मंगलवार, 21 जून 2022

जिला यातायात समिति की बैठक

सड़क सुरक्षा उपायों पर हुई व्यापक चर्चा

बाड़मेर, 21 जून। जिला यातायात प्रबन्धन समिति एवं सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में मंगलवार सांय कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। इस दौरान सड़क सुरक्षा उपायों पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तार के साथ समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि जिला स्तरीय यातायात प्रबन्धन समिति के निर्णयों की प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से क्रियान्विति के साथ सड़क दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच की अनुशंषाओं की पालना जिला स्तरीय यातायात प्रबन्धन समिति के माध्यम से सुनिश्चित करवाई जाए। इस दौरान जिला कलक्टर ने सड़क सुरक्षा कार्ययोजना पर संबंधित अधिकारियों से व्यापक चर्चा पश्चात् कहा कि दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में बबुल की झांडिया कटवाने, लाईनिंग करवाने, साईन बोर्ड लगवाने, स्पीड ब्रेकर लगवाने, पेचवर्क करवाने समेत अन्य कार्य प्राथमिकता से करवाएं जाए। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने जिले में दुर्घटना घटित संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा जिले में विभिन्न मार्गो पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में किये जाने वाले कार्यो की प्रगति की जानकारी कराई गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, परियोजना निदेशक एनएचएआई दिग्विजय सिंह, आर.ई. बी.आर.तंवर, अधीक्षण अभियन्ता सानिवि सुरेश शर्मा, डीआरएम जितेन्द्र छाजेड़, मुख्य प्रबन्धक रोडवेज उमेश नागर समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें। इस दौरान एनआईसी से रोलआउट मैनेजर ने आईरेड प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी कराई।
-0-




शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के तहत औचक निरीक्षण

अनियमितता पाए जाने पर पांच हजार रूपये का जुर्माना

बाड़मेर, 21 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में चलाये जा रहे शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया गया।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी महेश चन्द्र जांगिड़ ने बताया कि मंगलवार को गुडामालानी में श्री खेतेश्वर किराणा स्टोर पर निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाये जाने पर पांच हजार रूपये का जुर्माना विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 के अन्तर्गत लगाया गया। उन्होने बताया कि लोहारवा (गुडामालानी) में मैसर्स श्री बालाजी फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प को भी चैक किया गया जहां पर पेट्रोल, डीजल की डिलीवरी नियमानुसार सही पाई गई।
-0-




जिला कलक्टर ने किया विकास कार्यो का औचक निरीक्षण

बाड़मेर, 21 जून। जिला कलक्टर लोक बंधु ने मंगलवार को चूली ग्राम पंचायत में टांका निर्माण कार्य, खेल मैदान विकास कार्य, मॉडल स्कूल समेत विभिन्न विकास कार्यो का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने चूली ग्राम पंचायत में सबसे पहले टांका निर्माण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य की गुणवता को परखा। इसके पश्चात् उन्होने खेल मैदान विकास कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास एवं मॉडल स्कूल चूली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने लाभार्थियों से रूबरू होकर निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा भुगतान की स्थिति आदि की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बाड़मेर विकास अधिकारी सुरेश कविया, सहायक अभियन्ता रामलाल समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-








जिले में 542 अति कुपोषित बच्चों को 2 लाख पौष्टिक लड्डू होंगे वितरित

मिशन सुरक्षा चक्र
बाड़मेर, 21 जून। मिशन सुरक्षा चक्र के तहत मंगलवार को जिले के 542 अति कुपोषित नौनिहालों हेतु वेदान्ता केयर्न ऑयल एण्ड गैस की ओर से उपलब्ध कराये गये करीब दो लाख विशेष पौष्टिक आहार लड्डू जिला कलक्टर लोक बंधु को आईसीडीएस विभाग के माध्यम से वितरण हेतु उपलब्ध कराये गये।
इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि वेदान्ता केयर्न ऑयल एण्ड गैस को जिला प्रशासन की ओर से धन्यवाद देते हुए कहा कि कुपोषण से मुक्ति के संकल्प की दिशा में जिले में चलाये जा रहे नवाचार मिशन सुरक्षा चक्र के तहत पहले चरण में एसएएम श्रेणी के रूप में पहचाने गये 542 बच्चों को तीन माह तक उक्त विशेष पौष्टिक आहार लड्डू का वितरण आईसीडीएस विभाग के माध्यम से करवाया जाएगा। जिसके तहत प्रतिदिन 4 पौष्टिक लड्डू की खुराक तीन माह तक के लिये उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होने बताया कि एनीमिया एवं कुपोषण को लेकर हमारी टीम लगातार कार्य कर रही है, तीन माह पश्चात् बच्चों की पुनः जॉच करवाई जाएगी तथा आवश्यकता होने पर अतिरिक्त खुराक भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि बच्चे कुपोषण से बाहर आ सकें।
इस दौरान एक संकल्प एनीमिया एवं कुपोषण मुक्त हो बाड़मेर डाईट चार्ज का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू, वेदान्ता, केयर्न ऑयल एण्ड गैस के मैनेजर स्टेक होल्डर रिलेशन शैलेश शर्मा, मैनेजर सीएसआर प्रहलादसिंह, निलेश कारपे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित, डब्ल्युएचओ पंकज, धारा संस्थान के महेश पनपालिया समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-





जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित

पोलिथीन के उपयोग की रोकथाम समेत जिला पर्यावरण प्लान पर चर्चा

बाड़मेर, 21 जून। जिला पर्यावरण समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान पोलिथीन के उपयोग की रोकथाम समेत जिला पर्यावरण प्लान पर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने ठोस कचरा निस्तारण, अस्पतालों में कचरा निस्तारण, बालोतरा में औद्योगिक इकाईयों द्वारा परिसंकटमय अपशिष्टों के निस्तारण एवं लूनी नदी में प्रदुषण की रोकथाम , पोलिथीन बैग के उपयोग की रोकथाम समेत विभिन्न बिन्दुओं पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही नगर परिषद बाडमेर एवं बालोतरा में ठोस कचरा निस्तारण के परिपेक्ष्य में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुक्त नगर परिषद बाडमेर एवं बालोतरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बाडमेर, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल बालोतरा, खनि अभियन्ता एवं पर्यावरण समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहें।
-0-

सोमवार, 20 जून 2022

पेंशन प्रकरणों की त्रैमासिक बैठक 24 को

बाड़मेर, 20 जून। जिला स्तर पर बकाया सिविल पेंशन प्रकरणों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 24 जून को दोपहर 12.30 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

लेखा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्रों में वांछित सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी

बाड़मेर, 20 जून। बाड़मेर लिफ्ट परियोजना की 1400एमएम पाईप लाईन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण मंगलवार 21 जून को बाड़मेर शहर की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग नगर खण्ड बाड़मेर के अधिशाषी अभियन्ता सतवीरसिंह यादव ने बताया कि बुधवार 22 जून को होने वाली सभी जलापूर्ति सामान्य अन्तराल से दो दिन के अधिक अन्तराल से होगी।
-0-

बीस सूत्री समीक्षा बैठक 23 को

बाड़मेर, 20 जून। बीस सूत्री आर्थिक कार्यक्रम वर्ष 2022-23 में आवंटित लक्ष्यों के विरूद्ध मई, 2022 तक अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा हेतु 20 सूत्री कार्यक्रम के सन्दर्भ में गठित द्वितीय स्तरीय समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 23 जून को सांय 5 बजे कलक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई ने विभागीय अधिकारियों को माह मई,2022 तक अर्जित उपलब्धियों का सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्व्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक 21 जून को

बाड़मेर, 20 जून। जिला यातायता प्रबन्धन समिति एवं सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 21 जून को सांय 4.30 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से गत बैठक में दिये गये निर्देशों की पालना रिपोर्ट शीध्र भिजवाने तथा निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
-0-

पाक विस्थापित प्रदीप कुमार को मिली भारतीय नागरिकता

बाड़मेर, 20 जून। राज्य सरकार की ओर से बाड़मेर जिले मंे रहने वाले पाक विस्थापित प्रदीप कुमार को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई, उन्हें सोमवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र का वितरण किया।

जिला कलक्टर कार्यालय में सोमवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने पाक विस्थापित प्रदीप कुमार बांको जी निवासी रेल्वे कुआं नं0 3 सरदारपुरा बाड़मेर को भारतीय नागरिकता के मूल नागरिकता प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रदीप कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय नागरिकता मिलने के बाद उन्हें भारत के नागरिक के सभी अधिकार मिलेंगे।
-0-





जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

कृषि बजट धोषणाओं की क्रियान्विति एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करे

पंचायत समिति स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर आवंटित लक्ष्य अर्जित करे
बाड़मेर, 20 जून। कृषि बजट घोषणा वर्ष 2022-23 की जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला सोमवार को जिला कलक्टर, लोकबंधु की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल मे आयोजित की गई।   कार्यशाला मे जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने बताया कि राज्य मे पहली बार कृषि बजट प्रस्तुत हुआ है। कृषि बजट मे उल्लेखित योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये ताकि जिले के कृषकों को लाभान्वित किया जा सके।
इस मौके पर जिला कलक्टर ने बाड़मेर एवं गुड़ामालानी मे नये कृषि महाविधालयों के संचालन हेतु अस्थाई भवनांे का चिन्ह्किरण करने एवं कृषि बजट घोषणा अनुरूप जिले को आवंटित 230000 बाजरा मिनिकिट शीघ्र मंगवाकर सभी लघु/सीमांत कृषकों को निःशुल्क बाजरा मिनिकिट उपलब्ध कराने एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि कृषि बजट से संबधित सभी विभागो के जिला स्तरीय अधिकारियों को जिन योजनाओं मे आवेदन पत्र कम प्राप्त हुए है, उनके लक्ष्य अनुसार आवेदन तैयार कराने के निर्देश दिये तथा बजट घोषणा के प्रावधानों एवं इसकी क्रियान्विति हेतु पंचायत समिति स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर संबधित विभाग के अधिकारियों द्वारा इनमे भाग लेकर जनप्रतिनिधि एवं कृषकों को जानकारी देकर अजा/अजजा श्रेणी के कृषकों हेतु आवंटित लक्ष्यों को अर्जित करने हेतु ऑनलाईन आवेदन करवाने के निर्देश दिये। जिला परिषद सदस्यों द्वारा की गई मांग के कृषकों को उन्नत कृषि हेतु प्रशिक्षित करने के लिये जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
संयुक्त निदेशक उद्यान, जयपुर डॉ. देवेन्द्र चौधरी द्वारा राज्य स्तर की कृषि बजट घोषणा का विस्तृत विवरण देते हुए कृषि एवं अन्य विभागो के 11 मिशनों जिसमे मुख्यतः सूक्ष्म सिंचाई मिशन, राजस्थान संरक्षित खेती मिशन, राजस्थान उद्यानिकी मिशन एवं राजस्थान खाद्य प्रसंस्करण मिशन इत्यादि की जानकारी दी गई।
उप निदेषक कृषि (वि.) वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कृषि बजट घोषणा 2022-23 मे प्राप्त जिले के लक्ष्य, कृषक पात्रता एवं प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जिले को राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन अन्तर्गत फार्म पोण्ड, सिंचाई पाईप लाईन, राजस्थान फसल सुरक्षा मिशन अन्तर्गत तारबंदी, राजस्थान कृषि तकनीकी मिशन अन्तर्गत कृषि यंत्र, राजस्थान मिलेट प्रोत्साहन मिशन अन्तर्गत निःशुल्क बीज मिनकिट वितरण, सूक्ष्म पोषक तत्व, बायो पेस्टीसाईड, राजस्थान बीज उत्पादन एवं वितरण मिशन अन्तर्गत मूूंग एवं मोठ के बीज उत्पादन एवं वितरण के लक्ष्य प्राप्त हो चुके है। लक्ष्यों के अनुरूप प्रषासनिक स्वीकृति का कार्य किया जा रहा है जिसे अतिशीघ्र पूर्ण कर लिया जायेगा। कृषि बजट घोषणा अनुरूप बाड़मेर जिले को दो कृषि महाविधालय यथा बाड़मेर मुख्यालय एवं गुड़ामालानी मे खोले जाने है। उपरोक्त हेतु गुड़ामालानी कृषि महाविधालय की जमीन का आवंटन किया जा चुका है एवं बाड़मेर कृषि महाविधालय हेतु जमीन आवंटन के प्रस्ताव नगर विकास न्यास, बाड़मेर द्वारा जयपुर भिजवाये जा चुके है।
सहायक निदेशक उद्यान, सुरेन्द्र सिंह मनोहर द्वारा कृषि बजट घोषणा के विभिन्न मिशनो अन्तर्गत जिले को प्राप्त लक्ष्य एवं प्रगति से अवगत कराते हुए ड्रिप/फव्वारा स्थापना, सामुदायिक जल स्त्रोत, ग्रीन/शेडनेट हाऊस, लो टनल/प्लास्टिक मल्चिंग की स्थापना, फल बगीचो की स्थापना, कम लागत प्याज भण्डारण संरचना, सोलर पम्प सयंत्र इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी।
तत्पश्चात् मुख्य प्रबन्धक बाड़मेर सेन्ट्रल कॉ-ऑपरेटिव बैंक लि. बाड़मेर जितेन्द्र गोदारा ने सहकारिता विभाग, एस.एस. पुरोहित द्वारा डेयरी संबधित एवं सचिव कृषि उपज मण्डी सुरेश मंगल द्वारा मण्डी से संबधित बजट घोषणा की जानकारी दी गई।
उक्त कार्यशाला मे जिला परिषद सदस्य एवं संबधित विभागो के अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-






शनिवार, 18 जून 2022

फ्लैगशिप योजनाओं की उपखंड स्तर पर होगी माइक्रो मॉनिटरिंग

 राजस्व अधिकारियों की बैठक

लम्बे समय से बकाया राजस्व प्रकरणों का होगा तुरंत निपटारा
बाड़मेर, 18 जून। जिले में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपखण्ड स्तर पर माइक्रो मॉनिटरिंग कीे जाएगी। जिला कलक्टर लोक बंधु ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक में यह सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि राज्य सरकार का सर्वाधिक फोकस फ्लैगशिप योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर होता है, इसलिए उपखण्ड अधिकारी ब्लॉक लेवल पर इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग करें। उन्होने कहा कि उपखण्ड अधिकारी हर शनिवार को दो फ्लैगशिप योजनाओं का निरीक्षण कर धरातल पर उनकी पड़ताल करें एवं अपनी साप्ताहिक बैठक में सभी फ्लैगशिप योजनाओं की संबंधित ब्लॉक में प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होने राजस्व अधिकारियों को बकाया राजस्व प्रकरणों की नियमित रूप से सुनवाई कर प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
  इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि प्रत्येक उपखण्ड मुख्यालय पर प्रति सप्ताह नियमित रूप से साप्ताहिक बैठक की जाए तथा इसमें सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा के साथ जन समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होने कहा कि साप्ताहिक बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं, बजट घोषणाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही उन्होने समस्त राजस्व अधिकारियों को प्रतिदिन सुनवाई करने के निर्देश दिए ताकि आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही की जा सकें। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निपटाने को कहा। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी जनसुनवाई के प्रकरणों को अनिवार्य रूप से सम्पर्क पर दर्ज करने एवं तुरंत निराकरण की हिदायत दी।जिला कलक्टर ने न्यायालयवार दर्ज, निस्तारित एवं बकाया राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की तथा अधिक अवधि से लम्बित प्रकरणों का शीध्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होने उपखण्डवार विभिन्न प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन/आरक्षण, आबादी भूमि विस्तार, गैर खातेदारी से खातेदारी अधिकार के दर्ज, निस्तारित एवं बकाया प्रकरणों की समीक्षा की तथा राजकीय भूमि आवंटन के प्रकरणों को त्वरित निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होने ऑनलाईन दर्ज प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने को कहा। उन्होने विभिन्न प्रयोजनार्थ भूमि संपरिवर्तन, नामान्तरकरण, सीमाज्ञान, नेखमबन्दी एवं विभाजन प्रस्ताव के संबंध में विस्तृत समीक्षा की तथा प्रकरणों के निस्तारण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होने भूमि अवाप्ति मुआवजा भुगतान के बकाया प्रकरणों का शीध्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
  इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेद सिंह रतनू ने राजस्व समेत अन्य बकाया मामलों की प्रगति से विस्तार से चर्चा की। बैठक में सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-








शुक्रवार, 17 जून 2022

भार वाहनों के कर जमा कराने की अन्तिम तिथि 30 सितम्बर

बकाया कर जमा नहीं कराने पर होगी वाहनों की धरपकड़

बाड़मेर, 17 जून। जिले में संचालित यात्री एवं भार वाहनों के बकाया कर जमा कराने की अन्तिम तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गई है। बकाया कर जमा नहीं कराने पर वाहनों की धरपकड़ कीे जाएगी।
जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने बताया कि विभाग द्वारा पुराने बकाया कर एवं खनन विभाग द्वारा प्राप्त चालानों के निस्तारण के लिए राज्य सरकार द्वारा लाई गई एमनेस्टी योजना की अन्तिम तिथि 30 सितम्बर तक बढाई गई है। इस योजना के अन्तर्गत पुराने बकाया कर जमा करवाने पर ब्याज एवं पेनल्टी पर शत प्रतिशत छूट दी गई है साथ ही भारवाहनों के खनन विभाग से प्राप्त ई-रवाना के चालानों पर 75 प्रतिशत तक की छूट दी गई है। टैªक्टर पर बकाया ई-रवाना के चालानों के निस्तारण हेतु एक मुक्त राशि 7500 जमा करवाने पर सभी चालानों का निस्तारण किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा बकाया वसूली हेतु दो उड़नदस्तों का गठन किया गया है जो 24 घंटे बकाया कर वसूली एवं बकाया कर वाले वाहनों को जब्त करेगें। इस योजना की विस्तृत जानकारी हेतु परिवहन कार्यालय बाड़मेर में कार्यालय समय पर सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

जिला निष्पादन समिति कीे बैठक, घुम्मकड़ जातियों के बच्चों को शिक्षा से जोड़े

बाड़मेर, 17 जून। शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय निष्पादन समिति की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित हुई। बैठक में उन्होनें प्रवेशोत्सव के दौरान जिले में एक भी बच्चे को नामांकन वंचित नही रखना सुनिश्चित करने को कहा।

  इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि आगामी शिक्षा सत्र में नामांकन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए एवं जिले में शिक्षा योग्य एक भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विशेषकर घुमक्कड़ जातियों एवं नवजीवन योजना के तहत अवैध शराब के व्यवसाय से पुनर्वासित परिवारों के बच्चों को स्कूलो से जोड़ा जाए।
  उन्होंने कहा कि नामांकन के कार्य को गंभीरता से लिया जाएगा एवं जिले में बेहतर कार्य करने वाले को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इसमें लापरवाही बरतने पर जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव के दौरान घर-घर सर्वे कार्य को गंभीरता से पूर्ण किया जाए तो एक भी योग्य बच्चा नामांकन से वंचित नहीं रह पाएगा।
  जिला कलेक्टर ने कहा कि मिशन सुरक्षा चक्र के तहत जिले में कुपोषण एवं एनीमिया से पीड़ित बच्चों की पहचान के लिए सर्वे का काम हो चुका है। साथ ही इसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए एवं सभी कार्य शाला दर्पण में प्रविष्ट किया जाए।
इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने समग्र शिक्षा अभियान समेत अन्य योजनाओं में स्कूलों के सुदृढ़ीकरण, जन सहभागिता योजना की प्रगति, स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल योजना, आईसीटी योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, छात्रवृतियां एवं विद्यार्थी कल्याणकारी योजनाओं, विद्यालयों में नामांकन वृद्धि एवं शैक्षणिक पैमानों पर जिले की रैकिंग सुधार की संक्षिप्त समीक्षा की तथा विद्यालयों में निर्माण कार्य नये सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
    इससे पूर्व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भीखाराम प्रजापत ने एजेण्डा बिन्दुओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान शिक्षा समिति के मनोनीत सदस्य गफूर अहमद, राजाराम समेत मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सभी कार्यक्रम अधिकारी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-




गुरुवार, 16 जून 2022

अभावग्रस्त क्षेत्रों में चारा डिपों स्वीकृत

बाड़मेर, 16 जून। अभाव संवत 2078 में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में लघु एवं सीमान्त कृषकों को अनुदानित दर पर चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांच स्थानों पर चारा डिपों खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।

जिला कलक्टर (सहायता) लोक बंधु ने बताया कि जिले के बाड़मेर तहसील में उण्डखा तथा गिडा तहसील क्षेत्र में सन्तरा, रिडियातालर, कुम्पलिया एवं सवाऊ मूलराज ग्राम में चारा डिपों खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

33 स्थानों पर खुलेंगे पशु शिविर, 5765 पशुओं का हो सकेगा संरक्षण

बाड़मेर, 16 जून। जिले में बायतु, बाडमेर, गडरारोड़, रामसर एवं गिडा़ तहसील क्षेत्रों में अभावग्रस्त गांवों में पशुधन के संरक्षण के लिए 33 स्थानों पर पशुशिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।

जिला कलक्टर (सहायता) लोक बन्धु ने बताया कि संवत् 2078 में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में लघु एवं सीमान्त कृषकों द्वारा अभाव अवधि के दौरान छोडे गये पशुओं के संरक्षण के लिए बायतु, बाडमेर, गडरारोड़, रामसर एवं गिड़ा तहसील क्षेत्रों में कुल 33 स्थानों पर पशु शिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन पशु शिविरों में 4755 बड़े एवं 1010 छोटे पशुओं सहित कुल 5765 पशुओं का संरक्षण हो सकेगा। उन्होने बताया कि बायतु तहसील क्षेत्र में ग्राम महिगोणी मूढ़ों की ढाणी, अकदड़ा एवं मीठिया तला, बाड़मेर तहसील क्षेत्र में प्रजापतों की ढाणी, विश्वकर्मा बस्ती एवं कमलसिंहपुरा, गडरारोड़ तहसील क्षेत्र में राणासर, रामसर तहसील क्षेत्र में बने की बस्ती, लकडियाली, सज्जन का पार, शोभदार की बस्ती, मेकनवाला, बुकड़ी एवं मंदरूप का तला तथा गिड़ा तहसील क्षेत्र में कसुम्बला भाटियान, कसुम्बला हरचन्द, माताजी की भाखरी, सन्तरा, केराला, सुजाणियों की ढाणी, कानोड़, रिडिया रामदेव नगर, डेरी नाडी, धोलू, चक सन्तरा, झूण्ड, झूण्ड दक्षिण, करनेतों का खेडा, चक सियागों की ढाणी, रिडियातालर, चक लोपली एवं रिडिया भाखरी ग्राम में पशु शिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

बजरी के अवैध खनन की धरकपड़

गुरूवार को आकस्मिक चैकिंग में पांच डम्पर जब्त

बाड़मेर, 16 जून। अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पैट्रोलियम विभाग सुबोध अग्रवाल, जिला कलक्टर लोकबन्धु, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अधीक्षण खनि अभियंता, जोधपुर धर्मेन्द्र लोहार के निर्देशानुसार पुलिस विभाग के जिला विशेष दल (डी.एस.टी) एवं खनिज विभाग की सयुक्त टीमों द्वारा गुरूवार को प्रातः आकस्मिक चौंकिग के दौरान तहसील सिणधरी क्षैत्र में खनिज बजरी के अवैध खनन/निर्गमन/भण्डारण की छापामारी करते हुए खनिज बजरी के अवैध परिवहन में लिप्त पाये जाने पर पॉच डम्परों को जब्त किया जाकर एक डम्पर पुलिस थाना सिणधरी तथा 4 डम्पर पुलिस चौकी पायॅला कल्ला की सुपुर्दगी में दिया गया।
खनि अभियन्ता भगवानसिंह ने बताया कि 15 मई से 14 जून तक राज्य स्तरीय अवैध खनन के सयुंक्त अभियान के दौरान विभिन्न खनिजों के अवैध खनन/निर्गमन/भण्डारण के कुुल 49 प्रकरण बनाकर पेनेल्टी मय कम्पाउड व एनजीटी फीस की कुल राशि रू 64.55 लाख वसूल किये गये तथा  5 एफआईआर संबंधित पुलिस थानों में दर्ज की गई। अवैध खनन/निर्गमन/भण्डारण के विरुद्ध आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।
-0-

बीमित परिवार को 05 लाख तक का बीमा कवर होगा उपलब्ध

 मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना

बाड़मेर, 16 जून। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्यि बीमा योजना में बीमित परिवारों को दुर्घटना के कारण होने वाली मृत्यु अथवा पूर्ण स्थायी अपंगता की स्थिति में आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से माननीय राजयपाल महोदय द्वारा एक मई, 2022 से मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना लागू की गई है, जिसका क्रियान्वयन राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग द्वारा किया जा रहा है।
राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के उप निदेशक गिरधारीराम गोदारा ने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत दुर्घटना में हुई क्षति का आशय किसी भी ऐसी शारीरिक चोट से हे जो किसी बाह्य, हिंसात्मक एवं दृश्य माध्यम द्वारा लगी हो। शारीरिक चोट संदर्भित दुर्घटना से ही उत्पन्न हुई होनी चाहिए एवं दुर्घटना से पूर्व अस्तित्व में नहीं होनी चाहिए। मृत्यु/क्षति का सीधा संबंध दुर्घटना से होने पर ही योजना के तहत भुगतान देय होगा। उन्होने बताया कि मुख्य रूप से बीमात परिवार के किसी सदस्य की सड़क दुर्घटना, ऊंचाई से गिरने, मकान के ढहने, डूबने, रासायनिक द्रव्यों के छिड़काव के कारण, बिजली के झटके, जलने में होने वाली मृत्यु/क्षति होने अथवा दुर्घटना के कारण पॉलिसी में उल्लेखित स्थायी पूर्ण क्षति होने की स्थिति में बीमात परिवार के किसी भी सदस्य द्वारा दुर्घटना दिनांक से 30 दिवस के भीतर ऑनलाईन पोर्टल पर दावा प्रपत्र की पूर्ति की जाएगी। इस योजना के तहत प्रत्येक बीमित परिवार को 05 लाख तक का बीमा कवर उपलब्ध करवाया गया है।
-0-

वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2022, आवेदन की अवधि 10 जुलाई, 2022 तक

बाड़मेर, 16 जून। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2022-23 के अनुसार वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2022 में इस वर्ष 20 हजार वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न तीर्थो की राजकीय व्यय पर यात्रा करवायी जाएगी जिसमें रेल द्वारा 18 हजार एवं हवाई जहाज द्वारा 2 हजार यात्री शामिल है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि आयुक्त देवस्थान विभाग राजस्थान उदयपुर की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा हेतु आवेदन की अवधि 16 जून से 10 जुलाई, 2022 तक निर्धारित की गई है।  
रेल यात्रा हेतु तीर्थ स्थान
उन्होने बताया कि रेल यात्रा हेतु रामेश्वरम्-मदुरई, जगन्नाथपुरी, तिरूपति, द्वारकापुरी-सोमनाथ, वैष्णोदेवी-अमृतसर, प्रयागराज-वाराणसी, मथुरा-वृदावन, सम्मेदशिखर-पावापुरी, उज्जैन-ऑकारेश्वर, गंगासागर(कोलकता) कामाख्या (गुवाहटी) हरिद्वार-ऋषिकेश, बिहार शरीफ एवं वेलनकानी चर्च (तमिलनाडू)
तीर्थ यात्रा हेतु पात्रता
राजस्थान का मूल निवासी हो एवं 60 वर्ष से अधिक आयु का हो (60 वर्ष आयु की गणना 1 अप्रेल, 2022 को आधार मान कर कीे जाएगी। अर्थात आवेदक का जन्म 01 अप्रेल 1962 से पूर्व का हो। आवेदक आयकर दाता न हो। आवेदक द्वारा पूर्व में देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का लाभ न उठाया गया हो। इस योजना के अन्तर्गत पूर्व में यात्रा न किये जाने संबंधी आश्यक का स्व.घोषणा पत्र यात्री को देना होगा। यदि किसी भी समय यह पाया गया कि यात्री द्वारा इस शर्त का उल्लंघन किया गया है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। भिक्षावृति पर जीवन यापन करने वाले योजना के पात्र नहीं होंगे। यात्रा हेतु शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम हो और किसी संक्रामण रोग यथा टीबी कांजेस्टिव कार्डियक, श्वास में अवरोध संबंधी बीमारी, अपर्याप्तता, मानसिक व्याधि, संक्रामक कुष्ठ आदि से ग्रसित न हो। यात्री के कोविड-19 टीकाकरण की दोनों डोज लगा होना स्वास्यि की दृष्टि से उपयुक्त होगा। वरिष्ठ नागरिक को आवेदन पत्र के साथ चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस आश्यय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि वह व्यक्ति प्रस्तावित यात्रा हेतु शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्षम है यह प्रमाण पत्र आवेदन पत्र भरते समय अपलोड किया जाना है। जिन आवेदकों द्वारा विगत वर्षो में उक्त योजना के अन्तर्गत आवेदन तो किया है, किन्तु उनका नम्बर उक्त योजना में यात्रा हेतु चयन नहीं हुआ है, वे आवेदन करने के पात्र होंगे। यदि आवेदक की आयु 70 वर्ष से अधिक है तथा जीवनसाथी साथ में यात्रा नहीं कर रहा है तो वह अन्य व्यक्ति को सहायक के रूप में ले जा सकता है। वे आवेदक जो विगत वर्षो में लॉटरी में चयनित हो चुके थे लेकिन यात्रा के लिए आमंत्रित किये जाने के बाद भी उनके द्वारा यात्रा सम्पन्न नहीं की गई, ऐसे पूर्व आवेदक भी इस योजना में पात्र नहीं होंगे।
आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन देवस्थान विभाग की वेबसाईट https://devsthan.rajasthan.gov.in हिन्दी में देवस्थान डिपार्टमेन्ट राजस्थान में उपलब्ध लिंक के माध्यम से अथवा सीधे evevasthan.rajasthan.gov.in पर जाकर केवल ऑनलाईन ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन स्वयं या कम्प्यूटर जानकार की मदद से भरा जा सकता है। आवेदक व उसके साथ जाने वाले सहायक अथवा पति-पत्नि दोनों के पास जनआधार कार्ड अवश्य होना चाहिए। आवेदन पत्र में अपनी पसन्द के तीन तीर्थ स्थल वरीयता क्रम में अंकित किये जाए। आवेदकों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पूर्व ही जनआधार हेतु पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कर ले। इससे आवेदक को फोटो व दस्तावेज अपलोड करने व अन्य विवरण भरने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
यात्रियों का चयन जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय कमेटी द्वारा लॉटरी से किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची जिला कलक्टर कार्यालय तथा देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय व वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।
-0-

जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक

बाड़मेर, 16 जून। जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने सतर्कता समिति के समक्ष विचाराधीन प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार प्रगति समीक्षा पश्चात् कहा कि सतर्कता समिति में प्राप्त प्रकरणों को गम्भीरता से लेते हुए प्रत्येक प्रकरण पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही करते हुए आगामी बैठक से पूर्व जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने जन सुनवाई में आए परिवादियों की विभिन्न मुद्दों से जुडी परिवेदनाओं को धैर्य के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारिचपों को त्वरित कार्यवाही कर परिवादियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि उपखण्ड स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की जॉच करवाकर उपखण्ड स्तर से समाधान योग्य समस्याओं का वहीं निस्तारण करें ताकि परिवादियों को जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े। जन सुनवाई के दौरान बाड़मेर निवासी मांगीलाल पुत्र चिमनीराम द्वारा पत्रावली सं0 487/2021 में मांगीलाल के नाम पट्टा जारी करने, पोटलियासर निवासी मोटाराम द्वारा टांका निर्माण कार्य पुनः शुरू करवाने, आसोतरा निवासी वगताराम द्वारा खातेदारी भूमि के आगे से चल रही सड़क पर से अतिक्रमण हटवाकर रास्ता खुलवाने, बालोतरा निवासी सतीश द्वारा सुनवाई का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत सुनवाई कर समस्या का समाधान करने, भोमासर निवासी चुतरसिंह द्वारा कृषि भूमि के बदले गैर मुमकीन पहाड़ी भूमि आवंटित कराने, शिवपुरा निवासी गोपाराम द्वारा वाहन चालक के कार्य से मुक्त कर आगार में किसी अन्य कार्य में डयूटी लगाने, खण्डप निवासी हरीसिंह द्वारा घर के आगे नाली निर्माण कराने, बाड़मेर ग्रामीण निवासी राणीदान द्वारा पानी की पाईप लाईन बिछाने, बाड़मेर निवासी चेतनराज द्वारा मुकदमों की जांच व निस्तारण न होने, पांधी का पार निवासी रणजीताराम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति ठप होने, बाड़मेर निवासी प्रदीप कुमार द्वारा आदेश की पालना कराने, उदरमाणियों की ढाणी निवासी चूनाराम द्वारा खसरा नम्बर 319, 708/341 की नेखमबंदी कराने, भादरेश निवासी भोजाराम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रखने, सिणघरी चारणान निवासी चिमाराम द्वारा टांके का बकाया भुगतान दिलाने, रतकुडिया निवासी रूगाराम द्वारा सरकारी रास्ता खुलवाने, कानोड़ निवासी पृथ्वीसिंह द्वारा अतिक्रमण हटाने, डाबलीनाडी निवासी टीकाराम द्वारा विभागीय जांच निस्तारण कराने, बाड़मेर निवासी जितेन्द्रसिंह द्वारा मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही कराने समेत विभिन्न समस्याओं से जुडे़ 48 प्रकरण प्राप्त हुए जिनमें कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्व्तारण किया गया तथा अन्य प्रकरणों में विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह भाटी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-







लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...