सोमवार, 10 अक्टूबर 2022

चिरंजीवी मैराथन में उमड़ा युवाओ का हुजूम

स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश के साथ दौडे सैकड़ों युवा

स्कूल वर्ग में टीना और कॉलेज वर्ग में खुमाराम ने मारी बाजी
बाड़मेर, 10 अक्टूबर। स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश के साथ साथ मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के प्रचार प्रसार के लिए सोमवार सवेरे चिरंजीवी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने जोश के साथ भाग लिया।
मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सोमवार को प्रातः 7 बजे गांधी चौक से चिरंजीवी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह भाटी, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ चंद्रशेखर गजराज भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गजराज ने बताया कि चिरंजीवी मैराथन में चिरंजीवी योजना का संदेश देने के लिए यह आयोजन रखा गया है, जिसमें तीन वर्ग रखें गए। स्कूल वर्ग, कॉलेज वर्ग और आमजन का वर्ग शामिल किए गए। इसमें सर्वाधिक भागीदारी कॉलेज वर्ग में रही।
यह चिरंजीवी मैराथन गाँधी चौक से आरंभ होकर रेलवे स्टेशन, अहिंसा चौराहा, विवेकानंद सर्किल होते हुए नेहरू नगर फ्लाई ओवर होते हुए आदर्श स्टेडियम में समाप्त हुई।
मैराथन में विजेता रहे प्रतिभागियों को विजेताओं को 2100 रुपए देकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल वर्ग में टीना, कालेज वर्ग में खुमाराम एवं आमजन वर्ग में इमियो विजेता रही। सभी विजेता प्रतिभागियों को सोमवार सायं कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर लोक बंधु ने पुरस्कार वितरित किए। महिला वर्ग में प्रथम सुमन सारण, द्वितीय पुष्पा एवं तृतीय भगवती रही। वही पुरुष वर्ग में हरिराम चौधरी प्रथम, स्वरूप सिंह द्वितीय एवं मगसिंह तृतीय स्थान पर रहे।
मैराथन दौड़ में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों के लिए नगर परिषद की तरफ से टी शर्ट, अमर हॉस्पिटल की तरफ से कैप एवं मारूति डेयरी की तरफ से दूध एवं फल वितरित किए गए। इस दौरान पुलिस सहित स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
-0-














शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2022

जिला कलेक्टर ने रबी की बुवाई से पूर्व तैयारी की समीक्षा

 रबी फसलों हेतु कृषि आदानों की पर्याप्त हो प्रबंध

बाड़मेर, 07 अक्टूबर। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में आगामी रबी की फसल हेतु आदानों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रट सभागार बाडमेर में आयोजित की गई, जिसमें कृषि, सहकारिता,  उर्वरक आपूर्तिकर्ता, क्रय-विक्रय सहकारी समितियों एवं थोक उर्वरक विक्रेताओं से उर्वरकों की मांग एवं उपलब्धता की समीक्षा की गई।
इस मौके पर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जिलें में डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उर्वरक निर्माता कम्पनियों ईफको, एनएफएल एवं चम्बल फर्टीलाईजर्स के प्रतिनिधियों को मांग अनुसार आपूर्ति किये जाने हेतु समुचित व्यवस्था करने को कहा।
    जिला कलक्टर ने उर्वरक विक्रेताओं एवं कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक प्राप्त होते ही पी.ओ.एस. मशीन में ऑनलाईन स्टॉक का इन्द्राज किया जाना एवं पी.ओ.एस. से ही उर्वरक विक्रय सुनिश्चित किया जाये तथा पी.ओ.एस. की ऑनलाईन उपलब्धता व वास्तविक स्टॉक में किसी प्रकार की भिन्नता ना हों क्योंकि पी.ओ.एस. के ऑनलाईन स्टॉक के आधार पर ही केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा जिलें को उर्वरकों का आवंटन किया जाता है।
    कलक्टर बंधु ने कहा कि सिंगल सुपर फॉस्फेट एवं यूरिया डीएपी का बेहतर विकल्प है इससे फास्फोरस व नत्रजन के अतिरिक्त गंधक एवं केल्शियम भी मिलते है। अतः कृषकों को इसके प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाये तथा सभी क्रय-विक्रय सहकारी समिति एवं प्रमुख उर्वरक विक्रेता एक-एक ट्रक सुपर फॉस्फेट का स्टॉक आवश्यक रूप से रखें। रबी फसलों की बुवाई मुख्यतः दीपावली के उपरांत प्रारम्भ होगी तब तक आवश्यकता अनुसार उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाए।
इस दौरान उपनिदेशक विरेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि खरीफ में यूरिया एवं डीएपी की आपूर्ति मांग से अधिक हुई है तथा कृषकों के पास लगभग दस हजार टन यूरिया व दो हजार टन डीएपी का स्टॉक किया हुआ है। वर्तमान में 2500 टन यूरिया एवं 400 टन डीएपी थोक एवं खुदरा विक्रेताओं के पास उपलब्ध है व ईफकों द्वारा 350 टन एनपीके की आपूर्ति के आदेश जारी किये गये है।
इस दौरान राजस्थान स्टेट सीडस कॉर्पोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक बृजकिशोर द्विवेदी ने अवगत कराया कि निगम के पास सरसों, चना एवं गेहूं का प्रमाणित बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा मांग करने पर तीन दिवस में बीज की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जायेगी।
-0-




राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित

बाड़मेर, 07 अक्टूबर। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बाडमेर द्वारा राष्ट्रीय साइबर जागरुकता माह अक्टूबर, 2022 के अंतर्गत शुक्रवार को विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया। कार्यक्रम मे पुलिस उपअधीक्षक बाड़मेर रणवीरसिंह मुख्य अतिथि के रूप मे मौजूद रहे। कार्यक्रम सह-समन्वयक रोशन लाल जैन ने भारत सरकार द्वारा अक्टूबर 2022 साइबर जागरूकता माह मनाने के उद्देश्य को बनाते हुए मुख्य अतिथि का परिचय दिया ।

      जिला क्राइम सेल (डीसीआरबी) के महिपालसिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से साइबर अपराध के प्रकार, अपराध की थाने मे रीपोर्टिंग इत्यादि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की वितीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस उपअधीक्षक रणवीरसिंह ने साइबर क्राइम से संबंधित अपने व्यक्तिगत अनुभव तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा इन्टरनेट का उपयोग करते समय बरतने वाली सावधानियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया ।
      कार्यक्रम समन्वयक एवं विशेषज्ञ प्रशान्त जोशी ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नवीन साइबर अपराध सेक्सटोरशन, फिशिंग, सोशल मीडिया संबंधी अपराध व इनसे से सुरक्षा संबंधित तकनीकी ज्ञान तथा सावधानियों के बारे में विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया। रोशन लाल जैन ने विद्यार्थियों को डिजिटल डेटोक्स के बारे मे व्याख्यान दिया। श्रीमती ममता चौधरी ने मल्टी फेक्टर ऑथेन्टिकेशन व पासवर्ड सिक्योरिटी के बारे में अवगत कराया। संस्थान के प्राचार्य कमल पंवार ने अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा ऐसे कार्यक्रम को आज के समय की महती आवश्यकता बताया। उन्होंने यह भी बताया की यह कार्यक्रम आगामी दिनों मे शहर के विभिन्न महाविद्यालय व विद्यालयों मे आयोजित किया जाएगा ताकि अधिकाधिक साइबर जागरूकता का प्रसार हो। कार्यक्रम में संस्थान के प्रवक्ता ओमाराम, प्रियंका मीना एवं अमृत लाल का सहयोग रहा।
-0-

एक भी परिवार पंजीयन से नहीं रहे वंचित, खुद जिला कलेक्टर ने अपनी जेब से कराया पंजीयन

 मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना

बाड़मेर, 07 अक्टूबर। जिले में प्रत्येक परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के प्रयोजन से सभी का चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना में पंजीयन कराया जा रहा है।
    चिरंजीवी योजना में प्रत्येक परिवार के पंजीयन अभियान के अंतर्गत गरीब एवं आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर वर्ग के पंजीयन में खुद जिला कलेक्टर लोक बंधु खुद के निजी खर्च से भी पंजीयन करा रहे है। ऐसी ही एक गरीब विधवा कवली पत्नी स्वं बिजाराम निवासी देविलायरी, समदडी का जिला कलेक्टर लोक बंधु ने खुद 850 रुपये का भुगतान कर योजना में पंजीयन कराया। जिससे उसके पुत्र का एक निजी अस्पताल में मुफ्त उपचार आरम्भ हुआ।
    जिला कलेक्टर ने जिले के दानदाताओ, भामाशाहो और सम्पन्न वर्ग से सबके स्वास्थ्य के लिए आगे आकर कमजोर एवं विपन्नो का चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन करवा कर जिले को निरोगी बाड़मेर बनाने की मुहिम में सहयोग की अपील की है।
-0-

बाड़मेर को कुपोषण मुक्त करवाने में सबकी भागीदारी जरूरी

स्कूलों में बच्चों और किशोरों के लिए होगा मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण

बाडमेर, 07 अक्टूबर। एम बी सी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गांधी चौक बाडमेर के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अनमोल जीवन अभियान के तहत बच्चों और किशोरों के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण के मॉड्यूल का जिला कलक्टर लोक बन्धु ने विमोचन किया। इसका विद्यालयों में शनिवार को नो  बेग डे के दौरान उपयोग किया जाएगा।
  इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है। जितना वयस्कों के रूप में विकसित होने के लिए युवाओं को स्वस्थ्य भोजन और व्यायाम की आवश्यकता होती है। हमे खुश रखने में हमारे मानसिक स्वास्थ्य की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका हैं। इन प्रशिक्षण में आप अपने मानसिक स्वास्थ्य को यथासंभव फिट रखने के लिये उपयोगी हो सकेगे। जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में चल रहे मिशन सुरक्षा चक्र अभियान में भी अधिक से अधिक स्वंयसेवको को जुड़कर जिले को कुपोषण से मुक्त करने का संकल्प पूरा करना है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर को कुपोषण मुक्त करवाने में सबकी भागीदारी जरूरी है।
जिला युवा अधिकारी सचिन पाटोदिया ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक मानसिक प्रशिक्षण में आवश्यक मदद करेंगे। कार्यक्रम में एक्शन एड यूनिसेफ के जोनल समन्वयक विकाससिह ने बताया कि इस कार्य को आगे गति देने के लिए स्वंय सेवको के समूह की ओर से आगामी 3 माह में शनिवार को नो बेग डे के दिन 100 से अधिक विद्यालय में पहुँच कर मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन एमबीसी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता मुकेश व्यास ने किया।
  कार्यक्रम में अनमोल जीवन अभियान के श्रीमती वंदना गुप्ता, सुश्री चंदा फुलवारिया, मगसिंह राजपुरोहित सखी केंद्र से श्रीमती टीपु चौधरी ने भाग लिया।
  कार्यक्रम के अंत मे एमबीसी राजकीय विद्यालय के प्रधानचार्य कमलसिंह राणीगांव ने धन्यवाद ज्ञापित कर समापन्न किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक गण सहित एन.एस.एस. टीम सहित विद्यार्थियों ने भाग लिया ।
-0-








गांधीजी के विचारों को युवा पीढ़ी करें आत्मसात

गांधी दर्शन पर भजन व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

बाड़मेर, 07 अक्टूबर। गांधी सप्ताह के तहत शुक्रवार को भगवान महावीर टाउनहाल में गांधी दर्शन पर भजन व भाषण प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके सिद्धांतों पर विचार रखे एवं उनके प्रिय भजनों को प्रस्तुत किए।
  इस मौके पर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि वर्तमान समय में गांधीजी के आदर्शों पर चलने की जरूरत है। युवा पीढ़ी गांधी के विचार को आत्मसात करते हुए उनके उज्ज्वल पक्ष को आमजन तक पहुंचाए। उन्होंने बताया कि सत्य एवं अहिंसा के रास्ते पर चलना सबसे दुस्कर कार्य हैं, लेकिन इन पर चल कर व्यक्ति को आत्म सन्तुष्टि मिलती हैं। उन्होंने बच्चों से गांधीजी के सिद्धांतों का अधिकतम अध्ययन करने को कहा।
  इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई ने कहा कि कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन अपने आप बहुत बड़ी शिक्षा है। बापू के सपनों के भारत का निर्माण हम सब मिलकर पूरा करेंगे।
  भगवान महावीर टाउन हॉल में गांधी दर्शन विषयक ‘‘भाषण एवं गांधी भजन प्रतियोगियाएँ‘‘ आयोजित हुई। इस दौरान विजेता प्रतिभागियों को जिला कलक्टर लोक बंधु ने सम्मानित किया।
  कार्यक्रम में नगर विकास न्यास के सचिव शैलेश सुराणा, जिला युवा अधिकारी सचिन पाटोदिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तनु राम, शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के अमित बोहरा समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
-0-








गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022

‘गांधी अतीत ही नहीं भविष्य भी हैं‘ विषय पर सेमीनार आज

गांधीजी के सिद्धांतों और विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का लिया जाएगा संकल्प

बाड़मेर, 06 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित गांधी सप्ताह कार्यक्रमों के अन्तर्गत शुक्रवार को भगवान महावीर टाउन हॉल में ‘‘गांधी अतीत ही नहीं भविष्य भी है‘‘ विषय पर सेमीनार आयोजित की जाएगी।
    नगर विकास न्यास के सचिव शैलेष सुराणा ने बताया कि इस सेमीनार में वक्ताओं द्वारा गांधीजी के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए गांधीजी के सिद्धांतों और विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। इस दौरान गाँधीजी से सम्बंधित भजन भी प्रस्तुत किए जाएंगे। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में गांधी वादी विचारक, लेखक, साहित्यकार, गाँधी जयन्ति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयं सेवी संगठन के प्रतिनिधि और स्कूली छात्र भाग लेंगे।
-0-

सैनिक कल्याण कार्यालय बाड़मेर के कार्यक्षैत्र में जालोर जिला भी शामिल

बाड़मेर, 06 अक्टूबर। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल डी.एस. खंगारोत ने बताया कि वरिष्ठ शासन सचिव, सैनिक कल्याण विभाग राजस्थान सरकार द्वारा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बाडमेर का कार्यक्षेत्र बाडमेर व जालोर जिलों तक 23 सितम्बर से कर दिया गया है। अतः जालौर जिले के समस्त गौरव सैनानी एवं विरागनाओं के सैनिक कल्याणार्थ कार्य जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बाडमेर में किया जायेगा।

-0-

शहीद सैनिक के आश्रितो को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाएगी

बाड़मेर, 06 अक्टूबर। संयुक्त शासन सचिव, कार्मिक विभाग, राजस्थान जयपुर द्वारा 15 अगस्त, 1947 से 31 दिसम्बर, 1971 के दौरान शहीद सैनिक के परिवार में से एक आश्रित को अनुकम्पा नियुक्ति देने के आदेश जारी किए गए हैं।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल डी.एस. खंगारोत ने बताया कि 15 अगस्त, 1947 से 31 दिसम्बर, 1971 के दौरान शहीद सैनिक के पत्नि, पुत्र अथवा पुत्री, पौत्र अथवा पौत्री, दत्तक पुत्र अथवा दत्तक पुत्री अविवाहीत के मामले में भाई अथवा बहन, भाई का पुत्र अथवा पुत्री, बहन का पुत्र अथवा पुत्री भी अनुकम्पा नियुक्ति हेतु सक्षम अधिकारी का शहीद आश्रित होने का प्रमाण पत्र प्राप्त कर कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। नियोजन की कार्यवाही परिवार के सदस्यों में वरीयता क्रम में वरिष्ठतम को नियोजन की कार्यवाही पर विचार किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बाडमेर में सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

आई.टी.आई. चौहटन में प्रशिक्षण कार्य के लिए अतिथि अनुदेशकों हेतु आवेदन पत्र 10 अक्टूबर तक आमंत्रित

बाड़मेर, 06 अक्टूबर। आई.टी.आई. चौहटन में विभिन्न व्यवसायों में रिक्त पदों के विरूद्ध अतिथि अनुदेशक (च्नतमसल ज्मउचंतवतल ठंेपे) योजनान्तर्गत प्रशिक्षण देने के लिए सम्बन्धित व्यवसाय विद्युतकार अनुदेशक के पैनल तैयार करने हेतु निर्धारित विभागीय तकनीकी योग्यता के साथ-साथ कार्यानुभव रखने वाले अभ्यार्थी जिनकी आयु अधिकतम 18 से 65 वर्ष हो उनसे 10 अक्टूबर को प्रातः 10ः00 बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते है।

संस्थान के अधीक्षक राजकुमार ने बताया कि सेवानिवृत तकनीकी कार्मिक जो योग्यता रखते हैं, उन्हें पैनल तैयार करने में प्राथमिकता दी जायेगी। इच्छुक आवेदनकर्ता आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, दसवी अंकतालिका डिग्रीध्डिप्लोमा सम्बन्धित व्यवसाय में एन.सी.वी.टी. योजना से आई.टी.आई. एवं सी.टी.आई. उतीर्ण सहित आवश्यक एक, दो एवं तीन वर्षीय कार्यानुभव सहित पासपोर्ट साईज फोटो एवं बैंक पास बुक की प्रति संलग्न कर आवेदन पत्र आई.टी.आई. बाड़मेर में जमा करवाये जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पेनल तैयार करने हेतु मूल दस्तावेजों की जांच एवं साक्षात्कार 12 अक्टूबर को प्रातः 11ः00 बजे संस्थान परिसर बाडमेर में रखा गया है। पेनल में चयनित अतिथि अनुदेशक संस्थान में नियमित अनुदेशकों की नियुक्ति सत्र अवधि अथवा कालाश लिए जाने तक कार्य कर सकेंगे और प्रशिक्षण कार्य असंतोष पाये जाने पर तुरन्त हटाया जा सकता है। इस कार्य हेतु नियमानुसार मानदेय दिया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में राजकीय आई.टी.आई. बाडमेर से सम्पर्क किया जा सकता है।
-0-

संभावित वर्षा से खरीफ की फसलों में नुकसान से बचाव की सलाह

बाड़मेर, 06 अक्टूबर। जिलें में वर्तमान में खरीफ की फसलों की कटाई का कार्य जारी है। इस बीच मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के अनुसार राज्य के कई जिलों में आगामी दिनों में वर्षा की संभावना है। बाडमेर जिलें में भी 09 एवं 10 अक्टूबर को हल्की वर्षा की संभावित है।

उप निदेशक कृषि, विरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि किसानो को सलाह दी जाती है कि पककर तैयार हो चुकी फसलों को जल्द से जल्द काटकर सुरक्षित जगह पर भंडार करने की व्यवस्था करें तथा मौसम को देखते हुए यथासंभव 9 व 10 अक्टूबर को फसलों की कटाई एवं रबी फसलों की बुवाई नहीं करें। कटाई के बाद खेत में पड़ी फसलों में अधिक नुकसान की संभावना रहती है अतः जिन फसलों को पकने में अभी समय है उनकी कटाई 10 अक्टूबर के पश्चात करें। काटी हुई फसल की यदि थ्रेसिंग संभव नहीं हो सकें तो खलियान में इकट्ठा कर ढकने की व्यवस्था रखें ताकि संभावित वर्षा से फसलों को बचाया जा सकें। जो कृषक फसलों की गहाई के बाद विक्रय हेतु मंडी में ले जा रहे है यथासंभव 9 एवं 10 अक्टूबर को मंडी में नहीं ले जाये या फसलों को मंडी में सुरक्षित जगह पर रखना सुनिश्चित करें।
-0-

चिरंजीवी मैराथन सोमवार को

स्वास्थ्य सुरक्षा के संदेश को दौड़ेगा शहर

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
बाड़मेर, 06 अक्टूबर। जिला मुख्यालय पर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के संदेश एवं मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना की जागरूकता को सोमवार, 10 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे चिरंजीवी मैराथन दौड़ आयोजित की जाएंगी।
    जिला कलेक्टर लोक बंधु ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किये जाने के लिए जिला स्तर पर चिरंजीवी मैराथन दौड़ के संबंध में बैठक लेकर अलग अलग विभागों को विभिन्न उत्तरदायित्व सौपे एवं समय पर तैयारी पूरी करने को कहा।
जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिला मुख्यालय पर चिरंजीवी मैराथन दौड़ 10 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे गांधी चौक से प्रारम्भ होकर सर्किट हाउस तक फिर फ्लाई ओवर से होते हुए 80 फीट रोड़ महावीर नगर से होकर आदर्श स्टेडियम में समापन होगी। मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों के लिए चिरंजीवी लोगो वाली टी-शर्ट एवं कैप की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने चिरंजीवी योजना की प्रचार-प्रसार सामग्री, बैनर आदि मैराथन दौड़ के मार्ग में लगवाने, पेम्पलेट वितरण करवाने तथा मैराथन दौड़ रूट पर पानी व चिकित्सा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार का प्रावधान भी रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर गजराज ने बताया कि मैराथन दौड़ मे भाग लेने वाले प्रतिभागियों को श्रेणीनुसार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
-0-

रविवार, 2 अक्टूबर 2022

एक भी परिवार पंजीयन से नहीं रहे वंचित, सम्पन्नों से सहयोग की अपील

 मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना

खुद जिला कलेक्टर एवं विधायक ने अपनी जेब से कराया विपन्नो का पंजीयन

बाड़मेर, 02 अक्टूबर। गाँधी जयंती के मौके पर जिले में हर वार्ड एवं ग्राम में चिरंजीवी सभाए आयोजित की गई।

  इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु एवं गोसेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन ने इस योजना को विशेष कर गरीबों के लिए वरदान बताया तथा एक भी गरीब एवं विपन्न परिवार को योजना से वंचित नहीं रहने का आव्हान किया।यहां तक कि राणीगांव में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में खुद के निजी खर्च से गरीब परिवारो का पंजीयन भी कराया। प्रत्येक परिवार का मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन जरूर हो इसके लिए रानीगांव में आयोजित कार्यक्रम के दोरान 850 रूपए प्रीमियम वहन नही कर पाने वाले परिवार केवलराम, दुदाराम, लीलाराम एवं प्रकाश का विधायक मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोक बंधु, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश विश्नोई एवं बाड़मेर प्रधान श्रीमती पवन कंवर द्वारा स्वयं द्वारा 850 रूपए प्रीमियम भुगतान कर योजना से जोड़ा गया।

-0-


बाड़मेर जिले में गांधी जयंती पर चिरंजीवी सभाए आयोजित

स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर आमजन को किया गया जागरूक

जिले में 45 हजार लाभार्थियों का 24 करोड़ रुपये का नि:शुल्क ईलाज

गांव-गांव, घर-घर तक चिरंजीवी योजना के लाभ पहुंचाने का आव्हान

बाड़मेर, 02 अक्टूम्बर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष में रविवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में चिरंजीवी सभाओं का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में आमजन को जागरूक किया गया।

  जिला स्तरीय मुख्यमंत्री चिरंजीवी ग्राम सभा का आयोजन रानीगांव में गोसेवा आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक मेवाराम जैन एवं जिला कलक्टर लोकबंधू की अध्यक्षता में किया गया। 

  इस दौरान विधायक जैन ने कहा कि प्रत्येक परिवार की स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च की चिंताको कम करने में राज्य सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बिमा योजना कारगर साबित हुई है। राजस्थान सरकार का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य प्रदेश की चिकित्सा सेवाओ को मजबूत कर प्रत्येक परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। राजस्थान स्वास्थ्य सेवाओ की द्रष्टि से दुनिया में एक मोडल स्टेट के तोर पर अपनी पहचान कर रहा है | राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2021-22 में युनिवर्सल हेल्थ कवरेज की अनुपालना में प्रदेश में दिनांक 01 मई 2021 से मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत की गई | साथ ही इन सभाओं का उद्देश्य आमजन तकचिरंजीवी योजना की सही और संपूर्ण जानकारी को पहुंचाना है। इस अवसर पर योजना में पंजीयन से वंचित परिवारों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाना है। साथ ही योजना में पंजीकरण की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे मेंजानकारी दी गई । 

 इस मौके पर जिला कलक्टर लोक बंधू ने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रदेश में हर परिवार को दस लाख रुपए तक का बीमा कवर और पांच लाख रुपए दुर्घटना बीमा कवर दिया जा रहा है। यही नहीं योजना के तहत पंजीकृत परिवार को आगामी दो-तीन माह में स्मार्ट फोन भी दिया जाएगा, जिसमें तीन वर्ष तक की इंटरनेट सेवाएं देने की भी घोषणा की गई है। इसलिए सभी परिवारों को चाहिए कि वे इस योजना से अवश्य जुड़ें।

  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ चन्द्रशेखर गजराज ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने पर कैशलेस इलाज के लिए 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, जो राजस्थान के अलावा किसी अन्य राज्य में नहीं दिया जा रहा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, सामाजिक आर्थिक जनगणना के पात्र परिवार, लघु व सीमांत कृषकों, संविदा कर्मियों व कोविड-19 के दौरान अनुग्रह राशि प्राप्त करने वाले निराश्रित एवं असहाय परिवारों का पूरा बीमा प्रीमियम राशि राज्य सरकार दे रही है। अन्य परिवार 850 रूपए प्रति वर्ष प्रति परिवार के प्रीमियम पर योजना से जुड़ सकते हैं। योजना के तहत विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए 1633 पैकेज शामिल किए गए हैं। डॉ यशवंत चोहान नोडल चिरंजीवी जयपुर ने बताया की योजना से जुड़े निजी एवं सरकारी अस्पताल में लाभार्थी परिवार निशुल्क उपचार ले सकते हैं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के प्रत्येक लाभार्थी परिवार को दुर्घटना में होने वाले मृत्यु एवं स्थाई अपंगता भी पांच लाख रुपए तक के दुर्घटना बीमा में शामिल है। योजना में पंजीकरण एवं दुर्घटना बीमा का क्लेम के लिए नजदीकी ई मित्र पर संपर्क किया जा सकता है। एडिशनल सीएम्एचओ डॉ हरेन्द्र भाकर ने बताया की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से जिले में मई 2021 से अब तक 45 हजार नो सो से अधिक लाभार्थियों का 23 करोड़ 90 लाख से अधिक रूपये का नि:शुल्क ईलाज दिया जा चूका है |  

  कार्यक्रम के दोरान एसडीएम समुन्द्र सिंह भाटी, बीडीओ सुरेश, प्रधान प्रतिनिधि गिरधर सिंह, सरपंच रानीगांव कमल कँवर, जिला परिषद सदस्य उगम सिंह, एव जिला प्रशासन तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं रानीगांव ग्राम पंचायत के आमजन उपस्थित रहे।

-0-







गांधी जयंती पर जिले भर में सर्व धर्म प्रार्थना सभाएं आयोजित

बापू के प्रिय भजनों से गूंज उठी थार नगरी

गोसेवा आयोग अध्यक्ष और जिला कलेक्टर रहे मौजूद

बाड़मेर, 02 अक्तूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर रविवार को थार नगरी बाड़मेर बापू के प्रिय भजनों से गूंज उठी। इस अवसर पर जिले भर में सर्व धर्म प्रार्थना सभाएं आयोजित हुई। स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।

    जिला स्तरीय समारोह महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड पर आयोजित किया गया, जहां लगभग पांच हजार स्कूली विद्यार्थियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य गोसेवा आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक मेवाराम जैन

 थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जन्मदिन देशभर में उत्सव की तरह मनाया जाता है। अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को आजादी दिलाने वाले महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांतों को आज पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श सदैव प्रासंगिक रहेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अहिंसा के पथ पर चलना चाहिए, जिससे आपसी प्रेम और सौहार्द बना रहे।

   जैन ने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत और आदर्श युवा पीढ़ी तक पहुंचे, इसी उद्देश्य के साथ पूरे जिले में सर्व धर्म प्रार्थना सभाओं का एक समय पर आयोजन हुआ है। जिले में एक साथ लाखों बच्चों द्वारा बापू के सर्व धर्म सद्भाव का संदेश प्रदेश भर में पहुंचाया जा रहा है।

     इस अवसर पर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि वर्तमान समय में गांधीजी के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ जाती हैं। आज की सारी समस्याओं का समाधान गांधी दर्शन में समाहित है। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से की गई। 

   इस दौरान गोसेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन, जिला कलेक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, सभापति दीपक माली, बीसूका उपाध्यक्ष फतेह खान, गांधी जयंती संयोजक महावीर बोहरा, उप संयोजक अमित बोहरा, कौमी एकता कमेटी के धनराज जोशी, मोहम्मद नजीर समेत हाथों में तिरंगा थामे स्कूली बच्चे एवं आमजन मौजूद रहे। इसी तरह जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी 

ओम प्रकाश विश्नोई, नगर विकास न्यास सचिव शैलेष सुराणा, उपखण्ड अधिकारी समंदर सिंह, कोषाधिकारी जसराज चौहान, उपनिदेशक जसवंत गौड़, पुखराज सारण, श्रवण चौधरी समेत

सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

  कार्यक्रम की शुरुआत में गांधीजी के प्रिय भजनों से की गई। बाद में गांधीवादी विचारक एडवोकेट धनराज जोशी ने गांधी दर्शन पर प्रकाश डाला। वहीं ओम जोशी ने संचालन किया।

तिरंगा लहरा उल्लास झलकाया

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने समवेत स्वर में 'वैष्णव जन तो तेने कहिए, दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल, धर्म वही अच्छा तथा ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' गीतों का गायन किया। बीच-बीच में छात्रों ने तिरंगा लहरा कर उल्लास का प्रदर्शन किया।

बापू और शास्त्री को किया नमन

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की गई।इससे पहले शहर के विभिन्न क्षेत्रों से स्कूलों से विद्यार्थी कार्यक्रम स्थल पर हाथों में तिरंगा थाम कर पहुंचे। 

वहीं अनेक विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी का वेश धारण कर अहिंसा का संदेश प्रसारित किया।

-0-










शनिवार, 1 अक्टूबर 2022

कबड्डी महिला वर्ग में बायतु तथा हॉकी पुरुष वर्ग में रामसर जिला स्तर पर विजेता

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल

विजेता टीमें राज्य स्तर पर करेगी जिले का प्रतिनिधित्व


 बाड़मेर, 01 अक्टूबर। जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल प्रतियोगिताओं के तीसरे एवं अंतिम दिन सभी 6 खेलो में फाइनल मुकाबले खेले जा कर राज्य स्तर के लिए जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों की रूपरेखा तैयार हुई। 

 मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल 2022 के तृतीय चरण में जिला स्तरीय मुकाबले जिला मुख्यालय पर आयोजित किए गए। उन्होनें बताया कि शनिवार को जिला स्तरीय खेलों के तीसरेे दिन कबड्डी पुरुष वर्ग में फाईनल मुकाबले में गुडा़मालानी ने गडरारोड़ व महिला वर्ग में बायतु ने आडेल को हराकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शूटिंगबॉल में धोरीमन्ना ने कल्याणपुर को तथा वॉलीबाल के पुरुष वर्ग में गिड़ा ने बाड़मेर ग्रामीण को तथा महिला वर्ग में धनाउ ने सिवाना को, हॉकी पुरुष वर्ग में रामसर ने बाड़मेर को हराकर अव्वल स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का समापन समारोह भगवान महावीर टाउन हॉल में आयोजित किया गया जिसमें विजेता टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय मुकाबलों में विजेता रही टीमें आगामी दिनों में राज्य स्तर पर राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। 

-0-

जिला स्तरीय खेलकूद स्पर्धाओं का समापन, राज्य स्तर पर बाड़मेर को अव्वल रखने का आव्हान

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल

गोसेवा आयोग अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर ने किया विजेताओं को पुरस्कृत


बाड़मेर, 01अक्टूबर। जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के अन्तर्गत शनिवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन हुआ।

    जिला मुख्यालय पर भगवान महावीर टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन एवं जिला कलेक्टर लोक बंधु ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए एवं उनके राज्य स्तर पर जीत कर आने की कामना की।

    इस अवसर पर गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल खेलने से शरीर के साथ साथ मस्तिष्क भी स्वस्थ रहता है और मस्तिष्क स्वस्थ रहेगा तो शिक्षा एवं आगे बढने का मौका मिलेगा, इसी सोच के मद्देनजर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा इन खेलों की शुरूआत की गई है। उन्होने कहा कि पहले पंचायत स्तर पर तथा अब पंचायत समिति स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं सम्पन्न हो चुकी है, इसके बाद 10 अक्टूबर से राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा। जो भी अच्छा खेलेगा उनको आगे मौका मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है और विभिन्न भर्तीयों में मौका दिया जा रहा है।

जैन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा पूरे भारतवर्ष में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के रूप में राजस्थान में अनूठी व अच्छी शुरूआत की गई है जिसमें सभी नौजवानों, युवाओं, छात्रों, हर आयु वर्ग के लोगों को खेलने तथा अपनी प्रतिभा तरासने का मौका दिया गया है। साथ ही इससे ग्रामीणों का हैप्पीनेस इंडेक्स भी बढ़ा है।

  इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे लगातार खेलों का अभ्यास जारी रखें तथा आगे राज्य भी जीते और बाड़मेर जिले का नाम रोशन करें।

उन्होने कहा कि सभी युवाओं, नौजवानों, छात्रों एवं हर वर्ग के लोगों को खेलों को लाइफ स्टाइल में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय ने निरोगी राजस्थान का संकल्प लिया है, सपना देखा है उसी के तहत ग्रामीण ओलम्पिक खेल उसका एक पार्ट है। उन्होने राजीव गांधी ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों के माध्यम से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिकाधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। 

  इस अवसर पर गो सेवा आयोग अध्यक्ष मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोक बंधु समेत अतिथियों ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।

  कार्यक्रम में बाडमेर ग्रामीण प्रधान जेठी देवी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई,

 उपखण्ड अधिकारी समंदरसिंह समेत जनप्रतिनिधि,खेल प्रेमी, विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।  

-0-








 आज से होगा गांधी सप्ताह का आगाज

राष्ट्रपिता के सिद्धांत एवं सन्देश का होगा प्रचार- प्रसार


 बाड़मेर, 01अक्टूबर। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों एवं मूल्यों का आमजन तक सन्देश पहुचाने के लिए रविवार से गांधी सप्ताह का आगाज किया जाएगा।

     जिला कलेक्टर लोक बंधु के अनुसार शान्ति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती पर 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक गांधी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह के तहत जिला स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजित किये जाएगे।

  उनके अनुसार उन्होंने 2 अक्टूबर को विश्व अहिंसा दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धांजली सभा का आयोजन होगा। वहीं 3 अक्टूबर को गांधी भजन प्रतियोगिता, 4 अक्टूबर को गांधी दर्शन भाषण प्रतियोगिता व 5 अक्टूबर को ‘‘गांधी के सपनों का भारत‘‘ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन उपखण्ड स्तर पर होगा। इसी प्रकार 6 अक्टूबर को गांधी भजन प्रतियोगिता, 7 अक्टूबर को गांधी दर्शन प्रतियोगिता एवं 8 अक्टूबर को ‘‘गांधी अतीत ही नहीं, भविष्य भी है‘‘ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्तर पर किया जाएगा।

 जिला कलेक्टर ने जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी समस्त कार्यक्रमों में संयोजक, सह-संयोजक, जिला अहिंसा प्रकोष्ठ बाड़मेर से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल आयोजन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।

-0-

 आज गांधी जयंती पर सर्वत्र होगा गाँधीमय माहौल

जिलेभर में होगी सर्वधर्म प्रार्थना सभाए

चार लाख लोग एकत्र हो देंगे राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि


 बाड़मेर, 01 अक्टूबर। जिले में रविवार, दो अक्टूबर को गाँधी जयंती पर सर्वत्र माहौल गाँधीमय बन जाएगा। जब चार लाख लोगों की मौजूदगी में सर्वधर्म प्रार्थना सभा के द्वारा राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएंगी। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारिया की है।

   जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत विश्व अहिंसा दिवस के मौके पर 2 अक्टूबर को जिले भर में सर्वधर्म प्रार्थना सभाए आयोजित की जाएंगी। बाद में वार्डवार एवं ग्रामवार चिरंजीवी सभाए आयोजित की जाएंगी। साथ ही इस दिन से सप्ताह पर्यंत विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के जरिए गांधी वादी विचारों एवं सिद्धांतो से आमजन को अवगत कराया जाएगा।

  जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि रविवार को गांधी जयंती के मौके पर जिला स्तर, ब्लॉक स्तर एवं पंचायत स्तर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभाओ एवं श्रद्धांजलि सभाओ का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 9 बजे महात्मा गांधी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्टेशन रोड पर आयोजित होगा, जिसमें 6 हजार लोग भाग लेंगे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल से विशाल रैली निकाली जाएगी, जो गांधीजी के सिद्धान्तों एवं मूल्यों को आत्मसात करना का सन्देश देगी। इसी तरह जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर भी गाँधी जयंती पर सर्वधर्म प्रर्थना सभाए आयोजित होगी, जहां 2-2 हजार लोग भाग लेंगे। वही इस दिन प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में न्यूनतम 500 लोगो की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

   जिला कलेक्टर ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की एवं सम्बंधित विभागों को सुपुर्द कार्यो को समय पर पूर्ण करने को कहा।

  इस मौके पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की जयन्ति 02 अक्टूबर के उपलक्ष्य में जिले में प्रत्येक राजस्व ग्राम, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, उपखण्ड स्तर, जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के समस्त महाविद्यालय एवं विद्यालयों में सर्व धर्म प्रार्थना सभा के आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जाए।

-0-

शुक्रवार, 30 सितंबर 2022

अब पोषण ट्रेक के जरिए होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की मोनिटरिंग

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल वितरित

बाड़मेर, 30 सितम्बर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण अब मोबाइल एप के जरिए करेगा। इसके लिए जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शुक्रवार को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ओ को मोबाइल वितरित किए।
    जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में 35 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को एंड्रोयड मोबाइल वितरित किए। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित, विभागीय अधिकारी व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजुद रही।
-0-






डीएपी के स्थान पर एसएसपी के उपयोग की सलाह

पर्याप्त सल्फर के कारण बेहद उपयोगी

बाड़मेर, 30 सितम्बर। जिले मे रबी फसलों की बुवाई प्रारम्भ होने वाली है। जिले मे अधिकांश कृषकों द्वारा डीएपी एवं यूरिया उर्वरकों का प्रयोग किया जाता है। सिंगल सुपर फॉस्फेट एक फॅारफोरस युक्त उर्वरक है जिसमे 16 प्रतिषत फॅरफोरस एवं 11 प्रतिशत सल्फर की मात्रा पाई जाती है। सल्फर के कारण यह उर्वरक तिलहनी फसलों एवं जीरे मे अन्य उर्वरकों की अपेक्षा अधिक लाभदायक है।
उप निदेशक कृषि (विस्तार) वीरेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि एसएसपी डीएपी के अपेक्षा सस्ता एवं बाजार मे आसानी से उपलब्ध है, प्रति बैग डीएपी मे 23 किग्रा फॉस्फोरस एवं 9 किग्रा नत्रजम पाई जाती है। फॉस्फोरस, नत्रजम एवं सल्फर उपलब्ध कराने के लिये डीएपी व सल्फर के विकल्प के रूप मे यदि एसएसपी यूरिया का उपयोग किया जाता है तो कम मूल्य पर अधिक पोषक तत्व उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके लिये एक बैग डीएपी व 16 किग्रा सल्फर के विकल्प के रूप मे 3 बैग एसएसपी व 1 बैग यूरिया का प्रयोग किया जाता है तो कम मूल्य पर अधिक नाइट्रोजन फॉस्फोरस एवं सल्फर प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि सरसो के दाने सूडोल बनाने व तेल की मात्रा एवं उत्पादन बढाने तथा जीरे मे दाना मोटा, चमकिला एवं अधिक सुगंधित बनाने हेतु डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फॉस्फेट एवं यूरिया का उपयोग सस्ता एवं अधिक कारगर होता है।
-0-

अक्टूबर माह में पंजीयन कार्यालय प्रत्येक शनिवार को खुले रहेगें

शत प्रतिशत राजस्व लक्ष्यों को हासिल करने की कवायद
बाड़मेर, 30 सितम्बर। महानिरीक्षण पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग राजस्थान अजमेर के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 के लिये विभाग को आंवटित किये गये राजस्व लक्ष्यों को शत प्रतिशत अर्जित करने के लिए माह अक्टूबर में प्रत्येक शनिवार व 23 अक्टूबर रविवार को विभाग के समस्त उप महानिरीक्षण एवं पदेन कलक्टर (मुद्रांक) व समस्त पूर्णकालीन एवं पदेन उपपंजीयक के कार्यालय सामान्य कार्य दिवसों के समान खुले रहेंगे।
उप महानिरीक्षण पंजीयन एवं मुद्रांक वृत्त-बाड़मेर सुरेन्द्रसिंह मीना ने बताया कि इन राजकीय अवकाशों में सभी प्रकार के दस्तावेजों का पंजीयन, बकाया राशि की वसूली से सम्बन्धित समस्त कार्य, कलक्टर (मुद्रांक) कार्यालय के समस्त राजकीय कार्य सम्पादित किये जायेंगे।
-0-

आज से बाड़मेर से डूंगरपुर एवं अहमदाबाद के लिए नई बसें

 रोडवेज की शीतकालीन समय सारिणी

बाड़मेर, 30 सितम्बर। रोडवेज की शीतकालीन समय सारणी में बाड़मेर से दो नवीन बसों का एक अक्टूबर से संचालन प्रारम्भ किया जाएगा। ये डूंगरपुर एवं अहमदाबाद के लिए संचालित की जाएंगी।
मुख्य प्रबंधक उमेश नागर ने बताया कि बाड़मेर से प्रातः 07ः30 बजे रवाना होकर वाया धोरीमन्ना, साचौर, आबूरोड, अम्बाजी, खेडब्रहा, ईडर होते हुए सांय 06ः00 बजे डूंगरपुर पहंुचेगी तथा डंूगरपुर से अगले दिन प्रातः 08ः00 बजे रवाना होकर सांय 07ः30 बजे पुनः बाड़मेर पहुंचेगी। इसी प्रकार बाड़मेर से प्रातः 07ः00 बजे रवाना होकर वाया सिणधरी, सायला, भीनमाल, रानीवाडा होते हुए सांय 05ः00 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी तथा अहमदाबाद से अगले दिन प्रातः 08ः30 बजे रवाना होकर सांय 06ः00 बजे पुनः बाड़मेर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि शीतकालीन समय सारणी में एक अक्टूबर से बाड़मेर आगार द्वारा बाड़मेर से हरिद्वार वाया शिव, पोकरण, बीकानेर मार्ग पर संचालित निगम वाहन को बन्द किया जा रहा है।
उन्होने बताया कि उक्त मार्ग की ऑनलाईन बुकिंग राजस्थान रोडवेज की वेबसाईट तथा आरएसआरटीसी रिजर्वेशन एप पर कराई जा सकती है। ऑनलाईन बुकिंग पर 5 प्रतिशत कैशबैक  दिया जाएगा। उन्होने बताया कि ऑनलाईन टिकट की व्यवस्था नहीं हो तो बाड़मेर आगार बुकिंग काउण्टर अथवा परिचालक से टिकट जारी कराई जा सकती है। बस में चढ़ने से पहले यात्री परिचालक से स्टोपेज की जानकारी प्राप्त कर लेवें।
-0-

गांधी जयंती पर जिलेभर में आयोजित होंगे कार्यक्रम

सर्वधर्म प्रार्थना सभाओ के बाद होगी चिरंजीवी सभाए

बाड़मेर, 30 सितम्बर। गाँधी जयंती पर जिला स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभाओ का कार्यक्रम अब प्रातः 11 बजे के स्थान पर 09 बजे किया गया है। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने इस आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
  गाँधी जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों के सम्बंध में शुक्रवार को मुख्य सचिव श्रीमती ऊषा शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक कर आयोजन की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि बाड़मेर में 2 अक्टूबर को जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक एवं पंचायत मुख्यालयो पर भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से होगी, जिसके बाद चिरंजीवी सभाए आयोजित होगी। आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी के लिए व्यापक तैयारिया की जा रही हैं और सभी विभागों को दायित्वों का निर्धारण किया गया है। साथ ही व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है।
  जिला कलेक्टर ने बताया कि  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस 02 अक्टूबर को विश्व अहिंसा दिवस के अवसर पर जिला स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा कार्यक्रम प्रातः 11 बजे के स्थान पर अब प्रातः 09 बजे आयोजित की जाएंगी। साथ ही इस दिन से सप्ताह पर्यंत विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के जरिए गांधी वादी विचारों एवं सिद्धांतो से आमजन को अवगत कराया जाएगा।
    इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू भी मौजूद रहे।
-0-

गुरुवार, 29 सितंबर 2022

राजस्व अधिकारियों की बैठक अब शनिवार को

बकाया राजस्व वादों एवं कामों की होगी विस्तृत समीक्षा

बाड़मेर, 29 सितम्बर। राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में 30 सितम्बर शुक्रवार को प्रातः 9ः30 बजे निर्धारित वीडियों कांफ्रेसिंग के समय में अपरिहार्य कारणों से परिवर्तन कर शनिवार एक अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्व सबंधी कार्यो एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यो पर समीक्षा की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदसिंह रतनू ने बताया कि उक्त वीडियो कांफ्रेसिंग में राजस्व संबंघी निर्धारित बिन्दुओं पर समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को पूर्व एजेण्डा अनुसार पूर्ण तैयारी के साथ आवश्यक सूचनाओं सहित अपने अपने मुख्यालय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।  
-0-

बाड़मेर में 22 करोड़ की लागत से बनेगा नया टाउन हॉल, जिला कलेक्टर लोक बंधु ने किया निरीक्षण, दिए गुणवत्ता के निर्देश

बाड़मेर, 29 सितंबर। जिला मुख्यालय पर आगामी पच्चीस सालो की आवश्यकता के मद्देनजर नए टाउन हॉल का निर्माण किया जाएगा। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने गुरुवार को 22 करोड़ की लागत वाले प्रस्तावित टाउन हॉल का निरीक्षण किया।
    जिला कलेक्टर लोक बंधु ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत 22 करोड़ की लागत से बनने वाले टाउन हॉल का आदर्श स्टेडियम मे कार्य शुरू हुआ, जिसकी साईट का निरीक्षण गुरुवार को जिला कलेक्टर द्वारा किया गया।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने एवं गुणवत्ता का विषय ध्यान रखने के निर्देश दिए।
-0-



जिला स्तरीय स्पर्धाओं की विधिवत शुरुआत

 राजीव गांधी ग्रामीण ओलपिंक खेल

खेलकूद बिना समग्र विकास संभव नहीं - जैन
बाड़मेर, 29 सितम्बर। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओ का गुरुवार को आगाज हुआ। गोसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने जिला मुख्यालय पर आदर्श स्टेडियम में विधिवत रूप से खेलों का शुभारंभ किया।
    इस मौके पर गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने ध्वजारोहण कर राजीव गांधी ग्रामीण ओलपिंक के जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओ की औपचारिक घोषणा एवं मार्चपास्ट की सलामी ली तथा खिलाड़ियो को खेल भावना की शपथ दिलाई।
इस दौरान विधायक चौहटन पदमाराम मेघवाल, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, सभापति दीपक माली एवं जिला कलक्टर लोक बंधु भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गोसेवा आयोग अध्यक्ष एवं विधायक जैन ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों से प्रदेश में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भावना एवं सहयोग का माहौल बनेगा। उन्होने कहा कि इन खेलों से उत्सव जैसा वातावरण बना हैं क्योंकि इन खेलों में गांवों के हर आयु वर्ग के लोग एकजुट होकर उमंग एवं उत्साह से खेले एवं विभिन्न खेल देखकर लुत्फ उठाया। उन्होने राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में सभी प्रतिभागीयों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ सभी खेलों में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होने खेलों के दौरान राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं फ्लैगशिप कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार प्रसार किया गया ताकि ग्रामीणजन योजनाओं का लाभ उठा सके।
इस मौके पर विधायक पदमाराम मेघवाल ने कहा कि बड़े पैमाने पर खेलों के इस आयोजन से जिले में खेल कूद का नया माहौल बना एवं खिलाड़ियों में नए जोश एवं ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है केवल प्रोत्साहन की जरूरत है। इस दौरान जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि बड़े स्तर पर ग्रामीण खेलों के आयोजन से आपसी भाईचारे की भावना बढ़ाने का एक अवसर मिला। उन्होने कहा कि ग्रामीण ऑलम्पिक खेलों के माध्यम से राज्य सरकार की जनहेतिषी नीतियों एवं योजनाओं तथा फ्लैगशिप कार्यक्रमोें का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
  उन्होने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में कबड्डी, खो-खो, हॉकी, टेनिसबॉल क्रिकेट, वॉलीबॉल, और शूटिंग वॉलीबॉल खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
    कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह, प्रधान महेंद्र जानी समेत जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
-0-


























लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...