बुधवार, 23 जून 2021

कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की समीक्षा

 स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण पर जोर, ग्रामीण क्षेत्रों के 5 सामुदायिक चिकित्सालय होंगे सुदृढ़

बाड़मेर, 23 जून। कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की बुधवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 5 बड़े सीएससी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर फोकस रहा।
इस मौके पर जिला कलक्टर ने कोरोना की दूसरी लहर के अनुभव के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के मद्देनजर तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि बाड़मेर तथा बालोतरा के अलावा जिले के 5 बड़े कस्बों बायतु, समदड़ी, गुडामालानी, धोरीमन्ना तथा चौहटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिक चिकित्सकीय सुविधाओं का विकास किया जाए। ये सभी सीएचसी पर 50 बेड युक्त है एवं सभी मे आक्सीजन प्लांट लगाए जा रहें है, जिन्हें जुलाई के दूसरे सप्ताह तक आरम्भ कर दिया जाए। इसके अलावा यहां विशेषज्ञ चिकित्सक नियुक्त कर बच्चों के लिए कोविड डेडिकेटेड वार्ड बना लिए जाए।
जिला कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर एव कोविड कन्सल्टेंट एवं सहायको की नियुक्ति एवं पदस्थापन की समीक्षा की। उन्होनें ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों के कोविड प्रबंधन, टीकाकरण एवं संभावित तीसरी कोविड लहर की पूर्व तैयारियों के बारे में समीक्षा की।
उन्होनें कहा कि तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए ऑक्सीजन प्लांट्स, ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर, मानव संसाधन सहित पर्याप्त आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होनें कहा कि ब्लॉक स्तर पर कोविड प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों के रख रखाव एवं संधारण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होनें कहा कि कोरोना के टीकाकरण में प्रगति के लिए आमजन में जागरूकता लाई जाए। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि बालकों के स्वस्थ विकास में टीकाकरण का विशेष महत्व है। उन्होनें कहा कि संचालित किए जा रहे रेगुलर इम्युनाइजेशन प्रोग्राम्स के तहत लगने वाले टीकों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए तथा बालकों के टीकाकरण से विभिन्न बिमारियों से बचाव के बारे में जानकारी भी दी जाए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल.विश्नोई ने कोरोना की तीसरी लहर की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एल मंसुरिया ने जिला अस्पताल, आरसीएचओ डॉ. प्रीतमोहिन्दर सिंह ने टीकाकरण के बारे में बताया। 
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी गुरूवार 24 जून को रामसर आएंगे

 नर्मदा नहर योजना का पानी पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे

बाड़मेर, 23 जून। राजस्व, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री हरीश चौधरी गुरूवार 24 जून को प्रातः 11 बजे रामसर पहंुचेंगे तथा रामसर में नर्मदा नहर योजना का पानी पहंुचने पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा पंचायत मुख्यालय पर जनसुनवाई करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार राजस्व मंत्री चौधरी 25 जून से 27 जून तक बाड़मेर जिले में रहेंगे तथा विभिन्न आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

-0-

कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने पर 133 लोगों पर 14,600 का जुर्माना

 बाड़मेर, 23 जून। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए मंगलवार 22 जून को जिले में 133 व्यक्तियों से कुल 14,600 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में मंगलवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 82 व्यक्तियों से 8200 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, चौहटन मंे 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, सेड़वा में 8 व्यक्तियों से 2000 रूपये, सिणधरी में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, शिव में 4 व्यक्तियों से 400 रूपये, गड़रारोड़ में 11 व्यक्तियों से 1200 रूपये, बालोतरा में 18 व्यक्तियों से 1800 रूपयेे तथा सिवाना में 4 व्यक्तियों से 400 रूपये को मिलाकर कुल 133 व्यक्तियों से 14,600 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में मंगलवार तक 82,897 व्यक्तियों से 1,39,52,076 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

सवा दो लाख पौधे लगाने को बनेगी कार्ययोजना

 स्थानीय प्रकृति के अनुसार होगा पौधों का चयन

बाड़मेर, 23 जून। जिले में सवा दो लाख पौधे लगाने को वृहत स्तर पर अभियान के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में बैठक का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा की सवा दो लाख पोधों के लिए जिले की विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। इसके लिए उन्होंने वन विभाग को टाइम लाइन के अनुरूप एक्शन प्लान तैयार करने को कहा।
उन्होंने पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता सुनिश्चित के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि पौधारोपण के पश्चात प्रत्येक पौधें के संरक्षण के लिए जिम्मेवारी तय की जाए। उन्होनें कहा कि सभी विभागीय कार्यालयों में आवश्यकतानुसार पौधें लगाए जाए। उन्होंने कहा कि जिले मे ब्लॉक स्तर तक पौधारोपण अभियान चलाकर ब्लॉक की स्थानीय परिस्थिति के अनुरूप पौधें की किस्म एवं प्रकृति का चयन करने हुए पौधें लगाए जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले की समस्त स्कूलों, आंगनवाडी केन्द्रों एवं सड़कों के किनारों पर पौधारोपण किया जाए। उन्होनें आंगनवाडी केन्द्रों पर पोषण वाटिकाओं को विकसित कर उनका संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को औषधिय पौधों के घर-घर वितरण के लिए समस्त व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व उप वन सरंक्षक संजय प्रकाश भादु ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई, सहायक वन सरंक्षक दीपक चौधरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-

तीन स्थानों पर और खुलेंगे पशु शिविर, 302 पशुओं का हो सकेगा संरक्षण

 आपदा में मिलेगी राहत


बाड़मेर, 23 जून। जिले की शिव एवं गडरारोड तहसील क्षेत्रों में अभावग्रस्त गांवों में पशुधन के संरक्षण के लिए तीन स्थानों पर और पशुशिविर खोले जाएंगे।
जिला कलक्टर (सहायता) लोक बन्धु ने बताया कि संवत् 2077 में अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों में लघु एवं सीमान्त कृषकों द्वारा अभाव अवधि के दौरान छोडे गये पशुओं के संरक्षण के लिए शिव तथा गडरारोड तहसील क्षेत्रों में कुल तीन स्थानों पर पशु शिविर खोले जाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन पशु शिविरों में 262 बड़े एवं 40 छोटे पशुओं सहित कुल 302 पशुओं का संरक्षण हो सकेगा। उन्होने बताया कि शिव तहसील क्षेत्र में ग्राम भैरूपुरा एवं नेगरड़ा तथा गडरारोड तहसील क्षेत्र में ग्राम पते का पार में पशु शिविर खोले जाने की स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

ग्राम जल स्वच्छता कमेटियों का शत प्रतिशत प्रशिक्षण सुनिश्चित करें - लोक बंधु

 जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित

जल जीवन मिशन के तहत 2303 गांवों के लिए कार्ययोजना स्वीकृत

बाड़मेर, 23 जून। बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्यों की मौजूदगी में जिला कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति के संबंध में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल स्वच्छता कमेटियों शत प्रतिशत प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2024 तक सभी को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल प्रदान करने की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत जिले में अनुमोदित कार्ययोजनाओं पर काम जल्द से जल्द शुरु करने के निर्देश दिए।
बाड़मेर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सरकारी भवनों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्वास्थ्य केन्द्रों में नल कनेक्शन के लिए प्रस्ताव पारित करने संबंधी तथा जिन ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत कार्य योजना स्वीकृत हो गई है उन गांवों में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति प्रशिक्षण को वरीयता के साथ पूरा किया जाए और आरएसएलडीसी की ओर से प्रशिक्षित लोगों की सूची प्रबंधन समिति व संबंधित विभागों को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने आईएमआईएस पोर्टल की सूचनाओं को अपडेट करने, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की सूची में 50 प्रतिशत महिलाओं की सदस्यता के साथ पुनः ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक मे जन स्वा. अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुरेश चंद्र जैन की ओर से जल जीवन मिशन के तहत बाड़मेर जिले में बाड़मेर ग्रामीण और बोडवा, आणदानियो की ढाणी, धन्नाणी मेघवालों की ढाणी, कांकडों की ढाणी गांव में कार्य शुरु हो चुका है और 14 गांवों के वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि 140 गांवों की कार्य योजना को स्वीकृति के लिए जयपुर में स्वीकृति के लिए लंबित कर दिया गया था, वही 2303 गांवों की कार्य योजना स्वीकृत हो चुकी है।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग खंड बाड़मेर के अधिशासी अभियंता सतवीर यादव, सोनाराम बेनीवाल, पवन परिहार, दीपाराम,डब्ल्यू एस एस ओ के जिला परामर्शदाता अशोक सिंह, वन, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, आरएसलडीसी, महिला एवं बाल अधिकारिक्ता विभाग, शिक्षा विभाग के संबंधित जिला अधिकारी मौजूद थे।
-0-




सीमावर्ती क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को हो पुख्ता प्रबंध-लोक बंधुसीमावर्ती क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को हो पुख्ता प्रबंध-लोक बंधु

 आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा

खरीफ की बुवाई के लिए शनिवार और रविवार को भी सहकारी भंडार खुले रहे

बाड़मेर, 23 जून। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रो में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु ने पेयजल विभाग को पुख्ता प्रबंध करने को कहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिले में पानी, बिजली, सड़क तथा चिकित्सा आदि अत्यावश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने यह बात कही। इस दौरान जिले में आवश्यक सेवाओं एवं राज्य सरकार के फ्लैग शिप कार्यक्रमो की विस्तृत समीक्षा की गई।
टीकाकरण की दूसरी डोज में तेजी लाए
जिला कलक्टर ने जिले में टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की तथा 45 प्लस आयुवर्ग के समस्त लोगों की दूसरी डोज बकाया होने पर उक्त लोगों की पंचायत एवं वार्डवार सूची बनाकर शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान आमजन को टीकाकरण के लिए जागरूक करें तथा उन्हें टीके के महत्व के बारे में भी बताए। उन्होनें कहा कि टीकाकरण के लिए पंचायत स्तर तक माइक्रो प्लानिंग कर शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
पेयजल आपूर्ति में लगे टेंकरों का हो प्रतिदिन सत्यापन
जिले के रामसर, गडरारोड एवं शिव के सीमावर्ती क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग को पुख्ता प्रबंध करने को कहा। उन्होनें कहा कि गर्मी के मौसम के मद्देनजर जिले में अंतिम छोर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होनें कहा कि टैंकरों द्वारा पेयजल आपूर्ति का सत्यापन सही तरीके से किया जाए। इस संबंध में उन्होनें समस्त उपखण्ड अधिकारियों को टैंकरों का प्रतिदिन सत्यापन करने को कहा। जिला कलक्टर ने नए ट्यूबवैल एवं हैंडपंप के खुदाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब हैंड पंप एवं ट्यूबवैल तुरंत दुरस्त कर रिपोर्ट करने को कहा।
कृषि विद्युत कनेक्शन शीघ्र हो जारी
आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली तंत्र को त्वरित कार्यवाही कर दुरस्त करने के साथ-साथ जिला कलक्टर ने कहा कि खराब जीएसएस एवं लाइनों की नियमित मरम्मत की जाए। स्कूलों में शत प्रतिशत विद्युतिकरण सुनिश्चित करें तथा बकाया कृषि कनेक्शन तुरंत जारी करने को कहा।
खरीफ की बुवाई में ना हो खाद-बीज की किल्लत
कलक्टर बंधु ने कड़े निर्देश दिए कि जिले में खरीफ की बुवाई के लिए कहीं भी किसानों को खाद एवं बीज की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े। सभी स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार उन्नत किस्म के बीज एवं उर्वरक उपलब्ध होने चाहिए। साथ ही बुवाई की सीजन के दौरान सहकारी भंडार एवं बिक्री केंद्र शनिवार एवं रविवार को भी खुले रखे।
इसके अलावा उन्होंने मानसून के दौरान सभी सम्बन्धित विभागों में कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
बारिश से पूर्व बड़े नालों की हो सफाई
उन्होनें नगर परिषद आयुक्त को बारिश से पूर्व नाली-नालों की सफाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की बारिश के बाद मरम्मत करने को कहा। उन्होनें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होनें पंाच स्थानों पर जनता क्लीनिक चिन्हिकरण कर प्रारम्भ करने तथा प्लास्टिक प्रतिबंधों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चि करने के निर्देश दिए।
सामाजिक सुरक्षा हो कारगर
जिला कलक्टर ने डोर-टू-डोर सर्वे में कोरोना से हुए अनाथ बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होनें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों को चिन्हित कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
सम्पर्क पोट्रल के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण
जिला कलक्टर नें राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज बकाया प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने खेद जताया कि छह माह से अधिक अवधि तक भी कई शिकायतें निस्तारित नहीं हो पाती हैं, ऐसे मामलो में जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होनें 30 दिन से अधिक समय के बकाया प्रकरणों का प्राथकमिता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपवन सरंक्षक संजय भादू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नाई, उपखंड अधिकारी रोहित चौहान, मेडिकल कॉलेज प्रचार्य डॉ आर के आसेरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल.विश्नोई सहित विभागीय जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थिति रहे।
-0-



मंगलवार, 22 जून 2021

राजीव गांधी लिफ्ट नहर परियोजना का तीसरा चरण स्वीकृत, 1,454 करोड़ खर्च होंगे

 राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया

बाड़मेर, 22 जून। राजीव गांधी लिफ्ट नहर परियोजना के तीसरे चरण की स्वीकृति पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री अशोक  गहलोत का आभार जताया है । इस परियोजना पर 1,454 करोड़ रुपए खर्च होंगे । इस परियोजना से जोधपुर शहर के अलावा बायतु विधानसभा क्षेत्र के पाटौदी पंचायत समिति के गांवो के साथ ही पचपदरा, समदड़ी व सिवाना के गांव भी लाभान्वित होंगे ।

राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार ने जोधपुर शहर के साथ-साथ पांच अन्य कस्बों तथा 2 हजार से अधिक गांवों के लिए पेयजल व्यवस्था सहित क्षेत्र की औद्योगिक आवश्यकताओं के लिए प्रस्तावित राजीव गांधी लिफ्ट नहर फेज-3 परियोजना को राज्य निधि से संचालित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस संबंध में 1,454 करोड़ रूपये लागत की इस परियोजना के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। उनके मुताबिक स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार, राजीव गांधी लिफ्ट नहर के तीसरे फेज की परियोजना जोधपुर शहर की वर्ष 2051 की आबादी तथा 5 अन्य कस्बों और 2104 गांवों सहित कुल 76.47 लाख जनसंख्या को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है। साथ ही, इससे इस क्षेत्र में प्रस्तावित दिल्ली-मुम्बई औद्योगिक गलियारा (डीएमआईसी), रोहट जिला पाली और रीको, जोधपुर में पानी की औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति किया जाना भी प्रस्तावित है। 

उल्लेखनीय है कि राजीव गांधी लिफ्ट नहर फेज-3 परियोजना के तहत इंदिरा गांधी मुख्य नहर से वर्तमान खुली नहर के समानान्तर 205 किलोमीटर लम्बी पाइपलाइन पर 4 पम्पिंग स्टेशन की मदद से पानी जोधपुर तक लाया जाएगा। इस परियोजना को पूर्व में जाइका के वित्त पोषण से किया जाना प्रस्तावित था। लेकिन जाइका से ऋण प्राप्ति 14 माह से अधिक समय से लम्बित होने के कारण परियोजना की लागत बढ़ती जा रही है। जापानी अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी जाइका से ऋण अनुबंध करने में अभी भी न्यूनतम 2 वर्ष का समय लग सकता है, जिससे कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ होने में 6-7 वर्ष लग जाएंगे। ऐसे में, परियोजना को राज्य निधि से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।  इस निर्णय से राजीव गांधी लिफ्ट नहर फेज-3 परियोजना की क्रियान्विति समय पर हो सकेगी। इसके परिणामस्वरूप, जोधपुर तथा पाली में बड़ी जनसंख्या को दीर्घावधि में पेयजल की उपलब्धता तथा क्षेत्र में औद्योगिक आवश्यकताओं के लिए पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

राजस्व मंत्री ने जताया आभार : इस योजना के अनुमोदन पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने सीएम अशोक गहलोत को आभार जताया है। राजस्व मंत्री चौधरी ने मुख्यमंत्री गहलोत को पत्र लिखकर धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना से बायतू विधानसभा क्षेत्र के पाटौदी, पचपदरा, समदड़ी व सिवाना के गांवो के जुड़ने से इन गाँवो में पेयजल समस्या नही रहेगी।

-0-


जल जीवन मिशन जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 23 जून बुधवार को

 बाड़मेर, 22 जून। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक जिला कलक्टर लोकबंधु यादव की अध्यक्षता में बुधवार को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जायेगी।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियन्ता सुरेश चंद्र जैन ने बताया कि बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल संबंधों की वस्तुस्थिति, मिशन के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की वस्तुस्थिति एवं प्रगति समीक्षा, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनवाडियों में पेयजल कनेक्शन, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों का गठन एवं प्रशिक्षण की प्रगति, आरएसएलडीसी के माध्यम से जिले में प्लम्बर, फीटर व इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण की प्रगति के साथ आगामी दिनों में जिले में आईएसए द्वारा किए जाने वाले कार्यों की पर चर्चा सहित अन्य बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया जाएगा।
-0-

कोरोना टीकाकरण महाअभियान एक दिन में लगाए 38 हजार टीके, बाड़मेर में बना रिकार्ड

 बाड़मेर, 22 जून। कोरोना टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत बाड़मेर जिले में मंगलवार का दिन मंगलमय रहा। इस दिन 38 हजार टिके लगाकर जिले में एक दिन का अधिकतम टीकाकरण रिकॉर्ड बनाया गया।

    जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले को सोमवार को 38 हजार वेक्सीन का आवंटन हुआ था, जो सभी 38 हजार टिके मंगलवार को लगा दिए गए हैं, जो कि एक दिन का अधिकतम रिकॉर्ड है। वही टीकों की कमी के चलते बुधवार को कई स्थानों पर वैक्सीनेशन साइटे बंद करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए जिले में तीव्र गति से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में वार्डवाइज टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वही ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत मुख्यालय पर टीकाकरण शिविर आयोजित हो रहे हैं। टीकाकरण के लिए पंचायत स्तर पर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं तथा सभी स्थानों पर छाया पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।
जिला कलक्टर ने बताया कि बुधवार से जिले के सभी वैक्सीन साइटो पर कोरोना टीकाकरण के साथ-साथ चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना का पंजीयन कार्य भी आरंभ किया जाएगा, ताकि वैक्सीन लगाने के लिए आने वाले लोगों का चिरंजीवी योजना के तहत पंजीयन किया जा सके।
  उन्होंने बताया कि अधिक संख्या में कोरोना टीके उपलबध होने पर टीकाकरण महाअभियान में बाड़मेर जिले में और भी रिकॉर्ड स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर की रोकथाम को एकमात्र उपाय अधिकतम आबादी का वैक्सीनेशन है एवं यह तभी संभव है जब जिले को पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध हो सके।
  जिला कलक्टर ने बताया कि यदि पर्याप्त संख्या में टीके उपलब्ध हो तो जिले में एक दिन में एक लाख से अधिक टीके लगाए जा सकते हैं और इस गति को और भी तेज किया जा सकता हैं।
-0-

कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने पर 153 लोगों पर 18 हजार का जुर्माना

 बाड़मेर, 22 जून। राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए सोमवार 21 जून को जिले में 153 व्यक्तियों से कुल 18,000 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गई है।

जिला मजिस्ट्रेट लोक बन्धु ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत जुर्माना राशि वसूल की जा रही है। उन्हांेने बताया कि जिले में सोमवार को उक्त अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस विभाग द्वारा 111 व्यक्तियों से 13,400 रुपये, उपखण्ड क्षेत्र बायतु में 2 व्यक्तियों से 200 रूपये, चौहटन मंे 3 व्यक्तियों से 700 रूपये, सेड़वा में 7 व्यक्तियों से 700 रूपये, शिव में 7 व्यक्तियों से 700 रूपये, बालोतरा में 17 व्यक्तियों से 1700 रूपयेे तथा सिवाना में 6 व्यक्तियों से 600 रूपये को मिलाकर कुल 153 व्यक्तियों से 18,000 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होने बताया कि जिले में सोमवार तक 82,766 व्यक्तियों से 1,39,37,476 रूपये की वूसली की जा चुकी है।
-0-

वैक्सीनेशन कैम्पस में होगा मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का पंजीयन

 बाड़मेर, 22 जून। जिले में आयोजित किए जा रहे वैक्सीनेशन कैम्पस में टीकाकरण के साथ-साथ मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का पंजीयन भी किया जाएगा।

जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे वैक्सीनेशन कैम्पस मे मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत पात्र लोगों को पंजीयन भी किया जाएगा। उन्होने आमजन से आह्वान किया है कि वे 5 लाख रूपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने वाली महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना’ में अधिकाधिक पंजीयन करवाएं।
-0-

घर-घर औषधी योजना, कार्य योजना हेतु टास्क फोर्स की बैठक 23 जून बुधवार को

 बाड़मेर, 22 जून। घर-घर औषधी योजना के क्रियान्वयन हेतु जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक बुधवार 23 जून को प्रातः 11.30 बजे आयोजित की जाएगी।

उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू ने बताया कि उक्त बैठक में योजनान्तर्गत पौधों की वितरण व्यवस्था, वितरण स्थलों का चिन्हीकरण, विभिन्न विभागों से सहयोग एवं प्रचार प्रसार के संबंध में चर्चा की जाएगी। उन्होने जिला स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्यों को निर्धारित समय पर बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए है।
-0-

बुधवार को महावीर नगर, रिक्को एवं एयर फोर्स फीडर की विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

 बाड़मेर, 22 जून। रख रखाव कार्य के कारण बुधवार 23 जून को 33 के.वि. महावीर नगर फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8 बजे से प्रातः 9ः10 बजे, 33 के.वि. रिक्को की प्रातः 9ः15 बजे से 10ः15 बजे  एवं 33 के.वि. एयर फोर्स की प्रातः 10ः30 बजे से 11ः30 बजे तक बंद रहेगी।

डिस्कॉम के सहायक अभियंता लक्ष्मीश हिरानी ने बताया कि बुधवार को 132 के.वि. जीएसएस बाड़मेर में 33 के.वि. महावीर नगर, रिक्को एवं एयरफोर्स फीडर्स के रखरखाव कार्य के कारण उक्तानुसार विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
-0-

खरीफ 2020 में 1 करोड़ 68 लाख से अधिक की कृषि आदान अनुदान राशि स्वीकृत

 फसल खराबे से आहत कृषक को राहत


बाड़मेर, 22 जून। जिले के अभावग्रस्त घोषित क्षेत्रों गडरारोड़, रामसर, शिव एवं चौहटन में प्रभावित विभिन्न श्रेणी के 1482 कृषकों को अभाव संवत् 2077 (खरीफ-2020) में कुल 1 करोड़ 68 लाख 5 हजार दस रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने हेतु प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि एसएमएफ कृषक श्रेणी में 50 से 75 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र रामसर के 165 कृषकों को 1220298 रूपये, गडरारोड़ के 30 कृषको 197681 रूपये, चौहटन के 10 कृषकों को 39168 रूपये एवं शिव के 284 कृषकों को 2173053 रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि एसएमएफ के अलावा कृषक श्रेणी में 33 से 50 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र गडरारोड़ में 41 कृषकों को 528740 रूपये तथा 50 से 75 फीसदी खराबे पर तहसील क्षेत्र शिव में 756 कृषकों को 10038738 रूपये, गडरारोड़ में 85 कृषकों को 1119892 रूपये, रामसर में 98 कृषकों को 1322880 रूपयें एवं चौहटन में 13 कृषकों को 164560 रूपये की कृषि आदान अनुदान राशि दिये जाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
-0-

संभागीय आयुक्त शर्मा 25 को वीसी के जरिये करेंगे कोविड टीकाकरण की समीक्षा

 बाड़मेर, 22 जून। संभागीय आयुक्त जोधपुर राजेश शर्मा शुक्रवार 25 जून को सायं 3 बजे वीडियों कांफ्रेसिंग के जरिये कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम समेत विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा एवं समीक्षा करेंगे।

  अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने बताया कि संभागीय आयुक्त जोधपुर राजेश शर्मा 25 जून को सायं 3 बजे वीडियों कांफ्रेसिंग के जरिये कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम, जिले के चिकित्सा इकाइयों में बच्चों के वार्ड हेतु की गई व्यवस्थाओं, नवीन मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की प्रगति, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के पंजीयन, जिले में अवाप्त/अवाप्ताधीन भूमि संबंधी प्रकरणों, जिले में वास कर रहे पाक विस्थापितों की समस्याओं के निराकरण समेत विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा एवं समीक्षा करेंगे। उन्होने संबंधित अधिकारियों को एजेंडा बिन्दुओं पर वांछित सूचनाएं तैयार कर 23 जून को सांय 5 बजे तक उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय पर वीसी में सम्मिलित होने के निर्देश दिए है।
-0-

विधायक शिव एवं जिला कलक्टर गुरूवार को रामसर में करेंगे पेयजल, विद्युत एवं कोविड वैक्सीनेशन की समीक्षा

 बाड़मेर, 22 जून। शिव विधायक अमीन खां एवं जिला कलक्टर लोकबन्धु गुरूवार 24 जून को प्रातः 11 बजे पंचायत समिति रामसर के सभाकक्ष में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, कोविड वैक्सीनेशन, डीएपी की उपलब्धता, क्षेत्र में विभिन्न भवनों एवं सड़क निर्माण कार्यो तथा विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे।

जिला कलक्टर लोकबन्धु ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट एवं आवश्यक सूचनाओं के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर पंचायत समिति रामसर के सभाकक्ष में उपस्थित होने के निर्देश दिए है। उन्होने उक्त समीक्षा बैठक में पंचायत समिति रामसर, गडरारोड एवं शिव के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, अधिशाषी अभियन्ता एवं सहायक अभियन्ता को भी उपस्थित होने निर्देशित करने के निर्देश दिए है।
-0-

शनिवार, 19 जून 2021

राजस्व मंत्री ने लिया फ़्लैग शिप योजनाओं का फीडबैक

 कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी की वर्चुअल समीक्षा

बाड़मेर, 19 जून। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने राज्य सरकार की फ़्लैगशिप योजनाओं का शनिवार को फीडबैक लिया तथा कोरोना की तीसरी लहर की तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की।

  राजस्व मंत्री चौधरी शनिवार को राजधानी जयपुर पर अपने आवास से कोरोना के 5 वें सर्वे से सम्बंधित वर्चुअल बैठक आयोजित कर पूर्व में किये गए सर्वे के लिए बायतु ब्लॉक के पीईईओ, बीएलओ एंव ग्राम स्तरीय कोर कमेटी की टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया और कोरोना वॉरियर्स के प्रयासों की सराहना भी की। 

 उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कोरोंना पर नियंत्रण पाया गया एंव अधिक जनहानि भी नही हुई। उन्होंने कहा कि पांचवे सर्वे में भी पीईईओ, बीएलओ के निर्देशन में इस बार सभी शिक्षक भी सर्वे का हिस्सा हैं इस सर्वे में परिवार की आधारभूत जानकारी, आईएलआई, कोविड मरीज के स्वास्थ्य जांच, सामाजिक सुरक्षा योजना आदि को सम्मलित किया गया हैं ।

   चौधरी ने बताया कि पालनहार योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना, एकल नारी सम्मान योजना, वर्द्धजन सम्मान पेंशन योजना, कोविड से परिवार मुखिया की मृत्यु होने पर स्वरोजगार हेतु स्माइल योजना सभी योजनाओं को इस सर्वे में शामिल किया गया हैं । 

 इस वर्चुअल बैठक में तहसीलदार सज्जन राम चौधरी, सीबीईओ रेखाराम सियाग, प्रदीप गोदारा समेत सभी पीईईओ व बीएलओ जुड़ें।

-0-




जिला कलेक्टर लोक बंधु ने किया सहकारी भंडारों का ओचक निरीक्षण

 खरीफ़ की बुवाई के लिए किसानों को ना हो खाद-बीज की किल्लत

पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने की दी हिदायत

बाड़मेर, 19 जून। जिले में मानसून की बारिश के बाद खरीफ़ की फसलों की बुवाई के लिए किसानों को खाद एवं बीज की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को सहकारी समितियो एवं भंडारो का औचक निरीक्षण किया।

     जिला कलेक्टर लोक बन्धु शनिवार दोपहर बाद सबसे पहले भाड़खा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण किया। उन्होंने यहा खाद- बीज की उपलब्धता की जानकारी ली तथा भंडार के स्टॉक का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि खरीफ की बुवाई से पूर्व किसानों को बाजरा, मूंग, मोठ, गवार एवं अन्य खरीफ़ की फसलों के उत्तम किस्म के बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए जाए। साथ ही सभी उर्वरक भी आवश्यकता एवं खपत के अनुसार हाजिर रखने को कहा। जिला कलेक्टर ने यूरिया, डीएपी, पोटाश, सुपर फॉस्फेट आदि फर्टिलाइजर की उपलब्धता की जानकारी ली एवं इनकी खपत के बारे में पूछताछ की।

     इसके बाद जिला कलेक्टर उपखंड मुख्यालय शिव पहुंचे, यहां उन्होंने क्रय विक्रय सहकारी समिति का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने शिव उपखण्ड क्षेत्र में खरीफ की फ़सलों की बुवाई के बारे में जानकारी ली एवं आवश्यकता के अनुसार खाद एवं बीज किसानों को उपलब्ध कराने की हिदायत दी।

    जिला मुख्यालय स्थित बाड़मेर क्रय विक्रय सहकारी समिति का भी शनिवार को जिला कलेक्टर लोक बंधु ने औचक निरीक्षण किया एवं कृषि मंडी में समिति के भंडार का निरीक्षण किया तथा खाद, बीज, पेस्टिसाइड के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने यूरिया की मांग के मद्देनजर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने की हिदायत दी। जिला कलेक्टर ने कहा कि खरीफ की सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े, इसलिए सहकारी समितिया समय रहते पूरी तैयारी कर ले एवं विशेष रूप से यूरिया एवं डीएपी का पूरा स्टॉक रखे।

    इस दौरान उपखंड अधिकारी रोहित चौहान, कृषि उपनिदेशक वी एस सोलंकी भी साथ रहे।

-0-






ले जन हनुत सिंह के नाम पर जालीपा सैन्य छावनी के मुख्य मार्ग का नामकरण

जिला कलेक्टर, विधायक एवं सैन्य अधिकारियों ने किया लोकार्पण

बाड़मेर, 19 जून। जालीपा सैन्य छावनी में बोगरा ब्रिगेड द्वारा बाड़मेर के जसोल निवासी महावीर चक्र विजेता स्वर्गीय लेफ्टिनेंट जनरल हनुत सिंह के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

  इस दौरान जालीपा सैनिक छावनी के मुख्य मार्ग का नाम बाड़मेर जिले के इस वीर योद्धा के नाम पर रखा गया। कार्यक्रम में ले जनरल हनुत सिंह के परिवार से रावत किशन सिंह एवं सेवानिवृत्त कर्नल एसएस देवड़ा, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोक बंधु, बीएसएफ डीआईजी विनीत कुमार, एयर फोर्स के ग्रुप कैप्टन एपी सिंह, रावत त्रिभुवन सिंह, सेवानिवृत्त कप्तान हीर सिंह सहित भूतपूर्व सैनिक शामिल हुए।

इस मौके पर रावत किशन सिंह जसोल ने जनरल साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन के कुछ प्रेरणादायक किस्सों का वर्णन किया। तदोपरांत जालीपा छावनी के कमाण्डर ब्रिगेडियर सलिल सेठ ने जिले के शहीदों को याद कर उन्हें नमन किया तथा बताया कि यह वर्ष 1971 युद्ध के स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में आगामी महीनों में बोगरा ब्रिगेड द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें सहभागिता हेतु बाड़मेर की जनता को आमंत्रित किया जाएगा। इसके पश्चात रावत किशन सिंह, विधायक मेवाराम जैन, ब्रिगेडियर सलिल सेठ, कमांडर बोगरा ब्रिगेड के साथ मार्ग के नामकरण का शिलान्यास किया गया।

-0-






लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...