मंगलवार, 28 जुलाई 2020

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 मंगलवार को 81 लोगों पर हुई कार्यवाही

बाड़मेर, 28 जुलाई। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार को जिले में 81 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 12600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र बाडमेर में 7 लोगों से 1300, चौहटन में 3 से 600, सेड़वा में 8 से 1200, सिणधरी में 7 लोगों से 700, शिव में 2 लोगों से 300, गडरारोड में 6 लोगों से 1100, गुडामालानी में 12 लोगों से 2300, धोरीमन्ना में 35 लोगों से 4900 एवं सिवाना में 1 व्यक्ति से 200 को मिलाकर कुल 81 लोगों से 12600 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 3349 लोगों से कुल 6,77,800 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

स्वीकृत कार्यो को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए-मीणा

जिला कलक्टर ने की जिला परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा

बाडमेर, 28 जुलाई। जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर मीणा ने महात्मा गांधी नरेगा योजना, सीमान्त क्षेत्र विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना, सांसद, विधायक स्थानीय विकास कार्यक्रम सहित विभिन्न विकास योजनाओं के तहत वर्षवार स्वीकृत, प्रगतिरत एवं बकाया कार्यो की संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा पश्चात् स्वीकृत कार्यो को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि जिन कार्यो की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है उनकी शीध्र तकनीकी स्वीकृति जारी करे ताकि वितीय स्वीकृति जारी की जा सकें। जिला कलक्टर ने कहा कि स्वीकृत कार्यो को कार्ययोजना बनाकर तत्परता से पूर्ण कराए ताकि लोगों को लाभ मिल सकें। उन्होने कहा कि पूर्ण कार्यो के पूर्णता प्रमाण पत्र प्राथमिकता से भेजे जाए।
जिला कलक्टर ने बीएडीपी में शामिल कार्यो की प्रशासनिक स्वीकृति जारी होते ही तुरन्त वितीय स्वीकृति जारी करने एवं प्रथम किश्त का भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होने विशेष रूप से कमजोर प्रगति वाले विभागों को फोकस करते हुए बकाया कार्यो को निर्धारित टाइम लाइन के अनुरूप हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होने नरेगा के तहत स्वीकृत कार्यो में 15 अगस्त तक प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने विभिन्न विकास योजनाओं में अब तक की प्रगति से अवगत कराया। उन्होने ग्राम पंचायत भवनों हेतु भूमि आवंटन कार्य को गम्भीरता से लेते हुए भूमि आवंटन के प्रस्ताव शीध्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य लेखाधिकारी जसराज चौहान समेत विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
-0-

ऑपरेशन आशा द्वितीय गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश एवं बालश्रम रोकथाम के लिए विशेष अभियान 1 अगस्त से होगा संचालित

बाडमेर, 28 जुलाई। गुमशुदा नाबालिक बच्चों की तलाश, बालश्रम की रोकथाम तथा बाल श्रमिकों को मुक्त करवाकर समाज में उनकी पुनर्स्थापना के लिए राज्य सरकार के निर्देशानुसार विशेष अभियान ‘‘आपरेशन आशा द्वितीय’’ 1 अगस्त से 31 अगस्त तक संचालित किया जाएगा।
जिला पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने बताया कि गुमशुदा नाबालिक बच्चों की तलाश एवं पुनर्स्थापन तथा बालश्रम रोकथाम के लिए पूर्व में भी विशेष अभियान चलाये गये थे। उन अभियानों की सफलता को दृष्टिगत रखते हुए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक नाबालिग बच्चों द्वारा बालश्रम के उन्मूलन एवं गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए सम्पूर्ण राज्य में विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन आशा द्वितीय’’ संचालित किये जाने का निर्णय लिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि इस अभियान हेतु नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे की अभियान से जुडे स्टेक हॉल्उर विभागों एवं एन.जी.ओ. के समन्वय के लिए अभियान के पुर्व बैठक ली जावें तथा उक्त विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जावे। उन्होनें अभियान के दौरान जिले में बालश्रम में लिप्त बच्चों की स्क्रीनिंग के लिए थानावार टीमों का गठन करने, प्रशिक्षण तथा रेस्क्यू टीमों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग, सामाजिक कल्याण, बाल कल्याण समिति के सदस्यों एवं एनजीओं के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के साथ साप्ताहिक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए है।
-0-

ऑनलाईन लोक अदालत का आयोजन अब 22 अगस्त को

बाडमेर, 28 जुलाई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोतरा की ओर से 08 अगस्त, 2020 के स्थान पर अब 22 अगस्त, 2020 को ऑनलाईन लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) अजीज खान ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोतरा के साथ ही तालुका स्तर (बाड़मेर, सिवाना, पचपचदरा, चौहटन व गुड़ामालाणी) पर भी वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), एमएसीटी, 138 एन आई एक्ट, धन वसूली, श्रम विवाद, प्रि-लिटीगेशन मामले एवं अन्य सिविल मामलों से संबंधित प्रकरणों की ऑनलाईन लोक अदालत लगाई जाएगी। इसमें पक्षकारों को ई-मेल एवं वाट्सएप के जरिये नोटिस भिजवाये जायेंगे और पक्षकारों की सहमति से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रि-काउंसलिंग की जाएगी तथा राजीनामा होने के दिवस ही उसे नियमानुसार तस्दीक किया जाएगा।
उन्होने बताया कि इस प्रकार पक्षकारान न्यायालय में बिना उपस्थित हुए घर बैठे ऑनलाईन लोक अदालत का लाभ उठा सकते हैं। कोविड-19 महामारी के दौर में पक्षकारों व अधिवक्ताओं को न्यायालयों में नहीं आना पड़े एवं वे अपने घर से ही ऑनलाईन माध्यम से लोक अदालत में भाग ले सके, इस संबंध में माननीय रालसा द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए है। उन्होने बताया कि लोक अदालत में भाग लेने के लिए पक्षकार अपने अधिवक्ता तथा प्रकरण वाले संबंधित न्यायालय से एवं प्राधिकरण के हेल्पलाईन नम्बर 8306002103 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।
-0-

विकास योजनाओ की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करें - चौधरी

कोरोना की दशा में सुसंगत हो दिशा

बाड़मेर, 28 जुलाई। भारत सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओ की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करते हुए आमजन को लाभांवित करवाया जाए। इसमें किसी तरह की कौताही नहीं बरती जाए। केन्दीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कांफेस हाल में आयोजित डिस्ट्रिक डेवलपमेंट कोर्डिनेशन एंड मोनेटरिंग कमेटी (दिशा) की बैठक के दौरान यह बात कही।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस का सक्रमण तेजी से फैल रहा है, ऐसे में सभी सरकारों की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन का जीवन बचाना हैं लेकिन जीवन के साथ-साथ आजीविका भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रसार के बाद बाड़मेर जिले में 75 हजार प्रवासियों का आगमन हुआ है, इन्हें मनरेगा के अलावा सभी योजनाओं में वरीयता से रोजगार दिलाया जाए।
केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार समेत केंद्र प्रवर्तित करीब 20 से अधिक विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि देश के इस सीमावर्ती जिले में आमजन के विकास तथा बुनियादी सुविधाओं के लिए भारत सरकार बड़ी राशि खर्च कर रही है। इससे आमजन को लाभांवित करवाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा मनरेगा में रोजगार के लिए प्रवासियों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होने उज्जवला योजना में अधिकाधिक लोगों को लाभांवित करवाने के लिए कहा। चौधरी ने विभिन्न विकास योजनाओ की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारिओ को आवश्यक निर्देश दिए।
  इस दौरान जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने जिले में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उनकी प्रक्रिया से अवगत कराया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने विकास योजनाओ की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-

आदर्श गांव के कार्यो पर चर्चा विकास योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करवाएं - चौधरी

बाड़मेर, 28 जुलाई। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित धोरीमन्ना में प्रस्तावित कार्य योजना तैयार करने के संबंध में केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेस हाल में बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान चौधरी ने धोरीमन्ना में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने प्रस्तावित विलेज प्लान को व्यवहारिक बनाने एवं मौजूदा वितीय प्रावधनो के अंर्तगत अधिकतम कार्यो को समाहित करने को कहा। साथ ही प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। चौधरी ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के लिए तय मापदंडांे के अनुरूप विलेज डवलपमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि इसकी प्रत्येक माह नियमित रूप से समीक्षा की जाए।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने सांसद आदर्श ग्राम योजना मंे चयनित ग्राम पंचायतांे मंे 0 से 6 वर्ष की आयु के बच्चांे का टीकाकरण, आंगनबाड़ी केन्द्रांे पर मिलने वाली सुविधाएं सुनिश्चित करवाने के साथ विभिन्न योजनाआंे से आमजन को लाभांवित करवाने के निर्देश दिए। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने संबंधित ग्राम पंचायतांे मंे चल रही विकास योजनाआंे की विस्तार से जानकारी दी।
-0-

सोमवार, 27 जुलाई 2020

राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 सोमवार को 13600 का वसूला जुर्माना

बाड़मेर, 27 जुलाई। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देश के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए सोमवार को जिले में 76 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 13600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।
जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्होने बताया कि जिले में सोमवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर उपखण्ड क्षेत्र बाडमेर में 5 लोगों से 1000, सेड़वा में 7 लोगों से 1000, सिणधरी में 5 लोगों से 500, शिव में 2 लोगों से 200, गडरारोड में 3 लोगों से 600, बालोतरा में 2 लोगों से 400, गुडामालानी में 15 लोगों से 3000, धोरीमन्ना में 15 लोगों से 2500 एवं सिवाना में 22 लोगों से 4400 को मिलाकर कुल 76 लोगों से 13600 रूपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
उन्होने बताया कि जिले में अब तक 3268 लोगों से कुल 6,65,200 रूपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होने आमजन को कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी नियमों एवं आदेशों की पालना करने की हिदायत दी है।
-0-

सांसद आदर्श ग्राम योजना के संबंध में बैठक 28 को

बाड़मेर, 27 जुलाई। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में सांसद आदर्श ग्राम योजना के संबंध में बैठक का आयोजन मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर 1.30 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चतुर्थ चरण (वर्ष 2019-20) के लिए चयनित ग्राम पंचायत धोरीमना की वीपीडी अनुमोदित करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता बैठक का आयोजन मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर 1.30 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
-0-

दिशा की बैठक 28 को

केंद्रीय मंत्री चौधरी करेंगे केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा

बाड़मेर, 27 जुलाई। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में दिशा की बैठक आयोजित कीे जाएगी।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (दिशा) की बैठक कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए है ।
-0-

जिला परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक 28 को

बाडमेर, 27 जुलाई। जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर तीन बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली उक्त बैठक में बीएडीपी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बीपीएल आवास, महात्मा गांधी नरेगा, मुख्यमंत्री जन स्वावलम्बन योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उन्होने संबंधित अधिकारियों को वांछित सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

शेरगढ़ सड़क हादसे के पीड़ितों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

बाड़मेर, 27 जुलाई। 14 मार्च को जोधपुर के शेरगढ में हुई सड़क दुर्घटना में बाडमेर जिले के 11 व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारो की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण प्रधानमंत्री सहायता कोष से 11 मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि पचपदरा तहसील क्षेत्र के वार्ड नम्बर 7 अग्रसेन कॉलोनी बालोतरा निवासी स्व. प्रनवि पुत्री स्व. किशोर माली, स्व. विमला पत्नी स्व. किशोर माली, स्व. प्रनीत पुत्र स्व. किशोर माली, स्व. किशोर पुत्र मोहनलाल माली, कनाना निवासी स्व. सीता पत्नी स्व. विक्रम उर्फ जयन्तिलाल माली, स्व. विक्रम उर्फ जयन्तिलाल पुत्र केवलराम माली, गांधीपुरा बालोतरा निवासी स्व. प्रियंका पुत्री गौतमचन्द माली, मेट्रो कम्पाउण्ड के सामने गांधीपुरा निवासी स्व. गौरी उर्फ गुंजन पुत्री स्व. कैलाश माली, स्व. डिम्पल पत्नी स्व. कैलाश माली, स्व. कैलाश पुत्र स्व. हजारीमल माली एवं कुशीप निवासी स्व. जगदीश पुत्र बहादुरमल की सड़क हादसे में मृत्यु हो जाने के कारण उनके आश्रितों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

रविवार, 26 जुलाई 2020

केंद्रीय मंत्री चौधरी करेंगे केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा दिशा की बैठक 28 को

बाड़मेर, 26 जुलाई। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार, 28 जुलाई को प्रातः 12:00 बजे दिशा की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (दिशा) की बैठक का आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एवं बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार 28 जुलाई को प्रातः 12:00 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए है । 
-0-

सांसद आदर्श ग्राम योजना के संबंध में बैठक 28 जुलाई को

बाड़मेर, 26 जुलाई। सांसद आदर्श ग्राम योजना के संबंध में बैठक का आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में 28 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चतुर्थ चरण (वर्ष 2019-20) के लिए चयनित ग्राम पंचायत धोरीमना की वीपीडी अनुमोदित करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता बैठक का आयोजन मंगलवार 28 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।
-0-

गुरुवार, 23 जुलाई 2020

राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिला कलक्टर ने किया प्रकाश को सम्मानित


बाड़मेर, 23 जुलाई। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा आयोजित उच्च माध्यमिक परीक्षा (कला संकाय) में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रकाश फुलवारिया को जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने गुरूवार सांय कलक्टर कार्यालय में सम्मानित कर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए परिश्रम जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने कहा कि प्रकाश ने कडी मेहनत, निष्ठा एवं लगन से जिले का नाम रोशन किया है। उन्होने प्रकाश को लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व जिला कलक्टर विश्राम मीणा एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार शर्मा ने प्रकाश का माला तथा साफा पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान उन्होने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहारवा के अध्यापक कुम्भाराम प्रजापत, भाखराराम विश्नोई, शम्भूराम तथा ओमप्रकाश विश्नोई को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रकाश फुलवारिया ने कहा कि उनका लक्ष्य आई.ए.एस. अधिकारी बनना हैे तथा आज जिला कलक्टर विश्राम मीणा से मिलकर अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है।
-0-

जिले में 910 हेक्टेयर क्षेत्र में टिड्डी नियंत्रण बुधवार को सेडवा एवं रामसर क्षेत्र में किया छिडकाव


बाड़मेर, 23 जुलाई। जिले में चल रहे टिड्डी दल के हमले पर कार्यवाही करते हुए जिले के 14 तहसील क्षेत्रो मे अब तक कुल 38987 हेक्टेयर क्षेत्र में छिडकाव कार्य किया जा चुका है।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में टिड्डी नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं। उन्होने बताया कि टिड्डी हमले की प्रारम्भिक जानकारी के लिए जिले में सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि हमले की सूचना मिलते ही तुरंत सर्वे कार्य सम्पादित किया जाकर रोकथाम सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि ग्राम स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत बनाकर प्रतिदिन टिड्डी हमले की सूचना के अनुसार सर्वे कार्य सम्पादित कर त्वरित छिडकाव कार्य सम्पन्न करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होने आमजन को टिड्डी हमले से संबंधित सूचना कृषि विभाग में स्थापित कन्ट्रोल रूम को देने की अपील की है ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके। साथ ही तहसील स्तर पर भी कन्ट्रोल रूम स्थापित किए गए है ताकि सूचना तंत्र मजबूत हो।
कृषि उपनिदेशक जे.आर.भाखर ने बताया कि जिले में बुधवार को सेडवा तहसील क्षेत्र में 460 हेक्टेयर, रामसर में 360 हेक्टेयर, बाड़मेर में 15 हेक्टेयर एवं बायतु में 75 हेक्टेयर क्षेत्र में टिड्डी नियंत्रण के लिए छिड़काव किया गया। उन्होने बताया कि जिले में अब तक कुल 38987 हेक्टेयर क्षेत्र में टिड्डी नियंत्रण के लिए छिड़काव किया गया।
-0-

ग्राम पंचायत चीबी के राजस्व ग्राम मलवा उतरार्द्ध में कर्फ्यू कोरोना संक्रमण के चलते जीरो मोबिलिटी निषेधाज्ञा जारी


बाड़मेर, 23 जुलाई। बायतु उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चीबी के राजस्व ग्राम मलवा उतरार्द्ध के क्षेत्र में कोरोना वायरस का संक्रमण पाये जाने से उक्त क्षेत्रों के आस पास नागरिकों के स्वास्थ्य, मानव जीवन की सुरक्षा एवं लोक शांति बनाये रखने की दृष्टि से उपखण्ड मजिस्ट्रेट बायतु विवेक व्यास द्वारा उपखण्ड क्षेत्र बायतु में उक्त क्षेत्रों के चारों ओर की समस्त राजस्व सीमा में जीरो मोबिलिटी क्षेत्र घोषित कर कर्फ्यु लगाया गया है।
उपखण्ड मजिस्ट्रेट बायतु विवेक व्यास ने बताया कि उक्त प्रभावित क्षेत्रों में अत्यधिक संक्रमण बढ़ने की आशंका है, जिससे इन क्षेत्रों के आसपास के नागरिकों के स्वास्थ्य, मानव जीवन एवं लोकशांति को खतरा उत्पन्न हो सकता है। उपखण्ड मजिस्ट्रेट बायतु द्वारा उक्त क्षेत्रों के आस-पास निवासरत नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षार्थ एवं केन्द्रीय लोक प्रशान्ति बनाये रखने की दृष्टि से दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 144 के तहत ग्राम पंचायत चीबी के राजस्व ग्राम मलवा उतरार्द्ध के क्षेत्र (नरसाराम पुत्र राजूराम बेनिवाल की ढाणी, हनुमानराम पुत्र प्रहलादराम की ढाणी, उमाराम पुत्र ईशराराम की ढाणी व राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलवा उतरार्द्ध व बांकाराम पुत्र राजूराम की ढाणी के चारों ओर की समस्त राजस्व सीमा को जीरो मोबिलिटी क्षेत्र घोषित कर कर्फ्यू लगाया गया है।
उन्होेने बताया कि उक्त जीरो मोबिलिटी क्षेत्र में जन साधारण के लिए सख्ती से आवागमन- निर्गमन निषेध किया गया है। उन्होने सभी नागरिकों को इस आदेश की पालना करने एवं अवहेलना नहीं करने के निर्देश देते हुए सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन किये जाने पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188, 269, 270 एवं राजस्थान एपिडेमिक डिसीज एक्ट 1957 तथा अन्य विधिक प्रावधानों के अन्तर्गत अभियोजित किया जा सकेगा। यह आदेश अग्रिम आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
-0-


राजस्व अधिकारियों की बैठक सम्पन्न लम्बित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश


बाड़मेर 23 जुलाई। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लम्बित राजस्व प्रकरणों की न्यायालय वार विस्तृत समीक्षा कर बकाया प्रकरणों का शीध्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि राजकीय भूमि का आवंटन जिस कार्य के लिए हुआ है, उसका प्रयोजन उस कार्य के लिए नहीं होने पर, ऐसे मामलों में रिपोर्ट करने तथा कडी कार्यवाही करने को कहा। उन्होने अवैध खनन की रोकथाम के लिए राजस्व अधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजकीय भूमि का अवैध खनन होने पर खनन विभाग के साथ साथ राजस्व प्रशासन भी अपनी कार्यवाही अमल में लाए। उन्होने खनन की गई सामग्री तथा उपकरणों की जब्तगी के साथ साथ पुलिस में मामला दर्ज कराने को भी कहा। उन्होने उपखण्ड स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर पानी, बिजली, चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होने बरसात के मौसम के मद्देनजर बचाव के लिए संसाधनों को दुरस्त रखने तथा कन्ट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।  
  जिला कलक्टर मीणा ने जिले के राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण कर पानी, बिजली, सडक तथा चिकित्सा समेत मूलभूत सुविधाओं को परखने के निर्देश दिए ताकि धरातल पर जन समस्याओं से रूबरू होकर उनका प्रभावी समाधान किया जा सकें। उन्होने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की तथा छः माह से अधिक अवधि के लम्बित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने टिड्डी हमले की शत प्रतिशत रोकथाम के लिए पुख्ता इन्तजाम करने तथा कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की पालना के साथ पूर्ण सतर्कता बरतने एवं अधिकाधिक लोगों के सैम्पल लिये जाने के निर्देश दिए है। जिला कलक्टर ने कहा कि टिड्डी नियंत्रण के लिए ग्राम स्तर पर सूचना तन्त्र को मजबूत बनाकर प्रतिदिन टिड्डी हमले की सूचना के अनुसार त्वरित नियन्त्रण की कार्यवाही की जाए। उन्होने टिड्डी नियन्त्रण के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना के साथ सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होने उपखण्ड स्तर पर बनाये गये टिड्डी नियन्त्रण कक्षों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कोविड-19 के संबंध में जॉच एवं कोविड केयर सेन्टर्स के संचालन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली तथा कोविड केयर सेन्टर पर माकुल सुविधाओं के साथ मेडिकल टीम द्वारा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि प्रतिदिन कम से कम 100 सैम्पल लिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होने कहा कि आमजन को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने, बार-बार हाथ धोने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने सहित राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की पालना करने के लिए समझाईश की जाए तथा अवहेलना किए जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होने उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को स्वास्थ्य केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण कर दवाईयों की उपलब्धता के साथ चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, सहायक निदेशक लोक सेवाएं के.के. गोयल समेत जिले के राजस्व अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
-0-

बुधवार, 22 जुलाई 2020

नरेगा योजनान्तर्गत प्रत्येक पंचायत समिति में बनेगी नर्सरी


बाडमेर, 22 जुलाई। जिले में नरेगा योजनान्तर्गत प्रत्येक पंचायत समिति में एक-एक नर्सरी बनाई जाएगी।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि वन विभाग द्वारा प्रत्येक पंचायत समिति में बनाई जाने वाली नर्सरी में स्थानीय प्रकृति के अनुसार पौधे तैयार किए जाएगें। उन्होने बताया कि नर्सरी में स्थानीय प्रकृति के पौधे उपलब्ध होने से लोगों को सौन्दर्यकरण के साथ साथ बागवानी में भी मदद मिल सकेगी। साथ ही उन्हें स्थानीय स्तर पर पौधे उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने उप वन सरंक्षक संजय प्रकाश भादू को प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर नर्सरी के लिए प्रस्ताव भेज कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्त करने के निर्देश दिए हैं।
-0-

प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक का समय बाड़मेर शहर में आज से दो घण्टे अधिक खुलेगा बाजार


बाड़मेर, 22 जुलाई। बाड़मेर शहर में गुरुवार से बाजार 2 घंटे अधिक खुलेगा ताकि अर्थव्यवस्था को संबल मिले एवं आमजन को अधिक सुविधा हो। गुरूवार से समस्त दुकाने प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक खुली रहेगी।
जिला मजिस्टेट विश्राम मीणा ने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए बाड़मेर शहर में दुकानों को खोलने एवं बन्द करने के समय में 2 घंटे का इजाफा किया गया है। अब शहर के सभी दुकानदार प्रातः 9 बजे से अपनी दुकानें खोल सकेंगे, जो साय 5 बजे तक खुली रह सकेगी। उन्होने बताया कि सायं 5 बजे साइरन बजाया जाएगा, उसके तुरन्त पश्चात् समस्त दुकाने बन्द कर दी जाएगी। उन्होने संशोधित समय अनुसार दुकाने बन्द करने की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
जिला मजिस्टेªट मीणा ने सख्त हिदायत दी है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने, बार बार हाथ धोने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने सहित राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
-0-

बायतु तथा बालोतरा में नए ट्यूबवैल खुदाई का कार्य तेजी से होगा बारिश में प्रभावी होगा बिजली कंट्रोल रूम


आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा

बाड़मेर, 22 जुलाई। जिले में बारिश के मौसम के दौरान बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को अधिक प्रभावी किया जाएगा।
जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने जिले में आवश्यक सेवाओं की सतत आपूर्ति के लिए ततपरता के साथ कार्य करने की हिदायत दी है। कलेक्ट्रेट में बुधवार को जिले में पानी, बिजली तथा चिकित्सा सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान उन्होंने यह निर्देश दिए। इस दौरान जिले जिले में पानी, बिजली, चिकित्सा जैसी आवश्यक सेवाओं की समीक्षा की गई।
टैंकरों से पेयजल परिवहन इस माह तक
जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में जरूरतमंद लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग द्वारा की टैंकरों के जरिए पेयजल परिवहन को 31 जुलाई के बाद बन्द कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि बायतु एवं चौहटन में बारिश हो चुकी है एवं पीने का पानी पर्याप्त आया है वहां पेयजल के लिए टेंकरो की जरूरत नही हैं।
नए ट्यूबवैल की खुदाई
जिला कलेक्टर ने नए ट्यूबवैल एवं हैंड पंप के खुदाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नए हैंड पंप एवं ट्यूब वैल खुदाई के कार्य की साप्ताहिक प्रगति लाने को कहा। उन्होंने विशेषकर बायतु तथा बालोतरा क्षेत्र में स्वीकृत नए ट्यूबवेल के कार्य को तुरंत पूर्ण करवाने को कहा तथा खोदे गयो को कमिंश्ण्ड करने को कहा।
बारिश में हो अबाध बिजली आपूर्ति
जिला कलेक्टर ने जिले में बिजली आपूर्ति को बारिश के दौरान सुचारू रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली बंद नही रहनी चाहिए। उन्होंने पेयजल स्रोतों पर नियमित बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए ताकि पानी की आपूर्ति बिजली के अभाव में बाधित नहीं हो।
सैम्पलिंग बढ़ाने पर जोर
जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मध्य नजर जिला कलेक्टर ने सेंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कंटेन्मेंट जोन में सेनिटाइजेशन के निर्देश दिए। साथ ही होम आईशोलेसन का उल्लंघन करने वाले के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
राजस्थान संपर्क
जिला कलेक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसेवाओं से जुड़े विभागों से संबंधित कार्यो की पोर्टल पर शिकायतों की अधिकता इनकी कार्य पद्धति को प्रदर्शित करती है। हर हाल में 30 दिन से पूर्व किसी भी शिकायत का निस्तारण हो जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के 30 से 45, 45 से 60 दिनों के बीच  बकाया प्रकरणों को गंभीरता से लिया एवं 180 दिन से अधिक बकाया मामलो में जिम्मेदारी तय कर संबंधित को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए
इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने कोरोना सक्रमण, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कमलेश चौधरी ने कोरोना  संक्रमण रोकथाम, सहायक निदेशक लोक सेवाएं के के गोयल ने राजस्थान संपर्क बकाया प्रकरण, अधीक्षण अभियंता जेपी शर्मा ने जलापूर्ति एवं मांगीलाल जाट ने विद्युत आपूर्ति की जानकारी दी।
-0-


लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...