मंगलवार, 21 सितंबर 2021

वीर तेजाजी मंदिर विकास एवं सेवा समिति उण्डू को 1-10बीघा भूमि आवंटित

बाड़मेर, 21 सितम्बर। जिला कलक्टर लोक बंधु द्वारा मंदिर, धर्मशाला एवं वृक्षारोपण हेतु श्री वीर तेजाजी मंदिर विकास एवं सेवा समिति उण्डू (शिव) को 1-10 बीघा भूमि का कीमतन आवंटन किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि ग्राम मूढणों की ढाणी के खसरा नम्बर 378/206 रकबा 26-02 बीघा भूमि किस्म बारानी अव्वल मे से रकबा 1-10 बीघा भूमि की किस्म खारीज कर तहसीलदार शिव द्वारा प्रस्तावित नक्शें में दर्शाये अनुसार मंदिर, धर्मशाला एवं वृक्षारोपण हेतु श्री वीर तेजाजी मंदिर विकास एवं सेवा समिति उण्डू (शिव) को कीमतन आवंटन किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
-0-

विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक स्थगित

बाड़मेर, 21 सितम्बर। दिनांक 24 सितम्बर को निर्धारित जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक स्थगित कर दी गई है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 24 सितम्बर को दोपहर 2 बजे निर्धारित जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।
-0-

बाड़मेर शहर की पेयजल आपूर्ति बन्द रहेगी

बाड़मेर, 21 सितम्बर। बाड़मेर लिफ्ट परियोजना के पाईप लाईन की मरम्मत हेतु बुधवार को प्रातः 6 बजे से गुरूवार को 6 एएम तक बाड़मेर शहर की पेयजल आपूर्ति पूर्णतया बन्द रहेगी।

परियोजना वृत बाड़मेर के अधीक्षण अभियन्ता सुरेश चन्द जैन ने बताया कि बाड़मेर लिफ्ट परियोजना के पाईप लाईन की मरम्मत हेतु एक दिन का शट डाउन लिया गया है, जिसके फलस्वरूप दिनांक 22 सितम्बर को प्रातः 6 बजे से 23 सितम्बर को प्रातः 6 बजे तक बाड़मेर शहर की पेयेजल आपूर्ति पूर्णतया बन्द रहेगी। उन्होने बताया कि 24 दिसम्बर को होने वाली सभी जलापूर्ति सामान्य अन्तराल से एक दिन के अधिक अन्तराल से होगी।
-0-

रीट परीक्षा के सफल आयोजन को पुख्ता प्रबंध

परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या के मद्देनजर पर्याप्त परिवहन-आवास व्यवस्था

जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
  बाड़मेर, 21 सितम्बर। जिले में रविवार को होने वाली परीक्षा रीट, राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2021 के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए जिला कलेक्टर लोक बंधु ने अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या के मद्देनजर परिवहन, ठहराव, भोजन एवं कानून व्यवस्था समेत सभी तैयारियां पुख्ता करने के निर्देश दिए है।  
जिला कलक्टर ने मंगलवार को तैयारियो की समीक्षा के दौरान परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को पूर्ण सजगता के साथ परीक्षा आयोजन संबंधी सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होने रोडवेज के अधिकारियों को जिले के अभ्यार्थियों के अन्य जिलों में परिवहन के लिए पर्याप्त रोडवेज की बसों की व्यवस्था एवं संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होने बाड़मेर एवं बालोतरा में चिन्हित अस्थाई बस स्टेण्डों का व्यापक प्रचार प्रसार करनेे तथा यहां से परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए पर्याप्त बसों एवं टेक्सी वाहनों की व्यवस्था रखने को कहा। साथ ही उन्होने उपखण्ड अधिकारियों को अभ्यर्थियों के ठहराव हेतु धर्मशालाओं एवं होटलों में संचालकों के साथ बैठक कर सुचारू व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होने निजी कॉलेज एवं विद्यालय जहां परीक्षा केन्द्र नहीं है, वहां अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि परीक्षार्थीयों के लिए इन्दिरा रसोईयों पर अतिरिक्त भोजन के पैकेट्स तैयार रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होने नगर परिषद आयुक्त को सार्वजनिक शौचालयों पर पर्याप्त सफाई व्यवस्था कराने तथा कार्यशील रखने के साथ मोबाईल शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होने जिला मुख्यालय, नगर परिषद एवं उपखण्ड मुख्यालय पर स्थापित नियंत्रण कक्ष में परीक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी अभ्यर्थियों को कराने तथा नियुक्त कार्मिकों को सतर्क रहने हेतु पाबन्द करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की एक जगह भीड एकत्रित न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रहे इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने वाहनों का ऑवरलोड संचालन न हो इसकी पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। उन्होने प्रश्न पत्रों के परिवहन के दौरान किसी प्रकार की कौताही नही बरतने के निर्देश दिए। उन्होने परीक्षा केन्द्रों पर पार्किंग स्थलों का पूर्व में ही चयन करने तथा एनसीसी/स्काउट का वाहन पार्किंग में सहयोग लेने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, नरेश सोनी, नगर विकास न्यास सचिव शैलेष सुराणा, जिला परिवहन अधिकारी बाड़मेर संजीव चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी बालोतरा भगवान गहलोत, आगार प्रबन्धक रोडवेज उमेश नागर, जिला समन्वयक रीट डॉ. हुकमाराम सुथार समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
-0-





प्रत्येक परीक्षार्थी पर रहेगी कैमरे की नजर

65 केंद्रों पर 38 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

परीक्षा केंद्र पर कोई भी मोबाइल नहीं ले जा सकेगा
बाड़मेर, 21 सितम्बर। जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा, रीट 2021 का आयोजन 26 सितम्बर को 65 केन्द्रों पर दो पारियों में किया जाएगा। इसमें कुल 38778 परीक्षार्थी शामिल होंगें।
दो पारियों में होगी परीक्षा
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि लेवल द्वितीय के अभ्यर्थियों ( कक्षा 6 से 8 ) हेतु प्रातः 10 से दोपहर 12.30 बजे तथा लेवल प्रथम ( कक्षा 1 से 5 ) हेतु दोपहर 2.30 से सायं 5 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। उन्होने बताया कि परीक्षार्थी परीक्षा प्रारम्भ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक रूप से पहुंच कर प्रवेश प्राप्त कर लें। किसी भी परीक्षार्थी को प्रथम पारी में 9.30 बजे के उपरान्त एवं द्वितीय पारी में दोपहर 2 बजे के उपरान्त प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
65 परीक्षा केन्द्र
जिला कलक्टर ने बताया कि रीट परीक्षा के लिए जिले में प्रथम पारी (लेवल द्वितीय) में 19388 एवं द्वितीय पारी (लेवल 1) में 19390 समेत कुल 38778 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए बाड़मेर में 43 परीक्षा केन्द्र एवं बालोतरा में 22 समेत कुल 65 परीक्षा केन्द्र बनाएं गए है। उन्होने बताया कि समस्त परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।
मोबाइल सहित निषेध सामग्री
उन्होने बताया कि परीक्षा कक्ष में मोबाईल, ब्लूटूथ या अन्य कोई भी इलेक्ट्रोनिक उपकरण लाना निषेद्य रहेगा। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में घडी, चैन, अंगुठी, कान के टोप्स, लोकेट एवं अन्य आभुषण पहन कर नहीं आ सकेंगे तथा पर्स, हैण्डबैग अथवा डायरी इत्यादि अपने साथ नहीं ला सकेंगे। परीक्षा केन्द्रों पर मोबाईल अथवा अन्य निजी सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं रहेगी।
अनुमत सामग्री
उन्होने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, काला/नीला बॉल पेन, मान्य फोटो युक्त पहचान पत्र एवं इसकी स्वप्रमाणित फोटो प्रति परीक्षा कक्ष में अपने साथ ले जा सकेंगे।
राजकीय कार्मिक रहेंगे नियुक्त
उन्होने बताया कि निजी एवं राजकीय परीक्षा केन्द्रों पर वीक्षक सहित सभी राजकीय कार्मिक ही नियुक्त रहेंगे। उन्होने अनाधिकृत व्यक्तियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नही होने देने के सख्त निर्देश दिए है। उन्होने कार्मिकों को मोबाईल इत्यादि इलेक्ट्रोनिक उपकरण साथ नहीं ले जाने के निर्देश दिए है।
अस्थाई बस स्टैंड निर्धारित
उन्होने बताया कि बाड़मेर मुख्यालय पर जोधपुर की तरफ जाने वाले परीक्षार्थीयों के लिए बीएनसी चौराहे से, चौहटन, धोरीमना, सांचोर के लिए चौहटन चौराहे से, रामसर, गडरारोड के लिए गडरारोड रेल्वे फाटक से पहले, सिणधरी एवं जालोर के लिए राजकीय महाविद्यालय मैदान, रोडवेज बस स्टेण्ड एवं रिजर्व बसों के लिए बालाजी फार्म हाउस पर बसे उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार बालोतरा में जोधपुर रूट के लिए न्यू बस स्टेण्ड व सिटी स्कवायर होटल के पास, जालोर, सांचोर, उदयपुर रूट के लिए छतरियों का मोर्चा, लूणी नदी तट के पास एवं एमबीआर कॉलेज जसोल नाकोडा फांटा पर, बाड़मेर जैसलमेर रूट के लिए गोगाजी मंदिर के पास खेड़ रोड़ पर तथा पाली रोड़ के लिए पटेल छात्रावास व ऑवर ब्रिज के पास समदडी रोड़ पर बसो की व्यवस्था की गई है।
-0-

सोमवार, 20 सितंबर 2021

जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 29 को

 बाड़मेर, 20 सितम्बर। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक का आयोजन जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में 29 सितम्बर को दोपहर 12.15 बजे किया जाएगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ााा अन्तर्गत शेष लम्बाई के लिए उन्नयन कार्यो हेतु डीआरआरपी केन्डीडेट रोड एवं सीयूसीपीएल के प्रस्तावों के लिए जिला परिषद की साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा। उन्होनें बताया कि इसके साथ मनरेगा योजना की प्रगति, जन स्वास्थ्य अभि., विद्युत, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, समाज कल्याण, महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति, जिला परिषद द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, जीपीडीपी प्लान, बीपीडीपी प्लान का अनुमोदन एवं प्रगति पर चर्चा की जाएगी। उन्होनें संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

अनुकम्पात्मक नियुक्त कार्मिकों की टंकण गति परीक्षा 29 को

 बाड़मेर, 20 सितम्बर। अनुकम्पात्मक नियुक्त कर्मचारी जिन्होने 31 मार्च से 31 जुलाई तक टंकण गति परीक्षा हेतु आवेदन जमा कराये है उनकी कम्प्युटर पर टंकण गति परीक्षा 29 सितम्बर को प्रातः 11 बजे एमबीसी राजकीय महाविद्यालय लक्ष्मीपुरा बाड़मेर में आयोजित की गई है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं परीक्षा आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश विश्नाई ने बताया कि अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र 28 सितम्बर को www.barmer.rajasthan.gov.in पर अपना नाम सर्च कर डाउनलोड कर सकते है। उन्होनें बताया कि परीक्षा हॉल में प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त आईडी/कार्यालयाध्यक्ष द्वारा जारी पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेशन नहीं दिया जायेगा।
-0-

प्रतीक्षा सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन 22 व 23 को

 तृतीय शिक्षक भर्ती 2016 (संशोधित)

बाड़मेर, 20 सितम्बर। राजस्थान प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती 2016 (संशोधित) में प्रतीक्षा सूची से चयनित अभ्यर्थी जिन्हे बाड़मेर जिला आवंटन हुआ है, उनके दस्तावेजों का सत्यापन 22 एवं 23 सितम्बर को जिला परिषद बाड़मेर में किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि 22 सितम्बर को गणित/विज्ञान विषय के मेरिट क्रमांक 949 से 1524 के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। उन्होनें बताया कि 23 सितम्बर को गणित/विज्ञान विषय के मेरिट क्रमांक 1536 से 1796 के अभ्यर्थी तथा अंग्रेजी विषय के समस्त अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। उन्होनें बताया कि अभ्यर्थी समस्त मूल दस्तावे तथा एक फोटो प्रति सैट व समस्थ शपथ पत्र सहित निर्धारित तिथि को प्रातः 9 से सांय 6 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
-0-

प्रभारी मंत्री विश्नोई 24 को बाड़मेर आएंगे

 बाड़मेर, 20 सितम्बर। जिले के प्रभारी मंत्री तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुखराम विश्नोई शुक्रवार 24 सितम्बर को बाड़मेर आएंगे तथा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के तश्चात जन सुनवाई करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री विश्नोई शुक्रवार 24 सितम्बर को प्रातः 8.30 बजे सांचोर से प्रस्थान कर प्रातः 10 बजे बाड़मेर पहुंचेंगे। यहां वे प्रातः 11 बजे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे एवं इसके पश्चात जनसुनवाई करेंगे। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री दोहपर 12.30 बजे बाड़मेर से जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

फसल खराबे से आहत कृषकों को अनुदान राशि स्वीकृत

 बाड़मेर, 20 सितम्बर। जिले के गडरारोड़, रामसर एवं शिव क्षेत्र के प्रभावित विभिन्न श्रेणी के 2556 कृषकों को कुल 2 करोड़ 61 लाख 39 हजार पांच सौ पिचासी रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि वितरण करने हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि एसएमएफ कृषक श्रेणी में 33 से 50 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र गडरारोड़ के 978 कृषकों को 7519461 रूपये, 50 से 75 फीसदी खराबे पर तहसील गडरारोड़ के 40 कृषकों को 228592 रूपये, रामसर के 11 कृषकों को 81422 रूपये एवं शिव के 45 कृषकों को 368628 रूपयें तथा 75 से 100 फीसदी खराबे पर तहसील रामसर के 22 कृषकों को 62084 रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि वितरण करने हेतु वित्तिय स्वीकृति जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि एसएमएफ के अलावा कृषक श्रेणी में 33 से 50 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र गडरारोड़ के 86 कृषकों को 1152480 रूपये, 50 से 75 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र शिव में 286 कृषकों को 3788076 रूपये, गडरारोड़ में 647 कृषकों को 8379188 रूपये एवं रामसर में 379 कृषकों को 3822806 रूपयें तथा 75 से 100 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र गडरारोड में 1 कृषक को 13600 रूपये एवं रामसर में 61 कृषकों को 723248 रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि वितरण करने हेतु वित्तिय स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

शुक्रवार, 17 सितंबर 2021

मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा भारी बरसात की चेतावनी, उपखण्ड अधिकारियों को पुख्ता प्रबन्धन के निर्देश जारी

 बाड़मेर, 17 सितम्बर। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान अनुसार 18 से 20 सितम्बर तक जिले में कहीं कहीं पर मेघगर्जन, आकाशीलय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की संभावना है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा ओमप्रकाश विश्नोई द्वारा मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारियों को आपदा राहत से संबंधित विभागों (यथा जोविविनिलि, सानिवि, जन स्वा. अभि. विभाग, चिकित्सा, पुलिस, जल संसाधन, ग्रामीण विभाग, नगर परिषद) की बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी करने तथा विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने हेतु पाबन्द करने के निर्देश दिए है। उन्होने जिले में समस्त निजी एवं राजकीय अस्पतालों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, अपने-अपने उपखण्ड मुख्यालयों, नगर परिषदों एवं पंचायत समितियों में 24ग्7 राउण्ड द क्लॉक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा नियंत्रण कक्ष में आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरण रखवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
उन्होने तैराकों की सूची अपडेट करने, मुख्यालय सहित ग्राम पंचायत स्तर पर जेसीबी, ट्रेक्टर एवं अन्य राहत संसाधनों की सूची अपडेट कर तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होने अपने क्षेत्र के ग्राम सेवक, पटवारी, एएनएम आदि को मुख्यालय पर रहने हेतु पाबन्द करने, ग्राम पंचायत मुख्यालय पर राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर आवश्यक उपकरण एवं सामान रखवाने के निर्देश दिए। उन्होने पानी के बहाव एवं डूब क्षेत्र में आने वाली बस्तियों का चिन्हीकरण एवं इन क्षेत्रों के समीप उच्चे स्थानों पर आवश्यकतानुसार सरकारी भवनों को आश्रय स्थल के रूप में चिन्हित करने को कहा।
उन्होने ग्राम पंचायत एवं नगर परिषद के माध्यम से आमजन को भारी नुकसान के प्रति सावधान करने एवं एहतियाती उपायों का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
-0-

विधिक साक्षरता कैम्प आयोजित

 बाड़मेर, 17 सितम्बर। ताल्लुका विधिक साक्षरता बाड़मेर की ओर से शुक्रवार को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्टेªट संख्या 1 बाडमेर राहुल चौधरी एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्टेªट संख्या 2 श्रीमती अंबिका सांलंकी द्वारा सिद्धार्थ गुरूकुल उच्च माध्यमिक विद्यालय राय कालोनी में विधिक जागृति कैम्प का आयोजन किया गया।

कैम्प के दौरान छात्र-छात्राओं को संवैधानिक कर्तव्य, मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य कानूनी जानकारी से अवगत कराया गया। कैम्प में विद्यालय के छात्र-छात्रों के अलावा पैनल अधिवक्ता प्रतापसिंह राठौड, विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
-0-

जिला परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक 24 को

 बाड़मेर, 17 सितम्बर। जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक शुक्रवार 24 सितम्बर को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली उक्त बैठक में बीएडीपी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बीपीएल आवास, महात्मा गांधी नरेगा, राजीव गांधी जल संचय योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।  
-0-

पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों के उप चुनाव

 चुनाव शाखाओं का गठन, अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनियुक्त

बाड़मेर, 17 सितम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) लोक बंधु द्वारा एक आदेश जारी कर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के उप चुनाव सुचारू एवं समय पर सम्पन्न कराने हेतु चुनाव शाखाओं का गठन किया जाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से प्रतिनियुक्त किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि उनके कार्यालय से चुनाव कार्य हेतु प्रतिनियुक्त किए गए कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से जिला कार्यालय में उपस्थित देने हेतु पाबन्द करे ताकि पंचायत उप चुनाव समय पर एवं संचारू रूप से सम्पन्न हो सके। उन्होने चुनाव संबंधी कार्य की महत्वता को ध्यान में रखते हुए प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि वे तत्काल प्रभाव से आवंटित कार्य प्रारम्भ करे। आदेशों की अवहेलना किए जाने पर निर्वाचन नियमों के अन्तर्गत कार्यवाही की जाएगी।
-0-

पंचायतीराज संस्थाओं में रिक्त पदों पर उप चुनाव कार्यक्रम निर्धारित, 28 सितम्बर को होगा मतदान

 बाड़मेर, 17 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के दिनाक 15 जून, 2021 तक विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों पर उप चुनाव कराने के सन्दर्भ में निर्वाचक नामावली अर्हता तिथि एक जनवरी, 2021 के आधार पर ग्राम पंचायतों में सरपंच, उप सरपचं एवं वार्ड पचों के रिक्त पदों पर उप चुनाव कराने हेतु कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) लोक बंधु ने बताया कि जिले में 3 सरपंच, 6 उपसरपंच एवं 65 वार्ड पंचों के पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा। उन्होने बताया कि इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
यह रहेगा उप चुनाव का कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में उप चुनाव के लिए सोमवार 20 सितम्बर को नियम 23 सपठित 56 के अन्तर्गत निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जाएगी। उन्होने बताया कि बुधवार 22 सितम्बर को प्रातः 10 से 4 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा गुरूवार 23 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से की जाएगी तथा इसी दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उन्होने बताया कि नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होने बताया कि मंगलवार 28 सितम्बर को प्रातः 8 से सायं 5 बजे तक मतदान करवाया जाकर मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात् पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।
उन्होने बताया कि उप सरपंच का चुनाव बुधवार 29 सितम्बर को होगा। उप सरपंच के चुनाव हेतु चुनाव तिथि 29 सितम्बर को प्रातः 9 बजे से पूर्व बैठक हेतु नोटिस जारी किया जाएगा। पूर्वाह्न 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। नाम निर्देशन पत्र/प्रस्तावों के प्रस्तुतिकरण का समय पूर्वाह्न 11 बजे तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा पूर्वाह्न 11.30 बजे तक की जाएगी तथा पूर्वाह्न 11.30 से अपराह्न 12 बजे तक चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने एवं चुनाव चिन्हों का आवंटन करने का कार्य किया जाएगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो अपराह्न 12 से 1 बजे के मध्य कराया जाएगा तथा मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात् मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।
यहां होंगे उप चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु ने बताया कि जिले में सरपंच पद हेतु धनाऊ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जाणियों की बस्ती, गुडामालानी की ग्राम पंचायत खडाली एवं बाड़मेर की ग्राम पंचायत दरूड़ा में उप चुनाव कराया जाएगा। इसी प्रकार उप सरपंच पद हेतु चौहटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कापराऊ एवं भोजारिया, फागलिया की ग्राम पंचायत ओगाला, आडेल की ग्राम पंचायत आडेल, धोरीमना की ग्राम पंचायत कुम्हारों की बस्ती तथा बायतु की ग्राम पंचायत अकदडा में उप चुनाव कराया जाएगा।
उन्होने बताया कि वार्ड पंचों के उप चुनाव पंचायत समिति चौहटन में ग्राम पंचायत पोकरासर के वार्ड सं0 4 व 5, कापराऊ के वार्ड सं0 5, भोजारिया के वार्ड सं0 1, बाछडाऊ के वार्ड सं0 7 एवं देदूसर के वार्ड सं0 3, धनाऊ पंचायत समिति में ग्राम पंचायत मीठे का तला के वार्ड सं0 4, 2 एवं 8, बामणोर भंवरशाह के वार्ड सं0 6 एवं अमीमोहम्मद शाह की बस्ती के वार्ड सं0 1, फागलिया पंचायत समिति में ग्राम पंचायत हाथला के वार्ड सं0 1, ओगाला के वार्ड सं0 2, एकल के वार्ड सं0 1 व 5, गुडामालानी पंचायत समिति में ग्राम पंचायत डोडावास जागीर के वार्ड सं0 3, आडेल पंचायत समिति में ग्राम पंचायत आडेल के वार्ड सं0 1, खारीया खुर्द के वार्ड सं0 4, नीम्बलकोट के वार्ड सं0 3, धोरीमना पंचायत समिति में ग्राम पंचायत बूल के वार्ड सं0 1, मांगता के वार्ड सं0 3, कुम्हारों की बस्ती के वार्ड सं0 3, सिणधरी पंचायत समिति में ग्राम पंचायत भाटा के वार्ड सं0 2, नाकोडा के वार्ड सं0 4 व 2, पायला कलां पंचायत समिति में ग्राम पंचायत लोलावा के वार्ड सं0 6, आमलियाला के वार्ड सं0 8, शिव पंचायत समिति में ग्राम पंचायत बालासर के वार्ड सं0 1, रामसर पंचायत समिति में ग्राम पंचायत भाचभर के वार्ड सं0 4, देरासर के वार्ड सं0 6, खारा राठौड़ान के वार्ड सं0 1, बाडमेर पंचायत समिति में ग्राम पंचायत महाबार के वार्ड सं0 1, दूदाबेरी के वार्ड सं0 5, जाखड़ों की ढाणी के वार्ड सं0 5, बाडमेर ग्रामीण पंचायत समिति में ग्राम पंचायत बांदरा के वार्ड सं0 6, मूढो की ढाणी के वार्ड सं0 6, बिदासर के वार्ड सं0 5, नोख के वार्ड सं0 1, सरणु चिमनजी के वार्ड सं0 5, बायतु पंचायत समिति मेे ग्राम पंचायत अकदडा के वार्ड सं0 7, निम्बाणियों की ढाणी के वार्ड सं0 5, बोडवा के वार्ड सं0 6, गिडा पचायत समिति में ग्राम पंचायत कसुम्बला भाटियान के वार्ड सं0 9, बालोतरा पंचायत समिति में ग्राम पंचायत मण्डापुरा के वार्ड सं0 6, सिणली जागीर के वार्ड सं0 2, गोपडी के वार्ड सं0 3, पाटोदी पंचायत समिति में ग्राम पंचायत दुर्गापुरा के वार्ड सं0 1 व 2, मोहनपुरा के वार्ड सं0 3, कल्याणपुर पंचायत समिति मे ग्राम पंचायत सरपुरा के वार्ड सं0 3, कल्याणपुर के वार्ड सं0 4, समदडी पंचायत समिति में ग्राम पंचायत जेठन्तरी के वार्ड सं0 9, समदडी स्टेशन के वार्ड सं0 5, समदडी के वार्ड सं0 6, राखी के वार्ड सं0 7, खण्डप के वार्ड सं0 5, गडरारोड पंचायत समिति में ग्राम पंचायत हरसाणी के वार्ड सं0 4, दुधोड़ा के वार्ड सं0 2, द्राभा के वार्ड सं0 2, गडरारोड के वार्ड सं0 4 व 8, खुडाणी के वार्ड सं0 4, सेडवा पंचायत समिति में ग्राम पंचायत चिचडासर के वार्ड सं0 1, सिवाना पंचायत समिति में ग्राम पंचायत गोलिया के वार्ड सं0 1 तथा मैली के वार्ड सं0 2 के लिए उप चुनाव होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त निर्देशानुसार सरपंच पद के उप चुनाव ईवीएम के माध्यम से एवं वार्ड पंचों के चुनाव मतपेटी के माध्यम से सम्पन्न कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आदेश जारी कर उप चुनाव के संबंध में तिथिवार कार्यक्रम का निर्धारण कर अधिकारियों को उन्हें सौपे गये कार्य को समयबद्धता, कुशलता, गुणवता एवं त्रुटिरहित रूप से सम्पादित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
-0-

गुरुवार, 16 सितंबर 2021

प्रधानमंत्री आवास योजना मंे लापरवाही बरतने पर दो कार्मिक निलंबित

 जिला कलक्टर लोक बंधु ने जारी किए तीन कार्मिकांे के खिलाफ कार्यवाही के आदेश

बाड़मेर,16 सितंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन मंे लापरवाही बरतने पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने फागलिया पंचायत समिति की बाखासर ग्राम पंचायत एवं अतिरिक्त प्रभार नवापुरा के ग्राम विकास अधिकारी तथा कनिष्ठ सहायक अतिरिक्त प्रभार ग्राम विकास अधिकारी ग्राम पंचायत एकल को निलंबित किया गया है। जबकि पंचायत समिति फागलिया के कनिष्ठ तकनीकी सहायक का मुख्यालय ज़िला परिषद बाड़मेर किया गया है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन मंे लापरवाही एवं अनियमितता बरतने तथा विभागीय जांच विचाराधीन होने के कारण राजस्थान सिविल सेवा नियम 1958 के नियम 13 के तहत प्रदत शक्तियांे का प्रयोग करते हुए जिला कलक्टर लोक बंधु ने ग्राम पंचायत बाखासर (अतिरिक्त प्रभार नवापुरा) के ग्राम विकास अधिकारी अनिल टेलर को निलंबित किया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रतनू ने बताया कि 9 सितंबर 2021 को वीडियो कांफ्रेसिंग एवं विभिन्न समीक्षा बैठकांे के दौरान स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासांे का मौका निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देशांे के बावजूद समय पर कार्य संपादित नहीं करने तथा राजकार्य मंे लापरवाही तथा शिथिलता बरतने पर फागलिया पंचायत समिति मंे कार्यरत कनिष्ठ तकनीकी सहायक मनोज यादव का मुख्यालय तत्काल प्रभाव से जिला परिषद बाड़मेर किया गया है। उन्हांेने बताया कि जिला कलक्टर लोक बंधु ने एक अन्य आदेश जारी कर कनिष्ठ सहायक (अतिरिक्त प्रभार ग्राम विकास अधिकारी एकल ग्राम पंचायत पं.सं. फागलिया) निंबाराम को प्रधानमंत्री आवास योजना मंे अनियमितता बरतने पर जांच विचाराधीन होने के कारण निलंबित किया है। उनके मुताबिक निलंबन काल के दौरान निलंबित कार्मिकांे का मुख्यालय जिला परिषद पंचायत प्रकोष्ठ रहेगा। इस दौरान नियमानुसार उनको निर्वाह भत्ता देय होगा।
-0-

सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से परीक्षा सम्पादन को पुख्ता तैयारियों के निर्देश

 रीट परीक्षा 2021

बाड़मेर, 16 सितम्बर। जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरूवार को रीट परीक्षा 2021 के आयोजन के संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से परीक्षा सम्पादन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को पूर्ण सजगता के साथ परीक्षा आयोजन संबंधी सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों का वाट्सएप गु्रप बनाने को कहा ताकि बेहतर समन्वय हो सकें। उन्होने बड़ी संख्या में परीक्षार्थीयों के आवागमन के मद्देनजर परिवहन व्यवस्था हेतु पर्याप्त बसों एवं वाहनों का प्रबन्धन तथा परीक्षार्थियों के ठहराव हेतु व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होने परीक्षा केन्द्र पर्यवेक्षक, केन्द्राधीक्षक, वीक्षक समेत कार्मिकों का डेटा संकलित करने को कहा।
जिला कलक्टर ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता तथा अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए परीक्षा संबंधी समस्त गतिविधियों की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। साथ ही परीक्षा केन्दों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में मोबाइल फोन का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। उन्होने परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सैनेटाइजेशन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होने प्रश्न पत्र पुस्तिका-ओएमआर शीट्स की प्राप्ति, वितरण एवं संग्रहण के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, पुलिस उप अधीक्षक आनन्द सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. मंसुरिया, जिला परिवहन अधिकारी बाड़मेर संजीव चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी बालोतरा भगवान गहलोत, आगार प्रबन्धक रोडवेज उमेश नागर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भीखाराम प्रजापत, जिला शिक्षा अधिकारी मा. राजन कुमार शर्मा, जिला समन्वयक रीट डॉ. हुकमाराम सुथार समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
-0-





बुधवार, 15 सितंबर 2021

हाथकरघा बुनकारों की जिला स्तरीय पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित

पचपदरा के हनुमानराम के दरी (डिजाईन) उत्पाद को मिला प्रथम स्थान

बाड़मेर, 15 सितम्बर। स्वतन्त्र हाथकरधा बुनकरों एवं हाथकरधा बुनकर सहकारी समितियों से जिला स्तरीय पुरस्कार प्रतियोगिता हेतु वर्ष 2021-22 में आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये। प्रतियोगिता हेतु स्वतंत्र हाथकरधा बुनकरों से 20 आवेदन पत्र प्राप्त हुए तथा किसी भी बुनकर सहकारी समिति से आवेदन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक एस.आर देवासी ने बताया कि बुधवार को स्वतंत्र हाथकरधा बुनकरों के उत्पादों की जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु गठित समिति की बैठक हुई जिसमें समिति सदस्यों द्वारा बुनकरों के उत्पादों के अवलोकन पश्चात् हनुमानराम पुत्र धनाराम बलाऊ सारण, पचपदरा के उत्पाद दरी (डिजाईन) को प्रथम, सरूपे का तला धनाऊ के चेतनराम पुत्र भीखाराम के उत्पाद डबल पट्टू को द्वितीय तथा मीठीनाडी धनाऊ के खेमाराम पुत्र अमराराम के उत्पाद साडी (कोरण लीलण) को तीसरे स्थान पर पुरस्कार हेतु चयन किया गया।
-0-

संभागीय आयुक्त ने की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर, 15 सितम्बर। संभागीय आयुक्त एवं जिले के प्रभारी सचिव डॉ. राजेश शर्मा ने बुधवार को वीसी के जरिये राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा प्रशासन गांवों एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

इस दौरान संभागीय आयुक्त डॉ. शर्मा ने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीयन लक्ष्य एवं उपलब्धि, लाभान्वित, अनुमोदित दावे एवं भुगतान की स्थिति, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जांचों की स्थिति, कोरोना टीकाकरण एवं संभावित तीसरी लहर की तैयारियां, उपलब्ध ऑक्सीजन संसाधन, मुख्यमंत्री पेंशन योजनाएं, पालनहार, सिलिकोसिस नीति, जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना, जन आधार योजना के तहत नामांकन, राशनकार्ड की जन आधार से मैपिंग/सीडिग की प्रेति, कृषि बुआई की स्थिति, अल्पवृष्टि के कारण रिलीफ कार्यवाही एवं कृषि बीमा की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना, इन्दिरा रसोई योजना समेत विभिन्न बिन्दुओं की जिलेवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में संभागीय आयुक्त डा. शर्मा ने मुख्यमंत्री बजट घोषणाओ के विभिन्न कार्यांे की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने बजट घोषणाओं की प्राथमिकता से क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान की पूर्व तैयारियों की समीक्षा कर व्यापक प्रचार प्रसार करने तथा अधिकाधिक लोगों को शिविरों के दौरान लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं की प्रगति, प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान की पूर्व तैयारियों तथा जिले से संबंधित मुख्य मुद्दों की विस्तार के साथ जानकारी कराई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, नगर विकास न्यास सचिव शैलेष सुराणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. मंसुरिया समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
-0-






मुख्य सचिव ने वीसी के जरिये की रीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

बाड़मेर, 15 सितम्बर। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने बुधवार को वीसी के जरिए 26 सितम्बर को आयोजित होने वाली रीट परीक्षा के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की।

इस मौके पर मुख्य सचिव आर्य ने कहा कि रीट परीक्षा राज्य सरकार का प्राथमिकता का मुद्दा है। उन्होने कहा कि रीट परीक्षा प्रशासन एवं पुलिस के लिए बहुत बड़ा चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होने कहा कि परीक्षा को सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाना उच्च प्राथमिकता का बिन्दु होना चाहिए। मुख्य सचिव ने सभी जिला कलक्टर को निर्देश दिए कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था, रूट चार्ट, परिवहन, केन्द्राधीक्षक एवं केन्द्र पर्यवेक्षक, पुलिस जाब्ता की व्यवस्था, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा समेत परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की प्लानिंग कर सुनिश्चित करे। उन्होने परीक्षा से जुडे़ प्रत्येक बिन्दु पर सजग रहकर कार्य करने को कहा। उन्होने प्रश्न पत्रों की सुरक्षा पर गम्भीरता के साथ निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरान्त जिला कलक्टर लोक बंधु ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार के साथ समीक्षा की तथा सभी तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.एल. विश्नोई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-






लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...