शनिवार, 26 दिसंबर 2020

जिला कलक्टर ने चिकित्सालयों का निरीक्षण कर जांची व्यवस्थाएं, जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

बाड़मेर, 26 दिसंबर। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने शनिवार को धोरीमन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं लीलसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ने व्यवस्थाओं को जांचा। इस दौरान मीणा ने मरीजों से रूबरू होकर चिकित्सकीय सेवाओं के बारे में जाना।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने शनिवार को धोरीमन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं लीलसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री नि शुल्क दवा योजना के तहत उपलब्ध दवाइयों, कार्यरत स्टाफ, मौसमी बीमारियों के बारे में पूछा। जिला कलक्टर मीणा ने दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के साथ जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने 108 एवं 104 के संचालन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कोरोना जागरुकता के बारे में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जिला कलक्टर मीणा ने अस्पताल परिसर में मरीजों से रूबरू होकर चिकित्सकीय सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बाबूलाल विश्नोई समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

-0-


शुक्रवार, 25 दिसंबर 2020

खिंपसर, खारापार एवं साजियाली रूपजी राजा बेरी में स्वीकृत हुए पशु चिकित्सा उपकेंद्र

राजस्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक हरीश चौधरी की अनुशंसा पर मिली स्वीकृति


बाड़मेर, 25 दिसंबर। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी की अनुशंसा पर बायतु विधानसभा क्षेत्र में एक साथ तीन पशु चिकित्सा उप केंद्र स्वीकृत किए गए है। स्थानीय विधायक एवं राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के क्षेत्र में गत दौरों के दौरान आमजन की मांग पर खिंपसर, खारापार व साजियाली रूपजी राजा बेरी में पशु चिकित्सा उप केन्द्र स्वीकृत होने से आस-पास गांवों के पशुपालकों को लाभ मिलेगा।

    पूर्व प्रधान लक्ष्मण राम डेलू व खिम्पसर सरपंच प्रतिनिधि काना राम जांदू ने बताया कि आमजन की मांग एवं पशुपालकों को हो रही समस्या एवं विधायक की ओर से किए वादे के अनुसार राजस्व मंत्री हरीश चौधरी की अनुशंषा पर विधनसभा में 3 पशु चिकित्सा उप केन्द्र स्वीकृत किए है।

-0-


जिले भर में ग्राम सभाओं का आयोजन 26 दिसम्बर को

जल जीवन मिशन के लिए शनिवार को बनेगी कमेटिया


बाड़मेर, 25 दिसम्बर। शनिवार को जिले भर में ग्राम सभाओ का आयोजन किया जाएगा। जिले के हर घर को नल कनेक्शन से जोड़ने वाली महत्वकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन के लिए इन ग्राम सभाओ में प्रत्येक गांव में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया जायेगा।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सचिव जे.सी. व्यास ने बताया कि साल 2024 तक जिले के हर घर ढाणी को नल कनेक्शन से जोड़ने को लेकर सरकार द्वारा शुरू किए गए सबसे महत्वकांक्षी मिशन जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन को लेकर जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की 16 दिसंबर को आयोजित प्रथम बैठक में बाड़मेर जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने 26 दिसम्बर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन कर ग्राम जल एवम स्वच्छता कमेटियों का अनुमोदन करने के साथ कमेटियों के बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों की पालना में शनिवार को जिले भर में ग्राम सभाओ का आयोजन किया जायेगा। व्यास ने बताया कि जल जीवन मिशन सरकार की एक महत्वकांक्षी योजना है। जिसके तहत एक मिशन के रूप में कार्य करते हुए साल 2024 तक हर घर में पाइप के द्वारा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया जाकर अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। ग्राम सभा में शनिवार को जल जीवन मिशन को सफलता प्रदान करने के लिए जल्द से जल्द समस्त गांव में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन पुनर्गठन कर 5 नए सदस्य जोड़े जाएंगे, इसके लिए ग्रामीण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जलदाय विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग तथा जनप्रतिनिधियों के साथ आपसी समन्वय बनाकर मिशन को कामियाब बनाएंगे तथा प्रत्येक घर पहुंचाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। जल जीवन मिशन की सफलता हेतु यह परिकल्पना की गई है कि समुदाय ही जलापूर्ति अवसंरचना की आयोजना, क्रियान्वयन, प्रबंधन एवं संचालन और रखरखाव में मुख्य भूमिका निभाएगा। जिसके परिणाम स्वरूप हर ग्रामीण घर में जल उपलब्ध हो सकेगा। ग्राम सभाओ के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन दान रतनू ने जिले भर के विकास अधिकारियो को निर्देश देकर समस्त ग्राम विकास अधिकारियो को यह दिशा निर्देश प्रदान किये है कि शनिवार को जिले भर में ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन कर लिया जाए। 

हर महीने के अंतिम बुधवार को होगी मिशन की समीक्षा बैठक

जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए इसकी हर महीने समीक्षा की जाएगी। मिशन की पहली महवत्पूर्ण बैठक में जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने हर महीने के अंतिम बुधवार को करने का निर्णय लिया। जिला कलेक्टर मीणा ने मासिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों को अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में हर गाँव ढाणी को नल कनेक्शन से जोड़ने के 2024 के लक्ष्य को सही समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बाड़मेर के 1365 युवाओं को किया जाएगा प्रशिक्षित

राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम चयनित प्रशिक्षण प्रदाताओं के माध्यम से प्लम्बिंग, इलेक्ट्रीशियन एवं फिटर ट्रेड में बाड़मेर जिले में 1365 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रति ट्रेड के हिसाब से 455 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आगामी दिनों में राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का वाटर सेनिटेशन सपोर्ट ऑर्गेनाईजेशन राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन राजस्थान बाड़मेर जिले में यह प्रशिक्षण आयोजित करवाएगा। इससे प्लम्बिंग, इलेक्ट्रीशियन एवं फिटर जैसी आधारभूत सेवाओं के सेवा प्रदाताओं का नितांत अभाव के चलते ग्रामीण अंचल के लोगों को शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। दूसरी ओर गांव का युवा उच्च शिक्षा की तरफ न बढ़ पाने एवं बेरोजगारी की समस्या भी है। इस जल जीवन मिशन में ग्रामीण व स्थानीय युवाओं को इन क्षेत्रों में आधारभूत प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सके।



-2-


गुरुवार, 24 दिसंबर 2020

20 सूत्री आर्थिक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक 30 को

 बाड़मेर, 24 दिसम्बर। बीस सूत्री आर्थिक कार्यक्रम वर्ष 2020-21 में आवंटित लक्ष्यों के माह नवम्बर 2020 तक के विरूद्ध अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा के लिए समीक्षा बैठक 30 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे साप्ताहिक समीक्षा बैठक के साथ कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेन्स हॉल में जिला कलक्टर विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू ने संबंधित अधिकारियों को निश्चित समय एवं स्थान पर अब तक अर्जित उपलब्धियों की सूचनाओं के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए है।
-0-

ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति गठन के निर्देश

 बाड़मेर, 24 दिसम्बर। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बाड़मेर के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने जलदाय विभाग बाड़मेर को संपूर्ण जिले में शनिवार 26 दिसम्बर को ग्राम सभाओं का अयोजन कर ग्रामवार ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन करने के निर्देश दिए है।

जलदाय विभाग नगर खण्ड बाड़मेर के अधिशाषी अभियन्ता हजारीराम बालवां ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार नगर खण्ड बाड़मेर में कार्यरत सभी सहायक अभियन्ता एवं कनिष्ठ अभियन्तागणों को ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के गठन एवं उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी गई। सरपंच गणों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए है।
उन्होने बताया कि जिले में प्रन्येक घर में जल जीवन मिशन के तहत सुरक्षित एवं पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जाएगा। इसका वास्तविक लाभ ग्रामवासियों को उपलब्ध करवाने के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया जा रहा है। जल जीवन मिशन की गाईड लाईन के अनुसार योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान समिति कार्यों का पर्यवेक्षण भी करेगी। जल योजनाओं के क्रियान्वयन के पश्चात इसका संचालन एवं संधारण उक्त समिति द्वारा किया जावेगा।
-0-

जानमाल की हानि की आशंका वाले मांझे से पतंगबाजी पर प्रतिबन्ध

 बाड़मेर, 24 दिसम्बर। जिला मजिस्टेªट विश्राम मीणा ने मकर सक्रान्ति पर जिले में करन्ट की आशंका वाले तथा पक्षियों एवं मनुष्यों को चोट पहुंचाने वाले मांझे से पतंगबाजी करने पर प्रतिबन्ध लगाया है।

जिला मजिस्ट्रेट विश्राम मीणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार मकर सक्रान्ति के अवसर पर जिले में पतंग उडाए जाएगे। वर्तमान समय में पतंग के लिए इस प्रकार का मांझा प्रचलन मे आया है जिससे पतंगबाजी करने पर बिजली के तारों के सम्पर्क में आने से विद्युत प्रवाहित होकर करन्ट आने से जानमाल की हानि की आशंका रहती है। साथ ही इस प्रकार के मांझे से पतंगबाजी करने पर आकाश में स्वच्छंद विचरण करने वाले पक्षियों की गर्दन कट जाती है तथा इससे मनुष्यों को भी चोट पहुंच सकती है। उन्होने बताया कि जानमाल की रक्षा एवं सुरक्षा कारणों को मद्दे नजर रखते हुए जिले के किसी भी क्षेत्र में पतंगबाजी के लिए इस प्रकार के अनुपयुक्त मांझे, प्लास्टिक अथवा इस प्रकार से चाईना निर्मित सिन्थेटिक मेटेरियल से बने हुए व अन्य टॉक्सिक मेटेरियल जैसे आयरन पाउडर, ग्लास पाउडर से बने पक्के धागे को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है। उन्होने बताया कि इस प्रकार के धागे, मांझे का पतंगबाजी हेतु कोई भी व्यक्ति उपयोग नहीं करेगा तथा न ही किसी व्यक्ति को उपयोग, विक्रय करने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही प्रातः 6 से 8 बजे तक एवं सायं 5 से 7 बजे तक पतंगबाजी पर पूर्णतया प्रतिबन्ध रहेगा। आदेश का उल्लंधन करने पर दोषी व्यक्ति के विरूद्ध विधि के प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही की जाएगी। उक्त आदेश आगामी दो माह तक प्रभावशील रहेगा।
-0-

बुधवार, 23 दिसंबर 2020

गुरूवार 24 दिसम्बर को 3 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

बाड़मेर, 23 दिसम्बर। 132 केवी जीएसएस बाड़मेर पर शटडाउन से गुरूवार 24 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित फीडरों पर विधुत आपूर्ति बंद रहेगी।

132 केवी जीएसएस बाडमेर के सहायक अभियन्ता लक्ष्मीश हिरानी ने बताया कि गुरूवार 24 दिसम्बर को 132 केवी मैन बस का सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन होने के कारण यहां से निकलने वाली 33 केवी फीडर बायतु, आडेल, राजवेस्ट, रिको, शिव, एयर-फोर्स, बाड़मेर-शहर, रामसर, चौहटन, महावीर नगर की विधुत आपूर्ति बंद रहगी।
-0-

रसद विभाग की टीम ने 2000 लीटर मिलावटी डीजल किया जब्त

बाड़मेर, 23 दिसम्बर। जिला रसद अधिकारी अश्विनी गुर्जर के नेतृत्व में रसद विभाग एवं गुडामालानी थाने की टीम ने कार्यवाही करते हुए रामजी की गोल में 2000 लीटर मिलावटी डीजल से भरा टेंकर जब्त किया।

जिला रसद अधिकारी अश्विनी गुर्जर ने बताया कि महादेव ट्रेडिंग कम्पनी के देराजराम द्वारा गुजरात से मिलावटी डीजल टेंकर से लाकर अवैध रूप से बेचने पर गुरूवार को कार्यवाही करते हुए रामजी की गोल में 2000 लीटर मिलावटी बायोडीजल जब्त किया गया।
-0-

नगर परिषद को निलामी से 2 करोड़ से अधिक की आय

बाड़मेर, 23 दिसम्बर। नगर परिषद बाड़़मेर को 5 प्लॉट की निलामी से कुल 2 करोड़ 26 लाख की आय हुई।

नगर परिषद बाड़मेर से आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि महावीर नगर आवासीय क्षेत्र में 5 प्लॉट की निलामी से नगर परिषद को कुल 2 करोड़ 26 लाख की आय हुई।
-0-

पंचायत समिति की साधारण सभा बैठक 28 एवं 30 को

बाड़मेर, 23 दिसम्बर। पंचायत समिति बाड़मेर की साधारण सभा बैठक 28 दिसम्बर तथा पंचायत समिति बाड़मेर ग्रामीण की साधारण सभा बैठक 30 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे पंचायत समिति सभागार बाड़मेर में आयोजित की जाएगी।

पंचायत समिति बाड़मेर एवं बाड़मेर ग्रामीण के विकास अधिकारी सुरेश कविया ने बताया कि बाड़मेर पंचायत समिति की साधारण सभा बैठक 28 दिसम्बर को प्रधान पवन कंवर की अध्यक्षता में तथा बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति की साधारण सभा बैठक 30 दिसम्बर को प्रधान जेठी देवी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक निर्धारित तिथियों को प्रातः 11 बजे पंचायत समिति सभागार बाड़मेर में रखी गई है।
उन्होने बताया कि उक्त बैठकों में नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत, पेयजल, विद्युत एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित समस्याओं पर चर्चा, पंचायतीराज को हस्तान्तरित शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, महिला एवं बाल विकास विभागों के कार्यो पर चर्चा, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी।
-0-

नववर्ष पर सशर्त खुलेंगे धार्मिक स्थल विशेष आयोजन रहेंगे प्रतिबंधित

बाड़मेर, 23 दिसम्बर। राज्य सरकार द्वारा जारी गाईडलाईन की पालना सुनिश्चित करते हुए नववर्ष से जिले में धार्मिक स्थल खोलें जा सकेंगे। धार्मिक स्थल खोले जाने से संबंधित पूर्व तैयारियां 31 दिसम्बर तक सुनिश्चित की जावे। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बुधवार को विभिन्न धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान यह बात कही।

जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने कहा कि कोरोना महामारी के संक्रमण को मद्देनजर रखते हुए धार्मिक स्थलों पर विशेष प्रबन्ध किए जावे। उन्होने कहा कि मंदिर प्रातः 7 बजे से शाम 9 बजे तक अनवरत खुले रहेंगे ताकि भीड एकत्रित न हो। उन्होने धार्मिक स्थलों पर छः फीट की दूरी पर गोले अंकित करवाने, सोशल डिस्टेंसिंग के पूर्व इंतजाम करने एवं यथा संभव रैलिंग अथवा बैरीकेटिंग 31 दिसम्बर से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि नववर्ष से धार्मिक स्थल खोले जा सके। उन्होने धार्मिक स्थलों पर मास्क एवं सेनेटाईजेशन की व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
उन्होने कहा कि मंदिर केवल दर्शन हेतु खुलेंगे। धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजनों की अनुमति नहीं रहेगी। उन्होने कहा कि मंदिरों के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात किए जावे ताकि सोशल डिस्टेंसिंग की पालना हो सके तथा बिना मास्क किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया जावे।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा नेे किसी भी परिस्थिति में भीड एकत्र नहीं होने देने को कहा। उन्होने कहा कि विशेष तिथियों एवं खास मौको पर भीड की संभावना की पूर्व सूचना पुलिस को देवे ताकि भीड रोकथाम के पूर्व प्रबंध किए जा सके। इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ने धार्मिक स्थलों पर किए जाने वाले इंतजामों एवं राज्य सरकार की गाईडलाईन के अनुसार विभिन्न शर्तो से धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया।
बैठक में ब्रह्माजी मंदिर, जैन श्वेताम्बर, माता नागाणाराय मंदिर, रामदेव जन्म स्थली, विरात्रा माता मंदिर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
-0-



मंगलवार, 22 दिसंबर 2020

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस कोविड-19 के मद्देनजर वीसी के माध्यम से मनाया जाएगा

बाड़मेर, 22 दिसम्बर। कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस गुरूवार 24 दिसम्बर को विडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मनाया जाएगा।

जिला रसद अधिकारी अश्विनी गुर्जर ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं संगठनों को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस गुरूवार 24 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे डीओआईटी में विडियों कॉन्फ्रेसिंग में अपने से संबंधित गतिविधियों की जानकारी सहित उपस्थित होने को कहा गया है।
-0-

कृषि विषय में अध्यनरत छात्राओं को पांच हजार की प्रोत्साहन राशि मिलेगी

बाड़मेर, 22 दिसम्बर। कृषि विषय में अध्ययनरत कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि के रूप में 5000 रूपये दिये जा रहे है।

कृषि विस्तार बाड़मेर के उप निदेशक डॉ. जे.आर.भाखर ने बताया कि जिले में कक्षा 11 एवं 12 में कृषि विषय में अध्ययन करने वाली छात्राएं ई-मित्र के माध्यम से राज किसान पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन कर सकती है। जिसके साथ गत कक्षा की मार्कशीट, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं कृषि विषय में अध्ययन करने का विद्यालय द्वारा जारी प्रमाण-पत्र संलग्न किया जावे ताकि प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाई जा सके।
-0-

सोमवार, 21 दिसंबर 2020

पाक विस्थापित को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र वितरित

बाड़मेर, 21 दिसम्बर। राज्य सरकार की ओर से बाड़मेर जिले मंे रहने वाली पाक विस्थापित महिला को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई जिनको सोमवार को जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने राजनिष्ठा की शपथ दिलवाकर भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र वितरित किया।

जिला कलक्टर कार्यालय में सोमवार को जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने पाक विस्थापित श्रीमती राबिया पत्नी इकबाल खान को भारतीय नागरिकता का मूल नागरिकता प्रमाण पत्र वितरित किया। इस दौरान जिला कलक्टर मीणा ने भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर श्रीमती राबिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय नागरिकता मिलने के बाद उन्हें भारत के नागरिक के सभी अधिकार मिलेंगे।
-0-



रविवार, 20 दिसंबर 2020

जिला कलक्टर ने विधवा पेंशन व पालनहार योजना के लाभान्वितों से मुलाकात कर वस्तुस्थिति का लिया जायज़ा

बाड़मेर,20 दिसंबर। जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने रविवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं पालनहार योजना के अंतर्गत लाभान्वितों से संपर्क किया। उन्होंने योजना की वस्तुस्थिति एवं धरातल पर योजना के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों की योजना के संदर्भ में विचार जानने के लिए लाभार्थियों के निवास स्थान पर जाकर जानकारी प्राप्त की।
जिला कलक्टर विश्राम मीना ने ग्राम पंचायत बाड़मेर ग्रामीण में लाभार्थियों बस्ती पत्नी हाकम राम, कमला पत्नी बंसी सिंह ,दमयंती पत्नी किशन जी के घर जाकर उनसे संवाद किया तथा उनको पालनहार एवं पेंशन योजना के मिल रहे भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने लाभार्थियों के बच्चों को लगन एवम् कड़ी मेहनत से भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित किया तथा सरकार की तरफ से मिल रही योजनाओं के लाभ हेतु आश्वस्त किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक पेंशन योजना एवं पालनहार योजना से स्वयं व उनके परिवार में बच्चों के शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाने में मदद मिल रही है एवं ये योजनाएं समाज के निम्न तबके के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने में वरदान साबित हुई है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह साथ उपस्थित रहे।
-0-

शनिवार, 19 दिसंबर 2020

जिला दर्शन पुस्तिका का किया विमोचन

बाडमेर, 19 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर जिले में दो वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित बाडमेर दर्शन बुकलेट का शनिवार को राजस्व, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री हरीश चौधरी तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई के द्वारा कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में विमोचन किया गया।

इस मौके पर विधायक मेवाराम जैन, पदमाराम मेघवाल, मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, जिला कलक्टर विश्राम मीणा, पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा ने पुस्तिका का विधिवत विमोचन किया एवं उसमें समाहित सरकार की उपलब्धियों का अवलोकन किया।
-0-

बाड़मेर जिले में विकास के प्रतिमान बनेंगे - चौधरी

 राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण

जन सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - विश्नोई

बाड़मेर, 19 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजस्व, उप निवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्रीय विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री हरीश चौधरी तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई के द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों एवं विकास कार्यो पर विस्तृत चर्चा की गई एवं आगामी समय में जन सेवा के लिए तत्पर रहने का संकल्प किया गया।
इस मौके पर राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कहा कि कोविड- 19 की परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश में विकास नहीं रूका है। रिफाईनरी का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य एवं प्राथमिकता है कि रिफाईनरी का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा हो तथा लोगों को स्थाई रोजगार के अवसर मिले।
राजस्व मंत्री ने कहा कि समय एवं तकनीकी के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का सद्पयोग जन सेवा तथा गरीब के दुख दर्द दूर करने में किया जाना चाहिए। उन्होने अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों से वर्चुअल रूप से सम्पर्क बनाने तथा वाट्सएप आदि के जरिए समस्या समाधान एवं त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश दिए। उन्होने आधुनिकतम संचार साधनों का प्रयोग करते हुए बेहतर परिणाम के लिए तत्परता के निर्देश दिए। राजस्व मंत्री ने पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा आदि कार्यो में गुणवता के साथ समझौता नहीं करने को कहा। चौधरी ने नव निर्वाचित पंचायतीराज जन प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए ग्रामीण विकास योजनाओं में कड़ी से कड़ी मिलाकर बाड़मेर जिले को आदर्श बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जन सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता रखते हुए आम जन के कार्याें के प्रति तत्पर है। उन्होने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रतिमाह जिले की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी एवं फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होने कहा कि बाड़मेर जिला विस्तृत भू भाग में फैला हुआ है इसलिए यहां पर कार्यरत अधिकारियों को अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होने निर्देश दिए कि अधिकारी जन सेवाओं की प्रदायगी के लिए धरातल पर अधिक कार्य करें एवं शनिवार, रविवार तथा राजकीय अवकाश के दिनों का उपयोग क्षेत्र भ्रमण में करें।
इस दौरान जिले के प्रभारी सचिव तथा संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि कोविड-19 के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा वर्तमान सर्दी के समय में अत्यधिक सावधानी के साथ बचाव के उपाय किए जाए। उन्होने पोस्ट कोविड प्रबन्धन को भी प्राथमिकता के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने बजट घोषणाओं को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को जन प्रतिनिधियों से सतत् समन्वय कायम रखने की हिदायत दी।
इससे पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने पानी, बिजली तथा चिकित्सा हालात से अवगत कराते हुए कहा कि नवगठित पंचायतों तथा पंचायत समितियों में मानव संसाधनों का बंटवाड़ा तुरन्त कर उन्हें क्रियाशील किया जाए ताकि ग्रामीण विकास के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण हो सकें। विधायक पदमाराम मेघवाल ने नर्मदा पेयजल परियोजना के कार्यो में तत्परता लाने को कहा। वहीं विधायक मदन प्रजापत ने चिकित्सा केन्द्रों का निर्माण शीध्रता से करने की आवश्यकता जताई। जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने ग्रामीण सड़कों एवं सभी प्रधानों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा, उप वन संरक्षक संजय प्रकाश भादू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनदान रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
-0-






शुक्रवार, 18 दिसंबर 2020

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ] मंत्री गण आज आएंगे, दो साल की उपलब्धियां बताएंगे

बाडमेर, 18 दिसम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी के नेतृत्व में मंत्री गण शनिवार को बाड़मेर आएगे। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई शामिल हैं। ये मंत्रीगण जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य सरकार की 2 साल की उपलब्धियों से अवगत करवाएंगे।

जिला कलेक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष में राजस्थान सरकार की उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराने तथा जनहित में किए गए कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत मंत्रिमंडल सचिवालय ने प्रत्येक जिले के लिए दो-दो मंत्रीगण के समूह गठित किए हैं। बाड़मेर जिले के लिए गठित मंत्री समूह में राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री हरीश चौधरी तथा वन और पर्यावरण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई को शामिल किया गया है। यह समूह बाड़मेर, जैसलमेर तथा जालौर जिले में राज्य सरकार की उपलब्धियां से आमजन को अवगत कराएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री समूह शनिवार को सायं 4ः00 बजे बाड़मेर आएगा।
   जिला कलेक्टर ने बताया कि मंत्री समूह पहले समीक्षा बैठक लेगा, जिसमे जिले के सभी विधायक, नगर परिषद सभापति, जिला परिषद के जिला प्रमुख तथा प्रधान भाग लेंगे। बैठक का आयोजन शनिवार 19 दिसम्बर को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की 2 साल की उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी तथा कोरोना वायरस के वर्तमान हालात एवं भावी टीकाकरण पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं बैठक में उपस्थित होंगे, यदि किसी कारणवश स्वयं उपस्थित नहीं हो सकते हो तो इसके लिए पूर्व में जिला कलक्टर की अनुमति प्राप्त करके ही अपने स्थान पर अन्य अधिकारी को भेज सकेंगे।
जिला कलक्टर ने उक्त बैठक के संबंध में विभिन्न व्यवस्थाएं समय पर एवं सुचारू रूप से सम्पादित करने के लिए कार्मिकों को निर्देशित किया है। उक्त बैठक व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश विश्नोई ओवरऑल इन्चार्ज होंगे।
जिला कलेक्टर ने बताया कि मंत्री गण समीक्षा बैठक के बाद जिले की राज्य सरकार की 2 साल की उपलब्धियों पर आधारित बाड़मेर दर्शन बुकलेट का विमोचन करेगें एवं पत्रकार वार्ता के जरिए राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में आमजन को अवगत कराएगें।
-0-

गुरुवार, 17 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री करेंगे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

 राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ

बाड़मेर, 17 दिसम्बर। कोविड-19 महामारी के कारण राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ सादगी के साथ वर्चुअल माध्यम से मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत इस अवसर पर प्रदेशवासियों को विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की सौगात देंगे।

राज्य स्तरीय समारोह शुक्रवार प्रातः 11.30 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें श्री गहलोत मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का शुभारम्भ, लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाशित साहित्य का विमोचन एवं वर्चुअल प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जायेगा। दो वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की थीम ‘दो वर्ष जन सेवा के’ रखी गई है। 

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य भी शामिल होंगे। राज्य के सांसदगण, विधायकगण, जिला प्रमुख, नगरीय निकायों के प्रमुख तथा सरपंचों सहित सहित अन्य जनप्रतिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन भी वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का फेसबुक, यू-टयूब एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

-0-


शुक्रवार को शिव, आडेल, बायतु एवं रामसर फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

 बाडमेर, 17 दिसम्बर। शुक्रवार 18 दिसम्बर को 132 केवी जीएसएस बाडमेर में प्रातः 10ः00 से 12ः30 बजे तक 33 केवी फीडर शिव व आडेल तथा 12ः30 से 02ः30 बजे तक बायतु व रामसर के रख रखाव का कार्य किया जाएगा।

132 केवी जीएसएस बाडमेर के सहायक अभियन्ता लक्ष्मीश हिरानी ने बताया कि उक्त रख रखाव के कारण शुक्रवार 18 दिसम्बर को 132 केवी जीएसएस बाडमेर से निकलने वाले 33 केवी फीडर शिव एवं आडेल की प्रातः 10ः00 से 12ः30 बजे तक तथा बायतु एवं रामसर की 12ः30 से 02ः30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बन्द रहेगी।
-0-

लोकसभा आम चुनाव को लेकर 24 से 26 अप्रैल तक सूखा दिवस घोषित

बाड़मेर, 26 मार्च। आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के परिपेक्ष्य में सम्पूर्ण बाड़मेर व बालोतरा जिले म...