मंगलवार, 4 अगस्त 2020

सीमित क्षेत्रों में 7 अगस्त से 7 दिन का लॉकडाउन

कोरोना सक्रमण रोकने के एहितियाती उपाय

होम आइसोलेशन की व्यवस्था समाप्त, सभी को भेजेगे कोविड केयर सेंटर

बाड़मेर, 4 अगस्त। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर रोकथाम के लिए कई एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। इनमें सीमित क्षेत्रो में एक सप्ताह का लॉकडाउन लागू करने एवं कोरोना पॉजिटिव रोगियों की होम आइसोलेशन की व्यवस्था समाप्त करने के उपाय शामिल है।
जिला कलेक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में इस बाबत विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींव सिंह भाटी, उपखण्ड अधिक अधिकारी बाड़मेर व बालोतरा प्रशांत शर्मा, रोहित कुमार समेत समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
होम आइसोलेशन नही
जिला कलेक्टर मीणा ने बताया कि बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जिले में अब किसी भी कोरोना पॉजिटिव मरीज को होम आइसोलेशन में नहीं रखा जाएगा। पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही अब सभी को कोविड केयर सेंटर में भेजा जायेगा एवं वहां से नेगेटिव रिपोर्ट आने पर ही छुट्टी दी जाएगी।
सीमित लॉकडाउन
बाड़मेर तथा बालोतरा नगरीय क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की अधिकता वाले क्षेत्रो में सीमित लोकडाउन लागू किया जाएगा। यह एक सप्ताह का होगा, जो 7 से 14 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान इस क्षेत्र में पूर्णतः आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा एवं किसी तरह की ढील नही दी जाएगी। लॉकडाउन वाले क्षेत्रों मे जिला प्रशासन द्वारा घर-घर दूध तथा सब्जी की होम डिलीवरी की जाएगी।
यहां होगा लॉकडाउन            
बाड़मेर जिला मुख्यालय पर जूना किराडू मार्ग, आचार्यो का वास, अग्रवाल मोहल्ला, पनघट रोड, पुरानी सब्जी मंडी, राय कॉलोनी, लक्ष्मीपुरा, हमीरपुरा, कल्याणपुरा एवं गंगाई नगर तथा महावीर नगर शामिल हैं। इसी तरह बालोतरा में वार्ड संख्या 7, 11, 16 तथा 30 में एक सप्ताह का लॉकडाउन रहेगा।
बाजार 9 से 5 बजे तक        
बाड़मेर तथा बालोतरा में लॉकडाउन वाले क्षेत्र को छोड़कर शेष बाजार भी अनुमत समय में ही खुल पाएगा। दोनों स्थानों पर बाजार प्रातः 9 से सांय 5 बजे तक ही खुल पाएगा। इसी तरह दोनों स्थानों पर सब्जी मंडी में भी पूर्ववर्ती व्यवस्था कायम रहेगी। यहां आमजन का प्रवेश वर्जित होगा तथा केवल परिचय पत्र युक्त होलसेल तथा खुदरा व्यापारी ही प्रवेश कर पाएंगे।
रात्रिकालीन कर्फ्यू
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के उपायों के अंतर्गत पूरे जिले में रात 9 बजे से प्रातः 6 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू रहेगा एवं इस दौरान आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
-0-

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020

मंगलवार को 11300 का जुर्माना वसूला

बाड़मेर, 4 अगस्त। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार को जिले में 71 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 11300 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र चौहटन में 9 से 1800, सिणधरी में 9 लोगों से 900, शिव में 2 लोगों से 400, गडरारोड में 11 लोगों से 1500, गुडामालानी में 3 लोगों से 600, धोरीमन्ना में 16 लोगों से 1900 एवं सिवाना में 21 लोगों से 4200 को मिलाकर कुल 71 लोगों से 11300 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 3925 लोगों से कुल 7,74,300 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-


रविवार, 2 अगस्त 2020

सोमवार को अतिरिक्त बसों का होगा संचालन

रक्षाबंधन के दिन महिलाओं के लिए यात्राएं होगी निशुल्क

बाड़मेर, 2 अगस्त। राज्य सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के दिन संपूर्ण राज्य की सीमा मे सोमवार को रात्रि 12 बजे तक महिलाओं को निशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। जिले में यात्री भार को देखते हुए सोमवार के दिन बाड़मेर आगार की अतिरिक्त बसें संचालित की जाएगी।
बाड़मेर आगार के मुख्य प्रबंधक उमेश नागर ने बताया कि जिले में सोमवार को रक्षाबंधन के अवसर पर यात्री भार को देखते हुए सिणधरी, चौहटन, जैसलमेर, सांचौर, जोधपुर एवं जयपुर रूट पर बाड़मेर आगर की अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन सभी बसों में (वोल्वो एसी स्लीपर सेवा को छोड़कर) महिलाओं को निशुल्क यात्राएं करवाई जाएंगी।

प्रभारी सचिव डॉ प्रधान ने किए निरीक्षण

बालोतरा क्षेत्र के कोविड केयर सेंटरों सहित निर्माण कार्यों का लिया जायजा

बाड़मेर, 2 अगस्त। जिले की प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान ने रविवार को बालोतरा एवं समदड़ी क्षेत्र के कोविड केयर सेंटरों एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान प्रभारी सचिव ने असाडा, मेवानगर तथा समदड़ी के कोविड केयर सेंटरों का निरीक्षण कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव को किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होनें बेड व्यवस्था, भोजन, पेयजल, चिकित्सकिय संसाधनो सहित भवनों की सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए ताकि लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशानी का सामना ना करना पड़े। इससे पूर्व प्रभारी सचिव एवं जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने बाड़मेर के प्रजापति ब्रह्माकुमारी आश्रम में पौधारोपण किया। प्रभारी सचिव डॉ प्रधान ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समदड़ी का औचक निरीक्षण कर कोरोना के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। उन्होनें मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना, आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के संबंध में जानकारी ली तथा राज्य सरकार की जन कल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं से आमजन को अधिकाधिक लाभ पहंुचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर की सफाई तथा कोरोना संक्रमण के लिए किए गए प्रबंधों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। 
निर्माण कार्यो का किया निरीक्षण
इस दौरान जिले की प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान ने मेवानगर में पुराने बांध के खुदाई कार्य तथा जसोल स्थित भुरकी नाडी के खुदाई कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने समदड़ी में नए तहसील एवं पंचायत समिति भवन का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। 
-0-

रक्षाबंधन पर सोमवार को बारह घंटे तक खुला रहेगा बाज़ार

बाड़मेर, 02 अगस्त। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर सीमित समय तक बाजार खोलने पर लगी पाबंदी में रक्षाबंधन के मौके पर छूट दी गई है। राखी पर सोमवार को शहर का बाजार प्रातः 8:00  से सांय 8:00 बजे तक खुल सकेंगा।
    जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि बाड़मेर शहर में रक्षाबंधन के मौके पर बाजार खोलने पर 1 दिन की विशेष छूट दी गई है। रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के बाजार प्रातः 8:00 बजे से सांय 8:00 बजे तक खुला रह सकेगा। उन्होंने बताया कि यह छूट रक्षाबंधन के कारण केवल एक दिन लिए दी गई है। शेष दिनों में कोरोना संक्रमण के मध्यनजर बाजार पूर्व के आदेश अनुसार प्रातः 9:00 बजे से सांय 5:00 बजे तक ही खुल पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस आदेश की सख्ती से पालना करवाई जाएगी।
-0-

शनिवार, 1 अगस्त 2020

खाद्य सुरक्षा से वंचित बेसहारा एवं जरूरतमंदो का दुबारा होगा सर्वे

बाड़मेर, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार प्रदेश में खाद्य सुरक्षा से वंचित रहे बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों एवं व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने केे लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ हो गया है, जो कि 3 अगस्त तक चलेगा।        
राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी जिला कलक्टरों को पत्र लिखकर निर्देश जारी कर दिये गये है। सर्वे के दौरान पंजीयन से वंचित रहे, बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों की प्राप्त सूचना को ऑनलाईन करवाया जायेगा। साथ ही ऐसे जरूरतमंद एवं बेसहारा परिवारों का पुनः सर्वे करवाकर पंजीयन करवाया जायेगा।
जनाधार के डेटाबेस को लिया जायेगा कामप्रदेश में बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों का पूर्व की भांति ई-मित्र/ई-मित्र मोबाईल एप, ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तरीय कोर गु्रप एवं शहरी क्षेत्र में नगरीय निकाय एवं बीएलओ के माध्यम से सर्वे करवाया जायेगा। जनाधार के डेटाबेस में उपलब्ध सूचना के आधार पर सर्वे एवं पंजीयन की कार्यवाही की जायेगी। जनाधार के डेटा में से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित परिवारों को छोड़कर शेष सभी परिवारों का जिलेवार डेटा उपलब्ध है।
व्यवसाय एवं आजीविका की सूचना देना होगा जरूरीसर्वे के दौरान बेसहारा एवं जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों एवं परिवारों से उनके व्यवसाय एवं आजीविका की सूचना आवश्यक रूप से प्राप्त की जायेगी। मोबाईल एप या ई-मित्र पर व्यवसाय एवं आजीविका की सूची उपलब्ध रहेगी। प्रदेश में सर्वे के समय बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों से सूचना प्राप्त कर उचित मूल्य की दुकान से मैपिंग का कार्य पूर्ण किया जाएगा। जिन बेसहारा एवं जरूरतमंद परिवारों का पहले ही सर्वे किया जा चुका है, उनकी सर्वे की आवश्यकता नहीं रहेगी।
-0-

कोरोना से बचाव 31 अगस्त तक जारी रहेगी निषेधाज्ञा


बाडमेर, 1 अगस्त। कोरोना वायरस संक्रमण से आमजन को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके स्वास्थ्य की रक्षार्थ बाडमेर जिले की सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में जारी की गई निषेधाज्ञा की अवधि को जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बढ़ाया है, अब यह निषेधाज्ञा 31 अगस्त,2020 की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी।
जिला मजिस्टेªट विश्राम मीणा ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से आमजन को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके स्वास्थ्य की रक्षार्थ उक्त संक्रमण के फैलाव को रोकने हेतु दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बाड़मेर जिले की सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में पूर्व में जारी निषेधाज्ञा को भारत सरकार एवं राज्य सरकार के नवीनतम आदेशों के परिप्रेक्ष्य में 31 अगस्त 2020 की मध्य रात्रि तक के लिए बढाया गया है। उन्होने बताया कि उक्त अवधि के दौरान सभी गैर आवश्यक गतिविधियों के लिये व्यक्तियों के आवागमन पर सख्त निषेध रहेगा। उक्त आदेश गृह विभाग राजस्थान जयपुर के आदेश दिनांक 30 जून, 2020 में अनुमत लोगो पर लागू नहीं होगा।
-0-

प्रभारी सचिव डॉ. प्रधान ने चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


बाड़मेर, 1 अगस्त। जिले की प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान ने शनिवार को बाड़मेर आईटीआई एवं गडरारोड स्थित कोविड केयर सेन्टरांे, आयुर्वेद चिकित्सालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चवा का निरीक्षण कर कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव को किए गए इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान प्रभारी सचिव डॉ. प्रधान ने बाड़मेर शहर में आईटीआई तथा श्री नाकोडा भैरव सर्वमंगल सोनाणी बोहरा फाउंडेशन गडरारोड में स्थापित कोविड केयर सेन्टरों पर कोरोना संक्रमित लोगों के लिए किए गए प्रबंधो का निरीक्षण किया। उन्होनें बेड व्यवस्था, भोजन, पेयजल, चिकित्सकिय संसाधनो सहित भवनों की सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए ताकि लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशानी का सामना ना करना पड़े। इस दौरान बाड़मेर उपखण्ड अधिकारी प्रशान्त शर्मा भी साथ रहे। तत्पश्चात डॉ. प्रधान ने आयुर्वेद चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर कोरोना के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने चवा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होनें मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना, आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के संबंध में जानकारी ली तथा राज्य सरकार की जन कल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं से आमजन को अधिकाधिक लाभ पहंुचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर की सफाई तथा कोरोना संक्रमण के लिए किए गए प्रबंधों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यो का किया निरीक्षण
इस दौरान जिले की प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान ने ग्राम पंचायत चवा में निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्हानें मूलाराम पुत्र बांकाराम जाट के व्यक्तिगत टांका एवं मेडबन्धी निर्माण कार्य तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत इमियो देवी पत्नी मूलाराम के निर्माणाधीन आवास कार्य का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद कर जानकारी ली। इस दौरान उन्होनें रा.उ.प्रा.वि. नाईयों की ढाणी चवा के खेल मैदान, आदर्श शौचालय तथा किसान सेवा केन्द्र एवं भू अभिलेख केन्द्र चवा के कार्याे का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
-0-

प्रभारी सचिव ने की योजनाओं की समीक्षा कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्रामीण क्षेत्रों को बचाना चुनौति


बाड़मेर, 1 अगस्त। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जिला प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान ने एहतियाती उपायों के साथ-साथ सेंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में कोरोना सक्रमण के रोकथाम के उपायों के साथ-साथ राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रही थी।
इस मौके पर प्रभारी सचिव ने कहा कि दुनिया भर में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है इससे बचाव ही बेहतर उपचार है। इसलिए चिकित्सा विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर लोगों में व्यापक जागरूकता लाएं एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की एडवाईजरी की अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होने जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की।  उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीन क्षेत्रों में सक्रमण को फैलने से रोकना एक चुनोति हैं। इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने की जरूरत है। उन्होंने सेंपलिंग बढ़ाने के साथ-साथ पूरी टेस्टिंग क्षमता का उपयोग किए जाने के निर्देश दिए। उन्होने घर-घर सर्वे करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों तथा विभागीय कार्यालयों को विसक्रमित करने को कहा, साथ ही चिकित्सा संस्थानों के चिन्हिकरण एवं वहां आईसोलेटेड वार्डो की भी समीक्षा की।
इस मौके डॉ प्रधान ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली परिवेदनाआंे को प्राथमिकता से निस्तारित कर आमजन को राहत पहुुंचाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मुख्यमंत्री स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करते है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की कौताही नहीं बरती जाए।
प्रभारी सचिव डा. प्रधान ने कहा कि संपर्क पोर्टल के अलावा जन सुनवाई के दौरान प्राप्त होेने वाली परिवेदनाआंे को संवेदनशीलता के साथ निस्तारित किया जाए। उन्हांेने कहा कि राज्य सरकार इसको लेकर बेहद गंभीर है। इसमंे किसी तरह की कौताही नहीं बरती जाए। उन्हांेने बाड़मेर जिले मंे संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणांे को तीव्र गति से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव डॉ. प्रधान ने विभागवार बजट घोषणाआंे की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियांे को प्राथमिकता से इसको पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्हांेने उपखंड एवं अन्य विभागीय अधिकारियांे को नियमित रूप से निरीक्षण तथा रात्रि विश्राम सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सतर्कता समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित हो।
इस दौरान जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने विभिन्न विभागीय योजनाओ, बजट घोषणाओ एवं कार्यक्रमो की प्रगति की जानकारी कराई। उन्होने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की योजनाआंे की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने नरेगा समेत ग्रमीण विकास योजनाओं की पग्रति से अवगत कराया।
-0-

शुक्रवार, 31 जुलाई 2020

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 शुक्रवार को 163 लोगों पर हुई कार्यवाही

बाड़मेर, 31 जुलाई। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को जिले में 163 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 28000 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में शुक्रवारं को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र बाडमेर में 50 लोगों से 8700, चौहटन में 24 लोगों से 6000, सेड़वा में 9 लोगों से 1200, शिव में 9 लोगों से 1600, गडरारोड में 12 लोगों से 2100, बालोतरा में 10 लोगों से 2000, गुडामालानी में 12 लोगों से 1200, धोरीमन्ना में 26 लोगों से 3000 एवं सिवाना में 11 लोगों से 2200 को मिलाकर कुल 163 लोगों से 28000 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 3675 लोगों से कुल 7,34,200 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

प्रभारी सचिव डॉ. प्रधान आज करेंगी कोरोना इंतजामों की समीक्षा

बाड़मेर, 31 जुलाई। जिले की प्रभारी सचिव डॉ. वीणा प्रधान द्वारा शनिवार 1 अगस्त को दोपहर 12ः30 बजे जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम एवं बचाव के लिए किए जा रहे उपायों तथा कोरोना प्रभावित लोगों हेतु की गई चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षात्मक बैठक की जाएगी।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में आयोजित होने वाली उक्त बैठक में जिले की प्रभारी सचिव डॉ. प्रधान जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम एवं बचाव के लिए किए जा रहे उपायों, कोरोना प्रभावित लोगों हेतु चिकित्सा व्यवस्थाओं के साथ प्रभारी सचिव द्वारा नियमित रूप से ली जाने वाली बैठक के एजेण्डे पर चर्चा की जाएगी। उन्होनें समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को पूर्व में प्रभारी सचिव के मीटिंग एजेण्डा अनुसार सम्पूर्ण सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
-0-

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाखासर के दो चिकित्सकों को कारण बताओं नोटिस जारी

बाड़मेर, 31 जुलाई। सेड़वा उपखण्ड अधिकारी द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाखासर के डॉ. रितेश सांखला एवं डॉ. राकेश कुमार के अनुपस्थित पाए जाने के चलते जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने उक्त चिकित्सकों को कारण बताओं नोटिस जारी किए है।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि सेड़वा उपखण्ड अधिकारी द्वारा 28 जुलाई को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाखासर का औचक निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण के दौरान डॉ. रितेश सांखला एवं डॉ. राकेश कुमार अनुपस्थित पाए गए। जिला कलक्टर ने बताया कि उक्त चिकित्सकों का कोविड-19 महामारी के समय में भी अनुपस्थित रहना उनके कर्तव्य के प्रति लापरवाही दर्शाता है। उन्होंने उक्त चिकित्सकों को कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
-0-

छात्रवृति योजनान्तर्गत शिक्षण संस्थाओं को तत्काल के.वाई.सी. पंजीयन कराने के निर्देश

बाड़मेर, 31 जुलाई। वर्ष 2020-21 हेतु अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित केन्द्रीय प्रवर्तित पोस्ट मैट्रिक एवं मैरिट कम मीन्स छात्रवृति विद्यार्थियों के द्वारा ऑनलाईन आवेदन करने हेतु शिक्षण संस्थाओं का नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नन्दराम जयपाल ने बताया कि जिले की सरकारी एवं गैर सरकारी समस्त शिक्षण संस्थाओं को एन.एस.पी. पोर्टल पर 21 जुलाई तक नियमानुसार अपनी शिक्षण संस्थान का के.वाई.सी. पंजीयन करवाना का आग्रह किया गया था। उन्होने बताया कि जिन संस्थाओं द्वारा अभी तक एन.एस.पी. पोर्टल पर के.वाई.सी. पंजीयन नहीं करवाया गया है वे संस्थाएं तत्काल अपना पंजीयन करवाना सुनिश्चित करें। बिना पंजीयन के विद्यार्थियों द्वारा आवेदन पत्र ऑनलाईन न कर पाने के संबंध में समस्त जिम्मेवारी संबंधित शिक्षण संस्थाओं की होगी। उन्होने बताया कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर raj.minocell@gmail.com पर ई मेल द्वारा सूचित कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
-0-

जरूरतमंद गरीब परिवारों को राहत एक बार और मिलेगी एक हजार रूपए की अनुग्रह सहायता

बाडमेर, 31 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा कोरोना महामारी के मद्देनजर लॉकडाउन से प्रभावित जरूरतमंद गरीब परिवारों को एक हजार रूपए अनुग्रह सहायता के रूप में एक बार और दिए जाने के निर्णय के अनुसरण में जिले के 5735 परिवारों को कुल 57 लाख 35 हजार रूपए की अनुग्रह सहायता दिए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्णयानुसार जिले के बीओसीडब्ल्यू द्वारा पंजीकृत श्रमिकों, बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं अन्त्योदय योजना के लाभार्थीयों, जिन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से कोई पेंशन नहीं मिलती है, को पूर्व में लाभान्वित पात्र ईकाईयों को पुनः एक-एक हजार रूपए की अनुग्रह सहायता दिए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होने बताया कि आयुक्त नगर परिषद बाड़मेर एवं बालोतरा तथा संबंधित विकास अधिकारियों के प्रमाणन एवं सत्यापन के पश्चात प्राप्त सूचीयों के आधार पर नगर परिषद क्षेत्र बाडमेर में 726 एवं नगर परिषद क्षेत्र बालोतरा में 322, गिडा पंचायत समिति में 285, चौहटन में 278, बाड़मेर में 403, सिणधरी में 233, सेड़वा में 278, पाटोदी में 325, गुडामालानी में 218, धोरीमना में 240, धनाऊ में 214, बायतु में 274, बालोतरा में 282, सिवाना में 272, समदडी में 166, रामसर में 335, शिव में 340, गडरारोड में 338 एवं कल्याणपुर में 206 परिवारों सहित कुल 5735 परिवारों को कुल 57 लाख 35 हजार रूपये की राशि स्थानान्तरण करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होने बताया कि इनमें से 5402 परिवारों को डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में तथा शेष 333 परिवारों जिनके खाता संख्या नहीं है, को संबंधित नगर परिषद आयुक्त एवं विकास अधिकारियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
-0-

स्वतन्त्रता दिवस समारोह सोशल डिस्टेंस के साथ सोल्लास मनाया जाएगा

बाड़मेर, 31 जुलाई। स्वाधीनता दिवस समारोह जिले में कोरोना संक्रमण के मध्यनजर सोशल डिस्टेंस के साथ पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन की पूर्णत पालना के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर मीणा ने कहा कि आदर्श स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा सभी ब्लॉक मुख्यालय तथा पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सोशल डिस्टेंस की पालना की जाए। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों तथा 65 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाए। इसके अलावा कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों के लिए मास्क लगवाना अनिवार्य हो तथा कार्यक्रम स्थलो पर थर्मल स्कैनिंग तथा हैंड सैनिटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था हो।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वाधीनता दिवस समारोह में कोरोना वारियर्स तथा कोरोना विजेताओं को आमंत्रित किया जाए। साथ ही इस दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम कोरोना पर रखी जाए। उन्होंने कार्यक्रम के बीच बीच में कोरोना जनजागृति अभियान के दौरान राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित जिंगल्स एवं ऑडियो का प्रसारण करवाने को कहा। उन्होंने संपूर्ण कार्यक्रम में भारत सरकार के गृह मंत्रालय तथा राज्य सरकार की गाइडलाइन की अक्षरसः पालना की हिदायत दी।
इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने स्वाधीनता दिवस के कार्यक्रमो की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यकम की शरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र गान के साथ होगी एवं मुख्य अतिथि द्वारा सलामी ली जाएगी। बाद में माननीय राज्यपाल के संदेश का पठन किया जाएगा।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींव सिंह भाटी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, उपखण्ड अधिकारी प्रशांत शर्मा समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकरी मौजूद थे।
-0-

बुधवार, 29 जुलाई 2020

सशर्त खुलेगी पुरानी सब्जी मंडी सुबह 7 से सांय 4 बजे तक का समय निर्धारित

बाड़मेर, 29 जुलाई। कोरोना वायरस के अत्यधिक संक्रमण के फैलाव के मद्देनजर शहर स्थित पुरानी सब्जी मंडी को पूर्ण तरह प्रतिबंधित किया गया था। बाड़मेर उपखंड मजिस्ट्रेट प्रशांत शर्मा ने उक्त मंडी को सशर्त खोलने के आदेश जारी किए हैं।
बाड़मेर उपखंड मजिस्ट्रेट प्रशांत शर्मा द्वारा जारी आदेशानुसार अब सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक पुरानी सब्जी मंडी खोली जा सकेगी। जारी आदेश अनुसार पुरानी सब्जी मंडी में वाहनों का प्रवेश पूर्णतः निषेध रहेगा। साथ ही व्यापारियों को सामाजिक दूरी एवं एहतियाती उपाय प्रदर्शित करने वाले नोटिस बोर्ड लगाने आवश्यक होंगे। उपखंड मजिस्ट्रेट ने सामाजिक दूरी, मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग करते हुए सब्जी वितरण एवं बेचान करने के निर्देश दिए हैं।
आदेशानुसार नगरपरिषद द्वारा दिन में दो बार मंडी परिसर को सेनीटाइज किया जाएगा। वहीं अनाधिकृत वाहनों के प्रवेश एवं सामाजिक पूरी के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को मंडी में नियत स्थान पर बैठकर ही बेचान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही व्यापारियों को पॉलिथीन का उपयोग न करने एवं कपड़े की थैली ही उपयोग में लेने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशानुसार मंडी परिसर स्थित मंदिर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा वाटरकूलर एवं प्याऊ भी बंद रहेंगे।

ईदुलजुहा के पर्व पर कानून व्यवस्था के लिए क्षेत्रवार मजिस्टेªट नियुक्त

बाडमेर, 29 जुलाई। जिला मजिस्टेªट विश्राम मीणा ने एक आदेश जारी कर 1 अगस्त को मनाए जाने वाले ईदुलजुहा पर्व के आयोजन के मध्यनजर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 22 के तहत क्षेत्रवार मजिस्टेªट नियुक्त किये है।
जिला मजिस्टेªट मीणा द्वारा जारी आदेशानुसार उपखण्ड मजिस्टेªट बाडमेर को बाडमेर शहर, उपखण्ड मजिस्टेªट बालोतरा को बालोतरा शहर, उपखण्ड मजिस्टेªट शिव को उपखण्ड क्षेत्र शिव, उपखण्ड मजिस्ट्रेट सिवाना को तहसील क्षेत्र सिवाना, उपखण्ड मजिस्ट्रेट चौहटन को उपखण्ड क्षेत्र चौहटन, उपखण्ड मजिस्टेªट बायतु को तहसील क्षेत्र बायतु, उपखण्ड मजिस्ट्रेट गुड़ामालानी को उपखण्ड क्षेत्र गुड़ामालानी, उपखण्ड मजिस्ट्रेट रामसर को उपखण्ड क्षेत्र रामसर, उपखण्ड मजिस्ट्रेट धोरीमन्ना को उपखण्ड क्षेत्र धोरीमन्ना, उपखण्ड मजिस्ट्रेट सिणधरी को उपखण्ड क्षेत्र सिणधरी, उपखण्ड मजिस्ट्रेट सेडवा को तहसील क्षेत्र सेड़वा एवं धनाऊ, उपखण्ड मजिस्ट्रेट गड़रारोड़ को उपखण्ड क्षेत्र गड़रारोड़ के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार तहसील क्षेत्र बाड़मेर ग्रामीण, पचपदरा ग्रामीण, समदड़ी, एवं गिडा के लिए संबंधित तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्टेªटों को मजिस्टेªट नियुक्त किया गया है। उक्त मजिस्टेªट्््स को निर्देश दिये गये है कि वे उक्त पर्व के दौरान अपने-अपने क्षेत्र के उप अधीक्षक पुलिस एवं थानाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था बनाये रखने की पालना सुनिश्चित करेंगे। उपखण्ड मजिस्ट्रेट मुख्यालय के तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट अतिरिक्त कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य करेंगे। संबंधित उपखण्ड मजिस्टेªट तथा तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में शांति एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
-0-

स्वाधीनता दिवस समारोह 2020 कार्यक्रम निर्धारण के लिए बैठक 31 को

बाड़मेर, 29 जुलाई। जिला मुख्यालय पर 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस के अवसर पर समारोह के आयोजन एवं विभिन्न कार्यक्रमों के निर्धारण के लिए जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 31 जुलाई को प्रातः 11ः30 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में बैठक का आयोजन किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि उक्त बैठक में इस वर्ष के स्वाधीनता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित किये जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का निर्धारण किया जाएगा। उन्होनें संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है, ताकि राष्ट्रीय पर्व के लिए कार्यक्रमों का निर्धारण किया जा सके।
-0-

आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बारिश विहीन गांवो में 31 जुलाई के बाद भी पेयजल परिवहन का प्रस्ताव

बाड़मेर, 29 जुलाई। जिले में गडरारोड ब्लॉक समेत कम वर्षा वाले स्थानों एवं समस्याग्रस्त गांवों में 31 जुलाई के बाद भी पेयजल का परिवहन कर समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने इस संबंध में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिले में पानी, बिजली तथा चिकित्सा सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान उन्होंने यह निर्देश दिए। इस दौरान जिले में पानी, बिजली, चिकित्सा जैसी आवश्यक सेवाओं की समीक्षा की गई।
इस मौके पर जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में जरूरतमंद लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े। उन्हानें कहा कि जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग द्वारा टैंकरों के जरिए पेयजल परिवहन को 31 जुलाई के बाद बन्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहां बारिश हो चुकी है एव पीने का पानी पर्याप्त आया है वहां पेयजल के लिए टेंकरो की जरूरत नही हैं। लेकिन बारिश विहीन अथवा अत्यल्प वर्षा वाले वाले स्थानों पर 31 जुलाई के बाद भी पेयजल परिवहन के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाए। विशेषकर गडरारोड एव सिवाना ब्लॉक में जलापूर्ति इसी माध्यम से कर लोगो को राहत दी जाए।
इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने आवश्यक सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नए हैंड पंप एवं ट्यूब वैल खुदाई के कार्य की साप्ताहिक प्रगति की जानकारी ली तथा खोदे गयों को कमिंश्ण्ड करने को कहा। उन्होंने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मध्यनजर सेंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए एवं कंटेन्मेंट जोन में नियमित सेनिटाइजेशन के निर्देश दिए।
इस मौके पर सहायक निदेशक, लोकसेवाए के के गोयल ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। वही मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रस्तावित कार्यो की प्रगति से अवगत कराया।
-0-

मंगलवार, 28 जुलाई 2020

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 मंगलवार को 81 लोगों पर हुई कार्यवाही

बाड़मेर, 28 जुलाई। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार को जिले में 81 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 12600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र बाडमेर में 7 लोगों से 1300, चौहटन में 3 से 600, सेड़वा में 8 से 1200, सिणधरी में 7 लोगों से 700, शिव में 2 लोगों से 300, गडरारोड में 6 लोगों से 1100, गुडामालानी में 12 लोगों से 2300, धोरीमन्ना में 35 लोगों से 4900 एवं सिवाना में 1 व्यक्ति से 200 को मिलाकर कुल 81 लोगों से 12600 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 3349 लोगों से कुल 6,77,800 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...