मंगलवार, 18 दिसंबर 2018

उत्तर मैट्रिक छात्रवृति ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी तक


                बाड़मेर, 18 दिसंबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वर्ष 2018-19 में राजस्थान के मूल निवासियों के लिए अनुसूचित जाति, अनु. जनजाति, अन्य पिछडा र्वर्ग आदि वर्गो के राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं एवं राष्ट्रीय स्तर की राजकीय शिक्षण संस्थाओं के कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों से उत्तर मैट्रिक छात्रवृति के ऑनलाईन आवेदन 31 जनवरी, 2019 तक मांगे गए हैं। 
                सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ने बताया कि राजस्थान के मूल निवासियों के लिए अनुसूचित जाति, अनु. जनजाति, विशेष समूह योजना (पूर्व में विशेष पिछड़ा वर्ग), अन्य पिछड़ा र्वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्वघुमन्तु, मुख्यमंत्री सर्वजन उच्च शिक्षा उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजनाओं में राज्य की राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं एवं राज्य के बाहर की राजकीय एवं राष्ट्रीय स्तर की राजकीय मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के पाठ्यक्रमों में प्रवेशित व अध्ययनरत शिक्षण संस्थाओं की कक्षा 11 एवं 12 के केवल राजकीय शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा 01 दिसम्बर, 2018 से विभाग की वेबसाईट पर ऑनलाईन आवेदन किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2019 है। उन्होंने बताया कि उत्तर मैट्रिक छात्रवृति हेतु विद्यार्थियों द्वारा पंजीकरण कर पेपरलेस ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2019 है तथा शिक्षण संस्थान को विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाईन प्राप्त आवेदन पत्रों को स्वीकृतकर्ता अधिकारियों को अग्रेषित करने की अंतिम तिथि 05 फरवरी, 2019 है। नवीन छात्रवृति पोर्टल 2018-19 पर उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजनाओं में पेपरलेस ऑनलाईन आवेदन करने हेतु शिक्षण संस्थाओं एवं विद्यार्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट www.sje.rajasthan.gov.in, oa www.scholarship.rajasthan.gov.in पर देखा जा सकता है।

128वीं पैदल वाहिनी में विभिन्न पदों पर भर्ती


                बाड़मेर, 18 दिसंबर। 128 वीं पैदल वाहिनी प्रादेशिक सेना पर्यावरण, राज रिफ में विभिन्न पदों पर भर्ती आयोजित की जा रही है। यह भर्ती बटालियन मुख्यालय, आर.सी.पी. कॉलोनी, श्री मोहनगढ़, जिला जैसलमेर में 7 से 10 जनवरी 2019 तक आयोजित की जाएगी।
                128 वीं पैदल वाहिनी प्रादेशिक सेना पर्यावरण, राज रिफ के प्रशासक तथा क्वार्टर मास्टर ने बताया कि इस भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए प्रदेश के भूतपूर्व सैनिक और केन्द्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय तथा राज्य सरकार के वन विभाग से सेवानिवृत महिलाएं पात्र हैं। उन्होंने बताया कि सपोर्ट स्टाफ, रसोईया, रसोईया स्पेशल, धोबी, खाती, लिपिक तथा सिपाही सामान्य ड्यूटी सहित कुल सात प्रकार पदों पर दो सौ दस भर्तियां की जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु पचास वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही सेवा से रिटायर हुए उन्हें पांच वर्ष से अधिक का समय नहीं होना चाहिए तथा 20 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर चुके हों। चरित्र प्रमाण पत्र उदाहरणीय या बहुत अच्छा और मेडिकल श्रेणी शेप-1 होना आवश्यक है। आवेदक को अपने साथ डिस्चार्ज बुक की मूल प्रति, पेंशन भुगतान आदेश की मूल प्रति तथा आठ पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए 128वीं प्रादेशिक सेना पर्यावरण, राज रिफ के टेलिफोन नम्बर 02997-228437 पर संपर्क कर सकते हैं।

विकास योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करें


मनरेगा में अधिकाधिक श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश

                बाड़मेर, 18 दिसंबर। ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करवाते हुए आमजन को राहत प्रदान करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने मंगलवार को अटल सेवा केन्द्र के कांफ्रेंस हॉल में ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
                जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालू राम ने कहा कि समस्त कार्यकारी एजेंसियां अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि जो कार्य पूरे हो चुके है , उनके कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अतिशीघ्र भिजवाएं। कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र भिजवाने से पहले कार्य के फोटो के साथ उसका परिसंपति रजिस्टर में भी इंद्राज किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रगतिरत कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी समय भिजवाएं जाएं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगतिरत कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकारी एजेंसियों के बीएडीपी के कार्य अधूरे है वो इसको गंभीरता से लेते हुए समय पर पूरा करवाएं। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजना में अधिकाधिक श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा में नियोजित श्रमिकों का भुगतान समय पर हो, यह सुनिश्चित किया जाए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विधानसभा चुनाव के दौरान बेहतरीन कार्य के लिए विकास अधिकारियों एवं अन्य कार्मिकों का आभार जताया। बैठक के दौरान स्व विवेक योजना, विधायक एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं तथा किसान सेवा केन्द्रों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिशाषी अभियंता भेराराम बिश्नोई ने पंचायत समिति वार मनरेगा में स्वीकृत कार्यों की स्थिति, भुगतान के बारे विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मुख्य परियोजना अधिकारी लेखा मेवाराम बालन, सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह समेत पंचायत समितियों के विकास अधिकारी एवं विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


सोमवार, 17 दिसंबर 2018

केंद्रीय अध्ययन दल ने लिया सूखे की स्थिति का जायजा

ग्रामीणों ने चारे एवं पानी की समस्या से अवगत कराया

बाड़मेर, 17 दिसंबर। केंद्रीय अध्ययन दल ने सोमवार को बाड़मेर जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर सूखे से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने चारे एवं पानी की दिक्कत के साथ रोजगार की समस्या से अवगत कराया।
केंद्रीय अध्ययन दल में शामिल कृषि, सहकारिता एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार, नीति आयोग के कृषि निदेशक शिवसिंह मीणा, कृषि, सहकारिता एवं किसान कल्याण मंत्रालय के पशुपालन विभाग की अस्सिटेंट कमिश्नर श्रीमती सुलेखा एस.एल. एवं आपदा प्रबन्धन विभाग के सचिव हेमंत गेरा ने बाड़मेर जिले के सणपा फांटा, टाकू बेरी, धन्ने की ढाणी, बिलासर, गेहूं, बोथिया, निम्बला, गूंगा समेत कई गांवों का दौरा कर अकाल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बाड़मेर जिले में इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने से खरीफ की फसलों में शत- प्रतिशत खराबा हो गया है। मौजूदा समय में चारे, पानी की दिक्कत के साथ रोजगार की समस्या है। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यदि आने वाले समय में पशु शिविर एवं चारा डिपो नहीं खोले गए तो पशुधन को बचाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि चारे के भाव प्रति मण 500 रुपए हो गए है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए अपने परिवार का गुजारा चलाने के साथ मवेशियों को पालना बेहद मुश्किल हो गया है। सणपा फांटा गांव में साजन की ढ़ाणी निवासी मानसिंह ने बताया कि उसने 12 बीघा भूमि में खरीफ की बुवाई की थी। लेकिन पूरा खराबा हो गया। सरपंच देवी सिंह, हनुमानराम, जेठाराम समेत कई ग्रामीणों ने चारे, पानी एवं रोजगार की समस्या से अवगत कराते हुए पशु शिविर एवं चारा डिपो खोलने तथा नरेगा में अतिरिक्त रोजगार दिलाने की मांग रखी। 
इस दौरान जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने कृषि आदान से प्रभावित किसानों की सूची अटल सेवा केंद्र पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को चस्पा करने के निर्देश दिए। राजस्व गांव टाकुबेरी में केसराराम ने बताया कि चारे की भयंकर स्थिति होने के कारण मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा से आने वाला चारा भी गुणवत्ता वाला नहीं है। धन्ने की ढाणी में ग्रामीण अमराराम ने बताया कि एक बारिश होने से इस बार कुछ भी उत्पादन नहीं हुआ। यहां ग्रामीणों ने टैंकर से जलापूर्ति शुरू करवाने, पशु शिविर खोलने तथा रोजगार दिलवाने का अनुरोध किया। यहां ग्रामीण पोकर राम ने केंद्रीय अध्ययन दल को बताया कि केवल एक बारिश होने से टांकों में पानी नहीं आया। इसके उपरांत केंद्रीय अध्ययन दल ने गेहूं रोड़ स्थित गोपाल गौशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान गोशाला के संस्थापक सदस्य रामकुमार जोशी ने गौशाला में पशुओं के रख रखाव एवं थारपारकर नस्ल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। केंद्रीय अध्ययन दल ने गौशाला संचालन एवं मिलने वाले अनुदान के बारे में जानकारी ली। जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने जिले में संचालित गौशालाओं के बारे में बताया। इस दौरान पुरुषोत्तम खत्री समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 
इसके बाद केंद्रीय अध्ययन दल को गेहूं गांव में ग्रामीणों ने खाद, बीज, चारा, पानी, पशुधन एवं रोजगार की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रोजाना ट्यूबवेल महज 2-3 घंटे ही चल पाता है। इसके चलते पानी की मांग पूरी नहीं हो पाती। बोथिया गांव में रामसिंह राजपुरोहित समेत अन्य ग्रामीणों ने रोजगार एवं चारे की कमी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि खरीफ में ग्रामीणों ने बुवाई की लेकिन बरसात न होने के कारण क्षेत्र में शत प्रतिशत खराबा हो गया। केंद्रीय अध्ययन दल ने शिव तहसील मुख्यालय पर एवं गूंगा गांव के अटल सेवा केंद्र में ग्रामीणों से सूखे से उत्पन्न वस्तु स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की।
इससे पहले बाड़मेर जिला मुख्यालय पर केंद्रीय अध्ययन दल ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सूखे से उत्पन्न स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने केन्द्रीय दल को बाड़मेर जिले में चारे, पानी की उपलब्धता, फसलों में खराबे, प्रस्तावित कार्य योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाड़मेर जिले में महज 131.32 मिमी बारिश हुई हैं। उन्होंने पेयजल परिवहन एवं पशु संरक्षण के लिए चारे की डिमांड के बारे में बताया। इस दौरान बाड़मेर पंचायत समिति की प्रधान श्रीमती पुष्पा चौधरी ने चारे एवं पानी की दिक्कत के बारे में बताया। गिडा पंचायत समिति के प्रधान लक्ष्मणराम ने राजस्व गांव को इकाई मानते हुए पशु शिविर खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मनरेगा में अतिरिक्त रोजगार जनवरी माह से दिलवाएं। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता हेमंत चौधरी ने बताया कि जनवरी माह से बाड़मेर जिले में 350 स्थानों पर टैंकर्स से जलापूर्ति शुरू करनी पड़ेगी। बारिश होने तक करीब 1250 स्थानों पर टैंकर्स से जलापूर्ति करनी पड़ेगी। इस दौरान केंद्रीय अध्ययन दल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, क्रॉप कटिंग, कृषि अनुदान के बारे में जानकारी ली। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान बाड़मेर प्रधान श्रीमती पुष्पा चौधरी ने केन्द्रीय अध्ययन दल को ज्ञापन सौंपकर चारे, पानी की व्यवस्था करने की मांग की।
केंद्रीय अध्ययन दल को मनरेगा में बने टांके का निरीक्षण किया : केंद्रीय अध्ययन दल ने बीलासर में केंद्रीय अध्ययन दल ने लिखमाराम पुत्र भलाराम के मनरेगा में निर्मित टांके का निरीक्षण किया। इस दौरान भलाराम ने बताया कि बारिश नहीं होने से टांके में पानी नहीं आया। उसने कहा कि अठे जमानों कठे, बाजरी तो उगी ही कोनी।





















गुरुवार, 13 दिसंबर 2018

विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को

बाड़मेर, 13 दिसम्बर। जिला परिषद् बाड़मेर द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को आयोजित होगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम ने बताया कि जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को दोपहर 12ः30 बजे जिला परिषद् सभागार में आयोजित होगी। इस दौरान विभागीय अधिकारीयों को आवश्यक सुचनाओं के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।

मासिक बॉर्डर मीटिंग का हुआ आयोजन

बाड़मेर, 13 दिसम्बर। कमांडेंट, सीमा सुरक्षा बल और विंग कमांडर, पाकिस्तान रेंजर्स सिंध के बीच मासिक बॉर्डर मीटिंग का आयोजन 10ः30 से 15ः30 बजे तक सीमा स्तम्भ संख्या 814 के पास पाकिस्तानी सीमा चौकी जीरो पॉइंट के कांफ्रेंस हॉल में सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया। इसमें बी.एस.एफ की तरफ से प्रदीप कुमार शर्मा, कमांडेंट के साथ पांच अन्य अधिकारी और पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से लेफ्टिनेंट कर्नल मुहम्मद वकार नवाज़िश, विंग कमांडर के साथ पांच अन्य अधिकारी शामिल हुए। इस मीटिंग में दोनों पक्षों के बीच मजबूत सीमा-प्रबंधन के लिए सांझा पेट्रोलिंग, पागल आदमी व आवारा पशुओं की आवाजाही और सीमा पर चौकसी के मुद्दों पर दोनों पक्षों में सार्थक बातचीत और सहमति हुई।

जिला सलाहकार समिति की बैठक 14 को

बाड़मेर, 13 दिसम्बर। जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक 14 दिसम्बर को 12 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी पी.सी.पी.एन.डी.टी. कार्यालय कक्ष में आयोजित की जायेगी। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी ने दी।

मंगलवार, 11 दिसंबर 2018

विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित छह सीटों पर कांग्रेस एवं एक पर भाजपा विजयी


बाड़मेर, 11 दिसम्बर। विधानसभा चुनाव 2018 के मतों की गणना मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय में की गई। मतगणना के बाद छह विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के उम्मीदवारों एवं एक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार को विजयी घोषित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि शिव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार अमीन खान, बाड़मेर कांग्रेस के मेवाराम जैन, बायतु से कांग्रेस के हरीश चौधरी, पचपदरा से कांग्रेस के मदन प्रजापत, सिवाना से भाजपा के हमीर सिंह भायल, गुड़ामालानी से कांग्रेस के हेमाराम चौधरी एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पदमाराम विजयी रहे।

शिव विधानसभा क्षेत्र 
शिव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के अमीन खान को 84338, भाजपा के खंगारसिंह सोढ़ा को 60784, बसपा के नारणाराम को 3316, रालोपा के उदाराम मेघवाल को 50944, बहुजन संघर्ष दल के तोगाराम को 2035 एवं नोटा को 3059 वोट मिले। यहां कांग्रेस के अमीन खान 23554 मतों से विजयी रहे।

बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र
बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र से सीपीआई के नानकदास धारीवाल को 2488, कांग्रेस के मेवाराम जैन को 97874, बसपा के राजेन्द्र कुमार को 2325, भाजपा के कर्नल सोनाराम चौधरी को 64827, अभिनव राजस्थान पार्टी के खरथाराम को 1743, निर्दलीय जुगताराम को 1462, निर्दलीय राहुल कुमार को 13678, निर्दलीय शंकरलाल को 1969 एवं नोटा को 2048 मत मिले। जबकि 214 मत खारिज हुए। यहां कांग्रेस के मेवाराम जैन ने 33047 मतों से विजय हासिल की।

बायतु विधानसभा क्षे़़त्र
बायतु विधानसभा क्षेत्र से बसपा के किशोरसिंह को 27677, भाजपा के कैलाश चौधरी को 39392, कांग्रेस के हरीश चौधरी को 57703, रालोपा के उम्मेदाराम को 43900, अभिनव राजस्थान पार्टी के करनाराम को 1268, आप के जोगा राम को 714, राष्ट्रीय जनक्रांति पार्टी के भन्ना राम को 701, दलित शोषित पिछडा वर्ग अधिकार दल के मगाराम को 2259, निर्दलीय उम्मेदाराम उर्फ अमित नायक को 2613, निर्दलीय पेमाराम को 1697, नोटा को 2754 मत मिले। जबकि 9 मत खारिज हुए। यहां कांग्रेस के हरीश चौधरी ने 13803 मतों से विजय हासिल की।

पचपदरा विधानसभा क्षेत्र 
पचपदरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अमराराम को 66998, कांग्रेस के मदन प्रजापत को 69393, बसपा के श्यामलाल को 6370, भारत वाहिनी पार्टी के नाथूराम को 1073, रालोपा के नारायण राम चौधरी को 6882, शिवसेना के पन्नालाल को 2691, आप के मांगीलाल को 400, भारतीय युवा शक्ति के सुरेश पाल को 640, निर्दलीय बसंत शर्मा को 314, निर्दलीय मदनपुरी को 788, निर्दलीय हुकमसिंह को 3284 एवं नोटा को 3260 मत मिले। जबकि 17 मत खारिज हुए। यहां कांग्रेस के मदन प्रजापत 2395 मतों से विजयी रहे।



सिवाना विधानसभा क्षेत्र
सिवाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पंकज प्रतापसिह को 20145, बसपा के सूजाराम को 2625, भाजपा के हमीर सिंह भायल को 50657, शिवसेना के किशनलाल को 2555, आप के जबराराम को 2045, अभिनव राजस्थान पार्टी के डूंगरसिंह को 775, राष्ट्रीय समाज पक्ष के मनोहर सिंह को 564, बहुजन मुक्ति पार्टी के मोती राम को 1566, रालोपा के सत्ताराम को 19124, निर्दलीय कांतिलाल को 1513, निर्दलीय पारसमल को 710, निर्दलीय पोपटलाल को 953, निर्दलीय प्रकाश को 1985, निर्दलीय बालाराम को 49700, निर्दलीय रेंवतकुमार को 1108, निर्दलीय शैतानसिंह को 2806 एवं नोटा को 816 मत मिले। जबकि 76 मत खारिज हुए। यहां भाजपा के हमीरसिंह भायल 957 मतों से विजयी रहे।

गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र
गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र से बसपा के पवन कुमार को 2920, भाजपा के लादूराम को 79869, कांग्रेस के हेमाराम चौधरी को 93433, बहुजन मुक्ति पार्टी के आदाराम मेघवाल को 2343, दलित शोषित पिछडा वर्ग अधिकार दल के रामाराम प्रजापत को 534, नया भारत पार्टी के लाधूराम विश्नोई को 492, रालोपा के विजयसिंह को 4461, आप के हनुमान चौधरी को 3031, निर्दलीय भीखाराम प्रजापत को 1896 एवं नोटा को 2012 मत मिले। जबकि 8 मत खारिज हुए। यहां कांग्रेस के हेमाराम चौधरी ने 13564 मतो से विजय हासिल की।

चौहटन विधानसभा क्षेत्र
चौहटन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के आदूराम मेघवाल को 79339, कांग्रेस के पदमाराम को 83601, बसपा के रविन्द्र कुमार मेघवाल को 3314, बीवाईएस के धूडाराम को 3625, आप के नैनाराम को 1810, रालोपा के सुरताराम मेघवाल को 24036 एवं नोटा को 5391 मत मिलें। जबकि 76 मत खारिज हुए। यहां कांग्रेस के पदमाराम मेघवाल 4262 मतों से विजयी रहे।


सोमवार, 10 दिसंबर 2018

कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त


                बाड़मेर, 10 दिसंबर। विधानसभा चुनाव की मतगणना निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए मतगणना स्थल एवं नगर परिषद बाड़मेर की सीमा में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है।
                जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने एक आदेश जारी कर नगर सुधार न्यास के सचिव चेनाराम चौधरी को राजकीय महाविद्यालय परिसर बाड़मेर में स्थित मतगणना स्थल, भवन का भीतरी सम्पूर्ण क्षेत्र, राजस्व अपील अधिकारी रामदेव गोयल को दंड प्रक्रिया संहिता 1973 के तहत नगर परिषद बाड़मेर की सीमा के अन्तर्गत आने वाले सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्रदान की गई हैं। इनकी 11 दिसंबर को प्रातः काल से मतगणना स्थल तथा मतगणना के पश्चात लोगों की रवानगी तक अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के जिम्मेदारी होगी।

एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान होगा


प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा

                बाड़मेर, 10 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान किया जाएगा। ऐसा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते के मुताबिक मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा। चयनित मतदान केंद्र में उपयोग में लाए गए। वीवीपीएटी की पर्ची का मिलान ईवीएम के कंट्रोल यूनिट में प्रदर्शित संख्या से किया जाएगा। यह कार्य उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति में होगा। इसकी विडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना कक्ष के अंदर ही वीवीपेट की पर्ची से वोट का सत्यापन होगा। इस मतगणना के लिए वीवीपीएटी काउंटिंग बूथ तैयार किया जाएगा। इसके लिए सभी उम्मीदवारों को पूर्व में ही सूचना दी जाएगी। उनके मुताबिक मतदान केंद्र के चयन के लिए सफेद कागज की पर्ची पर मतदान केंद्रों के नंबर लिखकर कंटेनर में डाले जाएंगे और पर्ची निकाल कर केंद्र का रैंडम चयन होगा। यह कार्य ईवीएम से गणना के अंतिम राउंड के तत्काल पश्चात किया जाएगा। यह प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति में सम्बन्धित रिटर्निग अधिकारी के निर्देशन में समाप्ति होगी।

विधानसभा चुनाव की मतगणना 11 दिसंबर को, 131 टेबलें लगेगी


                बाड़मेर, 10 दिसंबर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय में 11 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रारम्भ होगी। इसके लिए 131 टेबलें लगाई जाएगी।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र शिव, बाड़मेर, पचपदरा, गुड़ामालानी के लिए 21-21 टेबलें, बायतु के लिए 17 एवं सिवाना तथा चौहटन विधानसभा क्षेत्र के लिए 15-15 टेबलें लगाई जाएगी। इसमें सिवाना एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट के लिए एक-एक एवं अन्य विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो टेबलें तथा विधानसभावार  एक-एक रिटर्निग अधिकारी की टेबल लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शिव विधानसभा की मतगणना 23, बाड़मेर 17, बायतु 24, पचपदरा 14, सिवाना 22, गुड़ामालानी 19, चौहटन विधानसभा की 26 चरणों में संपन्न होगी।
                उनके मुताबिक मतगणना ड्यूटी में लगाए गए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रातः 5.30 बजे तक राजकीय महाविद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना कार्य में लगे कार्मिकों को पर्यवेक्षकगण की उपस्थिति में रेण्डमाईजेशन करके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कमरा एवं टेबल नम्बर का आंवटिन किया जाएगा। मतगणना में लगे गणना सुपरवाईजर, गणना सहायको तथा माईक्रो ऑब्जर्वर की उपस्थिति के लिए पर्याप्त संख्या में काउण्टर स्थापित किए गए है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय के ग्राउण्ड वाले द्वार से मतगणना में लगे गणना सुरवाईजर, गणना सहायक एवं अन्य व्यवस्थाओं में लगे कार्मिक प्रवेश करेगे। जबकि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, निर्वाचन एवं गणना अभिकर्ताओं के लिए महाविद्यालय के लिए निर्धारित मुख्य द्वार से होते हुए निर्धारित मतगणना कक्ष में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे कार्मिको तथा निर्वाचन अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ता को अपना बैज लगाये रखना होगा। प्रत्येक काउटिंग टेबल पर एक काउटिंग सुपवाईजर एक काउटिंग असिस्टेट एवं एक माईक्रो आर्ब्जवर नियुक्त किया जाएगा। पर्यवेक्षकगण, आर.ओ, ए.आर.रो काउटिंग हॉल में मोबाइल का उपयोग कर सकेगे। पोस्टल बैलट गणना कार्य प्रातः 8 बजे प्रारम्भ होगा। इसके आधे घण्टे बाद इवीएम की काउटिंग प्रारम्भ होगी। उनके मुताबिक संबंधित रिटर्निग अधिकारी के और से उम्मीदवारो, निर्वाचन अभिकर्त्ताओं, गणन अभिकत्ताओं को मतगणना फोटो युक्त प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
जांच के बाद मतगणना स्थल पर जाने की मिलेगी अनुमति : मतगणना के दौरान समस्त कार्मिकों, उम्मीदवारों निर्वाचन एवं मतगणना अभिकर्ताओं को मेटल डिटेक्टर से जांच करने के बाद ही मतगणना केन्द्र में जाने दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार की आपतिजनक नुकीली वस्तु, माचिस, धूम्रपान की सामग्री वगेरह नहीं ला सकेगे। इन निर्देशों की अवहेलना करने पर सामग्री जब्त कर ली जाएगी।
मीडिया कक्ष में हो सकेगा मोबाइल का इस्तेमाल : मतणना परिसर में मीडिया के लिए अलग से कक्ष की व्यवस्था की गई है। मीडिया कक्ष में अधिकृत मीडियाकर्मियों की ओर से ही मोबाइल का प्रयोग किया जा सकेगा। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन प्रतिबधित होने के कारण मीडिया कक्ष में ही मोबाइल फोन रखना होगा। मीडिया कर्मी हेड हेल्ड कैमरे का प्रयोग कर सकेंगे। मीडियाकर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने के साथ मतगणना स्थल पर अपना फोटो युक्त परिचय पत्र लगाकर रखना होगा।
एल ई डी से देख सकते है स्ट्रॉग रूम में रखी ईवीएम : जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि वर्तमान में ईवीएम मशीन राजकीय महाविद्यालय के अंदर स्थित स्ट्रांग रूम में रखी गई है। इन सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए है तथा इन कैमरों का कनेक्शन मुख्य भवन के सामने लगे पाण्डाल में लगी एलईडी से किया गया है। जहां पर प्रत्याशी तथा अधिकृत अभिकर्ता देख सकते है। सीसीवी टीवी कैमरे निर्बाध रूप से चलते रहे, इसके लिए इन्वर्टर से इन्हें जोड़ा गया है।
मतगणना स्थल का लिया जायजा : जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते एवं पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने विधानसभा चुनाव के मतगणना स्थल राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने निर्देश दिए। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में सुरक्षा, मतगणना कार्मिकों के प्रवेश द्वार, विधानसभावार आवंटित मतगणना कक्षों और उनमें की गई बैरीकेटस, अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा मतगणना से संबंधित अन्य गतिविधियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बिना प्रवेश पत्र के मतगणना केंद्र में किसी को भी प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए।
                जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने सूचना संप्रेषण एवं मीडिया कक्ष की कार्यप्रणाली को जाना और इस संबंध में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैन्टीन, पेयजल व्यवस्था, विद्युत, साउण्ड सिस्टम, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मतगणना के दौरान यातायात बंद रहेगा : विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान मंगलवार को सिणधरी चौराहे, जलदाय विभाग के पास से अंदर की ओर एवं ग्रेफ के आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यहां सिर्फ अधिकृत वाहन ही जा सकेंगे।

शनिवार, 8 दिसंबर 2018

मतगणना कार्य को गम्भीरता के साथ सम्पन्न करे - नकाते


जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

                बाड़मेर, 08 दिसम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने विधानसभा आम चुनाव 2018 के दौरान मतगणना कार्य को पूर्ण मुस्तैदी के साथ गम्भीरतापूर्वक सम्पन्न करने के निर्देश दिए है। उन्होने कहा कि सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया का मतगणना सर्वाधिक महत्वपूर्ण भाग होता है तथा इस पर सबकी निगाहें होती है। इसलिए इससे जुडे सभी अधिकारी पूर्ण सावधानी एवं जिम्मेदारी पूर्वक अपने कार्य को अंजाम देने हेतु इसकी सम्पूर्ण प्रक्रियाओं का बारीकी से अध्ययन कर लें।
                शनिवार को कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित मतगणना व्यवस्थाओं संबंधी बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने बाडमेर जिले में शांति पूर्ण निर्वाचन के लिए चुनावी तन्त्र से जुडे सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने अच्छी तैयारी के साथ अब तक चुनाव संबंधी कार्यो को सम्पादित किया है जिससे सम्पूर्ण जिले में कहीं भी पुर्नमतदान की नौबत नहीं आयी तथा कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होने अधिकारियों से कहा कि मतगणना के आरम्भ से लेकर अन्त तक प्रत्येक चरण में वे सक्रिय रहकर कार्य को अंजाम दें।
                जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के मतगणना संबंधी सभी दिशा निर्देशों का गहनता से अध्ययन कर ले। ताकि मतगणना कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न रहें। उन्होने मतगणना से जुडी सम्पूर्ण तैयारियां 10 दिसम्बर तक पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक सामग्री, संसाधन एवं फार्म्स आदि  की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
                इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने मतगणना संबंधी सम्पूर्ण प्रक्रियाओं एवं प्रपत्रों के बारे में विस्तार के साथ जानकारी कराई। उन्होने मतगणना स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि रिटर्निग अधिकारी हैण्ड बुक का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम ने मतगणना की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल मेघवाल ने मतगणना स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी कराई। उन्होने मतगणना दिवस पर किये जाने वाले यातायात प्रबन्धन के बारे में बताया। इस दौरान यूआईडी सचिव चैनाराम चौधरी, भूमि अवाप्ति अधिकारी अशोक सांगवा, कोषाधिकारी दिनेश बारहट, सहायक निदेशक नानकचन्द चन्द्रोदय,  समस्त रिटर्निग अधिकारी, सहायक रिटर्निग अधिकारी, विकास अधिकारी एवं चुनाव से जुडे विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहें।



एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान होगा


प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा

                बाड़मेर, 08 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल की पर्ची का मिलान किया जाएगा। ऐसा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते के मुताबिक मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चयन रेंडम आधार पर किया जाएगा। चयनित मतदान केंद्र में उपयोग में लाए गए। वीवीपीएटी की पर्ची का मिलान ईवीएम के कंट्रोल यूनिट में प्रदर्शित संख्या से किया जाएगा। यह कार्य उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति में होगा। इसकी विडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना कक्ष के अंदर ही वीवीपेट की पर्ची से वोट का सत्यापन होगा। इस मतगणना के लिए वीवीपीएटी काउंटिंग बूथ ठीक वैसे ही तैयार किया जाएगा, जैसा बैंकों में होता है। इसके लिए सभी उम्मीदवारों को पूर्व में ही सूचना दी जाएगी। उनके मुताबिक मतदान केंद्र के चयन के लिए सफेद कागज की पर्ची पर मतदान केंद्रों के नंबर लिखकर कंटेनर में डाले जाएंगे और पर्ची निकालकर केंद्र का रैंडम चयन होगा। यह कार्य ईवीएम से गणना के अंतिम राउंड के तत्काल पश्चात किया जाएगा। यह प्रक्रिया केंद्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति एवं कड़ी निगरानी में होगी।

मतगणना की तैयारियां पूरी,7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगेगी 131 टेबलें


                बाड़मेर, 08 दिसम्बर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय में 11 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे से सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रारम्भ होगी। इसके लिए समुचित तैयारियां की गई है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र शिव के लिए 21 मतगणना टेबल, बाड़मेर के लिए 21, बायतु 17, पचपदरा 21, सिवाना 15, गुड़ामालानी 21 एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 15 टेबले लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना  ड्यूटी मे लगाए गए समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रातः 6 बजे तक राजकीय महाविद्यालय में अनिवार्यरूप से उपस्थित होना होगा। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना कार्य में लगे कार्मिकों को पर्यवेक्षकगण की उपस्थिति में रेण्डमाईजेशन करके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कमरा एवं टेबल नम्बर का आंवटिन किया जाएगा। मतगणना में लगे गणना सुपरवाईजर,गणना सहायको तथा माईक्रो ऑब्जर्वर की उपस्थिति के लिए पर्याप्त संख्या में काउण्टर स्थापित किए गए है। उन्होने बताया कि राजकीय महाविद्यालय के ग्राउण्ड वाले द्वार से मतगणना मे लगे गणना सुरवाईजर,गणना सहायक एवं अन्य व्यवस्थाओं में लगे कार्मिक प्रवेश करेगे। जबकि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, निर्वाचन एवं गणना अभिकर्ताओं के लिए महाविद्यालय के लिए निर्धारित मुख्य द्वार से होते हुए निर्धारित मतगणना कक्ष में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे कार्मिको तथा निर्वाचन अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ता को अपना बैज लगाये रखना होगा। उन्होने बताया कि प्रत्येक काउटिंग टेबल पर एक काउटिंग सुपवाईजर एक काउटिंग असिस्टेट एवं एक माईक्रो आर्ब्जवर नियुक्त किया जाएगा। पर्यवेक्षकगण, आरो, एआरो काउटिंग हॉल में मोबाईल का उपयोग कर सकेगे। पोस्टल बैलट गणना कार्य प्रातः 8 बजे प्रारम्भ होगा। इसके आधे घण्टे बाद इवीएम की काउटिंग प्रारम्भ होगी। उनके मुताबिक संबंधित रिटर्निग अधिकारी के और से उम्मीदवारो, निर्वाचन अभिकर्त्ताओं, गणन अभिकत्ताओं को मतगणना फोटो युक्त प्रवेश पत्र जारी किये जाएगे। मतगणना व्यवस्था के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी कालूराम को समग्र प्रभारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी नकाते ने बताया है कि मतगणना स्थल तथा मतगणना के दोरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नही बरतने के निर्देश दिए गए है। ऐसा होने पर इसे गम्भीरता से लेते हुए संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। उनके मुताबिक राजस्व अपील अधिकारी रामदेव गोयल मीडिया कक्ष का समुचित पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन सुनिश्चित करेगे। साथ ही उपवन संरक्षक विक्रम प्रधान केसरी चुनाव पर्यवेक्षकगण के नोडल अधिकारी के रूप में सौपे गये कार्यो में आवश्यक सहयोग करेगे।
जांच के बाद मतगणना स्थल पर जाने की मिलेगी अनुमति : मतगणना के दौरान समस्त कार्मिकों, उम्मीदवारों निर्वाचन एवं मतगणना अभिकर्ताओं को मेटल डिटेक्टर से जांच करने के बाद ही मतगणना केन्द्र में जाने दिया जाएगा।
मीडिया कक्ष स्थापित होगा : मतगणना स्थल पर स्थापित मीडिया कक्ष में अधिकृत मीडिया कर्मियों की ओर से ही मोबाईल का प्रयोग किया जा सकेगा। मतगणना कक्ष में मोबाईल फोन प्रतिबधित होने के कारण मीडिया कक्ष में मोबाईल फोन सुरक्षित रखवाने की व्यवस्था की जाएगी। मीडिया कर्मी हेड हेल्ड कैमरे का प्रयोग कर सकेगे। उनको निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने के साथ मतगणना स्थल पर अपना फोटो युक्त परिचय पत्र लगाकर रखना होगा।

शुक्रवार, 7 दिसंबर 2018

मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, शाम 5 बजे तक 72 फीसदी मतदान

बाडमेर, 07 दिसंबर। बाड़मेर जिले में गुरुवार को लोकतंत्र के उत्सव को लेकर मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया। बाड़मेर जिले में शाम पांच बजे तक 73.56 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। देर शाम तक भी कुछ मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की कतारें लगी हुई थी।
बाड़मेर जिले में गुरुवार को सुबह मोक पोल के बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से माकूल सुरक्षा इंतजाम किए गए। केंद्रीय पर्यवेक्षको के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते एवं पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
बाड़मेर जिले के सरहदी इलाकों में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीण अपने परम्परागत पहनावे में सज धज कर मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई स्थानों पर मतदाता ऊंट गाडों तो कई पैदल ही काफिले के रूप में मतदान करने के लिए जाते देखे गए। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पहली मर्तबा दिव्यांग मतदाताओं के सुगम मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से माकूल इंतजाम किए गए। इसके चलते बड़ी तादाद में दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया। इन मतदाताओं को मतदान केन्द्रों एवं मतदान के बाद वापिस घर तक पहुंचाने के लिए सरकारी वाहनों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा मतदान केन्द्रों पर ट्राई-साईकिल के अलावा स्काउट्स को सहयोगी के तौर पर लगाया गया।
बाड़मेर जिले में आदर्श मतदान केंद्रों को विशेष तौर से सजाने के साथ मतदाताओं के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया। कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के पहुंचने पर उनका तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया, साथ ही उनके स्वागत के लिए रंगोली बनाई गई। बाड़मेर जिले में शाम को 5 बजे तक प्राप्त सूचना के अनुसार 73.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके तहत शिव विधानसभा में 76.06, बाड़मेर में 72.88, बायतु में 76.20, पचपदरा में 70.35, सिवाना में 65.71, गुडामालानी में 79.72 एवं चौहटन विधानसभा क्षेत्र में 74.04 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इधर विधानसभा चुनाव के दौरान कानुन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से माकूल सुरक्षा इंतजाम किए गए। मोबाईल टीमों के साथ एरिया, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं रिर्टनिंग अधिकारी नियमित रूप से मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा 70 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की मतदान प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की गई।













गुरुवार, 6 दिसंबर 2018

हेमांग ने भेंट किए चुनाव के पोस्टर


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। विधानसभा चुनाव के दौरान चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्कूली छात्र हेमांग राखेचा ने पहल करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार को पोस्टर भेंट किए।
                उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने हेमांग राखेचा के प्रयास की सराहना की। साथ ही पोस्टर अपने चैंबर में लगवाने के निर्देश दिए। हेमांग ने अपने पोस्टरों के जरिए मतदान प्रक्रिया को दर्शाया है।




विद्यार्थियों ने रेली निकालकर दिया मतदान का संदेश


बालिकाओं ने बाड़मेर जिला मुख्यालय पर आंखों पर पट्टी बांध साइकिल चलाकर कहा, मतदान अवश्य करें

                बाड़मेर, 06 दिसंबर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को गणेश विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने रेली निकालकर मतदान करने का संदेश दिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने कलेक्ट्रेट से जागरूकता रेली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
                जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट से रवाना हुई विद्यार्थियों की जागरूकता रेली राय कालोनी रोड से होते हुए कोतवाली पुलिस स्टेशन, मुख्य बाजार,स्टेशन रोड़ से होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान गणेश विद्या मंदिर के आनंद जे थोरी, सरिता चौधरी, संतोष कड़वासरा,तनुजा जांगिड़,गुड़िया गौड़,प्रिया पारवानी, गंवरी चौधरी,प्रभुराम सेंवर की अगुवाई में विद्यार्थियों ने मतदान अवश्य करें, मतदान आपका अधिकार है, इसका इस्तेमाल अवश्य करे, तख्तियां लिए हुए मतदान करने का संदेश दिया।
                इस दौरान अंजली विश्नोई,दिव्या पारवानी, वसुंधरा गोदारा ने मिड ब्रेन एक्टिवेशन के जरिए आंखों पर पट्टी बांध कर साइकिल चलाई। इसको लेकर आमजन में खासा उत्साह देखा गया।  इस दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को विजिटिंग कार्ड देकर मतदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जेठाराम सेंवर, दिनेश मेघवाल, सताराम बेनीवाल, राजूराम सुथार,घेवर सिंह राजपुरोहित,लुम्भाराम उपस्थित रहे।






मतदान दिवस पर रहेगा सवैतनिक अवकाश


                बाड़मेर, 06 दिसंबर। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135 (ख) के प्रावधानों के अनुसार किसी भी निजी या सार्वजनिक कारोबार, व्यवसाय, दुकान, औद्योगिक उपक्रम या किसी अन्य प्रतिष्ठान में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति जिसे मतदान का अधिकार है, उन्हें मतदान दिवस 7 दिसंबर को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा।
                जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया कि ऐसे कार्मिक जो उपरोक्त क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत है, परन्तु वह बाहर के निर्वाचन क्षेत्र में पदस्थापित या कार्यरत है, उसे भी 7 दिसंबर को मतदान के दिन अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अवकाश के कारण किसी व्यक्ति के वेतन में नियोक्ता द्वारा कटौती या कमी नही की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस आधार पर कार्य करता है कि ऐसे अवकाश के दिन के लिए वेतन नहीं दिया जाएगा, तो भी उसे इस अवकाश का वेतन देय होगा, जो सामान्यः उस दिन उसे मिलता है। लेकिन ये प्रावधान ऐसे मतदाताओं के लिए लागू नहीं होंगे जिनकी कार्य से अनुपस्थिति के कारण उस नियोजन के संबंध में जिसमें वह कार्यरत है, कोई खतरा या सारवान हानि हो सकती है। प्रावधानों का उल्लंघन करने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135-ख (3) के प्रावधानों के अनुसार दण्डनीय अपराध है।

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...