बुधवार, 6 अप्रैल 2022

जिला कलक्टर ने योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा

सम्पर्क पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें

बाड़मेर, 06 अप्रेल। जिला कलक्टर लोक बंधु ने बुधवार को मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के अन्तर्गत जिले में हुई घोषणाओं से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं पर भी चर्चा की।
      इस मौके पर जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को जिले के लिए हुई बजट घोषणाओं का समय रहते क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने विभाग से सम्बन्धित घोषणा की जानकारी प्राप्त कर भूखण्ड आवंटन करवा कर कार्य को प्रारम्भ करे।
बैठक में जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर विभागवार लम्बित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की एवं 30 दिन से अधिक बकाया प्रकरणों को तुरंत निपटारा करने को कहा। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों एवं गत दिनों मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान उन्हें दी गई परिवेदनाओं को निस्तारण कर इसकी रिपोर्ट तुरंत भेजने को कहा।
  इस दौरान जिला कलेक्टर ने फ्लेगशिप योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणा के अन्तर्गत नवीन चिकित्सा उपक्रमों की स्थापना एवं क्रमोन्नत करना, बायतु एवं सिवाना में नवीन राजकीय महाविद्यालय, जिले में साईबर पुलिस स्टेशन, सावित्री बाई फूले बालिका छात्रावास एवं जिले की अन्य बजट घोषणाओं की समीक्षा की। इन घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन का चिन्हिकरण, पद स्वीकृति को लेकर सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण को प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में भिजवाने के निर्देश दिए।
  बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, उपवन सरंक्षक संजय भादू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, यूआईटी सचिव शैलेश सुराणा, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान के साथ ही अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
-0-




मंगलवार, 5 अप्रैल 2022

विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

बाड़मेर, 05 अप्रेल। बुधवार 6 अप्रेल को 33 केवी रीको एवं महावीर नगर उपचौकी से निकलने वाले 11 केवी शिव नगर फिडर एवं बलदेव नगर फिडर की लाईनों को दुरूस्त करने एवं लाईनों का मैन्टेनेंस करने हेतु प्रातः 7 से 10 बजे तक विद्युत सप्लाई बन्द रहेगी।

जोविविनिलि के सहायक अभियन्ता ने बताया कि उक्त मैन्टेनेंस कार्य के दौरान बुधवार प्रातः 7 से 10 बजे तक सदर थाने के पास सामने से सन्तोषी टॉवर तक शास्त्री नगर, परमार डेकोरेशन के पास वाली डीपी, बलदेव नगर, आंचल सिनेमा, बीएनसी चौराहा, कन्या छात्रावास एवं आसपास का क्षेत्र तथा इस फिडर से जुड़े क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
-0-

मदिरा कम्पोजित दुकानों की ई निलामी 8, 11 एवं 12 अप्रेल को

बाड़मेर, 05 अप्रेल। राज्य सरकार द्वारा आबकारी बन्दोबस्त वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 हेतु राज्य सरकार की नई आबकारी एवं मद्य संयम नीति वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 जारी की गई है। बाड़मेर जिले की 198 देशी मदिरा कम्पोजिट दुकानों में से 97 देशी मदिरा कम्पोजिट दुकानों का सफल बन्दोबस्त हो चुका है।

जिला आबकारी अधिकारी विनोद वैष्णव ने बताया कि आबकारी जिला बाडमेर में बन्दोबस्त से शेष रही 101 मदिरा दुकाने जिसमें बाड़मेर, बालोतरा एवं चौहटन में क्रमशः 27, 47 एवं 27 दुकाने है। उन्होने बताया कि आबकारी जिला बाड़मेर की निर्धारित वार्षिक गारंटी राशि को राज्य सरकार द्वारा औसतन 20 प्रतिशत कम किया गया है। बन्दोबस्त से शेष रही 101 मदिरा दुकानों का आवंटन ई निलामी से 8, 11 एवं 12 अप्रेल को क्रमशः तीन चरणों में भारत सरकार के उपक्रम एमएसटीसी के माध्यम से कियो जाएगा। सर्वप्रथम आवेदनकर्ता को एमएसटीसी की साईट पर जाकर वन टाईम रजिस्टेªशन करवाना आवश्यक होगा। प्रत्येक दुकान के लिए एक न्यूनतम रिजर्व प्राईज निर्धारित की गई है जिस पर बोलीदाता अपनी बोली लगा सकता है जिसमें से उच्चतम बोलीदाता को मदिरा दुकान आवंटित की जाएगी। बोलीदाता को पिछली बोली राशि से कम से कम 10000 रूपये बढाकर बोली लगानी होगी। आबकारी विभाग की वेबसाईट https://rajexcise.gov.in पर बाड़मेर जिले की 101 मदिरा दुकानों की सूची प्रदर्शित है।
-0-

नेहरू नगर ओवर ब्रिज 16 अप्रेल तक बन्द रहेगा

बाड़मेर, 05 अप्रेल। नेहरू नगर रेलवे ओवर ब्रिज पर स्थित सड़क मरम्मत कार्य के मद्देनजर उक्त ब्रिज पर वाहन एवं पैदल आवागमन 16 अप्रेल प्रातः तक बन्द रहेगा।

सार्वजनिक निर्माण विभाग वृत बाड़मेर के अधीक्षण अभियन्ता सुरेश शर्मा ने बताया कि नेहरू नगर रेल्वे ब्रिज पर स्थित सड़क मरम्मत कार्य बिटुमिनस कांक्रिट व मेस्टीक अस्फाल्ट से करवाया जाना है, जिस हेतु उक्त ब्रिज पर वाहन एवं पैदल आवागमन 16 अप्रेल, 2022 सुबह तक बन्द रहेगा।
-0-

तेरह हजार पशुओं के संरक्षण हेतु चारा शिविर खुलेंगे

बाड़मेर, 05 अप्रेल। अभाव संवत् 2078 में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में लघु एवं सीमान्त कृषकों द्वारा अभाव अवधि के दौरान छोडे़ गये पशुओं के संरक्षण हेतु विभिन्न स्थानों पर कुल 85 पशु शिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है। इन पशु शिविरों में 11413 बड़े एवं 1732 छोटे पशुओं सहित कुल 13145 पशुओं का संरक्षण हो सकेगा।

जिला कलक्टर (सहायता) लोक बंधु ने बताया कि जिले में शिव तहसील क्षेत्र में ग्राम राजबेरा, धीरजी की ढाणी, स्वामी का गांव, सुजानियों की ढाणी, मतुओं की ढाणी, काने का गांव, बरसिंगा, आन्तरा, राणेजी की बस्ती, मेहरों की ढाणी, तालों का गांव, तालों का पार, बलाई, सुआवाला आगोर, रूघानाड़ा, माणिणी गांव, लीकडी, सुवाला, जसे का गांव, मेगे का गांव, हाथीसिंह का गांव, रावत का गांव, काश्मीर, गोरसियों का तला, ऐड की बस्ती, रतकुडिया, रामदेवपुरा, नागाणा, मंगलसर, देवलपुरा, आरंग, माधा का तला, पौशाल, अर्जुन का तला, मोतीनाडा, शिव, नीम्बासर, अम्बावाडी, उण्डू, पन्नावास, मूढणों की ढाणी, जाटावास, प्रहलादपुरा, बिसूकला, बिसू खुर्द, मुहडों की ढाणी, मणिहारी, हडवेचा, हडवा, भैरूपुरा, रतनुओं की ढाणी, कोटडियों की ढाणी, भीयाड़, थूम्बली, आकली, गिरल, खेजडली, करानीपुरा, सवाईपुरा, स्वरूप नगर, नेतड़ों की ढाणी, लखावसर, धारवी खुर्द, सरगीलापार, धोलकिया, झरी, जुणेजों की बस्ती, उचावडा, रामदेरिया, चिबरा मगरा, लक्ष्मीपुरा, मण्डालिया, भिमडा, नेगरड़ा, करणी नगर, कालीजाट, भंवरीसर तथा गडरारोड तहसील क्षेत्र में झणकली ग्राम में पशु शिविर खोलने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
-0-

राज्य निर्यात पुरस्कार योजना वर्ष 2020-21 हेतु आवेदन पत्र आमन्त्रित

बाड़मेर, 05 अप्रेल। राज्य के उत्कृष्ठ निर्यातकों को उनकी एक्सपोर्ट परफोरमेंस के आधार पर चयनित कर पुरस्कृत करने के उद्देश्य से राजस्थान निर्यात पुरस्कार योजना 2019 के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए 23 अप्रेल, 2022 तक ऑनलाईन आवेदन पत्र आमन्त्रित किये गये है।

जिला उद्योग केन्द्र के महा प्रबन्धक ने बताया कियोजना की जानकारी एवं आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट http%//@industries-rajasthan.gov.in/content/industries/doi/html पर उपलब्ध है। आवेदनकर्ता इकाई आवेदन पत्र ई मेल आईडी dicbarmer@rajasthan.gov.in या संयुक्त निदेशक उद्योग एवं वाणिज्य (निर्यात) की ई मेल आईडी indrajfo16@rajasthan.gov.in पर ई मेल कर सकते है।
-0-

राजस्व अधिकारियों की वर्चुअल बैठक 9 को

  बाड़मेर, 05 अप्रेल। राजस्व अधिकारियों की बैठक वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 9 अप्रेल को प्रातः 9 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्व सबंधी कार्यो एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यो पर समीक्षा की जाएगी।

  अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि उक्त वीडियों कांफ्रेसिंग में राजस्व संबंघी निर्धारित बिन्दुओं पर समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को पूर्व एजेण्डा अनुसार आवश्यक सूचनाओं के साथ उक्त वीडियों कांफ्रेसिंग में अपने-अपने मुख्यालय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।    
-0-

राजकीय कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु निःशुल्क भूमि आवंटित

फागलिया में आयुष अस्पताल, सीबीईओ, बीसीएमएचओ व आईसीडीएस ऑफिस के लिए जमीन आवंटित


बाड़मेर, 05 अप्रेल। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओ एवं सरकारी संशाधनो के निर्माण हेतु जिला कलेक्टर लोक बंधु ने विभिन्न प्रयोजनों के लिए भूमि आवंटन किए हैं।
  जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा आदेश जारी कर बजट घोषणा वर्ष 2022-23 के क्रम में ग्राम फागलिया में आयुष चिकित्सालय फागलिया हेतु 3-15 बीघा, नवीन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय फागलिया हेतु 2-00 बीघा, नवीन मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय फागलिया हेतु 5-00 बीघा, नवीन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय फागलिया हेतु 2-00 बीघा, ग्राम सालारिया में नवीन मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सेड़वा हेतु 5-00 बीघा, नवीन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सेड़वा हेतु 1-16 बीघा एवं ग्राम धनाउ में तहसील धनाउ के मॉडन रेकर्ड रूम तथा उपखण्ड कार्यालय हेतु 3-00 बीघा भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि सेड़वा तहसील के ग्राम फागलिया के खसरा नम्बर 130 रकबा 71 बीघा किस्म गे.मु.गोचर मे से रकबा 3-15 बीघा भूमि की आयुष चिकित्सालय फागलिया, रकबा 2-00 बीघा भूमि की नवीन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय फागलिया, रकबा 5-00 बीघा भूमि की नवीन मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय फागलिया, रकबा 2-00 बीघा भूमि की नवीन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय फागलिया के भवन निर्माण हेतु मॉग करने तथा उपखण्ड अधिकारी सेडवा एवं तहसीलदार सेडवा द्वारा उक्तानुसार चारागाह भूमि का वर्गीकरण परिवर्तन कर भूमि आवंटन करने एवं उक्त चारागाह भूमि के वर्ग परिवर्तन के फलस्वरूप चारागाह भूमि की क्षतिपूर्ति हेतु ग्राम पंचायत फागलिया के राजस्व ग्राम फागलिया के खसरा नम्बर 53 मे से क्रमशः रकबा 3-15 बीघा, रकबा 2-00 बीघा, रकबा 5-00 बीघा एवं रकबा 2-00 बीघा भूमि चारागाह में परिवर्तित करने की अभिशंषा करने पर राजस्थान काश्तकारी (सरकारी) नियम 1955 के नियम 7 के तहत चारागाह भूमि का वर्गीकरण परिवर्तन कर तहसीलदार सेडवा द्वारा प्रस्तावित नक्शे अनुसार राजस्थान भू राजस्व (स्कूलों, कॉलेजो, चिकित्सालयों, औषधालयों, धर्मशालाओं एवं अन्य लोकोपयोगी भवनों के निर्माण हेतु भूमि आवंटन) नियम 1963 के अन्तर्गत आयुष चिकित्सालय के भवन निर्माण हेतु आयुर्वेद विभाग, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय फागलिया के भवन निर्माण हेतु शिक्षा विभाग, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय फागलिया के भवन निर्माण हेतु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय फागलिया के भवन निर्माण हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग को निःशुल्क आवंटित की गई है। आवंटित भूमि का रेकर्ड में अमलदरामद क्रमशः आयुर्वेद विभाग-आयुष चिकित्सालय फागलिया, शिक्षा विभाग- मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय फागलिया, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग- मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय फागलिया एवं महिला एवं बाल विकास विभाग-बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय फागलिया के नाम से किया जावेगा।
उन्होने बताया कि इसी प्रकार सेड़वा तहसील के ग्राम सालारिया के खसरा नम्बर 594/306 रकबा 23 बीघा किस्म गे.मु.गोचर मे से रकबा 5-00 बीघा भूमि नवीन मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सेड़वा, खसरा नम्बर 592/306 मे से रकबा 1-16 बीघा भूमि नवीन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सेडवा तथा धनाउ तहसील के ग्राम धनाउ के खसरा नम्बर 685 रकबा 1905ध्14 बीघा में से 3-00 बीघा भूमि तहसील धनाउ के मॉडर्न रेकर्ड रूम एवं उपखण्ड कार्यालय हेतु मॉग करने तथा उपखण्ड अधिकारी सेडवा एवं चौहटन तथा तहसीलदार सेडवा एवं धनाउ द्वारा उक्तानुसार चारागाह भूमि का वर्गीकरण परिवर्तन कर भूमि आवंटन करने एवं उक्त चारागाह भूमि के वर्ग परिवर्तन के फलस्वरूप चारागाह भूमि की क्षतिपूर्ति हेतु ग्राम पंचायत सालारिया के राजस्व ग्राम सालारिया के खसरा नम्बर 637/362 मे से क्रमशः रकबा 5-00 बीघा, रकबा 1-16 बीघा तथा ग्राम पंचायत धनाउ के राजस्व ग्राम पावड़ों का तला के खसरा नम्बर 647/625 में से रकबा 3-00 बीघा भूमि चारागाह में परिवर्तित करने की अभिशंषा करने पर राजस्थान काश्तकारी (सरकारी) नियम 1955 के नियम 7 के तहत चारागाह भूमि का वर्गीकरण परिवर्तन कर तहसीलदार सेडवा एवं धनाउ द्वारा प्रस्तावित नक्शे अनुसार राजस्थान भू राजस्व (स्कूलों, कॉलेजो, चिकित्सालयों, औषधालयों, धर्मशालाओं एवं अन्य लोकोपयोगी भवनों के निर्माण हेतु भूमि आवंटन) नियम 1963 के अन्तर्गत मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सेड़वा के भवन निर्माण हेतु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सेड़वा के निर्माण हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग तथा तहसील धनाउ के मॉडर्न रेकर्ड रूम एवं उपखण्ड कार्यालय हेतु राजस्व विभाग को निःशुल्क आवंटित की गई है। आवंटित भूमि का रेकर्ड में अमलदरामद क्रमशः चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग-मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सेडवा, महिला एवं बाल विकास विभाग-बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सेडवा तथा राजस्व विभाग- मॉडर्न रेकर्ड रूम के नाम से किया जावेगा।
-0-

सोमवार, 4 अप्रैल 2022

नीम हकीमों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु कार्यदलों का गठन

बाडमेर, 04 अप्रेल। जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा एक आदेश जारी कर जन साधारण के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखे जाने की दृष्टि से अनाधिकृत रूप से कार्यरत नीम हकीमों पर प्रभावी नियंत्रण एवं उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किये जाने हेतु जिला एवं उपखण्ड स्तर पर कार्यदलों का गठन किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यदल में अतिरिक्त जिला कलक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप निदेशक आयुर्वेद एवं सहायक औषधि नियंत्रक तथा उप स्तरीय कार्यदल में तहसीलदार, उप अधीक्षक पुलिस/वृताधिकारी पुलिस, खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक आयुर्वेद द्वारा नामित प्रतिनिधि एवं औषधि नियंत्रण अधिकारी शामिल होंगे। जिला स्तरीय कार्यदल एवं उपखण्ड स्तरीय कार्यदल जिले में अनाधिकृत चिकित्सा कार्य पर प्रभावी नियंत्रण रखने एवं इनके विरूद्ध नियमानुसार कानूनी कार्यवाही हेतु प्रभावी मॉनिटरिंग एवं नियमित रूप से नियंत्रण करना सुनिश्चित करेंगे।
-0-

उचित मूल्य दुकानों के आवंटन हेतु 20 अप्रेल तक आवेदन आमन्त्रित

बाड़मेर, 04 अप्रेल। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत रिक्त उचित मूल्य दुकानों के प्राधिकार पत्र जारी किये जाने हेतु 20 अप्रेल तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र आमन्त्रित किए गए है।

जिला रसद अधिकारी महावीर प्रसाद व्यास ने बताया कि जिले में रिक्त उचित मूल्य दुकानों के प्राधिकार पत्र जारी करने हेतु जिला रसद अधिकारी कार्यालय से सशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त किये जाकर 20 अप्रेल, 2022 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कराये जा सकते है।
इन उचित मूल्य दुकानांें हेतु आवेदन आमन्त्रित
उन्होने बताया कि जिले में नगर परिषद बाड़मेर अन्तर्गत नया वार्ड संख्या 1, 27, 30 एवं 50, बाड़मेर तहसील क्षेत्र में ग्राम पंचायत आटी, केरावा, मरटाला गाला एवं दरूड़ा, बाड़मेर ग्रामीण तहसील क्षेत्र में भुरटिया, बायतु तहसील क्षेत्र में नया सोमेसरा एवं बायतु भोपजी, नगर परिषद बालोतरा क्षेत्र में नया वार्ड संख्या 5, 16, 9, 14 एवं 18, पचपदरा तहसील क्षेत्र में कनाना, पचपदरा एवं नयापुरा, समदडी तहसील क्षेत्र में रामपुरा एवं समदड़ी, चौहटन तहसील क्षेत्र में तारातरा मठ, धनाऊ तहसील क्षेत्र में तालसर एवं नवातला राठौड़ान, सेड़वा तहसील क्षेत्र में बाखासर, आलू का तला एवं हाथला, धोरीमना तहसील क्षेत्र में कातरला, गुडामालानी तहसील क्षेत्र में बाण्ड, रामसर तहसील क्षेत्र में देरासर, शिव तहसील क्षेत्र में नेगरड़ा एवं चोचरा, गडरारोड तहसील क्षेत्र में झणकली, बंधड़ा, चेतरोड़ी, रोहिडी एवं पनेला तथा सिणधरी तहसील क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिणधरी चौसीरा उचित मूल्य दुकान के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए है।
आवेदक की योग्यताएं एवं शर्ते
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में होगा, जिस पर आवेदनकर्ता का नवीनतम पासपोर्ट साईज फोटो एवं एक अतिरिक्त फोटो अलग से संलग्न कर प्रस्तुत करना होगा। आवेदन पत्र केवल जिला रसद कार्यालय से जारी किये जाएंगे, अन्य किसी स्थान से यथा टाइपिस्ट, नोटेरी स्टोर से प्राप्त किये गये आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जाएंगे। शहरी क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान हेतु आवेदक उसी वार्ड का निवासी होगा, जिस वार्ड के उपभोक्ताओं को राशन सामग्री वितरण करनी है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में आवेदन उसी पंचायत के किसी भी ग्राम या वार्ड का निवासी होना आवश्यक है, जिस पंचायत में उचित मूल्य दुकान स्थित है। उचित मूल्य दुकान के क्षेत्र में निवासी होने के संबंध में प्रमाण स्वरूप राशन कार्ड, वोटर लिस्ट, मूल निवास, निर्वाचन आयोग का परिचय पत्र, आधार कार्ड, भामाशाह कार्ड मे से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सकेगा। शहरी क्षेत्र में निवास के संबंध में वर्तमान नये वार्ड की निर्वाचन नामावली एवं राशन कार्ड में आवेदक का नाम दर्ज होना आवश्यक है।
आयु सीमा
सभी श्रेणी के आवेदकों की आयु 21 वर्ष से 45 वर्ष तक होनी चाहिए अर्थात उचित मूल्य दुकान के आवेदन पत्र प्राप्त करने की अन्तिम तिथि को आवेदक की आयु 21 वर्ष से कम तथा 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उम्र के प्रमाण हेतु दसवी की अंक तालिका, प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, ड्राईविंग लाइसेन्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड मे से किसी एक की स्वप्रमाणित प्रति प्रस्तुत की जा सकती है।  
शैक्षणिक योग्यता
सामान्य रूप से स्नातक उतीर्ण एवं कम्प्यूटर में न्यूनतम जानकारी राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आर.के.सी.एल.) या अन्य समकक्ष सरकारी संस्थान का तीन माह का आधारभूत प्रशिक्षण होना चाहिए। यदि उचित मूल्य दुकानों के आवेदकों में कोई भी आवेदक स्नातक स्तर की योग्यता नहीं रखता है तो ऐसी स्थिति में 12 वीं कक्षा उतीर्ण आवेदकों के प्रार्थना पत्रों को भी आवंटन हेतु स्वीकार किया जावेगा। वर्ग आरक्षण व्यवस्था का लाभ लेने हेतु सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा। उचित मूल्य दुकान हेतु आवेदन करने वाले पुरूष/महिला के दिनांक 01-01-2015 के बाद पैदा हुई सन्तान सहित 02 से अधिक संतान नहीं होनी चाहिए। दिनांक 01-01-2015 के पश्चात् 02 से अधिक संतान होने की स्थिति में व्यक्ति आवेदन का पात्र नहीं होगा। उन्होने बताया कि उचित मूल्य दुकान आवंटन के संबंध मे विस्तृत दिशा निर्देश विभागीय वैबसाइट  http://food.raj.nic.in पर एवं जिला रसद कार्यालय बाड़मेर में उपलब्ध है।
-0-

रविवार, 3 अप्रैल 2022

मुख्यमंत्री गहलोत ने की लगातार दूसरे दिन जनसुनवाई

 परिवादियों की सहानुभूतिपूर्वक सुनी फरियादें

बाड़मेर, 03 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने रविवार को जिले की दो दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन सर्किट हाउस बाड़मेर में प्रातः 9 बजे मीडिया प्रतिनिधियों से मुखातिब होकर राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात् जयपुर प्रस्थान करने से पूर्व उन्होनें उपस्थित जन समूह से ज्ञापन लिए तथा उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने अपने बाड़मेर प्रवास के अंतिम दिन जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की तथा राज्य सरकार की उपलब्ध्यिों एवं जिले में संचालित वृहद परियोजनाओं के बारे में विस्तार से बात की। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए प्रश्नों पर प्रत्युत्तर भी दिए। प्रेस वार्ता के उपरांत उन्होनें सर्किट हाउस के मुख्य भवन के बाहर उपस्थित जन समुह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होनें लोगों की समस्याओं एवं फरियादों को धैर्यपूर्वक सुना तथा उन्हे समस्या समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होनें संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी, श्रम, कारखाना एवं बॉयलर्स राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, राजस्थान गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी के अध्यक्ष रामसिंह राव, पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी, विधायक पदमाराम मेघवाल, मदन प्रजापत, बीसूका उपाध्यक्ष फतेह खां, संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक पी.रामजी, जिला कलक्टर लोक बंधु, जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने उतरलाई से प्लेन द्वारा जयपुर के लिए प्रस्थान किया।
-0-








शनिवार, 2 अप्रैल 2022

जन-जन तक पहुँचाना ही हमारा लक्ष्य है-मुख्यमंत्री

 पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा

फागलिया में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत
बाड़मेर, 2 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलीकॉप्टर द्वारा सायं 4 बजे बाड़मेर जिले के सेडवा तहसील स्थित फागलिया ग्राम में चौहटन विधायक श्री पदमाराम मेघवाल के यहाँ आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुँचे। इस दौरान हेलीपेड स्थल पर अल्पसंख्यक मामलात मंत्री श्री शालेह मोहम्मद, बाड़मेर जिला प्रभारी मंत्री श्री सुखराम विश्नोई, स्थानीय विधायक पदमाराम मेघवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का स्वागत किया। मुख्यमंत्री का स्वागत करने बड़ी संख्या में ग्रामीणजन हेलीपेड स्थल एवं कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे जहां मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया।  
फागलिया में आयोजित समारोह में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बजट घोषणा में बीमा राशि को बढ़ाकर 10 लाख रूपये तक कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 50 यूनिट तक बिजली फ्री करने के साथ ही 50 से अधिक यूनिट खर्च करने पर बिजली की दरों में अनुदान देकर राहत प्रदान की गई है वही आगामी दो वर्षों में लंबित कृषि कनेक्शन आवेदनों का निस्तारण कर किसानों को लाभांवित किया जायेगा। उन्हांने कहा कि बाड़मेर जिले में सौर ऊर्जा की अपार संभावना है जिसका उपयोग कर ऊर्जा के क्षेत्र में बाड़मेर अग्रणी बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में राज्य सरकार के प्रयासों से पानी, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक उन्नति हुई है जिससे प्रदेश विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्हांने कहा कि राज्य भर में सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत करने के साथ बड़ी संख्या में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले जा रहे हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में निःशुल्क उपचार व जांच के साथ दवाईयाँ फ्री दी जा रही है वही राजकीय चिकित्सालयों में ओपीडी एवं आईपीडी में सभी प्रकार का इलाज मुफ्त किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में विधवा पेंशन, वृद्धावस्थान पेंशन एवं कोविड सहायता जैसे प्रयासों को लागू कर आमजन को लाभांवित किया जा रहा है। कोरोना सहायता एवं प्रबंधन के क्षेत्र में राजस्थान की सराहना देशभर में हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में भी राज्य सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास कर मरीजों को सुरक्षा प्रदान की गई थी वही सामाजिक सुरक्षा की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों को वृद्धावस्था में पूरी सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है। उन्हांने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिला मुख्यिओं को 3 वर्ष की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ स्मार्ट फोन दिये जायेंगे। राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में नरेगा के तहत कार्यदिवस को 100 दिवस से बढ़ाकर 125 दिवस किया गया है वही खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 2 रूपये प्रति किलो गेहूँ व 3 रूपये प्रति किलो चावल प्रदान किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि यूपीए की केन्द्रीय सरकार के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में लागू की गई महात्मा गांधी नरेगा योजना का लाभ अकाल प्रभावित क्षेत्रों में आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 36 कौम मिलकर प्यार एवं मोहब्बत से रहे, तब यह देश आगे बढ़ेगा साथ ही उन्होंने मीडिया को निष्पक्ष भाव के साथ बिना किसी दबाव में कार्य करने की बात कही।
इस दौरान अल्पसंख्यक मामलाता मंत्री शालेह मोहम्मद, बाड़मेर जिला प्रभारी मंत्री एवं श्रम राज्य मंत्री श्री सुखराम विश्नोई, पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतू विधायक श्री हरीश चौधरी, चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल, रामसिंह राव, चौहटन महंत जगदीश पुरी, जिला कलक्टर बाड़मेर श्री लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, धनाऊ प्रधान शमा बानो, पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल, हिरालाल विश्नोई व जे.के.पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
-0-












मुख्यमंत्री का बाड़मेर हेलीपैड पर भव्य स्वागत

बाड़मेर, 2 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जिले की दो दिवसीय यात्रा के दौरान शनिवार शाम को फागलिया से हेलिकाप्टर द्वारा बाड़मेर पहुंचे। इस दौरान पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी उनके साथ थे। जिला मुख्यालय पर संजय स्टेडियम में बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

    यहां वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी, राजस्थान गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन, विधायक मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेन्द चौधरी, संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, आई.जी. पी रामजी समेत अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि साथ रहे।
हेलीपेड पर उमड़े जनसमूह ने मुख्यमंत्री का उमंग और उत्साह से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से चर्चा की और उपस्थित जन समुदाय की समस्याओं को सुना।
-0-










मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में सुनी आम जन की समस्याएं

बाड़मेर, 2 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान शनिवार सांय सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनी।

मुख्यमंत्री आदर्श स्टेडियम मे सभा के पश्चात् जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, वहां उपस्थित लोगों को देखते हुए सीधे कार से उतर कर उनके पास पहुंच गए और उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री एक-एक व्यक्ति से मिले और बातचीत कर उनकी समस्या को सुनते हुए ज्ञापन लिए। इस दौरान कोरोना के दौरान यूटीबी आधार पर लिए गए चिकित्सा कार्मिकों ने उनकी सेवाएं नियमित रखने की मांग की। वहीं बलदेव नगर के निवासियों ने उन्हें नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने को ज्ञापन दिया। वहीं दिव्यांगजनों ने उनकी सुविधाएं तथा पेंशन बढ़ाने की मांग की तथा उनकी संतान को पालनहार योजना के समान लाभ दिया जाने का अनुरोध किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उमडे लोगों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न समस्याओं से जुड़ी कुल 130 परिवेदनाएं प्रस्तुत की। जिस पर मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने एक-एक परिवादी से सहानुभूतिपूर्वक सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री गहलोत के साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी, अल्पसंख्यक मामलात एवं जन अभाव अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद, श्रम कारखाना एवं बॉयलर्स राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी, राजस्थान गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी अध्यक्ष रामसिंह राव, विधायक अमीन खां, मदन प्रजापत, पदमाराम मेघवाल, रूपाराम धनदे, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, बीसूका उपाध्यक्ष फतेह खां, संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक पी. रामजी, जिला कलक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव समेत विभागीय अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-0-










मुख्यमंत्री गहलोत ने किया सघन जनसम्पर्क

 सभापति को बंधाया ढांढस, जोशी की पूछी कुशलक्षेम

बाड़मेर, 2 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने शनिवार को शास्त्री नगर पहुंच नगर परिषद सभापति दीपक माली के स्वर्गीय पिता शंकरलाल जी परमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होने स्वर्गीय श्री शंकरलाल जी परमार के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी तथा शौकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री श्री गहलोत अपने दो दिवसीय बाड़मेर प्रवास के दौरान शनिवार को सभापति दीपक माली के निवास स्थान पहुंचे तथा शोक सभा में शामिल होकर परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वरिष्ठ अधिवक्ता यज्ञदत्त जोशी के निवास पर पहुंच कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान उन्होने उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। इसके उपरांत वापसी के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना वाहन रोककर निचे उतर कर आठ दशक पार कर चुके वरिष्ठ समाजसेवी मेघराज सोनी एवं श्रीमती नर्बदा से आत्मियता पूर्वक मुलाकात की एवं उनकी कुशलक्षेम पूछी। बाद में यहां सीएम ने एक उत्साही कार्यकर्ता एवं उसके पुत्र के साथ सेल्फी खिंचाकर उसका उत्साहवर्धन किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री गौ सेवा आयोग अध्यक्ष एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन के निवास पहुंचे जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत सत्कार किया गया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री गहलोत के साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी, श्रम कारखाना एवं बॉयलर्स राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई, पूर्व राजस्व मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी, राजस्थान गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष, वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी अध्यक्ष रामसिंह राव, मदन प्रजापत, पदमाराम मेघवाल, रूपाराम धनदे, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, बीसूका उपाध्यक्ष फतेह खां, संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक पी. रामजी, जिला कलक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव समेत विभागीय अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-0-








शुक्रवार, 1 अप्रैल 2022

जिला कलक्टर ने एक क्लिक से किया 36 करोड़ का बीमा भुगतान प्रोसेस

545 बीमा पॉलिसियों का एक मुश्त भुगतान कर बनाया नया कीर्तिमान

बाड़मेर, 01 अप्रेल। जिला कलक्टर लोक बंधु ने शुक्रवार प्रातः एक अप्रेल, 2022 को परिपक्व हो रही 545 बीमा पॉलिसियों की कुल राशि छत्तीस करोड़ उन्नीस लाख नवासी हजार एक सौ छियानवे रूपये का भुगतान आदेश पारित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस अवसर पर राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के उप निदेशक गिरधारीराम गोदारा ने बताया कि विभाग द्वारा सभी कार्मिकों के अथक प्रयासों से प्रथम बार शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। इस दौरान बीमा पर्यवेक्षक नन्द कुमार दवे, रोकड़पाल रिड़मलराम, सूचना सहायक सुखसिंह सहित बीमा कार्मिक उपस्थित रहें।
-0-




मुख्यमंत्री श्री गहलोत शनिवार को बाड़मेर आएंगे

जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की करेंगे समीक्षा

बाड़मेर, 01 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत  2 अप्रेल शनिवार को बाड़मेर जिले की यात्रा पर रहेेंगे। इस दौरान वे फागलिया में स्थानीय कार्यक्रम के बाद आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में जनसभा करेंगे एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत शनिवार 2 अप्रेल को जोधपुर से हेलिकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे फागलिया पहुंचेगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शरीक होंगे। इसके पश्चात् वे दोपहर 2 बजे फागलिया से प्रस्थान कर 2.30 बजे हेलिकाप्टर द्वारा बाड़मेर पहुंचेगे। यहां वे सांय 4 बजे आदर्श स्टेडियम में मंहगाई के विरूद्ध जन सभा को सम्बोधित करेंगे। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री श्री गहलोत सांय 6 बजे जिला कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे तथा रात्रि विश्राम बाड़मेर में करेंगे।
  निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री गहलोत रविवार 3 अप्रेल को प्रातः 8 बजे उतरलाई हवाई पट्टी से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

गुरुवार, 31 मार्च 2022

मुख्यमंत्री श्री गहलोत शनिवार को बाड़मेर आएंगे

बाड़मेर, 31 मार्च। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत शनिवार 2 अप्रेल को बाड़मेर जिले की यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वे फागलिया में स्थानीय कार्यक्रम, आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में जनसभा में भाग लेने के बाद जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत शनिवार 2 अप्रेल को जोधपुर से हेलिकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे फागलिया पहुंचेगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शरीक होंगे। इसके पश्चात् वे दोपहर 2 बजे फागलिया से प्रस्थान कर 2.30 बजे हेलिकाप्टर द्वारा बाड़मेर पहुंचेगे तथा सांय 4 बजे आदर्श स्टेडियम में मंहगाई के विरूद्ध जन सभा में भाग लेंगे। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री श्री गहलोत सायं 6 बजे जिला कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे तथा रात्रि विश्राम बाड़मेर में करेंगे।
  निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रविवार 3 अप्रेल को प्रातः 8 बजे उतरलाई हवाई पट्टी से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

राज्यपाल ने सिलाई मशीनों का महिलाओं को किया वितरण

बाड़मेर, 31 मार्च। महामहिम राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने बाड़मेर प्रवास के दौरान सांचल फोर्ट रिसोर्ट में कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर द्वारा गोद लिये गये खुडियाला गांव की अनुसूचित जाति की दस महिलाओं को सिलाई मशीनें एवं मसाला फसलों के प्रसंस्करण इकाई का वितरण किया।

इस मौके पर महामहिम राज्यपाल ने कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रम (कृषि संकाय) पाठ्यक्रम तथा अध्ययन विनियम पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही उन्होने कृषि विज्ञान केन्द्र गुडामालानी द्वारा निर्मित खाद्य उत्पादों यथा बाजरा बिस्किट, बाजरा नमकीन एवं जीरा पैकेट्स के बिक्री का शुभारम्भ किया। उन्होने कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर द्वारा गोदित गांव खुडियाला के स्वयं सहायता समूह की अनुसूचित जाति की दस महिलाओं को सिलाई मशीनों एवं मसाला फसलों के प्रसंस्करण इकाई का वितरण किया।
इस अवसर पर उन्होने लाभान्वित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को स्व रोजगार मुहैया होने से उन्हें आर्थिक सम्बल मिल सकेगा।
-0-




कौशल सृजन से रोजगार के नए अवसरों का हो विकास- श्री मिश्र

 महामहिम राज्यपाल ने की केंद्र प्रवर्तित योजनाओ की समीक्षा

बाड़मेर, 31 मार्च। महामहिम राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने बाडमेर जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरूवार को केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सांचल फोर्ट रिसोर्ट में जिला अधिकारियों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत फीडबैक लिया। इस दौरान संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा एवं जिला कलक्टर लोक बंधु ने योजनाओं की प्रगति के बारे बताया।
    इस मौके पर महामहिम राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि आमजन के कल्याण के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जाती है, इसमें समस्त अधिकारी संवेदनशील रहते हुए अधिकाधिक लोगो को लाभान्वित कर योजनाओं को सफल बनाए। इस दौरान उन्होनें कौशल विकास के संबंध मे समीक्षा करते हुए कहा कि रोजगार सृजन के लिए युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए और प्रशिक्षण केन्द्रों का संचालन कर विभिन्न क्षेत्रों में अभिरूचि रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षित करें। उन्होनें कहा कि ग्रामीण स्तर पर लघु एवं कुटिर उद्योगों हेतु प्रेरित कर रोजगार सृजन पर बल दिया जाए।
इस दौरान उन्होनें जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा पश्चात जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारियों को निरंतर विभागीय योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होनें कहा कि ऐसे कार्य जो अभी तक पूर्ण नहीं हुए है, उनमें आ रही परेशानियों को दूर कर प्रगति लाई जाए। उन्होनें कहा कि योजनाएं तभी सफल हो सकती है जब उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, इसलिए अधिकारी विभागीय योजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास करें।
  इस अवसर पर संभागीय आयुक्त जोधपुर डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन को मिशन मोड़ के रूप में लेकर प्रगति लाई जाएगी। उन्होनें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने के लिए जिलाधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने पीपीटी के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी कराई। उन्होनें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, अमृता हाट योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी अरबन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, समग्र शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, महिला एवं बाल विकास योजनाएं, डिजिटल इंडिया, सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम सहित विभिन्न संचालित योजनाओं की प्रगति से जानकारी कराई।
समीक्षा बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू, राज भवन के प्रमुख विशेषाधिकारी गोविन्द जयसवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-






लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...