गुरुवार, 15 सितंबर 2022

ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओ का समापन

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल

गोसेवा आयोग अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर ने किया विजेताओं को सम्मानित
बाड़मेर, 15 सितम्बर। जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के द्वितीय चरण के अन्तर्गत गुरूवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।
    जिला मुख्यालय पर भगवान महावीर टाउन हॉल में आयोजित बाड़मेर एवं बाड़मेर ग्रामीण ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के समापन कार्यक्रम में गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन एवं जिला कलेक्टर लोक बंधु ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
    इस अवसर पर गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल खेलने से शरीर के साथ साथ मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है और मस्तिष्क स्वस्थ रहेगा तो शिक्षा एवं आगे बढने का मौका मिलेगा, इसी सोच के मद्देनजर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा इन खेलों की शुरूआत की गई है। उन्होने कहा कि पहले पंचायत स्तर पर तथा अब पंचायत समिति स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं सम्पन्न हो चुकी है, इसके बाद 22 सितम्बर से ब्लॉक स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को जिला स्तर पर भी प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका मिलेगा। जो भी अच्छा खेलेगा उनको आगे मौका मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है और विभिन्न भर्तीयों में मौका दिया जा रहा है।
जैन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा पूरे भारतवर्ष में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के रूप में राजस्थान में अनूठी व अच्छी शुरूआत की गई है जिसमें सभी नौजवानों, युवाओं, छात्रों, हर आयु वर्ग के लोगों को खेलने तथा अपनी प्रतिभा तरासने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में राजस्थान ऐसा प्रदेश है जहां चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार मुहैया करवाया जा रहा है। इस दौरान उन्होने राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं फ्लैगशिप कार्यक्रमों कीे जानकारी देते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने तथा अधिकाधिक लोगों को लाभ उठाने का आह्वान किया।  
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे लगातार खेलों का अभ्यास जारी रखें तथा आगे भी जीते। उन्होने कहा कि सभी युवाओं, नौजवानों, छात्रों एवं हर वर्ग के लोगों को खेलों को लाइफ स्टाइल में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने निरोगी राजस्थान का संकल्प लिया है, सपना देखा है उसी के तहत ग्रामीण ओलम्पिक खेल उसका एक पार्ट है। उन्होने राजीव गांधी ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों के माध्यम से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिकाधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होने जिला स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के दौरान भी खेल स्थल पर आईईसी सामग्री का प्रदर्शन, चिरंजीवी योजना में रजिस्टेªशन, प्राथमिक चिकित्सा के समस्त आवश्यक उपकरण एवं दवाईयों की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए।
  इस अवसर पर गो सेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोक बंधु समेत अतिथियों ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा चिरंजीवी योजना पर लघु नाटक की प्रस्तुति दी गई।
  कार्यक्रम में बाडमेर ग्रामीण प्रधान जेठी देवी, उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर समंदरसिंह भाटी समेत जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।  
-0-










बुधवार, 14 सितंबर 2022

आबकारी विभाग की कार्यवाही, अवैध शराब व ट्रक जब्त

बाड़मेर, 14 सितम्बर। अवैध शराब के परिवहन, संग्रहण एवं उत्पादन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे नियमित अभियान के तहत मंगलवार 13 सितम्बर को सरहद टापरा अविस्थित नागाणाराय होटल के समीप ट्रक में 1010 कार्टूनों में भरी अवैध शराब एवं वाहन जब्त किया तथा वाहन चालक के विरूद्ध अभियोग दर्ज किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी विनोद वैष्णव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार 13 सितम्बर को आबकारी वृत बालोतरा के आबकारी निरीक्षक भंवरलाल ने सिवाना सर्किल, मगा हाईवे बालोतरा रोड पर नाकाबंदी के दौरान कंटेनरनुमा वाहन ट्रक सख्या GJ-06-VV-8699 में लक्ष्मणराम पुत्र जुंजाराम जाट निवासी फोगिया सरा, मुढणों की ढाणी, सरणू चिमनजी, बाड़मेर के कब्जे से कुल 1010 कार्टूनों में अवैध फोर सेल इन पंजाब ओनली का मार्का निर्मित मदिरा की पव्वे व बोतले बरामद की है। 720 कार्टूनों में कुल 8640 अंग्रेजी शराब की बोतले व 290 कार्टूनों में कुल 13920 अंग्रेजी शराब के पव्वे भरी अवैध मदिरा बरामद की गई है।
उन्होनें बताया कि बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख रूपये है। ट्रक व अवैध शराब को कब्जेराज लेकर वाहन चालक के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है। उन्होनें बताया कि उक्त कार्यवाही में भंवरलाल आबकारी निरीक्षण वृत बालोतरा, उमाराम गार्ड, चौखाराम सिपाही, बागाराम सिपाही एवं आबकारी जाप्ता शामिल रहे।
-0-

डिप्लोमा प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष में रिक्त रही सीटो पर सीधे प्रवेश के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित

बाड़मेर, 14 सितम्बर। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़मेर मे डिप्लोमा प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष (पार्श्व प्रवेश) में रिक्त रही सीटो पर सीधे प्रवेश के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किये जाते है।

राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़मेर के प्रधानाचार्य कमल पँवार ने बताया कि प्रथम वर्ष के लिए आवेदन करने की तिथि 19 सितम्बर से 22 सितम्बर तक तथा द्वितीय वर्ष (पार्श्व प्रवेश) की तिथि 16 सितम्बर से 20 सितम्बर तक व रविवार को छोड़ कर रहेगी। उन्होने बताया कि प्रत्येक उक्त कार्य दिवस पर अपराहन 12 बजे तक आवेदन पत्र प्रस्तुत किये जा सकेंगे तथा उसी दिवस प्राप्त आवेदनों की अपराहन 1 बजे मेरिट लिस्ट तैयार की जाकर मेरिट अनुसार व्यक्तिगत साक्षात्कार द्वारा प्रवेश दिया जायेगा। प्रवेश के लिए व्यक्तिग काउन्सलिंग हेतु प्रार्थी स्वय के सभी मूल दस्तावेज मय शुल्क की प्रथम किश्त लेकर संस्थान में उपस्थित होगे। शुल्क एवं मूल दस्तावेज के आभाव में सीट आवंटन किया जाना संभव नहीं हो सकेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। अधिक जानकारी के लिए संस्थान में संपर्क किया जा सकता है।
-0-

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत अपीलो के निस्तारण के लिए नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 14 सितम्बर। जिले में खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत प्राप्त आवेदनों निस्तारण से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तर पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर को नोडल अधिकारी व जिला रसद अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर मुख्य ब्लॉक प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित ब्लॉक का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकृत संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये जाते है कि वे प्राधिकृत अधिकारी द्वारा खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत जोड़े गये आवेदन पत्रों में से 5 प्रतिशत आवेदन पत्रों की यादृच्छिक रूप से जाँच करेगे तथा संबंधित प्राधिकृत अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारी अपने स्तर पर अपीलों के निस्तारण की स्थिति की नियमित रूप से समीक्षा कर तद्नुसार आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करेंगे।
-0-

इंजीनियरिंग कॉलेज में जे.के सीमेन्ट द्वारा आयोजित किया सेमिनार

बाड़मेर, 14 सितम्बर। राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर में जे.के. सीमेन्ट के तत्वावधान में इंजीनियरिंग महाविद्यालय में सेमिनार का आयोजन किया गया है।

अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. बिश्नोई ने बताया कि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में समय-समय पर विभिन्न सेमिनार आयोजित करवाये जा रहे है जिससे यहां अध्ययनरत विद्यार्थी एक्सपर्ट द्वारा सेमिनार के माध्यम से तकनीकी ज्ञान अर्जित कर पा रहे है।
जे.के. सीमेन्ट के स्टेट टेक्नीकल सर्विसेज हेड विकास शर्मा ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को कम्पनी की सर्विसेज और वातावरण के बारे में बताया। जे.के सीमेन्ट इंजीनियर्स की पहली पसंद है, कम्पनी ने कोविड-19 की विकट परिस्थितियों में भी कई सामाजिक कार्य किये और शिक्षा के क्षेत्र में विŸाीय सहायता प्रदान की। शर्मा ने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए उनकी तकनीकी जानकारी को बढ़ाया जिससे युवाओं को सही दिशा मिल सके। इसी क्रम में रिटायर्ड एक्सईएन इंजीनियर सुखराम माचरा ने फाउण्डेशन इंजीनियरिंग, इसके प्रकार, ब्लेक कॉटन सोईल तथा आरसीसी के बारे में व्याख्यान के द्वारा युवाओं से विस्तृत चर्चा की। इस व्याख्यान के द्वारा सिविल के क्षेत्र में हो रहे बदलाव एवं विभिन्न नई तकनीकी जानकारी से अवगत कराया।
जे.के. सीमेन्ट के मार्केटिंग हेड नरेश चौधरी ने बताया कि किसी भी प्रोडक्स की डिमांड को बढ़ाने के लिए मार्केटिंग ट्रिक तथा टेकनिक्स से विद्यार्थियों को अवगत कराया। रिलेशनशिप मैनेजर अभिज्ञान जोशी ने महाविद्यालय के प्राचार्य, अतिथि प्रवक्ताओं और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। महाविद्यालय के अतिथि प्रवक्ता एवं कार्यक्रम समन्वयक दिव्या खत्री द्वारा जे.के. सीमेन्ट के द्वारा ऐसे कार्यक्रम निरन्तर आयोजित किये जाने तथा समय-समय पर विद्यार्थियों को सिविल के क्षेत्र की नई-नई जानकारियों से अवगत कराने की अभिलाषा व्यक्त की।
एम.बी.एम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय शर्मा ने बताया कि जे.के सीमेन्ट के एक्सपर्ट द्वारा महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर सेमिनार का आयोजन कर विद्यार्थियों को अपना अनुभव साझा कर रहे हैं, जिससे यहां के विद्यार्थी सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ इण्डस्ट्री की कार्यविधि से भी रूबरू हो रहे है।
इसी प्रकार जे.के. सीमेन्ट कम्पनी द्वारा सिविल इंजीनियरिंग सम्बन्धित सेमिनार का आयोजन करवाया गया तथा महाविद्यालय के टीपीओ सेल से हिमांशु दवे ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित को देखते हुए इण्डस्ट्री के एक्सपर्ट द्वारा प्रेक्टिकल नॉलेज उपलब्ध करवाया जायेगा। जिससे विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान में वृद्वि होगी एवं वे अपने भविष्य को तकनीकी क्षेत्र में एक नई दिशा दे पायेंगे।
-0-




जिला स्तरीय जन सुनवाई अब शुक्रवार को

जनसुनवाई के बाद होगी सतर्कता समिति की बैठक

बाड़मेर, 14 सितम्बर। जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक 2022 खेलों का आयोजन होने के कारण जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में तृतीय गुरूवार को होने वाली जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक अब शुक्रवार 16 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित कीे जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू ने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारी जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स में तथा उपखण्ड मुख्यालय के समस्त अधिकारी एवं परिवादी अपने अपने क्षेत्र में पंचायत समिति कार्यालय के वीसी रूम से तथा बाड़मेर उपखण्ड क्षेत्र के समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं परिवादी पंचायत समिति कार्यालय बाड़मेर के वीसी रूम से बैठक में उपस्थित होंगे। उन्होने विचाराधीन प्रकरणों में की गई कार्यवाही की पालना रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर स्वयं बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
 -0-

मंगलवार, 13 सितंबर 2022

जिला कौशल विकास योजना 2022-23 का अनुमोदन

कौशल सृजन से रोजगार के नए अवसरों का होगा विकास

बाड़मेर, 13 सितम्बर। जिला कलेक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान 2022-23 की कौषल विकास योजना के प्रारूप पर चर्चा की गई।
    इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कौशल विकास के संबंध मे समीक्षा करते हुए कहा कि रोजगार सृजन के लिए युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए और प्रशिक्षण केन्द्रों का संचालन कर विभिन्न क्षेत्रों में अभिरूचि रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षित करना को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होनें कहा कि ग्रामीण स्तर पर लघु एवं कुटिर उद्योगों हेतु प्रेरित कर रोजगार सृजन पर बल दिया जाए। उन्होंने जिले में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों पर स्थानीय आवश्यकता एवं प्रवर्ति के अनुसार कोर्स करवाने को कहा। विशेषकर फूड प्रोसेसिंग एवं हेंडीक्राफ्ट के साथ साथ रिफाइनरी एवं पेट्रो केमिकल उद्योगो की आवश्यकता के मध्येनजर कौशल प्रक्षिनन आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
    इस दौरान जिला कलेक्टर ने बालोतरा में अक्टूबर माह में प्रस्तावित रोजगार मेले के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने एवं नियोक्ताओं को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
  इससे पूर्व आर एसएलडीसी के जिला प्रबंधक ने आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी कराई।
-0-







पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक्सपर्ट लेक्चर का आयोजन

फ्यूचर इन केमिकल इंजीनियरिंग पर सार्थक चर्चा
बाडमेर, 13 सितम्बर। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़मेर मे आई॰ आई॰ आई॰ सेल द्वारा फ्यूचर ओप्पोरचुनिटी इन केमिकल इंजीनियरिंग विषय पर संस्थान के तृतीय एवं पांचवें सेमेस्टर के केमिकल इंजीनियरिंग शाखा के विद्यार्थियों हेतु एक्सपर्ट लैक्चर का आयोजन किया गया।
व्याख्यात की शुरूआत कमल पंवार द्वारा एक्सपर्ट के स्वागत से की गई। इस मौके पर हितेश जोशी मैनेजर टेक्निकल ट्रेनिंग हेड, केयर्न आयल एंड गैस वेदांता लिमिटेड द्वारा इंडस्ट्री ओरिएंटेड़ अप्रोच व प्रेक्टिकल एप्लिकेशन की महता बताते हुए छात्रों को कम्युनिकेशन स्किल्स सुधारने हेतु प्रोत्साहित किया गया। उन्होने अपने व्यक्तिगत अनुभवों द्वारा विद्यार्थियों को इंडस्ट्री मे उपयोग होने वाली नवीनतम तकनीकी से संबन्धित जानकारी प्रदान की व खुद को अपडेट रखने की सलाह दी। मेजर प्रोजेक्ट के लिए नवाचार को अपनाने, वास्तविक जीवन की समस्याओं को सुलझाने तथा संधारणीय विकास को प्रोमोट करने वाले आइडियास को भौतिक रूप देने की बात कही।
उन्होने आई॰ आई॰ आई॰ सेल की भामाशाह संपर्क पहल के तहत संस्थान को केमिकल इंजीनियरिंग से सम्बधित अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के लेखको की पुस्तकों को महाविद्यालय को दान दिया जोकि विद्यार्थियों के अध्ययन एवं विषय विशेषज्ञता हासिल करने में उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के वासुदेव प्रवक्ता कम्प्यूटर द्वारा किया गया एवं एक्सपेर्ट का धन्यवाद ज्ञपित किया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रवक्ता कैलाश कुमार, शैलेन्द्र कुमार सैनी, अमृत लाल जांगिड, पुरुषोत्तम उपस्थित रहे।
-0-

सोमवार, 12 सितंबर 2022

सीमावर्ती गांवों में रात्रि कालीन विचरण पर प्रतिबन्ध

बाडमेर, 12 सितम्बर। जिला मजिस्टेªट लोक बन्धु ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत बाडमेर जिले मे भारत पाक अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर भारत के अन्दर की ओर दो किलोमीटर क्षेत्र में रात्रिकालीन विचरण पर प्रतिबन्ध लगा दिया है।

जिला मजिस्टेªट बन्धु द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रात्रिकालीन प्रतिबन्ध बाडमेर जिले में भारत पाक सीमा से लगते हुए दो किलोमीटर क्षेत्र के समस्त ग्रामों में लागू होगा।
प्रतिबन्ध वाले गांव
बूठिया, जुमा फकीर की बस्ती, तालब का पार, सजन का पार, सून्दरा, पांचला, हमीराणी मोती की बेरी, रोहिडी, सगोरालिया, मुनाबाव, अकली, मालाणा, छोटी खडीन, मखन का पार, अमी का पार, तामलोर, त्रिमोही, गडरारोड, केरला, पदमडा, रिछयाली, बाडमेरों का पार, सजनाणी, नारे का पार, केरकोरी, पादरिया, पीरे का पार, पांधी का पार, लकडियाली, बनों की बस्ती, लधे का पार, तालब का पार, चान्दाणियों का पार, झैलून, बिन्दुसियाणी, कबूल की ढाणी, सजन का पार, कुम्हारों का टीबा, रासबानी, राठौडों का तला, माधुरी का तला, भभूते की ढाणी, भीलों का तला, सादुलाणियों की गफन, हेजम का तला, उम्मेदपुरा, कल्याणपुरा, केलनोर, समेलों का तला, मीठडाऊ, मीये का तला, जाटों का बेरा, बरवाल, देहवा, लालपुर, ब्राहमणों की ढाणी, रेलिया, सोमराड, बसिये का तला, जानपालिया, सराईयों का तला, दीपला, सारला, समोते का पार, शोभाला जेतमाल, हुरों का तला, तालसर, हुसैन का तला, रडवा, सुजों का निवाण उर्फ मेगे की बेरी, नवातला, बाखासर, सरूपे का तला, आग्निशाह की ढाणी, सैयद मौज अली का तला, कृष्ण का तला, रते का तला, भाडा, एकल, रामपुरा, हाथला, बछवाल, भलगाव इत्यादि सम्मिलित है।
प्रतिबन्धित समय
जिला मजिस्टेªट के आदेश के अनुसार इन गांवों में सांय 7.00 बजे से प्रातः 6.00 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जिले में भारत-पाक सीमा से लगते हुए उक्त वर्णित 2 किलोमीटर क्षेत्र में प्रवेश व विचरण करने वाले समस्त व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे उक्त प्रतिबन्धित क्षेत्र में रात्रि के समय सक्षम अधिकारी की वैद्य अनुमति के बिना गमनागमन अथवा विचरण नहीं करें। आदेश का उल्लंधन करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध दण्ड प्रक्रिया संहिता के तहत कडी कार्यवाही की जायेगी।
इनको रहेगी छूट
    जिला मजिस्टेªट के आदेश के अनुसार समस्त कार्यपालक मजिस्टेªट, पुलिस, सीमा सुरक्षा बल एवं अन्य गुप्तचर ऐजेन्सियों के अधिकारियों कर्मचारियों जो अवांछित गतिविधियों की रोकथाम तथा कानून एवं व्यवस्था की डयूटी के लिए उक्त क्षेत्रों में उक्त समय के लिये तैनाती पर है, पर प्रभावी नहीं होगा। उक्त आदेश आगामी दो माह के लिये प्रभावी होगा।
-0-

ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओ का आगाज

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल

वन एवं पर्यावरण मंत्री चौधरी ने गुड़ामालानी, गोसेवा आयोग अध्यक्ष जैन ने बाड़मेर में किया शुभारंभ
बाड़मेर, 12 सितम्बर। जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के द्वितीय चरण में सोमवार से ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ हुआ। इन प्रतियोगिताओ में पंचायत स्तरीय खेलों के विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे।
    वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी ने सोमवार सवेरे गुड़ामालानी उपखंड मुख्यालय पर राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का ध्वजारोहण कर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने धोरीमन्ना एवं आडेल में भी खेलों शुरुआत की। वहीं जिला मुख्यालय पर आदर्श स्टेडियम में गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने ध्वजारोहण के साथ बाड़मेर एवं बाड़मेर ग्रामीण ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओ की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव भी मौजूद रहे।
    इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल खेलने से शरीर के साथ साथ मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है और मस्तिष्क स्वस्थ रहेगा तो शिक्षा एवं आगे बढने का मौका मिलेगा, इसी सोच के मद्देनजर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा इन खेलों की शुरूआत की गई है। उन्होने कहा कि पहले पंचायत स्तर पर तथा अब पंचायत समिति स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं हो रही है, इसके बाद जिला एवं राज्य स्तर पर भी प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका मिलेगा। जो भी अच्छा खेलेगा उनको आगे मौका मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है और विभिन्न भर्तीयों में मौका दिया जा रहा है।
  इस मौके पर पर राज्य गो सेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा पूरे भारतवर्ष में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के रूप में राजस्थान में अनूठी व अच्छी शुरूआत की गई है जिसमें सभी नौजवानों, युवाओं, छात्रों, हर आयु वर्ग के लोगों को खेलने तथा अपनी प्रतिभा तरासने का मौका दिया गया है।
जैन ने कहा कि पूरे भारत में राजस्थान ऐसा प्रदेश है जहां चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार मुहैया करवाया जा रहा है। इस दौरान उन्होने राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं फ्लैगशिप कार्यक्रमों कीे जानकारी देते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने तथा अधिकाधिक लोगों को लाभ उठाने का आह्वान किया।  
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने सभी प्रतिभागियों से ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे एवं खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों के माध्यम से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाकर अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित कराया जाए। उन्होने राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल स्थल पर आईईसी सामग्री का प्रदर्शन, चिरंजीवी योजना में रजिस्टेªशन, प्राथमिक चिकित्सा के समस्त आवश्यक उपकरण एवं दवाईयों की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व राज्य गो सेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोक बंधु, नगर परिषद सभापति दिलीप माली ने झण्डारोहरण कर पंचायत समिति स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारम्भ किया।
  इस मौके पर नगर परिषद बाड़मेर सभापति दिलीप माली, बाडमेर ग्रामीण प्रधान जेठी देवी,  मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर समंदरसिंह भाटी समेत जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। इस दौरान राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा चिरंजीवी योजना पर लघु नाटक की प्रस्तुति दी गई। वहीं विद्यालयी छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
-0-
























दीपावली पर होगी ग्रीन आतिशबाजी की अनुमति

अस्थाई अनुज्ञा पत्र के लिए आवेदन 20 सितम्बर तक

बाडमेर, 12 सितम्बर। जिले में दीपावली पर ग्रीन आतिशबाजी की अनुमति दी जाएगी। बाडमेर एवं बालोतरा शहर, सिणधरी तथा चौहटन कस्बे में अत्यधिक भीड-भाड को ध्यान में रखते हुए अस्थाई ग्रीन आतिशबाजी अनुज्ञापत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए 20 सितम्बर तक संबंधित उपखंड कार्यालय मंे आवेदन जमा करवाए जा सकेंगे।
कलक्टर एवं जिला मजिस्टेªट लोक बंधु ने बताया कि बाडमेर शहर में आदर्श स्टेडियम में अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञापत्र जारी किए जाएंगे। आतिशबाजी के अस्थाई अनुज्ञापत्र के लिए 20 सितम्बर तक आवेदन पत्र उपखंड कार्यालय बाडमेर में जमा करवाए जा सकेंगे। उन्हांेने बताया कि उपखंड मजिस्टेªट बाडमेर, पुलिस उप अधीक्षक बाडमेर एवं आयुक्त नगर परिषद बाडमेर के साथ 20 सितम्बर से पूर्व आदर्श स्टेडियम का व्यवस्था संबंधी संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायेंगे। इसके उपरांत आयुक्त नगर परिषद बाड़मेर उपखंड मजिस्टेªेट बाड़मेर की मौजूदगी में 23 सितम्बर से पूर्व लॉटरी के जरिए दुकानों का आवंटन कर 23 सितम्बर को सूची मय दुकान नम्बर के उपलब्ध कराएंगे। उपखंड मजिस्टेªट बाडमेर लॉटरी में आने वाले आवेदकों से चालान जमा करवाकर आवेदन पत्र वरीयतानुसार सूची मय दुकान एवं चालान नंबर के 30 सितम्बर को जिला मजिस्टेªट कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
जिला कलक्टर ने बताया कि बालोतरा शहर में लूनी नदी किनारे छतरियों का मोर्चा बालोतरा, सिणधरी कस्बे में मेला मैदान तथा चौहटन कस्बे में प्रस्तावित स्थल राआउमावि चौहटन में अस्थाई ग्रीन आतिशबाजी अनुज्ञापत्र जारी किए जाएंगे। आतिशबाजी के अस्थाई अनुज्ञापत्र के लिए 20 सितम्बर तक आवेदन पत्र उपखण्ड कार्यालय बालोतरा, उपखंड कार्यालय सिणधरी तथा उपखण्ड कार्यालय चौहटन में जमा कराए जा सकेंगे। उपखंड मजिस्टेªट बालोतरा, उप अधीक्षक पुलिस बालोतरा एवं आयुक्त नगर परिषद बालोतरा के साथ 20 सितम्बर से पूर्व लूनी नदी किनारे छतरियों का मोर्चा बालोतरा का व्यवस्था संबंधी संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। इसी तरह उपखंड मजिस्टेªट सिणधरी, उप अधीक्षक पुलिस गुडामालानी, तहसीलदार सिणधरी एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति सिणधरी के साथ मेला मैदान सिणधरी तथा उपखंड मजिस्टेªेट चौहटन, उप अधीक्षक पुलिस चौहटन, तहसीलदार चौहटन एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति चौहटन के साथ प्रस्तावित स्थल राआउमावि चौहटन में व्यवस्था संबंधित संयुक्त निरीक्षण कर 20 सितम्बर से पूर्व रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। संबंधित उपखंड मजिस्टेªट प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र वरीयतानुसार मय सूची के 30 सितम्बर को जिला मजिस्टेªट कार्यालय बाडमेर में प्रस्तुत करेंगे। बाड़मेर जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदन जिला कलक्टर कार्यालय बाडमेर में जमा कराने की अन्तिम दिनांक 20 सितम्बर, 2022 निर्धारित की गई है। उक्त निर्धारित तिथि के पश्चात् किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किये जावेंगे। उन्हांेने बताया कि विस्फोटक अधिनियम 2008 के नियम 84 के अनुसार एक समूह मंे 50 से अधिक दुकानंे नहीं होगी। अस्थाई दुकान निर्माण निर्माण मंे नियम 84 एवं 85 मंे अंकित शर्तों की पालना पूर्णतया सुनिश्चित करनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया के दौेरान पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि बाड़मेर जिले में केवल ग्रीन आतिशबाजी का विक्रय किया जाएगा। ग्रीन आतिशबाजी के अलावा अन्य किसी भी प्रकार की आतिशबाजी का विक्रय नहीं किया जाएगा। जिले में सभी को गृह विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। यदि कोई भी व्यक्ति उक्त दिशा निर्देशों का उल्लंघन करेगा तो उसके विरूद्ध विधि सम्मत कार्यवाही अमल में लाई जावेगी।
-0-

जिला स्तरीय जन सुनवाई गुरुवार को

जनसुनवाई के बाद होगी सतर्कता समिति की बैठक

बाड़मेर, 12 सितम्बर। जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में तृतीय गुरूवार 15 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित कीे जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू ने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारी जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स में तथा उपखण्ड मुख्यालय के समस्त अधिकारी एवं परिवादी अपने अपने क्षेत्र में पंचायत समिति कार्यालय के वीसी रूम से तथा बाड़मेर उपखण्ड क्षेत्र के समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं परिवादी पंचायत समिति कार्यालय बाड़मेर के वीसी रूम से बैठक में उपस्थित होंगे। उन्होने विचाराधीन प्रकरणों में की गई कार्यवाही की पालना रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर स्वयं बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
 -0-

जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 17 को

मनरेगा की अतिरिक्त वार्षिक योजना का होगा अनुमोदन

बाड़मेर, 12 सितम्बर। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक का आयोजन जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार 17 सितम्बर को प्रातः 11 बजे जिला परिषद के सभा कक्ष में किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि उक्त बैठक में गत बैठक की कार्यवाही विवरण पर चर्चा एवं अनुमोदन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, महात्मा गांधी नरेगा योजना की अति. वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2022-23 का अनुमोदन, जीपीडीपी प्लान का अनुमोदन एवं प्रगति समीक्षा समेत जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। उन्होनें संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

शिव में औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर 13 सितम्बर को

मौके पर तैयार कराए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन पत्र

बाड़मेर, 12 सितम्बर। जिले में औद्योगिक विकास एवं औद्योगिक प्रोत्साहन हेतु उद्योग एवं वाणिज्य विभाग एवं अन्य विभागों, बैकर्स के संयुक्त तत्वाधान में पंचायत समिति परिसर शिव में शिविर का आयोजन 13 सितम्बर को दोपहर 2 से सांय 5 बजे तक किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबन्धक ने बताया कि शिविर में विभागीय योजनाओं की जानकारी, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना 2019, हस्तशिल्पियों के लिए आर्टीजन कार्ड, बुनकरों के लिये बुनकर कार्ड, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, एमएसएमई एक्ट 2019 के तहत ऑनलाईन आवेदन पत्र तैयार करवाये जाएंगे। शिविर में मिशन निर्यातक बनो अन्तर्गत आईसीई की जानकारी के साथ बैंकिंग प्रणाली की जानकारी एवं अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
-0-

रविवार, 11 सितंबर 2022

स्मृति उद्यान बाड़मेर में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस कार्यक्रम हुआ आयोजित

वन एवं पर्यावरण मंत्री चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ कार्यक्रम

बाड़मेर 11 सितंबर। रविवार 11 सितंबर को स्मृति उद्यान बाड़मेर जिले में वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी की उपस्थिति में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें वन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री हेमाराम चौधरी ने कहा कि ऐसे बहुत से समुदाय और गांव है जहां आजीविका के एकमात्र स्त्रोत जंगल है। उन्होंने कहा कि लोग अपने परिवार के रूप में वनस्पति और जीव की रक्षा करते हैं उन्होंने बताया कि यह दिन वन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने व उनके योगदान की सराहना करने के लिए मनाया जाता है। 

उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू ने बताया कि रविवार 11 सितंबर को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के मौके पर देशभर में उन कार्मिकों का सम्मान किया जाता है जिन्होंने भारत में वन्यजीवों जंगलों व जंगलों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने बताया कि इस दिन वन विभाग के वन रक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों के बलिदान को याद करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर में वन विभाग के सारे कर्मचारी अपने क्षेत्र में बेहतर काम कर रहे हैं।

-0-









जिला स्तरीय कार्यक्रम में गोसेवा आयोग अध्यक्ष करेंगे आगाज

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल

आज से शुरू होगी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं

बाड़मेर, 11 सितंबर। राजीव गांधी ग्रामीण ओलपिंक खेल के द्वितीय चरण में जिले में 12 सितंबर, सोमवार से ब्लॉक स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिताए आयोजित की जाएगी। 

  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि सोमवार, 12 सितंबर से जिले में ब्लॉक स्तरीय खेल शुरू होंगे। आदर्श स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रातः 8.30 बजे गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन विधिवत आगाज करेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दिलीप माली, जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव समेत जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी भाग लेंगे।

सोमवार से प्रारम्भ होने वाले दूसरे चरण में पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताओ के विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि ‘राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक‘ के दूसरे चरण के आयोजन संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर दी गई। 

  मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओ में कुल 28,294 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस आयोजन में 6 खेलों के लिए 2484 टीम भाग लेंगी।

 उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर ग्रामीण खेलों का आयोजन भाईचारे की भावना बढ़ाने का एक अवसर है, जिसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर 12 सितंबर से चार दिन तक आयोजन होगा। इसमें कबड्डी, खो-खो, हॉकी, टेनिसबॉल क्रिकेट, वॉलीबॉल, और शूटिंग वॉलीबॉल खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण ओलिंपिक खेलों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 

 उन्होंने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक के सफल आयोजन के लिए खण्ड स्तर पर समितियों का गठन हो चुका है। ग्राम पंचायत स्तर पर विजेता टीम खण्ड स्तर पर 12 सितम्बर से आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। इसके पश्चात जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 22 सितंबर से आयोजित की जाएगी।

  उन्होंने बताया कि खण्ड स्तर समिति के संयोजक पंचायत समिति के उपखण्ड अधिकारी होंगे तथा ब्लॉक विकास अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। इसमें ब्लॉक पंचायत समिति के प्रधान, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग व जिला खेल अधिकारी का प्रतिनिधि तथा राजकीय शारीरिक शिक्षक सदस्य होंगे।

   जिला कलक्टर लोक बंधु ने ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों के माध्यम से राज्य सरकार की फ्लैग शिप योजनाओं के प्रचार प्रसार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक स्थल पर आईईसी सामग्री का प्रदर्शन, कोविड टीकाकरण, चिरंजीवी योजना में रजिस्ट्रेशन, प्राथमिक चिकित्सा की समस्त जरूरी उपकरणों के साथ व्यवस्था उपलब्ध करवाने को भी कहा है। आयोजन स्थल पर आमजन के कोविड टीकाकरण के लिये भी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवायेंगे।

---000---





शुक्रवार, 9 सितंबर 2022

खनन गतिविधियों की निगरानी समिति की बैठक 12 को

बाड़मेर, 09 सितम्बर। अवैध बजरी खनन की रोकथाम के संबंध में गठित विशेष जांच दल/खनन गतिविधियों की निगरानी समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में सोमवार 12 सितम्बर को सांय 4 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

खनि अभियन्ता भगवानसिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को अवैध बजरी खनन के संबंध में माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश की पालना में अब तक की गई कार्यवाही तथा गत बैठक की पालना रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
-0-

सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाईजर के पदों पर भर्ती चयन हेतु कार्यक्रम निर्धारित

बाडमेर, 09 सितम्बर। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली एवं एस. आई.एस. ग्लोबल इण्डिया स्कील डवलपमेन्ट के संयुक्त तत्वाधान में भारत सरकार के पसारा एक्ट 2005 के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बेरोजगार नवयुवकों को सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाईजर के पद पर भर्ती हेतु चयन के लिए पंचायत समितिवार शिविर का आयोजन किया जाएगा।

एस.एस.सी.आई. रिजनल टेªनिंग सेन्टर उदयपुर के वरिष्ठ भर्ती अधिकारी महिपालसिंह ने बताया कि 12 सितम्बर को पंचायत समिति सिणधरी, 13 को पायला कलां, 14 को आडेल, 15 को चौहटन, 16 को सेड़वा, 17 को धनाऊ, 18 को फागलिया, 19 को रामसर, 20 को गडरारोड, 21 को बाडमेर ग्रामीण, 22 को धोरीमना, 23 को गुड़ामालानी, 24 को बालोतरा, 25 को सिवाना, 26 को शिव, 28 को बायतु, 29 को पाटोदी, 30 सितम्बर को गिड़ा, 01 अक्टूबर को कल्याणपुर, 2 को समदडी एवं 3 अक्टूबर को पंचायत समिति बाड़मेर में प्रातः 11 से सांय 4 बजे तक सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाईजर के पद पर भर्ती हेतु चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पंचायत समिति स्तर पर सुरक्षा जवान के 225 पद एवं सुरक्षा सुपरवाईजर के 25 पदों के लिए भर्ती की जाएगी जिसका भर्ती स्थल पर ही रजिस्टेªशन किया जाएगा।
उन्होने बताया कि सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाईजर की भर्ती हेतु चयन के लिए प्रार्थी की शैक्षणिक योग्यता 10 वीं उत्तीर्ण, हाईट 168 सेमी, वजन 56 से 90 किलो, सीना 80-85 सेमी, आयु 21 से 35 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही शारीरिक रूप से स्वच्छ एवं फिजिकल फिट होना चाहिए। चयनित अभ्यार्थियों को सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त 65 वर्ष की आयु तक स्थाई रोजगार प्रदान किया जाएगा। उन्होने बताया कि सुरक्षा जवान को 12000 से 18000रूपये एवं सुरक्षा सुपरवाईजर को 14000 से 20000 हजार रूपये तक मासिक मानदेय, सालाना वेतन वृद्धि से पी.एफ., ई.एस.आई.सी, ग्रेच्युटी, बोनस, मेडिकल की सुविधा, इन्श्योरेन्स एवं दुर्घटना बीमा 1 लाख से 6 लाख तक, प्रमोशन, आवास एवं मैस आदि की सुविधा दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद भारत सरकार के एतिहासिक स्मारकों एवं प्रतिष्ठान, उद्योग संस्थानों एवं मल्टीनेशनल क्षेत्रों में नियुक्ति दी जाएगी। इच्छुक प्रार्थी अपने मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर भाग ले सकते है।
-0-

राज्य सरकार की प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार देने की गारंटी-जैन

 इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना

बाड़मेर में गो सेवा आयोग अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
बाड़मेर, 9 सितंबर। देश में शहरी क्षेत्र में रोजगार की गारंटी देने वाली सबसे बड़ी और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का बाड़मेर में शुक्रवार को गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने विधिवत शुभारंभ किया।
    इस अवसर पर जैन ने कहा कि इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के शुरु होने से अब शहरों में भी जरूरतमंद व बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशील है, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी इस योजना के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये है ।
    गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने कहा कि इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना शहरी महिलाओं के लिए नया अवसर है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को इस योजना में शहर की प्राथमिकता के अनुसार काम लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप योजना का बेहतर क्रियान्वयन हो जिससे कि योजना का उद्देश्य सफल हो।
    जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक शमसान में योजना का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद योजना के अंतर्गत पंजीकृत रोजगार के इच्छुक लोगों को जॉब कार्ड वितरित किये गए।
    इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में बाड़मेर एवं बालोतरा शहरी क्षेत्रों में इंदिरा गांधी रोजगार गारंटी योजना का संचालन किया जाएगा।
  नगर परिषद सभापति दिलीप माली ने बताया कि आज से ही योजना में पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। नगर परिषद आयुक्त योगेश आचार्य ने इंदिरा गांधी शहरी रोजगार योजना की संक्षिप्त जानकारी दी।
  कार्यक्रम में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, नगर परिषद आयुक्त योगेश आचार्य सहित नगर परिषद के पार्षद जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं  योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक मौजूद रहे।
-0-






बजट घोषणाओं के कार्य सर्वोपरि प्राथमिकता से पूर्ण करे- लोक बंधु

 जिला कलेक्टर ने की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर, 9 सितंबर। जिले में बजट घोषणाओं के कार्य सर्वोपरि प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाए। साथ ही राज्य सरकार के जन कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं फ्लैगशिप योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। यह निर्देश जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शुक्रवार को जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए।
कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि सभी विभाग उनसे संबंधित फ्लैगशिप योजनाओं की माइक्रो मॉनिटरिंग करते हुए इनके बेहतर परिणाम हासिल करे। उन्होने प्रत्येक योजना की विस्तार के साथ समीक्षा की एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होने मनरेगा के तहत विभिन्न विभागों के काम बढाने तथा 100 दिवस रोजगार सृजन दिवस बढाने के निर्देश दिए। उन्होने जलदाय विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान परियोजनाओं के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के लिए अधिकाधिक सैम्पल लेने तथा मिलावटी पाए जाने पर सख्त कार्यवाही करने को कहा।
जिला कलेक्टर ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में रजिस्टेªशन की प्रगति, निःशुल्क दवा एवं जॉच योजना की प्रगति, निरोगी राजस्थान, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा कहा कि विधवा पेंशन के साथ पालनहार योजना के लाभ भी मिले। उन्होने कहा कि सरकारी अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति को निःशुल्क दवाईयों एवं निःशुल्क जांचों की सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होने निजी अस्पतालों के क्लेम निरस्त होने के कारणों की विस्तृत जॉच करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई ने ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आदर्श गांव योजना, सांसद आदर्श गांव योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजना अन्तर्गत आगामी आयोजित होने वाली गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त सम्भागीय आयुक्त ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू, नगर विकास न्यास सचिव शैलेष सुराणा समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-







लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...