बुधवार, 9 मार्च 2022

जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक स्थगित

बाड़मेर, 09 मार्च। दिनांक 10 मार्च को निर्धारित जिला यातायता प्रबन्धन समिति एवं सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक स्थगित कर दी गई है।

जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने बताया कि जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 10 मार्च को सायं 4 बजे निर्धारित जिला यातायता प्रबन्धन समिति एवं सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।

-0-


पीआईबी की क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन गुरुवार 10 मार्च को

बाड़मेर, 09 मार्च। भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय, जोधपुर की ओर से होटल कलिंगा पैलेस, बाड़मेर में गुरुवार को क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में बाड़मेर तथा जिले के अन्य कस्बों में कार्यरत 60 से अधिक मीडियाकर्मी भाग लेंगे।

  इस वार्तालाप का उद्देश्य, क्षेत्रीय मीडिया के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर, जिला स्तर पर कार्य कर रहे पत्रकारों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और सम-सामयिक विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी देना है ताकि वे अपने प्रचार माध्यम से लोगों को जागरूक कर सकें।  
जिला कलेक्टर श्री लोक बंधु प्रातः 10.00 बजे इस कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। जिला कलेक्टर श्री बंधु उद्घाटन सत्र में बाड़मेर में फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की जानकारी देंगे। इसी सत्र में बीएसएफ के डीआईजी श्री विनीत कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर के उपनिदेशक श्री पवन सिंह फौजदार कार्यालय की गतिविधियों का ब्यौरा देने के साथ ही “वार्तालाप” के उद्देश्यों पर प्रस्तुतीकरण देंगे।
कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों में केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा दी जाएगी।
  कार्यशाला के अंतिम तकनीकी सत्र में पत्र सूचना कार्यालय, जोधपुर द्वारा फीडबैक संकलन किया जाएगा।
-0-

भार वाहनों के कर जमा कराने की अन्तिम तिथि 15 मार्च

बकाया कर जमा नहीं कराने पर होगी वाहनों की धरपकड़

बाड़मेर, 09 मार्च। जिले में संचालित यात्री एवं भार वाहनों के बकाया कर जमा कराने की अन्तिम तिथि 15 मार्च निर्धारित की गई है। बकाया कर जमा नहीं कराने पर वाहनों की धरपकड़ कीे जाएगी।
जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने बताया कि जिले में संचालित यात्री एवं भार वाहनों के बकाया कर वसूली के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए तीन उड़नदस्तों का गठन किया गया है जो 24 घण्टे गश्त पर रहेंगे। अभियान के दौरान बकाया कर वाले वाहनों की मौके पर ही जब्ती की कार्यवाही की जाएगी। कर जमा कराने की अन्तिम तिथि 15 मार्च है। उन्होने बताया कि कर वसूली के लिए परिवहन कार्यालय होली एवं धुलण्डी को छोड़कर अन्य अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जारी एमनेस्टी योजना के तहत 31 मार्च तक पुराना बकाया कर जमा कराने पर ब्याज एवं पैनल्टी राशि पर शत प्रतिशत छूट दी गई है। इसके अतिरिक्त खनन विभाग से प्राप्त ई रवना के चालानों पर भी 75 प्रतिशत तक की छूट दी गई है।
-0-

सीमावर्ती गांवों में रात्रिकालीन विचरण प्रतिबंधित

बाडमेर, 09 मार्च। जिला मजिस्टेªट लोक बंधु ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत बाडमेर जिले मे भारत पाक अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर भारत के अन्दर की ओर दो किलोमीटर क्षेत्र में रात्रिकालीन विचरण पर प्रतिबन्ध लगा दिया है।

जिला मजिस्टेªट द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रात्रिकालीन प्रतिबन्ध बाडमेर जिले में भारत पाक सीमा से लगते हुए दो किलोमीटर क्षेत्र के समस्त ग्रामों में लागू होगा।
प्रतिबन्ध वाले गांव
बूठिया, जुमा फकीर की बस्ती, तालब का पार, सजन का पार, सून्दरा, पांचला, हमीराणी, मोती की बेरी, रोहिडी, सगोरालिया, मुनाबाव, अकली, मालाणा, छोटी खडीन, मखन का पार, अमी का पार, तामलोर, त्रिमोही, गडरारोड, केरला, पदमडा, रिछयाली, बाडमेरों का पार, सजनाणी, नारे का पार, केरकोरी, पादरिया, पीरे का पार, पांधी का पार, लकडियाली, बनों की बस्ती, लधे का पार, तालब का पार, चान्दाणियों का पार, झैलून, बिन्दुसियाणी, कबूल की ढाणी, सजन का पार, कुम्हारों का टीबा, रासबानी, राठौडों का तला, माधुरी का तला, भभूते की ढाणी, भीलों का तला, सादुलाणियों की गफन, हेजम का तला, उम्मेदपुरा, कल्याणपुरा, केलनोर, समेलों का तला, मीठडाऊ, मीये का तला, जाटों का बेरा, बरवाल, देहवा, लालपुर, ब्राहमणों की ढाणी, रेलिया, सोमराड, बसिये का तला, जानपालिया, सराईयों का तला, दीपला, सारला, समोते का पार, शोभाला जेतमाल, हुरों का तला, तालसर, हुसैन का तला, रडवा, सुजों का निवाण उर्फ मेगे की बेरी, नवातला, बाखासर, सरूपे का तला, आग्निशाह की ढाणी, सैयद मौज अली का तला, कृष्ण का तला, रते का तला, भाडा, एकल, रामपुरा, हाथला, बछवाल, भलगाव सम्मिलित है।
प्रतिबन्धित समय
जिला मजिस्टेªट के आदेश के अनुसार इन गांवों में सायं 7 बजे से प्रातः 6 बजे तक बिना वैद्य अनुमति के आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। अनुमति समीपस्थ की बीएसएफ चौकी से प्राप्त की जा सकती है। जिले में भारत-पाक सीमा से लगते हुए उक्त वर्णित 2 किलोमीटर क्षेत्र में प्रवेश व विचरण करने वाले समस्त व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे उक्त प्रतिबन्धित क्षेत्र में रात्रि के समय सक्षम अधिकारी की वैद्य अनुमति के बिना गमनागमन अथवा विचरण नहीं करें। आदेश का उल्लंधन करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध दण्ड प्रक्रिया संहिता के तहत कडी कार्यवाही की जायेगी।
इनको रहेगी छूट
   जिला मजिस्टेªट के आदेश के अनुसार समस्त कार्यपालक मजिस्टेªट, पुलिस, सीमा सुरक्षा बल एवं अन्य ऐजेन्सियों के अधिकारियों कर्मचारियोंजो अवांछित गतिविधियों की रोकथाम तथा कानून एवं व्यवस्था की डयूटी के लिए उक्त क्षेत्रों में उक्त समय के लिये तैनाती पर है, पर प्रभावी नहीं होगा। उक्त आदेश आगामी दो माह के लिये प्रभावी होगा।
-0-

पाक सिम पर प्रतिबन्ध जिला मजिस्टेªट ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से जारी किया आदेश

बाडमेर, 09 मार्च। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलक्टर लोक बंधु ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तानी लोकल सिम के उपयोग पर प्रतिबन्ध लगाते हुए ऐसा करते पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी है।

जिला मजिस्टेªट ने बताया कि बाड़मेर जिले से लगने वाली अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी इलाके में लगे मोबाईल टावरों का नेटवर्क भारतीय सीमा के करीब 3-4 किलोमीटर अन्दर तक आ रहा है, ऐसे में पाकिस्तानी लोकल सिम से पाकिस्तानी नेटवर्क के जरिये आसानी से सम्पर्क होने की आशंका को देखते हुए धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 के अन्तर्गत पाकिस्तानी सिम के उपयोग पर प्रतिबन्ध लगाया गया है। आदेश के अनुसार बाडमेर जिले मे किसी भी क्षेत्र जहां से पाकिस्तानी लोकल सिम से पाकिस्तानी नेटवर्क के द्वारा सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है, मे कोई भी व्यक्ति पाकिस्तानी लोकल सिम का उपयोग नहीं करेगा। साथ ही किसी भी व्यक्ति को ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आदेश का उल्लंधन करते पाए जाने पर व्यक्ति के विरूद्ध कानूनी प्रावधानों के अनुसार कडी कार्यवाही की जाएगी।
-0-

होली पर कानून व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंध

रंगे भरे गुब्बारे फेंकने एवं धार्मिक स्थानों पर रंग डालने की मनाही

बाडमेर, 09 मार्च। जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु ने होली एवं धुलण्डी के त्यौहार के दौरान  साम्प्रदायिक सद्भावना तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा जारी कर दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अन्तर्गत प्रावधानों एवं प्रतिबन्धों को लागू किया है।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में किसी भी सम्प्रदाय का कोई भी व्यक्ति ऐसे ऑडियो कैसेट्स आदि नहीं चलाएगा और न ही ऐसे नारे लगाएगा, जिससे अन्य सम्प्रदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुचती हो। कोई भी व्यक्ति रंग इस तरह से नहीं खेलेंगे, जिससे किसी दूसरे सम्प्रदाय की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचती हो एवं किसी धार्मिक स्थान, दुकान पर रंग, गुलाल, गुब्बारे आदि नहीं फेकेंगे और न ही किसी अन्य को ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे। रंग भरे गुब्बारे, घातक रसायन, धूल, कीचड, ऑयल पेन्ट आदि का उपयोग नहीं करेंगे एवं रंग खेलने के लिए अनिच्छुक व्यक्ति को न तो रंग लगायेंगे एवं न ही उन पर रंग फेंकेगे। इसी प्रकार किसी व्यक्ति या उनके वाहनों पर उनकी अनिच्छा के होते हुए इस प्रकार से रंग इत्यादि नहीं डाले जाएंगे, जिससे उनकी साम्प्रदायिक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहंुचती हो। कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार के आग्नेय शस्त्र जैसे रिवाल्वर, पिस्टल, राइफल, बन्दूक एवं एम.एन.गन आदि तथा तेज धारदार हथियार, लाठी, स्टीक इत्यादि साथ लेकर सार्वजनिक स्थानों पर नहीं घूमेगा एवं न ही सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन करेगा। इसी तरह कोई भी व्यक्ति किसी भी सार्वजनिक स्थान पर मदिरा का सेवन नहीं करेगा न ही किसी को सेवन करवायेगा तथा अधिकृत विक्रेताओं को छोडकर कोई भी व्यक्ति निजी उपयोग के कारण छोडकर किसी अन्य उपयोग हेतु सार्वजनिक स्थलों मे से मदिरा आवागमन नहीं करेगा।
यह आदेश 12 मार्च को रात्रि 12 बजे से लागू होगा जो 25 मार्च 2022 की रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश समस्त कार्यपालक मजिस्ट्रेट, पुलिस, सीमा सुरक्षा बल एवं अन्य एजेन्सियों के अधिकारियों, कर्मचारियों पर जो कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा अवांछनीय गतिविधियों की रोकथाम एवं व्यवस्था की डयूटी के लिए उक्त क्षेत्र में उक्त समय के लिये तैनाती पर नियुक्त किये गए है, पर प्रभावी नहीं होगा।
-0-

मंगलवार, 8 मार्च 2022

लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ जन आधार से मिलेंगे

बाड़मेर, 08 मार्च। राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं यथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, प्री और उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजना, अनुप्रति योजना, निर्माण श्रमिक कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ जन आधार योजना के माध्यम से ही मिल सकेंगे।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि राजस्थान जन आधार प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभ जन आधार कार्ड के माध्यम से दिए जाने की बजट घोषणा की क्रियान्विति के लिए जिन एनएफएसए राशन कार्ड धारी सदस्यों का नामांकन होना शेष था, उनके जन आधार नामांकन हेतु अभियान चलाया गया था लेकिन जिले में नॉन एनएफएसए राशन कार्ड धारी परिवारों जिन्हें राशन नहीं मिल रहा है अथवा उन परिवारों के सदस्यों का भी जन आधार योजनान्तर्गत नामांकन शत प्रतिशत करवाया जाना आवश्यक है। जन आधार नामांकन के बिना उन परिवारों एवं सदस्यों को भी राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।
जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी नागरिक का जन आधार नामांकन बकाया है, वे तत्काल अपने नजदीकी ई मित्र केन्द्र पर जाकर अपना जन आधार नामांकन करवावे ताकि भविष्य में राज्य सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त हो सकें।
-0-

थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 08 मार्च। थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस समारोह 2022 को भव्य रूप से आयोजित कराने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बाड़मेर को नोडल अधिकारी नियुक्त कर अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की आयोजन समिति का गठन किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि आयोजन समिति द्वारा थार महोत्सव के कार्यक्रमों का निर्धारण, कार्यक्रम स्थलों का चयन, कार्यक्रम की तिथि एवं समय का निर्धारण, कलाकारों को आमन्त्रित करने एवं थार महोत्सव के व्यय का आंकलन, वित्त व्यवस्था, विभिन्न शिल्प कला, हैण्डीक्राफ्ट की प्रदर्शनी/मेले की व्यवस्था, मेले के दौरान प्रदर्शनी स्थल का चयन, कलाकारों का प्रदर्शन हेतु चयन एवं आमंत्रित करनेतथा मैन ऑन वर्क आदि की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होने बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बाड़मेर उक्त आयोजन के ऑवर ऑल इन्चार्ज होंगे। उक्त आयोजन समिति को आवंटित कार्यो के संबंध में तैयारियों की समय-समय पर बैठकों का आयोजन कर प्रस्तावित थार महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने एवं तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट 15 मार्च को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। साथ ही उक्त आयोजन समिति के नोडल अधिकारी अपने स्तर पर इच्छुक गणमान्य नागरिकों/समाजों के सदस्यों को जोड़ सकेंगे तथा उनसे सुझाव लेने के लिये स्वतंत्र रहेंगे। इसी प्रकार समस्त उपखण्ड अधिकारी उक्त आयोजन के मध्यनजर उपखण्ड स्तर पर थार महोत्सव के परिपेक्ष्य में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के निर्धारण/आयोजन के संबंध में उपखण्ड स्तर पर संबंधित अधिकारियों, संस्थाओं, कलाकारों के साथ बैठक करते हुए कार्यक्रमों को आयोजित करना सुनिश्चित करेंगे ताकि थार महोत्सव के आयोजन के साथ उपखण्ड स्तर के कलाकारों एवं आमजन की भी भागीदारी सुनिश्चित हो सकें।
-0-

15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक 21 को

बाड़मेर, 08 मार्च। प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम वर्ष 2021-22 के लिये आवंटित लक्ष्यों के विरूद्ध माह फरवरी, 2022 तक अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 21 मार्च को सांय 5 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमीन खान ने बताया कि उक्त बैठक में माह फरवरी, 22 तक अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा के साथ वर्ष 2022-23 के लिए बहु क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत कलस्टर बनाने के प्रस्तावों पर चर्चा कर प्रस्ताव अनुमोदित किए जाएंगे।
-0-

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय समारोह

आर्थिक उन्नयन से ही महिला सशक्तिकरण संभव

बाड़मेर, 08 मार्च। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय समारोह मंगलवार को भगवान महावीर टाऊन हॉल में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर लोक बंधु द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। समारोह के  अध्यक्ष जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, विशिष्ठ अतिथि नगर परिषद सभापति दिलीप माली, जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर रोहित चौहान, सीएसआर हैड केयर्न वेदान्ता ऑयल एण्ड गैस लिमिटेड श्रीमती हरमीत सेहरा, श्योर संस्थान से सुश्री लता कच्छवाह उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर लोक बन्धु ने अपने सम्बोधन में कहा कि आर्थिक उन्नयन से ही महिला सशक्तिकरण संभव हो सकेगा। उन्होने महिलाओं को कौशल के जरिये आत्मनिर्भर बनने को कहा। उन्होने कहा कि बाड़मेर जिलेे को कुपोषण एवं एनिमिया मुक्त बनाना है। जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का महिलाएं अधिक से अधिक लाभ उठाऐं। उन्होने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लेने पर खुशी जताते हुए कहा कि मुझे बहुत अच्छा लगा। नगर परिषद सभापति  दिलिप माली ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की समस्त महिलाओं को शुभकामनाएं दी। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी एवं बताया कि महिलाऐं अधिक से अधिक पुलिस सखी बनें।
कार्यक्रम में इन्दिरा महिला प्रोत्साहन एवं सम्मान पुरस्कार अन्तर्गत श्रेष्ठ सीएसआर गतिविधि  हेतु वेदान्ता केयर्न ऑयल एण्ड गैस लिमिटेड प्रतिनिधि श्रीमती हरमीत सेहरा को मोमेन्टो, प्रशस्ति पत्र एवं दुशाला, महिला एवं बाल विकास कर्मी साथिन श्रीमती श्रवणी ग्राम पंचायत भैरूड़ी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पीपली को राशि रू. 11000/-, मोमेन्टो, प्रशस्ति पत्र, संस्थागत श्रेणी में सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकॉनोमी बाड़मेर की प्रतिनिधि सुश्री लता कच्छवाह को राशि रू. 7500/- दुशाला, मोमेन्टो, प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग में 48 मानदेय कर्मियों यथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहयोगिनी को माता यशोदा पुरस्कार से राशि रू. 5100, 2100, 2100 प्रमाण पत्र, मोमेन्टो से पुरस्कृत किया गया तथा राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी 2022 के अवसर पर आयोजित निबन्ध/स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त बालिकाओं को बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजनान्तर्गत राशि रू. 1100/- का चैक देकर प्रोत्साहित किया गया।  विभिन्न स्वयं सेवी संस्था, कार्यालय कर्मी आदि को उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विभाग के सीडीपीओं, सुपरवाईजर एवं विभागीय कर्मचारियों ने भाग लिया।
    अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर कुल 700 महिलाओं ने भाग लिया।  कार्यक्रम में वर्ल्ड विजन इंडिया, वेदान्ता केयर्न ऑयल एण्ड गैस लिमिटेड का सहयोग रहा। मंच संचालन मुकेश पचौरी एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा किया गया। अंत में महिला अधिकारिता के उपनिदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
-0-









सोमवार, 7 मार्च 2022

महिला दिवस पर रोडवेज में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था

बाड़मेर, 07 मार्च। राज्य सरकार के निर्देशानुसार महिला दिवस के उपलक्ष में मंगलवार 08 मार्च को (केवल एक दिन) विभिन्न मार्गो पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की राज्य की सीमा में संचालित समस्त समस्त एवं दुतगामी बसों (वातानुकूलित एवं वोल्वों के अतिरिक्त) में महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी।

मुख्य प्रबन्धक बाड़मेर आगार उमेश नागर ने बताया कि 08 मार्च को बाड़मेर आगार से संचालित सभी साधारण एवं दुतगामी वाहनों में समस्त महिलाओ/बालिकाओं को निःशुल्क यात्रा करवाई जायेगी। उन्होने बताया कि इसके अतिरिक्त बाड़मेर आगार से जयपुर, जालोर, सिरोही, अजमेर एवं चौहटन मार्ग पर अतिरिक्त वाहनों का संचालन किया जाएगा। उन्होने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा के दौरान मास्क का आवश्यक रूप से प्रयोग करे।
उन्होने बताया कि बाड़मेर आगार द्वारा 08 मार्च को श्री वृद्धिचन्द जैन केन्द्रीय बस स्टेण्ड से प्रातः 4 बजे बाड़मेर से जयपुर (वाया बायतु, बालोतरा, पचपदरा, ब्यावर), प्रातः 5 बजे बाड़मेर से अजमेर (वाया बायतु, बालोतरा, पचपदरा, व्यावर) प्रातः 7.30 बजे बाड़मेर से सिरोही (वाया सिणधरी, जालोर), प्रातः 7.30 बजे बाड़मेर से शिव (वाया भाड़खा), प्रातः 8.15 बजे बाड़मेर से सिणधरी (वाया रावतसर), दोपहर 2.30 बजे बाड़मेर से जालोर (वाया सिणधरी, जालोर), सायं 7.30 बजे बाड़मेर से चौहटन (वाया रड़वा) तथा सायं 8 बजे बाड़मेर से जोधपुर (वाया पचपदरा नॉन स्टॉप) अतिरिक्त मातृ शक्ति स्पेशल निःशुल्क सेवा संचालित होगी। उन्होने बताया कि बाड़मेर से जोधपुर वाया बायतु, बालोतरा मार्ग पर प्रातः 5 बजे से सायं 7 बजे तक प्रति 20 मिनट की अंतराल से संचालित रहेगी।
-0-

सोमवार को हुआ पैडमेन फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन

बाडमेर, 07 मार्च। सोमवार को निदेशालय के निर्देशानुसार सम्पूर्ण बाड़मेर जिले में पैडमेन फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने बताया कि जिला स्तर पर स्थानीय भगवान महावीर टाऊन हॉल में महाविद्यालय एवं अन्तरीदेवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क पैडमेन फिल्म दिखाई गई तथा ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर पर वीसी सेटअप के माध्यम से पैडमेन फिल्म का प्रदर्शन किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत साथिन, आंगनवाड़ी मानदेय कर्मियों एवं स्थानीय महिलाओं/किशोरी बालिकाओं द्वारा उक्त फिल्म को देखा गया।
उन्होने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्य समारोह मंगलवार 08 मार्च का दोपहर 12 बजे स्थानीय भगवान महावीर टाऊन हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें माता यशोदा पुरस्कार, इन्दिरा महिला सम्मान एवं प्रोत्साहन योजना 2021-22 के अन्तर्गत पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
-0-



जिला कलक्टर ने की फ्लैगशिप स्कीम की समीक्षा

योजनाओं के क्रिन्यायवन में अव्वल रहें जिला

बाड़मेर, 07 मार्च। जिला कलक्टर लोक बंधु ने सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर पात्र अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।
इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रत्येक फ्लैगशिप योजना पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अपने जनहित से जुड़े कामों की प्राथमिकता तय करने के बाद में विभिन्न योजनाओं को फ्लैगशिप घोषित कर उसे रोल मॉडल के रूप में क्रियान्वित करती हैं। इन योजनाओं से लोगों के व्यापक हित के मध्य नजर इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता से संचालित करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना, निरोगी राजस्थान, शुद्ध के लिए के लिए युद्ध अभियान, महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय, मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, जन आधार कार्ड योजना, मुख्यमंत्री युवा संबल योजना, मुख्यमंत्री एकलनारी योजना, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना आदि फ्लैगशिप योजना के लक्ष्य हर हाल में पूरे करके गुणात्मक परिणाम देने के लिए संबंधित विभागो को पाबंद किया।
    जिला कलेक्टर ने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत सेम्पलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही इसका दायरा बढ़ा कर जिले के दूरस्थ स्थानों से भी औचक निरीक्षण कर सेम्पलिंग करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना की समीक्षा के दौरान बाहरी की दवा लिखने को गम्भीरता से लेते हुए हर हाल में दवाओ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में रजिस्टेªशन की प्रगति, निःशुल्क दवा एवं जॉच योजना की प्रगति, डोर टू डोर सर्वे की प्रगति, जन आधार रजिस्टेªशन की प्रगति की समीक्षा की तथा एसडीआरएफ से कोरोना सहायता दिए जाने के बकाया प्रकरणों को ऑनलाईन करवाकर शीध्र सहायता राशि दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होने मुख्यमंत्री कोरोना सहायता के बकाया प्रकरणों का शीध्र निस्तारण करने को कहा।
  बैठक में उन्होने सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स के भौतिक सत्यापन, राशनकार्ड से जनाधार सीडिंग करने, सिलिकोसिस के प्रकरणों के बकाया प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर इनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होने अधिकारियों को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की तथा जन समस्याओं का समयबद्ध रूप से गुणवतापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने सम्पर्क पोर्टल पर छः माह से अधिक पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा पैण्डिंग प्रकरणों का संवेदना के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।
 इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने हर फ्लैग शिप योजना की जानकारी दी।
-0-          







शुक्रवार, 4 मार्च 2022

28 से 30 मार्च तक जीवंत होगी बाढ़ाणा की लोक संस्कृति

राजस्थान दिवस से एकाकार होगा थार महोत्सव

बाडमेर, 04 मार्च। जिले की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प एवं पर्यटन को बढावा देने के उदृेश्य से तीन दिवसीय थार महोत्सव का आयोजन राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों को जोड़ते हुए 28 से 30 मार्च तक किया जाएगा। इस दौरान तीन दिन तक बाड़मेर की लोककला एवं संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  जिला कलक्टर लोक बंधु ने रोचक एवं भव्य महोत्सव के आयोजन के लिए अधिकाधिक आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। वह शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में कार्यक्रमों के निर्धारण के लिये आयोजित बैठक में समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान जिले के पर्यटन व्यवसायियों, होटल कारोबारियो, पर्यटन विशेषज्ञों तथा कला मर्मज्ञों से सामूहिक चर्चा तथा वैचारिक आदान-प्रदान कर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का निर्धारण किया गया।
    इस मौके पर जिला कलक्टर ने बताया कि थार महोत्सव एवं राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों का आगाज 28 मार्च को प्रातः 8 बजे आकर्षक शोभा यात्रा के साथ किया जाएगा। गांधी चौक से आदर्श स्टेडियम तक आयोजित होने वाली शोभा यात्रा में सजे धजे ऊंट, घोड़े, कलाकारों के जत्थे, गैर दल सहित मिस्टर एवं मिस थार के प्रतिभागी शामिल होंगे। शोभा यात्रा के आदर्श स्टेडियम पहुंचने पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा जिसमें साफा बांध, ऊॅट सिंगार, ढोल वाहन, गैर नृत्य, मूंछ प्रतियोगिता, रस्सा कसी (महिला/पुरूष) दम्पति दौड़, दादा-पोता दौड, मिस्टर एवं मिस थार सहित विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं शामिल है।
  इसी दिन दोपहर 12 बजे तिलवाड़ा मेें राज्य स्तरीय विख्यात श्री मल्लीनाथ पशुमेले का झंडारोहण किया जाकर सांस्कृतिक आयोजन एवं पशुपालनों से वार्ता होगी। इसी दिन सायं 7 बजे आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी कड़ी में रात्रि 9 बजे आदर्श स्टेडियम में ही कवि सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमें ख्यातनाम कवियों द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा।
  महोत्सव के द्वितीय दिन 29 मार्च को प्रातः 9 बजे स्कूल/कॉलेज विद्यार्थियों के मध्य प्रगति के पथ पर राजस्थान विषयक चित्रकला/रंगोली/मेंहदी प्रतियोगिता, प्रातः 10.30 बजे क्रिकेट प्रतियोगिता एवं प्रातः 11 बजे आदर्श स्टेडियम में राजस्थान विकास, उद्योग, हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। साथ ही दोपहर 12.30 बजे प्रोफेशनल/नॉन प्रोफेशनल गुप्स द्वारा बाडमेर गुढाल रेस्टोरंेट में जायको राजस्थान रो का आयोजन होगा। इसी कडी में सायं 7 बजे शहीद भगतसिंह स्टेडियम बालोतरा में सेलेर्बिटी नाईट तथा रात्रि 8 बजे धोला आकड़ा, बाडमेर में पारम्परिक कलाकारों द्वारा पाबूजी की पड़ का प्रदर्शन किया जाएगा।
महोत्सव के तीसरे दिन 30 मार्च को प्रातः 7.30 बजे गांधी सर्कल-नेहरू नगर-महावीर नगर-उतरलाई तक बाइकर्स रैली, 7.30 बजे बीएसएफ, राजस्थान पुलिस, एयर फोर्स, एनसीसी एवं आमजन द्वारा मैराथन दौड, 9.00 बजे पारम्परिक खेल कबाड्डी/खोखो, 11 बजे युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसी कडी में दोपहर 1 बजे आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में गणगौर, घुडला, मांडणा प्रतियोगिता तथा सायं 7 बजे आदर्श स्टेडियम में ख्यातनाम लोक कलाकारों द्वारा कालबेलिया, घूमर, भवाई, तेरहताली, सूफियाना गायन, लोक गीत एवं भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं आतिशबाजी के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
  जिला कलक्टर लोक बंधु ने सभी कार्यक्रमों के लिए अलग अलग आयोजन समितियो का गठन कर संबंधित अधिकारियों को विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ी सम्पूर्ण व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान राज्य सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं फ्लैगशिप योजनाओं का भी प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए है।
      बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, लेफ्ट. कर्नल मनोज सांगवान, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, कोषाधिकारी जसराज चौहान, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास प्रहलाद सिंह राजपुरोहित, आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया, पुलिस उपाधीक्षक आनन्द सिंह राजपुरोहित समेत विभागीय अधिकारी एवं होटल, पर्यटन व्यवसायी तथा प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहें।
-0-








जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक 10 को

बाड़मेर, 04 मार्च। जिला यातायता प्रबन्धन समिति एवं सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 10 मार्च को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से गत बैठक में दिये गये निर्देशों की पालना रिपोर्ट शीध्र भिजवाने तथा निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
-0-

विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

बाड़मेर, 04 मार्च। शनिवार 5 मार्च को 132 केवी जीएसएस बाडमेर में 33 केवी बायतु, 33 केवी आडेल एवं 33 केवी राजवेस्ट का रख रखाव होने से शनिवार प्रातः 9 से दोपहर 12.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी।

132 केवी जीएसएस बाड़मेर के सहायक अभियन्ता लक्ष्मीश हिरानी ने बताया कि शनिवार 5 मार्च को 132 केवी जीएसएस बाडमेर में 33 केवी बायतु, 33 केवी आडेल एवं 33 केवी राजवेस्ट का रख रखाव होने से शनिवार प्रातः 9 से दोपहर 12.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी।
-0-

गुरुवार, 3 मार्च 2022

फसल खराबे पर मुआवजे के तहत 161 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति

बाड़मेर, 03 मार्च। जिले की बाड़मेर, नोखरा, शिव, धनाऊ, गुडामालानी, सिणधरी, सेड़वा, बायतु, धोरीमना, गिड़ा, कल्याणपुर, रामसर, सिवाना, चौहटन एवं पचपदरा तहसील क्षेत्रों के अभाव संवत 2078 के फसल खराबे से प्रभावित 167060 कृषकों को 1,61,49,35,240 रूपये कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों के प्रभावित कृषकों को अभाव संवत् 2078 में कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने हेतु आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग राजस्थान जयपुर द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार फसल खराबे से प्रभावित 1167060 कृषकों को 1,61,49,35,240 रूपये कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
उन्होने बताया कि 33 से 50, 50 से 75 एवं 75 से 100 प्रतिशत फसल खराबा श्रेणी के बाड़मेर, नोखरा, शिव, धनाऊ, गुडामालानी, समदडी, सिणधरी, सेड़वा, बायतु, धोरीमना, गिड़ा, कल्याणपुर, रामसर, सिवाना, चौहटन, गडरारोड एवं पचपदरा तहसील क्षेत्रों केे 67695 एसएमएफ कृषकों को 360357977 रूपये तथा 33 से 50, 50 से 75 एवं 75 से 100 प्रतिशत फसल खराबा श्रेणी के बाड़मेर, नोखरा, शिव, धनाऊ, गुडामालानी, समदडी, सिणधरी, सेड़वा, बायतु, धोरीमना, गिड़ा, कल्याणपुर, रामसर, सिवाना, चौहटन, गडरारोड़ एवं पचपदरा तहसील क्षेत्रों केे 99365 अदर देन एसएमएफ कृषकों को 1254577263 रूपये कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

राजस्थान दिवस एवं थार महोत्सव 2022 की तैयारियों की बैठक शुक्रवार 4 मार्च को

बाड़मेर, 03 मार्च। जिले में भव्य रूप से राजस्थान दिवस एवं थार महोत्सव 2022 आयोजित करने तथा तिथियों एवं कार्यक्रमों के निर्धारण हेतु जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन शुक्रवार 4 मार्च को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित किया जाएगा।  

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

बुधवार, 2 मार्च 2022

यूक्रेन से लौटे बाड़मेर के प्रथम मेडिकोज अशोक का स्वागत, जिला कलक्टर ने जाने हालात

बाड़मेर, 02 मार्च। यूक्रेन में युद्ध की विषम परिस्थितियों में बाड़मेर जिले के बायतु तहसील के डेलूओं को तला निवासी अशोक कुमार के बाड़मेर पहुंचने पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने उनका साफा पहनाकर स्वागत किया। जिला कलक्टर ने मेडिकल स्टुडेन्ट अशोक कुमार से मुलाकात कर यूक्रेन की युद्ध परिस्थिति के हालात जाने।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि मेडिकल स्टुडेन्ट अशोक कुमार के जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से विकास अधिकारी कल्याणपुर द्वारा स्वदेश पहुंचने पर स्वागत किया गया। जिला कलक्टर ने बताया कि यूक्रेन से भारतीय छात्रों की वापसी के लिए राज्य सरकार सतत प्रयासरत हैं। जिले में निवासरत भारतीय छात्रों एवं उनके परिजनों से जिले के उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं तहसीलदार समेत जिला प्रशासन निरन्तर समन्वय एवं संवाद बनाए हुए है।  
    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विदेश मंत्रालय एवं भारतीय दूतावास के लगातार सम्पर्क में हैं तथा यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की वहां से सुरक्षित एवं शीघ्र निकासी के लिये यूक्रेन, रूस, पोलैंड, बेलारूस और रोमानिया के जरिए प्रयास चल रहे हैं। इन देशों में स्थित दूतावासों के माध्यम से भारतीय छात्र-छात्राओं से निरंतर सम्पर्क स्थापित किया जा रहा है। स्टूडेंट्स की सकुशल एवं सुरक्षित वतन वापसी सभी की सर्वोत्तम प्राथमिकता है।  
-0-





पेंशन प्रकरणों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक 11 को

बाड़मेर, 02 मार्च। जिला स्तर पर बकाया पेंशन प्रकरणों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 11 मार्च को सायं 5 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल मेें आयोजित की जाएगी।

लेखा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्घारित प्रारूप में बकाया पेंशन प्रकरणों की सूचना के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है। उन्होने बताया कि यदि कोई पेंशन प्रकरण बकाया नहीं हो तो शून्य सूचना भिजवाएं।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...