मंगलवार, 1 सितंबर 2020

आगामी 48 घण्टों में भारी बरसात की चेतावनी

बाढ़ बचाव सामग्री एवं उपकरणों की पुख्ता व्यवस्था रखने के निर्देश

बाड़मेर, 1 सितम्बर। मौसम विभाग द्वारा पश्चिमी राजस्थान में अगले 48 घण्टों में भारी बरसात की चेतावनी जारी की गई है। 
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने मौसम विभाग की भारी बरसात की चेतावनी के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को जिले में तहसील स्तर के गौताखोरों एवं नावों आदि की व्यवस्था की पूर्ण जानकारी तथा बाढ़ बचाव के प्रशिक्षित व्यक्तियों, क्षेत्र के अन्य उपयोगी व्यक्तियों की पूरी सूची, उनके सम्पर्क सूच ई.ओ.सी. में संधारित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि अधिक बरसात होने की स्थिति में निचले आवासी क्षेत्रों में बरसात का पानी भर जाने से उत्पन्न होने वाली विकट स्थिति को ध्यान में रखते हुए नियंत्रण कक्ष में आवश्यक बाढ़ बचाव सामग्री एवं उपकरणों की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। 
-0-

गुरुवार, 27 अगस्त 2020

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020, गुरूवार को 5500 का जुर्माना वसूला

बाड़मेर, 27 अगस्त। महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर गुरूवार को जिले में 36 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 5500 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में गुरूवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 1 व्यक्ति से 200, सिणधरी में 2 लोगों से 200, शिव में 1 व्यक्ति से 100, गडरारोड में 3 लोगों से 400, गुडामालानी में 9 लोगों से 1700, धोरीमन्ना में 16 लोगों से 1700 एवं सिवाना में 4 लोगों से 1100 को मिलाकर कुल 36 लोगों से 5500 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 5056 लोगों से कुल 9,77,600 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

लंबित पेंशन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण के निर्देश

बाड़मेर, 27 अगस्त। बकाया पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई। बैठक में लम्बित पेंशन प्रकरणों पर विस्तृत समीक्षा पश्चात बकाया प्रकरणो का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर बैठक में कोषाधिकारी दिनेश बारहठ से विभागवार लम्बित पेंशन प्रकरणों की जानकारी दी। इस दौरान पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग जोधपुर के अतिरिक्त निदेशक विरधाराम चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को लंबित पेंशन प्रकरणों के संबंध में शीघ्र कार्यवाही कर निस्तारण कराने को कहा। इस दौरान बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रतनलाल जीनगर, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलाद सिंह राजपुरोहित, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण, पेंशनर्स समाज के प्रतिनिधि चन्दनसिंह परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-0-

बुधवार, 26 अगस्त 2020

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर, 900 मतदाताओं की संख्या पर एक मतदान केन्द्र स्थापित करने के निर्देश

बाडमेर, 26 अगस्त। कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए संक्रमण से बचाव एवं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना हेतु 1100 मतदाताओं की सीमा को आयोग द्वारा घटाकर 900 मतदाताओं की संख्या पर एक मतदान केन्द्र स्थापित करने के निर्देश जारी किये गये है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) विश्राम मीणा ने जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी पचपदरा को निर्देशित किया है कि निर्वाचक नामावलियों को आयोग के निर्णय एवं दिशा निर्देशों के अनुरूप ही संशोधित किया जाना सुनिश्चित किया जावें। उन्हांेने मुख्य मतदान केन्द्र के अतिरिक्त एक सहायक मतदान केन्द्र स्थापित करने हेतु संशोधित प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र 1, प्रपत्र 2, परिशिष्ठ 2 तथा प्रपत्र 3 में भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट, संशोधन प्रस्ताव प्रपत्र 4 में आवश्यक रूप से तैयार कर एक सितम्बर, 2020 तक जिला कार्यालय को भिजवाने के निर्देश दिए है। उन्होने बताया कि मतदान केन्द्रों का संशोधन करते समय जिला परिषद क्षेत्र एवं पंचायत समिति के सदस्य का क्षेत्र एक मतदान केन्द्र में शामिल नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी मीणा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचन हेतु मतदान केन्द्रों की स्थापना के संबंध में जारी दिशा निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं की निर्वाचक नामावली तैयार करने हेतु सामान्यतः 1100 मतदाताओं के लिए एक मतदान बूथ स्थापित करने के निर्देश है। इन्ही निर्देश के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं की निर्वाचक नामावलियां तैयार की हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए संक्रमण से बचाव एवं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना हेतु 1100 मतदाताओं की सीमा को आयोग द्वारा घटाकर 900 मतदाताओं की संख्या पर एक मतदान केन्द्र स्थापित करने के निर्देश जारी किये गये है।
-0-

नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सामान्य दक्षता परीक्षा एक सितम्बर को

कोविड-19 हेतु जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश

बाडमेर, 26 अगस्त। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) द्वारा नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सामान्य दक्षता परीक्षा एक सितम्बर, 2020 को आयोजित की जाएगी।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्टेªट विश्राम मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र को ही कर्फ्यु पास माना जाए तथा कोविड-19 हेतु जारी प्रोटोकॉल की अनुपालना के संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के पत्र दिनांक 18 अगस्त, 2020 में दिये गये निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए उक्त परीक्षा हेतु परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के लिए समुचित सुरक्षात्मक मानकों की व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें।
-0-

सरदार शहर सैना भर्ती रैली, ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितम्बर तक खुली रहेगी

बाडमेर, 26 अगस्त। सरदार शहर सैना भर्ती रैली 2020 हेतु ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितम्बर तक खुली रहेगी।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल पी.एस. गंगवार ने बताया कि सरदार शहर रैली में राजस्थान के जोधपुर, डूंगरपुर, बांसवाडा, सिरोही, उदयपुर, प्रतापगढ, पाली, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर एवं नागौर जिले के अभ्यर्थियों के लिए सिपाही नर्सिग एसिस्टेट, नर्सिग एसिस्टेट वेटेनरी एवं सिपाही डी.फार्मा पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितम्बर, 2020 तक खुली रहेगी।
-0-

पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक गुरूवार 27 अगस्त को

बाड़मेर, 26 अगस्त। जिला स्तर पर बकाया पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में गुरूवार 27 अगस्त को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित कीे जाएगी।
लेखा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी दिनेश बारहठ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्रों में लम्बित पेंशन प्रकरणों की सूचना के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

सितम्बर माह में आयोजित होने वाली बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित

जिला स्तरीय जन सुनवाई 10 सितम्बर को

बाडमेर, 26 अगस्त। सितम्बर माह में जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि 3 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जिला बाल संरक्षण इकाई समिति एवं सायं 4 बजे नवजीवन योजना समिति, पालनहार योजना समिति, निःशक्त जन कल्याण समिति तथा 7 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जिला स्वास्थ्य समिति, जिला सलाहकार समिति (पीसीपीएनडीटी), जिला स्तरीय क्वालिटी एश्योरेन्स समिति की बैठक आयोजित होगी।
उन्होने बताया कि द्वितीय गुरूवार 10 सितम्बर को जिला स्तरीय जन सुनवाई होगी। 12 सितम्बर को प्रातः 11 बजे विकास अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, दोपहर 12 बजे राजस्व अधिकारियों की बैठक, 14 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जिला पर्यावरण समिति, परिसंकटमय अपशिष्टों के व्ययन स्थल के चयन के लिए गठित समिति की बैठक, 17 सितम्बर को दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय पोषाहार योजना, सायं 4.30 बजे उद्योग विभाग की विवाद एवं शिकायत निर्वाण तन्त्र समिति की बैठक, 18 सितम्बर को दोपहर 3 बजे पशु क्रुरता निवारण, गोपालन समिति की बैठक, सायं 5 बजे बागवानी विकास समिति (आत्मा) एवं कृषि विकास समिति की बैठक, 21 सितम्बर को दोपहर 3 बजे अनुसूचित जाति, जन जाति अत्याचार निवारण, महिलाओं पर अत्याचार, पुलिस व अभियोजन समन्वय, जिला पैरोल सलाहकार समिति की बैठक, सायं 5 बजे कौशल विकास समिति की बैठक, 25 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक तथा 28 सितम्बर को दोपहर 3 बजे जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक, सायं 4 बजे जिला सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित होगी। उन्हांेने बताया कि प्रत्येक बैठक के लिए नियुक्त सदस्य सचिव, प्रभारी अधिकारी को बैठक मंे उपस्थित होने वाले सदस्यांे को यथासमय बैठक का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए है।
-0-

बाड़मेर में प्रभावी होगी रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था

 आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा

बाड़मेर, 26 अगस्त। जिला मुख्यालय पर मुख्य बाजार तथा व्यवसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान नगर परिषद को इस संबंध में पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर जिला कलेक्टर ने जिले में आवश्यक सेवाओं की सतत आपूर्ति के लिए पब्लिक सर्विस डिलीवरी से जुड़े विभागों को ततपरता के साथ कार्य करने की हिदायत दी है। कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिले में पानी, बिजली तथा चिकित्सा सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान के दौरान जिले में पानी, बिजली, चिकित्सा जैसी आवश्यक सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने नए ट्यूबवैल एवं हैंड पंप के खुदाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बायतु तथा बालोतरा क्षेत्र में स्वीकृत नए ट्यूबवेल के कार्य को तुरंत पूर्ण करवाने को कहा तथा खोदे गयो को कमिंश्ण्ड करने को कहा।
जिला कलेक्टर ने जिले में बिजली आपूर्ति को बारिश के दौरान सुचारू रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली बंद नही रहनी चाहिए। उन्होंने पेयजल स्त्रोंतों पर नियमित बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए ताकि पानी की आपूर्ति बिजली के अभाव में बाधित नहीं हो। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम को जिला कलेक्टर ने हैल्थ प्रोटकोल की कड़ाई से पालना करवाने को कहा तथा इसका उल्लंघन करने वालो पर आर्थिक जुमार्ना आदि कार्यवाही के निर्देश दिए। वही सेनिटाइजेशन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि हर हाल में 30 दिन से पूर्व किसी भी शिकायत का निस्तारण हो जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के 30 से 45, 45 से 60 दिनों के बीच बकाया प्रकरणों के त्वरित निस्तारण को कहा।
इससे पर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कमलेश चौधरी ने कोरोना संक्रमण रोकथाम, अधीक्षण अभियंता जेपी शर्मा ने जलापूर्ति एवं मांगीलाल जाट ने विद्युत आपूर्ति की जानकारी दी।
-0-

मंगलवार, 25 अगस्त 2020

पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक 27 को

बाड़मेर, 25 अगस्त। जिला स्तर पर बकाया पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 28 अगस्त को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में रखी गई है।

लेखा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी दिनेश बारहट ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्रों में लम्बित पेंशन प्रकरणों की सूचना के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।

-0-

जिला यातायात समिति की बैठक

सिणधरी चौराहा नो पार्किंग जोन, यात्री बसों के ठहराव पर पाबन्दी


बाड़मेर, 25 अगस्त। जिला मुख्यालय पर यात्री वाहनों रोडवेज तथा निजी बसों के ठहराव तथा यात्रियों की भीड़भाड के मद्देनजर सिणधरी चौराहा क्षेत्र को पूर्णतः नो पार्किग जोन घोषित किया गया है। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने इस निर्णय की कडाई से पालना कराने की हिदायत दी है। वह मंगलवार को जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक में जिले में सुगम तथा सुचारू यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।

इस मौके पर जिला कलक्टर ने बताया कि पूर्व में सिणधरी चौराहे पर ऑवरब्रिज के नीचे सर्विस लाईन पर यात्री बसो के जमावड़े की शिकायते मिली थी इसलिए यहां सुगम यातायात के मद्देनजर नो पार्किग जोन घोषित किया गया है अतः इसकी कडाई से पालना करने की जरूरत है। उन्होने पुलिस तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों को इसे सख्ती से अमल में लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने लोक परिवहन बसों के ठहराव स्थल के निर्धारण के लिये बनी कमेटी को पुनः निरीक्षण कर जोधपुर मार्ग के लिए बसों का स्टॉपेज निर्धारित करने को कहा। जिला कलक्टर ने जिला मुख्यालय पर वेडिंग जोनों के निर्धारण के संबंध में नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि वे निर्धारित स्थानों पर पीली लाइन से चिन्हिकरण करवाकर वहां पर वेडिंग जोन का बोर्ड लगाए तथा यह सुनिश्चित करे कि यहां निर्धारित स्थल पर ही ठेले वाले तथा खोमचे आदि वेंडर खडे रहें। 

बैठक में कवास ग्राम के ओवर ब्रिज के नीचे से सीढ़ियों का पुर्निर्माण कर इसे बस स्टॉप के पास में बनाने को कहा। इसी तरह धोरीमना कस्बे के ब्रिज के नीचे सर्विस लाईन पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नही होने से जल भराव की समस्या के मधेयनजर जिला कलक्टर ने एनएचआई को तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा। इसी प्रकार हाईवे के दोनों तरफ लगवाए गए पौधों के संबंध में जिला कलक्टर ने उनकी संख्या तथा उतरजीवितता के संबंध में वन विभाग से जॉच कराने को कहा गया। बाडमेर, शिव, धोरीमना आदि क्षेत्रों के हाईवे पर लगाई गई रोड लाईटों के संबंध में आयुक्त नगर परिषद एवं उपखण्ड अधिकारी बाडमेर को जॉच करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीव सिंह, जिला परिवहन अधिकारी नितिन बोहरा, भगवानदास चितारा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

-0-

प्री डीएलएड परीक्षा 31 को, कोरोना गाइडलाइन की होगी पालना

जिला कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा


बाड़मेर, 25 अगस्त। जिले में 31 अगस्त को प्री डीएलएड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा पूर्णतः कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप होगी।

जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने मंगलवार को परीक्षा आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप तैयारियों के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोरोना सक्रमण रोकथाम एडवायजरी की अक्षरशः पालना की जाए। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था निर्धारित करने तथा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों को मास्क पहनने, थर्मल स्कैनिंग एवं सैनिटाइजर के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने बताया कि सभी ब्लॉकों में परीक्षा के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी पर्यवेक्षण अधिकारी होंगे तथा वे सभी परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष तथा पारदर्शी परीक्षा आयोजन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि परीक्षा 31 अगस्त को दोपहर 2 से सांय 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में 9 ब्लॉकों में 135 परीक्षा केंद्रों पर कुल 25,771 अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 135 परीक्षा केंद्रों में से 60 निजी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र अधीक्षक एवं सभी वीक्षक राजकीय कार्मिक ही लगाए जाएंगे।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीव सिंह भाटी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कानून व्यवस्था की पुख्ता पुख्ता व्यवस्था की जाएगी एवं परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधनों के प्रयोग के लिए समुचित सुरक्षा बंदोबस्त किए जाएंगे। इससे पूर्व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मूलाराम चौधरी ने परीक्षा आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के पेपर कोषागार में पूरी सुरक्षा के साथ रखवाए जाएंगे तथा परीक्षा के दिन ही सभी केंद्रों पर भेजे जाएगे।

-0-

सोमवार, 24 अगस्त 2020

कोरोना संक्रमण रोकथाम नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 लोगो पर कार्यवाही

बाड़मेर, 24 अगस्त। महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए सोमवार को जिले में 35 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 6200 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में सोमवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र सिणधरी में 3 लोगों से 300, शिव में 2 लोगों से 200, गडरारोड में 6 लोगों से 900, बालोतरा में 6 लोगों से 1200, गुडामालानी में 3 लोगों से 600 एवं सिवाना में 15 लोगों से 3000 को मिलाकर कुल 35 लोगों से 6200 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।

उन्होने बताया कि जिले में अब तक 4899 लोगों से कुल 9,50,000 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।

-0-


ठोस कचरा निवारण को पुख्ता प्रबंध होंगे

जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक


बाड़मेर, 24 अगस्त। जिले के नगरीय क्षेत्रों में ठोस कचरा निवारण के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। इस संबंध में एनजीटी के निर्देशों की पालना में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने विस्तृत दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि बाड़मेर तथा बालोतरा नगर परिषद क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य प्रतिदिन किया जाए एवं इस दौरान गीला और सूखा कचरा पृथक रूप से संग्रहित किया जाए। उन्होंने कचरा संग्रहण वाले टिप टिप्पर वाहनों में इसके लिए अलग-अलग सिपरेशन को कहा। साथ ही सभी टिप्पर वाहनों में जीपीएस लगाने तथा इसकी नगर परिषद में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नागरिकों को गीले तथा सूखे कचरे के लिए घर-घर डस्टबिन वितरित करने के भी निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने बाड़मेर तथा बालोतरा दोनों नगरीय क्षेत्रों में सार्वजनिक सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए दिन में दो बार सफाई कराने की हिदायत दी। विशेषकर बाजार तथा व्यवसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई के भी निर्देश दिए। उन्होंने दोनों नगरीय क्षेत्रों के ठोस कचरे के निस्तारण के लिए वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने को कहा। साथ ही दोनों नगरीय क्षेत्रों में पुराने मकानों एवं भवन निर्माण के मलबे को भी मॉनिटरिंग  के निर्देश दिए तथा इनके लिए निर्धारित डंपिंग यार्ड में ही डलवाने को कहा। उन्होंने प्लास्टिक कैरी बैग की रोकथाम के लिए कपड़े की थेलिया वितरित करने की हिदायत दी। साथ प्लास्टिक थैलियो के उपयोग पर प्रतिदिन जुर्माने की कार्रवाई नियमित रूप से चलाने को कहा। 

इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने बैठक में एनजीटी के एजेंडे की बिंदुवार जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश अजीज खान, पुलिस उप अधीक्षक महावीर प्रसाद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कमलेश चौधरी, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर एवं अधिशासी अभियंता दिलीप माथुर मौजूद थे।

-0-

रविवार, 23 अगस्त 2020

गांव के विकास के लिए पंचायत बिना किसी भेदभाव से करे काम - चौधरी


गिड़ा, मानपुरा खारड़ा, दानपुरा, चिमोणियो की ढाणी, खोखसर व खोखसर पश्चिम में जनसुनवाई
बाड़मेर, 23 अगस्त। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी रविवार को गिड़ा पंचायत समिति के दौरे पर रहे। राजस्व मंत्री ने गिड़ा, मानपुरा खारड़ा, दानपुरा, चिमोणियो की ढाणी, खोखसर व खोखसर पश्चिम में जनसुनवाई की। इस दौरान राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने जनसुनवाई मर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी निचले तबके के व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रखे। भविष्य में किसी गरीब सरकारी योजना से वंचित रहने की कोई शिकायत नहीं मिलनी नही चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में गांव के बेहतर वातावरण एवं विकास के लिए सभी के सहयोग से सही फसले हो जिससे आने वाली पीढ़ी सदियों तक उसका फायदा उठा सके।
राजस्व मंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधी बिना किसी भेदभाव से जनहित में आम आवाम के विकास के लिए तैयार रहे, किसी भी तरह की भेदभावपूर्ण नीति को न अपनाए। चौधरी ने कहा कि ग्राम पंचायत में बनने वाली सड़क का काम पूर्ण गुणवत्ता के साथ हो, सड़क सही एवं जल्द समय पर पूर्ण हो इसके लिए ग्राम पंचायत व हम संकल्पबद्ध है।
पानी के लिए 6 करोड़ 93 लाख की राशि स्वीकृत: 
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि कुम्पलिया में चुनाव के समय पानी को लेकर जो वादे किए उसके लिए दोनों ही ग्राम पंचायतों में 6 करोड 93 लाख की राशि स्वीकृत करवाये है। ग्राम पंचायत में ढाणियों के बीच मे जीएलआर निर्माण करवाये जाएंगे, जिससे घरों के बीच मे पानी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
       इससे पूर्व राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के डेलूओ की ढाणी पहुंचने पर महिलाओ और बालिकाओं ने तिलक लगा कर मंगलगीतो के साथ स्वागत किया गया। जनसुनवाई में बायतू उपखंड अधिकारी विवेक व्यास, गिड़ा विकास अधिकारी रामनिवास बाबल, जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता बाबूलाल मीणा, सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिशाषी अभियंता सुजानाराम विश्नोई समेत ग्रामीण जन मौजूद रहे।
-0-

शुक्रवार, 21 अगस्त 2020

अवधिपार ऋणी किसानों का 50 प्रतिशत ब्याज होगा माफ

 सहकारी भूमि विकास बैंकों के किसानों को दी राहत

किसानों के ब्याज के रूप में 239 करोड़ रूपये होंगे माफ
60 हजार किसानों को मिलेगा लाभ

        बाड़मेर, 21 अगस्त। सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते किसान वर्ग को राहत देते हुए सहकारी भूमि विकास बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों के हित में एक मुश्त समझौता योजना की स्वीकृति जारी की है। इस योजना के तहत अवधिपार श्रेणी के किसानों के अवधिपार ब्याज एवं दण्डनीय ब्याज को 50 प्रतिशत तक माफ किया गया है। इससे किसानों के ब्याज के रूप में करीब 239 करोड़ रूपये माफ होंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत किसानों के प्रति संवेदनशील है और उन्होंने किसानों को ऋण का चुकारा करने में हो रही परेश्नियों के मद्देनजर राहत देने के निर्देश दिये थे। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंकों के सभी प्रकार के कृषि एवं अकृषि ऋण जो 1 जुलाई, 2019 तक अवधिपार हो चुके है। ऐसे अवधिपार श्रेणी के 60 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। ऐसे किसानों को 30 नवम्बर, 2020 तक अपना ऋण चुकाना होगा।
      सहकारिता मंत्री ने बताया कि ऐसे अवधिपार ऋणी किसान जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके परिवार को किसान की मृत्यु तिथि से सम्पूर्ण बकाया ब्याज, दण्डनीय ब्याज एवं वसूली खर्च को पूर्णतया माफ कर राहत दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कार्यरत 36 प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैकों द्वारा किसानों को कृषि कार्यो के लिए दीर्घकालीन कृषि ऋण दिया जाता है।
-0-

स्वास्थ्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती शुक्रवार को 45 के विरूद्ध की कार्यवाही

 बाड़मेर, 21 अगस्त। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को जिले में 45 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 8000 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में शुक्रवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र सेड़वा में5 लोगों से 1000, सिणधरी में 3 लोगों से 300, शिव में 2 लोगों से 200, गडरारोड में 8 लोगों से 1400, गुडामालानी में 25 लोगों से 4700 एवं सिवाना में 2 लोगों से 400 को मिलाकर कुल 45 लोगों से 8000 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 4835 लोगों से कुल 9,39,600 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

सड़क हादसों के 14 पीड़ितों को 13 लाख की सहायता

 बाड़मेर, 21 अगस्त। जिले में  विभिन्न दुर्घटनों में मृत्यू हो जाने अथवा घायल हो जाने एवं उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 14 लोगों को कुल तैरह लाख बीस हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

      जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि गुडामालानी तहसील क्षेत्र में मालियों की ढाणी नगर निवासी स्व. बाबूलाल पुत्र घीसाराम मेघवाल की सड़क दुर्घटना, अर्जुन की ढाणी निवासी स्व. उमाराम पुत्र केसाराम मेघवाल की सड़क दुर्घटना एवं जूनी उन्दरी निवासी स्व. राजूराम पुत्र साजनराम विश्नोई की विद्युत करंट से मृत्यू हो जाने से उनके आश्रितों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
उन्होनें बताया कि इसी प्रकार बायतु तहसील क्षेत्र में धतरवालों की ढाणी निवासी स्व. हनुमानराम पुत्र राजूराम मेघवाल, कोलू निवासी स्व. देवीसिंह पुत्र सतपालसिंह राजपूत, डोगियालों की ढाणी निवासी स्व. रमेश कुमार पुत्र प्रहलाद राम जाट, अकदडा निवासी स्व. करणाराम पुत्र दुर्गाराम सांसी, गिडा तहसील क्षेत्र में कानोड़ निवासी स्व. शैतानसिंह पुत्र अलसाराम जाट, सिणधरी तहसील क्षेत्र में कागो की ढाणी निवासी स्व. भेराराम पुत्र गोमाराम जाट, पचपदरा तहसील क्षेत्र में घडोई चारणान निवासी स्व. नटवरदान पुत्र महिपालदान चारण, चौहटन तहसील क्षेत्र में लीलसर निवासी स्व. गुणेशाराम पुत्र हरचन्दराम सोनी, हरदानपुरा नेहरों की नाडी निवासी स्व. शेरपुरी पुत्र सोनपुरी स्वामी एवं लीलसर निवासी स्व. चुनाराम पुत्र अचलाराम जाट की दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से उनके परिजनों को एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं सिवाना तहसील क्षेत्र में मोकलसर निवासी ओमप्रकाश पुत्र चन्दूलाल सोनी के गम्भीर घायल हो जाने से उन्हें बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

सलाहकार समिति की सिफारिश पर पांच पैरोल स्वीकृत

 बाडमेर, 21 अगस्त। जिला पैरोल सलाहकार समिति की बैठक जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्टेªट विश्राम मीणा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के समक्ष विचाराधीन पैरोल आवेदनों पर विस्तृत विचार विमर्श पश्चात् पांच व्यक्तियों के पैरोल आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए।

जिला मजिस्टेªट मीणा ने बताया कि जिला पैरोल सलाहकार समिति की बैठक में पोकरासर निवासी वरजू देवी पत्नी रामाराम जाट को 40 दिवस, कल्याणपुर निवासी राणाराम पुत्र अचलाराम ढोली को 40 दिवस, सड़ा झूण्ड निवासी उमेदाराम पुत्र मंगलाराम जाट को 40 दिवस, मेघवालों का तला मांगता निवासी नारायणराम पुत्र सोनाराम हरीजन को 40 दिन एवं पादरू निवासी महबूब खां पुत्र अली खान मुसलमान को 40 दिवस का पैरोल स्वीकृत किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह भाटी, उप अधीक्षक जिला कारागृह सुमेरसिंह गुर्जर एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक पुखराज सारण उपस्थित थे।
-0-

गुरुवार, 20 अगस्त 2020

डिग्गी में डूबने वालों के परिजनों को कुल तीन लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 बाड़मेर, 20 अगस्त। जिले की शिव तहसील के उण्डू काश्मीर में 17 अगस्त को 3 व्यक्तियों की डिग्गी में डूबने से मृत्यु हो जाने से तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से कुल तीन लाख की आर्थिक सहायत स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि शिव तहसील क्षेत्र के उण्डू काश्मीर निवासी गुड्डी, राणाराम एवं जसाराम पुत्र गिरधारीराम मेघवाल की डिग्गी में डूबने से मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके पिता गिरधारीराम पुत्र मोतीराम को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से कुल तीन लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...