गुरुवार, 20 अगस्त 2020

डिग्गी में डूबने वालों के परिजनों को कुल तीन लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 बाड़मेर, 20 अगस्त। जिले की शिव तहसील के उण्डू काश्मीर में 17 अगस्त को 3 व्यक्तियों की डिग्गी में डूबने से मृत्यु हो जाने से तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से कुल तीन लाख की आर्थिक सहायत स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि शिव तहसील क्षेत्र के उण्डू काश्मीर निवासी गुड्डी, राणाराम एवं जसाराम पुत्र गिरधारीराम मेघवाल की डिग्गी में डूबने से मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके पिता गिरधारीराम पुत्र मोतीराम को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से कुल तीन लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
-0-

बायतु में शनिवार को होगा वृहद स्तर पर पौधारोपण

 बाड़मेर, 20 अगस्त। बायतु विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को ग्यारह हजार पौधारोपण करने का  कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम की शुरूआत राजस्व मंत्री हरीश चौधरी बायतु से करेंगे।

उक्त कार्यक्रम के अनुसार बायतु विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 100 पौधे एक साथ दोपहर 12 बजे लगाए जाएंगे। इस प्रकार सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में कुल ग्यारह हजार पौधे लगाकर लोगों को अधिकाधिक पौधारोपण कर वातावरण को स्वस्थ बनाने में योगदान देने का संदेश दिया जाएगा। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बायतु उपखण्ड पर आयोजित किया जाएगा।
-0- 

अल्पसंख्यक छात्रों की उत्तर मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति

छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र आमन्त्रित


बाडमेर, 20 अगस्त। सत्र 2020-21 में अल्पसंख्यक समुदाय के गैर सरकारी एवं सरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित अध्ययनरत विद्यार्थियों से उत्तर मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नन्दराम जयपाल ने बताया कि वर्ष 2020-21 में अल्पसंख्यक छात्रों की उत्तर मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति के आवेदन पत्र ऑनलाईन की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। उत्तर मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति फ्रेस एवं रिन्युवल आवेदन की अन्तिम तिथि 31 अक्टूबर, 2020 निर्धारित की गई है। अन्तिम तिथि के पश्चात् ऑनलाईन आवेदन पत्र स्वीकृत नहीं किए जाएंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यार्थी स्वयं की होगी। 

उन्होने बताया कि वर्ष 2020-21 में एनएसपी में आंशिक परिवर्तन किये गये है, जिसके तहत इस वर्ष अभ्यार्थियों द्वारा ऑनलाईन आवेदन पत्रों में शुल्क विवरण भरते हुए विकल्प विद्यार्थियों के स्तर से इन्द्राज नहीं करवा कर संस्था स्तर द्वारा इन्द्राज करवाया जाएगा तथा सत्यापन के समय शिक्षण संस्था अपने स्तर पर फीस एडिट कर सकती है। उक्त विकल्प संस्था की प्रोफाईल पर कोर्स वाईज फीस विकल्प के माध्यम से भरा जाएगा।

-0-

जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक 25 को

बाड़मेर, 20 अगस्त। जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 25 अगस्त को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी नितिन बोहरा ने संबंधित अधिकारियों को गत बैठक में दिये गये निर्देशों की पालना रिपोर्ट शीध्र भिजवाने तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।

-0-

राजीव जयंती पर ली सद्भावना की प्रतिज्ञा

बाड़मेर, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिले भर में गुरुवार को सद्भावना की शपथ लेकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान राजकीय कार्यालय में सद्भावना की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

  जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने जिला मुख्यालय पर गुरूवार प्रातः सद्भावना दिवस के उपलक्ष्य मंे अधिकारियांे एवं कार्मिकांे को सद्भावना की प्रतिज्ञा दिलाई। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्म दिन सद्भावना दिवस पर जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियांे की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने एवं हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत और संवैधानिक माध्यमांे से सुलझाने की प्रतिज्ञा दिलाई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, मुख्य लेखाधिकारी जसराज चौहान समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। 

    इसी तरह पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह भाटी ने पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं मंत्रालयिक कर्मचारियों को सद्भावना दिवस पर प्रतिज्ञा दिलाई। 

-0-


इंदिरा रसोई का शुभारम्भ

आठ रूपए में जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक खाना

बाड़मेर एवं बालोतरा में तीन-तीन स्थानों पर होगा संचालन


बाड़मेर, 20 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर गुरूवार प्रातः इंदिरा रसोई योजना का शुभारम्भ चौहटन चौराहा पर विधायक मेवाराम जैन, जिला कलेक्टर विश्राम मीणा एवं नगर परिषद सभापति दिलीप माली द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। इस दौरान विधायक मेवाराम जैन एवं जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने अपने हाथों से जरूरत मंदों को भोजन परोसा।

जिला मुख्यालय पर इंदिरा रसोई के उद्घाटन के अवसर पर बाडमेर विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इंदिरा रसोई योजना के तहत गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रूपए में शुद्ध पौष्टिक भोजन मुहैया कराया जाएगा। इंदिरा रसोई योजना में दोनों समय का भोजन रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार प्रति थाली 12 रूपए अनुदान देगी। उन्होने कहा कि इस योजना के शुभारम्भ के पश्चात् राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कोई जरूरतमंद व्यक्ति भूखा नहीं सोयेगा। 

    इस मौके पर जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने कहा कि योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए आईटी आधारित मॉनिटरिंग की जाएगी। लाभार्थी को कूपन लेते ही मोबाइल पर एसएमएस से सूचना मिलेगी साथ ही मोबाइल एप एवं सीसीटीवी से रसोईयों की निगरानी की जाएगी। उन्होने बताया कि जिले में बाड़मेर तथा बालोतरा नगर परिषद मुख्यालय पर तीन तीन स्थानों पर इंदिरा रसोई योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर में विरधीचंद जैन बस स्टैंड, तिलक बस स्टैंड तथा अंबेडकर सर्किल चौहटन चौराहा पर इंदिरा रसाई प्रारम्भ की गई है। इसी तरह बालोतरा में क्षत्रियों का मोर्चा बस स्टैंड, नाहटा चिकित्सालय के सामने तथा नया बस स्टैंड पर इंदिरा रसोई शुरू की गई है। 

    इस दौरान विधायक मेवाराम जैन तथा जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने पौधारोपण भी किया। नगर परिषद सभापति दिलीप माली, उपसभापति सुरतानसिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, पूर्व उपसभापति चौनसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी, नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा सहित पार्षद, पूर्व पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

      इससे पूर्व मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंदिरा रसोई का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने इस दौरान सभी को शुभकामनाएं दी। जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी सेवा केंद्र में ऑनलाइन उद्घाटन के दौरान जिला कलेक्टर विश्राम मीणा, विधायक मेवाराम जैन, नगर परिषद सभापति दिलीप माली, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई समेत जनप्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी मौजूद थे। इसी तरह सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर राजीव गांधी सेवा केंद्रों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया

-0-







बुधवार, 19 अगस्त 2020

इंदिरा रसोई का गुरुवार से होगा आगाज

आठ रूपए में जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक खाना

बाड़मेर एवं बालोतरा में तीन-तीन स्थानों पर होगा संचालन


बाड़मेर, 19 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिले में 20 अगस्त, गुरुवार से इंदिरा रसोई योजना की शुरूआत की जाएगी, जहाँ गरीब और जरुरतमंदो को केवल आठ रुपए में शुद्ध पौष्टिक भोजन मुहैया कराया जाएगा। योजना का शुभारम्भ गुरुवार प्रातः 10 बजे चोहटन चौराहा पर जिला कलेक्टर विश्राम मीणा, विधायक मेवाराम जैन एवं नगर परिषद सभापति दिलीप माली करेंगे।

जिला कलेक्टर मीणा ने कहा कि राज्य सरकार इंदिरा रसोई के नाम से गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रूपए में शुद्ध पौष्टिक भोजन मुहैया कराया जाएगा। इंदिरा रसोई योजना में दोनों समय का भोजन रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार प्रति थाली 12 रूपए अनुदान देगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि योजना की आईटी आधारित मॉनिटरिंग की जाएगी। लाभार्थी को कूपन लेते ही मोबाइल पर एसएमएस से सूचना मिल जाएगी। मोबाइल एप एवं सीसीटीवी से रसोईयों की निगरानी की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी बिश्नोई ने बताया कि जिले में बाड़मेर तथा बालोतरा नगर परिषद मुख्यालय पर तीन तीन स्थानों पर इंदिरा रसोई योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाड़मेर में विरधीचंद जैन बस स्टैंड, तिलक बस स्टैंड तथा अंबेडकर सर्किल चौहटन चौराहा पर इंदिरा रसाई खोली जाएगी। इसी तरह बालोतरा में क्षत्रियों का मोर्चा बस स्टैंड, नाहटा चिकित्सालय के सामने तथा नया बस स्टैंड पर इंदिरा रसोई शुरू होगी। 

-0-

राजस्व अधिकारियों की बैठक 22 को

बाडमेर, 19 अगस्त। जिला स्तरीय अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में शनिवार 22 अगस्त को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि उक्त बैठक दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें पहले सत्र में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के आपसी समन्वय, विभिन्न विभागों के राजस्व विभाग स्तर पर लम्बित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी तथा द्वितीय सत्र में राजस्व अधिकारियों के साथ राजस्व संबंधी कार्यो के निर्धारित बिन्दुओं पर समीक्षा की जाएगी। 

उन्होने बताया कि समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उक्त बैठक से पूर्व अपने विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से राजस्व विभाग से संबंधित बकाया कार्यो, प्रकरणों के संबंध में प्रगति रिपोर्ट एवं सूची प्राप्त कर अपडेट सूचना सहित बैठक में उपस्थित होंगे तथा संबंधित उपखण्ड अधिकारी अपने अधीनस्थ विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ उक्त बैठक से पूर्व उपखण्ड स्तरीय बैठक आयोजित कर राजस्व विभाग स्तर पर बकाया प्रकरणों की समीक्षा कर पूर्ण तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होंगे तथा राजस्व विभाग से संबंधित बकाया प्रकरणों में निस्तारण योग्य प्रकरणों की आक्षेप पूर्ति कर वांछित सूचना भी साथ लायेंगे। इसी प्रकार संबंधित राजस्व अधिकारी निर्धारित एजेण्डानुसार एक जुलाई से 31 जुलाई तक की सूचना निर्धारित प्रपत्रों में तैयार कर 20 अगस्त को प्रातः 10 बजे तक उपखण्ड वार संकलित सूचना भिजवाना सुनिश्चित करेंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर विश्नोई ने बताया कि गत बैठक का कार्यवाही विवरण सभी संबंधित को भिजवाया जा चुका है, जिसकी पालना रिपोर्ट भी बैठक से पूर्व भिजवाना सुनिश्चित करे।

-0-

राजीव जयन्ती पर गुरुवार को होगी सद्भावना की शपथ

बाड़मेर, 19 अगस्त। जिले में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के जन्म दिवस 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की जयन्ती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाने तथा समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाने के निर्देश दिए गए है। उन्होने बताया कि समस्त विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी कोरोना महामारी के मद्देनजर सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए सद्भावना दिवस प्रतिज्ञा का आयोजन कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

-0-

जन अभाव-अभियोग निराकरण मंत्री ने की समीक्षा

समस्याओं के निराकरण को सरकार तत्पर - मोहम्मद


बाड़मेर, 19 अगस्त। जन अभाव अभियोग निराकरण एवं अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा है कि राज्य सरकार आमजन के अभाव-अभियोग निराकरण को तत्पर है तथा जनसेवाओं की समय पर अदायगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वह बुधवार दोपहर पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में जनअभाव अभियोग निस्तारण की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। बैठक में विधायक मेवाराम जैन भी मौजूद थे।

इस मौके पर मंत्री मोहम्मद ने कहा कि जनता की अधिकतम समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण हो जाना चाहिए ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि जन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों की बेहतर पब्लिक डिलीवरी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जनता के प्रति सीधी जवाबदेही है तथा इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जन अभाव अभियोग निराकरण मंत्री ने कहा कि सामान्य प्रवृत्ति की शिकायतों का त्वरित निस्तारण होना चाहिए। मंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओ से जुड़े प्रकरणो को गंभीरता से लेते हुए इनके निस्तारण में संवेदनशीलता का परिचय देने की हिदायत दी। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 30 दिन से अधिक बकाया प्रकरणों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। इसी प्रकार लंबे समय तक पोर्टल को लोगिन भी नहीं करने वाले विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री की आमजन की परिवेदनाओ के निस्तारण की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसी के अनुरूप सभी मंत्री जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते है। इसी क्रम में हर हाल में जिला स्तर तथा ब्लॉक स्तर पर निर्धारित दिवसों को जनसुनवाई होनी चाहिए।

इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि जिले में राज्य सरकार जनता के प्रति पूरी जवाब देह है तथा गुड गवर्नेंस के लिए प्रशासन तत्पर है एवं इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कि कोई गुंजाइश नहीं है। इससे पूर्व जिला कलेक्टर विश्राम मीणा राजस्थान संपर्क पोर्टल के बकाया प्रकरणों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जिले में जनसुनवाई तथा अभाव अभियोग की प्रक्रिया से अवगत कराया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, सहायक निदेशक, लोक सेवाएं के.के. गोयल एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

-0-





मंगलवार, 18 अगस्त 2020

20 सूत्री कार्यक्रम एवं फ्लैगशीप योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक बुधवार को

बाड़मेर, 18 अगस्त। बीस सूत्री आर्थिक कार्यक्रम वर्ष 2020-21 में आवंटित लक्ष्यों के विरूद्ध अर्जित उपलब्ध्यिों एवं फ्लैगशीप योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 19 अगस्त को दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी।  

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि बीस सूत्री आर्थिक कार्यक्रम वर्ष 2020-21 में आवंटित लक्ष्यों के माह जुलाई 2020 तक के विरूद्ध अर्जित उपलब्ध्यिों की समीक्षा के लिए बीस सूत्री कार्यक्रम के सन्दर्भ में गठित द्वितीय स्तरीय समीक्षा तथा फ्लेगशीप योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक का अयोजन जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 19 अगस्त को दोपहर 12 बजे जिला कलक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। उन्होंनें बताया कि उक्त बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है। 

-0-


अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद बुधवार को बाड़मेर आएंगे

जिले की एक दिवसीय यात्रा के दौरान जनसुनवाई सहित विभिन्न बैठके लेंगे


बाड़मेर, 18 अगस्त। अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री शाले मोहम्मद बुधवार को बाड़मेर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई सहित विभिन्न बैठकों एवं कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद अपने निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 19 अगस्त को प्रातः 7 बजे जैसलमेर से प्रस्थान कर प्रातः 9.30 बजे चौहटन के बुरहान का तला पहुंचेंगे। यहां वे आरक्षित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद प्रातः 10 बजे बुरहान का तला से प्रस्थान कर प्रातः 11.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार वे जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट सभागार में प्रातः 11.30 बजे जन सुनवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात वे जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक लेंगे। तत्पश्चात वे  सम्पर्क पोर्टल की समीक्षा करेंगे एवं 15 सूत्रीय कार्यक्रम के संबंध में बैठक लेंगे। इसके बाद वे अल्पसंख्यक मामलात विभाग के छात्रावास एवं सीएसएस भवनों के लिए भूमि आवंटन के संबंध में चर्चा करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2 बजे बाड़मेर से जैसलमेर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। 

-0-

पात्र मतदाताओं का ऑनलाईन पंजीकरण

मतदान केन्द्रवार कार्ययोजना तैयार करने एवं बीएलओ को लक्ष्य आवंटित करने के निर्देश 


बाड़मेर, 18 अगस्त। अर्हता दिनांक एक जनवरी, 2020 के सन्दर्भ में 19 फरवरी, 2020 को मतदाता सूचियों के अन्तिम प्रकाशन के बाद निरन्तर अद्यतन की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है जो अर्हता दिनांक एक जनवरी, 2021 के सन्दर्भ में मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन की दिनांक से पूर्व तक जारी रहेगी।

उप जिला निवार्चन अधिकारी (अपर कलक्टर) ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि निरन्तर अद्यतन की अवधि में मतदाता सूचियों से संबंधित विभिन्न पैरामीटर मे जो अन्तर प्रदर्शित हो रहा है, उसको इसी अवधि के दौरान निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप किया जाना हर हाल में आवश्यक है। उन्हांेने जिले के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को मतदान केन्द्रवार कार्ययोजना तैयार कर पात्र महिलाओं एवं युवाओं का मतदाता सूची में यथासंभव पंजीकरण ऑनलाईन के माध्यम से करवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। साथ ही उन्होंने स्वीप कार्ययोजना अन्तर्गत पंजीकरण ऑनलाईन करने हेतु सोशल मीडिया एवं डिजीटल मीडिया का प्रयोग करने के भी निर्देश दिए है। उन्होने बताया कि पात्र नागरिकों का चिन्हिकरण कर भारत निर्वाचन आयोग के एनवीएसपी पोर्टल पर इन्हें अधिक से अधिक आवेदन प्रस्तुत करने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होने जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को तीन दिवस में बूथवार प्लान तैयार कर प्रत्येक बीएलओ को स्पष्ट लक्ष्य आवंटित करने तथा की गई कार्यवाही एवं विस्तृत प्लान प्रभारी अधिकारी स्पीप एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भिजवाने के निर्देश दिए है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विश्नोई ने बताया कि अर्हता दिनांक एक जनवरी, 2020 के सन्दर्भ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन 19 फरवरी, 2020 को किया गया है। उक्त मतदाता सूचियों के सांख्यिकी आंकडों के प्रपत्र 1 से 8 का विधानसभा क्षेत्रवार एवं जिले के आंकड़ों के साथ विश्लेषण करने पर मतदाता जनसंख्या अनुपात, लिंगानुपात एवं 18-19 आयु वर्ग के युवाओं का पंजीकरण निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप नहीं पाया गया है। 

-0-

टंकण गति परीक्षा हेतु आवेदन 20 अगस्त तक

बाड़मेर, 18 अगस्त। टंकण गति परीक्षा हेतु अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्राप्त कनिष्ठ सहायक जिला कलक्टर कार्यालय में 20 अगस्त 2020 तक अपने कार्यालयध्यक्ष के माध्यम से आवेदन जमा करवा सकते है। उक्त टंकण गति परीक्षा आगामी माह में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्राप्त कनिष्ठ सहायक जिनकी नियुक्ति 31 दिसम्बर 2016 से पूर्व की है तथा उनके द्वारा अभी तक टंकण गति परीक्षा उतीर्ण नहीं की है, की कम्प्यूटर पर टंकण गति परीक्षा जिला कलक्टर कार्यालय द्वारा आगामी माह में आयोजित करवाई जाएगी। उन्होनें संबंधित अभ्यर्थियों को अपने कार्यालयध्यक्ष के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 20 अगस्त 2020 से पूर्व जिला कलक्टर कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए है। उन्होने बताया कि उक्त तिथि के पश्चात कोई आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।

-0-

सोमवार, 17 अगस्त 2020

पुलिस, जेल एवं होमगार्ड के कार्मिकों को अब हर साल मिलेगा एकमुश्त 7 हजार रूपए वर्दी एवं किट भत्ता

 मुख्यमंत्री ने दी प्रस्ताव को मंजूरी

बाड़मेर, 17 अगस्त। प्रदेश में पुलिस, जेल एवं होमगार्ड विभाग के स्थायी कार्मिकों को अब वर्दी एवं किट भत्ते के रूप में प्रतिवर्ष एकमुश्त 7 हजार रूपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इस सम्बन्ध में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। 

श्री गहलोत की इस मंजूरी से पुलिस विभाग के कांस्टेबल से सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के 86,487 कार्मिक, होमगार्ड विभाग के कांस्टेबल से हैडकांस्टेबल तक के 422 एवं जेल विभाग के प्रहरी से लेकर उप कारापाल तक के 3712 सहित कुल 90,621 कार्मिकों को लाभ मिलेगा। इससे राजकोष पर करीब 63 करोड़ 43 लाख रूपए का वित्तीय भार आएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में विगत वर्ष पुलिस, जेल एवं होमगार्ड विभाग के स्थायी कार्मिकों को एकमुश्त 7 हजार रूपए वर्दी एवं किट भत्ता देने की घोषणा की थी।

 

इंदिरा रसोई की शुरुआत गुरुवार से

आठ रूपए में जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक खाना

बाड़मेर एवं बालोतरा में तीन-तीन स्थानों पर होगा आगाज


बाड़मेर, 17 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिले में 20 अगस्त, गुरुवार से इंदिरा रसोई योजना की शुरूआत की जाएगी, जहाँ गरीब और जरुरतमंदो को केवल आठ रुपए में शुद्ध पौष्टिक भोजन मुहैया कराया जाएगा। योजना की तैयारियों के सम्बन्ध में जिला कलेक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में सोमवार प्रातः उनके कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विद्यायक मेवाराम जैन भी मौजूद थे।

इस मौके पर जिला कलेक्टर मीणा ने कहा कि राज्य सरकार इंदिरा रसोई के नाम से गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रूपए में शुद्ध पौष्टिक भोजन मुहैया कराएगी। उन्होने बैठक में इस योजना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजना को जनसेवा की भावना, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के साथ लागू किया जाए ताकि निर्धन वर्ग को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक मिसाल बने। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के संचालन में सेवाभावी संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आज ही संस्थाओं का चयन किया जाए। ऐसी संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों को प्रोत्साहित किया जाए जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा के क्षेत्र में काम कर रही हों। 

आईटी आधारित मोनिटरिंग

इंदिरा रसोई योजना में दोनों समय का भोजन रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार प्रति थाली 12 रूपए अनुदान देगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि योजना की आईटी आधारित मॉनिटरिंग की जाएगी। लाभार्थी को कूपन लेते ही मोबाइल पर एसएमएस से सूचना मिल जाएगी। मोबाइल एप एवं सीसीटीवी से रसोईयों की निगरानी की जाएगी।

विधायक का सुझाव

इस मौके पर विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के श्कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोएश् के संकल्प पर आधारित इंदिरा रसोई योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले जरूरतमंद लोगों को उच्च क्वालिटी का खाना मुहैया कराया जाए। इसके लिए पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य संस्थाओं का चयन किया जाए।

यहाँ होगी संचालित

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी बिश्नोई ने बताया कि जिले में बाड़मेर तथा बालोतरा नगर परिषद मुख्यालय पर तीन तीन स्थानों पर इंदिरा रसोई योजना प्रस्तावित है, जहां रियायती दरों पर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाड़मेर में विरधीचंद जैन बस स्टैंड, तिलक बस स्टैंड तथा अंबेडकर सर्किल चौहटन चौराहा पर इंदिरा रसाई खोली जाएगी। इसी तरह बालोतरा में क्षत्रियों का मोर्चा बस स्टैंड, नाहटा चिकित्सालय के सामने तथा नया बस स्टैंड पर इंदिरा रसोई प्रस्तावित है। उन्होंने योजना की अब तक की प्रगति से अवगत कराया।

बैठक में उपखंड अधिकारी प्रशांत शर्मा, कोषाधिकारी दिनेश बारहट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कमलेश चौधरी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे

-0-



प्रातः 9 से सायं 7 बजे तक का समय

बाड़मेर शहर में  मंगलवार से दो घण्टे अधिक खुलेगा बाजार

बाड़मेर, 17 अगस्त। बाड़मेर शहर में मंगलवार से बाजार 2 घंटे अधिक खुलेगा ताकि अर्थव्यवस्था को संबल मिले एवं आमजन को अधिक सुविधा हो। मंगलवार से समस्त दुकाने प्रातः 9 से सायं 7 बजे तक खुली रहेगी।

जिला मजिस्टेट विश्राम मीणा ने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए बाड़मेर शहर में दुकानों को खोलने एवं बन्द करने के समय में 2 घंटे का इजाफा किया गया है। अब शहर के सभी दुकानदार प्रातः 9 बजे से अपनी दुकानें खोल सकेंगे, जो साय 7 बजे तक खुली रह सकेगी। उन्होने बताया कि सायं 7 बजे साइरन बजाया जाएगा, उसके तुरन्त पश्चात् समस्त दुकाने बन्द कर दी जाएगी। उन्होने संशोधित समय अनुसार दुकाने बन्द करने की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। 

जिला मजिस्टेªट मीणा ने सख्त हिदायत दी है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने, बार बार हाथ धोने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने सहित राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।  

-0-

रविवार, 16 अगस्त 2020

जिले में नशा मुक्त भारत अभियान का आगाज

 सूचना केन्द्र में चित्र प्रदर्शनी आयोजित


बाड़मेर, 15 अगस्त। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर जिले में केन्द्र सरकार प्रवर्तित नशा मुक्त भारत अभियान की शुरूआत की गई। अभियान के दौरान जिला, उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तर पर व्यापक स्तर पर आमजन के लिए नशा मुक्ति जागरूकता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें।
शनिवार को सूचना केन्द्र में जिला कलक्टर विश्राम मीणा एवं पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर विधिवत शुभारम्भ किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद जिला कलक्टर मीणा ने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले नशा मुक्त भारत अभियान के कार्यक्रम आमजन विशेषकर युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागृत करने में कारगर साबित होंगे। उन्होने अभियान के अन्तर्गत चिकित्सा विभाग के स्वास्थ्य मित्र तथा नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवकों की सक्रिय भागीदारी लेने के निर्देश दिए।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान आगामी 31 मार्च, 2021 तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम, विद्यालय एवं कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, निजी एवं राजकीय कॉलेजों में जागरूकता हेतु छात्र क्लबों का गठन, व्यसन से ग्रसित लोगों की पहचान कर उनकी काउसलिंग एवं उपचार, अवैध नशीली दवाओं, शराब, अफीम, गांजा की प्रभावी रोकथाम, व्यसन मुक्ति संबंधी दवाओं की उपलब्धता, पंचायत एवं नगरीय निकायों पर रथ यात्रा एवं जागरूकता कार्यक्रम, विभिन्न प्रचार माध्यमों से नशा मुक्ति मुहिम का व्यापक प्रचार प्रसार सहित विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा।  
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.सी. दीपन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सुरेन्द्र प्रतापसिंह उपस्थित रहें।
-0-

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

स्वतन्त्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया


बाडमेर, 15 अगस्त। स्वतन्त्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह शनिवार को आदर्श स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली।
स्वतन्त्रता दिवस के मुख्य समारोह में परेड कमाण्डर एस.आई. भंवराराम के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, बोर्डर होमगार्ड एवं अरबन होमगार्ड की टुकडियां परेड़ में हिस्सा लिया। मार्च पास्ट के पश्चात् अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई द्वारा महामहिम राज्यपाल के सन्देश का पठन किया गया। तत्पश्चात् पुलिस विभाग के बैण्ड दल द्वारा बैण्ड वादन प्रस्तुत किया गया।
मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि जिला कलक्टर विश्राम मीणा एवं जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके पश्चात् जिला कलक्टर मीणा ने उपस्थित जन समुदाय को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किसी भी प्रकार का व्यसन नहीं करने, नशे कीे लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करने, नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उस आदत से दूर करने का प्रयास करने, नशे की आदत के विरूद्ध गांव-गांव प्रचार-प्रसार करने तथा सत्य निष्ठा से शपथ के प्रति संकल्प बद्ध रहने की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान ख्यातनाम लोक कलाकार स्वरूप पंवार एवं बिहारी पंवार द्वारा कोरोना जन जागरूकता गीत ‘‘ जागो देश वासियों जागो रे, कोरोना मिट जाये जग से जागो रे..‘‘ प्रस्तुत किया गया। इसी कड़ी में जिले के कमों का बाडा, कानाना, सनावड़ा एवं मोतीसरा से आये मशहूर गैर दलों द्वारा आकर्षक गैर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। गैर दलों को जिला प्रशासन की ओर से ग्यारह-ग्यारह हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके बाद ख्यातनाम लोक कलाकार स्वरूप पंवार द्वारा देश भक्ति गीत ‘‘ ऐ मेरे वतन के लोगों...‘‘ की शानदार प्रस्तुति दी गई। जिला प्रशासन की ओर से स्वरूप पंवार पार्टी को भी ग्यारह हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्य समारोह के दौरान जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ प्रातःकालीन कार्यक्रम का समापन किया गया।  
समारोह के दौरान नगर परिषद सभापति दीपक माली, उप सभापति सुरतानसिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह भाटी, उपखण्ड अधिकारी प्रशान्त शर्मा, सहायक निदेशक लोक सेवाएं के.के. गोयल, नगर विकास न्यास सचिव एस.एस. मीणा, पूर्व आई.जी. मुरादअली अबड़ा, मनोज गुप्ता, कैयर्न के सीएसआर हैड हरमीत सेहरा, कैप्टन हीरसिंह भाटी सहित पार्षदगण, जिले के शहीदों के परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्रातःकालीन कार्यक्रम की कमेन्ट्री डा. बंशीधर तातेड़, डा. रामकुमार जोशी एवं मुकेश पचौरी द्वारा की गई।
सम्पूर्ण जिले में स्वतन्त्रता दिवस समारोह हर्षोल्लस के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह के दौरान सोशल डिस्टेंस सहित कोविड-19 की गाइडलाईन की पालना के साथ आगन्तुकों द्वारा मास्क का उपयोग किया गया। कार्यक्रम स्थल पर थर्मल स्कैनिंग तथा हैंड सैनेटाइजर की व्यवस्था की गई। स्वतन्त्रता दिवस के मौके पर शहर के मुख्य चौराहों एवं भवनों पर रोशनी की आकर्षक सजावट की गई।
-0-

बुधवार, 12 अगस्त 2020

कोरोना वोरियर्स को गुरूवार को किया जाएगा सम्मानित

 अगस्त क्रान्ति सप्ताह

बाड़मेर, 12 अगस्त। राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की 150 वीं जयन्ती वर्ष के आयोजनों की श्रृंखला में अगस्त क्रान्ति सप्ताह के तहत गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कोरोना वारियर्स को सम्मानित किया जाएगा। 
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि अगस्त क्रान्ति सप्ताह के पंचम दिन 13 अगस्त को भगवान महावीर टाउन हॉल में प्रातः 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में कोरोना महामारी के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोरोना वॉरियर्स, महिलाओं के विभिन्न वर्गो, डॉक्टर, नर्स, पुलिस, सफाई कर्मी आदि का सम्मानित किया जाएगा।   
उन्होंने बताया कि सप्ताह के षष्ठम दिन 14 अगस्त को पचायत समिति स्तर पर भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों में ऑनलाईन किसान सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा सप्ताह का समापन 15 अगस्त को सायं 7.30 बजे भगवान महावीर टाउन हॉल में एक शाम देश के नाम कार्यक्रम के साथ होगा।

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...