बुधवार, 12 जुलाई 2023

राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक मशाल का बायतु में स्वागत

बाड़मेर, 12 जुलाई। राजीव गाँधी ग्रामीण खेल कूद प्रतियोगिता के जन जागरण हेतु मशाल रैली का पंचायत समिति बायतु के परिसर में स्वागत किया गया। 

इस रैली में बायतु प्रधान सिमरथाराम बेनिवाल, विकास अधिकारी अमित चौधरी, सीबीईओ कानाराम सऊ, बलदेव कोडेचा, जन प्रतिनिधीगण एवं शारीरिक शिक्षक भी मौजूद रहे। 
इस अवसर पर बायतु प्रधान एवं विकास अधिकारी बायतु ने राजीव गाँधी खेल कूद प्रतियोगिता ही उपायदेयता पर प्रकाश डाला । जत्थे के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का सन्देश दिया।
इसके पश्चात् मशाल रैली को बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में लाया गया। जहां बालिकाओं एवं महिलाओं को अधिक से अधिक भागीदारी निभाने के लिए नाटकों एवं श्लोकों के माध्यम से प्रेरित किया गया।
-0-

जिला कलेक्टर ने की सेवाओं और योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा

व्यक्तिगत लाभ की योजनाओ की हो प्रभावी क्रियान्वित - पुरोहित

बाड़मेर, 12 जुलाई। जिले में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं विशेषकर व्यक्तिगत लाभ की योजनाओ में अधिकाधिक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। यह निर्देश जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित ने बुधवार को साप्ताहिक बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
 इस अवसर पर जिला कलक्टर पुरोहित ने कहा कि सभी विभाग उनसे संबंधित फ्लैगशिप योजनाओं की माइक्रो मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के बेहतर परिणाम हासिल करे। जिला कलेक्टर ने शिक्षा और स्वास्थ्य पर आधारित फ्लैगशिप योजनाओ में सुधार की आवश्यकता बताते हुए मुख्यमंत्री बालगोपाल योजना, मिड डे मील, इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना, आंगनबड़ी केंद्रों पर सेनेटरी नेपकिन वितरण की समीक्षा की। 
पुरोहित ने महिला और बाल विकास के लिए फ्लेगशिप योजनाओ की प्रभावी क्रियान्वित करने को कहा। विशेषकर उड़ान और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओ के व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत जताई। उन्होने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति को निःशुल्क दवाईयों एवं निःशुल्क जांचों की सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलेक्टर ने महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा भौतिक सत्यापन के कारण किसी भी प्रकार की पेंशन नही रोकने के निर्देश दिए। 
उन्होने बिजली और जलदाय विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान विभिन्न लंबित कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली कटौती और जलापूर्ति की शिकायतों पर अभियंताओं को मौके पर भेज कर रिपोर्ट मंगाने के निर्देश दिए।
  बैठक में उपवन सरक्षक संजय भादू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिव पाल जाट, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित समेत विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-

आगामी विधानसभा चुनाव 2023 - मुद्रण सामग्री पर नियंत्रण हेतु बैठक 14 जुलाई को

बाड़मेर, 12 जुलाई। निर्वाचन विभाग राजस्थान जयपुर के आदेशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127-क के प्रावधानों के अन्तर्गत पैम्पलेटों, पोस्टरों इत्यादि के मुद्रण पर नियंत्रण रखने हेतु निर्देशित किया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित ने बताया कि उक्त आदेशों की अनुपालना में 14 जुलाई को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले की समस्त अनुबंधित फर्मों को उक्त बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
-0-

राजस्व अधिकारियों की बैठक 21 जुलाई को

बाड़मेर, 12 जुलाई। राजस्व संबंधी कार्यों एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों के संबंध में राजस्व अधिकारियों की बैठक 21 जुलाई को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कान्फ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित ने बताया कि उक्त बैठक जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जिसमें राजस्व संबंधी निर्धारित बिन्दुओं पर समीक्षा की जायेगी। उन्होंने संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी उक्त बैठक हेतु निर्धारित एजेण्डानुसार पूर्ण तैयारी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए।
-0-

महंगाई राहत शिविर - बीसासर, आमलियाला और रोहिड़ी ग्राम पंचायत पर 13 जुलाई को होगें शिविर

वंचित पात्र परिवारों का रजिट्रेशन करें सुनिश्चित - पुरोहित

बाड़मेर, 12 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणा वर्ष 2023-24 के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किये जा रहे है।
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने आम जन से अपील की महंगाई राहत शिविरों में आकर अपना रजिट्रेशन करा राज्य सरकार की योजनाओं का बढ़ा हुआ लाभ प्राप्त करें। उन्होने बताया कि शिविर में जनाधार कार्ड में शामिल परिवार का कोई भी सदस्य शिविर में जाकर पंजीयन करवा सकता है। उन्होने गांवो में आयोजित हो रहे प्रशासन गावों के संग अभियान के तहत सभी अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर संपर्क पोर्टल पर दर्ज करवाने के साथ सभी वंचित पात्र परिवारों का रजिट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि गुरूवार, 13 जुलाई को जिले में धन्ने का तला, कितपाला, खोखर, उड़ासर, भाचभर, द्राभा, आरबी की गफन और दरगुड़ा के साथ गुड़ीसर, आसोतरा, भोजासर, गुड़ामालानी, बसरा, बीसासर, आमलियाला और रोहिड़ी ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे। वही शहरी क्षेत्र में सिवाणा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 33 के कृषि मंडी परिसर में प्रशासन शहरों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे।
-0-

जिला कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसेवाओ की पडताल की

विद्यालय, आंगनवाडी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की जांच

बाडमेर, 12 जुलाई। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने दो दिवसीय सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर जनसेवाओं की पडताल की और आमजन की परीवेदनाओ को सुना।
  जिला कलेक्टर पुरोहित का गडरारोड दौरा बुधवार को समाप्त हुआ। गडरारोड के दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने मंगलवार को स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल राजकीय विद्यालय देताणी का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा-कक्षों, विज्ञान प्रयोगशाला, रसोई घर इत्यादि का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने आयोजित कार्यक्रम में अध्ययन कर रहे बच्चों को कड़ी मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का सन्देश दिया। विद्यालय की साफ-सफाई, छात्रों के अनुशासन को देखकर जिला कलेक्टर ने प्रशंसा की। इस अवसर पर समाजसेवी हाजी शेर मोहम्मद, तहसीलदार मीठालाल मीणा, विकास अधिकारी विक्रमसिंह राजपुरोहित, एईएन ताराचन्द, देताणी सरपंच मखणाराम, प्रधानाचार्य मोहमद इब्राहिम, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार खती उपस्थित रहे।
मंगलवार शाम को जिला कलेक्टर ने पंचायत समिति गडरा रोड के सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।
  इस दौरान जिला कलेक्टर ने प्रत्येक अधिकारी से विभाग में संचालित राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को पहुंचाने के आवश्यक निर्देश किए। तत्पश्चात रात्रि विश्राम मुनाबाव में बी.एस.एफ. ट्राजिस्ट कैंप में किया। इस दौरान बी.एस.एफ. अधिकारियों से वार्ता कर सीमा सुरक्षा के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी ली।
गडरारोड के दौरे के दुसरे दिन बुधवार को प्रातः जैसिन्धर स्टेशन के केन्द्रीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा-कक्ष में बच्चों से रूबरू होकर शिक्षा सम्बन्धी संवाद किया और बच्चों को बेहत्तर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद जिला कलेक्टर ने जैसिन्धर स्टेशन में मुख्यमंत्री सर्वजन राजकीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होने विद्यालय एवं आवासीय छात्रावास का भी अवलोकन किया। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पुरोहित ने बालक और बालिकाओं को जीवन में ऊँचा लक्ष्य निर्धारित कर उसको प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत कर पूर्ण संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का सन्देश दिया। इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस अवसर पर तहसीलदार मीठालाल मीणा, विकास अधिकारी विक्रम सिंह राजपुरोहित, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार खती, पूर्व प्रधान तेजाराम कोडेचा, संस्था प्रधान नखतमल कोडेचा, थानाधिकारी सलीम मोहम्मद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला कलेक्टर द्वारा जैसिन्धर स्टेशन स्थित उचित मुल्य की दुकान का निरीक्षण किया गया और वितरण किये जा रहे राशन का सत्यापन किया गया। उन्होने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर पुरोहित ने मरीजों को मिल रहे स्वास्थ्य लाभ और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभों की जानकारी प्राप्त की। जिला कलेक्टर ने निःशुल्क दवा एवं जांच योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर द्वारा जैसिन्धर स्टेशन में बी.ए.डी.पी. योजनान्तर्गत निर्माणाधीन कार्यो का भी निरीक्षण किया। तत्पश्चात उन्होने गडरारोड़ स्थित पुलिस थाने का निरीक्षण किया। जहां उन्हे गार्ड आफॅ ऑनर दिया गया। जिला कलेक्टर ने गडरारोड़ स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ वार्ता की। अंत में खुडाणी में नर्सरी का अवलोकन कर रेंजर मक्खन लाल, फोरेस्टर श्रवणसिंह से नर्सरी में पौधों की जानकारी लेकर इनको वर्षा ऋतु में पौधों को अधिकाधिक वितरीत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
-0-

मंगलवार, 11 जुलाई 2023

विधायक जैन और जिला कलेक्टर ने किया महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण

बाड़मेर, 11 जुलाई। राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा उन्हें महंगाई से राहत दिलाने हेतु प्रशासन गांवों के संग अभियान एवं महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जा रहे है। 

इसी क्रम में सेजुओ को ढाणी में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन और जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित द्वारा मंगलवार को किया गया।
इस अवसर पर विधायक जैन और जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने कैंप व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने गारंटी कार्ड का वितरण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने सेजूओ की ढाणी में स्वीकृत नवीन महाविद्यालय और सत्र प्रारंभ संबंधी जानकारी साझा की। उन्होंने विशाला क्षेत्र में हुए नवीन सड़क निर्माण, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आबादी विस्तार की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार हर क्षेत्र और हर वर्ग के उत्थान में कोई कमी नहीं आने देगी।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने महंगाई राहत कैंप और प्रशासन गांवों के संग अभियान से मिलने वाले लाभ की जानकारी आमजन को दी। उन्होंने राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को देते हुए मतदान के प्रति जागरूक किया तथा शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। 
इस दौरान उन्होंने आमजन की परिवेदनाओं को सुना तथा शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने गडरा रोड पंचायत समिति के देतानी ब्लॉक में स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान बाड़मेर विकास अधिकारी सुरेश कविया, विशाला आगोर के नायब तहसीलदार पृथ्वीराज परमार,बाड़मेर पंचायत समिति सरपंच संघ के अध्यक्ष दलपत सिंह, सरपंच कंवाराराम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ समस्त लाभार्थी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
-0-

वायु सेना में अग्निपथ स्कीम के तहत अग्निवीर वायु भर्ती प्रक्रिया पर विस्तार से दी गई जानकारी

 बाड़मेर, 11 जुलाई। मंगलवार को जिले के माधव महाविद्यालय बाड़मेर एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़मेर के विद्यार्थियों को अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती प्रक्रिया की जानकारी वायुसेना से आए कमान अधिकारी अभिषेकसिंह द्वारा दी गई।

 इस दौरान भारतीय वायु सेना के कमान अधिकारी अभिषेकसिंह ने बताया कि इस भर्ती के लिए साढ़े 17 से 21 वर्ष आयु वाले अविवाहित पुरूष एवं महिला उम्मीदवार पात्र होंगे। भर्ती प्रक्रिया हेतु उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा या इसके समकक्ष परीक्षा विज्ञान संकाय में गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय के साथ एवं कला तथा वाणिज्य संकाय मे किसी भी विषय के साथ 50 फीसदी अंकों के साथ, अंग्रेजी विषय में 50 फीसदी अंक होना जरूरी है या 03 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक या 02 वर्षीय वोकेशनल कोर्स पास उम्मीदवार आवेदन के पात्र है।
  इस अवसर पर विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। विद्यार्थियों को इस स्कीम के तहत भर्ती प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
 उन्होंने बताया कि इच्छुक अविवाहित पुरूष एवं महिला उम्मीदवार भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट indianairforce.nic.in और careerindianairforc.cdac.in पर भी इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी https://agnipathvayu.cdac.in पर लॉग इन कर विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं।
-0-

ओलम्पिक मसाल का गिडा़ में स्वागत

बाड़मेर, 11 जुलाई। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गिड़ा में ओलंपिक मसाल का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

एसीबीईओजी के सतीश कुमार गिडा़ ने बताया कि राउमावि गिडा़ के विद्यालय प्रांगण में ओलंपिक मसाल का स्वागत कार्यक्रम रखा गया। जिसमें विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य अनिल कुमार व व्याख्याता शंकरा राम सुथार द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के बारे में अवगत कराकर समस्त टीम सदस्यों का परिचय करवाया। तत्पश्चात टीम के सदस्यों द्वारा विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले ओलंपिक खेलों के बारे में जागरूक किया गया।
 इसी क्रम में टीम के सदस्यों द्वारा राजस्थान सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना पशुधन बीमा योजना नरेगा वृद्धावस्था पेंशन योजना आदि के बारे में के बारे में अवगत करवाया गया। राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता हेतु राज्य सरकार द्वारा गठित टीम जयपुर से गिङा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पहुंची। 
प्रधानाचार्य अनिल बिजारणियां ने बताया कि नुकङ नाटक के द्वारा रोचक तरीके से बच्चों को सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करने की पहल शानदार है। निश्चित ही यह पहल जनता को अधिकाधिक लाभान्वित करवाने का काम करेगी। कार्यक्रम में शंकरा राम सुथार व्याख्याता एवं राउमावि गिङा का स्टाफ उपस्थित रहे।
-0-

महंगाई राहत शिविर - द्राभा, आरबी की गफन और दरगुड़ा ग्राम पंचायत पर 12 जुलाई को होगें शिविर

बाड़मेर, 11 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणा वर्ष 2023-24 के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किये जा रहे है। 

जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने आम जन से अपील की महंगाई राहत शिविरों में आकर अपना रजिट्रेशन करा राज्य सरकार की योजनाओं का बढ़ा हुआ लाभ प्राप्त करें। उन्होने बताया कि शिविर में जनाधार कार्ड में शामिल परिवार का कोई भी सदस्य शिविर में जाकर पंजीयन करवा सकता है। उन्होने गांवो में आयोजित हो रहे प्रशासन गावों के संग अभियान के तहत सभी अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर संपर्क पोर्टल पर दर्ज करवाने के साथ सभी वंचित पात्र परिवारों का रजिट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि बुधवार, 12 जुलाई को जिले में सेजुओं की ढाणी, मेवानगर, हेमजी का तला, सुदाबेरी, रोली, पराड़िया, डण्डाली और खबडाला के साथ धन्ने का तला, कितपाला, खोखर, उड़ासर, भाचभर, द्राभा, आरबी की गफन और दरगुड़ा ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे। वही शहरी क्षेत्र में सिवाणा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 33 के कृषि मंडी परिसर में प्रशासन शहरों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे।
-0-

सामाजिक सुरक्षा योजना लाभार्थी उत्सव - बाड़मेर के 1.85 लाख पेंशनरों के खातों में 36.70 करोड़ रुपए हस्तांतरित

सामाजिक सुरक्षा और रोजगार गारंटी पर बनाएंगे एक्ट: मुख्यमंत्री

बाड़मेर, 11 जुलाई।सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभार्थी उत्सव मंगलवार को बाड़मेर एवं बालोतरा में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने एक क्लिक से जिले के 1 लाख 85 हजार 083 पेंशनरों के बैंक खातों में 36 करोड़ 70 लाख 65 हजार 950 रुपए हस्तांतरित किए। 
   इस दौरान मुख्यमंत्री निवास पर राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में मई-जून माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि (न्यूनतम 1000 रुपए) डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से भेजकर राहत पहुंचाई। जिला स्तरीय लाभार्थी उत्सव का आयोजन विश्वकर्मा भवन में आयोजित किया गया। इस दौरान गौसेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन, नगर परिषद सभापति दीपक माली, जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवपाल जाट समेत बड़ी संख्या लाभार्थियों ने भाग लिया।
  इस मौके पर मुख्य मंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत और उनकी सामाजिक सुरक्षा हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। 
श्री गहलोत ने लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में कहा कि आमजन को न्यूनतम आय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में कमी नहीं रखी जाएगी। इसी भावना को लेकर राजस्थान विधानसभा के आगामी सत्र में सामाजिक सुरक्षा पेंशन और रोजगार गारंटी को लेकर एक्ट बनाएंगे। इससे प्रतिमाह न्यूनतम पेंशन राशि सहित हर वर्ष 15 प्रतिशत बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाएगी। महात्मा गांधी नरेगा योजना और इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत राजस्थान में न्यूनतम 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित करेंगे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन राजस्थान सरकार के सामाजिक सुरक्षा मॉडल का प्रमुख अंग है। पेंशन आपका मान-सम्मान है, इसलिए राज्य सरकार सामाजिक और आर्थिक सम्बल प्रदान करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देशवासियों को खाद्य सुरक्षा, सूचना, रोजगार और शिक्षा की गारंटी दी गई। अब वर्तमान केंद्र सरकार को भी पूरे देश में एक समान सामाजिक सुरक्षा कानून बनाना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को सहायता मिलें। 
स्मार्ट फोन इसी माह से होंगे वितरित
श्री गहलोत ने कहा कि प्रथम चरण में 40 लाख महिलाओं को इसी माह से स्मार्ट फोन 3 साल की इंटरनेट सुविधा के साथ वितरित किए जाएंगे। इससे वे जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगी। साथ ही शीघ्र ही मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना में राशन पैकेट का वितरण भी आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार सहित हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास से राजस्थान वर्ष 2030 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो जाएगा। 
मुख्यमंत्री का लाभार्थियों से सीधा संवाद
लाभार्थियों ने कहा, आपने हमारी हर तकलीफ दूर की
-खाते में पेंशन की बढ़ी हुई राशि आई है। पालनहार योजना में भी सहायता राशि बढने से सम्बल मिला है। सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। - श्रीमती बबली, अजमेर 
-मेरी जैसी जरूरतमंद महिलाओं को बढ़ाकर पेंशन दी, आपका आभार। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। -श्रीमती कविता जोशी, बारां 
-राज्य सरकार गरीबों का पालन-पोषण और उनके जीवनयापन में मदद कर रही है। राहत का यह सिलसिला आगे भी निरन्तर जारी रहेगा। -श्रीमती पवित्रा भार्गव, टोंक 
-मेरी पेंशन बढ़कर 1000 रुपए हो गई है। पालनहार योजना में भी 1000 की जगह 1500 रुपए प्रतिमाह की सहायता मिल रही है। महंगाई राहत कैम्पों में योजनाओं के लाभ से जीवन सुगम हो गया है। -श्री राकेश, बालोतरा 
-पेंशन बढ़ने के साथ ही बेटी की शादी में राज्य सरकार की ओर से 31 हजार रुपए की सहायता मिली। इसके लिए राज्य सरकार और आपको धन्यवाद। -श्रीमती निर्मला, अनूपगढ़ 
-मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बेटे का डेंगू का इलाज निशुल्क हो गया। महंगाई राहत कैम्प में 7 योजनाओं का लाभ मिला है। लाभ से बचत बढ़ेगी और राहत मिलेगी। -श्रीमती महेशी बैरवा, गंगापुर सिटी 
-राज्य सरकार ने सम्मान से जीवन जीने का जो अधिकार दिया है, उसके लिए धन्यवाद। पेंशन राशि में बढ़ोतरी और प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत की स्वतः वृद्धि का कदम सराहनीय है। -श्री भवानी शर्मा, अलवर 
-कोरोना काल में भी बेहतरीन प्रबंधन किया। जरूरतमंद लोगों को निर्बाध सहायता पहुंचाई गई। बेहतर योजनाओं के साथ पेंशन अब बढ़कर मिलने से परिवार को लाभ मिलेगा। -श्री सूरजमल बैरवा, जयपुर 
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री टीकाराम जूली ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलने से जरूरतमंद आत्मसम्मान से जीवनयापन कर रहे हैं। उनका मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बढ़ी पेंशन से प्रतिवर्ष 12 हजार करोड़ रुपए का भुगतान करेगी। इसमें केंद्र सरकार द्वारा लगभग 367 करोड़ रुपए का ही पुनर्भरण किया जाएगा। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 75 वर्ष के कम आयु के लगभग 68 लाख व्यक्तियों की पेंशन राशि में बढ़ोतरी हुई है। इससे जरूरतमंदों को सम्बल मिलेगा।  
इस अवसर पर विधायक मदन प्रजापत, बालोतरा विशेषाधिकारी राजेंद्र विजय, अतिरिक्त जिला कलक्टर बालोतरा अश्विनी के. पंवार, उपखंड अधिकारी विवेक व्यास, पचपदरा तहसीलदार इमरान खान, बालोतरा विकास अधिकारी महेश सिंह चौहान, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राजीव सुथार, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गंगा चौधरी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ लाभार्थी भी उपस्थित रहे।
-0-

सोमवार, 10 जुलाई 2023

राजस्थान की सरकार हर वर्ग को राहत दे रही है - जैन

राज्य गौसेवा आयोग अध्यक्ष बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने नव गठित ग्राम पंचायत भवन मातासर एवं नव क्रमोन्नत राउमावि. मातासर के उदघाटन एवं ग्राम पंचायत गंगासरा में 33/11 केवी जीएसएस का किया लोकार्पण 


बड़ी संख्या में उमड़े ग्रामवासी,विधायक जैन का गर्म जोशी से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया

बाड़मेर, 10 जुलाई। प्रदेश की लोक कल्याणकारी कांग्रेस सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है केंद्र की जन विरोधी नीतियों के चलते देश में बेहताशा बढ़ रही महंगाई को रोकने हेतु राजस्थान देश में पहला राज्य है जहाँ पर महंगाई राहत कैम्प लगाकर आमजन को राहत दी जा रही है यह विचार राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने ग्राम पंचायत मातासर एवं गंगासरा में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में व्यक्त किये ।
आम सभाओं को संबोधित करते हुए जैन ने कहा कि क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किये गए है सभी 36 कौम को साथ में लेकर हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में जो ऐतिहासिक बजट दिया है जिसके कारण हर वर्ग को राहत मिली है ।
मुझे यह कहते हुए खुशी है कि क्षेत्र की जनता से हमने जो वादे किये ,उन सब वादों को हमने पूरी संकल्पबद्धता से पूरा कर रहे है राजस्थान देश का पहला राज्य जहाँ पर एक साथ 4000 विद्यालय उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत हुए है मुझे यह भी खुशी है कि पंचायतीराज पुनर्गठन करने से आज हम मातासर में पंचायत भवन का उदघाटन कर रहे है आप सभी की भावनाओं का कद्र करते हुए हमने मातासर पंचायत का गठन करवाया ,मुझे यह कहते हुए भी हर्ष है कि मातासर में आज नव क्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण कर रहे है मातासर में हमने नई डामर सड़के बनाई है इसके अलावा कई विद्यालय भी क्रमोन्नत हुए है ।
33/11 केवी जीएसएस का हुआ लोकार्पण - ग्राम पंचायत गंगासरा में विद्युत सुधार हेतु बजट घोषणा में स्वीकृत जीएसएस का आज विधायक मेवाराम जैन ,अधीक्षण अभियंता डिस्कोम ,प्रधान प्रतिनिधि सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने लोकार्पण किया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मेवाराम जैन ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग पर हमने गंगासरा में जीएसएस स्वीकृत करवाया जो अब बनकर तैयार हो गया है इससे जो लम्बा फीडर था उसकी वजह से बार बार विद्युत व्यध्यान होता था उसका भी समाधान होगा ।।
आपने जो भी जनहित के काम बताये,मैंने ईमानदारी से उसको करने का प्रयास किया - जैन ने कहा कि क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ,कार्यकर्ताओं, आमजन ने शिक्षा, स्वास्थ्य,सड़क,विद्युत सहित तमाम क्षेत्र में मेरे से जो भी मांगा ,मैने शत प्रतिशत प्रयास कर उसको पूरा किया है ।
कुड़ला- सरली सड़क मार्ग डबललेन बनेगा, जल्द होगा कार्य शुरू - बाड़मेर शहर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क कुड़ला,शिवकर,धन्ने का तला,बेरीवाला तला,सरली,गंगासरा,सांजटा सहित तमाम गाँवो को जोड़ने वाला सड़क मार्ग हमारे प्रयासों से अब आधुनिक चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य करोड़ो की लागत से होगा ।
महंगाई राहत कैम्प का किया अवलोकन - विधायक जैन ने गंगासरा में आयोजित महंगाई राहत कैम्प, प्रशासन गाँवो के संग शिविर का निरीक्षण कर लाभार्थियों से रूबरू हुए एवं शिविर में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रमों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बाड़मेर ग्रामीण के अध्यक्ष देवराज आंसू,प्रधान प्रतिनिधि खरथाराम गोदारा,पूर्व प्रधान मूलाराम मेगवाल,जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि नखताराम पूनड़ सहित क्षेत्र के तमाम् सरपंचगण, पंचायत समिति सदस्यगण सहित कई गणमान्य लोग साथ में थे।
आज के सफल कार्यक्रम के लिए मातासर सरपँच प्रतिनिधि वीराराम ,किरण मेघवाल ,देवाराम देहडू सरपंच गंगासरा सहित तमाम् ग्रामवासियों का आभार ।
-0-

साप्ताहिक समीक्षा बैठक बुधवार को

बाड़मेर, 10 जुलाई। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में बुधवार को शाम 5 बजे साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कलेक्टर सभागार में किया जाएगा।

जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि उक्त बैठक के दौरान सड़क बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं मौसमी बीमारियों के रोकथाम, अतिवृष्टि से उत्पन्न परिस्थितियों, महंगाई राहत कैम्पों में लाभार्थियों के रजिस्ट्रेशन, कृषि आदान-अनुदान एवं चयनित पिछड़े ब्लॉकों के डीओआईटी द्वारा तैयार डेशबोर्ड पर 35 पैरामीटर्स के डेटा इन्द्राज की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने आवश्यक सूचनाओं के साथ सभी अधिकारियों को बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए।
-0-

महंगाई राहत शिविर - रोली, पराड़िया, डण्डाली और खबडाला ग्राम पंचायत पर 11 जुलाई को होगें शिविर

बाड़मेर, 10 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणा वर्ष 2023-24 के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किये जा रहे है।

जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने आम जन से अपील की महंगाई राहत शिविरों में आकर अपना रजिट्रेशन करा राज्य सरकार की योजनाओं का बढ़ा हुआ लाभ प्राप्त करें। उन्होने बताया कि शिविर में जनाधार कार्ड में शामिल परिवार का कोई भी सदस्य शिविर में जाकर पंजीयन करवा सकता है। उन्होने गांवो में आयोजित हो रहे प्रशासन गावों के संग अभियान के तहत सभी अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर संपर्क पोर्टल पर दर्ज करवाने के साथ सभी वंचित पात्र परिवारों का रजिट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि मंगलवार, 11 जुलाई को जिले में मातासर, खट्टू, चिड़िया, रोहिला, पीपराली, पादरिया, बन्धवा, कोनरा विलायतशाह, चाडो की ढाणी केे साथ सेजुओं की ढाणी, मेवानगर, हेमजी का तला, सुदाबेरी, रोली, पराड़िया, डण्डाली और खबडाला ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे। वही शहरी क्षेत्र में सिवाणा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 के खाखरलाई रोड़ स्कूल में प्रशासन शहरों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे।
-0-

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना - जिला स्तरीय लाभार्थी उत्सव आज बाड़मेर और बालोतरा में

बाडमेर, 10 जुलाई। राज्य सरकार की न्युनतम सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभार्थी उत्सव मंगलवार को आयोजित किया जायेगा। इस दौरान बाड़मेर और बालोतरा में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे।

  जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि बाड़मेर में विश्वकर्मा भवन और बालोतरा में पंचायत समिति सभागार में समारोह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा एक क्लिक के जरिए के पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि जमा कराई जायेगी। इस दौरान लाभार्थी उत्सव में मौजूद योजना के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री योजना के बारे में बताएंगे और उनसे फिड बैक लेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया जाएगा।
  जिला कलेक्टर ने बताया कि बाड़मेर और बालोतरा दोनों स्थानों पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित होंगे, जहां न्युनतम सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पांच-पांच सौ लाभार्थियों के अलावा जिले के सभी जनप्रतिनिधि और आमजन भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि लाभार्थी उत्सव विश्वकर्मा भवन, राय कॉलोनी, बाड़मेर एवं पंचायत समिति, बालोतरा में आयोजित किया जाएगा।
  पुरोहित ने बताया कि लाभार्थी उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा राज्य के पात्र 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 1000 करोड़ से अधिक की राशि का सीधा हस्तान्तरण डी.बी.टी. माध्यम से किया जाएगा। जिसकी सुचना लाभार्थियों के मोबाइल नम्बर पर एस.एम.एस. के माध्यम से प्राप्त होगी।
-0-

जिला कलेक्टर ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण

गुणवतापुर्ण शिक्षा के साथ हो समग्र विकास - पुरोहित

बाड़मेर, 10 जुलाई। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने शैक्षणिक स्तर परखने एवं सामान्य व्यवस्था जांच हेतु मंगलवार को जुना केराडू मार्ग स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
    जिला कलेक्टर जुना केराडू मार्ग स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालय में शैक्षणिक स्तर परखने एवं सामान्य व्यवस्था जांचने को अचानक विद्यालय पहुंचे। जिला कलेक्टर विद्यालय ने विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होने बच्चों को वितरित किये जाने वाले मीड डे मील की जांच की तथा मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के तहत बच्चों को गर्म दूध उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होने एमीनिया मुक्त बाडमेर अभियान के तहत बच्चों को वितरित की जा रही पिंक व ब्ल्यू टेबलेट जानकारी ली तथा वक्त निरीक्षण उपलब्ध नही पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से वार्ता कर दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समय पर बच्चों को टेबलेट वितरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विद्यालय के कक्षा कक्ष का निरीक्षण किया। वक्त निरीक्षण सभी अध्यापकगण शिक्षण कार्य करते हुए उपस्थित पाए गए। जिला कलेक्टर ने बच्चों से शिक्षण संबन्धी वार्ता कर शिक्षण की गुणवता की जांच की तथा बच्चों को एकाग्र होकर पढ़ने को कहा। उन्होने बच्चों को गुणवतापुर्ण शिक्षा के साथ समग्र विकास के अवसर उपलब्ध करवाने पर बल दिया। उन्होने विद्यालय में चल रहे प्रवेशोत्सव में अधिक से अधिक वंचित बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सामने पड़े मलबे को हटाने के तत्काल निर्देश दिए तथा विद्यालय परिसर में साफ सफाई रखने को कहा।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यपक द्वारा जिला कलेक्टर को विद्यालय में नवीन कक्षा कक्ष की आवश्यकता से अवगत करवाया गया।
निरीक्षण दौरान अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सैकेण्डरी देवाराम चौधरी उपस्थित रहे।
-0-

रविवार, 9 जुलाई 2023

शांति और अहिंसा निदेशालय का उपखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ सम्पन

बाड़मेर, 09 जुलाई। शांति और अहिंसा निदेशालय का उपखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बायतु समिति सभागार में रविवार को आयोजित हुआ।

इस अवसर पर जिला समन्वयक और वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी के अध्यक्ष राज्यमंत्री रामसिंह राव ने भी शिरकत की। उन्होंने गांधी जीवन चरित्र को वर्तमान की आवश्यकता बताया। उन्होंने देश के पहले शांति और अहिंसा निदेशालय की स्थापना राजस्थान में माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के द्वारा किए जाने को एक ऐतिहासिक पहल बताया।
बायतु विधायक हरीश चौधरी ने बताया की गाँधी जी सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजादी दिलाई और कहा की आज समाज में गाँधी के सिद्वांतो को अपनाने की आवश्कता है।
संयोजक हंसराज गोदारा ने बताया कि इस कार्यक्रम में 385 प्रशिक्षणार्थी ने भाग लिया जो सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के साथ गांधीजी के विचारों और सिद्धांतों को लोगो तक पहुंचायेगे। 
कार्यक्रम के दौरान रूगाराम सारण, खेताराम गोदारा, लक्ष्मणराम डेलू, टीकूराम लेगा, नरसिंग मेगवाल, मूलाराम माचरा, सिमरथाराम चौधरी, गोमाराम पोटलिया, लक्ष्मीकांत शर्मा, गिड़ा तहसीलदार हरिराम चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
-0-

उपखंड स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजन की संशोधित तिथि जारी

बाड़मेर, 09 जुलाई। विभागीय कार्यक्रमों के अन्तर्गत राज्य के प्रत्येक उपखण्ड में एक दिवसीय उपखण्ड स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। 

जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि उक्त शिविरों का आयोजन 10 मई से 10 जुलाई तक करवाया जाना निर्धारित किया गया था। कई उपखण्ड़ो में कतिपय कारणों से नियत तिथि तक गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन संभव नहीं होने के दृष्टिगत सक्षम स्तर से उक्त शिविरों के आयोजन की अवधि में वृद्धि कर 15 जुलाई निर्धारित की गई है। 
जिला कलेक्टर ने जिले के समस्त उपखण्ड़ों में एक दिवसीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से करवाये जाने के निर्देश दिए।
-0-

महंगाई राहत शिविर - चिड़िया, रोहिला और पीपराली ग्राम पंचायत पर 10 जुलाई को होगें शिविर

बाड़मेर, 09 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणा वर्ष 2023-24 के प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किये जा रहे है। 

जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने आम जन से अपील की महंगाई राहत शिविरों में आकर अपना रजिट्रेशन करा राज्य सरकार की योजनाओं का बढ़ा हुआ लाभ प्राप्त करें। उन्होने बताया कि शिविर में जनाधार कार्ड में शामिल परिवार का कोई भी सदस्य शिविर में जाकर पंजीयन करवा सकता है। उन्होने गांवो में आयोजित हो रहे प्रशासन गावों के संग अभियान के तहत सभी अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर संपर्क पोर्टल पर दर्ज करवाने के साथ सभी वंचित पात्र परिवारों का रजिट्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि सोमवार, 10 जुलाई को जिले में गंगासरा, चैहटन आगौर, मातासर, खट्टू, चिड़िया, रोहिला, पीपराली, पादरिया, बन्धवा, कोनरा विलायतशाह और चाडो की ढाणी ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे। वही शहरी क्षेत्र में सिवाणा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 के खाखरलाई रोड़ स्कूल़ में प्रशासन शहरों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे।
-0-

जिला स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी उत्सव मंगलवार को

जिला कलेक्टर ने किया नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारियों को नियुक्त

बाडमेर, 09 जुलाई। माननीय मुख्यमंत्री महोदय की अध्यक्षता में 11 जलाई, मंगलवार को जिला स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी उत्सव विश्वकर्मा भवन राय कॉलोनी, बाड़मेर एवं पंचायत समिति बालोतरा के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि जिला स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी उत्सव कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी के द्वारा सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में डी. बी. टी. माध्यम बढ़ी हुई सहायता राशि का हस्तान्तरित किया जाएगा। जिसकी सुचना सभी पात्र लाभार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर एस. एम. एस. के माध्यम से प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री महोदय श्री अशोक गहलोत जी पात्र लाभार्थियों से संवाद कर योजना के तहत मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त करेगें।
जिला कलेक्टर ने उक्त कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेन्द्र सिंह पुरोहित नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवपाल जाट, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र प्रताप सिंह, बाड़मेर ग्रामीण तहसीलदार चंदन पंवार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी चन्द्रशेखर गजराज, नगर परिषद आयुक्त योगेश आचार्य, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक मोहन कुमार चौधरी, सुचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक श्रवण कुमार चौधरी, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी प्रीतमसिंह को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया हैं।
साथ ही पंचायत समिति बालोतरा में आयोजित कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर बालोतरा अश्विनी के. पंवार को नोडल अधिकारी एवं बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राजीव सुथार, बालोतरा उपखण्ड अधिकारी विवेक व्यास, पचपदरा तहसीलदार इमरान खांन, नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह, सुचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक जनसंपर्क अधिकारी नरेन्द्र कुमार जीनगर, रसद विभाग के प्रवर्तक निरीक्षक दीपक कुल्हार, जसोल उप तहसीलदार भरत सोनी को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया हैं। उन्होने विभाग द्वारा तय की गई लाभार्थियों की सूची के अनुसार लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर लाने एवं पुनः वापिस ले जाने की व्यवस्था, फूड पैकेट, पेयजल एवं चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिले से संबंधित मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान, स्थानीय निकायों के अध्यक्ष व अन्य जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...