शनिवार, 8 दिसंबर 2018

मतगणना कार्य को गम्भीरता के साथ सम्पन्न करे - नकाते


जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

                बाड़मेर, 08 दिसम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने विधानसभा आम चुनाव 2018 के दौरान मतगणना कार्य को पूर्ण मुस्तैदी के साथ गम्भीरतापूर्वक सम्पन्न करने के निर्देश दिए है। उन्होने कहा कि सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया का मतगणना सर्वाधिक महत्वपूर्ण भाग होता है तथा इस पर सबकी निगाहें होती है। इसलिए इससे जुडे सभी अधिकारी पूर्ण सावधानी एवं जिम्मेदारी पूर्वक अपने कार्य को अंजाम देने हेतु इसकी सम्पूर्ण प्रक्रियाओं का बारीकी से अध्ययन कर लें।
                शनिवार को कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित मतगणना व्यवस्थाओं संबंधी बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने बाडमेर जिले में शांति पूर्ण निर्वाचन के लिए चुनावी तन्त्र से जुडे सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने अच्छी तैयारी के साथ अब तक चुनाव संबंधी कार्यो को सम्पादित किया है जिससे सम्पूर्ण जिले में कहीं भी पुर्नमतदान की नौबत नहीं आयी तथा कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होने अधिकारियों से कहा कि मतगणना के आरम्भ से लेकर अन्त तक प्रत्येक चरण में वे सक्रिय रहकर कार्य को अंजाम दें।
                जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के मतगणना संबंधी सभी दिशा निर्देशों का गहनता से अध्ययन कर ले। ताकि मतगणना कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न रहें। उन्होने मतगणना से जुडी सम्पूर्ण तैयारियां 10 दिसम्बर तक पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक सामग्री, संसाधन एवं फार्म्स आदि  की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
                इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने मतगणना संबंधी सम्पूर्ण प्रक्रियाओं एवं प्रपत्रों के बारे में विस्तार के साथ जानकारी कराई। उन्होने मतगणना स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि रिटर्निग अधिकारी हैण्ड बुक का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम ने मतगणना की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल मेघवाल ने मतगणना स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी कराई। उन्होने मतगणना दिवस पर किये जाने वाले यातायात प्रबन्धन के बारे में बताया। इस दौरान यूआईडी सचिव चैनाराम चौधरी, भूमि अवाप्ति अधिकारी अशोक सांगवा, कोषाधिकारी दिनेश बारहट, सहायक निदेशक नानकचन्द चन्द्रोदय,  समस्त रिटर्निग अधिकारी, सहायक रिटर्निग अधिकारी, विकास अधिकारी एवं चुनाव से जुडे विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहें।



एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान होगा


प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा

                बाड़मेर, 08 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान किया जाएगा। ऐसा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते के मुताबिक मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा। चयनित मतदान केंद्र में उपयोग में लाए गए। वीवीपीएटी की पर्ची का मिलान ईवीएम के कंट्रोल यूनिट में प्रदर्शित संख्या से किया जाएगा। यह कार्य उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति में होगा। इसकी विडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना कक्ष के अंदर ही वीवीपेट की पर्ची से वोट का सत्यापन होगा। इस मतगणना के लिए वीवीपीएटी काउंटिंग बूथ ठीक वैसे ही तैयार किया जाएगा, जैसा बैंकों में होता है। इसके लिए सभी उम्मीदवारों को पूर्व में ही सूचना दी जाएगी। उनके मुताबिक मतदान केंद्र के चयन के लिए सफेद कागज की पर्ची पर मतदान केंद्रों के नंबर लिखकर कंटेनर में डाले जाएंगे और पर्ची निकालकर केंद्र का रैंडम चयन होगा। यह कार्य ईवीएम से गणना के अंतिम राउंड के तत्काल पश्चात किया जाएगा। यह प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति एवं कड़ी निगरानी में होगी।

मतगणना की तैयारियां पूरी,7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगेगी 131 टेबलें


                बाड़मेर, 08 दिसम्बर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय में 11 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे से सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रारम्भ होगी। इसके लिए समुचित तैयारियां की गई है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र शिव के लिए 21 मतगणना टेबल, बाड़मेर के लिए 21, बायतु 17, पचपदरा 21, सिवाना 15, गुड़ामालानी 21 एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 15 टेबले लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना  ड्यूटी मे लगाए गए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रातः 6 बजे तक राजकीय महाविद्यालय में अनिवार्यरूप से उपस्थित होना होगा। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना कार्य में लगे कार्मिकों को पर्यवेक्षकगण की उपस्थिति में रेण्डमाईजेशन करके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कमरा एवं टेबल नम्बर का आंवटिन किया जाएगा। मतगणना में लगे गणना सुपरवाईजर,गणना सहायको तथा माईक्रो ऑब्जर्वर की उपस्थिति के लिए पर्याप्त संख्या में काउण्टर स्थापित किए गए है। उन्होने बताया कि राजकीय महाविद्यालय के ग्राउण्ड वाले द्वार से मतगणना मे लगे गणना सुरवाईजर,गणना सहायक एवं अन्य व्यवस्थाओं में लगे कार्मिक प्रवेश करेगे। जबकि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, निर्वाचन एवं गणना अभिकर्ताओं के लिए महाविद्यालय के लिए निर्धारित मुख्य द्वार से होते हुए निर्धारित मतगणना कक्ष में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे कार्मिको तथा निर्वाचन अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ता को अपना बैज लगाये रखना होगा। उन्होने बताया कि प्रत्येक काउटिंग टेबल पर एक काउटिंग सुपवाईजर एक काउटिंग असिस्टेट एवं एक माईक्रो आर्ब्जवर नियुक्त किया जाएगा। पर्यवेक्षकगण, आरो, एआरो काउटिंग हॉल में मोबाईल का उपयोग कर सकेगे। पोस्टल बैलट गणना कार्य प्रातः 8 बजे प्रारम्भ होगा। इसके आधे घण्टे बाद इवीएम की काउटिंग प्रारम्भ होगी। उनके मुताबिक संबंधित रिटर्निग अधिकारी के और से उम्मीदवारो, निर्वाचन अभिकर्त्ताओं, गणन अभिकत्ताओं को मतगणना फोटो युक्त प्रवेश पत्र जारी किये जाएगे। मतगणना व्यवस्था के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम को समग्र प्रभारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने बताया है कि मतगणना स्थल तथा मतगणना के दोरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नही बरतने के निर्देश दिए गए है। ऐसा होने पर इसे गम्भीरता से लेते हुए संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। उनके मुताबिक राजस्व अपील अधिकारी रामदेव गोयल मीडिया कक्ष का समुचित पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन सुनिश्चित करेगे। साथ ही उपवन संरक्षक विक्रम प्रधान केसरी चुनाव पर्यवेक्षकगण के नोडल अधिकारी के रूप में सौपे गये कार्यो में आवश्यक सहयोग करेगे।
जांच के बाद मतगणना स्थल पर जाने की मिलेगी अनुमति : मतगणना के दौरान समस्त कार्मिकों, उम्मीदवारों निर्वाचन एवं मतगणना अभिकर्ताओं को मेटल डिटेक्टर से जांच करने के बाद ही मतगणना केन्द्र में जाने दिया जाएगा।
मीडिया कक्ष स्थापित होगा : मतगणना स्थल पर स्थापित मीडिया कक्ष में अधिकृत मीडिया कर्मियों की ओर से ही मोबाईल का प्रयोग किया जा सकेगा। मतगणना कक्ष में मोबाईल फोन प्रतिबधित होने के कारण मीडिया कक्ष में मोबाईल फोन सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था की जाएगी। मीडिया कर्मी हेड हेल्ड कैमरे का प्रयोग कर सकेगे। उनको निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने के साथ मतगणना स्थल पर अपना फोटो युक्त परिचय पत्र लगाकर रखना होगा।

शुक्रवार, 7 दिसंबर 2018

मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, शाम 5 बजे तक 72 फीसदी मतदान

बाडमेर, 07 दिसंबर। बाड़मेर जिले में गुरुवार को लोकतंत्र के उत्सव को लेकर मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया। बाड़मेर जिले में शाम पांच बजे तक 73.56 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। देर शाम तक भी कुछ मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की कतारें लगी हुई थी।
बाड़मेर जिले में गुरुवार को सुबह मोक पोल के बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से माकूल सुरक्षा इंतजाम किए गए। केंद्रीय पर्यवेक्षको के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते एवं पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
बाड़मेर जिले के सरहदी इलाकों में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीण अपने परम्परागत पहनावे में सज धज कर मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई स्थानों पर मतदाता ऊंट गाडों तो कई पैदल ही काफिले के रूप में मतदान करने के लिए जाते देखे गए। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पहली मर्तबा दिव्यांग मतदाताओं के सुगम मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से माकूल इंतजाम किए गए। इसके चलते बड़ी तादाद में दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया। इन मतदाताओं को मतदान केन्द्रों एवं मतदान के बाद वापिस घर तक पहुंचाने के लिए सरकारी वाहनों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा मतदान केन्द्रों पर ट्राई-साईकिल के अलावा स्काउट्स को सहयोगी के तौर पर लगाया गया।
बाड़मेर जिले में आदर्श मतदान केंद्रों को विशेष तौर से सजाने के साथ मतदाताओं के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया। कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के पहुंचने पर उनका तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया, साथ ही उनके स्वागत के लिए रंगोली बनाई गई। बाड़मेर जिले में शाम को 5 बजे तक प्राप्त सूचना के अनुसार 73.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके तहत शिव विधानसभा में 76.06, बाड़मेर में 72.88, बायतु में 76.20, पचपदरा में 70.35, सिवाना में 65.71, गुडामालानी में 79.72 एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र में 74.04 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इधर विधानसभा चुनाव के दौरान कानुन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से माकूल सुरक्षा इंतजाम किए गए। मोबाईल टीमों के साथ एरिया, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं रिर्टनिंग अधिकारी नियमित रूप से मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा 70 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की मतदान प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की गई।













गुरुवार, 6 दिसंबर 2018

हेमांग ने भेंट किए चुनाव के पोस्टर


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। विधानसभा चुनाव के दौरान चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्कूली छात्र हेमांग राखेचा ने पहल करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार को पोस्टर भेंट किए।
                उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने हेमांग राखेचा के प्रयास की सराहना की। साथ ही पोस्टर अपने चैंबर में लगवाने के निर्देश दिए। हेमांग ने अपने पोस्टरों के जरिए मतदान प्रक्रिया को दर्शाया है।




विद्यार्थियों ने रेली निकालकर दिया मतदान का संदेश


बालिकाओं ने बाड़मेर जिला मुख्यालय पर आंखों पर पट्टी बांध साइकिल चलाकर कहा, मतदान अवश्य करें

                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को गणेश विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने रेली निकालकर मतदान करने का संदेश दिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने कलेक्ट्रेट से जागरूकता रेली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
                जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट से रवाना हुई विद्यार्थियों की जागरूकता रेली राय कालोनी रोड से होते हुए कोतवाली पुलिस स्टेशन, मुख्य बाजार,स्टेशन रोड़ से होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान गणेश विद्या मंदिर के आनंद जे थोरी, सरिता चौधरी, संतोष कड़वासरा,तनुजा जांगिड़,गुड़िया गौड़,प्रिया पारवानी, गंवरी चौधरी,प्रभुराम सेंवर की अगुवाई में विद्यार्थियों ने मतदान अवश्य करें, मतदान आपका अधिकार है, इसका इस्तेमाल अवश्य करे, तख्तियां लिए हुए मतदान करने का संदेश दिया।
                इस दौरान अंजली विश्नोई,दिव्या पारवानी, वसुंधरा गोदारा ने मिड ब्रेन एक्टिवेशन के जरिए आंखों पर पट्टी बांध कर साइकिल चलाई। इसको लेकर आमजन में खासा उत्साह देखा गया।  इस दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को विजिटिंग कार्ड देकर मतदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जेठाराम सेंवर, दिनेश मेघवाल, सताराम बेनीवाल, राजूराम सुथार,घेवर सिंह राजपुरोहित,लुम्भाराम उपस्थित रहे।






मतदान दिवस पर रहेगा सवैतनिक अवकाश


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) के प्रावधानों के अनुसार किसी भी निजी या सार्वजनिक कारोबार, व्यवसाय, दुकान, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य प्रतिष्ठान में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति जिसे मतदान का अधिकार है, उन्हें मतदान दिवस 7 दिसंबर को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि ऐसे कार्मिक जो उपरोक्त क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत है, परन्तु वह बाहर के निर्वाचन क्षेत्र में पदस्थापित या कार्यरत है, उसे भी 7 दिसंबर को मतदान के दिन अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अवकाश के कारण किसी व्यक्ति के वेतन में नियोक्ता द्वारा कटौती या कमी नही की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस आधार पर कार्य करता है कि ऐसे अवकाश के दिन के लिए वेतन नहीं दिया जाएगा, तो भी उसे इस अवकाश का वेतन देय होगा, जो सामान्यः उस दिन उसे मिलता है। लेकिन ये प्रावधान ऐसे मतदाताओं के लिए लागू नहीं होंगे जिनकी कार्य से अनुपस्थिति के कारण उस नियोजन के संबंध में जिसमें वह कार्यरत है, कोई खतरा या सारवान हानि हो सकती है। प्रावधानों का उल्लंघन करने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135-ख (3) के प्रावधानों के अनुसार दण्डनीय अपराध है।

मतदान के लिए 12 वैकल्पिक पहचान पत्र इस्तेमाल किए जा सकेंगे


                बाडमेर, 06 दिसंबर। भारत निर्वाचन आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाताओं को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए मतदाता पहचान पत्र के साथ राजस्थान विधान सभा चुनाव 2018 में 12 अन्य दस्तावेजों को वैकल्पिक पहचान पत्र के रूप में उपयोग करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधान सभा चुनाव 2018 के लिए सभी मतदाता जिन्हें निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं, को मतदान केन्द्रों पर मत डालने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। ऐसे मतदाता जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करना होगा। वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, केन्द्र सरकार की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक, डाकघरों की ओर से जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, पैनकार्ड, आर.जी.आई.एवं एन.पी.आर. की ओर से जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, निर्वाचन तंत्र की ओर से जारी प्रमाणित फोटो मतदाता पर्ची इसके साथ ही सांसदों, विधान परिषद, विधान सभा सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र तथा आधार कार्ड शामिल हैं।
                उन्होंने बताया कि यदि फोटोग्राफ इत्यादि के बेमेल होने के कारण मतदाता की पहचान सुनिश्चित करना संभव न हो तब मतदाता को 12 दस्तावेजों में से किसी एक वैकल्पिक फोटो दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रवासी निर्वाचक जो अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 20 क के अधीन निर्वाचक नामावलियों में पंजीकृत हैं, उन्हें मतदान केन्द्र में उनके केवल मूल पासपोर्ट के आधार पर ही पहचाना जाएगा।

विधानसभा चुनाव के लिए 14688 कार्मिक नियोजित


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव सम्पन्न कराने के लिए इस बार 14688 कार्मिकों को नियोजित किया गया है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के लिए 9835 कार्मिको को मतदान दलों में नियोजित किया गया है। इसके अलावा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 4853 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये है। उन्होंने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों में 2189 मतदान केन्द्रों एवं 5 सहायक मतदान केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं दिव्यांगों के लिए रेम्प की व्यवस्था की गई है। जहां पर विद्युत व्यवस्था नहीं है, वहां पर जनरेटर एवं पेट्रोमेक्स की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए 1661409 फोटो युक्त मतदाता पर्चियों में से 5 दिसम्बर तक 1631739 पर्चियों का वितरण बीएलओ के माध्यम से करवा दिया गया है।

बाड़मेर जिले में 2194 मतदान केन्द्रों पर आज होगा मतदान


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिले में विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 2194 मतदान केन्द्रों पर प्रातः 8 बजे से सांय 5 बजे तक मतदान होगा। इस बार विधानसभा चुनाव में पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपेट का इस्तेमाल होगा। जिसके डिस्पले पर मतदाता उनकी ओर से दिये गये मत को 7 सेकेण्ड तक देख सकेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था को ओर अधिक सुदृढ़ करने के लिए निर्भय होकर बिना किसी डर एवं दबाव के मतदान करें।
                जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय में गुरूवार को केन्द्रीय पर्यवेक्षक ओमप्रकाश बाकोडिया, रामचन्द्रुडू, डा. अमित सैनी, पुनीत गोयल, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम की उपस्थिति में बाड़मेर, बायतु, चौहटन, गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों की रवानगी हुई। इससे पहले इन मतदान दलों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिक गोपनीयता एवं निष्पक्षता के साथ चुनाव सम्पन्न करवाएं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मतदान केन्द्र पर किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल सेक्टर ऑफिसर को सूचित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव एक राष्ट्रीय कार्य है जिसे चुनाव आयोग के निर्देशानुसार भली भांति निष्पादित किया जावें। उन्होंने विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक एवं निष्पक्षता के साथ करवाने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में संबंधित कार्मिकों को सौंपे गए उत्तरदायित्वों का भली प्रकार से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने चुनाव के दौरान जिले में किये गये सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था प्रबंध के बारे में जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम ने एवीएम से मतदान संबंधी सावधानियां एवं आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। इन मतदान दलों को प्रोफेसर मुकेश पचौरी, डॉ. लक्ष्मीनारायण जोशी एवं मांगूसिंह राठौड़ ने विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
पहली बार होगा वीवीपेट का इस्तेमाल : विधानसभा चुनाव में इस बार पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपेट का इस्तेमाल होगा। इस संबंध में मतदान दलों को निर्देश दिये गए है कि वे वीवीपेट को खोलने का प्रयास नहीं करें। वीवीपेट ऐसे स्थान पर रखी जाए, जहां स्क्रीन पर सीधी रोशनी नहीं पड़े। वीवीपेट में बैटरी कमजोर होने या पेपर रोल खत्म होने पर डिस्पले पर सूचना आएगी, तभी बैटरी एवं पेपर रोल बदला जावें।
मतदान केन्द्र में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल: विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान अधिकर्ता एवं मतदाता अपने मोबाइल मतदान केन्द्र में नहीं ले जा सकेगें। यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित मतदान केन्द्र के पीठासीन अधिकारी की होगी।
दिव्यांगों के सुगम मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम : चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इस बार विधानसभा चुनाव में दिव्यांगों के सुगम मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम किये है। जिले में 14925 दिव्यांगों को मतदान केन्द्रों पर पहंुचाने के लिए वाहनों के अलावा 153 व्हील चेयर्स की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगों को उनके घर से मतदान केन्द्रों तक पहंुचाने तथा मतदान के बाद वापिस उनके घर पहंुचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिये है।
विधानसभा चुनाव की सूचनाएं एसएमएस के माध्यम से तत्काल होगी अपडेट : निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दिवस के दिन मॉनिटरिंग सिस्टम राजएसएमएस को अपडेट रखा जायेगा। इसके लिए सर्वप्रथम पीठासीन अधिकारी का पंजीयन होगा। मतदान दलों का अपने मतदान केन्द्र पर सुरक्षित पहुंचने की सूचना, मतदान के दिन मोक पोल की सूचना एवं मतदान प्रारम्भ होने की सूचना तत्काल अपडेट करनी होगी। इसके अलावा मतदान प्रातः 9 बजे तक, 11 बजे तक, 1 बजे तक, 3 बजे तक, 5 बजे तक, 6 बजे तक तथा मतदान समाप्ति की सूचना अपडेट करनी होगी तथा अंत में अंतिम मतदान प्रतिशत की सूचना देनी होगी। मतदान दल वापस अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंचने की सूचना भी अपडेट करनी होगी।
70 संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेब कासिं्टग होगी : संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग लाइव वेब कासिं्टग करवाएगा। पहली बार 3 मेगा पिक्सल आईटी कैमरों के जरिए वेब कासिं्टग करवाई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2018 में चयनित मतदान केंद्रों से लाइव वेब कासिं्टग को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी, राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारीगण लाइव देख सकेंगे।
मतदाता ने की झूठी घोषणा तो मिलेगी 6 माह की सजा : विधानसभा चुनाव ईवीएम से मतदान के बाद अगर किसी मतदाता ने वीवीपेट की पर्ची पर उसकी ओर से दिए गए मत का अन्य अभ्यर्थी को जाने का आरोप लगाया तो उसको लिखित घोषणा के बाद परीक्षण मत देने की अनुमति दी जाएगी। यदि मतदाता द्वारा घोषणा (अनुलग्नक-15) मे गलत, झूठी घोषणा पाई जाती है, तो सम्बधिंत मतदाता के विरूद्व भारतीय दण्ड संहिता की धारा 177 के अन्तर्गत छः माह कारावास अथवा एक हजार रू. अर्थदण्ड या दोनो सजा दिये जाने का प्रावधान है।
यह है मतदाताओं की स्थिति :- बाड़मेर जिले में 1662627 मतदाता है, इसमें 6 मतदाता ट्रांसजेडर एवं 1218 मतदाता सर्विस वोटर है।
विधानसभा
मतदान केन्द्र
पुरूष मतदाता
महिला मतदाता
कुल मतदाता
शिव
402
136266
117553
253819
बाड़मेर
291
123279
110001
233281
बायतु
329
114736
101903
216639
पचपदरा
243
117859
106435
224296
सिवाना
277
128843
113736
242581
गुड़ामालानी
326
121677
107101
228778
चौहटन
326
139405
122609
262015
योग
2194
882065
779338
1661409


बुधवार, 5 दिसंबर 2018

सीमा सुरक्षा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में साइकिल रैली निकाली


                बाड़मेर, 05 दिसंबर। सीमा सुरक्षा बल के 53 वे स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में बुधवार को टाउन हॉल बाड़मेर में सफाई अभियान तथा 151 बटालियन मगरा कैंप तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया।  इस कार्यक्रम में अधिकारियों तथा अन्य कार्मिकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।       सफाई अभियान के बाद 58 कार्मिकों की साइकिल रैली को सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक गुरपाल सिंह तथा जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहठ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल रैली शहर के बीचो बीच स्टेशन रोड, चोहटन चौराहा, जैसलमेर बाईपास होते हुए 12 किलोमीटर का सफर तय कर 151वी वाहिनी मगरा कैंप में समाप्त हुई साइकिल रैली के माध्यम से बाड़मेर नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान, मत का महत्व तथा शहीदों के परिवारों की सहायतार्थ प्रारंभ किया गया एप्लीकेशन का प्रचार-प्रसारआदि का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम सीमा सुरक्षा बल व लायंस क्लब बाड़मेर के सहयोग से किया गया। इसमें लायंस क्लब बाड़मेर के अध्यक्ष  रमेश जैन, उपाध्यक्ष  राकेश जैन व जोन प्रमुख  सुबोध शर्मा भी शामिल हुए। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के समादेष्टा शाम कपूर, अजय कुमार, नरेश चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार शर्मा तथा जिला परिषद बाड़मेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम उपस्थित रहें।






सिवाना, पचपदरा एवं शिव के लिए मतदान दल रवाना


शेष चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए गुरुवार को मतदान दल रवाना होंगे

                बाड़मेर, 05 दिसंबर। बाड़मेर जिले में तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए बुधवार को मतदान दल रवाना हुए। इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
                राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र पचपदरा के पीठासीन अधिकारियों से मतदान दिवस पर मतदान शुरू होने से समाप्ति तक निर्वाचन कार्य प्रक्रिया में बीयू सीयू वीवीपेट मोकपोल की जानकारी ली। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने कहा कि मतदान दिवस के दौरान समय समय पर निर्धारित नंबर पर एस एम एस करना सुनिश्चित करे। उन्होने मतदान कार्मिकों से रूबरू होकर उनकों उपलब्ध कराई गई सम्पूर्ण सामग्री की भली भांति जॉच करके रवानगी करने के निर्देश दिए ताकि चुनाव प्रक्रिया सम्पादित करने में उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। नकाते ने रवाना होने वाले मतदान दलों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा के साथ मतदान प्रक्रिया सम्पादित करवाने के निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्य सभी कार्मिक सतर्कतापूर्वक करे, किसी तरह की कौताही नहीं बरते। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने कहा कि सभी कार्मिक अपने राजकीय ड्यूटी का निर्वहन निष्ठा से करे। पचपदरा के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार ने निर्वाचन कार्य को गभीरता से एवं निष्पक्ष मतदान करने की बात कही। इस दौरान मतदान दलों में नियुक्त पीआरओ के मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन करने के बाद आवंटित बूथवार वीवीपेट, ईवीएम मशीन व आवश्यक निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। इससे पूर्व केंद्रीय पर्यवेक्षक देवदत शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने मतदान सामग्री वितरण के काउण्टरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इधर जिले की शेष चार विधानसभा बाड़मेर, बायतु, चौहटन एवं गुडामालानी के मतदान दलों की रवानगी गुरूवार को होगी।






केन्द्रीय पर्यवेक्षकों ने किया निर्वाचन संबंधी व्यय लेखों का निरीक्षण


                बाड़मेर, 05 दिसम्बर। विधानसभा आम चुनाव 2018 के अन्तर्गत नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक विभोर बदोनी एवं काजी सुहैल द्वारा तृतीय चरण मेे सातों विधानसभा क्षैत्रों अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय से संबंधित लेखों का निरीक्षण किया गया।
                जिला निर्वाचन अधिकारी षिवप्रसाद एम नकाते ने बताया कि इस दौरान दो अभ्यर्थियों विधानसभा क्षैत्र बाडमेर से खरथाराम (निर्दलीय) एवं बायतु से करनाराम (अभिनव राजस्थान पार्टी)ने अपने लेखे निरीक्षण हेतु प्रस्तुत नही किये हैं, जिन्हें संबंधित रिटर्निग अधिकारियो द्वारा नोटिस जारी किये गये हैं। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत लेखों की एक प्रति आमजन हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट पर उपलब्ध हैं।

बुधवार, 28 नवंबर 2018

बायतु में मुखर हुई मतदान जागरूकता की बात

बाड़मेर, 28 नवम्बर। बायतू विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत जिला निर्वाचन विभाग द्वारा साँप-सीढ़ी के रोचक खेल का आयोजन किया गया। इस खेल- खेल के जरिये उपस्थित मतदाताओं को मतदान के नियमों को बारीकी से समझाया और मतदान के दिन मत देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विकास अधिकारी अमित चौधरी ने खेल के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और निर्वाचन विभाग द्वारा करवाये जा रहे इस नवाचार कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने समस्त मतदाताओं को मतदान अवश्य करने के लिए आह्वान किया। साँप सीढ़ी के इस खेल के दौरान विकास अधिकारी अमित चौधरी ने कहा कि सांप सीढ़ी के इस खेल के जरिए सहजता और रोचकता के साथ मतदान जागरुकता का संदेश दिया जा रहा है। इसके तहत जमीन पर सांप सीढी के खेल के जरिये युवाओं में मतदान के प्रति जागरुकता फैलाई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस दौरान जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग के आईईसी कंसल्टेंट अशोकसिंह राजपुरोहित ने खेल के नियमों को समझाते हुए मतदान करने को लेकर अधिक से लोगों को प्रेरित करने की बात कही। बाड़मेर निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित इस खेल खेल से जागरूकता के आयोजन में लोगांे को रोचक तरीके से स्वीप गतिविधियों और आदर्श आचार सहिंता के बारे में बताया गया। आयोजन में महिला एवं पुरुष दो वर्गों में प्रतियोगिता करवाई। प्रतियोगिता में पहले नम्बर पर बरकत कुमार, कमला और द्वारका प्रसाद अपनी जगह बनाई वही दूसरे स्थान पर मूली और रतनाराम रहे। आयोजन में महिमा चौधरी और हर्षिता व्यास निर्णायक थे।



रंगोली बनाकर दिया मतदाता जागरूकता का संदेश


बाड़मेर, 28 नवंबर। सरगम सप्ताह के तहत बुधवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर मतदाता जागरूकता के लिए विवेकानन्द सर्किल के पास रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाड़मेर पंचायत समिति के विकास अधिकारी कैलाश चौधरी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






होमगार्डो को चुनाव ड्युटी के लिए उपस्थित होने के निर्देश


                बाड़मेर, 28 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव 2018 के लिए समस्त होमगार्डो को ड्यूटी के लिए पुलिस लाईन ग्राउण्ड बाड़मेर में उपस्थित होने के निर्देश दिये गये है।
                होमगार्ड कमान्डेन्ट रवि व्यास ने बताया कि गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र बाड़मेर व उप केन्द्र बालोतरा के समस्त गृह रक्षा स्वयं सेवको को आगामी विधानसभा चुनाव 2018 ड्यूटी के लिए पुलिस लाईन ग्राउण्ड बाड़मेर में 2 दिसम्बर प्रातः 8 बजे उपस्थित होने के निर्देश दिये गए है।

”सरगम सप्ताह-लोकतंत्र की सरगम” के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन


        बाड़मेर, 28 नवंबर। निर्वाचन विभाग राजस्थान सरकार निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव 2018 के दौरान मतदाता जागरूकता हेतु स्वीप गतिविधियों के अन्तर्गत ’’सरगम सप्ताह-लोकतंत्र की सरगम’’ में बुधवार 28 नवम्बर को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन प्रातः 9.30 बजे ड्रीमलैण्ड स्कूल रामदेव टांका बालकनाथ की कुटिया के पास, नगर परिषद् क्षेत्र बालोतरा के वार्ड नबंर 1 में आयोजित किया गया। स्कूल के बालक बालिकाऐं, महिलाऐ हरे रंग की डैªस पहनकर आये। नगर परिषद् बालोतरा के समस्त वार्डो की महिलाओ ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जयश्री, संतोष द्वितीय स्थान निर्मला, हेमा जांगिड़ तथा तृतीय स्थान प सोनू, वर्षा आये प्रतिभागीयों को पुरस्कार की व्यवस्था ड्रीमलैण्ड स्कूल प्रबंधक पारस जांगिड़, रतनलाल जांगिड़ की तरफ से की गई। पुरस्कार वितरण स्वीप प्रभारी डॉ रामेश्वरी चौधरी एवं पारसमल चौहान ने कर महिला प्रतिभागीयों को मतदान दिवस पर मतदान देने को प्रोत्साहित कर संकल्प दिलवाया। महिलाओं ने भी अपने विचार रखे जिसमें कविता ने कहा कि जैसे त्योहार दिपावली एवं होली को मनाया जाता है उसी प्रकार मतदान दिवस को मनाये। रंगोली कार्यक्रम में मतदाताओं द्वारा कर ’’7 दिसम्बर को वोट देने जायेगे’’ एवं  ’’म्हारो वोट-म्हारो हक’’ संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अयोध्यादेवी अध्यक्ष तेरा पंथ महिला मण्डल, निर्मला जांगिड़, सोनू जांगिड़, गोमती, प्रियंका, सोनी, मीरा,तथा महिलाऐं पुष्पादेवी, कविता देवी, सारोदेवी, अनिता, राधादेवी, सुशीला सोनी, ममतादेवी, रोनिका देवी, रेखा देवी, भजनीदेवी, भजनीदेवी, झमकूदेवी, सोनूदेवी, सुखीदेवी, अनुराधा, निर्मला, कंकुेदवी, हआदेवी, डिम्पल, वर्षा, उपस्थित रही। कार्यक्रम के अन्त में अब्दूल हमीद के निर्देशन में हरे पौधो का वृक्षारोपण करवाया गया।

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...