शनिवार, 6 अगस्त 2022

लंपी स्किन डीजीज पर नियंत्रण को व्यापक अभियान जारी

जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जाना जिलेभर की गोशालाओ का हाल

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे गांव-गांव, लिया चिकित्सा कार्यों का फीडबैक
बाड़मेर, 06 अगस्त। जिले में पशुओं में फैली घातक बीमारी लंपी स्किन पर कंट्रोल करने को व्यापक अभियान शनिवार को भी जारी रहा। खुद जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जिले के सर्वाधिक प्रभावित अलग अलग क्षेत्रों में जाकर गोशालाओ का निरीक्षण किया एवं पशु चिकित्सा प्रबंधो का जायजा लिया।
      वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त पंचायत समितिवार पर्यवेक्षण अधिकारियो ने उन्हें निर्धारित क्षेत्रों का शनिवार को भृमण कर मौके बीमारी एवं उपचार कार्यो के हाल जाने एवं अपने फीडबैक से सरकार को अवगत कराया।
  लंपी स्किन डिजीज के प्रसार के नियंत्रण को
 जिला कलेक्टर लोकबंधु ने शनिवार को बायतु,पचपदरा एवं गिड़ा ब्लॉक में गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं में संक्रमण की रोकथाम को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को दूधवा, पचपदरा, पाटौदी, परेऊ, गिड़ा एवं झाख में गोवंश में लंपी स्किन डिजीज से प्रभावित गायों को देखा एवं उनके उपचार कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए की गई व्यवस्थाओ को देखा। उन्होंने गोवंश के चारा पानी की व्यवस्था का जायजा लिया एवं गौशाला प्रबंधन से संक्रमण की रोकथाम की जानकारी ली।
  जिला कलेक्टर ने गौशालाओ में बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने के लिए निर्देश दिए। साथ ही सभी गौशालाओ में स्प्रे एवं फॉगिंग करने के निर्देश दिए ताकि संक्रमण का विस्तार नहीं हो सके।
     जिला कलेक्टर ने पचपदरा, पाटोदी एवं गिड़ा में बैठक कर बीमारी एवं उपचार कार्यों की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालको को जागरूक करने के साथ साथ जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लेकर आमजन की सहभागिता से इस काम को मिशन मोड में पूर्ण करने को कहा।
 उन्होंने कहा कि गौशालाओं में अधिक पशुओं की संख्या के मद्देनजर लंबी डिजीज फैलने की संभावना अधिक है इसलिए गौशालाओं में सफाई व्यवस्था पुख्ता रखी जाए एवं मक्खी -मच्छर को फेलने से रोका जाए क्योंकि ये ही वायरस को फैलाते हैं।
   इस दौरान गिड़ा में पूर्व मंत्री एवं विधायक हरीश चौधरी ने किसानों एवं पशुपालको को जागरूक करने एवं घर घर सर्वे के जरिए प्रभावित पशुओं का उपचार करने को कहा। इस मौके पर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
 भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी नरेश सोनी,
जगदीश सिंह आशिया, विकास अधिकारी अमित चौधरी समेत पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
           -0-





रिफाइनरी के कार्यों को मिलेगी गति, जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सामाजिक दायित्वों को भी समयबद्धता के साथ पूरा करें

बाड़मेर, 06 अगस्त। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

  जिला कलेक्टर लोक बंधु शनिवार को पचपदरा में निर्माणाधीन एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी पहुंचे। उन्होंने यहां पर चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया तथा राजस्थान एचपीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक कर रिफाइनरी के कार्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समयबद्ध रूप से प्रत्येक कार्य को उसके निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा ताकि रिफाइनरी तय समय पर चालू हो सके। इस दौरान उन्हें बताया गया कि रिफाइनरी का करीब 40 से 50 फीसदी काम पूरा हो गया तथा शेष काम भी तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान जिला कलेक्टर ने सीएसआर के कामो को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष कर शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के कामो में तेजी से पूरा करने को कहा ताकि स्थानीय जीवनस्तर इस बड़े प्रोजेक्ट से बदलाव दिखे। उन्होंने पर्यावरण पारिस्थितिकी के कामो को भी समानांतर रूप से अंजाम देने को कहा। निरीक्षण के बाद जिला कलेक्टर ने रिफाइनरी के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे प्रोजेक्ट पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परस्पर विभागीय समन्वय एवं लंबित मुद्दों पर चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने बताया की यह रिफाइनरी माननीय मुख्यमंत्री का स्वर्णिम सपना है एवं यह प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।   

  इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने कानून एवं शांति व्यवस्था के सबंध में विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान उपखंड अधिकारी नरेश सोनी स्थानीय मुद्दे के बारे में जानकरी दी।

-0-




जिला कलेक्टर लोक बंधु ने मौके पर जाकर जाना हाल

मिशन सुरक्षा चक्र ने बदली फ़िजा

कुपोषण से मुक्त हुई नेहा, राधा का बढ़ा रक्तस्तर

बाड़मेर, 06 अगस्त। जिला कलेक्टर लोक बंधु के नवाचार मिशन सुरक्षा चक्र की बदौलत अब कुपोषण एवं एनीमिया मुक्त बाड़मेर का सपना साकार होने जा रहा है।

  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को मिशन सुरक्षा चक्र के अंर्तगत कुपोषण, अतिकुपोषण एवं एनीमिया रोगियों के उपचार का जायजा लेने आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। 

  जिला कलेक्टर ने शनिवार सवेरे बायतु ब्लॉक के माधासर एवं बालोतरा के दूधवा में आंगनवाड़ी पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओ को देखने के बाद बच्चों के साथ दरी पर नीचे बैठ कर उनका शिक्षा का स्तर जाँचा एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने स्लेट लेकर बालिका नेहा से गिनती पूछी एवं उसको खिलोने देकर खेलों के बारे में रुचि जानी। यह बालिका मिशन सुरक्षा चक्र के जरिए कुपोषण से मुक्त हुई थी। इसी तरह जिला कलेक्टर ने दुधवा के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कार्यकर्ता से इस अभियान में वितरित किए जाने वाले न्यूट्रिशन के बारे में जानकारी ली।

  दूधवा में ही जिला कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओ की जानकारी ली। यहां पर मिशन सुरक्षा चक्र के नियमित उपचार की बदौलत गर्भवती महिला राधा का रक्त में हीमोग्लोबिन का स्तर 8 से 11 हो गया। उन्होंने अभियान में काम कर रही एएनएम एवं आशा सहयोगीनी से जानकारी ली।

   भ्रमन के दौरान उपखंड अधिकारी नरेश सोनी, आईसीडीएस उपनिदेशक प्रह्लाद सिंह राजपुरोहित, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ चन्द्र शेखर गजराज, यूनिसेफ के प्रतिनिधि डॉ पंकज सुथार साथ थे।

-0-





शुक्रवार, 5 अगस्त 2022

मोहर्रम के दौरान मजिस्ट्रेट नियुक्त

बाड़मेर, 05 अगस्त। बाड़मेर जिले मंे मोहर्रम के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु ने दंड संहिता प्रक्रिया 1973 की धारा 22 मंे प्रदत शक्तियांे का प्रयोग करते हुए मजिस्ट्रेट नियुक्त किए है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक उपखंड मजिस्ट्रेट बाड़मेर को बाड़मेर शहर मंे मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थल से करबला स्थल तक, उपखंड मजिस्ट्रेट बालोतरा को बालोतरा शहर मंे मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थल से करबला स्थल तक, तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट पचपदरा को पाटोदी ग्राम मंे मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थल से करबला स्थल तक, उपखंड मजिस्ट्रेट सिवाना को सिवाना कस्बे मंे मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थल से करबला स्थल तक तथा तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट समदड़ी को समदड़ी कस्बे मंे मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थान से करबला स्थल तक कानून एवं शांति व्यवस्था रखने के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उक्त मजिस्टेªट को निर्देश दिए गए है कि वे 8 अगस्त से पूर्व मोहर्रम/ताजिया निकलने के स्थान से करबला स्थल तक के रास्ते का भ्रमण करेंगे तथा ताजिया निकलने के रास्ते में यदि कोई समस्या हो तो उसका तत्काल निस्तारण करेंगे। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी मय पुलिस अधिकारी एवं लाइसेंसदार आदि के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। मोहर्रम/ताजिया के दौरान किसी भी प्रकार की घटना की सूचना तत्काल जिला मुख्यालय पर स्थित नियंत्रण कक्ष 02982-222226 पर देंगे तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे।  
-0-

विभागों में नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेगी

बाड़मेर, 05 अगस्त। राज्य सरकार वित्त विभाग द्वारा विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक/निजी क्षेत्रों के उपक्रम में वेतन श्रृंखला 1 से 6 तक या इसके समकक्ष रिक्त पदों पर योग्य एवं प्रशिक्षित नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों की सेवाएं मानदेय आधारित उपलब्ध कराये जाने के आदेश जारी किए है।

नागरिक सुरक्षा के नियंत्रक (जिला कलक्टर) लोक बंधु ने बताया कि नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों की सेवायें जिस विभाग द्वारा ली जायेगी, उन्ही के द्वारा निर्धारित मानदेय/भत्ते का भुगतान कियो जाएगा तथा इस हेतु आवश्यक बजट प्रावधान की स्वीकृति भी वित्त विभाग से संबंधित मांगकर्ता विभाग द्वारा अपने स्तर पर प्राप्त की जाएगी।
योग्य एवं प्रशिक्षित नागरिक सुरक्षा स्वयं सेवकों को विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक/निजी क्षेत्रों के उपक्रम में उनकी मांग पर नियोजित किए जाने पर 590/- रूपये प्रतिदिवस प्रति स्वयं सेवक की दर से भुगतान मांगकर्ता विभाग द्वारा किया जायेगा। विभिन्न विभाग नियमानुसार अपनी मॉग नागरिक सुरक्षा कार्यालय बाड़मेर को भिजवा सकेंगे।
-0-

अल्पसंख्यक छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन प्रारम्भ

बाड़मेर, 05 अगस्त। शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए अल्पसंख्यक छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन का कार्य प्रारम्भ हो गया है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान ने बताया कि अल्पसंख्यक प्री मेट्रिक, पोस्ट मेट्रिक एवं अल्पसंख्यक मेरिट कम मीन्स छात्रवृति के लिए ऑनलाईन आवेदन करने की अन्तिम तिथि 31 अक्टूबर, 2022 है तथा आवेदनों का संस्था स्तर पर सत्यापन करने की अन्तिम तिथि 15 नवम्बर है। आवेदनों का जिला स्तर पर सत्यापन करने की अन्तिम तिथि 30 नवम्बर, 2022 निर्धारित है।
उन्होने बताया कि अल्पसंख्यक छात्रवृति हेतु ऑन लाईन आवेदन करने के लिए अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, संस्था प्रमाण पत्र, गत वर्ष की अंक तालिका, फीस की मूल रसीद, बैंक पास बुक, पासपोर्ट साईज फोटो इत्यादि दस्तावेज संलग्न कर सकते है। उन्होने बताया कि जिले की जिन राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालय/महाविद्यालय द्वारा एनएसपी पोर्टल पर केवाईसी नहीं करवाई गई है, वे समय पर एनएसपी पोर्टल पर केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें।
-0-

लम्पी स्किन डिजीज के मद्देनजर राजकीय अवकाश में कार्यालय खुले रखने के निर्देश

बाड़मेर, 05 अगस्त। वर्तमान में गायों में फैली लम्पी स्किन डिजीज को ध्यान में रखते हुए 6 एवं 7 अगस्त को कार्यालय खुले रखे जाने के निर्देश दिए गए है।

जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा जारी आदेशानुसार वर्तमान में गायों में फैली लम्पी स्किन डिजीज को ध्यान में रखते हुए 6 एवं 7 अगस्त को जिला कलक्टर कार्यालय, समस्त उपखण्ड, तहसील, पंचायत समिति कार्यालय, पशुपालन विभाग के कार्यालय एवं चिकित्सालय खुले रखे जाएंगे। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे उक्त आदेशों की पालना कठोरता से करवाएगे।
-0-

खनन गतिविधियों की निगरानी समिति की बैठक 8 को

बाड़मेर, 05 अगस्त। अवैध बजरी खनन की रोकथाम के संबंध में गठित विशेष जांच दल/खनन गतिविधियों की निगरानी समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार 08 अगस्त को सांय 4 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

खनि अभियन्ता भगवानसिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को अवैध बजरी खनन के संबंध में माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश की पालना में अब तक की गई कार्यवाही तथा गत बैठक की पालना रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
-0-

लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं उपचार के लिए पंचायत समितिवार अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 05 अगस्त। राज्य में लम्पी स्किन डिजीज के बढ़ते प्रकोप को दृष्टिगत रखते हुए जिले में लम्पी स्किन डिजीज से प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी के रोकथाम एवं उपचार के लिए पंचायत समितिवार अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बंधु ने बताया कि जिले में लम्पी स्किन डिजीज से प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी की रोकथाम एवं उपचार, बीमार पशुओं को आईसोलेट करने, मच्छर एवं मक्खियों के नियंत्रण हेतु प्रयास, पशुओं के ईलाज हेतु उपलब्ध आवश्यक दवाईयों के संबंध में पंचायत समितिवार नियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे 6 से 7 अगस्त, 2022 तक आवंटित क्षेत्र में भ्रमण कर उसकी वस्तुस्थिति की रिपोर्ट सांय 5 बजे तक जिला कलक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
-0-

जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने किया गोशालाओ का निरीक्षण

 लंपी स्किन डीजीज पर कंट्रोल को शीर्ष उपाय जारी

पंचायत समिति वार लगाए पर्यवेक्षण अधिकारी
बाड़मेर, 5 अगस्त। जिले में पशुओं में फैली घातक बीमारी लंपी स्किन पर कंट्रोल करने को शीर्ष उपाय जारी है। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जिले में पंचायत समितिवार पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किए हैं।
    वहीं लंपी स्किन डिजीज के प्रसार के नियंत्रण को जिला कलेक्टर लोकबंधु ने शुक्रवार को बायतु ब्लॉक में गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं में संक्रमण की रोकथाम को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शुक्रवार को बायतु में स्थित गौशाला का निरीक्षण किया।  उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए की गई व्यवस्थाओ को देखा। उन्होंने गोवंश के चारा पानी की व्यवस्था का जायजा लिया एवं गौशाला प्रबंधन से संक्रमण की रोकथाम की जानकारी ली।
  जिला कलेक्टर ने गौशालाओ में बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने के लिए निर्देश दिए। साथ ही सभी गौशालाओ में स्प्रे एवं फॉगिंग करने के निर्देश दिए ताकि संक्रमण का विस्तार नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में अधिक पशुओं की संख्या के मद्देनजर लंबी डिजीज फैलने की संभावना अधिक है इसलिए गौशालाओं में सफाई व्यवस्था पुख्ता रखी जाए एवं मक्खी -मच्छर को फेलने से रोका जाए क्योंकि ये ही वायरस को फैलाते हैं।
    भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया, विकास अधिकारी अमित चौधरी समेत पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
    इसी तरह अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू ने शुक्रवार को सिणधरी क्षेत्र में लंपी स्किन बीमारी का जायजा लिया एवं पशुपालको से सम्पर्क कर बीमारी के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बीमारी को लेकर सिणधरी तहसील का दौरा किया एवं ढानियो में जाकर गायों का हाल देखा एवं किसान से फीड बैक लिया एवं दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की टीम गाँव में जा रही है या नही इसके बारे में पूछताछ की।
    इस दौरान उपखंड अधिकारी विरमाराम एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी साथ रहे।
-0-







गुरुवार, 4 अगस्त 2022

भीषण आपदा का समय, सबके सहयोग से विपदा पर विजय होगी-जैन

 लम्पी स्कीन डिजीज

जिला कलेक्टर लोक बंधु ने गोशालाओ की व्यवस्थाओ की समीक्षा
बाड़मेर, 04 अगस्त। जिले में गोवंश में फैली भीषण बीमारी लंपी स्किन को काबू में करने के चहुओर से प्रयास हो रहे हैं। राज्य गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने इसे पशुधन पर कोरोना के समान भीषण विपदा बताते हुए सबके सहयोग से विजय पाने की उम्मीद जताई है।
    जैन गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी गोशाला संचालको को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर जैन ने कहा कि कोरोना के समान गोवंश की यह भीषण संक्रामक बीमारी है, जिसकी कोई सटीक दवा नहीं है, ऐसे में प्रतिरोधत्मक उपायों से बचाव किया जा सकता है।
    जैन ने बताया कि बीमारी को कंट्रोल करने में सरकार को कोई कोर कसर नहीं रखेगीं। उन्होंने बताया कि इस काम के लिए धन की कमी नहीं रखेगीं। उन्होंने बताया कि जिले में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं। अब तक पांच लाख की दवाए आ चुकी हैं ओर 30 लाख की दवाएं दो दिन में और पहुंच जाएगी।
  इस अवसर पर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि जिले में पशुओं की संख्या बहुत ज्यादा है, ऐसे में पशुपालको में जागरूकता एवं आत्मविश्वास अतिआवश्यक हैं। उन्होंने बीमारी के बचाव के उपायों, कन्ट्रोल रूम के नम्बर एवं मोबाइल टीमों के बारे में सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोशालाओ में सोडियम हाइपोक्लोराइट के सर्वे कराने, फॉगिंग कराने एवं पुख्ता सफाई एवं स्वच्छता के साथ साथ बीमार गायो को आइसोलेशन के निर्देश दिए।
    इस दौरान पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ प्रकाश भाटी, संयुक्त निदेशक डॉ विनय खत्री भी मौजूद रहे। वही जिले की सभी प्रमुख गोशालाओ के संचालक वर्चुअल मौजूद रहे।
सर्वे एवं छिड़काव
जिले में गौशालाओं समेत विभिन्न स्थानों पर व्यापक छिड़काव एवं टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों द्वारा निरन्तर क्षेत्र में भ्रमण कर पशुओं के उपचार के प्रबन्ध किये जा रहे है।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में गौवंश में फैली लम्पी स्कीन डिजीज बीमारी की रोकथाम के लिए अधिकारियों को अधिकाधिक क्षेत्र भ्रमण कर उपचार के पुख्ता प्रबन्ध करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही पशु चिकित्सा दलों को प्रभावित क्षेत्रों एवं गौशालाओं का भ्रमण कर पशुओं के टीकाकरण एवं उपचार के निर्देश दिए गए है। गुरूवार को अधिकारियों द्वारा गंगासरा, सिणधरी, पायलाकला, चवा इत्याादि क्षेत्रों में गौशालाओं का निरीक्षण कर चिकित्सा दलों को अधिकाधिक टीकाकरण करने के निर्देश दिए गए है।
गायों के संरक्षण एवं बचाव हेतु छिड़काव
जिले में लम्पी स्कीन पशुओं की बीमारी की रोकथाम के लिये छिड़काव की व्यवस्था की जा रही है। बाड़मेर नगर परिषद गायों के संरक्षण एवं बचाव के लिए आगे आई है।    
      आयुक्त योगेश आचार्य ने बताया कि गोवंश में फैल रही बीमारी को देखते हुए नगर परिषद द्वारा नन्दी गौशाला में गायों पर छिड़काव का कार्य किया जा रहा है। विभिन्न गो शालाओं सहित गोवंशों के लिए छिड़काव किया जा रहा है।
नियंत्रण कक्ष
पशुपालन विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाकर एलएसडी प्रभावित क्षेत्रवार अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
  पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ विनय खत्री ने बताया कि नियंत्रण कक्ष प्रातः 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगा। उन्होने बताया कि नोडल स्तर पर नियुक्त अधिकारी उनके क्षेत्र में आने वाली कॉल का रजिस्टर में इन्द्राज कर भ्रमण दल को उक्त क्षेत्र में भेजने की व्यवस्था करेंगे। साथ ही उन्हें प्रतिदिन गुगल लिंक में सांय 5 बजे तक सूचनाएं संकलित कर प्रेषित करने के निर्देश दिए गए है।
  जिला स्तर पर डॉ. धर्मपाल मो.नं0 9588077414 पर जिले की प्रगति संकलित कर निर्देशालय भिजवाएंगे।
-0-






5 अगस्त को महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में होगा सामूहिक शपथ कार्यक्रम

 आजादी का अमृत महोत्सव

बाड़मेर, 04 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन की श्रृंखला में हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन एवं आमजन में जागृति लाने के लिये शुक्रवार 5 अगस्त को महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों से घर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उदृेश्य से महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत नियोजित श्रमिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
-0-

त्यौहारों पर सदभाव एवं सौहार्द्व की परंपरा कायम रखें

जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक आयोजित

बाड़मेर, 04 अगस्त। बाड़मेर जिले में त्यौहारो को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्वपूर्ण वातावरण मनाने की परंपरा रही है। इसको कायम रखते आगामी धार्मिक त्यौहारों एवं उत्सवों के दौरान सौहार्द्वपूर्ण वातावरण बनाए रखें। जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट कांफ्रेस हॉल में आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान यह बात कही।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि आने वाले समय मे मोहर्रम, रक्षाबंधन समेत कई उत्सव आने वाले हैं एवं बाड़मेर का इतिहास है कि सभी वर्गों के लोग त्यौहार आपस में मिलजुल कर मनाते आए है। जो अपने आप में गौरवपूर्ण परंपरा है। आगामी दिनो में आने वाले त्यौहारो के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द्व एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सब मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना के संबंध में तत्काल जिला प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें।
  पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने विभिन्न समुदायो से आपसी समन्वय एवं सौहार्द्व बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि सौहार्द्वपूर्ण माहौल बनाए रखें। उन्होंने अफवाहों एवं सुनी-सुनाई बातो पर विश्वास नहीं करने के साथ समाज के मौजीज लोगो से अपनी जिम्मेदारी निभाने का अनुरोध किया। पुलिस अधीक्षक भार्गव ने कहा कि विशेषकर युवा वर्ग को सोशल मीडिया पर विशेष टिप्पणी अथवा भड़काउ पोस्ट नहीं करने की समझाइश की जाए।
बैठक में मोहर्रम एवं श्रावण मास में आने वाले विभिन्न पर्वो पर पुख्ता कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में निर्देश दिए गए। उन्होने अधिकारियों को ताजिया के मार्ग का पूर्ण निरीक्षण कर बिजली के तार, केबल, पेड़ों की डालियां आदि हटाने को कहा ताकि रास्ते में किसी प्रकार का अवरोध न रहें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, कौमी एकता कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट धनराज जोशी, नजीर मोहम्मद, मोहम्मद मंजूर कुरेशी, अबरार मोहम्मद समेत शांति समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।
-0-





जिला कलेक्टर लोक बंधु ने महाबार में की जनसुनवाई

 ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित

पंचायत स्तर से समाधान योग्य समस्याओं का वहीं निस्तारण करें
बाड़मेर, 04 अगस्त। राज्य सरकार की आमजन की परिवेदनाओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण करने की नीति के तहत महीने के प्रथम गुरूवार को जिले में सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार को ग्राम पंचायत महाबार में आयोजित जन सुनवाई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होनें कहा कि राज्य सरकार के नवीन दिशा निर्देश के साथ नई त्रिस्तरीय जन सुनवाई लागू की है, इसमें गांव की समस्या का गांव में ही समाधान की सोच के साथ महिने के प्रत्येक प्रथम गुरूवार को ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन होता है। उन्होने कहा कि ग्राम पंचातय स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं की शीध्र जांच करवाकर पंचायत स्तर से समाधान योग्य समस्याओं का वहीं निस्तारण करें ताकि परिवादियों को उपखण्ड एवं जिला मुख्यालय तक नहीं आना पडे़।
  इस दौरान उन्होने लम्पी स्कीन गायों की बीमारी के बारे में पशुपालकों को जागरूक करने को कहा। साथ ही उन्होने आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान हर घर झण्डा अभियान के तहत अधिकाधिक लोगों को 13 से 15 अगस्त तक सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों, निजी संस्थाआंे एवं निजी आवास पर झण्डा सहिता की पूर्ण पालना करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाने हेतु प्रेरित करने को कहा। उन्होने वर्षा के मौसम के मद्देनजर तालाब, नाडी, खडीन पर बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
महाबार में आयोजित जन सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने परिवादियों की विभिन्न मुद्दो से जुडी परिवेदनाओं को धैर्य के साथ सुना एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर परिवादियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, खाद्य सुरक्षा, चिकित्सा, श्रम कल्याण से जुड़ी समस्याएं बताई, इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
    इस दौरान उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी ने प्रस्तुत परिवेदनाओं की जानकारी दी।
-0-






बुधवार, 3 अगस्त 2022

जिला कलेक्टर लोक बंधु ने किया गोशालाओ का निरीक्षण

संक्रमण की रोकथाम को दिए आवश्यक व्यवस्थाओ के निर्देश

बाड़मेर, 03 अगस्त। लंपी स्किन डिजीज के प्रसार के नियंत्रण को जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बुधवार को गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं में संक्रमण की रोकथाम को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बुधवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ गोपाल गौशाला एवं नंदी गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गौशालाओ में पैदल घूम कर गोवंश के लिए 
व्यवस्थाओ को देखा। उन्होंने गोवंश के चारा पानी की व्यवस्था का जायजा लिया एवं गौशाला प्रबंधन से संक्रमण की रोकथाम की जानकारी ली। 
 जिला कलेक्टर ने गौशालाओ में बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने के लिए निर्देश दिए। साथ ही सभी गौशालाओ में सप्रे एवं फॉगिंग करने के निर्देश दिए ताकि संक्रमण का विस्तार नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में अधिक पशुओं की संख्या के मद्देनजर जाएगी लंबी डिजीज फैलने की संभावना अधिक है इसलिए गौशालाओं में सफाई व्यवस्था पुख्ता रखी जाए एवं मक्खी -मच्छर को फेलने से रोका जाए क्योंकि ये ही वायरस को फैलाते हैं।
   भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, विकास अधिकारी सुरेश कविया, संयुक्त निदेशक डॉ विनय प्रकाश खत्री समेत पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
-0-






लम्पी स्किन डिजीज से निपटने को प्रशासन मिशन मोड पर

जिला कलेक्टर लोक बंधु ने की विस्तृत समीक्षा

गुरुवार को सभी गोशालाओ में होगा स्प्रे एवं फॉगिंग

सूचना मिलते ही तुरंत पहुंचेगी पशुचिकित्सकों की टीम

 बाड़मेर, 03 अगस्त। जिले में पशुओं में फैली घातक बीमारी लंपी स्किन पर नियंत्रण के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने संक्रमण के प्रसार की रोकथाम को गुरुवार को जिले की सभी गोशालाओ में स्प्रे एवं फॉगिंग कराने को कहा है।

  जिला कलेक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आवश्यक सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में गोवंश में फैल रहे इस रोग की सतत निगरानी के लिए पशुपालन विभाग के साथ साथ पंचायती राज एवं राजस्व विभाग भी अलर्ट रहे। साथ ही सूचना तंत्र को मजबूत बनाते हुए त्वरित कार्यवाही की जाए एवं हर हाल में संक्रमण का प्रसार नए क्षेत्रों में रोका जाए। जिला कलेक्टर ने पशुपालको को जागरूक करने एवं जनसहभागिता से बीमारी पर नियंत्रण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष तथा ब्लॉक कंट्रोल रूमो को 24×7 घण्टे कार्यरत रख कर बीमारी की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पशुचिकित्सा दल भेजने को कहा।

  जिला कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह सबके सहयोग एवं प्रयासों से कोरोना पर नियंत्रण किया गया। उसी तरह पशुओं के इस वायरल रोग पर काबू पाया जाए एवं इसके लिए पशुपालन विभाग मिशन मोड पर काम करे। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग के सभी कार्मिको के अवकाश पर प्रतिबंध लगाते हुए उनके मुख्यालय छोड़ने पर पाबंदी लगा दी है। साथ ही उन्होंने सूचना के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालन दलों के नही पहुंचने अथवा पैसे लेने की शिकायत पर सीधे निलंबित करने की चेतावनी दी।

   उन्होंने बताया कि जिले के बायतु, शिव, गडरा एवं गिड़ा ब्लॉक इस बीमारी से ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसे में यहां विशेष प्रबंध किए जाए। इनमें पशुपालन के साथ पंचायतीराज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास किए जाए एवं खुद उपखंड अधिकारी माइक्रो मोनिटरिंग करें।

    कलेक्टर बंधु ने कंट्रोल रूम में डिजीज की रोकथाम एवं उपचार के लिए आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त मोबाइल टीम भेजी जा रही हैं उन्होंने बीमार पशुओं को अलग रखने एवं मृत पशुओं को भी तुरंत दफनाने को कहा ताकि यह वायरल बीमारी फैले नही। 

  जिला कलेक्टर ने बीमारी के बारे में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने एवं गोशाला संचालको, जनप्रतिनिधियों, स्वंय सेवी संस्थाओं एवं पशु पालको से सहभागिता निभाने के अपील की।

    इस मौके पर जिला कलेक्टर ने जिले में पर्याप्त बारिश होने एवं आगामी दिनों और बारिश की संभावना के मद्देनजर चिकित्सा विभाग को सतर्क रहने एवं मौसमी बीमारियों मलेरिया एवं डेंगू पर नियंत्रण के लिए दवाओं एवं चिकित्सा कर्मियों के ठहराव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओ की भी विस्तृत समीक्षा की।

  इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई ने आजादी के अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के बारे में एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू ने वोटर लिस्ट के आधार कार्ड से लिंक के बारे में जानकारी दी।

-0-







लम्पी स्कीन डिजीज की रोकथाम को पशु चिकित्सा भ्रमण दलों ने किया 1524 पशुओं का उपचार, 528 रोगग्रस्त पशु हुए स्वस्थ

बाड़मेर, 03 अगस्त। जिले में लंपी स्कीन डिजीज के नियंत्रण व रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग द्वारा प्रभावित गांव ढाणियों का निरन्तर भ्रमण कर पशु उपचार के पुख्ता प्रबन्ध किए जा रहे है। मंगलवार को क्षेत्र में तैनात किये गये पशु चिकित्सा भ्रमण दलों द्वारा 1524 बीमार पशुओं का उपचार किया।

पशुपालन विभाग के कार्यवाहक संयुक्त निदेशक डॉ. विनयमोहन खत्री ने बताया कि जिले के उपखंड मुख्यालयों पर तैनात की गई 22 टीमों ने आवश्यकतानुसार प्रभावित गांवों व ढाणियों का दौरा कर मंगलवार को 10099 पशुओं का सर्वे किया, इनमें से रोग के लक्षण पाए जाने वाले 1524 पशुओं का मौके पर ही उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान पशु चिकित्सा दल प्रभारियों ने रोग की रोकथाम के लिए पशुपालक जनजागृति अभियान के तहत पशुपालकों के साथ बैठकर चेतना शिविर व गोष्ठी का आयोजन कर पशुपालकों को एहतियात के तौर पर बीमारी को फैलने से रोकने के लिए उपाय बताए, जिसमें बीमार पशुओं को आइसोलेट करने एवं बाड़े में मच्छर-मक्खियों के नियंत्रण हेतु साफ सफाई व दवा छिड़काव के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्यरत टीमों के द्वारा अब तक जिले के प्रभावित क्षेत्रों में 59518 पशुओं का सर्वे किया गया, जिसमें लंपी स्कीन डिजीज से 11785 पशु प्रभावित पाए गए व 9761 पशुओं का मौके पर उपचार किया गया एवं 3239 बीमारी से रिकवर हुए तथा अब तक कुल 830 पशुओं की मृत्यु हुई।
-0-




गुरूवार को ग्राम पंचायत तक होगा प्रभात फेरी का आयोजन

 आजादी का अमृत महोत्सव

बाड़मेर, 03 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन की श्रृंखला में हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन एवं आमजन में जागृति लाने के लिये गुरूवार 04 अगस्त को जिला मुख्यालय, उपखण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उदृेश्य से जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन एवं स्वयं सहायता समूह के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार गुरूवार को ही उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा तथा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, अन्य कार्मिकों एवं ग्रामीण जन के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।
-0-

ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई 4 अगस्त को

बाड़मेर, 03 अगस्त। आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित समाधान हेतु मुख्य सचिव राजस्थान जयपुर द्वारा जारी त्रिस्तरीय जन सुनवाई के निर्देशों के मद्देनजर प्रथम गुरूवार 4 अगस्त को सम्पूर्ण जिले में ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि आमजन अपनी परिवेदनाएं संबंधित ग्राम पंचायत पर 4 अगस्त को आयोजित होने वाली ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई में प्रस्तुत कर त्वरित निस्तारण करवा सकते है। उक्त जन सुनवाई में स्थानीय जन प्रतिनिधिगण अधिकाधिक संख्या में आमन्त्रित है।
-0-

मंगलवार, 2 अगस्त 2022

बुधवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक दोपहर 2 बजे होगी आयोजित

बाड़मेर, 02 अगस्त। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से पेयजल, विद्युत, सड़क, चिकित्सा एवं सफाई व्यवस्था तथा अन्य विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक बुधवार 3 अगस्त को दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी।

पूर्व में उक्त बैठक बुधवार को प्रातः 11 बजे निर्धारित की गई थी, जो अब संशोधित समय के अनुसार दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...