बुधवार, 9 सितंबर 2020

डी.ए.पी. खाद बताकर किसान पावर नाम से सॉयल एप्लीकेशन विक्रय करने पर फर्म के प्रतिनिधियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज

बाड़मेर, 9 सितम्बर। जिले में रोबस्ट बायोफर्टीलाइजर प्राइवेज लिमिटेड, रेवाडी हरियाणा के प्रतिनिधियों द्वारा किसानों को डी.ए.पी. खाद बताकर किसान पावर नाम से सॉयल एप्लीकेशन विक्रय करने पर पुलिस थाना गुडामालानी में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

उप निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. जे.आर. भाखर ने बताया कि कृषकों से प्राप्त शिकायत अनुसार रोबस्ट बायोफर्टीलाइजर प्राइवेज लिमिटेड, नियर मार्केट कमेटी, न्यू अनाज मण्डी, रेवाडी, हरियाणा के प्रतिनिधि द्वारा कृषकों के कुएं पर जाकर किसानों को डी.ए.पी. खाद बताकर किसान पावर नाम से सॉयल एप्लीकेशन विक्रय किया गया। जिसकी जांच उर्वरक निरीक्षक विरेन्द्र सिंह राठौड़  द्वारा की गई जिसमें उक्त फर्म के प्रतिनिधियों के द्वारा डी.ए.पी. खाद बताकर किसान पावर नाम से सॉयल एप्लीकेशन कृषकों के कुएं पर जाकर विक्रय करना पाया गया। जिस पर कृषकों से सहयोग से उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत फर्म के प्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस थाना गुडामालानी में एफआईआर दर्ज करवाई गई।
उन्होंने किसान भाईयों को सलाह दी है कि वे उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी निकटतम अधिकृत सहकारी समिति अथवा अधिकृत कृषि आदान विक्रेता से ही खरीदें। साथ ही कृृषि आदान का बिल आवश्यक रूप से लेवें तथा कृषि आदान के नाम से अन्य चलते फिरते व्यक्तियों से आदान क्रय नहीं करें।
-0-

विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी

 बाडमेर, 9 सितम्बर। 132 के.वी. जीएसएस बाडमेर पर 33 के.वी. मैन बस (सेक्शन-2) को बदलने के लिए गुरूवार 10 सितम्बर को शटडाउन रहेगा।

सहायक अभियन्ता नवीन पंवार ने बताया कि शटडाउन के कारण यहां से निकलने वाली 33 केवी आउट गोइंग फीडर महावीर नगर, रीको (शहर-11), आडेल, बायतु, राजवेस्ट आदि की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8 से दोपहर 2 बजे तक एवं 33 के.वी. आउट गोइंग फीडर रामसर, चौहटन, एयरफोर्स की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8 से 10 बजे तक बन्द रहेगी।
-0-

आईएएनटी कम्प्युटर एजुकेशन कोटा के साथ एमओयू

 बाडमेर, 9 सितम्बर। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाडमेर ने आईएएनटी कम्प्युटर एजुकेशन कोटा के साथ एमओयू किया है। प्राचार्य राजीव कुमार जयसवाल एवं मैनेजर पीयूष ने अपनी सम्बन्धित संस्थान की तरफ से एमओयू पर हस्ताक्षर किये।

प्राचार्य जयसवाल ने बताया कि इस एमओयू के माध्यम से संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कम्पनी के एक्सपर्ट की ओर से तकनीकी प्रश्ज्ञिक्षण, प्रेक्टिकल ज्ञान एवं इंटर्नशिव आदि के अवसर प्राप्त होगे। साथ ही विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता युक्त कौशल एवं तकनीकी शिक्षा के लिए सहयोग मिलेगा।
-0-

सम्भागीय आयुक्त डा. समित शर्मा शुक्रवार को बाडमेर आएंगे

 योजनाओं की समीक्षा समेत विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे

बाडमेर, 9 सितम्बर। संभागीय आयुक्त जोधपुर डा. समित शर्मा शुक्रवार 11 सितम्बर को बाडमेर आएंगे। इस दौरान वे जिले में कोविड-19 प्रबन्धन, योजनाओं की समीक्षा बैठक समेत विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि संभागीय आयुक्त डा. शर्मा शुक्रवार 11 सितम्बर को प्रातः 10 से 11 बजे तक जिले में कोविड-19 प्रबन्धन पर चर्चा करेंगे। वे प्रातः 11 से दोपहर 12 बजे तक मुख्य सचिव द्वारा ली जाने वाली विडियो कांफ्रेसिंग में हिस्सा लेंगे। दोपहर 12 से 1 बजे तक जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में जन सुनवाई के पश्चात् दोपहर 1 से 2 बजे तक जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न राजकीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे। उन्होने बताया कि संभागीय आयुक्त डा. शर्मा शुक्रवार को ही अपरान्ह 3 बजे से बाड़मेर शहर भ्रमण, राजकीय चिकित्सालय के निरीक्षण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा संस्थानों, विकास कार्यो का निरीक्षण, वृक्षारोपण एवं रिफाईनरी विजिट (पचपदरा) तथा रात्रि विश्राम करेंगे।
उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को जन सुनवाई एवं बैठक के दौरान वांछित सूचनाओं के साथ आवश्यक रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

सरकारी कार्यालयों में समय की पाबन्दी एवं कार्यस्थलों पर कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

बाडमेर, 9 सितम्बर। प्रमुख शासन सचिव प्रशासनिक सुधार (अनु.4) विभाग जयपुर एवं संभागीय आयुक्त जोधपुर के निर्देशों के अनुसरण में प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सरकारी कार्यालयों में समय की पाबन्दी एवं कार्यस्थलों पर कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के संबंध में निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि प्रत्येक अधिकारी/कर्मचारी निर्धारित समय सुबह 9.30 बजे से सायं 6.00 बजे तक (1.30 से 2.00 बजे तक को छोड़कर) कार्यालय समय में कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार राजकीय अस्पताल, स्कूल, महाविद्यालय, आंगनवाडी केन्द्र आदि संस्थाएं राज्य सरकार के द्वारा निर्धारित समय पर खुलेंगे एवं पदस्थापित कार्मिक पूरे समय उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्हांेने बताया कि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी बिना अनुमति एवं आवागमन पंजिका (मूवमेन्ट रजिस्टर) में जाने का कारण इन्द्राज किए बिना कार्यस्थल नहीं छोड़ेंगे।
जिला कलक्टर मीणा ने बताया कि विलम्ब से आने वाले कार्मिक के नाम के आगे उपस्थिति पंजिका में दिनांक के कालम में क्रास का निशान लगाया जाए। प्रत्येक क्रॉस का आधे दिवस का अवकाश काटा जावे। यदि कोई अधिकारी/कर्मचारी माह में 3 बार विलम्ब से उपस्थित होगा (3बार क्रास) तो वह आदतन विलम्ब से उपस्थित होने वाला अधिकारी/कर्मचारी माना जाएगा और उसके विरूद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियन्त्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 17 के अन्तर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
-0-

नए ट्यूबवैल खुदाई का कार्य तेजी से होगा राजस्थान सम्पर्क पर शिकायतो को त्वरित निस्तारण के निर्देश

 आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा


बाड़मेर, 9 सितम्बर। जिले में सरकारी ऑफिसों में कार्मिको की उपस्थिति को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण व्यवस्था को प्रभावी किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिले में पानी, बिजली तथा चिकित्सा सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान जिले जिले में पानी, बिजली, चिकित्सा जैसी आवश्यक सेवाओं की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने नए ट्यूबवैल एवं हैंड पंप के खुदाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नए हैंड पंप एवं ट्यूब वैल खुदाई के कार्य की साप्ताहिक प्रगति लाने को कहा। उन्होंने विशेषकर बायतु तथा बालोतरा क्षेत्र में स्वीकृत नए ट्यूबवेल के कार्य को तुरंत पूर्ण करवाने को कहा तथा खोदे गयो को कमिंश्ण्ड करने को कहा।
    अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिले में पेयजल स्रोतों पर नियमित बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए ताकि पानी की आपूर्ति बिजली के अभाव में बाधित नहीं हो। साथ ही नए पेयजल स्रोतों पर अविलम्ब बिजली के कनेक्शन जारी करने की हिदायत दी। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के मध्य नजर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सेंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही लिए गए सैम्पलों की जाँच रिपोर्ट 24 घण्टे के भीतर देने एवं इसकी जानकारी सम्बंधित के मोबाईल पर देने को कहा।
    इस मौके पर सहायक निदेशक, लोकसेवाएं के.के.गोयल ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के 30 से 45, 45 से 60 दिनों के बीच बकाया प्रकरणों को गम्भीरता के साथ निस्तारित करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की एवं 20 सूत्री कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली।
-0-

सोमवार, 7 सितंबर 2020

विभागोें में उपस्थिति की जॉच जिले में 266 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए

बाडमेर, 7 सितम्बर। प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सरकारी कार्यालयों में समय की पाबन्दी एवं कार्यस्थलों पर कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को विभिन्न विभागों में किये गये सघन आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिले में कुल दौ सौ छासठ कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि प्रमुख शासन सचिव प्रशासनिक सुधार (अनु.4) विभाग जयपुर एवं संभागीय आयुक्त जोधपुर के निर्देशों के अनुसरण में सोमवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होने बताया कि अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मु0 प्रा.शि. बाडमेर में एडीईओ प्रथम रामाराम, एडीईओ द्वितीय महेश कुमार दादाणी, अति. प्रशासनिक अधिकारी किशनलाल सोलंकी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रहलाद कुमार, वरिष्ठ सहायक भागीरथ गुप्ता, रामसिंह, कनिष्ठ सहायक हडवन्तलाल एवं सहायक कर्मचारी अन्तरी देवी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार वरिष्ठ भू वैज्ञानिक कार्या. बाडमेर में वरिष्ठ सहायक रामनारायण चौधरी एवं कनिष्ठ सहायक हरिकिशन चौधरी, आयुर्वेद विभाग बाडमेर में उप निदेशक सुरेशचन्द्र शर्मा, सहायक निदेशक विनय कुमार मिश्रा, कनिष्ठ सहायक अशोक भट्ट एवं च.श्रे.कर्म. भूराराम प्रजापति, खनिज अभियन्ता कार्यालय में एमई गोरधनराम, एएओ कमलकान्त कुमार मंगलम, एमएफ द्वितीय गगनेश उपाध्याय एवं वरिष्ठ सहायक श्यामलाल चौहान, सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्या. में कृषि अधिकारी प्र.शि. सुखदेव, एसई जेडीवीवीएनएल बाडमेर प्रथम मेे सीए प्रथम गायत्री शर्मा, शेराराम, वरिष्ठ सहायक नीम्बाराम पंवार, सीए द्वितीय नरेन्द्र पाटिव, टीएस लिखमाराम, टीएस द्वितीय अंकुर कुमार वर्मा, राहुल गुप्ता, नाथूराराम एवं से.नि. वरिष्ठ सहायक तीर्थमल, एसई जेडीवीवीएनएल द्वितीय में पीओ संजयसिंह एवं एईएन बी.आर. चौधरी, सहायक निदेशक उद्यान कार्यालय में एओ पदमसिंह भाटी एवं लक्ष्मीनारायण, जिला रसद अधिकारी कार्यालय में ईओ खेमाराम, वरिष्ठ सहायक पृथ्वीराज, ईआई राधेश्यामदास, वरिष्ठ सहायक लक्ष्मीनारायण, सूचना सहायक विजयसिंह मीणा, पूजा कुमारी, च.श्रे.कर्म. विक्रमसिंह अनुपस्थित पाए गए।
इसी प्रकार मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियन्ता सानिवि वृत बाडमेर में कनिष्ठ सहायक अशोक बेनिवाल, जिला शिक्षा अधिकारी मु0 मा0शि0 में सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमृतलाल धनदे, हिम्मतसिंह, वरिष्ठ सहायक सवाईसिंह, कनिष्ठ सहायक मोहम्मद शाकील, रमेश चन्द्र, सहायक कर्मचारी रमेश, जानूदेवी एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जेतमालसिंह, अधीक्षण अभियन्ता जलदाय विभाग बाडमेर में अधीक्षण अभियन्ता जगदीशचन्द्र व्यास, अधिशाषी अभियन्ता पवन परिहार, कनिष्ठ सहायक दुर्गाराम चौधरी, सहायक कर्मचारी सवाईचन्द, केसूदेवी एवं युसुफ खान, अधिशाषी अभियन्ता जलदाय विभाग खण्ड बाडमेर शहर में कनिष्ठ सहायक हरीसिंह, खान विभाग बाडमेर में सूचना सहायक रामचन्द्र डेलू, वरिष्ठ सहायक श्यामलाल चौहान, बीसीसीबी बाडमेर में बैंकिंग सहायक अरूण कुमार सोनी, सम्पतराज जैन, लालसिंह, वगताराम चौधरी, प्रमिला जोशी एवं प्रियंका तथा जिला उद्योग केन्द्र बाडमेर में महाप्रबन्धक संग्रामराम देवासी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अशोकसिंह, कनिष्ठ सहायक नरपतसिंह एवं हरीराम चौधरी अनुपस्थित पाए गए।
कोषाधिकारी दिनेश बारहठ द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में सूचना सहायक रेहमाराम, वरिष्ठ सहायक सवाईराम, कनिष्ठ सहायक सुरेन्द्रपाल सिंह, सहायक कर्मचारी माधोसिंह एवं सिपाही सताराम चौधरी, सहायक आबकारी अधिकारी आबकारी निरोधक दल बाडमेर में सिपाई ईपीएफ गुलाब खान एवं सागराराम सोलंकी, जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में डीटीओ नितिन कुमार, एएओआई नरसिंगाराम जीनगर, एमवीएसआई दलपत खींची, अवधेश कुमार, एपी डूंगरसिंह एवं सूचना सहायक शम्भूसिंह, कनिष्ठ सहायक भूराराम एवं भगवानसिंह अनुपस्थित पाए गए।
उपखण्ड अधिकारी बाडमेर प्रशान्त शर्मा द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ब्लॉक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बाडमेर में कनिष्ठ लेखाकार चनणी कुमारी, कृषि उपज मण्डी समिति बाडमेर में सचिव कृ.उ.म.स. सुरेश कुमार मंगल, वरिष्ठ सहायक रिखबदास सोनी, कनिष्ठ सहायक पदमाराम चौधरी, जयेश कुमार जोशी एवं च.श्रे.कर्म. दीपाराम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बाडमेर में प्रशासनिक अधिकारी बंशीलाल फुलवारिया, सूचना सहायक ओम प्रकाश, कनिष्ठ सहायक प्रवीण परिहार, जोगाराम, ज्ञानचन्द ढाका, सीताराम चौधरी, बलवन्त लक्षकार, तहसील कार्यालय बाडमेर में सूचना सहायक रामजीवन, वरिष्ठ सहायक दुर्गाराम चौधरी, मोहम्मद सलीम, कनिष्ठ सहायक दीपक पारीक, दफेदार अनिलदेव धारू, च.श्रे.कर्म. गुमानसिंह, नगर परिषद बाडमेर में सहायक प्रशासनिक अधिकारी स्वरूप कुमार शर्मा, च.श्रे.कर्म. जगदीशचन्द्र, सहायक अभियन्ता रघुवरप्रसाद शर्मा, कनिष्ट अभियन्ता रितेश रंजन, बाल विकास परियोजना अधिकारी बाडमेर शहर में पु.पर्यवेक्षक हनुमानदास जांगिड एवं सुभाषचन्द्र शर्मा, सहायक अभियन्ता जलदाय विभाग नगर उपखण्ड रा ए वि में कनिष्ठ सहायक विक्रमसिंह, कल्याणसिंह, बिहारीलाल एवं बेलदार जेठीदेवी, पीडी द्वितीय मालाराम, मांगीलाल, इले. गणपत कुमार, जगदीश कुमार, ओमप्रकाश, बेलदार सुरेश सोनी, बंशीलाल, मुकेश कुमार, भीखाराम एवं देवी, अधिशाषी अभियन्ता ओएण्डएम में हनुमानगिरी, केमल कंवर, सहायक अभियन्ता शहर प्रथम जोविविनिलि में स.अ. बी.एल. परिहार, जेईएन राजेश कुमार मीणा, एएओ नरेन्द्र कुमार, एचआई महादेव जाट, टीएच घनश्यामदास, कनिष्ठ अभियन्ता जोविविनिलि में तकनीकी सहायक अशोक कुमार, हसन खान, टीएच सुरेश कुमार, अहमद खान, गोसाईराम, त्रिबलनाथ, कार्यक्रम अधिकारी पंचायत समिति बाडमेर में एमआईएस मैनेजर विनोद कुमार, डीईओ विजय कुमार, हनुमानराम, पूजा चौहान, मोहम्मद रईस, जेटीए कुसुम, भानी एवं पंचायत समिति बाडमेर में विकास अधिकारी सुरेश कविया, सहायक अभियन्ता रामलाल जैन, सहायक विकास अधिकारी औंकारदान, कनिष्ट सहायक गीता एवं प्रीति सोनी अनुपस्थित पाए गए।
उपखण्ड अधिकारी सिणधरी वीरमाराम द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान सहायक अभियन्ता पीएचईडी में स.अ. प्रकाशचन्द्र चौहान, च.श्रे.कर्म. गोमीदेवी, राउप्रावि गादेसरा में प्र.अ. वरजंगाराम डांगी, अध्यापक मायादेवी, पूजा चंदेला, निकिता मीणा एवं नेहा बदरा, ग्राम पंचायत पायला खुर्द कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारी नारायणाराम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सिणधरी में छात्रावास अधीक्षक दुर्गाराम, डंगरसिंह चौकीदार, आंगनवाडी केन्द्र पायला कला में सहायिका प्यारी देवी, लूणी देवी, ग्राम पंचायत पायला कला में ग्राम विकास अधिकारी रमेश कुमार, कनिष्ट सहायक कोयाराम, राउमावि भाटाला में मूलाराम चौधरी, सुमन कुमारी, सुखराम एवं पूनमाराम नेहरा, पीएचसी भाटाला में गणपत गोदारा तथा ग्राम पंचायत सड़ा में ग्राम विकास अधिकारी मोहनलाल विश्नोई एवं रोजगार सहायक टीकमाराम अनुपस्थित पाए गए।
उपखण्ड अधिकारी धोरीमना विरेन्द्रसिंह द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में रमेश मोसलपुरिया, एएनएम टुगी अनुपस्थित पाए गए। उपखण्ड अधिकारी गुडामालानी सुनील कुमार द्वारा किये गये निरीक्षण के दौरान जलदाय विभाग के कनिष्ट सहायक रामलाल, पंचायत समिति गुडामालानी में एएओ सुजानाराम, पीईओ अशोक गौड, कनिष्ट सहायक विष्णूप्रकाश, रमेश कुमार, कवरलाल, रामदेव, सहायक कर्मचारी केली देवी, संविदा कर्मी आशीष कुमार, दीपक शर्मा, ओमप्रकाश, बालविकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में कनिष्ट लेखाकार दौलताराम, जोविविनिलि में एआरओ अजीत कुमार अनुपस्थित पाए गए।
उपखण्ड अधिकारी सिवाना कुसुमलता चौहान द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान वीरनारायण परमार, रामावि सिवाना में सहायक आचार्य सुशीला देवी यादव, सुरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ सहायक राकेश श्रीवास्तव, राउमावि सिवाना में वरिष्ठ अध्यापक उमा शर्मा, अध्यापक जबरसिंह, राउमावि मेलामैदान में प्रधानाध्यापक दलीचन्द नागौरा, अध्यापक देवाराम फुलवारिया, उपखण्ड अधिकारी चौहटन भवानीसिंह द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चौहटन में मेलनर्स प्रथम मीरा बैरवा, अमोलकचन्द, राउमावि बालिका में अध्यापिका हंसा जोशी, व.अ. उम्मेदाराम चौधरी, च.श्रे.कर्म. रिडमलराम, राउमावि चौहटन में व्याख्याता गुमानसिंह, अध्यापक संजय कुमार मीणा, पिंकी चौधरी, सावित्री चौधरी, व.अ. अरूण पुरी, प्रयोगशाला सहायक हेमाराम विर्ट, कनिष्ट सहायक मदनलाल धारीवाल, व्याख्याता रमेश कुमार धारीवाल, उपखण्ड अधिकारी सेडवा सुनील कुमार चौहान द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति सेडवा में वाहन चालक जुगताराम, पुरूषोतम दास, सहायक अभियन्ता जोविविनिलि में मीटर रीडर इमिचन्द विश्नोई, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सेडवा में जुंजारसिंह, जलदाय विभाग में पीडी द्वितीय मेहताबसिंह तथा उपखण्ड अधिकारी बायतु विवेक व्यास द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय बायतु में एसीबीईओ रेखाराम एवं एएओ कृष्ण कुमार गौड अनुपस्थित पाए गए। उपखण्ड अधिकारी रामसर प्रभजोतसिंह गिल द्वारा किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सहायक अभियन्ता विद्युत विभाग रामसर में वरिष्ठ सहायक गंगाजल चारण, राहुल मीणा, टीएच रामदयाल, एमई खुबाराम, खुशीराम एवं एएसके कवराजसिंह, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामसर में सीबीईओ पन्नाराम चौधरी, स.प्र.अ. आनन्द शर्मा, व.स. ओमकारेश्वर दयाल, क.स. विशनाराम खोथ एवं रामकिशोर तथा विकास अधिकारी कार्यालय में प्रसार अधिकारी जलमालसिंह, ग्राम विकास अधिकारी मोहनलाल तथा सुरेश कुमार अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों को कारण बताओं नोटिस जारी कर जिले की विभागीय वेब साईट पर अपलोड किए जाएंगे।
-0-

जिला परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक 12 को

बाडमेर, 7 सितम्बर। जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक शनिवार 12 सितम्बर को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली उक्त बैठक में बीएडीपी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बीपीएल आवास, महात्मा गांधी नरेगा, मुख्यमंत्री जन स्वावलम्बन योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उन्होने संबंधित अधिकारियों को वांछित सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-


मंगलवार को विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी

बाडमेर, 7 सितम्बर। मंगलवार 8 सितम्बर को 132 के.वी. जीएसएस पर 33 के.वी. बस (सैक्शन-1) बदलने के कारण आडेल, बायतु और राजवेस्ट की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक बन्द रहेगी।

रा.रा.वि.प्र.नि. बाडमेर के सहायक अभियन्ता लक्ष्मीश हीराणी ने बताया कि मंगलवार को 132 केवी जीएसएस पर 33 केवी बस (सैक्शन-1) बदलने के कारण यहां से निकलने वाले 33 केवी आडेल, बायतु और राजवेस्ट की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8 से दोपहर 12 बजे तक बन्द रहेगी।
-0-

चुनाव कार्यक्रम घोषित, आदर्श आचरण संहिता लागू जिले की 233 ग्राम पंचायतों के चार चरणों में होगें चुनाव

 पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव

बाडमेर, 7 सितम्बर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2020 के तहत पंच एवं सरपंच के आम चुनाव सम्पन्न करवाने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण सहिता के प्रावधान तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए है, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्ति तक लागू रहेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) विश्राम मीणा ने बताया कि आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार जिले में शेष रही 233 ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच के आम चुनाव चार चरणों में सम्पन्न कराए जाएंगे। निर्वाचन की लोकसूचना 16 सितम्बर, 2020 को जारी की जाएगी।
जिले में चार चरणों में चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी मीणा ने बताया कि जिले में प्रथम चरण में आडेल पंचायत समिति की 2, धोरीमना की 2, पाटोदी की 2 एवं सेड़वा की 18 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के चुनाव होंगे। इसी प्रकार द्वितीय चरण में चौहटन की 50 एवं रामसर की 31 ग्राम पंचायतो, तृतीय चरण में शिव की 38 एवं धनाऊ की 30 ग्राम पंचायतों तथा चतुर्थ चरण में बाड़मेर की 38 एवं सिवाना की 22 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के चुनाव होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंच एवं सरपंच हेतु प्रथम चरण के लिए मतदान 28 सितम्बर, द्वितीय चरण के लिए 3 अक्टूबर, तृतीय चरण के लिए 6 अक्टूबर एवं चतुर्थ चरण के लिए 10 अक्टूबर को प्रातः 7.30 से सायं 5.30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उप सरपंच का चुनाव क्रमशः 29 सितम्बर, 4 अक्टूबर, 7 अक्टूबर एवं 11 अक्टूबर को होगा।
-0-

शुक्रवार, 4 सितंबर 2020

विभिन्न दुर्घटनाओं के पीड़ितों को 9 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

बाड़मेर, 4 सितम्बर। विभिन्न दुर्घटनाओं में लोगों की मृत्यु होने अथवा घायल हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से जिले के 10 पीड़ितों को कुल 9 लाख 20 हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि पचपदरा तहसील क्षेत्र में कितपाला निवासी स्व. चन्दाराम पुत्र गंगाराम मेघवाल, वही का वास सरवडी निवासी स्व. जितेन्द्र देवपाल पुत्र सांवलाराम मेघवाल एवं पाटोदी निवासी स्व. पुरखाराम पुत्र ताजाराम सांसी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से इनके आश्रितों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार धोरीमन्ना तहसील क्षेत्र में लोहारवा निवासी स्व. किस्तुराराम पुत्र मगाराम जटिया, बाड़मेर तहसील क्षेत्र में दौलोणियो की ढाणी गुडीसर निवासी स्व. मुख्तियार खां पुत्र रहीम मुसलमान, शिव तहसील क्षेत्र में गूंगा निवासी स्व. पीराराम पुत्र सांवलाराम कुम्भार, गुडामालानी तहसील क्षेत्र में विजयनगर छोटू निवासी स्व. धनाराम पुत्र राउराम मेघवाल, धोलानाडा निवासी स्व. प्रहलाद राम पुत्र फुसाराम देवासी एवं बायतु तहसील क्षेत्र में सांवलसर पटवार मण्डल बायतु चिमनजी निवासी स्व. लक्ष्मण चौधरी पुत्र जगूराम जाट की विभिन्न दुर्घटनाओं में मृत्यु हो जाने से इनके आश्रितों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं बाड़मेर तहसील क्षेत्र मे खारिया तला निवासी भोमाराम पुत्र मूलाराम जाट के गंभीर घायल होने पर उन्हें बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

गांधी सद्भावना सम्मान 2020 हेतु प्रस्ताव आमन्त्रित

बाडमेर, 4 सितम्बर। उप शासन सचिव कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग राजस्थान सरकार जयपुर द्वारा गांधी सद्भावना सम्मान 2020 प्रदान किये जाने हेतु जिला कलक्टर द्वारा अनुशंषा सहित 15 सितम्बर, 2020 तक प्रस्ताव आमन्त्रित किए गए है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि गांधी जयन्ती (2 अक्टूबर,2020) के अवसर पर राजस्थान राज्य का कोई भी व्यक्ति, प्रवासी राजस्थानी अथवा पंजीकृत संस्था द्वितीय प्राथमिकता के रूप में भारत का कोई भी नागरिक, संस्था, संगठन जिन्होने महात्मा गांधी के मार्गदर्शी सिद्धान्तों का अनुगमन, अनुशीलन किया हो तथा सामाजिक न्याय, शांति, समरसता एवं सद्भाव के संरक्षण एवं संवर्द्धन हेतु योगदान दिया हो, को गांधी सद्भावना सम्मान 2020 प्रदान किया जाएगा।
उन्होने बताया कि प्रस्ताव जिला कलक्टर द्वारा अनुशंषा सहित कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के उप शासन सचिव को 15 सितम्बर, 2020 तक प्रेषित किये जावें। उक्त प्रस्ताव 5 प्रतियों में प्रेषित किये जावें। विशिष्ट उपलब्धियों, कार्यो का उल्लेख अधिकतम एक पृष्ठ में प्रस्ताव के साथ प्रेषित किया जावें।

-0- 

सरदार शहर सैना भर्ती रैली आॅनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितम्बर तक

बाडमेर, 4 सितम्बर। सरदार शहर सैना भर्ती रैली हेतु आॅनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितम्बर तक खुली रहेगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि सरदार शहर रैली में राजस्थान के जोधपुर, डंूगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, उदयपुर, प्रतापगढ़, पाली, जालोर, बाडमेर, जैसलमेर एवं नागौर जिले के अभ्यर्थियों के लिए सैनिक डी फार्मा (सेना मेडिकल कोर) एवं सैनिक नर्सिग असिस्टेंट/नर्सिंग असिस्टेंट (वेटरनरी) पदों के लिए होगी। सेना में भर्ती की जगह और सही तारीख बाद में बताई जाएगी।
सैनिक डी फार्मा के लिए आयु 19 से 25 वर्ष तक, ऊचाई 170 से.मी, वजन 50 किलो. एवं सीना 77 से.मी. ($5से.मी.फुलाव) तथा शैक्षिक योग्यता 10$2 अथवा उसके समकक्ष परीक्षा विज्ञान में भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, अंग्रेजी और डी फार्मा सहित कुल 55 प्रतिशत अंकों के साथ पास किया हो एवं उसका पंजीकरण राज्य फार्मेसी परिषद/भारतीय फार्मेसी परिषद से किया हुआ अनिवार्य है। ऐसे अभ्यर्थी भी जिन्होने बी फार्मा कुल 50 प्रतिशत अंको के साथ पास किया है एवं उनका पंजीकरण राज्य फार्मेसी परिषद/भारतीय फार्मेसी परिषद से किया हुआ है, आवेदन के लिए पात्र है। इसी प्रकार सैनिक नर्सिग असिस्टेंट/नर्सिग असिस्टेंट (वेटरनरी) के लिए आयु साढे सतरह से 23 वर्ष तक, ऊचाई 170 से.मी, वजन 50 किलो. एवं सीना 77 से.मी. ($5से.मी.फुलाव) तथा शैक्षिक योग्यता 10$2 इंटरमिडिएट परीक्षा विज्ञान में भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान या प्राणीविज्ञान, वनस्पती विज्ञान और अंग्रेजी विषयों सहित कुल 50 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में 40 प्रतिशत अंकों के साथ पास किया होना अनिवार्य है।
-0-

जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की आॅनलाईन बैठक 10 को

बाडमेर, 4 सितम्बर। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक जिला स्तरीय जन सुनवाई के साथ विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से द्वितीय गुरूवार 10 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हाॅल में आयोजित कीे जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि समस्त अधिकारी एवं परिवादी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित उपखण्ड मुख्यालय के पंचायत समिति कार्यालय के वीडियों कांफ्रेसिंग रूम में उपस्थित होंगे। इसी प्रकार बाड़मेर उपखण्ड क्षेत्र के समस्त अधिकारी एवं परिवादी पंचायत समिति कार्यालय बाडमेर के वी.सी. रूम में उपस्थित होंगे।
उन्होने संबंधित अधिकारियों को विचाराधीन प्रकरणों के संबंध में की गई कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट 6 सितम्बर तक भिजवाने तथा निर्धारित तिथि को संबंधित पंचायत समिति कार्यालय में विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए है।
-0-

व्यापक प्रचार प्रसार कर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों के नाम जुडवाने के निर्देश

 निर्वाचक नामावलियों के निरन्तर अद्यतन की प्रक्रिया

बाडमेर, 4 सितम्बर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव हेतु तैयार की गई निर्वाचक नामावलियों के निरन्तर अद्यतन प्रक्रिया का आमजन की जानकारी हेतु व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि निर्वाचक नामावली के नाम जुड़वाने से शेष रहे व्यक्तियों द्वारा अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुडवाया जा सकें अथवा संशोधित करवाया जा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम मीणा ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव हेतु अर्हता तिथि एक जनवरी, 2020 के सन्दर्भ में तैयार की गई निर्वाचक नामावलियों को निरन्तर अद्यतन किए जाने हेतु निर्देश प्रदान किए गए है। इसी क्रम में निर्वाचक नामावली को निरन्तर अद्यतन करने की प्रक्रिया में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन किए जाने हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों की साप्ताहिक सूचना भिजवाने हेतु लिखा गया है।
उन्होने जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचक नामावलियों के निरन्तर अद्यतन प्रक्रिया का आमजन की जानकारी हेतु व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि निर्वाचक नामावली के नाम जुडवाने से शेष रहे व्यक्तियों द्वारा अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुडवाया जा सकें अथवा संशोधित करवाया जा सकें।
-0-

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव प्रकोष्ठों का गठन, प्रभारी अधिकारी नियुक्त

आपसी समन्वय के साथ चुनाव संबंधी कार्यो को सम्पादित करने के निर्देश

बाडमेर, 4 सितम्बर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2020 की प्रारम्भिक तैयारियों एवं चुनाव कार्यो को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाये के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम मीणा ने विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन कर प्रभारी अधिकारी एवं कार्मिकों की नियुक्ति की है। नियुक्त कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ चुनाव कार्यो को सुचारू एवं सुव्यवस्थित ढ़ग से सम्पादित करने के निर्देश दिए गए है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मीणा ने बताया कि पंचायत आम चुनाव 2020 से सम्बन्धित कार्य सम्पादित करने हेतु प्रतिनियुक्ति किये जाने वाले कार्मिकों में स्थानीय कार्मिक लगाए जाएंगे ताकि वित्तीय प्रबन्ध प्रभावित नहीं हो। संबंधित प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थ लगाये जाने वाले स्टाॅफ की सूची एवं उनकी प्रतिनियुक्ति करने की तिथि सहित डीआईओ एवं प्रभारी अधिकारी प्रतिनियुक्ति प्रकोष्ठ को समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्त किये जाने वाले कार्मिकों की सूची एक ही बार में उनकी प्रतिनियक्ति तिथि सहित उपलब्ध करावें। संबंधित प्रभारी अधिकारी यह व्यक्तिगत रूप से सुनिश्चित करेंगे कि अनावश्यक कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति उनके प्रकोष्ठ में नहीं हो। उन्हांेने बताया कि प्रत्येक आवश्यक कार्य की व्यवस्था उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) द्वारा की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियुक्त समस्त प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारी एवं अन्य कार्मिक आपसी समन्वय बनाये रखते हुए चुनाव कार्यो को सुचारू एवं सुव्यवस्थित ढं़ग से सम्पादित करेंगे। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि निर्वाचन कार्यो में किसी भी प्रकार की कोताही बरती जाने की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होने बताया कि पंचायत आम चुनाव का कार्य सम्पन्न होने के पश्चात् समस्त प्रकोष्ठ प्रभारीगण चुनाव संबंधी रिकार्ड जिला निर्वाचन शाखा जिला कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करेंगे।
-0-

गुरुवार, 3 सितंबर 2020

धार्मिक संस्थान खोलने पर व्यापक विचार विमर्श, जन सुरक्षा के मध्यनजर 30 सितम्बर तक बन्द रखने पर सर्वसम्मति

 बाड़मेर, 3 सितम्बर। कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए जन सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर धामिक स्थलों को सावधानीपूर्वक खोले जाने के संबंध में गुरूवार को जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में व्यापक विचार विमर्श किया गया।

    इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक शर्मा ने जिले में वर्तमान कोरोना संक्रमण की परिस्थिति से अवगत कराया एवं विभिन्न धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनके सुझाव आमंत्रित किए। विभिन्न धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार विमर्श पश्चात् सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में 30 सितम्बर तक विभिन्न धार्मिक संस्थान यथा मंदिर, मस्जिद आदि खोलना उचित नहीं होगा क्योंकि इस दौरान यहां पर विभिन्न धार्मिक अनुयायियों की बड़ी भीड़ जमा होने की संभावना रहेगी जिससे करोना के फैलाव की परिस्थितियां बन सकती हैं।
इस दौरान धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के सुझावों एवं आने वाले नवरात्रा के मद्देनजर एक कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया। उक्त कमेटी द्वारा जिले में स्थित धार्मिक स्थलों का जायजा लिया जाकर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में 25 सितम्बर तक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। जिसके आधार पर धार्मिक स्थलों को खोलने के संबंध में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक लेकर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। बैठक में मॉ नागणेचिया माता ट्रस्ट कल्याणपुर के उम्मेदसिंह अराबा, श्री ब्रह्मा जी मंदिर आसोतरा के रामलाल राजपुरोहित, श्री वांकल विरात्रा माता धमार्थ ट्रस्ट चौहटन के सगतसिंह, श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान जसोल के दलपतसिंह, श्री जैन श्वेताम्बर नाकोडा पार्श्वनाथ तीर्थ मेवानगर बालोतरा के हंसराज जैन एवं सदर इन्तजामियां कमेटी बाडमेर के हाजी अब्दुल गनी खां उपस्थित रहें।
-0-

प्रभारी मंत्री कल्ला ने कोरोना सक्रमण एवं कल्याणकारी योजनाओं की ऑनलाइन समीक्षा की

राजस्व मंत्री चौधरी ने पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाने की दी हिदायत

बारिश के बाद पर्याप्त पौधारोपण पर जोर
बाड़मेर, 3 सितम्बर। जिले के प्रभारी तथा ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कोरोना वायरस सक्रमण से बचाव तथा इससे निपटने के उपायों की गुरुवार को ऑनलाइन समीक्षा की। उन्होंने जिले में कल्याणकारी कार्यकर्मो का फीडबेक भी लिया। इस दौरान राजस्व मंत्री हरीश चौधरी भी वी सी के जरिए मौजुद रहे।
    इस मौके पर प्रभारी मंत्री डॉ कल्ला ने कहा कि जिले में कोरोना वायरस के नए मामलों में पिछले एक पखवाड़े से कमी आई है, यह अच्छी बात है लेकिन अब अस्पताल में भर्ती रोगियों पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गंभीर कोरोना रोगियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं रहनी चाहिए तथा स्थिति के अनुसार उनका उपचार किया जाए एवं आवश्यकता होने पर उन्हें तुरंत संभाग मुख्यालय पर एम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों के लिए रैफर कर दिया जाए। उन्होंने इसमें तनिक भी देरी नहीं करने की हिदायत दी।
    डॉ. कल्ला ने कहा कि कोरोना वायरस से सक्रमण की आपदा की घड़ी में गरीब एवं जरूरतमन्द लोगो को राहत पहुंचाई जाए। डॉ. कल्ला ने वीसी में प्रमुख रूप से कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचावों के साथ ही पानी-बिजली, टिड्डी नियंत्रण उपायो की समीक्षा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
  प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को समय-समय पर जागरूक करने के कार्य में कहीं कोई कमी नहीं आनी चाहिए। आम जन को पाबंद किया जाना जरूरी है। कोविड-19 के तहत जो दिशा-निर्देश दिए गए हैं उनकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने, मॉस्क लगाकर चलने एवं समय समय पर शहरों को सैनेटाइज करने को कहा। ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. कल्ला ने कहा कि बाड़मेर और जैसलमेर में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में जो रिक्त पद है, उन्हें शीघ्र भरा जाएगा।
    इस अवसर पर राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि विद्युत और पानी की आपूर्ति व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने मूल पेयजल योजना में स्वीकृति के अनुसार पर्याप्त प्रेशर के साथ जलापूर्ति करने को कहा ताकि उस योजना से जुड़े अंतिम छोर तक लोगों को पीने का पानी मुहैया हो सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्युत आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र में काश्तकारों को और शहरी क्षेत्र में आम उपभोक्ताओं को बराबर होती रहे। चौधरी ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा जाए। निजी कार्य स्वीकृत किए जाएं। साथ ही वर्तमान में जहां मनरेगा के कार्य चल रहे हैं वहां छाया पानी आदि की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
    इस मौके पर विधायक मेवाराम जैन ने करोना काल के दौरान मेडिकल कॉलेज से संबंध जिला चिकित्सालय में आधारभूत संसाधन को और अधिक विकसित करने को कहा। उन्होंने आपातकाल के दौरान गंभीर कोरोना रोगियों का गहनता से उपचार करने की जरूरत जताई। वही विधायक पदमाराम मेघवाल तथा मदन प्रजापत ने चौहटन तथा बालोतरा चिकित्सालयों में भी साफ सफाई तथा पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति करने को कहा।
    इस मौके पर जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के साथ ही इससे संबंधित सभी गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी। जिला कलक्टर ने जिले में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का फीडबैक दिया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, सहायक निदेशक लोक सेवाएं के.के. गोयल समेत विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-

राजकीय ड्युटी के समय कार्मिकों द्वारा परिचय पत्र धारण करना आवश्यक

बाडमेर, 3 सितम्बर। जिले एवं अधिनस्थ कार्यालयों में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्युटी समय में कार्यस्थल एवं फील्ड में परिचय पत्र आवश्यक रूप से धारण करने के निर्देश दिए गए है।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग तथा संभागीय आयुक्त के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न स्तर के कार्यालयों एवं फील्ड में सम्पादित कार्यो एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रभावी समीक्षा तथा क्रियान्वयन के लिये सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों के परिचय पत्र संबंधित विभाग के कार्यालयाध्यक्ष द्वारा अनिवार्य रूप से तैयार करवाए जाएंगे। उन्हांेने बताया कि शासन तन्त्र में पारदर्शित व जवाबदेहिता लाने के उद्धेश्य से सरकारी कार्यालयों में समय की पाबन्दी, कार्यस्थलों पर उपस्थिति एवं पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिचय पत्र तैयार किये जाएंगे। सरकारी कार्यालयों एवं फील्ड में कार्य के दौरान कार्मिकों को परिचय पत्र धारण करना अनिवार्य होगा। उन्होने बताया कि जिला विजिट, निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी के बिना परिचय पत्र धारण किये पाये जाने पर इसे अत्यन्त गम्भीरता से लिया जाएगा। उन्होने सभी जिला अधिकारियों को अपने अधिनस्थ कार्मिकों के परिचय पत्र तैयार करवाकर डयूटी के दौरान परिचय पत्र धारण करने की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
-0-

समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार प्रारम्भिक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश

 पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2020

बाडमेर, 3 सितम्बर। जिले में शेष रही 233 ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच के आम चुनाव सम्पन्न करवाने हेतु आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार प्रारम्भिक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायतीराज संस्थाओं में पंच एवं सरपंच के चुनाव हेतु शेष रही ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव व्यवस्था हेतु प्रकोष्ठों का गठन तत्काल करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) विश्राम मीणा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा माह जनवरी एवं मार्च, 2020 में राज्य सरकार के द्वारा किये गये फिर से परिसीमन से जिले की 456 ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच के आम चुनाव सम्पन्न करवाये गये है तथा 233 ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच के चुनाव करवाये जाने शेष है। उन्होने बताया कि जिले में सिवाना पंचायत समिति में 22, आडेल में 2, पाटोदी में 2, सेड़वा में 18, धोरीमना में 2, बाडमेर में 38, शिव में 38, रामसर में 31, चौहटन में 50 एवं धनाऊ में 30 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के आम चुनाव करवाए जाने है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मीणा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 जून, 2020 कार्यक्रम अनुसार पूर्व मे ही पूर्ण कर लिया गया है। मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद भी लोक सूचना जारी होने तक अर्थात लोक सूचना जारी होने से दस दिन पूर्व में प्राप्त आवेदन पत्रों का निस्तारण निरन्तर अद्यतन प्रक्रिया मतदान सूचियों में नाम जोड़ने, विलोपित करने तथा अशुद्धियों को शुद्ध करने के प्रावधान के अनुसार संशोधित किया जा सकता है। उन्होने इस संबंध में आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
मतदान केन्द्रों का विनिश्चय
आयोग द्वारा जारी निर्देशानुसार 1100 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया गया था किन्तु कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए 1100 मतदाताओं की सीमा के स्थान पर आयोग के पत्र दिनांक 25 अगस्त, 2020 से 900 मतदाताओं तक सीमित कर दिया गया है। निर्देशों के अनुरूप अब किसी मतदान केन्द्र में मतदाताओं की संख्या 900 से अधिक नहीं होगी। आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्र के क्रमांक नये सिरे से परिवर्तन किये जाए ताकि एक ग्राम पंचायत के मतदान क्रमांक क्रमवार ही हो, यह पुनः नये सिरे से सुनिश्चित कर लिया जावे। उन्होने मतदान केन्द्रों का विनिश्चय करने के उपरान्त मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन भी साथ साथ करवाकर 4 सितम्बर को रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए है।
रिटर्निग अधिकारी, मतदान अधिकारियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मतदान दल गठन प्रभारी अधिकारी को रिटर्निग अधिकारी, मतदान अधिकारियों की नियुक्ति हेतु डाटा बैस 10 सितम्बर तक प्राप्त करवाकर 15 सितम्बर तक नियुक्तियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। साथ ही मतदान दलों की नियुक्ति के बाद प्रशिक्षण हेतु कार्यक्रम तैयार कर 15 सितम्बर से पूर्व बाद अनुमोदन प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी किया जाए। साथ ही उन्होने ईवीएम के बारे में मास्टर टैनर्स के माध्यम से चुनाव कार्य हेतु नियोजित कार्मिकों को भली भांति प्रशिक्षण करवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ईवीएम की उपलब्धता एवं आवंटन
उन्होने प्रभारी अधिकारी ईवीएम को ईवीएम की उपलब्धता एवं आवंटन हेतु कार्यक्रम तैयार कर 10 सितम्बर से पूर्व बाद अनुमोदन कार्यक्रम जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोग के निर्देशानुसार प्रभारी अधिकारी निर्वाचन लेखा एवं स्टोर को छोटी एवं बडी मतपेटियां की स्थिति की सूचना 10 सितम्बर तक प्रस्तुत करने तथा ईवीएम, मतदान सामग्री की उपलब्धता एवं आवश्यकता हेतु मॉग के बारे में सूचना 7 सितम्बर तक भिजवाने के निर्देश दिए।
ईवीएम मतपत्र एवं साधारण मतपत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंच एवं सरपंच के चुनाव हेतु ईवीएम मतपत्र मुद्रण आयोग के पत्र दिनांक 18 दिसम्बर, 2019 एवं पंच एवं सरपंच के लिए साधारण मतपत्र का मुद्रण आयोग के पत्र दिनांक 17 दिसम्बर, 2019 के निर्देशानुसार प्रभारी अधिकारी मतपत्र (कोषाधिकारी) को पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...