कृषि मण्डी बाड़मेर में रखा घी ब्राण्ड डेयरी मिल्क जो कि विभिन्न पैकिंगो में भरा हुआ था। जिसकी नमूना लेने के बाद कुल 1427 लीटर घी सीज कर दिया गया। घी ब्राण्ड डेयरी मिल्क 200 एमएल पैकिंग में 75 लीटर, आधे लीटर पैकिंग में 375 लीटर, एक लीटर पैकिंग 450 लीटर, दो लीटर पैकिंग में 32 लीटर, पांच लीटर पैकिंग में 60 लीटर एवं पंद्रह किलोग्राम पैकिंग में 435 लीटर घी भरा हुआ था। जिसे नमूना लेने के बाद सीज कर दिया गया। पूर्व में भी यह घी नमूना जांच में मिलावटी पाया गया है। शादीयो की सीजन को देखते हुये ऐसी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

-0-


टीका महोत्सव में सोमवार को लगे 8794 टीके

बाड़मेर, 19 अप्रैल। सोमवार को जिले में 138 साईट पर 8794 लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई ने बताया कि इसमे 60 साल से ऊपर के 963 बुजुर्गों को, 45 से 60 साल तक के 3704 लोगों, 24 हेल्थ केयर वर्कर एवं 98 फ्रंट लाइन वर्कर को कोविड-19 रोधी टीके की प्रथम खुराक लगाईं गई। साथ ही 60 साल से ऊपर के 3187 बुजुर्गों को, 45 से 60 साल तक के 570 लोगों, 98 हेल्थ केयर वर्कर एवं 150 फ्रंट लाइन वर्कर को कोविड-19 रोधी टीके की द्वितीय खुराक लगाईं गई। सोमवार को जिले में सर्वाधिक 292 टीके भूणिया में लगे। जिले में अब तक 380028 प्रथम खुराक एवं 50986 द्वितीय खुराक लगाई जा चुकी है। कुल मिलाकर 431014 डोज लगाई गई है। डॉ. विश्नोई ने 45 वर्ष से ऊपर के नागरिकों से मंगलवार को अपने निकटवर्ती कोविड टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका लगवाने की अपील की। इस हेतु जिले में पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध है।

-0-


सोमवार को मिले 101 नये कोविड पॉजिटिव

बाड़मेर, 19 अप्रैल। जिले में सोमवार को 101 नये कोविड पॉजिटिव मरीज मिले है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई ने बताया कि सोमवार को एक्टिव केस बढ़कर 412 हो गये है। 123 मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर, 20 मरीज राजकीय अस्पताल बालोतरा एवं 10 मरीज निजी अस्पताल में भर्ती है। 259 मरीज होम आइसोलेशन में रखे गये है। 32 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। नये मामलो के साथ ही जिले में अप्रैल 2020 से अब तक 6111 पॉजिटिव मरीज मिले है एवं 88 लोगों की मौत हुई है। साथ ही एचआरसीटी जांच में स्कोर वाले 97 संदिग्ध कोविड मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर एवं 16 संदिग्ध कोविड मरीज राजकीय अस्पताल बालोतरा में भर्ती है। शनिवार को प्राप्त 830 आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में बाड़मेर शहर से 21 केस, बालोतरा शहर से 10 केस, गेंहू, महाबार, आदर्श बस्ती, उन्डखा, उत्तरलाई, गरल, लीलसर, तारातरा मठ, बान्द्रा, चान्देसरा, चवा, दर्जियों की ढाणी बायतु, गिडा, हेमजी का तला बायतु, जाजवा, देवड़ा बालोतरा, कितनोरिया, खुमे की बेरी, कोजा, दुदू, मीठडा खुर्द, लूगी नाडी धोरीमन्ना, पनावडा, शिव, पुषड, सोनडी, बीजराड, उदानियो की ढाणी गुडामालानी, निम्बलकोट, गुडामालानी से 1-1 केस, शिवकर, जालिपा, नांद, कवास, बायतु, माधासर, बायतु भीमजी, शहर गिडा, नौसर, किटनोद, रामजी का गोल, आरजीटी गुडामालानी, चौहटन, सेडवा, गडरारोड से 2-2 केस, बायतु चिमनजी से 3 केस एवं धोरीमन्ना से 7 केस पॉजिटिव मिले है। डॉ विश्नोई ने कहा कि कोरोना के प्रसार में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर से निकले। भीड़ का हिस्सा न बने और सोशल डिस्टेंसिंग रखे। मास्क लगाना न भूले। उन्होंने जिलेवासियों से अपना क्रम आने पर अधिक से अधिक टीकाकरण करवाने की अपील भी की है।

-0-


रिफाइनरी से विकास की बुलंदियों को छुएगा राजस्थान - मुख्यमंत्री

 रिफाइनरी की प्रगति पर समीक्षा बैठक

कोविड की विपरीत परिस्थितियों में भी समय पर पूरा हो प्रोजेक्ट

बाड़मेर, 19 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा है कि बाड़मेर के पचपदरा में निर्माणाधीन राजस्थान रिफाइनरी पूरे राजस्थान और विशेषकर पश्चिमी क्षेत्र के लोगों का एक बड़ा सपना है, जिसके साकार होने से राज्य का आर्थिक विकास नई बुलंदियों को छुएगा। कोविड की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए परियोजना की सहभागी कम्पनी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के साथ सभी स्तर पर आगे बढ़कर सहयोग करने के निर्देेश दिए।  

श्री गहलोत सोमवार शाम को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) परियोजना के निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संभव है कि कोरोना महामारी के कारण इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के कार्यों पर कुछ प्रतिकूल असर पड़ा हो, लेकिन एचपीसीएल के अधिकारी अपने संसाधनों को बढ़ाकर इसे और अधिक गति दें। 

मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि राजस्थान के विकास की दृष्टि से इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की एचपीसीएल प्रबंधन द्वारा लगातार गहन मॉनिटरिंग की जा रही है। श्री गहलोत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के स्तर पर लंबित मुद्दों एवं प्रकरणों को परियोजना के अधिकारियों के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द निस्तारित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाए और किसी भी श्रमिक के संक्रमित पाए जाने पर उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिले।

राजस्व मंत्री श्री हरीश चौधरी ने एचपीसीएल के अधिकारियों से प्रोजेक्ट साइट पर सघन पौधारोपण की योजना तैयार करने को कहा। साथ ही कार्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों की योजना बनाकर उसे क्रियान्वित करने का सुझाव दिया।

मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य ने बताया कि रिफाइनरी क्षेत्र में विद्यालय और अस्पताल के लिए एचआरआरएल को भूमि आवंटन, इंदिरा गांधी नहर से पानी, रिफाइनरी क्षेत्र को ‘निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित करने, आस-पास के गांवों से सड़क संपर्क तथा जोधपुर में टाउनशिप के लिए उपयुक्त भूमि के आवंटन, कौशल प्रशिक्षण केन्द्र आदि आवश्यकताओं से जुड़ी समस्त प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी। 

    जिला मुख्यालय पर कार्यवाहक जिला कलेक्टर मोहन दान रत्नू तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने रिफाइनरी की प्रगति एवं बकाया बिंदुओं के बारे में जानकारी।

-0-


लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...