गुरुवार, 9 फ़रवरी 2023

राजस्थान ग्रामीण परिवार आजीविका ऋण योजना की पहली बैठक हुई आयोजित

योजना के तहत 30 व्यक्तियों का किया गया चयन

बाड़मेर, 09 फरवरी। राज्य सरकार की बजट घोषणा 138 वर्ष 2022-23 के तहत ‘‘राजस्थान ग्रामीण परिवार आजीविका ऋण योजना’’ के क्रियान्वयन के क्रम में योजना के तहत प्राप्त आवदेनों के परीक्षणोपरांत पात्र व्यक्तियों के चयन के लिए जिला स्तरीय कमेटी की बैठक गुरूवार को जिला कलेक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने कमेटी के सदस्यों को योजना के प्रचार-प्रसार करने एंव अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के साथ योजना की क्रियान्विति सुचारू और पारदर्शी करने राजीविका के समूहों को भी प्राथमिकता से ऋण लाभ देने के निर्देश दिए। इस दौरान प्राप्त आवेदनों में से जिला कलेक्टर ने गठित कमेटी द्वारा पात्र व्यक्तियों का चयन किया जाकर, बैंक स्तर पर ऋण वितरण हेतु अग्रिम कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने बैंक द्वारा इस वित्तीय वर्ष में लगभग एक हजार सदस्यों को इस योजना में ऋण वितरण कर लाभान्वित करने के निर्देश दिये।
सदस्य सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि राजस्थान सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2022-23 के बिन्दु संख्या 138 की क्रियान्विति के अंतर्गत राजस्थान ग्रामीण परिवार आजीविका ऋण योजना लागू की गई है।
बैंक के प्रबन्ध निदेशक जितेन्द्र कुमार ने कमेटी के समक्ष योजना, उसके प्रावधान व पात्रता के बारे में बताया। पात्रतानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में विगत 5 वर्षो से रह रहे ऐसे जनाधार कार्ड धारक लघु एवं सीमांत कृषक, भूमिहीन श्रमिक, ग्रामीण दस्तकार व अकृषि कार्यों में जीवन यापन करने वाले ग्रामीण परिवार सदस्य तथा राजीविका के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह/उत्पादक समूह/व्यवसायिक समूह के सदस्य भी ऋण प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत बैंक को 8 फरवरी तक कुल 30 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनका बैंक स्तर पर परीक्षण कर कमेटी के समक्ष अनुशंसा करने पर कमेटी द्वारा इनका चयन कर ऋण स्वीकृति हेतु बाड़मेर केन्द्रीय सहकारी बैंक को भेजें गये। इनमें सिलाई कार्य, चाय एवं जनरल स्टोर, पशु आहार, इलेक्ट्रीकल्स स्टोर, फैन्सी स्टोर, किराणा स्टोर व रेडिमेंट गारमेंट स्टोर आदि ऋण उद्देश्यों के लिए आवेदकों का चयन किए गए।
बैठक के दौरान कृषि विभाग के उप निदेशक पदमसिंह भाटी, अग्रणी जिला बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के गिरधारी लाल, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक सहीराम, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक विनय मोहन खत्री और बाडमेर ने भाग लिया।
-0-



श्री मल्लीनाथ पशु मेला तिलवाड़ा - प्रबंधकारिणी की बैठक 15 फरवरी को

बाड़मेर, 09 फरवरी। श्री मल्लीनाथ पशु मेला तिलवाड़ा वर्ष 2023 की प्रबंधकारिणी की प्रथम बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 15 फरवरी को सांय 5 बजे आयोजित की जाएगी।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. विनय मोहन खत्री ने बताया कि कलक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित होने वाली उक्त बैठक में मेले की तिथियों का निर्धारण, उप समितियों का गठन, कानून व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, जल एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, राशन एवं चारा व्यवस्था समेत विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित अद्यतन सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

अभियांत्रिकी महाविद्यालय के विद्यार्थी का प्री प्लेसमेन्ट में चयन

बाड़मेर, 09 फरवरी। अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर में अध्ययनरत पेट्रोलियम इंजीनियरिंग ब्रांच के विद्यार्थी पृथ्वीसिंह का ग्रो जंक्शन कम्पनी में प्री प्लेसमेन्ट हुआ है।

अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. विश्नोई ने बताया कि महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी पृथ्वीसिंह अभी सप्तम् सेमेस्टर, चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत है कम्पनी में चयन प्रक्रिया के लिए दो राउण्ड निर्धारित थे, जिसमें पहला राउण्ड वीडियो बनाने के बारे में था तथा द्वितीय राउण्ड में फाइनल तकनीकी और एच.आर. साक्षात्कार लिए गये। उन्होंने विद्यार्थी का पैकेज 7,76,000 सीटीसी सालाना तय हुआ है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय का प्रयास रहता है कि महाविद्यालय में अध्ययन करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का प्लेसमेन्ट होकर महाविद्यालय का नाम रोशन करे तथा अध्ययन करने वाले विद्यार्थी का प्लेसमेन्ट होने पर जितनी खुशी विद्यार्थी के परिवार को होती है। उससे ज्यादा महाविद्यालय परिवार को होती है, क्योंकि हमारी संस्थान से अध्ययन कर प्रत्येक विद्यार्थी आगे बढ़े व प्रगति के पथ पर कार्य करते रहे।
इस अवसर पर एम.बी.एम विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति प्रो. डॉ. अजय कुमार शर्मा ने चयनित विद्यार्थी को बधाई दी साथ ही उन्होंने बताया कि अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर वर्तमान में एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का संघटक महाविद्यालय है जिससे यहां के विद्यार्थियों को भी एम.बी.एम. विश्वविद्यालय को हो रही प्लेसमेन्ट ड्राईन्स में भाग लेने के अवसर प्रदान होंगे।
इस दौरान महाविद्यालय के टीपीओ प्रभारी हिमांशु दवे ने बताया कि विद्यार्थी अपनी मुख्य ब्रांच की विषयों पर मजबूत पकड़ रखे। इससे उन्हें भविष्य में बड़े प्रोजेक्ट करने व सफल होने में मदद मिलेंगी।
-0-

राज्य सरकार की सिलिकोसिस नीति बनेगी सहारा

रोग से मौत होने पर मिलेगी तीन लाख की सहायता

बाड़मेर, 09 फरवरी। राज्य में सिलिकोसिस पीड़ित एवं उनके परिवारजनों की सहायता एवं पुनर्वास के लिए 03 अक्टूबर, 2019 को माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार द्वारा राजस्थान न्यूमोकोनोसिस (सिलिकोसिस) नीति, 2019 लागू की गयी। राजस्थान न्यूमोकोनोसिस (सिलिकोसिस) नीति, 2019 को राज्य फ्लेगशिप योजना में शामिल किया गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण ने बताया कि सिलिकोसिस बीमारी खासतौर पर खनन, पत्थर तोड़ने, पत्थर पीसकर पाउडर बनाने, गिट्टी बनाने, सेंड स्टोन से मूर्ति बनाने जैसे काम में लगे श्रमिकों को होती है। योजना के अंतर्गत पीड़ितों की स्क्रीनिंग, उपचार एवं प्रमाणीकरण के साथ उनके आश्रितों को सहायता एवं पुनर्वास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सिलिकोसिस रोग के प्रमाणीकरण पर रोगी को 3 लाख रुपये देय हैं। सिलिकोसिस रोगी की मृत्यु के उपरांत अंतिम संस्कार हेतु 10 हजार रुपये एवं परिवारजनों को 2 लाख रुपये देय हैं। सिलिकोसिस पीड़ित को पेंशन 1,500 रुपये प्रतिमाह का प्रावधान है। सिलिकोसिस विधवा पेंशन के अंतर्गत 55 वर्ष की आयु तक 500 रुपये प्रतिमाह, 55 वर्ष से 60 वर्ष की आयु तक 750 रुपये प्रतिमाह, 60 वर्ष से 75 वर्ष की आयु तक 1,000 रुपये प्रतिमाह एवं 75 वर्ष से अधिक आयु पर 1,500 रुपये प्रतिमाह देय हैं। सिलिकोसिस पीड़ित परिवार के बच्चों को पालनहार योजना के अन्तर्गत 6 वर्ष की आयु तक के बच्चों को 500 रुपये प्रतिमाह, 6 से 18 वर्ष की आयु तक 1,000 रुपये प्रतिमाह एवं प्रत्येक बच्चे को 2,000 रुपये वार्षिक एकमुश्त सहायता दी जाती है। सिलिकोसिस पीड़ित के परिवार को आस्था कार्डधारी परिवार के समान समस्त सुविधाओं यथा एन.एफ.एस.ए. आदि से लाभान्वित किया जाता है। योजना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक जिले में सिलिकोसिस पेशनर की संख्या 764 है जिसके अन्तर्गत 294 सिलिकोसिस पालनहार परिवारों की के 601 बच्चे जुड़े है।
सिलिकोसिस बीमारी के तीन मुख्य कारण
खनिज सैण्डस्टोन का असुरक्षित खनन कार्य। खनिज क्वार्टज की असुरक्षित ग्रीडिंग। खनिज सैण्डस्टोन की कवरिंग।
सिलिकोसिस बीमारी से बचने के तीन मुख्य उपाय
खनिज सैण्डस्टोन के खनन कार्य में वेट ड्रिलिंग एवं मास्क का उपयोग। खनिज क्वार्टज की ग्रीडिंग एवं खनिज सैण्डस्टोन की कवरिंग में मास्क एवं पानी का छिड़काव करना।
-0-

सफलता की कहानी - जनसुनवाई बनी अनीता एवं चतरूदेवी के लिए वरदान

बाड़मेर, 09 फरवरी। राज्य सरकार द्वारा आयोजित होने वाली त्रिस्तरीय जनसुनवाई के तहत गुरूवार 9 फरवरी को उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई भारत निर्माण राजीव गाँधी सेवा केन्द्र धोरीमन्ना में आयोजित की गई। उक्त जनसुनवाई में अनीता पत्नी तेजाराम निवासी खोथावास एवं चतरूदेवी पत्नी भूराराम निवासी मेहलु ने परिवाद पेश कर पालनहार योजना का लाभ दिलवाने के लिए निवेदन किया।

उक्त परिवाद पर लाखाराम उपखण्ड अधिकारी धोरीमन्ना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवाद सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, धोरीमन्ना को प्रेषित कर मौके पर ही उक्त दोनों परिवारों का पालनहार योजना में लाभान्वित करने के निर्देश प्रदान किये। निर्देशों की अनुपालना में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी धोरीमन्ना दिलीपसिंह खिड़िया ने पात्रता की जांच करवाकर मौके पर ई मित्र से आवेदन करवा कर उक्त दोनो परिवारों के चार बच्चों को पालनहार योजना अन्तर्गत प्रतिमाह चार हजार रूपये की सहायता राशि की स्वीकृति जारी की गई। इस प्रकार आज की जनसुनवाई अनीता एवं चतरूदेवी के बच्चो के लिए वरदान साबित हुई और लाभान्वित दोनों परिवारों ने राज्य सरकार व प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि आज हमारा काम हुआ हम खुश है।
-0-




उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित - गौसेवा आयोग अध्यक्ष जैन और जिला कलेक्टर ने किया बाड़मेर ब्लॉक का निरीक्षण

बाड़मेर, 09 फरवरी। राज्य सरकार की आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर निस्तारण की नीति के तहत महीने के दूसरे गुरुवार को जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों पर उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई।

  इस दौरान गौसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन और जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बाड़मेर पंचायत समिति में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का जायजा लिया। इस मौके पर जैन ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने संबंधी अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर जैन ने कहा कि राज्य सरकार ने नवीन दिशा निर्देश के साथ नई त्रिस्तरीय जनसुनवाई लागू की है। इसमें गांव की समस्या का गांव में ही समाधान की सोच के साथ महीने के प्रत्येक प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन होता हैं। वही द्वितीय गुरुवार को उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाती हैं।
  इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले परिवादियों की समस्याओं का समाधान मौके पर कर हर हाल में राहत पहुंचाएं। इस दौरान कुल 17 परिवाद प्रस्तुत किए गए जिनमें से जिला कलेक्टर द्वारा 9 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित को राहत पहुंचाई गई। उन्होंने शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर निस्तारण के निर्देश दिए।
  जिला कलेक्टर ने सभी परिवादो को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निश्चित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
  इस दौरान उपखण्ड अधिकारी समुंदरसिंह भाटी, विकास अधिकारी सुरेश कविया समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-0-





बचत, राहत और बढ़त - आज पेश होगा बजट

जिलेभर में होगा जीवन्त प्रसारण, सौगातों की मिलेगी सीधी जानकारी

बाड़मेर, 09 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा बचत, राहत और बढ़त के मूल उद्देश्य के साथ शुक्रवार प्रातः 11 बजे आम बजट 2023-24 प्रस्तुत किया जायेगा। जिले भर में इसका जीवंत प्रसारण किया जाएगा।
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय श्री अशोक गहलोत द्वारा शुक्रवार को आम बजट प्रस्तुत किया जाएगा। जिसका जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला मुख्यालय और सभी ब्लॉक मुखायल्यो पर एल.ई.डी. वॉल पर बजट का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बजट का लाइव प्रसारण फेसबुक तथा यू-ट्यूब के माध्यम से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जयपुर द्वारा किया जाएगा।
बजट भाषण लाइव लिंक

facebook.com/AshokGehlot.Rajasthan

youtube.com/user/GehlotAshok

facebook.com/DIPRRajasthan

youtube.com/c/DIPRRajasthanofficial

-0-

बुधवार, 8 फ़रवरी 2023

आशा सहयोगिनीयो का प्रशिक्षण शिविर

सुजस एप्प एंव जनकल्याणकारी योजनाओं का किया प्रचार-प्रसार

बाड़मेर, 08 फरवरी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा सहयोगिनीयो का प्रशिक्षण जिला स्तर पर बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सी.एस. गजराज के निर्देशन में किया गया।
जिला आशा समन्वयक राकेश भाटी ने बताया कि जिले में कार्यरत आशाओं को पांच दिवसीय प्रशिक्षण जिला मुख्यालय पर दिया जा रहा है, प्रशिक्षण के दौरान आशाओं को मां एवं नवजात शिशु की विशेष देखभाल हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है, प्रशिक्षण उपरांत आशाओ के द्वारा मां एवं शिशु के घर जाकर 6 एवं 7 विजिट कर आवश्यक परामर्श देगी। साथ ही आवश्यकता होने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों पर रेफर करेगी।
इस अवसर पर सहायक जनसम्पर्क अधिकारी नरेन्द्र कुमार ने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनओं एवं सुजस एप्प संबंधी जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण के दौरान राजेश कुमार, खियाराम, चेलाराम, भगवांचन्द, हुकमसिंह, शंकर भवानी द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
-0-






प्रधानमंत्री अप्रेन्टिशिप मेले का आयोजन 13 फरवरी को

बाड़मेर, 08 फरवरी। जिला मुख्यालय पर आई.टी.आई. बाडमेर में सोमवार 13 फरवरी को प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री अप्रेन्टिशिप मेले का आयोजन किया जायेगा।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य गौरव फुलवारिया ने बताया कि इस मेले में  जिले के ऐसे राजकीय एवं निजी संस्थानों को भी आमंत्रित किया गया है, जो विभिन्न व्यवसायों में अप्रेन्टिशिप कराना चाहते है। उन संस्थानों का भी अप्रेन्टिशिप पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जाएगा। अप्रेन्टिशिप पोर्टल पर पंजीकरण के पश्चात् प्रशिक्षणार्थी सम्पूर्ण भारत में बड़े-बड़े उद्योगों में अप्रेन्टिशिप प्रशिक्षण हेतु उनकी मांग के अनुसार ऑनलाईन आवेदन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि अप्रेन्टिशिप प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रथम द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में केन्द्र सरकार के नियमानुसार संस्थानों द्वारा छात्रवृति दी जायेगी। जिसमें से 25 प्रतिशत सरकार द्वारा वहन की जायेगी साथ ही उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण के बाद अच्छे-अच्छे उद्योग की इकाईयों में रोजगार प्राप्त कर सकता है। इस मेले में तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवा अप्रेन्टिशिप पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाकर उक्त प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना भविष्य सुनहरा बनावे यहीं मेला आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
-0-

आजादी का अमृत महोत्सव के तहत चित्र प्रदर्शनी का आयोजन 15 से

बाड़मेर, 08 फरवरी। जिला मुख्यालय पर 15 से 17 फरवरी को मुल्तानमल भीखचंद छाजेड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गॉधीचौक में ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने बताया कि उक्त कार्यक्रम एवं प्रर्दशनी के सफल आयोजन हेतु उपखण्ड अधिकारी, बाडमेर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया साथ ही सबंधित जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो, जोधपुर एवं उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर से समन्वय स्थापित कर उन्होंने सौपे गये कार्यों में आवश्यक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
-0-

शैक्षिक फ्लैगशिप योजनाओं का जिला कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना का लिया धरातल पर जायजा, गुणात्मक शिक्षा की पड़ताल

बाड़मेर, 08 फरवरी। जिले में शिक्षा विभाग की फ्लैगशिप योजनाओ मुख्यमंत्री बालगोपाल और मुख्यमंत्री निशुल्क यूनिफार्म वितरण का गुरुवार को जिला कलेक्टर लोक बंधु ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को भी परखा।
  जिला कलक्टर लोक बन्धु ने गुरुवार को शिक्षा विभागीय गतिविधियो की धरातल पर क्रियान्विति एवं शिक्षण स्तर जांचने के लिए महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पुलिस लाईन बाड़मेर, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लक्ष्मीनगर एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वीदों की ढाणी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षण स्तर का निरीक्षण किया एवं निःशुल्क यूनिफॉर्म विवरण, बालगोपाल योजना का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने महात्मा गाँधी राजकीय विद्यालय पुलिस लाईन बाड़मेर की सफाई व्यवस्था एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के साथ-साथ शत प्रतिशत नई यूनिफॉर्म विद्यालय में उपस्थित करने हेतु कक्षाध्यापकों को पाबंद किया। इस दौरान महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लक्ष्मीनगर के संस्था प्रधान डीबीटी, यूनिफॉर्म वितरण के संबंध में सही प्रत्युत्तर नहीं दे पाये और बालगोपाल योजना हेतु आवंटित बजट के बावजूद उसका उपयोग नहीं करने तथा गंदे बर्तनों में दूध पिलाने पर प्रधानाध्यापक को सीसीए 17 में नोटिस जारी करने एवं सभी कक्षाध्यापकों व बालगोपाल प्रभारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वीदो की ढाणी में दूध की गुणवत्ता, यूनिफॉर्म, शिक्षण स्तर भी जांचा 100 प्रतिशत विद्यार्थियों को नई यूनिफॉर्म सहित विद्यालय आने हेतु कक्षाध्यापकों एवं अभिभावकों को मिटींग करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान शिक्षण स्तर से जिला कलेक्टर संतुष्ट नजर नहीं आये। इस हेतु शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण देने प्रधानाचार्य एवं शिक्षा अधिकारी को प्रभावी मॉनिटरिंग एवं शिक्षण प्रशिक्षण आयोजित करने हेतु निर्देशित किया।
भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक कृष्ण सिंह रानीगांव भी साथ रहे।
-0-







उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार, 9 फरवरी को

ग्रामीणों की परिवेदनाओ का होगा हाथो-हाथ निस्तारण

  बाड़मेर, 08 फरवरी। जिले में आमजन की परिवेदनाओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण के लिए राज्य सरकार की त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत फरवरी माह के द्वितीय गुरुवार, 9 फरवरी को सभी उपखंड मुख्यालयो पर उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
    जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि गुरुवार को प्रातः 11 बजे से जिले के सभी उपखंड मुख्यालयो पर स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र पर जनसुनवाई का कार्यक्रम होगा। उन्होंने समस्त उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में ब्लॉक स्तरीय अधिकारीयो का भागीदारी सुनिश्चित करें और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करे। जनसुनवाई का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि इस जनसुनवाई में अधिक से अधिक लोग पहुंचे एवं अपनी समस्याओं को रख कर उनका निस्तारण करवा सके। इसके साथ ही वे जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों को तीन दिवस के भीतर आवश्यक रूप से सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज करें।
    उन्होंने बताया कि उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में उपखण्ड स्तरीय अधिकारी अवश्य रूप से उपस्थित होकर लोगों की परिवेदनाओ का सुसंगत हल निकाले।
-0-

बजट घोषणाओं के कार्य सर्वोपरि रखें - लोक बंधु

 जिला कलेक्टर ने ली सप्ताहिक समीक्षा बैठक

पिछड़े ब्लाकों के विकास को विशेष प्रयासो पर जोर
बाड़मेर, 08 फरवरी। जिले में बजट घोषणाओं के कार्य सर्वोपरि प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाए। साथ ही फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। यह निर्देश जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बुधवार को साप्ताहिक बैठक में दिए।
      इस अवसर पर जिला कलेक्टर बंधू ने जिले में आवश्यक सेवाओं की अदायगी एवं फ्लैगशिप योजनाओं और लोक कल्याणकारी कार्यक्रमो की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार की आकांक्षी ब्लॉक योजना के अंतर्गत विकास से पिछडे जिले के पांच ब्लॉक चौहटन, सेड़वा, फागलिया, रामसर और गडरा में सभी विभागों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन पांचों ब्लॉकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए सतत प्रयास कर इन्हें विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रत्येक विभाग को कार्ययोजना बनाकर अमल में लाने की हिदायत दी।
  इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने पिछले चार सालों की बजट घोषणाओ के कामों को अगले दो तीन माह में पूर्ण करवा कर 30 जून तक आमजन को सोपने को कहा। वही फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग उनसे संबंधित फ्लैगशिप योजनाओं की माइक्रो मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के बेहतर परिणाम हासिल करे। उन्होने प्रत्येक योजना की विस्तार के साथ समीक्षा की एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
    इस दौरान कलेक्टर बंधु ने शिक्षा और स्वास्थ्य पर आधारित फ्लैगशिप योजनाओ में सुधार की आवश्यकता बताते हुए चिरंजीवी योजना में पंजीयन के लिए विषेश अभियान चला कर जिले को यूनिवर्सल हैल्थ की दिशा में आगे बढ़ाने तथा चिरंजीव गांव बनाने पर जोर देने को कहा। उन्होने कहा कि सरकारी अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति को निःशुल्क दवाईयों एवं निःशुल्क जांचों की सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के लिए अधिकाधिक सैम्पल लेने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जॉच योजना की प्रगति, निरोगी राजस्थान की भी समीक्षा की।
  जिला कलेक्टर ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा भौतिक सत्यापन के कारण किसी भी प्रकार की पेंशन नही रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सिलिकोसिस के पीड़ितों को धरातल पर जाकर सत्यापन करवा कर लाभ पहुंचाने के निर्देश। सिलिकोसिस से पाटोदी क्षेत्र के पीड़ितों के लिए बालोतरा में विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।
  जिला कलेक्टर ने मनरेगा के तहत विभिन्न विभागों के काम बढाने तथा 100 दिवस रोजगार सृजन दिवस पूरे करने वालो को मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
  उन्होने जलदाय विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान विभिन्न लंबित परियोजनाओं के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी नहरबंदी के लिए व्यापक तैयारी करने एवं बंदी के दौरान वैकल्पिक स्रोतों को दुरस्त रखने और कंटीन्जेसी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
  बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित समेत विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित रहें। वही उपखंड अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े रहे।
-0-

मंगलवार, 7 फ़रवरी 2023

प्रशासनिक सुधार विभाग की टीम ने किया औचक निरीक्षण

आकस्मिक जांच में मिले 170 कार्मिक अनुपस्थित

बाड़मेर, 07 फरवरी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रशासनिक सुधार विभाग की टीम ने मंगलवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यालयो की उपस्थिति पंजिकाओं की जांच की। इस दौरान 170 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) कल्लाराम मीना के नेतृत्व में सूर्य बहादूर वर्मा, मांगीलाल मीना, हेमपाल गुर्जर एवं मोहम्मद वकील ने बाड़मेर जिले के निरीक्षण के दौरान जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यालयों के उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान जिला स्तर पर 161 राजपत्रित अधिकारियो में से 65 एवं 578 अराजपत्रित कर्मचारियो में से 105 कार्मिकांे के अनुपस्थित मिलने पर उनकी रजिस्टर में अनुपस्थिति दर्ज की गई। बाड़मेर जिले मंे राजपत्रित तथा अराजपत्रित कार्मिकांे की अनुपस्थिति का प्रतिशत क्रमशः 40.37 एवं 18.16 फीसदी रहा। निरीक्षण दल ने बाड़मेर जिले के पुलिस, परिवहन, जलदाय विभाग, स्वायत शासन विभाग, पंचायतीराज, राजस्व विभाग, डिस्काम एवं खान विभाग से संबंधित संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणांे के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियांे से आवश्यक विचार-विमर्श भी किया।
-0-

गांधी दर्शन पर दो दिवसीय आवासीय शिविर 12 और 13 फरवरी को

गांधीजी के मूल्यों और सिद्धांतो पर 500 लोग लेंगे सार्थक प्रक्षिशण
बाड़मेर, 07 फरवरी। भगवान महावीर टाउन हॉल में 12 और 13 फरवरी को गांधी दर्शन पर दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जाने के सन्दर्भ में जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर बंधु ने बताया कि शांति एवं अंहिसा निदेशालय जयपुर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय गांधी दर्शन विषयक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन राज्य के सभी जिले में किया जाना प्रस्तावित है। उन्होने बताया कि बाड़मेर जिले में 12 और 13 फरवरी को इस शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसमें जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगर परिषद/नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड से 2 प्रशिक्षणार्थियों द्वारा भाग लिया जाएगा।
उन्होने समस्त संबंधित अधिकारियों को जिला स्तर पर गांधी दर्शन विषयक प्रशिक्षण के लिये विभिन्न व्यवस्थाओ को पूरी तैयारी के साथ अंजाम देने के निर्देश दिए।
  इस दौरान जिला कलेक्टर ने गांधी दर्शन पर आधारित विभिन्न कार्यकर्मो में जिले के स्थानीय कलाकारो, वक्ताओ और विशेषज्ञों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांधीजी के मूल्यों पर आधारित राज्य सरकार की नीतियों, कार्यक्रमो और योजनाओं को भी इस आयोजन में समाहित करने को कहा। उन्होंने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रशिक्षण का आयोजन करने के निर्देश दिए है।
    बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित, उपखंड अधिकारी समंदरसिंह भाटी, कोषाधिकारी जसराज चौहान, गांधी दर्शन समिति के अमित बोहरा समेत सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
-0-





सोमवार, 6 फ़रवरी 2023

गांधी दर्शन प्रशिक्षण आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित

बाड़मेर, 06 फरवरी। जिला स्तर पर गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जाने के सन्दर्भ में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पुरोहित ने बताया कि शांति एवं अंहिसा निदेशालय जयपुर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय गांधी दर्शन विषयक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन राज्य के सभी जिले में किया जाना प्रस्तावित है। उन्होने बताया कि बाड़मेर जिले में 12 और 13 फरवरी को इस शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसमें जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगर परिषद/नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड से 2 प्रशिक्षणार्थियों द्वारा भाग लिया जाएगा।
उन्होने समस्त संबंधित अधिकारियों को जिला स्तर पर गांधी दर्शन विषयक प्रशिक्षण के लिये विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिए है।
-0-

राज्य महिला आयोग ने सुनी महिलाओं की समस्याएं

महिला उत्पीडन के मामलो में त्वरित कार्यवाही करे - रियाज

बाड़मेर, 06 फरवरी। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेहाना रियाज ने महिला उत्पीडन के मामलों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए है। वह सोमवार को सर्किट हाउस में महिलाओं की जन सुनवाई कर रही थी। इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष श्रीमती रियाज ने कहा कि महिला अधिकारों की रक्षा के लिए उनमें जागरूकता होना अत्यावश्यक है, महिलाएं शिक्षित होकर न केवल अपने अधिकारों की रक्षा कर सकती है अपितु अपने परिवार का भी बेहतर संरक्षण कर सकती है। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों की जागरूकता एवं महिला उत्पीड़न के मामलों की जानकारी के लिए आयोग स्वयं सभी जिलो में जा रहा है तथा वहां की विशेष परिस्थितियों का अध्ययन कर तदनूरूप रणनीति बना रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग के समक्ष आने वाले प्रकरणों का समयबद रूप से निस्तारण किया जाएगा।
  इस अवसर पर श्रीमती रियाज ने कहा कि पुलिस के समक्ष जैसे ही कोई महिला फरियाद लेकर आती है तो उसे तुरन्त राहत प्रदान करते हुए आरोपियों के विरूद्ध कड़ी तथा त्वरित कार्यवाही की जरूरत है ताकि समाज में महिला अत्याचार की रोकथाम का सन्देश जाए। उन्होने कहा कि महिलाएं उत्पीडन से राहत पाने के लिए घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005 का सहारा लेकर बिना धन खर्च किए न्याय प्राप्त करे। उन्होंने इस अधिनियम का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया ताकि प्रताडित महिलाएं इस अधिनियम के तहत संरक्षण प्राप्त कर सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे थानों में महिला डेस्क के माध्यम से महिलाओ से संबंधित कानूनों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करे ताकि इसका पीड़ित महिलाएं अधिक उपयोग कर सके।
  आयोग की अध्यक्ष ने महिलाओं से आग्रह किया है कि वे घरेलू हिंसा को सहन नहीं करें एवं प्रताडित होनें पर महिला आयोग में मामला दर्ज करावें। उन्होंने महिलाओं को शिक्षित होकर अधिक सशक्त बनने की सीख दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे महिला उत्पीडन के मामलों को गम्भीरता से लेकर उसमें समय पर राहत दिलायें।
आयोग की सदस्य श्रीमती अंजना मेघवाल ने भी महिला उत्पीडन के मामले में आयोग द्वारा की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए राज्य सरकार अनेको योजनाएं चला रही है जिसका पूरा-पूरा लाभ महिलाएं जागृत होकर उठाए।
इससे पूर्व जिला कलेक्टर लोक बंधु ने आयोग के समक्ष प्रस्तुत महिलाओं को परीवेदनाओं पर संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही को कहा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह भाटी, उपखंड अधिकारी समंदरसिंह भाटी, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
  जनसुनवाई के दौरान प्रस्तुत कुल 23 प्रकरणों में आयोग ने प्रकरणवार महिला अत्याचार के मामलों की पीडितों की व्यक्तिगत सुनवाई की तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
-0-







रविवार, 5 फ़रवरी 2023

राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्षा आज करेंगी जनसुनवाई

बाड़मेर, 05 फरवरी। राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्षा श्रीमती रेहाना रियाज चिश्ती द्वारा सोमवार को प्रात: 10.00 बजे सर्किट हाऊस बाड़मेर में जनसनुवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष महोदया द्वारा महिलाओं की परिवेदनाऐं सुनी जाएगी। उक्त जनसुनवाई में जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे ।

महिला अधिकारिता उपनिदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने बताया कि राजस्थान राज्य महिला आयोग की स्थापना का एक मूलभूत उद्देश्य हासिये पर आई महिला आबादी को मुख्य धारा में लाने का है। आयोग एक स्वायत्त संस्था के रूप में स्थापित किया गया है। यह पीडित महिलाओं की शिकायतों का निवारण, महिलाओं के हितो की रक्षा तथा महिलाओं को प्रभावित करने वाले सभी नीतिगत मामलों पर राजस्थान सरकार को सलाह दे सकती है। उन्होंने महिलाओं से आहवान किया कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित परिवेदनाएं माननीय अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है ।
-0-


शनिवार, 4 फ़रवरी 2023

थार महोत्सव 2023 - तीन दिवसीय कार्यक्रम 11 मार्च से आकर्षक कार्यक्रमो की रहेगी धूम

बाड़मेर, 04 फरवरी। जिले की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय थार महोत्सव इस बार 11 से 13 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विविध आकर्षक कार्यक्रमो का आयोजन किया जाएगा।

  अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेंद्रसिंह पुरोहित ने बताया कि थार महोत्सव-2023 
11,12 और 13 मार्च को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रथम दिन 11 मार्च को गांधी चौक से शोभा यात्रा के साथ महोत्स्व का विधिवत् आगाज किया जाएगा। इसी दिन आदर्श स्टेडियम मे रोचक मुकाबले 10 बजे से होंगे, जिनमें थार सुंदरी और थार श्री, दादा पोता दौड़, पनिहारी दौड़, रस्साकसी , पति पत्नी दौड़, साफा बांधो, ढोलवादन, ऊंट श्रृंगार , कैमल टैटू शो आदि का आयोजन होगा। इसी दिन सांयकालीन कार्यक्रमों में सांय 6 बजे से सांस्कृतिक आयोजन और रात्रि 9 बजे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा।
   उन्होंने बताया कि महोत्स्व के दूसरे दिन 12 मार्च को प्रात 10 बजे रंगोली, मांडना , ज़ायको राजस्थान रो स्थान और पारंपरिक खेल, रुमाल झपट्टा, सतोलिया और भजन संध्या बाड़मेर में होगी। वही सांस्कृतिक संध्या सांय 7 बजे से शहीद भगत सिंह स्टेडियम बालोतरा में होगी। इसी दिन शिव में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा।
   महोत्सव के तीसरे दिन 13 मार्च को बाड़मेर मेंसांस्कृतिक संध्या सांय 7 बजे से महाबार के धोरों पर आयोजित होगी।
-0-

गुरुवार, 2 फ़रवरी 2023

सफलता की कहानी - ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई बनी गेनाराम के लिये वरदान

बाड़मेर, 2 फरवरी। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित होने वाली त्रिस्तरीय जनसुनवाई के क्रम में 02 फरवरी को ग्राम पंचायत बूठ जेतमाल में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई अनुसूचित जाति के बीपीएल चयनित गरीब परिवार के लिये वरदान साथित हुई। ग्राम कलोणी मेघवालों की ढाणी, ग्राम पंचायत बूठ जेतमाल के निवासी गेनाराम पुत्र चनणाराम मेघवाल द्वारा परिवाद पेश कर पेंशन स्वीकृत करने का निवेदन किया गया।

उक्त परिवाद पर उपखण्ड अधिकारी धोरीमन्ना लाखाराम द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही पेंशन स्वीकृतिकर्ता अधिकारी को जनसुनवाई समाप्ति से पूर्व ही पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश प्रदान किये गये। उक्त निर्देशों की पालना में विकास अधिकारी पंचायत समिति धोरीमन्ना द्वारा मौके पर ही प्रार्थी गेनाराम की पात्रता जांच करते हुए ई-मित्र पर आवेदन पत्र ऑनलाईन करवाया तथा अग्रिम कार्यवाही करते हुए मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अन्तर्गत पेंशन स्वीकृत कर पी.पी.ओ. जारी किया गया तथा लाभार्थी को पी. पी.ओ. की प्रति भी मौके पर ही उपलब्ध करवाई गई।
लाभार्थी गेनाराम मेघवाल द्वारा माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत, राजस्थान सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जताई। इस प्रकार ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई 02 फरवरी गेनाराम के लिये वरदान साबित हुई।
-0-




लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...