सोमवार, 1 फ़रवरी 2021

जनजाति विकास राज्यमंत्री बामनिया आज करेंगे योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर, 01 फरवरी। जनजाति क्षेत्रीय विकास (स्वतंत्र प्रभार) उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया मंगलवार 2 फरवरी को प्रातः 11 बजे सर्किट हाउस बाड़मेर में विभागीय समीक्षा के साथ जनजाति प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेंगे।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि जनजाति क्षेत्रीय विकास (स्वतंत्र प्रभार) उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया अपने प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार मंगलवार को विभागीय समीक्षा एवं जनजाति प्रतिनिधियों व समाज के लोगों के साथ बैठक के बाद बाड़मेर से दोपहर 12ः30 बजे जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-


रविवार, 31 जनवरी 2021

तंबाकू निषेध दिवस पर काटे 75 चालान

बाड़मेर, 31 जनवरी। कोटपा अधिनियम 2003 के तहत सरकार द्वारा आदेशित प्रत्येक माह के अंतिम दिवस पर नो-टोबेको दिवस की पालना सुनिश्चित करने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई के निर्देशानुसार डिप्टी सीएमएचओ डॉ. पी.सी. दीपन के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम ने चवा, रावतसर, सरणु, सिणधरी, बालोतरा, पचपदरा आदि क्षेत्रों की दुकानों पर तंबाकू के विक्रय करने पर 75 चालान काटे और उनको कोटपा अधिनियम 2003 की जानकारी देते हुये हर माह के अंतिम दिन गुटका, बीड़ी, सिगरेट आदि तम्बाकू से बनी वस्तुएं का विक्रय नहीं करने की हिदायत दी। जिन विक्रेताओं के पास फूड लाइसेंस नहीं पाए गये उन्हें लाइसेंस बनाने व उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी।

-0-


जिला कलक्टर मीणा ने किया नंदी गौशाला का निरीक्षण

बाड़मेर, 31 जनवरी। जिला कलक्टर मीणा ने रविवार को नंदी गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने नंदी गौशाला के संचालन, गायों की तादाद, चारे, दाले, पानी की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिला कलक्टर मीणा ने गौशाला परिसर का जायजा लेने के साथ गौशाला संचालन के यथासंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान गौशाला ट्रस्टी पुररुषोतम खत्री एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

-0-








जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने नोनिहालों को पिलाई पोलियो की खुराक

 राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पोलियो अभियान का आगाज


बाड़मेर, 31 जनवरी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, महावीर नगर में रविवार को जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पोलियो अभियान में नन्हे-मुन्नों को पोलियों की दवा पिला कर शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर मीणा ने कहा कि इस अभियान में 0 से 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियों की दवा पीने से वंचित ना रहे और पोलियो अभियान का लाभ बाड़मेर जिले के सभी 0 से 5 साल के बच्चों को मिल सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई ने आमजन से अपने नन्हे-मुन्हो को आवश्यक रूप से पोलियोरोधी दवा पिलाने की अपील की। आरसीएचओ डॉ. प्रीत मोहिंदर सिंह ने बताया कि रविवार से जिले में बूथ स्तर व घर-घर जाकर टीमो द्वारा पोलियो की दवाई पिलाई जा रही है। सभी सेक्टर में कुल 520 बूथ व 207 ट्रांजिट दल (रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड, मंदिर आदि) बनाये गये है। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, नर्सिंग स्टूडेंट, आशा सहयोगिनी, आंगनवाडी कार्यकर्ता आदि कुल 16614 कार्मिकों द्वारा जिले के 5 वर्ष तक के 430245 बच्चों को कार्य योजना बनाकर जिंदगी की दो बूंद पिलाई जा रही है। इस अभियान की सफलता हेतु स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिले में भ्रमण कर विभिन्न बूथों का निरिक्षण किया और सम्बंधित सेक्टर अधिकारी को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पोलियो अभियान का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिये।

-0-









शनिवार, 30 जनवरी 2021

नगर परिषद की तीन करोड़ की भूमि अतिक्रमण मुक्त

  बाड़मेर, 30 जनवरी। जिला मुख्यालय पर शनिवार को नगर परिषद के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने बेदखल कार्यवाही कर 3 करोड़ के मूल्य वाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

     नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि शनिवार को नगर परिषद बाड़मेर के खसरा नंबर 1434 में परिषद के अतिक्रमण रोधी दस्ते द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई जिसमें परिषद की करीब 3 करोड रुपए की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। 
  शर्मा ने बताया की उक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कोई भी व्यक्ति भूखंड खरीदने से पहले भूखंड के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की जांच अवश्य करें एवं भू माफियाओं से सरकारी भूमि नहीं खरीदें।
-0-

आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के नवीन चरण का शुभारंभ

 मुख्यमंत्री ने वीसी के जरिये किया आगाज

पांच लाख तक का मिलेगा बीमा कवर
बाड़मेर, 30 जनवरी। आमजन के लिहाज से महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना का नवीन चरण बाड़मेर जिले सहित प्रदेश में शनिवार से प्रारंभ हुआ। आमजन को इस योजना के तहत सामान्य बीमारी के लिए 50 हजार एवं गंभीर बीमारी के लिए पांच लाख रुपए तक का प्रति परिवार प्रति वर्ष बीमा होगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बटन दबाकर डिजिटल तरीके से योजना का शुभारंभ किया । उन्होंने योजना के नए लोगो व साइनबोर्ड का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से राजस्थान स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी रहेगा।
इस अवसर पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला स्तर से जिला कलक्टर श्री विश्राम मीणा, अति. जिला कलक्टर श्री ओ पी विश्नोई, सीईओ श्री मोहनदान रत्नू, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ आर के आसेरी, सीएमएचओ डॉ बी एल विश्नोई एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व ब्लॉक स्तर से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे ।
इस योजना के तहत बाड़मेर में निजी संस्थान नवजीवन हॉस्पिटल बाड़मेर व जे के हॉस्पिटल सिणधरी को आज पंजीबद्ध किया गया।
-0-






शहीद दिवस पर दो मिनट के मौन के साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धाजंलि

 बाड़मेर, 30 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वी जयंती वर्ष के आयोजन की श्रंखला में शनिवार को शहीद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित हुआ। दो मिनट का मौन धारण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई।         

     इस दौरान कलेक्ट्रेट में भी जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में राष्ट्रपिता को श्रद्धाजंलि दी गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, सामाजिक अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण, महात्मा गांधी जयंती वर्ष आयोजन समिति के संयोजक महावीर बोहरा, सह सयोजक अमित बोहरा समेत कलेक्टर कार्यालय के कार्मिको ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धाजंलि दी। इससे पूर्व सायरन बजाय गया। बाद में गांधी जयंती समिति के सदस्यो एवं जिला अधिकारियों ने वर्चुअल कार्यक्रम में भाग लिया एवं गांधीजी के प्रिय भजनों को सुना एवं उनके जीवन पर आधरित कार्यक्रम को वीसी के जरिए देखा।
-0-







शुक्रवार, 29 जनवरी 2021

30 जनवरी शनिवार को से शुरू होगा ‘आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा‘ योजना का नया चरण

बाड़मेर, 29 जनवरी। प्रदेश में 30 जनवरी का दिन स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऎतिहासिक दिवस होगा। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत 30 जनवरी (शनिवार) को ‘आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा‘ योजना के नए चरण का आगाज करेंगे। यह अभिनव कदम प्रदेश की लगभग दो तिहाई आबादी की स्वास्थ्य रक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। 

गौरतलब है कि राज्य में पूर्व में संचालित भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के 98 लाख लाभार्थी परिवारों के साथ ही सामाजिक आर्थिक जनगणना (SECC 2011) के पात्र परिवारों को भी शामिल कर योजना का दायरा बढ़ाते हुए आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के नए चरण में अब 1 करोड़ 10 लाख परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की गई है। 

इस योजना में वार्षिक प्रीमियम 1750 करोड़ रुपए का लगभग 80 प्रतिशत (1400 करोड़ रुपए) अंशदान राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अब प्रति परिवार सालाना निःशुल्क उपचार सीमा को बढ़ाकर 3.30 लाख के स्थान पर 5 लाख रुपए तथा उपचार के लिए उपलब्ध 1401 पैकेज को बढ़ाकर 1576 किया गया है। सामान्य बीमारियों के लिए 50 हजार तथा गंभीर बीमारियों के लिए 4.50 लाख तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध होगा। सरकारी के साथ-साथ सम्बद्ध निजी तथा राज्य में स्थित भारत सरकार के चिकित्सालयों में भी निःशुल्क इलाज मिलेगा। 

   खास बात है कि भर्ती से 5 दिन पहले और डिस्चार्ज के 15 दिन बाद तक का चिकित्सा खर्च भी निःशुल्क पैकेज में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने आमजन से इस अभिनव योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताने और इस बारे में जागरूकता लाने की अपील की है ताकि जीवन रक्षा के इस मिशन में हम सब भागीदार बन सकें।

           -----000------

शहीद दिवस कार्यक्रम शनिवार 30 जनवरी को

बाड़मेर, 29 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की 150 वीं जयंतीवर्ष के आयोजन की श्रंृखला में शनिवार 30 जनवरी को शहीद दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की 150 वीं जयंतीवर्ष के आयोजन की श्रृंखला में 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर प्रातः 10.45 से 12 बजे तक एक वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन किया जाना नियत है। उन्होने संबंधित अधिकारियों तथा जिला स्तरीय समिति के जिला संयोजक, सह- सयोजक को उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होने को कहा है। साथ ही उन्होने विभागीय अधिकारियों को शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण करने बाबत कार्यक्रम आयोजन के निर्देश दिए है। उन्होने कार्यक्रम के दौरान कोरोना महामारी के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनना, सेनेटाईजर का उपयोग तथा इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा समय समय पर जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।  
-0-

एंटी रैगिंग कमेटी की प्रथम बैठक का आयोजन रैगिंग एक अपराध है - डॉ. आसेरी

बाडमेर, 29 जनवरी। मेडिकल कालेज प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ आर के आसेरी की अध्यक्षता में कॉलेज परिसर एवं कॉलेज के बाहर सार्वजनिक जगहों पर रैगिंग को रोकने हेतु एंटी रैगिंग कमेटी की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान डॉ आसेरी ने कहा कि रैगिंग एक अपराध है इसकी रोकथाम के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा एक कमेटी का गठन किया गया है। उन्होने कॉलेज परिसर एवं कॉलेज के बाहर सार्वजनिक जगहों पर रैगिंग को रोकने के प्रयास करने हेतु विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होने एंटी रैगिंग कमेटी के कार्यों के बारे में अवगत कराया। बैठक में अवगत कराया गया कि एंटी रैगिंग कमेटी हेतु समन्वयक डॉ दिनेश परमार को बनाया गया है। एंटी रैगिंग स्क्वायड में छात्र छात्राओं के लिए अलग से दो टीमों का गठन किया गया है, जिसमें छात्राओं के प्रभारी डॉ पुष्पावती जैन, डॉ कमला वर्मा, डॉ अलका लूनिया एवं डॉ ज्योति पांडे वार्डन छात्रा रहेंगी। इसी तरह छात्रों में रैगिंग रोकने हेतु एंटी रैगिंग स्क्वायड में डॉ दिनेश परमार,  डॉ अमित शांडिलय छात्र वार्डन, डॉ दीपक तंवर एवं डॉ विक्रम सिंह को शामिल किया गया है।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थान, पुलिस विभाग, प्रशासन के अधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक शिक्षको एवं मीडिया प्रभारी इत्यादि ने भाग लिया। बैठक के दौरान मीडिया प्रतिनिधि, एस एच ओ पर्वत सिंह, कैलाश मेहता, विजय कुमार, डॉ खुशाल भरंग, डॉ प्रकाश  भी उपस्थित रहे।
-0-

सड़क हादसों में पीड़ितों को पन्द्रह लाख बीस हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत

बाड़मेर, 29 जनवरी। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 व्यक्तियों को कुल पन्द्रह लाख बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि रावतसर निवासी स्व. रामाराम पुत्र निम्बाराम जाट, पचपदरा निवासी स्व. पुष्पा देवी पत्नी स्व. भीमसैन खारवाल, कगाऊ निवासी स्व. शंकरलाल पुत्र लूणाराम ढाढी, नई गरल सुजानसिंह निवासी स्व. किरताराम पुत्र पुनमाराम मेघवाल, बांकाणियों का वास मंगने की ढाणी निवासी स्व. नारणाराम पुत्र हरचन्द राम राईका, मुरटाला गाला महाबार पीथल निवासी स्व. स्वरूपसिंह पुत्र सबलसिंह राजपूत, मौखावा गुडामालानी निवासी स्व. केसाराम पुत्र हरचन्द राम भील, कम्मो का बाडा निवासी स्व. भगाराम पुत्र वलाराम कलबी चौधरी, रातड़ी निवासी स्व. जोगाराम पुत्र कानाराम जाट, राजडाल निवासी स्व. नकताराम पुत्र तगाराम कुम्हार, मेकराना पचपदरा निवासी स्व. लालूराम पुत्र ईशराराम जाट, रूपोणी बांगडवों की ढाणी बायतु चिमनजी निवासी स्व. डाउराम पुत्र पूनाराम जाट, मालदेता गिडा निवासी स्व. स्वरूपाराम पुत्र मूलाराम जाट, धन्ने की ढाणी सिणधरी निवासी स्व. लालाराम पुत्र खुमाराम जाट एवं भालीखली धोरीमना निवासी स्व. जुंजाराम पुत्र धुड़ाराम राव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के कारण उनके परिवार जनों को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार सईयों को तला आडेल निवासी भगाराम पुत्र आईदानराम जाट के सड़क दुर्घटना में घायल होने से उन्हें बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

गुरुवार, 28 जनवरी 2021

अंडर पास की पेयजल पाइप लाइन तुरन्त बदलकर राहत दी जाए - चौधरी

राजस्व मंत्री ने बनिया संडा धोरा स्टेशन के समीप रेलवे अंडर ब्रिज से निकलने वाली पाइप लाइन दीवार से दूर से निकालने के निर्देश दिए

बाड़मेर, 28 जनवरी। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने गुरुवार शाम को बनिया संडा धोरा के पास बन रहे रेलवे अंडर ब्रिज के कार्य को प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए।

राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने रेलवे अंडर ब्रिज से निकलने वाली बाड़मेर लिफ्ट केनाल की पाइप लाइन के बन्द कार्य को सुचारू करवाने के लिए मौके पर पहुंच दूसरी पाइप लाइन बिछाकर तत्काल ठप्प पड़े कार्य को प्रारम्भ करने की अधिकारियों एवं इंजीनियर को हिदायत दी। उन्होंने कहा कि रेलवे अंडर पास के समीप दीवार बनने से पाइप लाइन को निकालने में परेशानी आ रही है तो 10 मीटर साइड से पाइप लाइन बिछाई जाए। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने पुरानी पाइप लाइन को हटाकर नई पाइप लाइन अतिशीघ्र बिछाते हुए समस्या का निस्तारण करने के निर्देश देते हुए आगे दर्जनों गांवो की बाधित पेयजल सप्लाई सुचारू कर राहत दिलाने की बात कही।

इस मौके पर बाड़मेर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, जलदाय विभाग के एक्सईन बाबुलाल मीणा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईन पारसमल सिंगानिया, डूंगराराम काकड़, राजेन्द्र कड़वासरा, पवन गोदारा समेत इंजीनियर व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

-0-


जनहित कार्यों में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक - चौधरी

बायतु विधानसभा क्षेत्र के सभी विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ राजस्व मंत्री ने ली समीक्षा बैठक

विकास कार्यों की हुई समीक्षा, आगामी समय में जनहित कार्यों में तेजी लाने के लिए दिए निर्देश

बाड़मेर, 28 जनवरी। विधानसभा क्षेत्र बायतु में पिछले करीब दो वर्षो में हुए विकास कार्यों की प्रगति व समीक्षा करने तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में ओर तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को बायतु पनजी स्थित लाधोनियो की ढाणी में सभी विभागीय अधिकारियों, कार्मिकों व जनप्रतिनिधियों के साथ राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने एक सभा के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया। इस बैठक में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने बायतु विधानसभा क्षेत्र में दो साल में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की व आगामी समय में इन विकास कार्यों की गति में तीव्रता लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर बायतु एसडीएम विवेक व्यास का स्थानांतरण होने पर विदाई भी गई। दो वर्षो में बायतु क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति व उनकी क्रियान्विति पर अधिकारियों द्वारा पूर्ण सहयोग करने पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने उनको धन्यवाद दिया वहीं सभी कार्मिकों ने भी अपने इस कार्यों में सहभागिता होने पर सन्तोष जाहिर किया। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने इस मौके पर कहा कि आमजन के जनहित कार्यों में जनप्रतिनिधियों ओर अधिकारियों व सरकारी कार्मिकों की अहम भूमिका है। सभी के सहयोग ओर सहभागिता से ही सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों को मिल पायेगा।

इस मौके पर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी ने भी उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में कर्तव्य के प्रति सजग रहने वाले उपखंड अधिकारी विवेक व्यास को उनके स्थानांतरण पर विदाई दी गई। इस मौके पर एस डी एम विवेक व्यास ने अपने दो साल के कार्यकाल में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के प्रयासों से हुए विकास कार्यों का भी प्रमुखता से उल्लेख किया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी, बालोतरा उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी, गिड़ा प्रधान जानकी देवी, पूर्व प्रधान लक्ष्मणराम डेलू, आईदान चौधरी, पूर्व बीसीसीबी चेयरमैन डूंगरराम काकड़, उप प्रधान टीकूराम लेगा समेत क्षेत्र के सरपंच, जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य, अधिकारी व कार्मिकगण मौजुद रहे।

-0-


कार्मिकों को ई-एनपीएस की बजाय एसजीवी नम्बर से प्राण नम्बर जारी करने के निर्देश

बाड़मेर, 28 जनवरी। राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग बाड़मेर द्वारा सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों से अपील की है कि वे ई-एनपीएस प्राण नम्बर जारी करने की बजाया अपनी एसजीवी नम्बर से प्राण नम्बर जारी करें ताकि कार्मिकों की एनपीएस कटौती राशि जमा करने में बाधा न हो।

राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग बाड़मेर के उप निदेशक डॉ. संजीव कुमार दास ने बताया कि ई-एनपीएस से प्राण नम्बर जारी करवाने के बाद शिफ्टिंग फार्म जमा नहीं करवाने से कर्मचारियों की एनपीएस कटौती राशि जमा नहीं हो रही है तथा समय पर अपलोड नहीं होने की जिम्मेदारी कर्मचारी एवं आहरण वितरण अधिकारी की होगी। उन्होने कहा कि 1 जून 2020 से एनएसडीएल ने अपने डीडीओं को प्राण आवेदन करने का अधिकार दिया है तथा इसकी हार्ड कॉपी राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग कार्यालय में जमा करवाने के बाद प्राण नम्बर जारी किए जाएंगे। उन्होने बताया कि ई-एनपीएस से प्राण नम्बर हेतु आवेदन करने के बाद कुछ कार्मिकों के प्राण नम्बर फ्रोजन हो जाते है या ई-साठन नहीं होने के कारण प्राण नम्बर निष्क्रिय हो जाते है। उन्होने सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों को ई-एनपीएस की बजाय अपने एसजीवी नम्बर से प्राण नम्बर जारी करने की अपील की है। उन्होने आहरण एवं वितरण अधिकारियों को अपने कार्मिकों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए तय मापदण्ड अनुसार कार्यवाही करने की अपील की है।

एनसीसी केडेट में प्रवेश हेतु लिखित एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा सम्पन्न

बाड़मेर, 28 जनवरी। अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर में अध्ययनरत प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के एनसीसी केडेट प्रवेश हेतु बुधवार 27 जनवरी को लेफ्टिनेट कर्नल मनोज गुप्ता के सानिध्य में लिखित एवं शारीरिक परीक्षाएं सम्पन्न हुई।

एनसीसी प्रभारी प्रकाश मौखा ने बताया कि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में एनसीसी प्रथम बार प्रारम्भ हुई, जिसमें महाविद्यालय को कुल 69 सीटे आवंटित हुई है। उन्होने बताया कि 23 सीटों पर प्रथम वर्ष के प्रवेश के लिए कैडेट्स की सर्वप्रथम लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा में लड़कियों के लिए 800 मीटर तथा लड़को के लिए 1600 मीटर की दौड़ हुई और अंत में कैडेट्स का मेडिकल चेकअप डॉ. भरत सारण के द्वारा किया गया।
अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के.विश्नोई ने बताया कि महाविद्यालय में एनसीसी एवं एनएसएस दोनो विंग प्रारम्भ हो चुकी है तथा आने वाले दिनों में एनएसएस प्रवेश प्रक्रिया भी प्रारम्भ की जाएगी।
-0-

कोविड वैक्सीनेशन के दुष्प्रचार पर आशा सहयोगिनी को हटाने के निर्देश

बाड़मेर, 28 जनवरी। सोशल मिडिया पर कोविड वैक्सीनेशन का दुष्प्रचार करने के कारण आंगनवाडी केन्द्र भगोणियों की ढाणी में कार्यरत आशा सहयोगिनी श्रीमती ललीता को मानदेय सेवा से तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने बाल विकास परियोजना अधिकारी बायतु को निर्देशित किया है कि आंगनवाडी केन्द्र भगोणियों की ढाणी में कार्यरत आशा सहयोगिनी श्रीमती ललीता को मानदेय सेवा से तत्काल हटाने के आदेश पारित कर पालना रिपोर्ट प्रेषित करे।
-0-

बुधवार, 27 जनवरी 2021

बाड़मेर शहर में गुरूवार एवं शुक्रवार को जलापूर्ति बन्द रहेगी

बाड़मेर, 27 जनवरी। शट डाउन के कारण गुरूवार 28 जनवरी एवं शुक्रवार 29 जनवरी को बाड़मेर शहर में की जाने समस्त जलापूर्ति बन्द रहेगी।

जन स्वा. अभि. विभाग नगर खण्ड के अधिशाषी अभियन्ता हजारीराम बालवां ने बताया कि आगामी गर्मी में 70 दिवसीय क्लोजर को मद्देनजर रखते हुए आवश्यक संधारण कार्यो एवं बाड़मेर लिफ्ट परियोजना पर मरम्मत कार्यो हेतु 27 एवं 28 जनवरी को शट डाउन लिया गया है, इस वजह से 28 एवं 29 जनवरी को बाड़मेर शहर में की जाने वाली समस्त जलापूर्ति बन्द रहेगी।
-0-

युवा अपने गांव में ही कर सकेंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी - चौधरी

 खोखसर में वाचनालय का राजस्व मंत्री चौधरी ने किया उदघाटन

शहरी लाइब्रेरी की सुविधा अब रेतीले गांव में भी

बाड़मेर, 27 जनवरी। खोखसर पंचायत मुख्यालय पर ग्राम प्रतिभा सेवा संस्थान के तत्वावधान में निर्मित स्टडी लाईब्रेरी एवं वाचनालय का मंगलवार 26 जनवरी को राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने फीता काटकर उदघाटन किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए तेजी से बढ रहे लाइब्रेरी के चलन में ग्रामीण प्रतिभाओं को भी शहर में उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाएं अब अपने ग्राम में ही मिल सकेगी। उन्होने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं का उचित वातावरण प्रदान करने की बात कही। संस्था के अध्यक्ष कृष्ण बाना ने बताया कि खोखसर, खोखसर पूर्व, खोखसर पश्चिम व करालिया बेरा चारों ग्राम पंचायतों के भामाशाहों व समस्त कार्यकारिणी के सहयोग से स्टडी लाईब्रेरी एवं वाचनालय का निर्माण करवाया गया है जिसमें सीसीटीवी कैमेरे सहित सम्पूर्ण उतम व्यवस्थाएं की गई है। उन्होने कहा कि इस पुस्तकालय में 500 पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में यहां के युवाओं विशेषकर बालिकाओं को पढने का अवसर मिलेगा। राजस्व मंत्री चौधरी का खोखसर ग्रामवासियों ने राउमावि खोखसर में स्वागत किया। यहां उन्होने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी बात सुनी तथा ग्राम के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।
सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का किया निरीक्षण
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी एवं जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने करालिया बेरा में चल रहे सिलाई केन्द्र में पहुंचकर प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। कम्प्यूटर प्रशिक्षण की मांग पर राजस्व मंत्री चौधरी ने उन्हे आश्वासन दिया। इस दौरान गिडा प्रधान टीकमाराम लेगा, सरपंच एडवोकेट चूनाराम जाखड भी मौजूद रहे।
-0-

टीकाकरण की अब तक की प्रगति की समीक्षा कोरोना वैक्सीनेशन के बारे में लोगों को निरन्तर जागरूक किया जाए

बाड़मेर, 27 जनवरी। जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने कहा कि हैल्थकेयर वर्कर्स उत्साह के साथ आगे आकर वैक्सीन लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन को लेकर किसी तरह कि भ्रांति न रहे, इसके लिए लोगों को निरन्तर जागरूक किया जाए। जिले में बुधवार को वी.सी. के जरिए वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने साइट्स की संख्या आवश्यकता के अनुरूप बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने हैल्थ केयर वर्कर से आहवान किया कि वे टीकाकरण करवाएं और किसी भी तरह की भ्रांति से बचें। उन्होंने भारत सरकार की गाइडलाइन को फॉलो करते हुए जिले में वैक्सीनेशन के लक्ष्य को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि हैल्थ केयर वर्कर्स का वैक्सीनेशन होने पर वे आगे आने वाली किसी भी चुनौती का मुकाबला पूरे आत्मविश्वास के साथ कर पाएंगे और कोरोना से लोगो के जीवन की रक्षा का अपना दायित्व बखूबी निभा सकेंगे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई ने कहा कि जिन ब्लाकों में वैक्सीनेशन का प्रतिशत कम है, वहां बीएमएचओ एवं विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ बात कर वैक्सीनेशन को गति दी जाएगी।
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने खोखसर में की जन सुनवाई

बाड़मेर, 27 जनवरी। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने बुधवार को खोखसर मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को सुना तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस दौरान करालिया बैरा, रतेऊ, दानपुरा एवं देवपुरा सहित कई स्थानों के जमीन से जुडे मामलों के संबंध में राजस्व मंत्री चौधरी ने गिडा तहसीलदार को जमीन के मामलों को अतिशीघ्र तथा आपसी सामंजस्य से निपटाने के निर्देश दिए। करालिया के गौसर भूमि पर बनी स्कूल को लेकर उन्होने तहसीलदार को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं उन्होने बायतु में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भवन को लेकर जमीन विवाद को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होनें गिडा हॉस्पिटल में सुविधाओं के विस्तार की बात कही।
उन्होने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर सड़को की स्थिति को रेकॉर्ड में शुद्ध किया जाएगा। वहीं मनरेगा की सड़को को रिकॉर्ड में लिया जाएगा ताकि भविष्य में इससे संबंधित विवाद न हो। उन्होने रतेऊ में नर्सरी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए तथा पौधारोपण की बात कही। गिडा के पूर्व सरपंच हनीफ खान ने बताया कि गिडा में 22 पटवार मण्डलों में केवल 8 पटवारी ही कार्यरत है जिसको लेकर राजस्व मंत्री चौधरी ने उन्होने आश्वासन दिया। राजस्व मंत्री चौधरी ने पेयजल स्कीम के तहत चल रहे सर्वे के कार्य में बिना भेदभाव के किसी भी घर को पेयजल से वंचित नहीं रखने की बात कही। वहीं मौके पर प्राप्त विभिन्न समस्याओं को राजस्व मंत्री चौधरी ने सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने पाटौदी पंचायत समिति में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी नरेश सोनी, तहसीलदार, विकास अधिकारी रामनिवास, जलदाय विभाग के एक्सईन बाबूलाल मीणा, समेत विभागवार अधिकारियों के साथ विकास कार्यों के सम्बंध में सवांद किया। इस दौरान महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के लिए जमीन आंवटन प्रक्रिया, पाटौदी में शहीद स्मारक बनाने, भूमिहीन परिवारो का सर्वे कर सूचीबद्ध करने इत्यादि विषयों पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी साथ रहे।
-0-






लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...