शनिवार, 1 मई 2021

जिला कलक्टर रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से करेंगे कोविड-19 एवं वैक्सीनेशन की समीक्षा

बाड़मेर, 01 मई । जिला कलक्टर लोकबंधु रविवार को दोपहर 12 बजे जिले में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति समीक्षा करेंगे l इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जिला एवं पंचायत समिति मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है l

जिला कलक्टर लोकबंधु ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपखंड स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तरीय कमेटी की ओर से प्रभावी रूप से कोरोना गाइडलाइन एवं जन अनुशासन पखवाड़े के निर्देशों की पालना करने के लिए किए गए प्रयासों, डोर टू डोर सर्वे,  सेंपलिंग, आई एल आई लक्षणों की पहचान एवं दवाइयां बांटने की प्रगति की समीक्षा, ग्राम पंचायत स्तरीय कमेटी की ओर से बाहर से आए हुए लोगों एवं कोरोना पॉजिटिव का होम आइसोलेशन सुनिश्चित करने,  उपखंड एवं ग्राम स्तरीय कमेटी द्वारा शादी विवाह एवं अन्य सामाजिक समारोह में गाइडलाइन की पालना करवाने, ग्राम पंचायत स्तर पर कोविड-19 सेंटर की स्थापना, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कोविड-19 केयर सैंटरो की स्थापना एवं संचालन, वैक्सीनेशन की समीक्षा, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना तथा राज्य सरकार की ओर से 30 अप्रैल को जारी की की गई गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करवाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे l जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंन्स हॉल में तथा उपखंड स्तरीय अधिकारियों को संबंधित ब्लॉक् मुख्यालय पर स्थित राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केन्द्र पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ने के निर्देश दिए है।
-0-

मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का वर्चुयली शुभारंभ

 बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राजस्व मंत्री चौधरी एवं विधायक जैन मौजूद रहे

बाड़मेर, 01 मई। शनिवार को मजदूर दिवस के अवसर पर मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत ने यूनिवर्सल हैल्थ की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का वर्चुअली शुभारंभ किया। जिसमें राज्य के सभी जिलों से ब्लॉक स्तर तक के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।   इस मौके पर बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, 
जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दीपक माली, उपसभापति सुरतान सिंह,  जिला कलेक्टर लोक बन्धु, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ,मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ आर के आसेरी, सीएमएचओ डॉ बी एल विश्नोई ने भाग लिया।
    मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीकृत परिवारों को राज्य के 765 सरकारी और 330 से अधिक सम्बद्ध निजी अस्पतालों में भर्ती होने पर 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी जिसमें भर्ती के 5 दिन पूर्व और डिस्चार्ज के बाद 15 दिन तक का चिकित्सा व्यय शामिल है। अस्पताल में भर्ती होने पर ही लाभार्थी को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल पाएगा। वहीं इस योजना के तहत हार्ट,कैंसर,किडनी,डायलिसिस और कोविड-19 जैसी गम्भीर बीमारियों सहित 1576 प्रकार के पैकेज और प्रोसीजर उपलब्ध है।
पंजीकरण की तिथि 31 मई तक बढाई
मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना जिसमें पंजीकरण की अंतिम तिथि पूर्व में 30 अप्रेल रखी गई थी, उसे बढाकर 31 मई किया गया है। जिन लोगों ने 30 अप्रेल तक पंजीकरण करवा लिया है उन्हें 1 मई से योजना का लाभ मिलने लगेगा, वहीं 31 मई तक पंजीकरण करवाने वालों को पंजीकरण की दिनांक से और उसके बाद पंजीकरण करवाने वालों को 1 अगस्त से इस योजना का लाभ मिल पायेगा।
-0-





स्वास्थ्य नियमों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही उल्लंघन पर शुक्रवार को 786 लोगो के विरुद्ध कार्यवाही

 बाड़मेर, 01 मई | राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को जिले में 786 व्यक्तियों से कुल 1,59,000 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में शुक्रवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 492 व्यक्तियों से 60000 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बाड़मेर में 3 व्यक्तियों से 2000, बायतु में 18 व्यक्तियों से 1800 रूपये, चौहटन में 20 व्यक्तियों से 5000 रूपये, सेड़वा में 27 व्यक्तियों से 3900 रूपये, सिणधरी में 8 व्यक्तियों से 2800 रूपये, शिव में 6 व्यक्तियों से 1000 रूपये, गडरारोड में 2 व्यक्तियों से 5500, रामसर में 1 व्यक्ति से 200 रुपये, बालोतरा में 144 व्यक्तियों से 56400 रूपये, गुडामालानी में 1 व्यक्ति से 500 रूपये, धोरीमन्ना में 4 व्यक्तियों से 400 तथा सिवाना में 60 व्यक्तियों से 19500 को मिलाकर कुल 786 व्यक्तियों से 1,59,000 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में शुक्रवार तक 55493 व्यक्तियों से 95,99,476 रूपये की वूसली की जा चुकी है। 
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने की कोरोना रोकथाम के उपायों की समीक्षा

 वृहद स्तर पर जागरूकता आंदोलन की जरूरत जताई

कोरोना रोगियों के गम्भीर अवस्था में पहुंचने से पूर्व ही उपचार की हिदायत
बाड़मेर, 01 मई। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के उपायों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान विधायक मेवाराम जैन भी मौजूद थे।
    इस मौके पर राजस्व मंत्री ने कहा कि तमाम उपायों के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण में कमी नहीं आ रही है एवं लगातार इसके गंभीर रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रतिदिन जिला चिकित्सालय में भर्ती होने वाले गंभीर रोगियों की संख्या डिस्चार्ज होने वाले मरीजों से ज्यादा है, जो कि बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई की यही स्थिति रही तो 15 मई तक जिले में चिकित्सा संसाधनों की कमी उत्पन्न हो सकती है।
   इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने  कोरोना रोकथाम के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि कोरोना रोगियों की पहचान एवं तुरंत उपचार अतिआवश्यक है। जैसे ही खांसी-जुकाम अथवा आई एल आई के लक्षण दिखाई दे तो आरंभिक स्तर पर ही उपचार शुरू कर दिया जाए जिससे मरीजों को गंभीर अवस्था में जाने से रोका जा सके। उन्होंने इस बात की चिंता जताई कि जिला चिकित्सालय में लगातार गंभीर अवस्था में कोराना के रोगी पहुंच रहे हैं। उन्होंने डोर तो डोर सर्वे को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी,  विधायक मेवाराम जैन एवं जिला कलक्टर लोक बन्धु ने  कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर राजकीय एवं निजी चिकित्सालयों में ऑक्सीजन सर्पोटेड, आईसीयू एवं संसाधन की उपलब्धता तथा कोविड संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए किए जा रहे प्रबन्धों की समीक्षा की। 
  इस दौरान विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि जिले को प्राप्त हो रही ऑक्सीजन एवं रेमडेसिवीर इंजेक्शन का बेहतर ढंग से प्रबन्धन किया जाए। उन्होने मुख्यमंत्री की नो मास्क नो मूवमेंट की पहल को आमजन के हित में जन आन्दोलन में परिवर्तित करने के साथ ही लोगों को हैल्थ प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। 
     इस मौके पर जिला कलक्टर लोकबंधु ने बताया कि जिले में अगले दो-तीन दिन में डोर टू डोर सर्वे का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद कोरोना रोगियों की पहचान का कार्य संपन्न हो जाएगा, इससे उनका आइसोलेशन एवं उपचार करना आसान हो सकेगा
-0-



शुक्रवार, 30 अप्रैल 2021

कॉविड-19 में सहयोग के लिए बीएलएमसीएल ने 19 लाख का चैक सौंपा

बाड़मेर, 30 अप्रैल। जेएस डब्ल्यु एनर्जी लिमिटेड और राजस्थान सरकार की ज्वाइंट वेंचर कंपनी बाड़मेर लिग्नाइट माइनिंग कंपनी की ओर से शुक्रवार को जिला कलक्टर कोविड कोष में 19 लाख का चैक सौंपा गया।

बाड़मेर जिले में कोविड-19 से निपटने के लिए बाड़मेर लिग्नाइट कंपनी की ओर से शुक्रवार को जिला कलक्टर लोक बंधु को 19 लाख का चैक सौंपा गया। इस दौरान बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन उपस्थित रहे। यह राशि बाड़मेर जिले में 28 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगवाने के उपयोग में ली जाएगी। बाड़मेर लिग्नाइट माइनिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक ललित गुप्ता ने  भरोसा दिलाया कि बाड़मेर लिग्नाइट माइनिंग कंपनी कोविड-19 से लड़ाई में जिला प्रशासन के साथ है तथा इस कोरोना से जंग में पूरा सहयोग करेगी।  बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन एवं जिला कलक्टर लोक बंधु ने बाड़मेर लिग्नाइट माइनिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक ललित गुप्ता के सहयोग की सराहना की।
-0-

राजस्व मंत्री के प्रयासों से बायतु में एक सौ बेड का कोविड केयर सेंटर शुरू

कोरोनो पॉजिटिव मरीजो को यहाँ मिलेगी उपचार व आईसोलेशन की सुविधाएं

  बाड़मेर, 30 अप्रेल। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मरीजों के मद्देनजर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी अस्पताल व अन्य सरकारी भवनों में सामान्य बेड, ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड, आईसीयू सहित अन्य आवश्यक सेवाओं में विस्तार करने में जुटे हैं। इसी क्रम में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कोविड की गंभीर स्थिति को देखते हुए बायतु पीजी कॉलेज को कोविड केयर सेंटर में तब्दील करते हुए एक सौ बेड की व्यवस्था करवाई है जिसमे तीस ऑक्सीजन एवं अन्य पूर्ण सुविधायुक्त तैयार किये है तथा सत्तर सामान्य श्रेणी के बेड सम्मिलित है। राजस्व मंत्री चौधरी के निर्देश पर बायतु पीजी कॉलेज में शुरू किए गए इस सेंटर में अब एक साथ कुल सौ मरीजों का कोविड इलाज किया जा सकेगा। गंभीर एवं होम आइसोलशन में नहीं भेजे जा सकने वाले कोविड मरीजों को इसमें रखा जा सकेगा। शुक्रवार को राजकीय पीजी कॉलेज में कोविड केयर सेंटर शुरुआत करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बायतू में ओपीडी की व्यवस्था को सुचारु रखते हुए कोविड मरीजों का पीजी कॉलेज में बनाए गए कोविड सेंटर में पूरा इलाज उपलब्ध करवाया जाए। मरीजो के रहने, खाने की समुचित व्यवस्था की जाए।
इस दौरान जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, बायतू प्रधान सिमरथाराम, उपखंड अधिकारी नरेश सोनी, तहसीलदार सज्जन कुमार, सीएचसी प्रभारी डॉ जोगेश चौधरी ने कोविड सेंटर में माकूल सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। राजस्व मंत्री चौधरी ने कोविड सेंटर में हर आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मिले, इसको लेकर उपस्थित जेडीए जोधपुर के उपायुक्त एवं कोविड स्थिति में नियुक्त अधिकारी विवेक व्यास, तहसीलदार सज्जन चौधरी, विकास अधिकारी अमित चौधरी एवं अन्य अधिकारीयों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकार इस महामारी से निपटने में शिद्दत से प्रयास कर रही है, लेकिन हमारा प्रदेश कोरोना से तभी जंग जीत पाएगा जब प्रत्येक प्रदेशवासी सरकार द्वारा जारी गाईडलाईन का पालन करेंगे, अनावश्यक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नहीं जांएगे। घरों में रहेंगे, तभी हमारा शहर, जिला एवं प्रदेश कोरोना से मुक्त हो पाएगा।
घरों में रहकर कोरोना मुक्त प्रदेश बनाने में सहयोग करें
राजस्व मंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस वक्त राजस्थान में कोरोना तेजी से फेल रहा है, अस्पतालों में जगह नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में बचाव ही उपचार है। उन्होंने कहा कि शादियों एवं अन्य आयोजनों में शामिल होने से बचें, अनावश्यक घरों से बाहर न जाएं, घरों में ही रहकर राजस्थान को कोरोना मुक्त करने में सहयोग करें, तभी हमारा प्रदेश कोरोना से मुक्त हो पाएगा।
भामाशाहों ने भेंट किए 10 ऑक्सीजन सिलेंडर
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी द्वारा लगातार की जा रही अपील से प्रेरित होकर बायतु व्यापार मंडल ने रॉयल ग्रुप के माध्यम से बायतू मुख्यालय पर बने कोविड सेंटर में उपचार के लिए आने वाले गम्भीर कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन सप्लाई हेतु 10 ऑक्सीजन सिलेंडर भेंट किए। यह सिलेंडर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी की मौजूदगी में पीजी कॉलेज में भेंट किये गए। भामाशाहों द्वारा दस ऑक्सीजन सिलेंडर भेंट करने के बाद अब इस कोविड केयर सेंटर में कुल तीस ऑक्सीजन सिलेंडर हो गए हैं।
-0-






स्वास्थ्य नियमों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही उल्लंघन पर गुरूवार को 746 लोगो के विरुद्ध कार्यवाही

बाड़मेर, 30 अप्रेल। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए गुरूवार को जिले में 746 व्यक्तियों से कुल 1,37,600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में गुरूवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 487 व्यक्तियों से 65300 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बाड़मेर में 1 व्यक्ति से 5000, बायतु में 18 व्यक्तियों से 1800 रूपये, चौहटन में 21 व्यक्तियों से 2900 रूपये, सेड़वा में 21 व्यक्तियों से 6700 रूपये, सिणधरी में 2 व्यक्तियों से 600 रूपये, शिव में 6 व्यक्तियों से 600 रूपये, गडरारोड में 1 व्यक्ति से 100, रामसर में 4 व्यक्तियों से 5900 रुपये, बालोतरा में 118 व्यक्तियों से 23600 रूपये, गुडामालानी में 3 व्यक्तियों से 6000 रूपये, धोरीमन्ना में 17 व्यक्तियों से 6500 तथा सिवाना में 47 व्यक्तियों से 12600 को मिलाकर कुल 746 व्यक्तियों से 1,37,600 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में गुरूवार तक 54247 व्यक्तियों से 1,03,91,400 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

विवाह कार्यक्रमों के दौरान सघन निगरानी को अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 30 अप्रेल। उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर रोहित चौहान द्वारा आदेश जारी कर शहरी क्षेत्र में आयोजित होने वाले विवाह कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित तीन घण्टे अवधि एवं 50 से अधिक व्यक्ति न हो, की निरीक्षण एवं निगरानी हेतु अधिकारी नियुक्त किए गए है।

आदेशानुसार उक्त अधिकारी बाड़मेर शहर में आयोजित होने वाले विवाह समारोह एवं कार्यक्रमों का सघन निरीक्षण करेंगे तथा राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड-19 गाईडलाईन की पालना सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही पालना नहीं किए जाने की दशा में नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाएगें।
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने किया जिला चिकित्सालय का दौरा

चिकित्सकों का बढ़ाया हौसला, हरसंभव मदद का आश्वासन

नही आने दी जाएगी ऑक्सीजन एवं जरूरी दवाओं की कमी

बाड़मेर, 30 अप्रेल। राजकीय मेडीकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला चिकित्सालय का शुक्रवार को राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने निरीक्षण कर कोरोना प्रबन्धों का जायजा लिया एवं चिकित्सों का हौसला बढ़ाया। उनके साथ बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन भी थे।
    शुक्रवार को राजस्व मंत्री चौधरी ने विधायक जैन के साथ राजकीय चिकित्सालय का दौरा कर कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति, चिकित्सालय में ऑक्सीजन एवं आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता के बारे में चिकित्सा अधिकारियों से विस्तार के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने टीकाकरण कार्य में गति लाने के साथ चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर ढंग से उपयोग कर अधिकाधिक जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उन्होंने चिकित्सको का मनोबल बढ़ाया एवं उन्हें हौसला देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर सम्भव सहायता को तत्पर है। उन्होंने आश्वासत किया कि सरकार आवश्यक दवाओं एवं आक्सीजन की कमी नहीं आने देगी।
    उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाए। लोगों को बताए कि शुरुआती लक्षण दिखने पर ही जांच कराए क्योकि ग्रामीण कोरोना की गम्भीर अवस्था होने पर अस्पतालो की तरफ दौड़ते है।
    इस मौके पर विधायक मेवाराम जैन ने जिला अस्पताल की समस्यायों की जानकारी दी एवं दानदाताओ एवं भामाशाहो के योगदान से अवगत कराया। वहीं प्रचार्य डॉ. आर. के. आसेरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. मंसुरिया ने चिकित्सा व्यवस्थाओं समेत चिकित्सालय में मरीजों के लिए बेड्स, आक्सीजन एवं दवाईयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी कराई।
  इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. विश्नोई समेत चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
हाई फ्लो ऑक्सीजन मास्क उपलब्ध कराए
राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर में हाई फ्लो ऑक्सीजन मास्क की बहुत जरूरत महसूस हो रही है, ऐसे में मातेश्वरी मेडिकल के रिड़मलसिंह दांता एवं रूपसिंह ने राजस्व मंत्री हरीश चौधरी एवं बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन को एक हजार हाई फ्लो ऑक्सीजन मास्क उपलब्ध कराए।
-0-









गुरुवार, 29 अप्रैल 2021

राजस्व मंत्री ने निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा

 बायतु में शुक्रवार से प्रारम्भ होगा कोविड केयर सेन्टर

बाड़मेर, 29 अप्रेल। शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय बायतु में कोविड केयर सेन्टर प्रारम्भ किया जाएगा। राजस्व मंत्री चौधरी ने गुरूवार को राजकीय महाविद्यालय बायतु का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री चौधरी ने कोविड सेन्टर बायतु के लिए विधायक कोष से 25 लाख एवं अपनी निजी आय से 5 लाख के सहयोग की घोषणा की। इस दौरान उन्होने राजकीय महाविद्यालय बायतु में बन रहे कोविड वार्ड एवं कोविड केयर सेन्टर के लिए आमजन से हर संभव जनसहभागिता की अपील की। इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी एवं बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी मौजूद थे।
-0-





राजस्व मंत्री चौधरी ने किया राजकीय चिकित्सालय पाटोदी का निरीक्षण

कोरोना टीकाकरण में तेजी लाने की हिदायत

बाड़मेर, 29 अप्रेल। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने गुरूवार को राजकीय चिकित्सालय पाटोदी का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राजस्व मंत्री चौधरी ने गुरूवार को राजकीय चिकित्सालय पाटोदी में ओपीडी और टीकाकरण व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की जानकारी ली तथा कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए अधिकाधिक पात्र लोगों को वैक्सीन लगाने तथा राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाईन की पालना सुनिश्चित करने के लिए आमजन को जागरूक करने का आहवान किया। इस दौरान उन्होने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डो एवं कक्षों का निरीक्षण कर चिकित्सालय मे वैक्सीन की उपलब्धता तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही दवाईयों के स्टॉक आदि की जानकारी ली। उन्होने कहा कि चिकित्सकीय सुविधाओं को ओर अधिक बेहतर करने के लिए वे निरन्तर प्रयासरत है।
-0-







ऑक्सीजन संबंधी सूचनाओं के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 29 अप्रेल। कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर राजकीय एवं निजी चिकित्सालयों में ऑक्सीजन की उपलब्धता, मॉग एवं खपत संबंधी सूचनाओं को संकलित करने हेतु जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन एवं सहायता लोक बन्धु द्वारा जारी आदेशानुसार संबंधित अधिकारी जिले में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति संबंधी सूचनाएं नोडल अधिकारी के निर्देशानुसार भिजवाना सुनिश्चित करेंगे।
-0-

प्राइवेट प्लान्ट से ऑक्सीजन सिलेण्डर भरवाने हेतु राउण्ड द क्लॉक अधिकारी नियुक्त

बाड़मेर, 29 अप्रेल। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर की रोकथाम एवं उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर बालोतरा उपखण्ड में प्राईवेट ऑक्सीजन प्लान्ट से सिलेण्डर भरवाने हेतु विकास अधिकारी पंचायत समिति बालोतरा, क्षेत्रीय प्रबन्धक रीको बालोतरा एवं सहायक श्रम आयुक्त बालोतरा की तत्काल प्रभाव से राउण्ड द क्लॉक डयुटी लगाई गई है।

जारी आदेशानुसार उक्त अधिकारी ऑक्सीजन उपलब्ध कराने हेतु जिला स्तरीय नोडल अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) के निर्देशन में अपने कार्यालय के अधिनस्थ कर्मचारियों की सेवाएं लेते हुए अस्पतालों को ऑक्सीजन सिलेण्डरों की आपूर्ति से पूर्व नोडल अधिकारी के निर्देशानुसार सिलेण्डरों की लॉगबुक संधारित करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
-0-

स्वास्थ्य नियमों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही, उल्लंघन पर बुधवार को 742 लोगो के विरुद्ध कार्यवाही

बाड़मेर, 29 अप्रेल। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए बुधवार को जिले में 742 व्यक्तियों से कुल 1,11,200 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में बुधवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 502 व्यक्तियों से 64200 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बाड़मेर में 2 व्यक्ति से 2000, बायतु में 27 व्यक्तियों से 3500 रूपये, चौहटन में 22 व्यक्तियों से 5500 रूपये, सेड़वा में 19 व्यक्तियों से 1900 रूपये, सिणधरी में 3 व्यक्तियों से 1500 रूपये, शिव में 4 व्यक्तियों से 400 रूपये, गडरारोड में 6 व्यक्तियों से 1600, रामसर में 1 व्यक्ति से 5000 रुपये, बालोतरा में 77 व्यक्तियों से 14000 रूपये, गुडामालानी में 1 व्यक्ति से 500 रूपये, धोरीमन्ना में 5 व्यक्तियों से 500 तथा सिवाना में 73 व्यक्तियों से 10600 को मिलाकर कुल 742 व्यक्तियों से 1,11,200 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में बुधवार तक 54216 व्यक्तियों से 1,03,61,500 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

शहर में वार्ड स्तरीय एन्टी कोविड टीमें लगातार सक्रिय

घर घर दे रहे जागरूकता सन्देश, हैल्थ प्रोटोकॉल एवं वैक्सीनेशन की अपील

बाड़मेर, 29 अप्रेल। कोरोना जागरूकता जन आन्दोलन के तहत वार्ड स्तरीय एन्टी कोविड टीमों द्वारा घर-घर जाकर हैल्थ प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित कराने के साथ ही वैक्सीन लगाने से वंचित लोगों की सूची तैयार कर उन्हें वैक्सीनेशन हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
नगर परिषद आयुक्त दलीप पुनिया ने बताया कि कोरोना जागरूकता जन आन्दोलन एवं टीकाकरण के कार्य को गति देने हेतु बाड़मेर शहर में वार्डवार गठित एन्टी कोविड टीमों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को हैल्थ प्रोटोकॉल यथा मास्क पहनना, उचित दूरी बनाये रखना, भीड़-भाड़ से दूर रहने की अनिवार्यता, बार-बार हाथ धोने के सन्देश के साथ ही वैक्सीन लगाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। उक्त टीमों द्वारा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अधिकाधिक लोगों को पंजीयन कराने हेतु जानकारी दी जा रही है।
-0-

कोरोना संक्रमण की अधिकता वाले क्षेत्रों में 45 सुपर स्प्रेडरो का शत फीसदी टीकाकरण होगा

बाड़मेर, 29 अप्रेल। कोरोना संक्रमण की द्वितीय लहर के तेजी से फैलाव के मद्देनजर इसकी रोकथाम हेतु 45 से अधिक आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों का कोविड टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी बाडमेर एवं बालोतरा को निर्देशित किया है कि जिले में ऐसे क्षेत्र जहां कोरोना के केस ज्यादा संख्या में आ रहे है, उन क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर क्षेत्र के 45 से अधिक आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों का नजदीक के कोविड वैक्सीनेशन केन्द्रों पर कोविड टीकाकरण करवाया जाना सुनिश्चित करें।
  उन्होने कोरोना संक्रमण प्रभावित क्षेत्रों में डयूटी कर रहे विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों जिनका अभी तक कोविड वैक्सीनेशन नहीं हुआ है एवं आयु 45 वर्ष से अधिक है, उनका कोविड वैक्सीनेशन करवाने को कहा। साथ ही कोरोना प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत 45 वर्ष से अधिक आयु के समस्त बैंक कार्मिको, उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों, किराना एवं राशन विक्रेताओं, सब्जी विक्रेताओ, मेडिकल स्टोर संचालकों एवं उनके स्टाफ, स्ट्रीट वेण्डर्स, दुध विक्रेता, मीडिया कर्मी, हॉकर्स इत्यादि का वैक्सीनेशन करवाने के निर्देश दिए है, क्योकि ये लोग ही कोरोना के सुपर स्प्रेडर बने हुए है।
-0-

कोरोना की आपदा में राहत को आगे आया राज, गरीब परिवारों को 28.56 लाख की राशि का हस्तान्तरण

#बाड़मेर सतर्क है
बाडमेर, 29 अप्रेल। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की अनुपालना में कोविड-19 के कारण जिले की पंचायत समिति गडरारोड, बायतु, बालोतरा, पायला कलां, गिडा, सिणधरी, शिव एवं धोरीमना तथा नगर परिषद बाड़मेर एवं बालोतरा के 2856 परिवारों को कुल 28 लाख छप्पन हजार रूपये पात्र परिवारों के खाते में हस्तान्तरण करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की अनुपालना में कोविड-19 के कारण बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत सम्मिलित परिवारों, बीओसीडब्ल्यु द्वारा पंजीकृत श्रमिकों, स्ट्रीट वेण्डर्स, अन्य श्रमिक, रिक्शा चालक एवं निराश्रित तथा असहाय जरूरतमंद परिवार जिन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से कोई पेंशन नहीं मिल रही है, को वितीय वर्ष 2021-22 में माह अप्रेल, 2021 में एक हजार रूपए प्रति परिवार भुगतान करने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है।  
उन्होने बताया कि आयुक्त नगर परिषद बाड़मेर एवं बालोतरा तथा संबंधित विकास अधिकारियों से पात्रता की जांच पश्चात् प्राप्त सूचीयों के आधार पर नगर परिषद क्षेत्र बाडमेर में 647 एवं नगर परिषद क्षेत्र बालोतरा में 300, गडरारोड़ पंचायत समिति में 316, बायतु में 274, बालोतरा में  में 335, पायला कलां में 115, गिड़ा में 285, सिणधरी में 117, शिव में 257 एवं धोरीमना में 210 परिवारों सहित कुल 2856 परिवारों को कुल 28 लाख 56 हजार रूपये की राशि स्थानान्तरण करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होने बताया कि इनमें से 2727 पात्र इकाईयों को जिला स्तर से डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में तथा शेष 129 परिवारों को नकद भुगतान संबंधित नगर परिषद आयुक्त एवं विकास अधिकारियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
-0-

बुधवार, 28 अप्रैल 2021

जेएसडब्ल्यु ने कोविड-19 राहत कोष में 18.36 लाख कर चैक सौपा

बाड़मेर, 28 अप्रेल। राजस्थान मुख्यमंत्री कोविड-19 राहत कोष में जेएसडब्ल्यु भादरेश ने 18.36 लाख रूपये का चैक सुपुर्द किया।

बुधवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु को जेएसडब्ल्यू एनर्जी बाड़मेर लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक वीरेश देव रमानी ने 18 लाख 36 हजार 500 रूपये का चैक सुपुर्द किया। उन्होने कोविड-19 से निपटने के लिए जिला प्रशासन का अपेक्षित सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
-0-



कोविड केयर के लिए राजकीय महाविद्यालय बायतु का भवन अधिग्रहित

बाड़मेर, 28 अप्रेल। कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर कोरोना मरीजों के ठहराव एवं ईलाज हेतु राजकीय महाविद्यालय बायतु को अधिग्रहित किया गया है।

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने आदेश जारी कर उक्त भवन का सम्पूर्ण ढांचा मौजूदा स्थितिनुसार अधिग्रहित किया है। उन्होने तहसीलदार बायतु को उक्त भवन का कब्जा प्राप्त कर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बायतु को सुपुर्द कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। उक्त कोविड केयर सेन्टर के प्रभारी अधिकारी विकास अधिकारी पंचायत समिति बायतु होंगे।
-0-

ऑक्सीजन सिलेण्डर अधिग्रहण करने हेतु उपखण्ड अधिकारी अधिकृत

बाड़मेर, 28 अप्रेल। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रकोप की दूसरी लहर की रोकथाम एवं उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर ऑक्सीजन सिलेण्डर अधिग्रहित करने के जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।
जिला कलक्टर आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा लोक बन्धु द्वारा जारी आदेश के अनुसार कोरोना के मरीजों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए मरीजों को समुचित ऑक्सीजन उपलब्ध कराने हेतु जिले में खाली एवं भरे हुए ऑक्सीजन सिलेण्डर तथा नाईट्रोजनध्ऑक्सीजन टैंकर एवं ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक को अधिग्रहित करने हेतु सभी उपखण्ड अधिकारियों को अधिकृत किया गया है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...