सोमवार, 8 फ़रवरी 2021

विभिन्न दुर्घटनाओं में पीड़ितों को बीस लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 बाड़मेर, 8 फरवरी। विभिन्न दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 21 व्यक्तियों को कुल बीस लाख बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि समदड़ी रोड़ निवासी स्व. विरेन्द्र पुत्र कल्याणसिंह रावणा राजपूत, कालूडी निवासी स्व. प्रवीण सिंह पुत्र जगदीश सिंह राजपुरोहित, गोदावास निवासी स्व. सूखाराम पुत्र हमीराराम जाट, ढण्ढ (मूंगड़ा) निवासी स्व. हरिराम पुत्र भेराराम भील, धतरवालों की ढाणी, बायतु भोपजी निवासी स्व. खमादेवी पत्नी देराजराम जाट, हिगडों की ढाणी हरखाली निवासी स्व. नगाराम पुत्र नखताराम मेघवाल, ईशरमो का तला भीमडा निवासी स्व. कैलाश कुमार पुत्र देराज राम जाट, नोसर निवासी स्व. रमेश पुत्र नगाराम सोनी एवं सगरमोणी गोदारों की ढाणी बायतु चिमनजी निवासी स्व. बाबु देवी पत्नी बालाराम जाट की विभिन्न दुर्घटनाओं में मृत्यु हो जाने के कारण उनके परिवार जनों को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार भीलों की ढाणी बारासण निवासी स्व. बालाराम पुत्र भाखराराम विश्नोई, खुडासा निवासी स्व. देवाराम पुत्र मेघाराम जाट, नवजी का पाना मातासर निवासी स्व. खेताराम पुत्र मटुराम जाट, लंगेरा निवासी स्व. जेठीदेवी पत्नी रूपाराम राईका, मुरटाला गाला महाबार पीथल निवासी स्व. देवीसिंह पुत्र सबलसिंह राजपूत, जैसिंधर गांव निवासी स्व. धीरसिंह पुत्र राजूसिंह राजपूत, रामदेव नगर निवासी स्व. बालमराम पुत्र मन्छाराम मेघवाल, रामदेव नगर निवासी स्व. केसाराम पुत्र भोजाराम मेघवाल, लखासर धारवीखुर्द निवासी स्व. केशराराम पुत्र जुगताराम बेलदार, मेहलु निवासी स्व. गौसाईराम पुत्र हीराराम जाट एवं सिणधरी चारणान निवासी स्व. अनिल पुत्र डायाराम गवारिया की विभिन्न दुर्घटनाओं में मृत्यु हो जाने के कारण उनके परिवार जनों को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं भीलों की ढाणी, बारासण निवासी दीपिका पुत्री बुधराम विश्नोई के सड़क दुर्घटना में घायल होने से उन्हें बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया आज नाकोड़ा में

बाडमेर, 8 फरवरी। खान एवं गोपालन विभाग मंत्री प्रमोद जैन भाया मंगलवार 9 फरवरी को जिले के नाकोड़ाजी में रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया मंगलवार 9 फरवरी को दोपहर 2 बजे नाकोड़ाजी से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
-0-

बीस सूत्री समीक्षा बैठक 10 को

 बाड़मेर, 8 फरवरी। बीस सूत्री आर्थिक कार्यक्रम 2020-21 के तहत आवंटित लक्ष्यों के विरूद्ध माह जनवरी 2021 तक अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 10 फरवरी को प्रातः 11 बजे कलक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने संबंधित अधिकारियों को माह जनवरी, 2021 तक अर्जित उपलब्धियों की सूचना के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित शहरी यातायात सुव्यवस्थित करने के हो इन्तजाम

बाडमेर, 8 फरवरी। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक मेवाराम जैन भी मौजूद रहें।

इस अवसर पर जिला कलक्टर मीणा ने शहर के भीड़भाड एवं व्यस्थतम क्षेत्रों में यातायात के पुख्ता इन्तजाम रखने के निर्देश दिए। कलक्टर ने कहा कि विवेकानन्द सर्किल से अंहिसा चौराहे एवं गांधी चौक तक सुव्यवस्थित यातायात की व्यवस्था की जाए। बाडमेर एवं बालोतरा में नो-पार्किग स्थलों पर किसी भी स्थिति में वाहन खड़े नही हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होने सिणधरी चौराहा एवं चोहटन चौराहा पर नो-पार्किग जोन बोर्ड लगाने एवं इसकी कड़ाई से पालना के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने जिला मुख्यालय पर वेडिंग जोनों के निर्धारण के संबंध में नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि वे निर्धारित स्थानों पर पीली लाइन से चिन्हिकरण करवाकर वहां पर वेडिंग जोन का बोर्ड लगाए तथा यह सुनिश्चित करे कि यहां निर्धारित स्थल पर ही ठेले वाले तथा खोमचे आदि वेंडर खडे रहें। जिले में हाई वे पर ब्लैक स्पोटो का चिन्हीकरण एवं जॉच कर शीध्र दुरस्तीकरण करने के निर्देश दिए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकें।
    इस मौके पर विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि शहर में दोनों मुख्य प्रवेश मार्गों पर स्थित सिणधरी चौराहे तथा चौहटन चौराहे पर यातायात की स्थिति अत्यंत खराब है तथा यहां पैदल चलना भी दुभर हो जाता है। उन्होंने दोनों चौराहा के ढाई सौ मीटर तक किसी भी बस तथा टैंपो के खड़े होने पर रोक लगाते हुए इस पर कड़ाई से पालना कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के भीतरी मार्गों पर भी यातायात को व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्यवाही की हिदायत दी।
बैठक मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, अधीक्षण अभियंता कपिल वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी नितिन बोहरा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
-0-





जिला पर्यावरण योजना की क्रियान्विति चरणबद्ध होगी माह में दो बार प्लास्टिक कैरीबैग के विरुद्ध अभियान

बाड़मेर, 8 फरवरी। जिला पर्यावरण योजना में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप क्रियान्विति सुनिश्चित करें। माह में दो बार प्लास्टिक कैरीबैग की रोकथाम के लिए औचक निरीक्षण कर सख्त कार्यवाही करें। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने सोमवार को आयोजित जिला पर्यावरण समिति के बैठक के दौरान ये बात कही।

इस दौरान जिला कलक्टर मीणा ने बाड़मेर एवं बालोतरा नगर परिषद क्षेत्रों में ठोस कचरे के निस्तारण के लिए कार्ययोजना अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि अस्पतालों में बायो मेडीकल वेस्ट एवं अन्य कचरें का निस्तारण कर अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चत करें ताकि मरीजों को उचित वातावरण मिल सकें। उन्होनें पॉलीथिन बैग के उपयोग पर पूर्ण रोकथाम के लिए सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होनें माह में दो बार औचक निरीक्षण कर प्लास्टिक कैरीबैग के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होनें बिना लाइसेंस वालें वेडर्स को हटानें की कार्यवाही करनें के निर्देश दिए तथा कहा कि सभी वेंडर्स को कचरा पात्र रखने के लिए पाबंद किया जाए ताकि कचरा ना फैलें। उन्होेने अवैध खनन एवं ध्वनि प्रदुषण की रोकथाम के लिए नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आमजन को राहत पहुंचाने की बात कही। उन्होनें सभी अधिकारियों को पर्यावरण के प्रति संवदेनशील रहते हुए कार्ययोजना के अनुरूप कार्य संपादित करने के निर्देश दिए ताकि जिले में पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखा जा सके।
इससे पूर्व सहायक वन संरक्षक दीपक चौधरी ने पर्यावरण योजना की बिंदुवार जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी, नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
-0-

रविवार, 7 फ़रवरी 2021

ग्रामीणों की वाजिब मांगो का समाधान जरूरी - चौधरी

राजस्व मंत्री पहुंचे किसानों एवं युवाओं की समस्याओं को सुनने

बाड़मेर, 07 फरवरी। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने रविवार को छीतर का पार में मंगला तेल क्षेत्र के वेलपेड 6 पर पिछले 16 दिनों से चल रहे धरना स्थल पर पहुंच कर किसानों एवं युवाओं की समस्याओं को सुना। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी धरने पर बैठे किसानों से मिलकर उनकी मांगों से अवगत हुए और उनकी मांगों को जायज मानते हुए मजबूती से पैरवी करने की बात कही। किसान संघर्ष समिति के तत्वाधान में केयर्न वेदान्ता कंपनी के खिलाफ चल रहे धरना स्थल पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने युवाओं एवं किसानों के हक की आवाज को कम्पनी के उच्च अधिकारियों के समक्ष तथा राज्य स्तर पर पैरवी करने में कोई कसर नही रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पांच सदस्यो का प्रतिनिधि मंडल का गठन किया जाए, जिससे कम्पनी के उच्च स्तर के अधिकारियों से वार्ता कर उचित फैसला लेने संबंधी योजना तय की जाए। राजस्व मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों की वाजिब मांगो ओर समस्याओं की दिशा में कम्पनी को झुकना ही पड़ेगा, चाहे यह धरना लंबा ही क्यों न खींच जाए। 

पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का हो गठन - चौधरी

राजस्व मंत्री ने धरने में मौजूद युवाओं एवं किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय किसानों व युवाओं का एक प्रतिनिधि मंडल का गठन कर कम्पनी के अधिकारियों एवं प्रशासन के साथ जिला स्तर पर बैठक कर तमाम समस्याओं का समाधान किया जाए। ताकि सभी  समस्याओ के समाधान की दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव व मजबूती के साथ आसपास गांवो के युवा व किसान एक जाजम पर बैठकर जो तय करेंगे, उसकी पैरवी प्रमुखता से करने का आश्वास्त किया।

इन समस्याओं से अवगत हुए राजस्व मंत्री 

केयर्न व वेदांता कम्पनी द्वारा तेल उत्खनन व अन्य गतिविधियों के दौरान जमीन में जोरदार ब्लास्ट करती है, जिससे जिससे आसपास के घरों में दरारें आ गई है व घर क्षतिग्रस्त होने लग गए है। वहीं कम्पनी की इन गतिविधियों से यहां खेतों का सिंचाई व पेयजल का पानी गंदा व विषैला हो गया है। वहीं कम्पनी ने यहां पौधारोपण व सीएसआर के रूप मे कोई धरातल पर कार्य नही किया है। किसानों की इन समस्याओ के बारे में आदर्श जाट महासभा के जिलाध्यक्ष डालूराम चौधरी ने विस्तृत रुप में किसानों एवं युवाओं के साथ कम्पनी द्वारा किए जा रहे अत्याचार के बारे में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को अवगत करवाया। इन सभी मांगो को जायज मानते हुए चौधरी ने तत्काल क्षेत्र के युवाओं व किसानों के साथ खड़ा रहकर हर कदम पर आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही।

इस मौके पर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने कहा कि कम्पनी की गतिविधियों से खेतों व घरों में हो रहा नुकसान चिंतनीय है, इसके समाधान लिए कम्पनी प्रशासन पर दबाव बनाया जायेगा। इस मौके पर मुकेश धतरवाल, बांकाराम धतरवाल, कोसरीया सरपंच रुगाराम सारण, पंचायत समिति सदस्य चूनाराम गोदारा, लक्ष्मण सिह गोदारा, समाज सेवी गोमाराम खोथ, पूर्व सरपंच जोगाराम सारण, आसूराम धतरवाल, कवरा राम गोरा उपस्थित रहे।

-0-


शनिवार, 6 फ़रवरी 2021

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2018 की काउंसलिंग 9 एवं 10 को

बाड़मेर, 6 जनवरी। तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 208 के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 9 एवं 10 फरवरी को भगवान महावीर टाउन हॉल बाड़मेर में होगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2018 के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 9 एवं 10 फरवरी को भगवान महावीर टाउन हॉल बाड़मेर में होगी। उन्होनें बताया कि प्रथम लेवल के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 9 फरवरी एवं द्वितीय लेवल के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 10 फरवरी को होगी। उन्होंने संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि को प्रातः 9.30 बजे उपस्थित होकर रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए है।
-0-

पंचायत पुनर्गठन से त्वरित गति से होगा विकास - चौधरी

 राजस्व मंत्री ने पंचायत समिति भवन धनाऊ का किया लोकार्पण


बाड़मेर, 6 फरवरी। राजस्व मंत्री चौधरी ने जिले के दौरे के दौरान शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होने सरहदी धनाऊ पंचायत समिति मुख्यालय पर नवनिर्मित पंचायत समिति भवन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवनों को जनता को समर्पित किया। साथ ही उन्होनें ग्राम पंचायत भवन खारावाला(चौहटन) के शिलान्यास समारोह में भी शिरकत की। उन्होने पोकरासर में जन सुनवाई कर प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शनिवार प्रातः राजस्व मंत्री चौधरी पोकरासर पहंुचे। जहां उन्होनें आमजन से मिलकर जनसुवाई की। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त मामलों को सुनकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए ताकि आमजन को राहत मिल सके। राजस्व मंत्री चौधरी नवसृजित पंचायत समिति भवन धनाऊ के लोकार्पण कार्यक्रम में पहंुचे। जहां राजस्व मंत्री हरीश चौधरी, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी एवं प्रधान शम्मा बानो ने नवसृजित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होनें सार्वजनिक स्वास्थ्य भवन का भी लोकार्पण किया। लोकार्पण के पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री चौधरी ने धनाऊ पंचायत समिति क्षेत्र के आमजनों को बधाई दी। उन्होनें कहा कि आमजन का कार्य अब त्वरित गति से संपादित किया जा सकेगा। राजस्व मंत्री चौधरी ग्राम पंचायत भवन खारावाला चौहटन के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। इसके बाद राजस्व मंत्री चौधरी केकड़ पहुँचे। यहाँ ग्राम पंचायत केकड़ में जन सुनवाई करने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान की धन्यवाद सभा में भाग लिया।
राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार के अड़ियल रवैए के चलते ही किसान आंदोलन बना हुआ है, लेकिन इतिहास गवाह है कि हर आंदोलन में किसान की ही जीत हुई है। इस बार भी भारत जीतेगा, किसान जीतेगा और पूंजीपति लोगों को हारना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में लाए गए तीनों कानूनों से किसान नहीं उपभोक्ता भी परेशान हैं। सरकार को यह कानून वापस लेने ही होंगे। उन्होनें कहा कि किसान आन्दोलन का समर्थन कर किसानों को उनका हक दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होनें कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हितों की रक्षा एवं उनके उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। उन्होनें बजट के संबंध में बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हमें सिर्फ नया कर्ज लेने में छूट दी है। इसके अतिरिक्त राजस्थान को कुछ नहीं मिला, जबकि राजस्थान का बहुत बड़ा हक था।
चौधरी ने कहा कि पूर्व में केंद्र से जुड़ी योजनाओं में राजस्थान को 90 फीसदी अनुदान मिलता था, जिसे अब घटाकर 50 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा पिछड़े जिलों को लेकर जो केंद्र की योजनाएं थी, उन्हें बंद कर दिया गया है या उनके अनुदान को इतना कम कर दिया है कि योजना का महत्व खत्म हो गया।
इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ है। उन्होनें राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं में हर जरूरतमंद को लाभ पहुंचाने की बात कही। इस दौरान चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व मंत्री गफूर अहमद, फतेह खां, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
-0-

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2021

राजस्व मंत्री चौधरी आज धनाऊ पंचायत समिति का लोकार्पण करेंगे

बाड़मेर, 5 फरवरी। राजस्व, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री हरीश चौधरी शनिवार 6 फरवरी को बाड़मेर में विभिन्न कार्यकर्मो में भाग लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजस्व मंत्री चौधरी शनिवार 6 फरवरी को बाड़मेर से प्रातः  9.30 बजे प्रस्थान कर प्रातः 11 बजे पोकरासर पहुंच जन सुनवाई करेंगे। इसके पश्चात् दोपहर 12 बजे धनाऊ पंचायत समिति भवन का लोकार्पण करेंगे। राजस्व मंत्री चौधरी दोपहर 1.30 बजे ग्राम पंचायत केकड़ में जन सुनवाई करने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान की धन्यवाद सभा में भाग लेंगे तथा इसके बाद बाडमेर पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे।
-0-

राजस्व मंत्री चौधरी ने किसानों से किया संवाद

बाड़मेर, 5 फरवरी। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने शुक्रवार को पाटोदी के चम्पाबेरी, मुकुनपुरा एवं खारापार में किसानों से मिलकर संवाद किया तथा राष्ट्रव्यापी किसान आंदोलन में किसानों का साथ देने की बात कही।

राजस्व मंत्री चौधरी ने किसानों से मिलकर उनकी बात सुनी। उन्होने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है तथा किसानों के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। उन्होनें नवीन कृर्षि बिलों के संबंध में किसानों से वार्ता की तथा किसान आंदोलन को मजबूत करने की बात कही। उन्होने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ है।
इस दौरान राजस्व मंत्री चौधरी ने कहा कि किसान आन्दोलन का समर्थन कर किसानों को उनका हक दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। जनसम्पर्क के जरिए क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से अवगत होकर किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होनें राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठें व्यक्ति तक पहुंचाने के राज्य सरकार के संकल्प के अनुरूप किए गए कार्यो से किसानों को अवगत कराया तथा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।
  इस दौरान जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने किसानों के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया।
-0-

सड़क हादसों में पीड़ितों को पांच लाख बीस हजार की आर्थिक सहायता स्वीकृत

बाड़मेर, 5 फरवरी। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से 6 व्यक्तियों को कुल पांच लाख बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

जिला कलक्टर आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विश्राम मीणा ने बताया कि नेहरू नगर, बाड़मेर निवासी स्व. रणजीत भवानी पुत्र जोगाराम भील, राणीगांव निवासी स्व. स्वरूपसिंह पुत्र नाथूसिंह रावणा राजपूत, नई राणेरी निवासी स्व. मगाराम पुत्र सवाईराम मेघवाल, सिणधरी चारणान निवासी स्व. आरती उर्फ सविता पुत्री गोरधनराम गवारिया तथा बायतू भोपजी निवासी स्व. स्वरूप कुमार पुत्र राणाराम राव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के कारण उनके परिवार जनों को राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार खारा महेचान निवासी मांगीलाल पुत्र रूपाराम प्रजापत के सड़क दुर्घटना में घायल होने से उन्हें बीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
-0-

स्वच्छ भारत मिशन प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित

बाड़मेर, 5 फरवरी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अन्तर्गत प्रबंधन समिति की बैठक मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में आयोजित हुई।

इस दौरान बैठक में जिले के प्रत्येक ब्लॉक के द्वितीय चरण हेतु चयनित 10-10 गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के कार्यो की परियोजना प्रतिवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होनें जन समुदाय मंे स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता लाने के प्रयासों पर जोर देने की बात कही। इस अवसर पर उन्होने कहा कि कचरे का सही इस्तेमाल करके इसकी वजह से उत्पन्न होने वाली समस्याआंे का समाधान किया जा सकता है। उन्हांेने कहा कि गांवों को साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यवस्थित कचरा प्रबंधन बेहद जरूरी है।
-0-

जिला परिषद द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक 13 को

बाडमेर, 5 फरवरी। जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में शनिवार 13 जनवरी को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि उक्त बैठक में बीएडीपी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री बीपीएल आवास, महात्मा गांधी नरेगा, राजीव गांधी जल संचय योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उन्होने संबंधित अधिकारियों को वांछित सूचनाओं के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

राजस्व अधिकारियों की बैठक 13 को

बाड़मेर, 5 फरवरी। राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 13 फरवरी को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्व सबंधी निर्धारित बिन्दुओं सहित राज्य सरकार द्वारा संचालित गतिविधियों एवं कार्यो की समीक्षा की जाएगी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश विश्नोई ने राजस्व अधिकारियों को एजेण्डा अनुसार 31 जनवरी, 2021 तक की सूचनाएं निर्धारित प्रपत्रों में तैयार कर 8 फरवरी, 2021 को प्रातः 10 बजे तक भिजवाने तथा निर्धारित दिनांक एवं समय पर वांछित सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

गुरुवार, 4 फ़रवरी 2021

बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं योजना के क्रियान्वयन हेतु टास्क फोर्स की बैठक 9 को

बाड़मेर, 4 फरवरी। बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजना के क्रियान्वयन एवं सूत्रण हेतु गठित टास्क फोर्स की बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 9 फरवरी को दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रहलादसिंह राजपुरोहित ने जिला टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्धारित समय पर बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है।
-0-

राजस्व मंत्री हरीश चौधरी शुक्रवार 5 फरवरी को बायतु में जनसुनवाई करेंगे

बाड़मेर, 4 फरवरी। राजस्व, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री हरीश चौधरी शुक्रवार 5 फरवरी को बाड़मेर आएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजस्व मंत्री चौधरी जोधपुर से दोपहर 12 बजे प्रस्थान कर दोपहर 2 बजे बायतु पहंुचेगे तथा बायतु पंचायत समिति क्षेत्र में आमजन से रूबरू होकर उनकी जन समस्याएं सुनेंगे तथा रात्रि विश्राम बाड़मेर में करेंगे। राजस्व मंत्री चौधरी शनिवार 6 फरवरी को बाड़मेर से प्रातः 9.30 बजे प्रस्थान कर प्रातः 11 बजे पोकरासर पहुंच जन सुनवाई करेंगे। इसके पश्चात् दोपहर 12 बजे धनाऊ पंचायत समिति भवन का लोकार्पण करेंगे। राजस्व मंत्री चौधरी दोपहर 1.30 बजे ग्राम पंचायत केकड़ में जन सुनवाई करने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान की धन्यवाद सभा में भाग लेंगे तथा इसके बाद बाडमेर पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे।
-0-

अवैध बजरी एवं ग्रिट का 200 टन स्टॉक जब्त

प्रशासन की ओर से हटाए गए अतिक्रमण में मिला बजरी का अवैध स्टॉक


बाड़मेर, 04 फरवरी। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को गेहूं रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान बजरी का अवैध स्टॉक मिला। इस पर खनि अभियंता गोरधन राम ने बजरी एवं ग्रिट का 200 टन स्टॉक जब्त किया।
खनि अभियंता गोरधन राम ने बताया कि गेहु रोड़ पहूँचे दस्ते ने पाया कि राजकीय भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से खनिज बजरी का स्टॉक किया हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर गृह रक्षा दल के सुरक्षा दस्ते के साथ मौके पर जाकर जांच की गई। जांच करने पर पाया कि  राजकीय भूमि पर अतिक्रमण करके स्थानीय लोगो की ओर से बजरी तथा ग्रिट का स्टॉक करके अलग-अलग लोगो को बेचा जा रहा है। मौके पर पपू उर्फ विजयसिह पुत्र राणसिह निवासी रायकॉलोनी, बाडमेर ने बताया कि वह खनिजों की ट्रेडिग रॉयल्टी पेड खनिज प्राप्त करके करता है। खनि अभियंता ने बताया कि मौके पर खनिज स्टॉक स्थल के दस्तावेज तथा स्टॉक की परमिशन नही पाई गई, जिस पर तकनीकी दल ने खनिज बजरी एवं ग्रिट का स्टॉक लगभग 200 टन को जब्त किया है। उनके मुताबिक अवैध स्टॉककर्ताओं के विरूद्व नियमानुसार कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
-0-

नगर परिषद एवं वन विभाग की भूमि से हटाया अतिक्रमण

बाड़मेर, 4 फरवरी। जिला मुख्यालय पर गुरूवार को नगर परिषद एवं वन विभाग बाड़मेर के अतिक्रमण रोधी दस्ते द्वारा हिंगलाज मंदिर के पास वन विभाग की भूमि एवं महावीर सर्किल के पास परिषद की भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।

नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि गुरूवार 4 फरवरी को हिंगलाज मंदिर के पास वन विभाग की भूमि तथा परिषद के महावीर सर्किल के पास स्थित खसरा संख्या 1431/7 में
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। खसरा संख्या 1431/7 में परिषद द्वारा परिषद की करीबन 1 करोड़ रूपये की भूमि को अतिक्रमणियों से मुक्त करवाया गया।  
शर्मा ने बताया की उक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कोई भी व्यक्ति भूखंड खरीदने से पहले भूखंड के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की जांच अवश्य करें एवं भू माफियाओं से सरकारी भूमि नहीं खरीदें।
-0-

स्वच्छ भारत मिशन प्रबंधन समिति की बैठक शुक्रवार 5 फरवरी को

बाड़मेर, 4 फरवरी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अन्तर्गत प्रबंधन समिति की बैठक जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार 5 फरवरी को सांय 3 बजे कलक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में आयोजित की जाएगी।

जिला परिषद बाड़मेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने बताया कि उक्त बैठक में जिले के प्रत्येक ब्लॉक के द्वितीय चरण हेतु चयनित 10-10 गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के कार्यो की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन का अनुमोदन किया जाना प्रस्तावित है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को उक्त बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

उदयपुर सेना भर्ती रैली 8 फरवरी से

बाड़मेर, 4 फरवरी। उदयपुर में 8 फरवरी से 27 फरवरी तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।

कर्नल आर्मी रिक्रुटिंग ऑफिस, जोधपुर ने बताया कि बाड़मेर जिले के अभ्यर्थीयों के लिए सैनिक तकनीक एवं सैनिक सीएलके/एसकेटी पदों के लिए 8 फरवरी तथा सैनिक ट्रेडसमैन पद के लिए 11 फरवरी को उदयपुर में भर्ती रैली आयोजित होगी। इसी प्रकार सैनिक जीडी पद के लिए 17 फरवरी को बाड़मेर जिले की शिव, बायतु, पचपदरा, सिवाना, गुडामालानी, बाड़मेर, रामसर, चौहटन, बालोतरा एवं समदड़ी तहसीलों के अभ्यर्थियों तथा 18 फरवरी को धोरीमन्ना, गड़रारोड, गिडा, सिणधरी एवं सेड़वा तहसीलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित होगी।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...