रविवार, 18 नवंबर 2018

नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि आज

बाड़मेर, 18 नवंबर। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर हैं। सोमवार को दोपहर तीन बजे तक सम्बन्धित रिटर्निग अधिकारी के कार्यालय में नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 12 नवम्बर को जारी चुनाव अधिसूचना कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र भरने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर है। उनके मुताबिक सोमवार को सुबह ग्यारह बजे से अपरान्ह तीन बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी नाम निर्देशन प्रस्तुत कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 20 नवम्बर को की जाएगी। साथ ही नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 22 नवम्बर है। उन्होंने बताया कि 7 दिसम्बर 2018 को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा तथा मतगणना 11 दिसम्बर को होगी।



शनिवार, 17 नवंबर 2018

मुनाबाव में वोट फॉर इंडिया रंगोली के जरिए मतदान करने की अपील

शहर से सरहद तक पहुंचा लोकतंत्र का संदेश

बाड़मेर, 17 नवंबर। बाड़मेर जिले में शनिवार को लोकतंत्र का संदेश पश्चिमी सरहद तक पहुंचा। बाड़मेर से मुनाबाव पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थियों ने सात दिसंबर को मतदान करने का संदेश दिया।
        जिला प्रशासन, स्वीप एवं श्री गणेश विद्या मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पश्चिमी सरहद पर आयोजित लोकतंत्र उत्सव 2018 के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने वोट फॉर इंडिया रंगोली बनाई। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के डिप्टी कमांडेंट एन.के. तिवारी, नितिन चतुर्वेदी, कंपनी कमांडर एम.एल. मीणा, गडरारोड़ के तहसीलदार डाला राम पंवार, विकास अधिकारी सुनीता परिहार ने मतदान प्रक्रिया से जुड़े विविध पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने परिजनों और पड़ोसियों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने लिए निर्वाचन आयोग की ओर से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल अवश्य करें। कार्यक्रम में कैलाश जोशी एवं अर्जुन कुमार राठी ने ईवीएम एवं वीवीपेट के जरिए मतदान करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संस्था प्रधान आंनद चौधरी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारत-पाक सीमा के अलावा थार एक्सप्रेस के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षिका खम्मा चौधरी एवं प्रिया पारवानी के नेतृत्व में रचना परमार, सावित्री विश्नोई, सरस्वती, सरिता, अनिता, खुशबू, मीना ने फॉर फॉर इंडिया की रंगोली बनाकर सात दिसंबर को अधिकाधिक लोगों की मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने तारबंदी के समीप मानव श्रृंखला बनाकर सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान करने का संदेश दिया।
इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल के जवानों को ईवीएम से मतदान करने की प्रायोगिक जानकारी दी गई। उनको बताया गया कि पहली बार विधानसभा चुनाव के दौरान पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपेट का  इस्तेमाल किया जाएगा। इसके स्क्रीन पर जिस उम्मीदवार को मतदाता ने मतदान किया है, उसके बारे में सूचना प्रदर्शित होगी। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के पुष्पेन्द्र सिंह, विपिन कुमार, सरिता चौधरी, गोविंद बेनीवाल, रामाराम सेंवर, तनुजा जांगिड़, चांदनी कृपलानी, हनुमान चौधरी, सताराम बेनीवाल, गुड़िया गौड़ समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






शनिवार को 27 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

बाड़मेर, 17 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव के नामांकन के छठे दिन शनिवार को 27 उम्मीदवारों ने 36 नामांकन पत्र दाखिल किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि शिव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से शनिवार को कांग्रेस से अमीन खान ने 4, खंगारसिंह सोढा ने भाजपा से 2, निर्दलीय राणाराम ने 1 एवं अभिनव राजस्थान पार्टी से जसवन्तसिंह ने एक नामांकन पत्र दाखिल किए। इसी प्रकार बाडमेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया से नानकदास धारीवाल ने 1, बायतु विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से बहुजन समाजपार्टी के किशोरसिंह ने 1, निर्दलीय गोपाल प्रसाद ने 1 एवं अभिनव राजस्थान पार्टी से करनाराम ने 1, पचपदरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय ओमाराम ने 1, कांग्रेस से मदन प्रजापत ने 3, भाजपा के अमराराम ने 2, शिव सेना से पन्नालाल ने 1 एवं निर्दलीय समरथाराम ने 1 नामांकन पत्र दाखिल किए।
उन्होने बताया कि सिवाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय कांतिलाल ने 1, अभिनव राजस्थान पार्टी से डूंगरसिंह ने 1, निर्दलीय बाबूलाल ने 1, निर्दलीय रेवत कुमार ने 1, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सताराम ने 1 एवं निर्दलीय रमेश कुमार ने 1, गुडामालानी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से लादूराम ने 1, दलित शोषित पिछड़ा वर्ग अधिकार दल से रामाराम ने 1, आप से हनुमानराम ने 1 एवं निर्दलीय वोहताराम ने 1 तथा चौहटन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय भेराराम ने 1, भाजपा से आदूराम बोसिया ने 2, कांग्रेस से पदमाराम ने 2 एवं निर्दलीय मूलाराम ने 1 नामांकन पत्र दाखिल किए। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर है। इस दौरान रविवार 18 नवम्बर को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे।

शुक्रवार, 16 नवंबर 2018

पांचवे दिन 12 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

बाड़मेर, 16 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव के नामांकन के पांचवे दिन 12 उम्मीदवारों ने 18 नामांकन पत्र दाखिल किए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शिव विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को सादुलाराम कुमावत ने जनता दल यूनाइटेड से 2, बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र से मेवाराम जैन ने कांग्रेस पार्टी की ओर से 4, नानकदास धारीवाल ने सीपीआई से, निर्दलीय उदाराम खोथ एवं निर्दलीय जुंजा ने एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किए। उन्होंने बताया कि बायतु विधानसभा क्षेत्र से मगाराम ने दलित शोषित पिछड़ा वर्ग अधिकार दल से एक, पचपदरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय ओमाराम ने एक, मांगीलाल ने आम आदमी पार्टी से एक तथा सिवाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय पारसमल, कलाराम, कान्तिलाल ने एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी तरह गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र से लादूराम ने भाजपा से 3 नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि चौहटन विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर है। इस दौरान रविवार को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे।

गुरुवार, 15 नवंबर 2018

महिला कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया से रुबरु कराया


पहली बार महिला कार्मिक मतदान केन्द्रों पर चुनाव प्रक्रिया को संपादित करवाएगी

बाड़मेर, 15 नवंबर। महिला कार्मिकों को आदर्श मतदान केन्द्रों पर चुनाव प्रक्रिया संपादित करवाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। आप गहनता से प्रशिक्षण लेने के साथ पूर्ण निष्ठा से कार्य संपादित कर उदाहरण प्रस्तुत करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेंस हाल में आदर्श मतदान केन्द्रों में नियुक्त की जाने वाली महिला कार्मिकों को चुनाव सम्बन्धित प्रशिक्षण के दौरान यह बात कही।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार के अलावा मास्टर ट्रेनर प्रोफेसर मुकेश पचौरी ने चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इन कार्मिकों को ईवीएम एवं वी वी पेट के बारे में तकनीकी और प्रायोगिक जानकारी दी गई। उल्लेखनिय है कि समस्त विधानसभा क्षेत्रो में एक-एक आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा। जिसमे महिला कार्मिकों को तैनात किया जाएगा।


-0-

मतदाता जागरूकता के लिए बनाई रंगोली


                बाड़मेर,15 नवंबर। पंचायत समिति चौहटन की ओर से स्वीप गतिविधियों के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा सहयोगिनियों ने समिति परिसर में रंगोली सजा कर लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।
                इस दौरान विकास अधिकारी बाबू सिंह राजपुरोहित, पर्यवेक्षक डूंगराराम सोनगरा ने महिलाओं को अपने अपने क्षेत्र में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। समिति परिसर में आकर्षक रंगोली सजाकर सात दिसंबर को होने वाले मतदान को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूर किया जाए  और अंत में समस्त महिलाओं ने मतदान करने का संकल्प लिया ।
                इस दौरान पंचायत समिति के विकास अधिकारी बाबू सिंह राजपुरोहित, महिला एंव बाल विकास विभाग के डूंगराराम सोनगरा, दिलीप गुप्ता, विमला एंव कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी उपस्थित रहे ।


व्यय पर्यवेक्षक राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों के चुनावी व्यय पर रखेंगे निगरानी


बाड़मेर, 15 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राजनीतिक दलों एवं विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के निर्वाचन पर प्रभावी एवं नियमित रूप मोनीटरिंग तथा अनुवीक्षण कार्य के लिए दो व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि बाड़मेर जिले में शिव, सिवाना, गुड़ामालानी तथा चौहटन विधानसभा के लिए आईआरएस काजी सुहैल अनीस अहमद तथा बाड़मेर, बायतु, पचपदरा विधानसभा क्षेत्र के लिए आईआरएस विभोर बदोनी को व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि व्यय पर्यवेक्षक आईआरएस काजी सुहैल अनीस अहमद से मोबाइल 8000929660 एवं आईआरएस विभोर बदोनी से 8000929656 पर संपर्क किया जा सकता है। इसी तरह शिव विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक आईएएस मदन चन्द्र डेका के मोबाइल नंबर 8000929653,  बाड़मेर के लिए आईएएस ओमप्रकाश बाकोडिया के मोबाइल 8000929640, सिवाना के लिए आईएएस दिलिप कुमार टोप्पो के मोबाइल 8000929661, चौहटन के लिए आईएएस डॉ. अमित सैनी से मोबाइल 8000929630, पचपदरा के लिए आईएएस देवदत शर्मा से मोबाइल 8000929650,  बायतु के लिए आईएएस एम.रामचंदूडू के मोबाइल 8000929635, गुडामालानी के लिए आईएएस पुनीत गोयल से मोबाइल 8000929635 पर संपर्क किया जा सकता है। इनके मोबाइल नंबर 18 नवंबर से एक्टिवेट होंगे।
उन्होंने बताया कि इन केन्द्रीय पर्यवेक्षकों के बाड़मेर प्रवास के दौरान सम्पूर्ण व्यवस्थाओं के लिए समन्वय और पर्यवेषण के लिए उप वन संरक्षक विक्रम केसरी प्रधान दूरभाष 8764233373 को नोडल अधिकारी लगाया गया है। बाड़मेर प्रवास के दौरान विधानसभा चुनाव के  संबंध में आमजन सर्किट हाउस में केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मिल सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मोबाइल नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।

चौथे दिन एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया


                बाड़मेर,15 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव  के नामांकन के चौथे दिन बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र से एक उम्मीदवार ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि गुरुवार को बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार लक्ष्मण राम चौधरी ने एक नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर है। इस दौरान रविवार को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे।

ई पेपर के लिए राजनीतिक विज्ञापन अधिप्रमाणन करवाने होंगे


बाड़मेर जिले में सात विधानसभा क्षेत्रो में 2194 मतदान केंद्र स्थापित

                बाड़मेर, 15 नवंबर। विधानसभा चुनाव के दौरान समाचार पत्रों के ई पेपर्स में प्रकाशित होने वाले राजनीतिक प्रवृत्ति के विज्ञापनों को प्रसारित करवाने से पूर्व सक्षम समिति से अधिप्रमाणन करवाना जरूरी होगा। 
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार समाचार पत्र के किसी भी संस्करण के ई पेपर में यदि राजनीतिक प्रवृत्ति का कोई विज्ञापन प्रसारित किया जाता है तो भारत निर्वाचन आयोग के पेड न्यूज के संबंध में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार प्रसारण से पूर्व सक्षम समिति से विज्ञापन का   अधिप्रमाणन करवाना जाना आवश्यक है। उनके मुताबिक समस्त संपादकों से अनुरोध किया गया है कि यदि वे अपने प्रकाशन के किसी भी संस्करण के ई पेपर में राजनीतिक प्रवृति का कोई विज्ञापन प्रसारित करते है तो सम्बन्धित अभ्यर्थी या राजनीतिक दल से सक्षम स्तर पर गठित समिति की ओर से प्राप्त की गई अधिप्रमाणन की प्रति लेना सुनिश्चित करें।
                उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव संपादित करवाने के लिए 2194 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके तहत शिव विधानसभा क्षेत्र में 402, बाड़मेर में 291, बायतु में 329, पचपदरा में 243, सिवाना में 277, गुड़ामालानी में 326, चौहटन में 326  मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसमें बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पांच सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना की गई हैं। यह पांच सहायक मतदान केंद्र राजकीय माध्यमिक विद्यालय रेल्वे कुंआ नंबर 3 मध्य भाग बाड़मेर कमरा संख्या 5, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संख्या 1 बायां मध्य भाग बाड़मेर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या 4 सभा भवन जोगियों की दड़ी बाड़मेर दायां भाग, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय महावीर नगर बायां मध्य भाग बाड़मेर, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय इंदिरा नगर बाड़मेर मध्य भाग कमरा नंबर 7 शामिल है।


बुधवार, 14 नवंबर 2018

बेस्ट इलेक्शन मैनेजमेंट के गुर सिखा रहे है बाड़मेर कलक्टर

बाड़मेर, 14 नवंबर। बाड़मेर कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते इन दिनों चुनाव ड्यूटी से जुड़े कार्मिकों को बेस्ट इलेक्शन मैनेजमेंट के गुर सिखा रहे है। उनका प्रयास है कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशासनिक स्तर पर किसी तरह की कोई कमी नहीं रहे।
बाड़मेर जिले में आगामी 7 दिसंबर को होने वाले मतदान के दौरान अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप के तहत कई प्रकार के नवाचार किए जा रहे हैं। इन दिनों बाड़मेर जिला मुख्यालय पर मतदान से जुड़े कार्मिकों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण चल रहा है। इस प्रशिक्षण की जिम्मेदारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम एवं प्रोफेसर मुकेश पचौरी के साथ कई मास्टर ट्रेनर्स ने संभाल रखी है। इसके बावजूद जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते खुद राजकीय महाविद्यालय एवं इंजीनिरिंग कालेज जालीपा में चल रहे प्रशिक्षण में नियमित रूप से पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विविध पहलुओं से कार्मिकों को रूबरू करा रहे है। प्रदेश में यह पहला मौका है जब कोई निर्वाचन अधिकारी इस तरह से चुनाव से जुड़े कार्मिकों के साथ बैठकर खुद ईवीएम, वीवीपेट के अलावा मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दे रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते प्रशिक्षणार्थियों से ईवीएम एवं वीवीपेट सम्बन्धित जानकारी साझा करने के साथ उनसे प्रायोगिक परीक्षण भी करा रहे है। नए तरीके के कारण ही कार्मिक भी गहनता से  प्रशिक्षण ले रहे है। जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने प्रभावी प्रशिक्षण के लिए कुछ वीडियो भी तैयार करवाए है। इसके अलावा पीपीटी एवं मास्टर ट्रेनर्स को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते के मुताबिक जिले में विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे है। बाड़मेर जिले में 2189 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा दिव्यागों के सुगम मतदान के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रिटर्निग अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाए करने के निर्देश दिए गए है।






दिव्यागों को मतदान के लिए मिलेगी विशेष सुविधाएं


                बाड़मेर, 14 नवम्बर। निर्वाचन आयेाग के निर्देशानुसार बाड़मेर जिले में 7 दिसम्बर को मतदान दिवस के दिन दिव्यांग मतदाताओं को विशेष प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि समस्त आरओ को निर्देशित किया गया है कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदाता सहायक, व्हील चेयर, निशुल्क यातायात की सुविधा, रैम्प के साथ-साथ अन्य मूलभूत जन सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाए।

उम्मीदवार का शपथ पत्र साइट पर अपलोड होना जरूरी


आमजन के अवलोकनार्थ साइट पर रहेगा उपलब्ध शपथ पत्र

                बाड़मेर, 14 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव के दौरान प्राप्त होने वाले नामांकन, संवीक्षा एवं नाम वापसी की सूचना निर्वाचन आयोग की वेबसाईट एवं पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट की जा रही है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार नामांकन की प्रतिदिन सूचना आयोग की वेबसाईट http://genesys.nic.in तथा विभाग के पोर्टल राज इलेक्शन पर अपडेट सूचना अपलोड करनी होगी। उनके मुताबिक अभ्यर्थी की ओर से नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथ पत्र को भी दोनों पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की ओर से पृथक से संशोधित शपथ पत्र दिया जाता है, तो उसको भी अपलोड करने का प्रावधान राज इलेक्शन पोर्टल पर किया गया है। यदि किसी व्यक्ति की ओर से काउंटर शपथ पत्र प्रस्तुत किया जाता है तो उसको भी अपलोड किया जायेगा। उनके अनुसार रिटर्निंग अधिकारी की ओर से आयोग को दी जाने वाली समस्त सूचना अपलोड करने के साथ-साथ आमजन के अवलोकन के लिए ceorajasthan.nic.in पर भी नामांकन पत्र, शपथ पत्र, काउंटर शपथ पत्र की अपलोड करने होंगे।

तीसरे दिन तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए


बाड़मेर, 14 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव  के नामांकन के तीसरे दिन सिवाना विधानसभा क्षेत्र से तीन उम्मीदवारों ने तीन नामांकन पत्र दाखिल किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि बुधवार  को सिवाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार विजय सिंह , जबरा राम तथा पारस राम ने आप से एक- एक नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर है। इस दरम्यान रविवार, 18 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। उनके मुताबिक़ नामांकन पत्रों की जांच 20 नवम्बर को की जाएगी। अभ्यर्थी अपने नाम 22 नवम्बर तक वापस ले सकेंगे। साथ ही मतदान 7 दिसम्बर को प्रातः 8 से सायं 5 बजे तक होगा तथा मतगणना 11 दिसम्बर को की जाएगी।

बाड़मेर जिले में दस केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त


सर्किट हाउस में आमजन केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मिल सकते हैं

बाड़मेर, 14 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से दस केन्द्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई हैं। बाड़मेर प्रवास के दौरान इनका ठहराव सर्किट हाउस में रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि शिव विधानसभा क्षेत्र के लिए आईएएस मदन चन्द्र डेका कमरा संख्या 2 मोबाइल 09864078735, बाड़मेर के लिए आईएएस ओमप्रकाश बाकोडिया कमरा संख्या 13 मोबाइल 09420081699, सिवाना के लिए आईएएस दिलिप कुमार टोप्पो कमरा संख्या 14 मोबाइल 09431106262, चौहटन के लिए आईएएस डॉ. अमित सैनी कमरा संख्या 04 मोबाइल 09422644441, पचपदरा के लिए आईएएस देवदत शर्मा कमरा संख्या 05 मोबाइल 09418488858, बायतु के लिए आईएएस एम.रामचंदूडू कमरा संख्या 06 मोबाइल 09430524497, गुडामालानी के लिए आईएएस पुनीत गोयल कमरा संख्या 07 मोबाइल 09888100321 एवं व्यय पर्यवेक्षक-1 आईआरएस काजी सुहैल अनीस अहमद कमरा संख्या 08 मोबाइल 09545382786, पर्यवेक्षक-2 आईआरएस विभोर बदोनी कमरा संख्या 09 मोबाइल 09960238168 तथा पुलिस आब्जर्वर आईपीएस संजीव त्यागी कमरा संख्या-10 मोबाइल 09454400357में उपस्थित रहेंगे। इन केन्द्रीय पर्यवेक्षकों के बाड़मेर प्रवास के दौरान सम्पूर्ण व्यवस्थाओं के लिए समन्वय और पर्यवेषण के लिए उप वन संरक्षक विक्रम केसरी प्रधान को नोडल अधिकारी लगाया गया है। विधानसभा चुनाव के संबंध में आमजन सर्किट हाउस में निर्धारित कमरों में केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मिल सकते हैं।

मंगलवार, 13 नवंबर 2018

भारत निर्वाचन आयोग का दो दिवसीय दौरा 16 नवंबर से


उदयपुर एवं जयपुर में बैठक के  दौरान संभाग के अधिकारियों से चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजा

                बाड़मेर, 13 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत, चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और अशोक लवासा दो दिवसीय यात्रा पर 16 नवंबर को राजस्थान आएंगे। इस दौरान वे विधानसभा आम चुनाव-2018 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। 
                मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त 16 नवंबर को उदयपुर में जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के संभागीय आयुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और चुनाव के जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव पूर्व तैयारियों का जायजा लेंगे। इसी दिन राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी और कानून एवं व्यवस्था से जुड़े पुलिस अधिकारी तैयारियों की जानकारी देंगे।

राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को चुनाव प्रसारण का समय आवंटित


                बाड़मेर, 13 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को आकाशवाणी एवं दूरदर्शन केन्द्र से चुनाव प्रसारण का समय आवंटित करने के लिए शासन सचिवालय में एक बैठक आयोजित कर लॉटरी निकाली गई।
                मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार की अध्यक्षता में सभी राजनीतिक दलों की उपस्थिति में लॉटरी निकालकर प्रत्येक दल को चुनाव प्रसारण के लिए तिथि और समय का निर्धारण किया गया। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को आकाशवाणी और दूरदर्शन के जरिए प्रचार-प्रसार के लिए 631-631 मिनट का समय आवंटित किया है। इसमें से बहुजन समाज पार्टी को आकाशवाणी व दूरदर्शन पर 58-58 मिनट, भारतीय जनता पार्टी को 217-217 मिनट, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी को 46-46 मिनट एवं मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी को 48-48 मिनट, इंडियन नेशनल कांग्रेस को 171-171 मिनट, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी को 46-46 मिनट और एआईटीसी को 45-45 मिनट का समय दिया गया है।
                यह प्रसारण आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर 22 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक प्रतिदिन प्रसारित किया जाएगा। दूरदर्शन पर सायं 4.15 बजे से 6.15 बजे तक और आकाशवाणी पर सायं 5 बजे से 7.45 बजे तक प्रसारण होगा। गौरतलब है कि आकाशवाणी और दूरदर्शन में 5 दिसंबर को दिया गया समय शाम 5 बजे से पूर्व ही समाप्त कर दिया जाएगा।

दृष्टिबाधित मतदाताओं को ब्रेल लिपि के जरिए मिलेगी मतदान की सुविधा


                बाड़मेर, 13 नवम्बर। दृष्टिबाधित मतदाताओं को ब्रेल लिपि के माध्यम से मतदान की सुविधा प्रदान करने के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि इस बार चुनाव में ईवीएम एम-3 प्रयोग में ली जाएगी। जिनके नीले बटन के दाहिनी ओर वोटिंग बटन पर ब्रेल लिपि में अभ्यर्थियों की क्रम संख्या उकेरी हुई है, जिसे दृष्टिहीन मतदाता स्पर्श करके पढ़ सकेंगे। इसलिए बटनों पर ब्रेल लिपि के स्टीकर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
                उन्होंने बताया निर्वाचन आयोग ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार होने के तुरंत बाद रिटर्निंग अधिकारियों को डमी बैलेट शीट का मुद्रण करवाने के लिए अधिकृत ब्रेल लिपि मुद्रणालय में अपना प्रतिनिधि भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि डमी बैलेट शीट विधानसभा क्षेत्रवार प्रारूप 7 ए के अनुसार तैयार की जाएगी। इसमें बैलेट यूनिट पर लगने वाले बैलेट पेपर की तरह अभ्यर्थियों का क्रमांक, अभ्यर्थी का नाम, पार्टी का नाम मुद्रित किया जाएगा। डमी बैलेट शीट्स हिंदी भाषा में मुद्रित की जाएगी।
                उनके मुताबिक निर्वाचन आयोग की ओर से दृष्टिबाधित मतदाताओं को प्रदान की जाने वाली सुविधा एवं प्रक्रिया की जानकारी प्रत्येक पीठासीन अधिकारी एवं मतदाता अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही है। नकाते ने बताया कि एक दृष्टिबाधित मतदाता की ओर से मतदान करने के बाद डमी बैलेट शीट अन्य दृष्टिबाधित मतदाताओं के प्रयोग के लिए पीठासीन अधिकारी की ओर से वापस अपने पास रखवा ली जाएगी।

मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अधिकृत



                बाड़मेर, 13 नवंबर। राज्य सरकार ने आदेश जारी कर विधानसभा चुनाव में मतदान दिवस 7 दिसंबर को समस्त निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी को अधिकृत किया है।
                आदेश के अनुसार पुनर्मतदान की स्थिति में जहॉ पुनर्मतदान होगा, उस मतदान क्षेत्र अथवा क्षेत्रों में भी सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) को अधिकृत किया गया  है।

दूसरे दिन तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए


                बाड़मेर, 13 नवंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव  के नामांकन के दूसरे दिन तीन विधानसभा क्षेत्रों से तीन उम्मीदवारों ने नौ नामांकन पत्र दाखिल किए।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि मंगलवार  को बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार कालू माली ने एक, बायतू विधानसभा से हरीश चौधरी तथा गुड़ामालानी से हेमाराम चौधरी ने इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से चार-चार नामांकन पत्र दाखिल किए।

चुनाव भयमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी हो - व्यय पर्यवेक्षक


                बाड़मेर, 13 नवम्बर। विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक काजी सुहैल अनीस अहमद एवं विभोर बदोनी ने बाड़मेर जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेस हाल में चुनाव में लगे अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी एवं उम्मीदवारों की ओर से किये जा रहे व्यय को खर्चें में शामिल करने के संबंध में अब तक की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। 
                इस दौरान व्यय पर्यवेक्षक काजी सुहैल अनीस अहमद ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप विधानसभा चुनाव का कार्य अच्छा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को वोट देने का अवसर मिले, जिसमें कोई बाधा पैदा नही होनी चाहिए। चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र, भयमुक्त एवं पारदर्शी होने चाहिए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के  निर्देश दिए। उन्होने कहा कि आप सभी अच्छा कार्य कर रहे है और इस जज्बे को आगे भी जारी रखे व चुनाव प्रक्रिया से संबंधित किसी प्रकार की शंका समाधान के लिए सम्पर्क किया जा सकता है। व्यय पर्यवेक्षक विभोर बदोनी ने फ्लाइंग स्क्वायड, एसएसटी की प्रतिदिन रिपोर्ट लेने, नाका और चेक पोस्ट्स पर प्रभावी निगरानी और उनकी वीडियोग्राफी करवाने, आपत्तिजनक मोबाइल संदेशों के प्रति जनता को जागरूक करने सहित अन्य विषयों पर अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी हासिल करते  हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिए।      
                इस दौरान नोडल अधिकारियों से प्रतिदिन टीमों की ओर से भेजी जानेे वाली रिपोर्टिंग, असाधारण बिक्री पर नजर रखने, स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग, अवैध शराब सहित अन्य कार्यो के तहत अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की गई ।
                इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि बाड़मेर जिले में आचार संहिता की घोषणा के साथ ही वीवीटी, एफएसटी, फ्लाईंग स्कोड तथा आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठों को सक्रिय कर दिया गया था। साथ ही आदर्श आचार संहिता की पालना करवाई जा रही है। विभिन्न बैंको में अधिक राशि के लेनदेन की सूचना भी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के लिये जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ सभी आरओ स्तर पर  नियंत्रण कक्ष स्थापित किये गये है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिये स्वीप कार्यक्रम के तहत जागृति पैदा करने एवं 7 दिसम्बर को अधिक से अधिक मतदान हो, इसके लिये विभिन्न प्रकार की गतिविधियां, रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता, शपथ लेना, हस्ताक्षर अभियान, रैलियां आयोजित की गई है तथा संकल्प पत्र भरवाने का कार्य करवाया जा रहा है।
                इस अवसर पर राजस्व अपील अधिकारी रामदेव गोयल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों, मोनेटरिंग, प्रशिक्षण तथा नवाचारों के बारे मे जानकारी दी। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालुराम, कोषाधिकारी दिनेश बाहरठ, रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एव सर्तकता दलों के प्रभरी भी मौजूद रहे।




लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...