मंगलवार, 12 अक्टूबर 2021

बेसहारों को मिल रहा पालनहार योजना का सहारा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। रामसर की सेतराऊ ग्राम पंचायत में प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर में मंगलवार को सुगनी देवी तथा कमला देवी के बच्चों को पालनहार योजना से जोड़कर आर्थिक संबंल प्रदान किया गया।
शिविर प्रभारी मीनू वर्मा ने बताया कि सेतराऊ में तीन परिवार जिसमें छः बच्चों का पालनहार योजनान्तर्गत आवेदन करवाकर जिला स्तर से इसी दिन आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करवाकर बच्चों को योजना से जोड़ा गया। अब इन्हें राज्य सरकार की योजनान्तर्गत आर्थिक लाभ मिल सकेगा। उन्होनें बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
-0-

निःसंतान वृद्ध दंपती को वर्षो बाद जारी हुआ पट्टा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। बालोतरा की जानियाना ग्राम पंचायत में मंगलवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर में 70 वर्षीय बादरराम भील एवं मीमों देवी को मौके पर ही आबादी भूमि का पट्टा जारी किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी ने बताया कि जानियाना में आयोजित शिविर में निःसंतान वृद्ध दंपती मीमों देवी एवं बादरराम भील जोकि आबादी में अस्थाई रूप से कच्चे आवास में निवासरत थे, उनके आवेदन पर शिविर में त्वरित कार्यवाही कर उन्हें पट्टा जारी किया गया। उन्होनें बताया कि पट्टा मिलने पर बादरराम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान तो हमे संतान न देकर सहारा न दे पाया किन्तु राज्य सरकार एवं प्रशासन विशेषकर पंचायतीराज विभाग आज हमारे लिए सहारा बना, जिससे इस बची उम्र में हमें भी छत का सुख मिलेगा।
बदराराम को आबादी भूमि का पट्टा पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, प्रधान भगवत सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी, सरपंच बाबु देवी द्वारा उपलब्ध करवाया गया।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान में लोगों के हाथो हाथ हो रहे काम

 बुधवार को झणकली व समदडी में तथा गुरूवार को 12 ग्राम पंचायतों पर लगेंगे शिविर

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत अभियान के तहत बुधवार 13 अक्टूबर को गडरारोड़ पंचायत समिति की झणकली एवं समदडी पंचायत समिति की समदडी ग्राम पंचायत तथा गुरूवार 14 अक्टूबर को 12 विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यो एवं समस्याओं का हाथों-हाथ निस्तारण किया जा रहा है।
मंगलवार को बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन तथा जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने कुड़ला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर, शिव विधायक अमीन खां ने शिव पंचायत समिति में बालासर ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनंे उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित किया जाए। इस दौरान उन्होने लाभान्वितों को पट्टों एवं अन्य स्वीकृतियों का वितरण किया।
इसी प्रकार बालोतरा पंचायत समिति के जानियाना ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर का पचपदरा विधायक मदन प्रजापत एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न विभागों से जुडी कल्याणकारी योजनाओं की अधिकाधिक लोगों को जानकारी कराई जाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
बुधवार के शिविर
उन्होनें बताया कि बुधवार 13 अक्टूबर को पंचायत समिति गडरारोड़ की झणकली एवं समदडी पंचायत समिति की समदडी ग्राम पंचायत मे शिविर आयोजित किया जाएगा।  
गुरूवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि गुरूवार 14 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर में बलाउ, बालोतरा में रेवाड़ा मैया, पाटोदी में भाखरसर, बायतु में बायतु पनजी, धोरीमना में राणासर कलां, गडरारोड में खुडाणी, गुडामालानी में सिंधासवा चौहान, सेड़वा में भेरूडी, शिव में पोसाल, पायला कला में एड मानजी, सिवाना में सिवाना तथा धनाऊ में रबासर ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।  
-0-










डी.ए.पी. से सस्ता एवं अधिक उपयोगी है सिंगल सुपर फास्फेट

बाड़मेर, 12 अक्टूबर। जिले में रबी फसलों की बुवाई प्रारम्भ होने वाली है तथा अधिकांश कृषकों द्वारा फास्फोरिक उर्वरक के रूप में डी.ए.पी. का उपयोग किया जाता है। इस वर्ष है। अतः सभी कृषकों से अनुरोध है कि डी.ए.पी. के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया का प्रयोग करे जो तुलनात्मक रूप से सस्ता एवं अधिक उपयोगी है।

उप निदेशक कृषि विस्तार विरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि डी.ए.पी. के 50 कि.ग्रा. का एक कट्टा 1200 रूपये में आता है जिसमें 23 कि.ग्रा. फास्फोरस व 09 कि.ग्रा. नत्रजन मिलती है, इसके विकल्प के रूप में 03 बैग एसएसपी एवं 01 बैग यूरिया का प्रयोग किया जाता है तो इसकी कुल लागत 1166 रूपये होगी एवं इसमें 24 कि.ग्रा. फास्फोरस एवं 20 कि.ग्रा. नत्रजन मिलेगी। इसके अतिरिक्त इसमें 16 कि.ग्रा. गन्धक एवं 31 कि.ग्रा. कैल्सियम तत्व भी पाये जाते है।
उन्होने बताया कि गन्धक तिलहनी एवं दलहनी फसलों के लिए बहुत ही उपयोगी है इससे फसलों में प्रोट्रीन एवं तेल की मात्र बढ़ती है तथा दाना सूडोल एवं चमकीला बनता है एवं फसल के उत्पादन में वृद्धि होती है। कैल्सियम पौधे को स्वस्थ एवं मजबूत बनाता है, जिससे पौधे में कीट एवं बीमारीयों का प्रकोप कम होता है एवं उत्पादन में वृद्धि होती है।
देश में डी.ए.पी. का उत्पादन बहुत कम है तथा विदेश से आयात किया जाता है जबकि सिंगल सुपर फास्फेट की अधिकांश निर्माण इकाई राज्य में ही स्थापित है। डी.ए.पी. की कमी को देखते हुए कृषि आयुक्तालय राजस्थान जयपुर द्वारा राज्य में स्थित सिंगल सुपर फास्फेट निर्माताओं को राज्य की मांग पूरी होने तक एस.एस.पी. अन्य राज्यों को नहीं भिजवाने हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होने बताया कि सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया के मिश्रण की कम लागत, अधिक पौषक तत्वों की मात्रा एवं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्धता को देखते हुए कृषकों से अनुरोध है कि डी.ए.पी. के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट व यूरिया के मिश्रण का उपयोग करें। इसके उपयोग से जीरे में दाना मोटा चमकीला सूडोल एवं अधिक सुगन्धित बनता है जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ बाजार भाव भी अच्छा मिलता है।
-0-

उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

 बाड़मेर, 12 अक्टूबर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने मंगलवार सायं बैठक लेकर जिले में रबी फसलों की बुवाई के दौरान पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों का क्षेत्र में सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों से जिले में उर्वरकों की मॉग एवं आपूर्ति की जानकारी ली तथा इस वर्ष डी.ए.पी. की उपलब्धता मांग की तुलना में काफी कम रहने की संभावना को देखते हुए सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया का प्रयोग करने हेतु कृषकों को प्रोत्साहित करने को कहा। साथ ही उन्होने उर्वरकों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक रखने के निर्देश दिए ताकि कृषकों को बुवाई के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।  
बैठक में कृषि विभाग के उप निदेशक विरेन्द्र सिंह सोलंकी ने गत रबी फसल के दौरान उर्वरकों के आवंटन एवं खपत की विस्तार के साथ जानकारी कराई। उन्होने बताया कि सिंगल सुपर फास्फेट एवं यूरिया के प्रयोग के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करने हेतु अभियान चला रहे है जिसके तहत कृषकों को सिंगल सुपर फास्फेट का किफायटी तथा अधिक उपयोगी होने के बारे में जानकारी दी जा रही है।
बैठक में बाडमेर सेन्ट्रल को-आपरेटिव बैंक के प्रबन्ध निदेशक रामसुख चौधरी, कृषि अधिकारी पदमसिंह भाटी, इफको क्षेत्र अधिकारी हरी बाबु जाटव, कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष स्वरूपसिंह भाटी समेत अधिकारी एवं केवीएसएस के मुख्य व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
-0-






सोमवार, 11 अक्टूबर 2021

विधायक जैन ने लोगों से शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील

 प्रशासन शहरों के संग अभियान

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। प्रशासन शहरों के संग अभियान 2021 के तहत सोवार को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 13 एवं 14 के लिए गंगा बाई मन्दिर के पास, जटियों का पुराना वास बाड़मेर में शिविर का किया गया। शिविर में विधायक मेवाराम जैन, नगर परिषद् सभापति दीपक माली, नगर परिषद् आयुक्त दलीप कुमार पूनिया, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक मेवाराम जैन ने वार्डवासियों की मॉग अनुसार उनके वार्ड में गली में लाईट के तार जो घरों के ऊपर जा रहे थ,े लाईट वॉल्टेज व वार्ड में नाला निर्माण व सफाई का कार्य इत्यादि कार्य को शीघ्र कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होने आम जन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित होकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने में की अपील की।
नगर परिषद आयुक्त दलीप कुमार पूनिया ने बताया कि उक्त अभियान  में नगर परिषद बाड़मेर की ओर से धारा 69ए के अन्तर्गत 5 पट्टे, नगर परिषद् योजना कीे 01 लीज डीड तथा 02 नामान्तरण प्रमाण पत्र, 02 भवन निर्माण स्वीकृति जारी की गई, जिससे परिषद् को राशि रूपये 1,23,357 की आय प्राप्त हुई जो राजकोष में जमा करा दी गई। इसके अलावा एनयूएलएम योजना के तहत 02 व्यक्तियों को 2-2 लाख रूपये के स्वरोजगार हेतु ऋण वितरण, इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड 10 ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुये।
-0-

अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सोमवार को महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाड़मेर द्वारा अन्तरीदेवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाड़मेर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  

कार्यक्रम के प्रारम्भ में महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के संदर्भ में राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं के लिये जारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी कराई। उन्होने बताया कि 01 जून 2016 से लागू मुख्यमंत्री राजश्री योजना अन्तर्गत बालिका के जन्म से लेकर राजकीय विद्यालय से बारहवी कक्षा उतीर्ण करने पर कुल 50000/- की राशि का भुगतान किया जायेगा। उन्होने विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोर्स आरएस-सीआईटी एवं आरएस-सीएफए की जानकारी भी कराई । अन्तरी देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अनिता ने अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दो जैसे लिंगानुपात, भु्रण हत्या, आत्मरक्षा, बालिका शिक्षा, बाल विवाह आदि पर अपने विचार व्यक्त किये। एक्शनएड की श्रीमती सियोन ने बालिकाओं के सर्वागिंण विकास एवं सामाजिक बुराईयों को दूर करने का आवाहन किया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने संबधित विभिन्न मुद्दो को सांझा किया गया। मंच का संचालन एक्शनऐड के विकास सिंह ने किया ।
    ग्राम पंचायत बाड़मेर गादान, बूठिया, एड सिणधरी, सोहड़ा, झांफली, भीमथल आदि में प्रशासन गांवों के संग शिविर में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाईजर महिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया । शिविर में उक्त कार्यक्रम के दौरान फलदार पौधो का वितरण किया गया ।
-0-








पीढ़ियों की दुविधा का हुआ समाधान, 40 वर्षो से संयुक्त खातेदारी की भूमि का विभाजन

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। सोमवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत पचपदरा तहसील के दूधवा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में पीढ़ियों की दुविधा का समाधान करते हुए 40 वर्षो से संयुक्त खातेदारी में चल रही 3 राजस्व गांवों की 7 खातों एवं 11 खसरों में दर्ज 251.19 बीघा भूमि का 39 खातेदारों के मध्य सहमति विभाजन हुआ।
शिविर प्रभारी उप उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी ने बताया कि दूधवा में आयोजित शिविर में 70 वर्षीय विरधाराम और 66 वर्षीय लाभू देवी ने उपस्थित होकर उक्त जटिल खातों का विभाजन करने हेतु निवेदन किया। उन्होने बताया कि विभिन्न राजस्व गांवों एवं खसरों में बड़ा खाता होने से राजस्व संबंधी कार्यो में कई बार समस्याओं से जुझना पड रहा है। इस पर शिविर प्रभारी सोनी ने तहसीलदार पचपदरा प्रवीण रतनू को उक्त खसरों का विभाजन आज ही तैयार कर नामान्तरकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। जिस पर राजस्व विभाग की टीम ने कुछ खातेदारों के घर जाकर सहमति पत्र हस्ताक्षर करवाएं। उन्होने बताया कि सभी खातेदारों की आपसी सहमति से शिविर के दौरान 3 राजस्व गांव दूधवा मल्लीनाथ, दूधवा डेर एवं दूधवा रूपादेवी में स्थित भूमि के विभाजन प्रस्ताव तहसीलदार की उपस्थिति में स्वीकृत करवाएं। उन्होने बताया कि विभाजन में जहां विरधाराम, लाभू देवी जैसे 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक थे वहीं दूसरी पीढ़ी के 26 वर्षीय धनाराम भी शामिल थे। इस पर पीढ़ियों की दुविधा का समाधान देख सभी ने मुस्कराते हुए सरकार व प्रशासन का धन्यवाद दिया। इस पर विरधाराम ने कहा कि राज ने आज पीढ़ियों का काम कर दिया।
-0-

27 साल के बाद मिला दूधवा आंगनवाड़ी केन्द्र का पट्टा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास विभाग की दूधवा ग्राम पंचायत में स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का 27 साल के बाद प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत दूधवा में आयोजित शिविर के दौरान पट्टा जारी हुआ।
दूधवा ग्राम पंचायत में आंगनवाड़ी भवन आबादी भूमि में बना हुआ था परन्तु इस केन्द्र के नाम से जमीन नहीं थी। प्रशासन गांवों के संग अभियान में उपखण्ड अधिकारी बालोतरा नरेश सोनी, विकास अधिकारी शिवदयाल शर्मा सरपंच श्रीमती देवी कवर, ग्राम विकास अधिकारी बाली देवी, बाल विकास परियोजना अधिकारी शेरखान एवं कार्यकर्ता डिस्पल, आशा सहयोगिनी पुष्पा, सहायिका खम्मादेवी ने सकारात्मक सोच से 27 साल बाद इस केन्द्र के नाम भूमि का पट्टा जारी किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मियों ने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का शिविर आयोजन हेतु आभार व्यक्त करते हुए भावना प्रकट की हमारा काम हो गया और हम खुश है।
शिविर प्रभारी नरेश सोनी ने बताया कि दूधवा शिविर में 20 खातों का विभाजन, 9 वाद एवं 43 शुद्धिकरण के मामले निस्तारित किए गए। उन्होने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। अब दूधवा ग्राम पंचायत का भूमि संबंधी एक भी वाद उपखण्ड न्यायालय में लम्बित नहीं है।
-0-

आई0टी0आई0 बाड़मेर में प्रवेश की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर तक

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। राजकीय आई.टी.आई. बाड़मेर में सत्र 2021-22  के लिए आनॅलाईन संस्थान स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर, 2021 तक निर्धारित की गई है।

संस्थान के प्रवेश प्रभारी ने बताया कि आठवीं एवं दसवीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं जिनकी आयु 1 अगस्त 2021 को 14 वर्ष से अधिक हो, वे राजस्थान सरकार के एकीकृत पोर्टल अथवा ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से 29 अक्टूबर तक आनॅलाईन मय शुल्क के आवेदन कर उसकी हार्ड कॉपी मय योग्यता संबंधी दस्तावेज यथा अंकतालिका एव ंप्रमाण पत्र, मूलनिवास, जाति प्रमाणपत्र इत्यादि की फोटो प्रति सहित संस्थान में व्यक्तिशः दोपहर 3ः00 बजे तक जमा करवा सकते है। संस्थानस्तर से नियमानुसार मेरिट तैयार कर 30 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ की जायेगी।
उन्होने बताया कि प्रवेश सम्बन्धी व्यवसाय विद्युतकार महिला 18, फीटर 55, वायरमैन 15, पेन्टर जनरल 34, मैकेनिक डीजल 20, वेल्डर 60, प्लम्बर 20,शीट मेटल वर्कर 20 एवं टर्नर 40 में रिक्त स्थान है। विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेबसाईट  livelihoods.rajasthan.gov.in का अवलोकन करें।
-0-

लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने को जनप्रतिनिधि निभा रहे सक्रिय भागीदारी

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। 2 अक्टूबर से प्रारम्भ हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान में जिले के विधायक एवं जनप्रतिनिधि लोगों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण करवाने तथा उन्हें शिविरों से अधिकतम लाभान्वित कराने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे है।
सोमवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत पंचायत समिति बाड़मेर की ग्राम पंचायत बाड़मेर गादान में आयोजित शिविर का बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन तथा जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी प्रकार धोरीमना पंचायत समिति के भीमथल एवं गुडामालानी की रोली ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में गुडामालानी विधायक हेमाराम चौधरी, शिव पंचायत समिति के झांफली कला में शिव विधायक अमीन खान तथा सेडवा पंचायत समिति के पांधी का निवाण में चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल ने अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं दूदवा, बलाउजाटी, सोहडा, बुठिया, एड सिणधरी, अजीत एवं गोहड़ का तला ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाते हुए आमजन के कार्यो का प्राथमिकता से निस्तारण करवाने को कहा।
इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, गुडामालानी विधायक हेमाराम चौधरी, शिव विधायक अमीन खान एवं चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल ने शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित करने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होने पट्टों के प्राप्त आवेदनों को शिविर के दौरान निपटाने तथा हाथो हाथ पट्टे शिविर में ही उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान उन्होने विभिन्न श्रेणी के भूमि पट्टा एवं स्वीकृतियों का लाभान्वितों को वितरण भी किया।
-0-

विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। 132 केवी जीएसएस बाडमेर में 132/33 केवी के नये ट्रांसफार्मर को जोड़ने हेतु जम्परिंग कार्य एवं अन्य रख रखाव के मद्देनजर मंगलवार 12 अक्टूबर को प्रातः 6 से 9 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

अधिशाषी अभियन्ता (टी एण्ड सी) एस.एस. खत्री ने बताया कि 132 केवी जीएसएस बाडमेर में 132/33 केवी के नये ट्रांसफार्मर को जोड़ने हेतु जम्परिंग कार्य एवं अन्य रख रखाव के मद्देनजर मंगलवार 12 अक्टूबर को प्रातः 6 से 9 बजे तक 132 केवी जीएसएस बाडमेर से निकलने वाली 132 मेहलू लाईन तथा 33 केवी फीडर क्रमशः बाड़मेर सिटी, शिव, बायतू, आडेल, रामसर, एयरफोर्स, महावीर नगर, राजवेस्ट कालोनी, रीको से जुडे समस्त क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बन्द रहेगी।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान में त्वरित हो रहा राजस्व प्रकरणों का निस्तारण

तीन हजार से अधिक राजस्व अभिलेखों में खातों का हुआ शुद्धिकरण

बाड़मेर, 11 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्रामीणों के राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का त्वरित गति से निस्तारण कर राहत पहुंचाई जा रही है। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार 12 अक्टूबर को 12 ग्राम पंचायतों में तथा 13 अक्टूबर को ग्राम पंचायत झणकली एवं समदडी में शिविर आयोजित होंगे। वहीं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत मंगलवार 12 अक्टूबर को नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 15 व 16 में शिविर आयोजित होंगें।
इस कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान 10 अक्टूबर तक जिले की समस्त पंचायत समितियों में 66 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इन शिविरों में नामान्तरकरण के 3374 प्रकरण, राजस्व अभिलेख/खातों के शु़िद्धकरण के 3013 प्रकरण, आपसी सहमति से 359 खातों का विभाजन, 50 रास्ते के प्रकरण, 11 अतिक्रमणों के प्रकरणों पर कार्यवाही, 7 नये राजस्व गांवों के प्रस्ताव, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी के 93 प्रकरण, आबादी भूमि विस्तार आवंटन/आरक्षण के 8 प्रस्ताव, सार्वजनिक/राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण के 44 प्रस्ताव, 3552 राजस्व रेकार्ड की प्रतिलिपियों का वितरण, सहमति से पैतृक भूमि के 76 लम्बित वादों का निस्तारण तथा जाति, मूल निवास, हैसियत प्रमाण पत्र इत्यादि के 3439 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होने बताया कि उक्त आयोजित शिविरों में 19726 लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाया।
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत 10 अक्टूबर को विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य कार्य शिविरों में निस्तारित किए गए। इस दिन 1208 जॉबकार्ड, विनियमितिकरण के 1526 पट्टे, 588 जन्म प्रमाण पत्र, 105 मृत्यु प्रमाण पत्र, 69 हैण्डपम्प मरम्मत प्रकरण, 44 विद्युत सप्लाई व्यवधान प्रकरण, 466 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, 1486 राशन कार्ड-आधार सीडिंग प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
आज के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत मंगलवार 12 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण में कुडला, बालोतरा में जानियाना, कल्याणपुर में कोरणा, बायतु में बाटाडू, धोरीमना में जूनाखेड़ा, गुडामालानी मेें भाखरपुरा, रामसर मंे सेतराऊ, सेड़वा में हरपालिया, शिव में बालासर, सिणधरी में होडू, सिवाना में मोकलसर तथा चौहटन में पोसाल ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। वहीं इसी दिन प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत नगर परिषद बाडमेर के वार्ड संख्या 15 व 16 के लिए ओबीसी बैंक के सामने हमीरपुरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
कल के शिविर
उन्होनें बताया कि बुधवार 13 अक्टूबर को पंचायत समिति गडरारोड़ की झणकली तथा समदडी की ग्राम पंचायत समदडी में शिविर आयोजित किया जाएगा।  
-0-









रविवार, 10 अक्टूबर 2021

जीवन अनमोल है, धैर्य के साथ सकारात्मक सोच रखे - लोक बंधु

 आमजन में जागरूकता से आत्महत्या पर लगेगा अंकुश

बाड़मेर, 10 अक्टूबर। आमजन में जागरूकता से ही आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगेगा। आमजन को आत्महत्या की प्रवृति पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे लोगों की पहचान करने के साथ उनको जीवन जीने के लिए प्रेरित करना होगा। सबसे समन्वित प्रयासों से हम जिले में ऐसी घटनाओं को रोक पाएंगे। यह बात जिला कलक्टर लोक बंधु ने रविवार को जिले में आत्म हत्याओं को रोकने के लिए जिला स्तर पर अनमोल जीवन जागरूकता अभियान की शुरूआत कार्यक्रम के दौरान कही।
कलक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि जीवन अनमोल है, धैर्य के साथ सकारात्मक सोच बनाए रखें। क्षणिक आवेश में आकर आत्महत्या करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। आमजन एवं विशेषकर युवा पीढ़ी तक यह सकारात्मकता सन्देश पहुंचाने के लिए जिले में विश्व मानसिकता दिवस से जागरूकता अभियान अनमोल जीवन की शुरूआत कीे गई है। उन्होने अवसाद को गम्भीरता से लेने तथा अवसाद होने पर उपचार कराने की बात कही। उन्होने कहा कि आत्म हत्याओं की घटनाओं को रोकने के लिए जिले में विस्तृत कार्ययोजना के साथ ब्लॉक चिन्हित कर हैल्प लाइन प्रारम्भ की जाएगी। साथ ही अवसाद ग्रसित लोगों की समस्याओं की पहचान, समझाईश एवं उपचार में जन प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, एएनएम, आशा सहयोगिनीयों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहयोग लिया जाएगा। उन्होने कहा कि सभी मिलकर कार्य करोंगे तो अभियान सार्थक होगा।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने कहा कि क्षणिक आवेश में आकर आत्महत्या करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होने जिले में हुई आत्महत्याओं के कारणों पर प्रकाश डालते हुए लोगों में आत्महत्या की सोच को बदलने के लिए मुहिम चलाने की आवश्यकता जताई। उन्होने कहा कि किसी तरह की समस्या होने पर उसको सांझा करने से आवेश को रोका जा सकता है। उन्होने ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में टांकों पर ताला लगाने तथा चाबी मुखिया के पास रखवाने को कहा।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने कहा कि आत्महत्या घोर अपराध है, आत्महत्या की रोकथाम हेतु जन जन तक जागरूकता पहुंचानी होगी। उन्होने आत्महत्या के कारणों पर प्रकाश डालते हुए सभी के समग्र प्रयासों से लोगों की सोच में बदलाव की आवश्यकता जताई। उन्होने इसके लिए जन प्रतिनिधियों, प्रबुध नागरिकों, अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं को आगे आने का आहवान किया।
इस अवसर पर एक्सन एड स्टेट मैनेजर सिओन कोनगरी ने कहा कि लोगों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ गई है। उन्होने कहा कि 17 राज्यों में युनिसेफ मानसिक सेवाओं के प्रयास कर रहा है। उन्होने कहा कि बाड़मेर जिले में चुनिन्दा ब्लॉक का चयन कर एक्सन प्लान बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होने जिले में जागरूकता अभियान के तहत किये जाने वाले कार्यो के संबंध में एक्सन प्लान की विस्तृत जानकारी कराई। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल ऑफिसर भानू प्रताप ने कहा कि अवसाद मानसिक बीमारी का लक्षण है, नकारात्मक विचार आते है। समय पर पहचान कर उपचार देने से समस्या का निवारण हो सकता है। इसी प्रकार पुखराज बोथरा, लता कच्छवाह, महेश दादाणी, अशोक राजपुरोहित, अशोर शेरा समेत स्वयं सेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने आत्महत्याओं की रोकथाम से जुडे़ सुझाव रखें।
कार्यक्रम के दौरान अनमोल जीवन अभियान के पोस्टर का अनावरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पचौरी द्वारा किया गया।
-0-








शनिवार, 9 अक्टूबर 2021

अल्पसंख्यक मामलात मंत्री मोहम्मद रविवार को बाड़मेर आएंगे

 बाड़मेर, 09 अक्टूबर।अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभियोग निराकारण मंत्री शाले मोहम्मद रविवार को बाड़मेर जिले की एक दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। 

 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद रविवार 10 बजे जैसलमेर से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे बड़नावा, पाटोदी पहुंचेंगे। जहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के पश्चात दोपहर 2 बजे जैसलमेर प्रस्थान कर जाएंगे।
-0-

आत्महत्या की प्रवृत्ति रोकने को चलेगी जागरूकता मुहिम

रविवार 10 अक्टूबर से आगाज होगा 'अनमोल जीवन' अभियान

बाड़मेर, 09 अक्टूबर। जिले में आत्महत्या की प्रवृति रोकने एवं इस बारे में जागरूकता के लिए जिले भर में अनमोल जीवन अभियान का आगाज रविवार 10 अक्टूबर, 2021 से किया जाएगा।
  मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि जिले में आत्म हत्या की प्रवृत्ति को रोकने एवं इस बारे में लोगों में जागरूकता के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, सिविल सोसाइटी, स्वयंसेवी संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियो की भागीदारी भी ली जाएगी।
अभियान की शुरूआत में कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हाल में 10 अक्टूबर को सायं 4 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता जिला कलक्टर लोक बंधु करँगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

वीरेन्द्र के लिए वरदान बना शिविर

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 9 अक्टूबर। जिले के अंतिम छोर पर स्थित सिवाना उपखंड के रामपुरा पंचायत मुख्यालय पर शनिवार को प्रशासन गांवो के संग अभियान का आयोजन हुआ, जो वीरेंद्र के लिए वरदान साबित हुआ।
     शिविर प्रभारी कुसुमलता चौहान ने बताया कि कई वर्षों पूर्व सड़क हादसे में पिता-माता एंव बहिन की मौत हो गई थी जिनका श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन करवा रखा था लेकिन बेटा विरेन्द्र पिछले दो साल से श्रम विभाग के चक्कर काट रहे था। इस पर वीरेंद्र ने शिविर में परिवाद पेश किया। इस पर शिविर प्रभारी ने श्रम विभाग के अधिकारियों से बात करके हाथो हाथ ढाई लाख की स्वीकृति प्रदान की एवं  शेष राशि पंद्रह दिन में स्वीकृत करने का आश्वासन दिया।
   ढाई लाख की स्वीकृति जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी के हाथ से वीरेंद्र को प्रदान की गई तो वीरेंद्र के आँखों मे आंसू छलक गए।
-0-

प्रशासन गांवों के संग अभियान ने गति पकड़ी

 जिला कलक्टर का निरीक्षण, विधायकों की भागीदारी

शिविर में आने वाले अधिकतम लोगों को पहुंचाए अधिकतम लाभ
बाड़मेर, 09 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान मौके पर ही अधिकतम लोगो को राहत मिल रही है। इसके लिए जिला कलेक्टर लोक बंधु ने मोके पर जाकर सभी विभागो की तैयारी का जायजा ले रहे हैं।
    वही विधायक अमीन खान, पदमाराम मेघवाल लोगों की अधिकतम भागीदारी के लिए खुद शिविर पर जाकर लोगो से आव्हान कर रहें है।
 शनिवार को जिले के बालोतरा उपखंड के रामसीन में आयोजित शिविर का जिला कलेक्टर ने निरीक्षण कर मौके पर किए जा रहे कार्यो का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बंधु ने उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार की महत्वकांशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित किया जाए। उन्होनें विभिन्न विभागीय अधिकारियों को उनके विभाग से जुड़े कार्यों के प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर शिविर में ही निस्तारित करने को कहा। उन्होनें कहा कि अगर कोई कार्य उसी दिन किया जाना संभव न हो तो अधिकतम आगामी तीन दिनों में उस कार्य को पूर्ण कर सूचित करने को कहा।
   इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने विभिन्न विभाग के कार्मिकों को उनके विभाग से जुड़े कार्यो में बारे में आमजन को शिविर के दौरान जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि ऐसे कार्य जिनमें आवेदन ऑनलाईन किया जाना है, उसमें ऑनलाईन आवेदन करने में आवेदनकर्ता की पूर्ण मदद की जाए। उन्होने सक्रिय रहते हुए अपने क्षेत्र में आयोजित शिविर में अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
     उपखंड अधिकारी नरेश सोनी ने शिविर में सम्पन्न कार्यो की जानकारी दी। इस दौरान दिव्यांगजन राणाराम को ट्राई साईकिल प्रदान की गई।
    वही गडरारोड़ उपखंड के राणासर में आयोजित शिविर में पूर्व वक्फ मंत्री एवं विधायक अमीन खान ने भागीदारी की। इस अवसर पर खान ने पट्टों के प्राप्त आवेदनों को शिविर के दौरान निपटाने तथा हाथों-हाथ पट्टे शिविर में ही उपलब्ध कराने को कहा। उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा ने शिविर में कार्यों की जानकारी दी। विकास अधिकारी विक्रम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिविर में 51 आवासीय पट्टों का वितरण किया गया।
 वही चौहटन उपखंड में चौहटन आगौर में शिविर का विधायक पदमा राम मेघवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें कहा कि राज्य सरकार की अभिनव पहल प्रशासन गाँवो के संग अभियान आमजन के लिए वरदान साबित हो रही है। उपखण्ड अधिकारी भागीरथ राम चौधरी ने शिविर के कार्यों की जानकारी दी। शिविर में 18 बंटवारे एवं 155 नाम शुधिकरन किए गए। विकास अधिकारी छोटू सिंह काजला ने शिविर प्रगति से अवगत करवाया।
-0-







शुक्रवार, 8 अक्टूबर 2021

शनिवार को 7 एवं सोमवार को 12 पंचायतो में लगेंगे शिविर

 प्रशासन गांवों के संग अभियान

बाड़मेर, 08 अक्टूबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों के दौरान आमजन के विभिन्न विभागों से जुडे़ कार्यो का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार 9 अक्टूबर को 7 तथा सोमवार 11 अक्टूबर को 12 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर आयोजित होंगे।
शनिवार के शिविर
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि शनिवार 9 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण में शिवकर, बालोतरा में रामसीन, गिड़ा में मेघवालों की बस्ती, गडरारोड़ में राणासर, आडेल में आदर्श आडेल, समदडी में रामपुरा तथा चौहटन में चौहटन आगोर ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।  
सोमवार के शिविर
इसी प्रकार सोमवार 11 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर में बाड़मेर गादान, बालोतरा में दूदवा, कल्याणपुर में बलाऊजाटी, गिड़ा में सोहडा, धोरीमना में भीमथल, गुडामालानी में रोली, रामसर में बुठिया, सेड़वा में पांधी का निवाण, शिव में झांफली कला, पायला कला में एड सिणधरी, समदडी मंे अजीत तथा धनाऊ में गौहड़ का तला ग्राम पंचायत में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।  
-0-

हुरमत को हुआ पालनहार का फायदा

 सफलता की कहानी

बाड़मेर, 08 अक्टूबर। सिन्धियों की ढाणी निवासी हुरमत पत्नी स्व. अकबर को बायतु भीमजी में आयोजित शिविर के दौरान पालनहार योजना से जोड़कर लाभान्वित किया गया।
शिविर प्रभारी जगदीशसिंह आंशिया ने बताया कि शिविर में आई हुरमत के पति का निधन डेढ वर्ष पूर्व हो गया था। वह इसी इच्छा के साथ केम्प में आई की उसे किसी न किसी सरकारी योजना का लाभ मिल सकेगा। शिविर के दौरान हुरमत को सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ने आवश्यक दस्तावेज लेकर पालनहार योजना का ऑनलाईन करवाकर तुरन्त स्वीकृत किया। अब उसे पालनहार योजना का लाभ मिल सकेगा। साथ ही उसे जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई के हाथों पालनहार योजना का प्रमाण पत्र भी प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...