शनिवार, 26 मार्च 2022

विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रति भारी उत्साह

 थार महोत्सव-2022

बाड़मेर, 26 मार्च। थार महोत्सव और राजस्थान दिवस समारोह को लेकर पूरे जिले में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि पिछले 5 दिनों में खेल और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढकर हिसा ले रहे है।
अब तक के हुए रजिस्ट्रेशन के अनुसार क्रिकेट में पुरुषों की 21 और 2 महिलाओं की टीमें भाग ले रहीं हैं। इसी प्रकार कबड्डी में पुरुष वर्ग की 16 टीमें है और महिला वर्ग में 8 टीमें, बैडमिंटन में बॉयज की 32 टीमें और महिला वर्ग 31 टीमें, मिक्स्ड डबल्स में 8, मेन्स डबल्स में 16 टीमें शामिल हुई है। पुरुषों में 40 से ऊपर के खिलाड़ियों की 8 टीमें है। खो-खो में बॉयज और गर्ल्स की 4-4 टीमें हैं।  इसी प्रकार सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में चित्रकला में 73, रंगोली में 33, मेहंदी में 65, मांडणा में 23 प्रतिभागी शामिल होगें। लेकिन सबसे ज्यादा उत्साह थार सुंदरी और थार श्री को लेकर देखा जा रहा है। थार सुंदरी मुकाबले के लिए 86 और थार श्री के लिए 42 खिताब के लिए दावेदारी कर रहे हैं। पारंपरिक खेल में सतोलिया में 87, रूमाल झपट्टा में 17 ने दावेदारी पेश की है। 
शनिवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने कबड्डी के ड्रा निकालकर आयोजन की शुरुआत की। थार महोत्सव के नोडल अधिकारी रतनू ने बताया की अपेक्षा से अधिक टीमें होने के कारण मैच पहले शुरू करने जा रहे हैं ताकि 29-30 तक सभी के फाइनल खेले जा सकें।
-0-

राजस्व अधिकारियों की बैठक पांच अप्रेल को

बाड़मेर, 26 मार्च। राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 5 अप्रेल को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्व सबंधी कार्यो एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यो पर समीक्षा की जाएगी।

 अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि उक्त बैठक में राजस्व संबंघी निर्धारित बिन्दुओं पर समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित एजेण्डानुसार 31 मार्च तक की उपखण्डवार संकलित सूचनाएं निर्धारित प्रपत्रों में तैयार कर 01 अप्रेल तक भिजवाने तथा निर्धारित दिनांक को आवश्यक सूचनाओं सहित बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।  
-0-

रविवार को चौहटन के मखमली धोरों पर रहेगी थार महोत्सव की धूम

 बाड़मेर, 26 मार्च। थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह की कड़ी में रविवार 27 मार्च को चौहटन के मखमली धोरों पर गैर दलों द्वारा आकर्षक गैर नृत्य एवं भजन संध्या/सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

 जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि रविवार 27 मार्च को सायं 5 से 7.30 बजे तक चौहटन के रेतीले धारों पर गैर दलों के नृत्य का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके पश्चात् यहां पर सायं 7.30 बजे से भजन संख्या/सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगे, जिसमें स्थानीय एवं विभिन्न स्थानों से आये कलाकार अपनी उत्कृष्ठ प्रस्तुति देंगे। इस दौरान गैर दलों द्वारा नृत्य प्रदर्शन, फकीरा खां भादरेस एण्ड पाटी, स्वरूप पंवार एण्ड पार्टी एवं अन्य भजन गायकों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही अन्य सांस्कृतिक केन्द्रों से आए कलाकार दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
-0-

शुक्रवार, 25 मार्च 2022

उच्च लक्ष्य रखकर तथा कठिन परिश्रम से विद्यार्थी अपना भविष्य उज्जवल बनाएं - कृष्ण सिंह

 आठवीं कक्षा के छात्र छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित

बाड़मेर, 25 मार्च। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सिद्धियानी भीलो की ढाणी, आदर्श महाबार में कक्षा आठवीं के छात्रों को उच्च शिक्षा अर्जित करने हेतु विद्यालय से विदाई दी गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कृष्ण सिंह महेचा एवं पीईईओ महाबार भगवानदास बारूपाल ने छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए उनका मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा सिंह महेचा ने कहा कि बालक अपने उज्जवल भविष्य के लिए लक्ष्य को उच्च रखकर उसे हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि बाल्यावस्था के दौरान शिक्षा, खेल एवं संतुलित आहार का विशेष महत्व होता है। बालकों को स्वस्थ शरीर के लिए खेल एवं संतुलित आहार आवश्यक है तथा अपने भविष्य को उज्जवल बनाने व एक जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु शिक्षा अत्यावश्यक है। 
इस अवसर पर पीईईओ महाबार भगवानदास बारूपाल ने बालको से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष जोर देकर अच्छे अंक अर्जित करने की बात कही। उन्होंने बालकों द्वारा दी गई नृत्य प्रस्तुतियों पर उनकी सराहना करते हुए शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास की बात कही। 
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि फोटा खान ने विद्यालय के आधुनिकीकरण एवं आवश्यक संसाधनों को उपलब्ध कराने की हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरिता विश्नोई ने विदा हो रहे कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम का संचालन अध्यापक खेताराम माचरा तथा खेमराज जी ने किया। 
इस अवसर पर कक्षा आठवीं के छात्र छात्राओं ने अपने विद्यालय से जुड़ी यादों को सांझा किया। साथ छात्राओं द्वारा सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दी गई जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया। 
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ तथा पूर्व प्रधानाध्यापक बलवीर चौधरी ने विद्यालय के आधुनिकीकरण तथा के लिए एक कंप्यूटर सेट भेंट किया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ कौशल्या सोलंकी, भाखर सिंह, गीता बाना एवं किशोर सिंह स्थित रहे। वहीं महाबार पीईईओ क्षेत्र के संस्था प्रधान जितेंद्र जी, जीवराज जी, विशन सिंह, डिंपल गोड, महाबार विद्यालय के देवाराम तथा गणमान्य ग्रामीण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
-0-





राज्यपाल की दो दिवसीय यात्रा प्रस्तावित, जिला कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

बाड़मेर, 25 मार्च। जिले में महामहिम राज्यपाल श्री कलराज मिश्र की दो दिवसीय प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां आरम्भ कर दी गई हैं। यह 30 एवं 31 मार्च को प्रस्तावित है।

  जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने शुक्रवार को प्रस्तावित तैयारियों की समीक्षा कर सभी समन्धित विभागों को सुपुर्द दायित्वों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जिलाधिकारियो  को 30 मार्च को पारम्परिक वेशभूषा में स्थानीय साँचल फोर्ट में उपस्थित होने को कहा गया है। जिला कलेक्टर ने सभी सम्भावित भ्रमण स्थलों की साफ सफाई, बेरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक इंतजाम समय रहते पूर्ण करने को कहा।
    इस दौरान उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अपडेट कर अधिकारियो को अपने पास रखने को कहा। साथ ही जिले की प्रोफाइल में भी सभी योजनाओं की अद्यतन जानकारी शामिल करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला कलक्टर ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजनाओ पर भी चर्चा करते हुए इनकी विस्तृत जानकारी प्रेषित करने को कहा। बैठक में उन्होने सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स के भौतिक सत्यापन, राशनकार्ड से जनाधार सीडिंग करने, सिलिकोसिस के प्रकरणों के बकाया प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर इनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू समेत सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
-0-




किसान 31 मार्च तक करवा सकेंगे सहकारी जीवन सुरक्षा बीमा

बाड़मेर, 25 मार्च। बालोतरा सहकारी भूमि विकास बैंक लि. बालोतरा के माध्यम से दीर्धकालीन ऋण प्राप्त करने वाले ऋणियों, जमाकर्ताओं, स्टाफ सदस्यों का सहकारी जीवन सुरक्षा बीमा योजना के अन्तर्गत बीमा किया जाएगा।

बालोतरा सहकारी भूमि विकास बैंक लि. सचिव जितेन्द्र कुमार गोदारा ने बताया कि सहकारी विभाग द्वारा स्वीकृत एवं शीर्ष सहकारी बैंक तथा श्रीराम लाइफ इन्श्युरेंस कम्पनी के मध्य हुए करार के अनुसार भूमि विकास बैंक बालोतरा के 18 से 79 वर्ष तक के ऋणियों, जमाकर्ताओं, स्टाफ सदस्यों का बीमा किया जाएगा जिसकी अन्तिम तिथि 31 मार्च, 2022 है। उन्होने बताया कि यह योजना ऐच्छिक है जिसमें ऋणियों, जमाकर्ताओं, स्टाफ सदस्यों द्वारा 31 मार्च, 2022 तक प्रीमियम राशि जमा करने, नॉमिनी विवरण, बैंक बचत खाते का विवरण, आधार नम्बर, मोबाईल नम्बर ािदि की सूचना जमा करने वाले का बीमा किया जा सकेंगा। बीमा योजना के अनुसार 18 से 60 वर्ष तक की आयु वाले कृषकों के लिए बीमा प्रीमियम की दर 17.70 रूपये प्रति हजार तथा 60 से 79 वर्ष तक की आयु वाले कृषकों के लिए 46.60 रूपये प्रति हजार का बीमा प्रीमियम देय होगा जिसमें अधिकतम 3 लाख रूपये का बीमा किया जाएगा।
-0-

मुख्य सचिव ने की वर्चुअल समीक्षा, जिला कलेक्टर ने नवाचारों के बारे में बताया

बाड़मेर, 25 मार्च। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने शुक्रवार को जिले में योजनाओं की वर्चुअल समीक्षा की। इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जिले में नवाचारों के बारे में अवगत कराया।

    इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में आने वाले समय मे दो बड़े अभियान चला कर एनीमिया एवं कुपोषण के विरूद्ध कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिशन सुरक्षा चक्र बाड़मेर के अंर्तगत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत एनीमिया एवं कुपोषण से पीड़ितो की पहचान सुनिश्चित की जाएगी एवं तत्पश्चात योजनाबद्ध तरीके से दोनों अभियान संचालित किए जाएंगे।  
-0-

थार महोत्सव के कार्यक्रमो का आगाज

जिला कलक्टर ने बाइकर्स रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

रेडाणा में आकर्षक घुड़दौड एवं पैरासेलिंग का आयोजन
बाड़मेर, 25 मार्च। जिले में लोक कला, संस्कृति, इतिहास, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह के आयोजन की कड़ी में शुक्रवार 25 मार्च को प्रातः भगवान महावीर टाउन हॉल से एक्सप्लोरिंग थार बाइकर्स रैली को जिला कलक्टर लोक बंधु ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि काफी समय बाद बाड़मेर में थार महोत्सव का आयोजन हो रहा है, उन्होने कहा कि लोग यहां की लोक कला, संस्कृति, वेशभूषा, खान-पान का प्रदर्शन कर पायेंगे। उन्होने कहा कि थार महोत्सव के प्रति लोगों में काफी उत्साह व उल्लास है, लोग शांतिपूर्वक ढंग से थार महोत्सव को मनाएंगे, बाहर से भी लोग आएंगे। उन्होने उम्मीद जताई कि अगले साल महोत्सव भव्य रूप ले सकेंगा। इस मौके पर उन्होने लोगों से अपील की कि वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले तथा अधिकाधिक कार्यक्रमों मे शामिल होकर इसे भव्य बनाएं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, राजस्व अपील अधिकारी अरविन्द जाखड़, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, तहसीलदार प्रेमसिंह चौधरी, रावल त्रिभूवनसिंह, सहायक आचार्य मुकेश पचौरी, व्याख्याता ओम जोशी, दीपसिंह भाटी, पुरूषोतम खत्री समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
इसके पश्चात् किराडू में पुरामहत्व के किराडू मंदिरों का अवलोकन करवाया गया। यहां व्याख्याता ओम जोशी ने किराडू की स्थापत्य कला, इतिहास के बारे में जानकारी कराई। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गडरारोड महावीरसिंह, पुलिस उप अधीक्षक चौहटन धमेन्द्र समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। इसके बाद रेडाणा रण पर आकर्षक घुड़ दौड का आयोजन किया गया। घुड दौड़ प्रतियोगिता में मोहनसिंह चितलवाना प्रथम, तेजमालसिंह मगरा द्वितीय एवं अर्जुनसिंह मारूड़ी तृतीय स्थान पर रहें। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को क्रमशः 21,000, 11000 एवं 5000 का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके बाद पैरासेलिंग का आयोजन हुआ।
-0-










गुरुवार, 24 मार्च 2022

आज से रहेगी थार महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की धूम

रोचक प्रतियोगिताओं के साथ होगा विराट कवि सम्मेलन

रोड शो से किया थार महोत्सव का प्रचार प्रसार
बाड़मेर, 24 मार्च। जिले में लोक कला, संस्कृति, इतिहास, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह का भव्य आयोजन 28 मार्च से किया जाएगा। शुक्रवार 25 मार्च को प्रातः 7.30 बजे एक्सप्लोरिंग थार बाइकर्स रैली टाउन हॉल बाड़मेर से किराडू से रेडाना तक आयोजित की जाएगी। इससे पूर्व गुरुवार सांय रोड शो के जरिए महोत्सव का प्रचार प्रसार किया गया।
    जिला प्रशासन का रोड शो गांधी चौक से आरम्भ होकर अहिंसा सर्किल तक पहुंचा। इसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान समेत बड़ी संख्या महिलाओं एवं स्कूल कालेज छात्र छत्राओं ने भाग लिया।
वही थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह के दौरान आयोजित किये जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का व्यापक स्तर से प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जन प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों, उद्यमियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तथा पोस्टर, बैनर एवं आमन्त्रण के जरिये कार्यक्रमों के दौरान अधिकाधिक जन भागीदारी हेतु आमन्त्रित किया जा रहा है। साथ ही घर-घर पीले चावल बांटकर एवं लोक कलाकारों द्वारा सन्देश के जरिए प्रचार किया जा रहा है।  
थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह 2022 पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25 मार्च को प्रातः 7.30 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल बाडमेर से किराडू होते हुए रेडाणा तक एक्सप्लोर थार बाइकर्स रैली निकाली जाएगी। इसी दिन प्रातः 8.30 बजे किराडू में हेरिटेज वॉक होगी तो प्रातः 10 बजे रेडाणा रण पर घुड दौड़, पैरासेलिंग एवं मनोरंजक कार्यक्रम तथा मध्यान्ह 3 से सायं 7.30 बजे तक नन्दी गोशाला में गणगौर, बेडिये गीत-भजन एवं जायको म्हारे थार रो का आयोजन किया जाएगा।
  इसी प्रकार 27 मार्च को सायं 5 से 7.30 बजे तक गैर दलों द्वारा नृत्य का लाइव प्रसारण तथा सायं 7.30 बजे से चौहटन के धोरों पर भजन संध्या व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
थार महोत्सव का आगाज 28 मार्च को प्रातः 8 बजे बाड़मेर में गांधी चौक से शोभा यात्रा के साथ होगा, जिसके प्रातः 10 बजे आदर्श स्टेडियम पहुंचने पर थार सुन्दरी-थार थी, दादा-पोता दौड़, पति-पत्नी दौड, पनिहारी मटका दौड़, रस्साकसी, साफा बांधो, राजस्थानी वेशभूषा, ढोल वादन, ऊंट श्रृंगार समेत रोचक मुकाबले एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसी कड़ी में सांय 6 बजे आदर्श स्टेडियम में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गैर नृत्य प्रदर्शन तथा रात्रि 9 बजे आदर्श स्टेडियम में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। कवि सम्मेलन में शैलेश लोढ़ा, सत्यनारायण सत्तन, शबीना अदीब, जोनी बैरागी, दिनेश सिंदल, संजय झाला, अशोक चारण, विवेक पारीक सरीके ख्यातनाम राष्ट्रीय कवि अपनी कविता का पाठ करेंगे।
महोत्सव के दौरान 29 मार्च को प्रातः 9 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल बाडमेर में मांडना, चित्रकला, रंगोली, मेंहदी प्रतियोगिता, 11 बजे एसडब्ल्युएमएल मैदान कपूरडी में क्रिकेट, पुलिस लाइनध्राजवेस्ट टाउनशिप बाड़मेर में बैडमिंटन मैच, डाक बंगला बाडमेर में हस्तशिल्प मेला, 12 बजे सेफ्रॉन बाड़मेर में जायकों राजस्थान रो, सायं 7 बजे धौला आकडा बाड़मेर में भजन संध्या एवं पाबूजी की पड़ तथा मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव द्वारा बालोतरा सेलेब्रिटी नाईट (म्यूजिकल नाईट विथ सेलेब्रिटी) का आयोजन किया जाएगा।
थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस के अन्तिम दिन 30 मार्च को प्रातः 6 बजे गडरारोड सर्किल से मैराथन दौड़, 9 बजे आदर्श स्टेडियम में कबड्डी, खो-खो, सतोलिया, रूमाल झपटा पारंपरिक खेल, 11 बजे टाउन हॉल बाडमेर में प्रशासनिक अधिकारियों से युवा संवाद तथा सायं 7 बजे महाबार के धोरों पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा जिसमें मथुरा, बृज, हरियाणा, गुजरात, पंजाब एवं राजस्थानी कलाकारों द्वारा राजस्थानी वेशभूषा पर आधारित फैशन परेड तथा अन्त में रंगारंग आतिशबाजी का आयोजन होगा।
-0-



बुधवार, 23 मार्च 2022

जिला कलक्टर ने विशाला में की जनसुनवाई, ग्रामीणों ने बताई बिजली पानी की समस्या

बाड़मेर, 23 मार्च। ग्राम पंचायत विशाला में उपखण्ड कलस्टर स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला कलेक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में बुधवार को हुआ।

  इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनी एवं समाधान का विश्वास दिलाया। जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोरोना काल के बाद जनसुनवाई का कार्यक्रम पुनः चालू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस जनसुनवाई की मंशा यह है कि विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन एक मंच के नीेचे बैठकर जनसमस्याओं को प्राप्त करे एवं उनके स्तर से होने वाली समस्याओं का समाधान मौके पर करके लोगों को राहत देवे।
जिला कलक्टर बन्धु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसुनवाई के दौरान विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी दे ताकि ग्रामीणजन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान एक-एक ग्रामीण की समस्या से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र प्राप्त किए एवं सम्बन्धित विभागों को प्रेषित कर निर्देश दिए कि वे उनके स्तर से होने वाली समस्याओं का समाधान मौके पर ही करावे। इस दौरान करीब 40 प्राथना पत्र पेश किए गए। ग्रामीण ने मुख्य रूप से पानी की समस्या बताई। साथ घर के ऊपर से निकल रहे एचटी लाइन हटाने एवं विशाल व नांद में चिकित्सको के नही रहने की जानकारी दी।
  इस दौरान जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से पेयजल, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम, चिकित्सा, श्रम कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समस्याओं का समाधान मौके पर कर लोगों को हर हाल में राहत देनी है। उन्होंने ग्रामीणों से भी जागरूक रह कर योजना ओ का लाभ उठाने का आह्वान किया।
  जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान समेत विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान क्लस्टर की 10 पंचायत के सरंपच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान पुरूषों के साथ ही महिलाओं ने भी अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र जिला कलक्टर को प्रस्तुत किए एवं जिला कलक्टर ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्य से सुनी एवं समाधान कराने का विश्वास दिलाया।
    इससे पूर्व जिला कलेक्टर ने बाड़मेर एवं बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति के नरेगा के कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया और कार्य में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाड़मेर मगरा एवं बाड़मेर ग्रामीण पंचायतो में ग्रेवल सड़क निर्माण कार्य एवं विशाला में इंटरलॉकिंग ब्लॉक के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू भी साथ रहे।
-0-






एमनेस्टी योजना के प्रति विभाग दिखा रहे है रूचि

पिछले वर्ष से डिस्कॉम की राजस्व वसूली में बढ़ोतरी

बाड़मेर, 23 मार्च। जोधपुर डिस्कॉम की ओर से लागू की गई सरकारी विभागों, स्वायतशाषी विभागों एवं आरएलबी से जुड़े निकायों के कार्यालयों के बिजली बिलों में एलपीएस में रियायत योजना के साथ घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई एमनेस्टी स्कीम का व्यापक असर हो रहा हैं।
डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता अजय माथुर ने बताया कि डिस्कॉम द्वारा सरकारी बकायों की वसूली के लिए लागू की गई एलपीएस में छुट योजना के प्रति सरकारी विभाग विशेष रूचि दिखा रहे हैं एवं वह अपनी बकाया राशि जमा कराकर लाखों रूपए के एलपीएस छुट का लाभ उठा रहे हैं। अब भी कई विभागों द्वारा इस योजना के तहत पैसे जमा कराने की कार्यवाही की जा रही हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता भी एमनेस्टी योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होने बताया कि कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए लागू एमनेस्टी योजना मेें विभिन्न प्रकार की छुट का प्रावधान किया गया हैं, उसका भी असर हो रहा हैं। उन्होने बताया कि योजना के तहत सरकारी विभागों में लंबे समय से चल रहे बिजली बिलों की बकाया संबंधी प्रकरण नियमानुसार निस्तारित किए जा रहे हैं। योजना के लागू होने के बाद राजस्व में भी गत वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी हुई हैं एवं आवंटित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति में काफी मदद मिली हैं। उन्होने सरकारी विभागों सहित अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं से इस योजना का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने का आव्हान किया हैं।
-0-

दुर्घटनाओं के पीड़ितों को कुल 17 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 मुख्यमंत्री सहायता कोष

बाड़मेर, 23 मार्च। जिले में विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 17 व्यक्तियों को कुल 17 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों के सड़क दुर्घटनाओं में 17 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से स्वीकृत कीे गई है।
-0-

कृषक 31 मार्च से पूर्व बीमा प्रिमियम जमा करवाएं

बाड़मेर, 23 मार्च। दी बाड़मेर सेन्ट्रल को-आपरेटिव बैंक एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से अल्पकालीन फसली ऋ़ण प्राप्त करने वाले कृषकों का सहकार जीवन सुरक्षा बीमा योजना के अन्तर्गत बीमा किया जायेगा।

प्रबन्ध निदेशक रामसुख चौधरी ने बताया कि शीर्ष सहकारी बैंक तथा श्रीराम लाइफ इन्श्युरेंस कम्पनी के मध्य हुए करार के अनुसार 18 से 79 वर्ष तक के ऋणी कृषकों का बीमा किया जाएगा जिसकी अन्तिम तिथि 31 मार्च, 2022 है। बीमा योजना के अनुसार 18 से 60 वर्ष तक की आयु वाले कृषकों के लिए बीमा प्रीमियम की दर 17.70 रूपये प्रति हजार तथा 60 से 79 वर्ष तक की आयु वाले कृषकों के लिए 46.60 रूपये प्रति हजार का बीमा प्रीमियम देय होगा जिसमें ऋण राशि के बराबर बीमा किया जाएगा तथा एक वर्ष की अवधि के लिए बीमा सुरक्षा उपलब्ध रहेगी।
उन्होने बताया कि जिन कृषकों के ऋण खाते में अधिकतम साख सीमा में राशि उपलब्ध है उनका बीमा प्रीमियम स्वतः ही कटौती कर ली जावेगी लेकिन जिन कृषकों के खाते में राशि उपलब्ध नहीं है उनका बीमा कृषक द्वारा समिति या बैंक में जाकर राशि जमा करवाने पर ही किया जायेगा। बैंक व समिति के सभी कृषक जिनके खाते में राशि उपलब्ध नहीं है, वह 31 मार्च से पूर्व ही बीमा प्रीमियम के बराबर राशि जमा करवा दे ताकि बीमा किया जा सकें।
-0-

वित्तीय वर्ष के अन्तिम दिन 31 मार्च को सायं 5 बजे तक ऑनलाइन मोड से विपत्र स्वीकार किए जाएंगे

बाड़मेर, 23 मार्च। वित्त विभाग राजस्थान जयपुर एवं निदेशालय कोष एवं लेखा राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 की समाप्ति को दृष्टिगत रखते हुए समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उपलब्ध बजट से संबंधित विपत्र यथाशीध्र ऑनलाइन मोड से कोष/उपकोष कार्यालय को भिजवाया जाना सुनिश्चित करे।

कोषाधिकारी जसराज चौहान ने बताया कि 31 मार्च, 2022 को विपत्र सायं 5 बजे तक ऑनलाइन मोड से स्वीकार किये जाएंगे एवं निर्माण विभागों/वन विभाग को निर्माण कार्यो संबंधित आवंटित बजट का उपयोग समय पर सुनिश्चित किये जाने के दृष्टिगत निर्माण विभाग/वन विभाग के समस्त निर्माण खण्डों/वन खण्डों द्वारा निर्माण कार्यो से संबंधित बिल मार्च माह में 25 से 31 मार्च को सायं 5 बजे तक संबंधित कोष/उपकोष को प्रेषित किए जा सकेंगे। उन्होने बताया कि रिजेक्टेड संव्यवहारों से संबंधित ई एडवाइस भी निर्धारित समयावधि मे ही संबंधित कोष/उपकोष कार्यालय को प्रेषित किए जाएंगे।
-0-

सुबह तीन घंटे विद्युत सप्लाई बन्द रहेगी

बाड़मेर, 23 मार्च। गुरूवार 24 मार्च को 400 केवी जीएसएस बाडमेर में 132 केवी मैन बस का रख रखाव के मद्देनजर सुबह 7 से 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी।

400 केवी जीएसएस के अधिशाषी अभियन्ता इ.एस.के. मिश्रा ने बताया कि गुरूवार 24 मार्च को 400 केवी जीएसएस बाडमेर में सुबह 7 से 10 बजे तक 132 केवी मैन बस का रखरखाव हेतु शटडाउन रहेगा, जिसके कारण 400 केवी जीएसएस बाडमेर से निकलने वाली 132 केवी बाड़मेर लाइन्स, 132 केवी शिव लाइन्स, 132 केवी उण्डू लाइन्स, 132 केवी कानोड़ लाइन्स, 132 केवी गडरारोड लाइन्स एवं 132 केवी मेहलू लाइन्स की विद्युत सप्लाई बन्द रहेगी।
-0-

ग्राम पंचायतें भी कर सकेगी पेयजल परिवहन

बाड़मेर, 23 मार्च। संवत् 2078 में आपदा प्रबन्धन के तहत समस्याग्रस्त क्षेत्रों में ग्रीष्मकाल में टैंकरों के द्वारा पेयजल परिवहन करवाया जाना प्रस्तावित है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग वृत बाड़मेर के अधीक्षण अभियन्ता भगतसिंह ने बताया कि यदि कोई ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र में स्वीकृत स्थानों पर निर्धारित हाईडेन्ट से टैंकरों के माध्यम से अनुमोदित दरों पर पेयजल परिवहन करवाना चाहता है तो संबंधित अधिशाषी अभियन्ता जन स्वा. अभि. विभाग को अपनी सहमति सात दिवस में प्रदान करें अन्यथा अनुमोदित दरों पर संवेदकों के माध्यम से पेयजल परिवहन करवाया जाएगा।
-0-

शहीद दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सेमीनार

शहीदों के आदर्शो को जीवन में आत्मसात करें

बाड़मेर, 23 मार्च। भारत की स्वतन्त्रता की वर्षगांठ के अन्तर्गत आयोजित किये जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को शहीद दिवस के अवसर पर शहीदेआजम भगतसिंह, राजगुरू, सुखदेव की पुण्यतिथि पर सूचना केन्द्र में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वाधान में जिला स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया गया।
सेमीनार के प्रारम्भ में अमर शहीद भगतसिंह, राजगुरू, सुखदेव के चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने शहीद भगतसिंह के आदर्शो पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शो को जीवन में आत्मसात करने की बात कही। उन्होने कहा कि शहीद भगतसिंह ने कलम के माध्यम से क्रांन्ति का प्रयास किया। उनके विचार थे कि हर व्यक्ति बराबर हो तथा सभी का समान रूप से विकास हो। कमजोर एवं पिछड़े तबके को आगे लाकर न्यायपूर्ण समाज का निर्माण हो। आजादी को सहजने की आवश्यकता हैे तथा देश व समाज के लिए हर व्यक्ति अपना योगदान दें।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने कहा कि दैनिक जीवन में विचारों के साथ साथ समाज में जागरूकता, विचारों का आदान प्रदान तथा स्वतन्त्रता का महत्व जाने एवं पढ़े और जीवन में अपनाने का प्रयास करें। उन्होने कहा कि शहीद भगतसिंह के विचारों को आत्मसात करेंगे तो उनका सपना पूरा हो सकेेगा।
कन्या महाविद्यालय के सहायक आचार्य जितेन्द्र बोहरा ने कहा कि दांडी मार्च से प्रारम्भ आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन की कडी में विभिन्न नायको, स्वतन्त्रता सेनानियों तथा क्रांतिकारियों को नमन करने की श्रृंखला में यह कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होने कहा कि हमें आजादी के इन दीवानों की गाथाओं को पढ़ना चाहिए। शहीद भगतसिंह, राजगुरू एवं सुखदेव के अलावा आजादी के विभिन्न दीवानों के साथ मिलकर युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्य किया। उन्होने कहा कि हम सभी अपना कार्य निष्ठापूर्वक करें तो यह अपने आप में देशभक्ति है। राजकीय महाविद्यालय के सहायक आचार्य गणपतसिंह राजपुरोहित ने कहा कि शहीद भगतसिंह के विचार आज भी अनुकरणीय है। उन्होने कहा कि वह हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके विचार गुजरते समय के साथ और भी प्रासंगिक होते गए। उनका जीवन क्रान्ति को समर्पित था। डॉ. कानराज पूनिया ने कहा कि समाज को मजबूत करना है तो कमजोर एवं पिछड़े व्यक्ति को मजबूत करना होगा। उन्होने शहीद भगतसिंह के विचारों को अपनाने की बात कही।  इस दौरान छात्र रविन्द्रसिंह ने शहीद भगतसिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान एवं बलिदान को नमन किया। छात्रा सौम्या ने कहा कि आज के दिन ही शहीद भगतसिंह, राजगुरू, सुखदेव ने बहुत कम उम्र में देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया था। इन शहीदों की याद में और इन्हें श्रृंद्धाजलि देने के लिए ही आज का दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। छात्रा पदम्जा ने भी अपने विचार रखे।
सेमीनार के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव जिला स्तरीय समिति के सह संयोजक अमित बोहरा, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उप निदेशक श्रवण चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजन शर्मा, सी.ओ.स्काउट जोगेन्द्रसिंह, जिला युवा अधिकारी सचिन पाटोदिया, प्रधानाचार्य कमलसिंह राणीगांव समेत विभागीय अधिकारी, शुभम संस्थान के मुकेश व्यास, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सह आचार्य मुकेश पचौरी द्वारा किया गया।
-0-











जिला कलक्टर ने किया थार महोत्सव के निमंत्रण पत्र का विमोचन

पीले चावल के जरिए अधिकाधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान

बाड़मेर, 23 मार्च। जिले में लोक कला, संस्कृति, इतिहास, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह का भव्य आयोजन 28 मार्च से किया जाएगा।
सूचना केन्द्र में बुधवार को जिला कलक्टर लोक बंधु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, जिला शिक्षा अधिकारी माध्य. राजन शर्मा, आजादी का अमृत महोत्सव जिला स्तरीय समिति के सह संयोजक अमित बोहरा, व्याख्याता ओमप्रकाश जोशी, दीपसिंह भाटी द्वारा थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह के कार्यक्रमों में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया। इसके लिए उन्होने व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होने थार महोत्सव के दौरान उम्दा कार्यक्रमों का समावेश करने को कहा। उन्होने संबंधित अधिकारियों को समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पुख्ता करने के निर्देश दिए।
महोत्सव के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने बुधवार को अपने कक्ष में जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं सरपंचों के साथ बैठक लेकर थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों में अपेक्षित जन सहयोग एवं बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होने बताया कि जिले की कला एवं संस्कृति को बढावा देने वाला यह महोत्सव आमजन की भागीदारी से ही सफल हो पाएगा।
घर-घर पीले चावल बांट कर आमंत्रण
टीम बाड़मेर द्वारा थार महोत्सव को लेकर घर-घर पीले चावल बांटने के कार्यक्रम का आगाज बाड़मेर शहर के वार्ड सं0 17 रैन बसेरे के पीछे अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, नगर परिषद आयुक्त दलीप पुनिया, टीम बाड़मेर के संरक्षक डॉ. बी.डी. तातेड़, अध्यक्ष सुरेश जाटोल, भंवरलाल खोरवाल, संजय राठी, ओम जोशी, पवन शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान मौहल्ले वासियों द्वारा अतिथियों पर फूलों की वर्षा करते हुए उनका स्वागत कर जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की गई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने कहा कि हम सभी का यह प्रयास है कि हर घर से लोग इस आयोजन में जुड़कर अपनी भागीदारी निभाएं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने कहा कि थार महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन एवं बाड़मेर वासियों के सहयोग से किया जा रहा है जिसमें हम सभी की भागीदारी जरूरी है। सभी परम्परागत वेशभूषा में अपनी भागीदारी निभाएं।  
थार महोत्सव को लेकर लोक कलाकारों द्वारा सन्देश
थार महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिकाधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। बुधवार प्रातः स्थानीय गांधी चौक से नगर परिषद सभापति दीपक माली, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, नगर परिषद आयुक्त दलीप पुनिया ने लोक कलाकारों के सन्देश रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। लोक कलाकारों द्वारा बाड़मेर शहर में सन्देश रथ के द्वारा लोगों को कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
-0-



मंगलवार, 22 मार्च 2022

जिला कलक्टर ने की आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा

 गर्मियों के मद्देनजर पुख्ता हो पेयजल के प्रबंध

बाड़मेर, 22 मार्च। जिला कलक्टर लोक बंधु ने मंगलवार को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर आवश्यक सेवाओ एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए है।
  इस मौके पर जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में 21 मार्च से इंदिरा गांधी नहर में क्लोजर शुरू हो गया है। साथ ही वर्तमान में भीषण गर्मी का दौर भी चल रहा है, ऐसे में हर हाल में पेयजल की आपूर्ति के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति की अपने स्तर पर माइक्रो मॉनिटरिंग कर ग्रामीण क्षेत्रों में पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में करीब 2100 स्थलों पर टेंकरो के जरिए पेयजल परिवहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनुमोदित दरों पर पंचायत भी पेयजल का परिवहन कर सकेंगी।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कोविड टीकाकरण के संबंध में प्रगति की समीक्षा कर शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रिकॉशन डोज एवं बच्चों के टीकाकरण के कार्य में भी तेजी को प्रभावी योजना बना कर काम करने के निर्देश दिया। उन्होने मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में रजिस्टेªशन की प्रगति, निःशुल्क दवा एवं जॉच योजना कसी प्रगति, डोर टू डोर सर्वे की प्रगति, जन आधार रजिस्टेªशन की प्रगति की समीक्षा की तथा एसडीआरएफ से कोरोना सहायता दिए जाने के बकाया प्रकरणों को ऑनलाईन करवाकर शीध्र सहायता राशि दिलाने के निर्देश दिए।
    बैठक में उन्होने अवैध खनन की रोकथाम, सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स के भौतिक सत्यापन की प्रगति, पशु शिविर एवं चारा डिपों खोलने, आदान अनुदान में किसानों के डाटा ऑनलाईन करने, सिलिकोसिक के प्रकरणों एवं मुख्यमंत्री दुर्घटना सहायता के प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति, लोक सेवा गारन्टी के प्रकरणों की प्रगति, बजट घोषणाओ के लम्बित भूमि आवंटन मामलों समेत विभिन्न बिन्दुओं की जिला एवं ब्लॉकवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।  
बैठक में जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होने अधिकारियों को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की तथा जन समस्याओं का समयबद्ध रूप से गुणवतापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने सम्पर्क पोर्टल पर छः माह से अधिक पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा राज्य  स्तर पर आयोजित प्रगति पखवाड़ा के दौरान पैण्डिंग प्रकरणों का संवेदना के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।
    इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोाहनदान रतनू, उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर रोहित चौहान, यू आई टी सचिव शैलेष सुराणा समेत विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित रहें। वहीं उपखण्ड अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहें।
-0-




विश्व वानिकी दिवस पर विभिन्न आयोजनों के जरिए हरितिमा का सन्देश

 बाड़मेर, 22 मार्च। जिले में विश्व वानिकी दिवस पर सोमवार 21 मार्च को विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान हरि दयालु कौशल महाविद्यालय बाडमेर में Choose sustainable wood for people and the planet थीम पर आधारित निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर राजकीय महात्मा गांधी इंग्लिश मिडियम सीनियर सैकण्डरी स्कूल बाडमेर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू, प्रधानाध्यापक चैनाराम, शिक्षाविद् जसवन्तसिंह मायला, उद्योगपति तिलोक सऊ, क्षेत्रीय वन अधिकारी चन्द्रशेखर कौशिक, विद्यार्थियों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस दौरान उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू ने अपने उद्बोधन में कहा कि वन विभाग द्वारा बाड़मेर जिले में लम्बे समय से वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है, इसी की परिणती है कि आज बाड़मेर का वन क्षेत्र 16.79 प्रतिशत बढ़ चुका है। उन्होने कहा कि इन प्रयासों को निरन्तर सतत् रूप से क्रियान्वित किये जाने की आवश्यकता है।
प्रधानाध्यापक चैनाराम ने पर्यावरण पर सन्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगा कर उसका संरक्षण करना चाहिए। शिक्षाविद् जसवन्तसिंह मायला ने विश्व वानिकी दिवस पर अपने उद्बोधन में पर्यावरण पर अपने विचार रखते हुए कहा कि बाड़मेर जैसे रेगिस्तानी क्षेत्र में पर्यावरण के संरक्षण हेतु समग्र एवं सम्मलित प्रयासों की आवश्यकता है। वन रक्षक श्रीमती प्रियंका चौधरी ने बाड़मेर में पाये जाने वाले रेप्टाईल वन जीवों की जानकारी दी तथा सांपों के बारे में आमजन में प्रचलित अंधविश्वासों को दूर किया।
इसी कडी में किसान बोर्डिग एवं किसान कन्या छात्रावास बाड़मेर में वृक्षारोपण कर विश्व वानिकी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया गया। साथ ही जिले में वन विभाग के कर्मचारियों, ग्राम्य वन सुरक्षा एवं प्रबन्ध समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने विभिन्न प्रजाति के बीजों का एकत्रिकरण किया तथा बीजों के महत्व पर प्रकाश डाला।
-0-







लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...